
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
धर्म संसार / शौर्यपथ / प्रभु यीशु के जन्म की ख़ुशी में मनाया जाने वाला क्रिसमस का त्योहार पूरी दुनिया में मनाया जाता है। यह त्योहार कई मायनों में बेहद खास है। क्रिसमस को बड़ा दिन, सेंट स्टीफेंस डे या फीस्ट ऑफ़ सेंट स्टीफेंस भी कहा जाता है। प्रभु यीशु ने दुनिया को प्यार और इंसानियत की शिक्षा दी। उन्होंने लोगों को प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया। प्रभु यीशु को ईश्वर का इकलौता प्यारा पुत्र माना जाता है। इस त्योहार से कई रोचक तथ्य जुड़े हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।
क्रिसमस ऐसा त्योहार है जिसे हर धर्म के लोग उत्साह से मनाते हैं। यह एकमात्र ऐसा त्योहार है जिस दिन लगभग पूरे विश्व में अवकाश रहता है। 25 दिसंबर को मनाया जाने वाला यह त्योहार आर्मीनियाई अपोस्टोलिक चर्च में 6 जनवरी को मनाया जाता है। कई देशों में क्रिसमस का अगला दिन 26 दिसंबर बॉक्सिंग डे के रूप मे मनाया जाता है। क्रिसमस पर सांता क्लॉज़ को लेकर मान्यता है कि चौथी शताब्दी में संत निकोलस जो तुर्की के मीरा नामक शहर के बिशप थे, वही सांता थे। वह गरीबों की हमेशा मदद करते थे उनको उपहार देते थे। क्रिसमस के तीन पारंपरिक रंग हैं हरा, लाल और सुनहरा। हरा रंग जीवन का प्रतीक है, जबकि लाल रंग ईसा मसीह के रक्त और सुनहरा रंग रोशनी का प्रतीक है। क्रिसमस की रात को जादुई रात कहा जाता है। माना जाता है कि इस रात सच्चे दिल वाले लोग जानवरों की बोली को समझ सकते हैं। क्रिसमस पर घर के आंगन में क्रिसमस ट्री लगाया जाता है। क्रिसमस ट्री को दक्षिण पूर्व दिशा में लगाना शुभ माना जाता है। फेंगशुई के मुताबिक ऐसा करने से घर में सुख समृद्धि आती है। पोलैंड में मकड़ी के जालों से क्रिसमस ट्री को सजाने की परंपरा है। मान्यता है कि मकड़ी ने सबसे पहले जीसस के लिए कंबल बुना था।
दुर्ग । शौर्यपथ । नव वर्ष के प्रथम दिवस पर दुर्ग शहर के महामरा एनीकेट पर आयोजित शिवनाथ महोत्सव में हजारों लोगों ने शिरकत की,शहर में मोदी आर्मी संगठन द्वारा आयोजित इस तरह का आयोजन दुर्ग शहर के लिए अपने आप में नया इसलिए भी था क्यूंकि ऐसा आयोजन बड़े महानगरों या बनारस,हरिद्वार में ही देखा जाता है,शिवनाथ महोत्सव में एक साथ 11000 दीपदान किया गया जो सोशल मीडिया में भी खूब वायरल हो रहा है,इसके साथ ही महाआरती भी गंगा तट की भांति ही किया गया जो शहर वासियों के लिए अद्भुत था जिसमे 11 पंडितो द्वारा पूर्ण रूप से विधिविधान के द्वारा 11 महाआरती एकसाथ की गई,आयोजन में राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय जी भी पहुंची जिन्होंने कार्यक्रम की रूप रेखा और भव्य आयोजन को देखकर मोदी आर्मी को ऐतिहासिक आयोजन के लिए बधाई दी,राज्यसभा सांसद को अपने बीच पाकर महोत्सव में पहुंचे लोग भी गद गद हो गए और नवयुवकों सहित युवतियों में सेल्फ़ी लेने की होड़ मच गई,शिवनाथ महोत्सव में मेले का स्वरूप भी देखने मिला जब बच्चों के लिए झूले जमपिंग तो लगे ही साथ ही बड़ी संख्या में छोटे स्टाल भी लगे जो अपने आप में कार्यक्रम की सफ़लता दर्शाता है,इसके साथ ही छत्तीसगढ़ मंच के कलाकारों ने पूरे दिन भर मंच के संयोजक श्री ईश्वर राजपूत जी के साथ शिवनाथ महोत्सव में पहुंचे लोगों का अपने संगीत और नृत्य से खूब मनोरंजन किया,श्रोताओं ने भी सभी कलाकारों का हौसला अफजाई किया,बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों में सभी उम्र के लोग नजर आए जिसमें बच्चों के साथ बुजुर्गो ने शिवनाथ महोत्सव का भरपूर आनंद लिया,नदी तट पर स्थित शिवशक्ति के मंदिर को भी मोदी आर्मी ने भव्य रूप से सजाया जिसमें भोलेनाथ जी को दूल्हे का स्वरूप दिया गया,सुबह से ही शिवनाथ महोत्सव में लोग पहुंचने लगे थे जो अनवरत कार्यक्रम के अंत तक डटे रहे,शिवनाथ तट पर शिवनाथ सरोवर का एक इलेक्ट्रिक लाइट बोर्ड भी स्थाई रूप से लगाया गया है जिसमें शंकर जी के फोटो के साथ बड़े ही आकर्षक तरीके के साथ शिव नाथ सरोवर लिखा हुआ जो तट पर पहुंचने वालों के लिए सेल्फ़ी लेने का माध्यम बनते जा रहा है* *आयोजन का समापन बेहद आकर्षक ढंग से हुए आतिशबाज़ी के की गई,ऐसी आतिशबाज़ी बड़े आयोजनों पर ही देखी जाती रही है जो दुर्ग शहर के लिए संभवतः पहली बार ही थी,इस संदर्भ में मोदी आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष वरुण जोशी ने कहा इस आयोजन के पीछे हमारा उद्देश्य 22 वर्षों से लीज पर दी गई शिवनाथ नदी के मुक्त होना है, हमारी जीवन दायिनी पवित्र नदी के लीज पर दिए जाने पर देश भर में समय समय पर मीडिया से जुड़े बंधुओं और समाज सेवकों द्वारा लगातार विरोध दर्ज़ कराया गया,किन्तु उस वक्त हम उस विरोध सम्मिलित नहीं हो पाए किन्तु आज हमारे लिए यह गर्व और खुशी का विषय था कि यह नदी लीज मुक्त हो चुकी है,इसलिए ही हमने यह आयोजन किया और नए वर्ष के प्रथम दिन को चुना ताकि सभी के लिए यह दिन बेहतरीन हो,इस सफ़ल कार्यक्रम की बधाई और आभार में सभी शहर वासियों सहित अपने मित्रों को दूंगा जिन्होंने इस आयोजन को शानदार बनाया!*
कोरबा / शौर्यपथ / प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा है कि कोरबा में प्रारंभ होने वाला नवीन चिकित्सा महाविद्यालय में मरीजों को उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सुविधाएं दी जाएगी। मंत्री अग्रवाल ने चिकित्सा महाविद्यालय के कार्यों के संबंध में अधिष्ठाता डॉक्टर योगेन्द्र बड़गईया से विस्तार से चर्चा कर जानकारी ली। डॉक्टर बड़गईया ने कल राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से कोरबा में सौजन्य मुलाकात कर चिकित्सा महाविद्यालय के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
कोरबा चिकित्सा महाविद्यालय चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉक्टर बड़गईया ने राजस्व मंत्री अग्रवाल को जानकारी दी कि शैक्षणिक वर्ष 2021-22 को जुलाई से प्रारंभ होने का लक्ष्य रखा गया है। जिसकी तैयारी जोरों-शोरों से चल रहा है। इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के भवन को चिकित्सा महाविद्यालय में परिवर्तन कर शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने की योजना है इस पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। चिकित्सा महाविद्यालय के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा राशि स्वीकृत हो चुकी है। राजस्व मंत्री ने कहा कि यह चिकित्सा महाविद्यालय सामान्य चिकित्सा महाविद्यालय ना होकर उच्च गुणवत्ता का चिकित्सा महाविद्यालय होगा। इस बात का विशेष ध्यान रखा जायेगा कि मरीजों को मिलने वाली सुविधा उनके पहुंच में हो।
राजस्व मंत्री ने कहा कि कोरबा जिले में चिकित्सा महाविद्यालय की सौगात मिलना पूरे जिलेवासियो के लिये बहुत ही हर्ष का विषय है, इसके लिये उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी का आभार जताते हुए क्षेत्र के लोगो को पुनः बधाई दी। राजस्व मंत्री ने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय के प्रारम्भ होने से जिले में ही चिकित्सक तैयार होंगे जिससे जिले के साथ-साथ प्रदेश के विद्यार्थियो को मौका मिलेगा इसके अलावा चिकित्सा के क्षेत्र में शोध कार्य को एक उच्च गुणवत्ता युक्त मंच मिल सकेगा जिसमें नित नए शोध हों। उन्होने कहा कि नवीन चिकित्सा महाविद्यालय में मरीजों को मिलने वाली सुविधाएॅ अंतिम पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति के पहुॅच में होगी। इस अवसर पर राजस्व मंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों को नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
महासमुंद / शौर्यपथ / महासमुंद ज़िले के पिथौरा तहसील के अंतर्गत नायब तहसीलदार सतीश रामटेके के नेतृत्व में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग एवं मंडी प्रशासन की संयुक्त टीम के द्वारा परसवानी धान खरीदी केंद्र की जांच की गई। जांच के दौरान मानसिंह बरिहा पिता दसरू बरिहा ग्राम सिंगारपुर को सेवकराम पटेल के पंजीयन मे 301 कट्टा वजन 120.40 क्विंटल धान बेचते हुए पाए जाने पर धान की जप्ती की कार्यवाही की गई।
नायब तहसीलदार सतीश रामटेके, खाद्य निरीक्षक श्रीमति सुशीला गबेल और मंडी उप निरीक्षक संतराम निषाद, नरेंद्र साहू और सुधीर श्रीवास्तव के साथ पटवारी मोहन प्रधान शामिल रहे। नव वर्ष के पहले ही दिन में प्रशासन ने मुस्तैदी से कार्यवाही करते हुए अवैध धान खपाने के प्रयास को निष्फल कर दिया। अवैध रूप से धान खपाने की कार्यवाही की लगातार जारी है। अभी तक पिथौरा तहसील के भीतर अवैध रूप से धान खपाने अथवा संग्रहण के 21 प्रकरण राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और मंडी प्रशासन के द्वारा बनाये गये हैं। इन प्रकरणों में 1144 कट्टा धान वजन 457.60 क्विंटल धान जप्त किया गया है।
रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज यहां पुलिस परेड ग्राउंड में पुलिस जवानों के लिये आयोजित नव वर्ष कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। उन्होंने विभिन्न सुरक्षा बलों के जवानों के साथ भोजन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने पुलिसकर्मियों और अर्ध सैनिक बलों के जवानों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के तौर में पुलिसकर्मियों और अर्ध सैनिक बलों के जवानों के साथ ये पहला कार्यक्रम है लेकिन आखिरी नहीं। आगे भी मैं आप सबसे मिलता रहूंगा।
मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण के दौरान पुलिसकर्मियों और अर्ध सैनिक बलों के जवानों द्वारा किये गये कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने परित्राणाय साधुनाम के सूत्र को चरितार्थ करके दिखाया है। पहले लोग सोशल मीडिया में पुलिस की आलोचना करते थे। लेकिन लॉकडाउन के दौरान हमारे राज्य की पुलिस ने ऐसा कार्य किया कि सोशल मीडिया छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा किये गये मानवीय कार्यों से भरा पड़ा था। इसके लिये आपकी जितनी प्रशंसा की जाये कम है।
जिस तरह किसान खेत में अन्न का उत्पादन कर हमारा पेट भरते हैं वैसे ही हमारे सुरक्षाकर्मी दिन-रात हमारी सुरक्षा में लगे रहते हैं। किसान और जवान दोनों का योगदान अतुलनीय है। मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री द्वारा दिये गये नारा जय जवान-जय किसान को दोहराया। उन्होंने कहा कि नक्सली क्षेत्र में हमारे जवान साहस और शौर्य के साथ डटे हुए हैं। पुलिस बहुत ही संतुलित तरीके से कार्य कर रही है। तनाव में रहकर भी संयमित होकर कार्य करना हमारी पुलिस की खूबी है। श्री बघेल ने कहा कि पुलिस की कैप में भारत का राष्ट्रीय चिह्न होना आपकी विशिष्टता दर्शाता है। इसकी गरिमा बनाये रखना भी आपकी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सली समस्या समाप्त करने के लिये छत्तीसगढ़ पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान बहुत ही साहस और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं। यही वजह है कि विगत दो वर्षों में एक बार भी मानवाधिकार संगठनों ने कोई भी शिकायत नहीं की है। पिछले दो वर्षों में हमारे जवानों ने आदिवासियों का विश्वास जीता है। पुलिस का मूल कार्य अपराध नियंत्रण करना है। विगत दो वर्षों में सही मायने में कम्युनिटी पुलिसिंग हुई है। अब पुलिसिंग होते हुये दिखायी देती है।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि पुलिस को नागरिकों से लगातार संवाद बनाकर रखना चाहिये। इससे अपराधियों और अपराध के बारे में समय से पूर्व भी जानकारी मिल जाती है। आपका कार्य ऐसा हो कि नागरिकों में आपके प्रति भय नहीं बल्कि सुरक्षा की भावना हो।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने विभिन्न सुरक्षाबलों के जवानों से सीधी बात की। उन्होंने दंतेश्वरी फाईटर्स की हेमलता से पूछा कि आपको बंदूक चलाने से डर नहीं लगता। इस पर हेमलता ने बताया कि जब मुठभेड़ होती है तो सिर्फ दुश्मन दिखायी देता है। मुठभेड़ के दौरान डर बिल्कुल भी नहीं रहता है। मधु पोड़ियाम ने बताया कि मेरे पति मुठभेड़ में शहीद हुये थे। मैं भी एक बम ब्लास्ट में घायल हो गयी थी। लेकिन फिर से नक्सलियों से लड़ रही हूं। आशा सिंह ने बताया कि हमारे लिये बड़े गर्व की बात है नक्सलियों से लड़ने के लिये महिलाओं को भी जिम्मेदारी दी गयी है। मुख्यमंत्री ने उनके हौसले की तारीफ करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में भी महिलाओं ने उल्लेखनीय भूमिका निभायी थी। नक्सली समस्या समाप्त करने में भी महिलाओं का योगदान अतुलनीय रहेगा।
एसटीएफ के जवान सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि 2018 तक पामेड़ हेलीकॉप्टर से जाते थे अभी पामेड़ को बीजापुर से जोड़ने का काम कर रहे हैं। एसटीएफ की सबसे बड़ी फायरिंग रेंज है, आप जरूर देखने आईये। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि शीघ्र ही रेंज देखने आयेंगे। हिमाचल प्रदेश निवासी एसएसबी के जवान इंद्र सिंह ठाकुर से मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सेब की खेती कराइये। मुख्यमंत्री ने पूछा कि छत्तीसगढ़ के बारे में आपको क्या पसंद है। इस पर जवान ने कहा कि यहां के लोग हिमाचल की तरह की बहुत ही सहज और सरल हैं।
मुख्यमंत्री ने किया पुस्तक का विमोचन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विगत दो वर्षों में पुलिस विभाग की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया। पुस्तक में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा किये गये उल्लेखनीय कार्यों एवं राज्य शासन द्वारा पुलिसकर्मियों के लिये किये गये कल्याणकारी कार्यों को दर्शाया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाये रखने में पुलिस ने बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। कोरोना संक्रमण के दौरान के कार्य को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने कहा कि और बेहतर पुलिसिंग कैसे हो इसका सुझाव नागरिकों से मिलना चाहिये। पुलिस के प्रति अपराधियों में भय और नागरिकों में सुरक्षा की भावना आयी है।
पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने कहा कि हमारे जवानों के लिये बड़े ही गर्व की बात है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने नया साल हमारे बीच मनाने का निर्णय लिया। अविभाजित मध्य प्रदेश में भी किसी मुख्यमंत्री का पुलिसकर्मियों के साथ ऐसा संवाद कभी नहीं हुआ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मार्गदर्शन हमारे पुलिसकर्मी कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में संसदीय सचिव उपाध्याय, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव गृह सुब्रत साहू, स्पेशल डीजी आर.के. विज और अशोक जुनेजा, आईजी डॉ आनंद छावड़ा, एसएसपी अजय यादव, जिला पुलिस बल, सीएएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, होमगार्ड के जवान मौजूद रहे।
दुर्ग / शौर्यपथ / नगर पालिक निगम दुर्ग के लोक कर्म विभाग में कार्यरत भुनेश्वर सिन्हा का आज निगम परिसर में निगम अधिकारियों कर्मचारियों के साथ महापौर धीरज बाकलीवाल एवं आयुक्त इंद्रजीत बर्मन ने साल श्रीफल देकर सम्मान किये । उन्होनें सेवा निवृत्त भुनेश्वर सिन्हा के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुये निगम के अन्य अधिकारियों कर्मचारियों को सिन्हा के समान कर्तव्य परायण रहने की अपेक्षा किये। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता मोहनपुरी गोस्वामी, सुशील कुमार बाबर, सहा0 अभियंता जितेन्द्र समैया, जगदीश केशरवानी, सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी अधिक संख्या में उपस्थित थे । बिदाई कार्यक्रम का सफल संचालन उपअभियंता गिरीश दीवान द्वारा किया गया।
इस मौके पर महापौर बाकलीवाल ने कहा लम्बे समय तक एक साथ काम करते रहने से आत्मीय संबंध बन जाता है परन्तु शासकीय नियमों के तहत् जब वह हमारे बीच से दूर होता है तो मन में एक दर्द महसूस होता है। सिन्हा जी के कार्यो की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। अनेक विभागों का काम सम्हाल चुके सिन्हा जी के जीवन का दूसरा कार्यकाल आज से प्रारंभ हो रहा है मैं, पूरे नगर निगम की ओर से उनके उज्जवल भविष्य की कामना ईश्वर से करता हूूॅ ।
इस अवसर पर निगम आयुक्त इंद्रजीत बर्मन ने भी सिन्हा जी के कार्यो की तारीफ करते हुये बताया कि शासन और प्रशासन को किसी भी विकास और निर्माण कार्यो तथा योजनाओं की कोई जानकारी देने में महारत हासिल था वे बिना समय गंवाए अपना काम कर देते थे । प्रशासकीय कार्यो की समझ सिन्हा जी में बहुत अच्छा था। ईश्वर उनके इस जीवन को सफल बनाये यही कामना करता हूॅ। कार्यक्रम को कार्यपालन अभियंता मोहनपुरी गोस्वामी, सुशील कुमार बाबर ने भी संबोधित कर सिन्हा जी के साथ कार्य की विस्मृति को याद किया। बिदाई कार्यक्रम में अधिकारियों कर्मचारियों की ओर से सिन्हा जी के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें उपहार भेंट कर उन्हें बिदाई दी गई। कार्यक्रम में भवन अधिकारी प्रकाशंचद थवानी, उपअभियंता राजकिशोर पालिया, ए0आर0 राहंगडाले, विश्वनाथ मिश्रा, आसमा डहरिया, भारती ठाकुर, भीमराव, विनोद मांझी, कर्मचारी राजकमल बोरकर, शरद रत्नाकर, मनोहर साहू, राजेन्द्र साहू, पूर्णिमा तिवारी, वंदना श्रीवास्तव, नीलम कसार, चंद्रलेखा कसार, रवि मिश्रा, मनोज मनहरे, संतोष भट्ट, कोमल यादव, गणेशी यादव, विनित वर्मा, दशरथ सोनकर, गंगा यादव, रवि यादव सहित अनेक अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
-रिसाली पहुंच श्रमिकों का मुंह मीठा कराया और की आत्मीय बातचीत, शाल वितरण कर किया सम्मान
-कहा सत्यमेव जयते के साथ श्रमेव जयते भी हमारा संदेश
-गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू भी पहुंचे, उन्होंने भी कराया श्रमवीरों का मुंह मीठा
दुर्ग / शौर्यपथ / रिसाली के श्रमवीरों के नये साल की पहली सुबह की मिठास मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घोली। सुबह-सुबह जब कामगार काम के लिए चावड़ी पहुंचे तो यहां अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर बहुत उत्साहित हुए। फिर मुख्यमंत्री ने सभी का मुंह मीठा कराया, उन्हें शाल भेंट की और नव वर्ष की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्रमवीर हमारे हाथ हैं। उन्होंने अपनी मेहनत से छत्तीसगढ़ को सृजित किया है। विकास की यह बुलंद इमारत जो दिखती है उसकी नींव भी श्रमवीरों ने तैयार की है और इमारत भी उन्होंने ही खड़ी की है। इसे अपने प्रयत्नों से और बुलंद करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए साल की सुबह की शुभ शुरुआत कैसे हो, मुझे लगा कि सबसे अच्छा यह होगा कि आपके बीच आऊं। आपसे बातचीत करूँ। यह सबसे अच्छी शुरुआत होगी नये साल के लिए मेरे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 कोरोना की वजह से बड़ी चुनौतियां लेकर आया। हमारे कई मजदूर भाई दूसरे राज्यों में फंस गए। हमने यह सुनिश्चित किया कि सभी मजदूरों तक सहायता पहुंचे। इसके लिए सभी राज्यों से समन्वय भी किया गया। इनकी वापसी के इंतजाम, फिर क्वारन्टीन करने के इंतजाम, यह बड़ा काम हुआ। मुझे इस बात की खुशी है कि केवल प्रदेश के ही नहीं, हमारी सीमा से दूसरे राज्यों में जा रहे श्रमिकों की भी हमने मदद की। उन्हें भोजन कराया और अपने शहर तक छोड़ने वाहन उपलब्ध कराए। मुझे खुशी है कि हम उनके पैरों के जख्मों पर मरहम लगा सके, उन्हें चरण पादुका पहना सके। उन्होंने कहा कि आपसे कोरोना काल में भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे और आपके सुखदुख में बराबरी से खड़े रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप ही हमारी ताकत हैं आपकी भागीदारी से हम अपने प्रदेश के विकास की इबारत लिख रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रम विभाग की योजनाओं के माध्यम से श्रमिक कल्याण के लिए कार्य किये जा रहे हैं। किसान और श्रमिक की भागीदारी से ही विकास की नींव खड़ी होती है। इनके हितों का ध्यान रखना, इनके लिए आर्थिक तरक्की के अवसरों पर काम करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपके साथ इस तरह से किया गया निरंतर संवाद हमें ऊर्जा देता है। नए कार्य आरंभ करने नवाचार करने की शक्ति प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे ग्रंथों में लिखा है सत्यमेव जयते, हमारे बीएसपी में लिखा है श्रमेव जयते। देश के निर्माण में हमारे मजदूरों का हाथ है इसलिए आज सुबह की शुरुआत का निश्चय आपके साथ करने का लिया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बच्चे भी अंग्रेजी पढ़ सकें, इसके लिए इंग्लिश मीडियम स्कूल आरम्भ किये गए। अब तक 52 स्कूल आरम्भ किये गए हैं। इस साल 100 स्कूल आरम्भ किये जायेंगे। स्वास्थ्य सुविधा के लिए मोबाइल क्लीनिक, दाई दीदी क्लीनिक आरम्भ किये गए।
इस मौके पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि नए साल की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा श्रमवीरों के साथ करना बहुत शुभ है। उन्होंने कहा कि 2 साल में छत्तीसगढ़ में विकास के व्यापक कार्य हुए हैं। विकास का पैमाना हमारा सभी का समग्र विकास है। संस्कृति को सहेजना है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में हम सब निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आज पहला दिन श्रमवीरों के बीच बीताने का निश्चय किया, यह जानकर और मुख्यमंत्री को भिलाई में अपने बीच देखकर बहुत सुख हुआ।
श्रमिकों ने कहा कि नये साल की पहली सुबह आप हमारे बीच आये हैं। हम सबको बहुत अच्छा लगा। इस मौके पर भिलाई विधायक एवं महापौर देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक श्रीमती प्रतिमा चन्द्राकर एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। साथ ही इस मौके पर पूर्व संभागायुक्त टीसी महावर, आईजी विवेकानंद सिन्हा, कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, एसपी प्रशांत ठाकुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय ताराचंद साहू की मूर्ति का अनावरण एवं भवन का किया लोकार्पण
दुर्ग / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान की अलख जगाने के लिए स्वर्गीय श्री ताराचंद साहू हमेशा याद किए जाएंगे। छत्तीसगढ़िया आत्मगौरव के लिए बड़ा कार्य स्वर्गीय श्री साहू ने किया है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने स्वर्गीय श्री ताराचंद साहू की जयंती के अवसर पर आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्री ताराचंद साहू उन लोगों में से थे जिन्हें लगता था कि छत्तीसगढ़ राज्य तो बन गया है लेकिन छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान और अस्मिता के लिए अभी काफी कार्य शेष है। इसके लिए वे आगे बढ़े और प्रयत्न किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें खुशी है कि हम छत्तीसगढ़ के आत्मगौरव के लिए कार्य कर रहे हैं। छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान की अलख के लिए काम कर रहे हैं। सभा को गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी स्वाभिमान की अलख को जगाने का बड़ा काम स्वर्गीय श्री ताराचंद साहू ने किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार इसी दिशा में कार्य कर कर रही है। लोगों की आर्थिक तरक्की के साथ ही सांस्कृतिक धरोहर को भी सहेजने की दिशा में बड़ा काम किया जा रहा है।
कई लोगों ने पहली बार देखी गेड़ी- मुख्यमंत्री ने कहा कि जो पर्व हमारी छत्तीसगढ़ी अस्मिता के पहचान थे वो अपने ही प्रदेश में हाशिये में जा रहे थे। शहरी क्षेत्रों में तो कई लोग ऐसे थे जिन्होंने हरेली त्यौहार का नाम सुना ही नहीं था। जब हरेली के दिन हम लोग मुख्यमंत्री निवास से गेड़ी से निकले तो लोगों ने देखा कि कितनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर हम लोग लेकर चल रहे थे और इसे विस्मृत करते जा रहे थे। हमारे त्योहार, हमारी परंपरा जिससे हमें ऊर्जा मिलती थी, वे हाशिये पर थी। पहली बार हमारे तीज त्योहार, कर्मा जयंती, हरेली, विश्व आदिवासी दिवस पर अवकाश आरंभ हुआ।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर एवं स्वर्गीय श्री पवन दीवान को भी किया याद- मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संयोग है कि आज ही दो अन्य महान विभूतियों की जयंती भी है। स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर एवं स्वर्गीय श्री पवन दीवान का जन्म भी आज के दिन ही हुआ था और इन्होंने भी छत्तीसगढ़ी अस्मिता को लेकर ऐसा ही स्वप्न देखा था। वे अलग-अलग पेशों से थे लेकिन संयोग ऐसा हुआ कि इनका कार्य एक ही तरह का था और सोच भी एक ही तरह की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्री ताराचंद साहू से बहुत आत्मीय संबंध था। अनेक स्मृतियाँ उनसे जुड़ी हुई हैं। वे मेरे गाँव कुरुदहीड भी आते थे। बहुत सारी स्मृतियाँ हैं उनसे जुड़ी जो याद आती हैं। मुख्यमंत्री ने इनमें से कुछ स्मृतियों को सामाजिकजनों से साझा भी किया।
हमें अवसर दिया गया तो चलाएंगे नगरनार का प्लांट- मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार नगरनार प्लांट का विनिवेश करना चाहती है। हमने केंद्र से कहा है कि प्लांट चलाने का अवसर हमें दें। छत्तीसगढ़ में प्रतिभाशाली लोगों की टीम है। हमें अवसर मिला तो प्लांट का बेहतर संचालन करेंगे ताकि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के बेहतर अवसर पैदा हों। उन्होंने कहा कि एफसीआई द्वारा चावल नहीं लिये जाने के संबंध में प्रधानमंत्री से चर्चा हुई है। हम किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और खेती किसानी को बढ़ावा देना हमारी प्राथमिकता है।
धमतरी / शौर्यपथ /रायपुर संभाग के संभागायुक्त जी.आर.चुरेन्द्र ने 31 दिसम्बर 2020 को जिले में प्रस्तावित उत्कृष्ट विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कुरूद स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं धमतरी के बठेना स्थित श्री मेहतरू राम धीवर शासकीय अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस मौके पर संभागायुक्त ने स्कूल परिसर में फलदार, छायादार सहित फूल एवं सब्जियों के पौधे रोपित करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी डाॅ.रजनी नेल्सन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुरूद श्रीमती योगिता देवांगन तथा स्कूल शिक्षा, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा सांसदों को नही है छत्तीसगढ़ के किसान मजदूर युवाओ की चिंता केंद्र बारबार कर रहा है भेदभाव
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसानों को धान की कीमत 2500 रु क्विं दे रहे मोदी भाजपा किसानों से किये वादा को निभाने में असफल
रायपुर/ शौर्यपथ / मोदी सरकार के द्वारा छत्तीसगढ़ से चावल उठाने एफसीआई को अनुमति नहीं देने पर कांग्रेस ने भाजपा सांसदों को घेरा। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह,सांसद सुनील सोनी, विजय बघेल संतोष पांडेय सहित भाजपा के सांसद छत्तीसगढ़ की बात केंद्र के सामने रखने में असफल है भाजपा सांसदों के निष्क्रियता का दुष्परिणाम छत्तीसगढ़ की जनता को उठाना पड़ रहा है। भाजपा के सांसद छत्तीसगढ़ में रहते है तो राजनीतिक बयानबाजी कर टिवीटर सोशल मीडिया में छत्तीसगढ़ के किसान मजदूरों की हितचिंतक होने का ढोंग करते है और दिल्ली में मोदी शाह के सामने छत्तीसगढ़ के किसानों मजदूरों की बात रखने में डरते हैं। कई दफा भाजपा सांसद संगठित होकर केंद्रीय मंत्रियों से मिलते तो है और छत्तीसगढ़ को मिलने वाली केंद्रीय योजना की राशि को रोकने की मांग करते है।
भाजपा सांसदों को छत्तीसगढ़ के ढाई करोड़ जनता को बताना चाहिए कि आखिर मोदी सरकार एफसीआई को छत्तीसगढ़ से चावल लेने अनुमति क्यो नही दे रही है? छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को एक महीना पूरा हो गया है अब तक एफसीआई को चावल उठाने की अनुमति क्यों नहीं दी गई है ?
छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा धान खरीदने मांगी गई तीन लाख पचास हजार गठान बोरा की आपूर्ति क्यो नही कर रही है? मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार धान की कीमत एक मुश्त 2500 रु क्विं किसानों के खाता में सीधा जमा करा रहे थे तो मोदी सरकार ने रोक क्यो लागई?किसानों को धान की कीमत 2500 रु क्विं मिल रहा है तो भाजपा को आपत्ति क्यो है?
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार जानबूझकर छत्तीसगढ़ में किसानों से धान खरीदी में बाधा उत्पन्न करने के लिए किसानों को परेशान करने के लिए कस्टम मिलिंग के चावल को एफसीआई में जमा कराने की अनुमति नहीं दे रहे हैं। यह पहला अवसर नहीं है इसके पहले भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने किसानों के धान को 2500 रुपया प्रति क्विंटल के दर से खरीदी और एक मुश्त2500 रु की राशि किसानों के खाते में जमा कराएं तब दूसरी बार किसानों के धान खरीदी में नियम शर्ते लगाने का काम मोदी भाजपा की सरकार ने किया था और किसानों को धान के समर्थन मूल्य 1868 रु से अतिरिक्त राशि देने पर सेंट्रल पुल में चावल नहीं लेने की चेतावनी दी गई थी।
अब तीसरे बार किसानों के धान खरीदी को सुचारू रूप से चलने से रोकने के लिए पहले तो बारदाना की आपूर्ति में बाधा उत्पन्न किया गया राज्य सरकार के द्वारा मांगे गए तीन लाख पचास हजार गठान बोरा में कटौती कर 1लाख 5 हजार गठान बोरा दिया गया अब जब छत्तीसगढ़ के 11लाख 50हजार किसानों से लगभग 50 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो गई है और लगभग 20 लाख मीट्रिक टन धान चावल बनाने दे दिया गया है ऐसे में एफसीआई में चावल जमा करने की अनुमति नहीं देकर मोदी भाजपा की सरकार ने एक बार और किसानों के धान खरीदी को प्रभावित करने षड्यंत्र कर काम रही है ।
दुर्ग / शौर्यपथ / स्व. ताराचंद साहू जी की जयंती ग्रामीण साहू समाज धनोरा द्वारा आयोजित किया गया। साहू समाज के पुरोधा के रूप में माने जाने वाले दिवंगत श्री साहू के द्वारा जनहित के कार्यों को स्मरण करते हुए एक जनवरी को नववर्ष के दिन उनकी जयंती साहू समाज के लोगों द्वारा मनाई जाती है। सुबह 9 बजे से जंयती कार्यक्रम में दीप प्रज्जवलन और आरती पश्चात समाज के विकास में उनकी भूमिका पर चर्चा की गई। तन समर्पित, मन समर्पित और यह जीवन समर्पित सोचता हूं ऐ छत्तीसगढ़ की माटी मैं तुझे और क्या दूं, और क्या दूं,, का नारे कहने वाले छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान की अलख जगाने के लिए स्वर्गीय श्री ताराचंद साहू हमेशा याद किया जाता है।
ग्रामीण साहू समाज के अध्यक्ष राजेन्द्र साहू ने कहा कि दिवंगत श्री ताराचंद साहू का जन्म 1 जनवरी 1947 को हुआ था। उन्होंने छत्तीसगढ़ के दुर्ग लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से कई बार सांसद बनकर का प्रतिनिधित्व किया। राजनीतिक पद रहते हुए उन्होंने स्थानीय समाजों को आगे बढ़ाने, समाजिक एकता और शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए है। श्री साहू सभी समाजों को संजोकर रखते हुए विकास कार्य कराए। छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान और अस्मिता के लिए कई कार्य किए है। सांसद पद पर रहने के दौरान वे लगातार ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करते हुए गांव के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य प्रति जागरूक करने में हमेशा तत्पर रहते थे।
दयाराम एवं विजय साहू ने स्व. ताराचंद साहू के कार्यो को स्मरण करते हुए कहा कि साफ सुथरी स्वच्छ छवि वाले नेता के रूप में उन्होंने अपनी पहचान बनाई थी। छत्तीसगढ़ीया नेता के प्रभाव को राज्य की राजनीति में लाने में उनकी अहम भूमिका रही थी। छत्तीसगढ़ी स्वाभिमान की अलख को जगाने का बड़ा काम स्वर्गीय श्री ताराचंद साहू ने किया। जयंती कार्यक्रम में फुदुकराम, राधेश्याम, डोहर लाल, दामोदर, घांसी राम, विभीषण, ढालसिंह एवं नंदकुमार साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं परिक्षेत्र के समाज के समाज के लोग उपस्थित थे।
प्राकृतिक आपदा के 05 प्रकरणों में 20 लाख रुपए की मदद मंजूर
जांजगीर-चापा / शौर्यपथ / कलेक्टर यशवंत कुमार ने प्राकृतिक आपदा से मृत्यु के 05 प्रकरणों में राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत कुल 20 लाख रुपए की मदद राशि स्वीकृत की है।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार तहसील शिवरीनारायण के ग्राम कटौद निवासी श्री गौरव वर्मा की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर उनके निकटतम वारिस के लिए मदद राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार डभरा तहसील के ग्राम गोपालपुर निवासी श्री नरसिंह उरांव, सक्ती तहसील के ग्राम चैराबरपाली के श्री देव चरण, मालखरौदा तहसील के ग्राम मिरौनी निवासी श्री युवराज मरार और शिवरीनारायण तहसील के ग्राम मोहतरा के श्री आशीष पटेल की सर्पदंश से मृत्यु के प्रकरण में उनके निकटतम वारिस के लिए सहायता राशि स्वीकृत की गई है। प्रत्येक प्रखंड में प्रकरण में 44 लाख रुपए के मान से स्वीकृति दी गई है।
जिले का प्राथमिकता का क्रम देने के लिए समय सीमा में वृद्धि
सहायक शिक्षक और सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) के लिए अंतिम तिथि अब- 12 जनवरी,
जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / संचालक लोक शिक्षण संचनालय रायपुर के निर्देशानुसार सहायक शिक्षक पद हेतु जिले की प्राथमिकता का क्रम निर्धारण हेतु पूर्व निर्धारित तिथि में समय बढ़ाया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी सक्ती से प्राप्त जानकारी के अनुसार डब्लूडब्लूडब्लू डॉट ईडीयूपोर्टल डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन पर ऑनलाइन प्राथमिकता दिया जा सकता है। सहायक शिक्षक सभी विषयों के लिए 11 जनवरी तक और सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) के लिए 12 जनवरी तक समय सीमा में वृद्धि की गई है। शिक्षा जिला सक्ती में जिला स्तरीय 78 पदों पर शासन के निर्देशानुसार भर्ती प्रक्रियाधीन है।
लोक शिक्षा संचालनालय रायपुर से जारी पत्र के अनुसार व्यापन द्वारा प्रावीण्य सूची के आधार पर प्रावधिक चयन सूची तैयार किए जाने पर एक ही अभ्यर्थी का नाम एक से अधिक संभाग व जिले में होने की संभावना है। इससे जिले के रिक्त पदों पर शतप्रतिशत भर्ती पूर्ण करने में विलंब की संभवना को देखते हुए संभाग की प्राथमिकता क्रम और जिले की प्राथमिकता क्रम ऑनलाईन माध्यम से प्राप्त किया जा रहा है।
गणतंत्र दिवस तैयारी संबंधी बैठक 2 जनवरी को
जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / कलेक्टर यशवंत कुमार की अध्यक्षता में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन की तैयारी के संबंध में 2 जनवरी को पूर्वान्ह 11 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आहूत की गई है। सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित होने कहा गया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जांजगीर-चांपा जिला भ्रमण कार्यक्रम,
जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 5 जनवरी को जांजगीर-चांपा जिले के भ्रमण पर रहेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक बघेल 5 जनवरी को दोपहर 12 बजे जिले के बलौदा विकास खंड के ग्राम करमंदी हेलीपैड पहुंचेंगे। वे दोपहर 12.10 बजे से 12.40 बजे तक औरईकला गौठान का निरीक्षण और स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 12.45 से 1 बजे तक नवागढ़ विकास खंड के धान खरीदी केन्द्र सरखों का अवलोकन करेंगे। दोपहर 1.15 से 2.30 बजे तक हाई स्कूल ग्राउंड क्रमांक- 1, जांजगीर में आयोजित किसान सम्मेलन, निर्माण कार्यों का शिलान्यास, लोकार्पण और सामग्री वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का दोपहर- 2.35 से 3.35 तक का समय आरक्षित रहेगा।
इसके बाद वे 3.40 बजे कार द्वारा सर्किट हाउस से प्रस्थान कर 3.45 बजे दिब्यांग स्कूल पहुंचेंगे। वे 3.50 से 4.05 बजे तक दिब्यांग स्कूल और लायब्रेरी का अवलोकन करेंगे। वे 4.10 बजे से 4.40 बजे तक भीमा तालाब जांजगीर क सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण और अवलोकन करेंगे ?। मुख्यमंत्री 4.40 बजे भीमा तालाब से प्रस्थान कर 4.45 बजे सर्किट हाउस आएंगे। सर्किट हाउस में वे विभिन्न संगठन,समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधि गण, युवा प्रतिनिधि मंडल और अधिकारियों से भेंट एवं चर्चा करेंगे।वे रात्रि विश्राम सर्किट हाउस जांजगीर में करेंगे।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
