Google Analytics —— Meta Pixel
June 02, 2026
Hindi Hindi
शौर्यपथ

शौर्यपथ

नई दिल्ली / शौर्यपथ / सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने शनिवार को कहा कि उभरते रक्षा परिदृश्य में न केवल उत्तरी और पश्चिमी सीमाओं पर, बल्कि ‘‘विस्तारित पड़ोस'' के रणनीतिक स्थान पर भी भारत की सुरक्षा कायम रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका के साथ अपने उभरते संबंधों को महत्व देता है और रूस के साथ अपने पारंपरिक संबंधों को मजबूत कर रहा है. देश इन दोनों शक्तियों के साथ एक परिपक्व और मजबूत रक्षा एवं सुरक्षा तंत्र साझा करता है.
रक्षा निर्यात पर एक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जनरल रावत ने सैन्य संरचना में प्रस्तावित सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि सीडीएस और ‘थिएटर कमांडर' ‘‘संयुक्त रूप से'' ‘‘कमान की एकता'' और सेवा मुख्यालय तथा ‘‘संबद्ध कमांडर'' एकीकृत प्रयास में महत्वपूर्ण भूमिका रखते हैं.
भारत सैन्य क्षेत्र में बड़े सुधार के तहत कई थिएटर कमान स्थापित करने पर काम कर रहा है जिनमें सेना के तीनों अंगों की कुछ कमानों को एकीकृत किया जाएगा जिससे कि देश के समक्ष उत्पन्न भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके.
प्रत्येक थिएटर कमान में सेना, नौसेना और वायुसेना की इकाइयां शामिल होंगी और वे सभी किसी विशिष्ट भौगोलिक क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए एक अभियान कमांडर के नेतृत्व में एक इकाई की तरह काम करेंगी.
सरकार ने सेना के तीनों अंगों में समन्वय के लिए पिछले वर्ष 31 दिसंबर को जनरल रावत को भारत का पहला प्रमुख रक्षा अध्यक्ष नियुक्त किया था. रावत ने क्षेत्रीय रक्षा परिदृश्य के बारे में बात करते हुए भारत के सुरक्षा सिद्धांत के प्रमुख पहलुओं का जिक्र किया. इस संदर्भ में, उन्होंने पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) और नियंत्रण रेखा (एलओसी) और चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) का उल्लेख किया.
उन्होंने कहा, ‘‘उभरते सुरक्षा परिदृश्य में भारत की सुरक्षा न केवल आईबी, एलओसी या एलएसी पर बनाए रखी जाएगी बल्कि ‘‘विस्तारित पड़ोस'' के रणनीतिक स्थल पर भी भारत की सुरक्षा को बनाए रखा जाएगा.'' भारत पिछले कुछ साल से अपने विस्तारित पड़ोस में इंडोनेशिया, सिंगापुर और खाड़ी क्षेत्र के कई देशों जैसे कई राष्ट्रों के साथ अपने रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने में लगा है.
जनरल रावत ने कहा कि सीडीएस, सीओएससी (चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष) और राजनीतिक कार्यकारी (सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडल समिति) के बीच मजबूत बातचीत से एकल-बिंदु सैन्य सलाह, रणनीतिक दिशा और संसाधनों का इष्टतम उपयोग सुनिश्चित होना चाहिए.
भारतीय सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण पर, उन्होंने कहा कि यह बदलते वैश्विक सुरक्षा परिवेश और संसाधनों के पूर्ण उपयोग पर ध्यान केंद्रित करने के अनुरूप है. जनरल रावत ने कहा, ‘‘बहुआयामी प्रौद्योगिकी के इस युग में, हमें निरंतर नवाचारों और आधुनिक तकनीकी समाधानों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, ताकि खुद को शत्रुओं से आगे रखा जा सके.''

गुवाहाटी / शौर्यपथ / घर में कामकाज करने वाले 12 साल के बच्चे पर खौलता हुआ पानी डालने वाले डॉक्टर व उनकी पत्नी को शनिवार रात गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार उन्हें असम के नागांव से गिरफ्तार किया गया. दंपति पर आरोप है कि उन्होंने अपने घर में कामकाज में मदद करने वाले 12 के बच्चे पर उस वक्त गरम पानी डाल दिया जब वह सो रहा था. मामले की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी सामने आने के बाद कॉलेज के प्रिंसिपल रहे डॉक्टर व उनकी पत्नी फरार हो गए थे.
सिद्धि प्रसाद देउरी, असम के एक मेडिकल कॉलेज और डिब्रूगढ़ अस्पताल में डॉक्टर हैं. उनकी पत्नी मंजुला मोरन एक कॉलेज की प्रिंसिपल हैं. आरोप है कि सिद्धि प्रसाद देउरी ने लड़के पर गरम पानी डाल दिया क्योंकि वह सो रहा था तो वहीं मंजुला मोरन पर आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद रहते हुए भी बच्चे को कोई इलाज मुहैया नहीं करवाया.

घटना प्रकाश में उस वक्त आई जब डिस्ट्रिक चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्यों ने 29 अगस्त को एक अनाम स्त्रोत से मिले वीडियो को देखने के बाच बच्चे को बचाया और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर दंपत्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस ने बताया कि शिकायत के बाद जब वह पूछताछ के लिए दंपति के पास पहुंचे तो उन्होंने पाया सिद्धि प्रसाद देउरी एक कैंसर रोगी हैं और उन्हें स्लाइन चढ़ाया जा रहा है. इसे देखने के बाद पुलिस ने दंपति को थाने आने के लिए कहा था. इसके बाद दपंत्ति वहां से फरार हो गए, पुलिस ने एक सर्च ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार किया.

 

नई दिल्ली / शौर्यपथ / सीमा विवाद को लेकर भारत और चीन के रक्षा मंत्रियों की रूस में बैठक के बाद AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है. ओवैसी ने सवाल पूछा कि क्या हमारे प्रधानमंत्री अपने आवास (प्रधानमंत्री आवास) के बगीचे में मोरों के साथ खेलने में इतने व्यस्त हैं कि लद्दाख में चीन द्वारा कब्जाई गई 1000 वर्ग किलोमीटर जगह पर बोलने के लिए उनके पास समय नहीं है.
ओवैसी ने शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को टैग करते हुए अपने ट्वीट में लिखा, "मास्को में हुई द्विपक्षीय बातचीत के पश्चात् चीन के रक्षा मंत्री के बयान जारी करने के बाद भी हमारी सरकार की ओर से कोई बयान नहीं आया है. क्या हमारे प्रधानमंत्री अपने महल के बगीचे में मोरों के साथ खेलने में इतने व्यस्त हैं कि उनके पास लद्दाख में चीन द्वारा कब्जाई गई 1000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर बोलने के लिए समय नहीं है.?"
बता दें कि भारत और चीन के मध्य पर सीमा विवाद को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और चीनी रक्षा मंत्री वेई फेंगही के बीच रूस में शुक्रवार को बैठक हुई. बैठक के बाद चीन की ओर से शनिवार को बयान जारी किया गया. चीनी सरकार ने बयान में आरोप लगाया है कि लद्दाख में तनाव बढ़ाने के लिए भारत "पूरी तरह" से जिम्मेदार है. साथ ही बयान में कहा गया है कि चीन अपनी एक इंच जमीन भी नहीं छोड़ सकता है.
हालांकि चीन के बयान के तुरंत बाद भारत के रक्षा मंत्री के कार्यालय की भी ओर से भी बयान जारी किया गया. इसमें कहा गया कि "बैठक के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि LAC पर जल्द से जल्द पूरी तरह से शांति बहाल करने और तनाव को कम करने के लिए दोनों पक्षों को राजनयिक और सैन्य माध्यमों के जरिये बातचीत जारी रखनी चाहिए."

नई दिल्ली / शौर्यपथ / कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सकल घरेलू उत्पाद में तेज गिरावट को लेकर मोदी सरकार पर रविवार को निशाना साधा. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि जीडीपी में ऐतिहासिक गिरावट का एक बड़ा कारण मोदी सरकार का गब्बर सिंह टैक्स है. उन्होंने अर्थव्यवस्था को लेकर तीसरा वीडियो जारी किया. वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि जीएसटी गरीबों पर आक्रमण है. छोटे दुकानदार, स्मॉल एंड मीडियम बिजनेस वालों पर, किसान और मजदूरों पर आक्रमण है.
राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा- "GDP में ऐतिहासिक गिरावट का एक और बड़ा कारण है- मोदी सरकार का गब्बर सिंह टैक्स . इससे बहुत कुछ बर्बाद हुआ जैसे- लाखों छोटे व्यापार, करोड़ों नौकरियां और युवाओं का भविष्य, राज्यों की आर्थिक स्थिति...GST मतलब आर्थिक सर्वनाश."
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने वीडियो में कहा, "जीएसटी यूपीए का आइडिया था. एक टैक्स, कम से कम टैक्स, साधारण और सरल टैक्स. NDA का जीएसटी बिल्कुल अलग है. चार अलग-अलग टैक्स 28% तक टैक्स और बड़ा कॉम्प्लिकेटेड, समझने को बहुत मुश्किल टैक्स. जो स्मॉल एंड मीडियम बिजनेसेस हैं वह इस टैक्स को भर ही नहीं सकते, पर जो बड़ी कंपनियां है वो इसको आसानी से भर सकती हैं 5, 10 या 15 अकाउंटेंट्स लगा सकते हैं.
गांधी ने कहा, "यह चार अलग-अलग रेट क्यों है? यह चार अलग-अलग रेट इसलिए है क्योंकि सरकार चाहती है कि जिसकी पहुंच हो, जीएसटी को आसानी से बदल पाए और जिसकी पहुंच न हो वो जीएसटी के बारे में कुछ न कर पाए. पहुंच किसकी है हिंदुस्तान के सबसे बड़े 15-20 उद्योगपतियों की पहुंच है.
एनडीए के जीएसटी का नतीजा क्या है? : राहुल गांधी
आज हिंदुस्तान की सरकार राज्यों को जीएसटी का पैसा ही नहीं दे पा रही. प्रदेश कर्मचारियों को, टीचर्स को पैसा नहीं दे पा रहे. तो जीएसटी बिल्कुल फेल है, मगर यह सिर्फ फेल नहीं है यह एक आक्रमण है गरीबों पर, स्मॉल एंड मीडियम बिजनेस पर. जीएसटी टैक्स की व्यवस्था नहीं है. जीएसटी हिंदुस्तान के गरीबों पर आक्रमण है. छोटे दुकानदार, स्मॉल एंड मीडियम बिजनेस वालों पर, किसान और मजदूरों पर आक्रमण है. हमें इस आक्रमण को पहचानना पड़ेगा और मिलकर एक-साथ इसके खिलाफ हम सब को खड़ा होना पड़ेगा.

लाइफस्टाइल / शौर्यपथ / एक कहावत सुनी होगी कि मिल-बांटकर खाने से प्यार बढ़ता है। यह बात सच है। वैज्ञानिकों की मानें तो मिलजुलकर खाने से सिर्फ प्यार ही नहीं बढ़ता, बल्कि खुशियां भी बढ़ती हैं और तनाव घटता है। और अगर खाने की टेबल पर साथ देने वाली दोस्तों की टोली है तब तो कहने ही क्या।

खासतौर से बढ़ती उम्र में दोस्तों के साथ फास्टफूड रेस्तरां में वक्त बिताने के ढेरों फायदे हैं। एक हालिया अध्ययन कुछ यही इशारा करता है। अध्ययन करने वाले मिशिगन यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं का दावा है कि समय-समय पर फास्टफूड रेस्तरां में जाने से तनाव संबंधी हार्मोन का स्त्राव घटता है और फील गुड हार्मोन का उत्पादन बढ़ता है। इससे ढलती उम्र में याददाश्त-तर्क शक्ति में कमी की समस्या नहीं होती।

125 लोगों पर हुआ अध्ययन-
शोधकर्ताओं ने मध्यम आयु वर्ग से लेकर बुजुर्ग वयस्कों समेत 125 लोगों का अध्ययन किया और उनके साथ उनके स्थानीय भोजनालय गए। अध्ययन में पाया कि बुजुर्ग वयस्कों के लिए इन जगहों पर मिलने से उनका सामाजिक दायरा बढ़ता है। अध्ययन के मुताबिक फास्टफूड रेस्तरां में मिलने-जुलने से बुजुर्ग लोगों के मस्तिष्क को कई फायदे हैं।

पिछले कई अध्ययन भी यह साबित कर चुके हैं कि सामाजिक मेल-मिलाप बुजुर्गों में सांज्ञानात्मक विकार से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मगर नए अध्ययन के मुताबिक फास्टफूड कॉर्नर और रेस्तरां आदि जगहों पर बुजुर्गों के उठने-बैठने से उनमें संबंधी मस्तिष्क रोग, डिमेंशिया, सांज्ञानात्क विकार आदि से बचाव होगा। अध्ययन में पाया गया कि रिटेल फूड प्रतिष्ठानों वाले क्षेत्र में रहने वाले प्रतिभागियों का संज्ञानात्मक स्कोर उन लोगों के मुकाबले अधिक था, जो कम फूड रिटेल प्रतिष्ठानों वाले इलाके में रहते हैं।

फास्टफूड का सेवन नुकसानदेह-
हालांकि, शोधकर्ताओं ने आगाह किया कि बुजुर्गावस्था में फास्टफूड रेस्तरां में बैठना जितना लाभकारी है, वहां फास्टफूड का सेवन करना उतना ही घातक है। फास्ट फूड जैसे कि चीजबर्गर फ्रेंच फ्राईज आदि खाने से संज्ञानात्मक गिरावट में इजाफा ही होगा। इसलिए वहां जाकर बैठना सही है, लेकिन वहां फास्टफूड का सेवन न करने की सलाह भी वैज्ञानिकों ने दी है।

प्रमुख शोधकर्ता डॉ जेसिका फिनले के मुताबिक पारंपरिक तौर पर फास्ट फूड का संज्ञानात्मकता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। फैट कैलेस्ट्रॉल मस्तिष्क विकारों में इजाफा करते हैं। यह अध्ययन सिर्फ यह दर्शाता है कि फास्टफूड प्रतिष्ठान बुजुर्गों के लिए बैठने की अच्छी जगह साबित हो सकते हैं, जहां वह अपने दोस्तों के साथ वक्त बिताएं। लेकिन वहां फास्टफूड का सेवन न करें।

 

लाइफस्टाइल /शौर्यपथ / अगर घर या ऑफिस में कोई अल्कोहल यानी शराब पीकर आता है तो उसके प्रवेश करते ही अलार्म बज उठेगा। यदि वह वापस नहीं जाता है तो कुछ ही देर बाद एक एलईडी भी जल जाएगी जो बता देगी कि वह व्यक्ति वापस नहीं गया है। खास बात यह है कि यह केवल 200 रुपए में तैयार किया गया है।

जय नारायण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की अटल टिंकरिंग लैब में प्रयोग कर कक्षा 12 में ही 'इंजीनियर' बन गए शिवा पटेल अब तक ऐसी आधा दर्जन खोज कर चुके हैं। अल्कोहल डिटेक्टर भी इसमें एक है। शिवा गरीब परिवार से हैं और घर में एक छोटी सी टेबल को ही उन्होंने पूरी लैब बना रखा है। उनका कहना है कि वह ऐसे प्रयोग करते हैं जो सामाजिक सरोकारों से जुड़े हों और सभी के काम आएं।

ऐसे बनाया अल्कोहल डिटेक्टर-
टिंकर इंडिया से जुड़े शिवा बताते हैं कि अक्सर लोग शराब पीकर ऑफिसों और घरों में चले जाते हैं और लोग परेशान हो जाते हैं। इसके लिए उन्होंने अल्कोहल डिटेक्टर तैयार किया है। इसमें एक सेंसर का उपयोग किया है जिसके बारे में वह पेटेंट प्रक्रिया के कारण नहीं बताना चाहते हैं। एक बजर और एलईडी का उपयोग किया है। इसमें 06 से 09 वोल्ट की बैट्री का उपयोग किया जा सकता है। अभी जो प्रोटोटाइप तैयार किया है, उसमें 06 वोल्ट की बैट्री का इस्तेमाल किया है।

सेंसेटिव है डिटेक्टर-
यदि कोई अल्कोहलयुक्त सेनेटाइजर लगाकर आता है, तो भी यह बजर बजने लगता है लेकिन कुछ ही समय में शांत हो जाता है। पर अगर कोई शराब पीकर आता है तो बजर देर तक बजता है।

कैसे काम करती है डिवाइस-
अल्कोहल जैसे ही सेंसर के टच में आता है तो वह बर्न करने लगता है। इसकी बर्निंग से कनेक्शन जुड़ जाता है और सर्किट पूरा होने से बजर बजने लगता है।

बहुत सस्ती है डिवाइस-
शिवा पटेल बताते हैं कि इस डिवाइस की सबसे खास बात यह है कि यह केवल 200 रुपए में तैयार हुई है। इसे अगर बल्क में तैयार किया जाए तो और भी सस्ती हो सकती है। इसका उपयोग वाहनों में भी किया जा सकता है। यदि वाहन के अंदर कोई शराब पीकर बैठेगा तो भी यह डिवाइस सचेत कर देगी। टिंकर इंडिया के संस्थापक कौस्तुभ ओमर ने बताया कि टिंकर इंडिया इसका पेटेंट कराएगा और प्रोडक्ट को बाजार में लाने में शिवा की पूरी मदद करेगा। शिवा का एक प्रोडक्ट पहले से ही बाजार में है।

 

खेल /शौर्यपथ / भारत से बाहर यूएई में आईपीएल शुरू होने में अब बस दो सप्ताह से भी कम समय बचा है। ऐसा तीसरी बार है जब टूर्नामेंट का आयोजन भारत में न होकर किसी अन्य देश में हो रहा है। टूर्नामेंट के लिए सभी फ्रेंचाइजियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही इस बात पर बहस शुरू हो जाती है कि टूर्नामेंट में कौन सा बल्लेबाज सब से ज्यादा रन बनाएगा और कौन सबसे ज्यादा विकेट झटकेगा। भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने इस मुद्दे पर अपनी राय दी है कि इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें एडिशन में कौन सा बल्लेबाज सबसे ज्यादा रन बनाएगा ओर ऑरेंज कैप हासिल करेगा। इसके अलावा उन्होंने उन छह भारतीय बल्लेबाजों के नाम भी बताए हैं जिन पर इस टूर्नामेंट के दौरान सबसे ज्यादा निगाहें रहेंगी।

आकाश चोपड़ा ने भारतीय टीम के विस्फोटक बल्लेबाज केएल राहुल का नाम ऑरेंज कैप के लिए सबसे उपयुक्त माना। आकाश ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि केएल राहुल जिस तरह की फॉर्म में हैं और इसके अलावा वो किंग्स इलेवन पंजाब टीम के कप्तान भी हैं तो उनके लिए इस साल का आईपीएल बेहतरीन साबित होने वाला है। हालांकि उन्होंने प्रैक्टिस के दौरान चौंकाने वाला बयान दिया था कि मुझे डर लग रहा है कि पता नहीं कि मैं गेंद को मार पाऊंगा कि नहीं।

आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि वो बेशक शुरुआत के 1-2 मैचों में न चलें लेकिन जिस तरह की वो बल्लेबाजी करते हैं और जैसी उनकी मानसिकता है तो वो निश्चित तौर पर रॉकेट साबित होने वाले हैं। वे भारतीय बल्लेबाजी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैट्समैन बन सकते हैं और ऑरेंज कैप भी जीत सकते हैं। इस साल के आईपीएल में जिन भारतीय खिलाड़ियों पर सबसे ज्यादा रहेंगी, उनमें आकाश ने ऋषभ पंत, विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, श्रेयस अय्यर और रोहित शर्मा को शामिल किया। धोनी के बारे में बात करते हुए आकाश ने बताया कि यह साल उनके लिए काफी खास साबित होने वाला है। सुरेश रैना के न होने उनका काम और ज्यादा बढ़ जाता है। अब वो अपने आप को नीचे ज्यादा नहीं धकेलेंगे। निश्चित तौर पर 4 या 5 नंबर पर बैटिंग करने के लिए आ सकते हैं।

 

मनोरंजन / शौर्यपथ / टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के फैन्स के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, शो में नट्टू काका का किरदार निभाने वाले एक्टर घनश्याम नायक को अस्पताल में भर्ती कराया गाया है। कहा जा रहा है कि उनके गले में परेशानी होने के कारण सर्जरी होगी। कुछ समय से घनश्याम नायक शो में भी नजर नहीं आ रहे हैं। इन्होंने अभी-भी लॉकडाउन के बाद से शूटिंग शुरू नहीं की है।

खबर आ रही है कि घनश्याम नायक के गले की गलैंड्स में परेशानी आ गई है, जिसकी सर्जरी कल होगी। प्रोडक्शन हाउस के करीबी ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि कुछ दिनों पहले घनश्यान नायक के गले में गांठ डिटेक्ट हुई। डॉक्टर ने जिसके लिए सर्जरी बोली है। वह जल्द ठीक होकर वापस आएंगे। नट्टू काका शो में एक दिलचस्प किरदार निभाते हैं और लोग उनके इस रोल को काफी पसंद भी करते हैं। नट्टू काका का कहना है कि महाराष्ट्र सरकार जब 65 साल से ऊपर उम्र वाले लोगों को शूटिंग की इजाजत देगी तो वह दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए जरूर वापस आएंगे।

आपको बता दें कि घनश्याम नायक को शो में 10 साल से ज्यादा हो गया है। सोर्स के मुताबिक घनश्याम नायक की मदद के लिए प्रोडक्शन हाउस समाने आया है। वह जल्द ही ठीक होकर सेट पर वापस लौटेंगे। इस समय शो में गणेशोत्सव सेलिब्रेशन दिखाया जा रहा है।

 

मनोरंजन / शौर्यपथ / बॉलीवुड एक्ट्रेस दीया मिर्जा ने ट्वीट कर संजय राउत से माफी मांगने के लिए कहा है। दरअसल, हाल ही में संजय राउत ने कंगना रनौत को ‘हरामखोर लड़की’ कहा, जिसके बाद दीया मिर्जा, एक्ट्रेस के सपोर्ट में उतरी हैं। कंगना रनौत ने अपने एक ट्वीट में कहा था कि मुंबई ऐसी लग रही है जैसे पाकिस्तान ने कश्मीर को हड़प लिया हो। इसपर गुस्सा दिखाते हुए संजय राउत ने कंगना को काफी कुछ कहा।

शिवसेना नेता संजय राउत के इस बयान पर दीया मिर्जा भड़की हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि ‘हरामखोर’ शब्द के सख्त खिलाफ हूं जिसका इस्तेमाल संजय राउत ने किया है। सर, आपके पास सारी राइट्स हैं कंगना के बारे में चीजें बोलने के लिए। लेकिन ऐसी भाषा के इस्तेमाल के लिए आपको माफी मांगनी चाहिए।

कंगना रनौत ने शनिवार को ट्वीट करते हुए लिखा, ‘साल 2008 में मूवी माफिया ने मुझे एक साइको घोषित कर दिया था। इतना ही नहीं 2016 में उन्होंने मुझे चुड़ैल कहा और 2020 में महाराष्ट्र के मंत्री ने मुझे हरामखोर लड़की का खिताब दे दिया। इन सभी लोगों ने मेरे साथ ऐसा इसलिए किया क्योंकि मैंने कहा कि सुशांत की हत्या के बाद मैं मुंबई में असुरक्षित महसूस करती हूं। इस वक्त डिबेट करने वाले योद्धा कहां हैं?’

कंगना ने यह बात एक यूजर के ट्वीट के जवाब में लिखी। यूजर ने लिखा था, 'संजय राउत कह रहे हैं क‍ि कंगना की टीम ने श‍िवाजी महाराज के ख‍िलाफ कहा है। ये झूठ है। उन्होंने कभी भी महान श‍िवाजी के ख‍िलाफ कुछ नहीं कहा। एक महिला को सार्वजन‍िक रूप से ताकत में बैठे लोग गाली दे रहे हैं।

 

जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / जिले में जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय की गोठानों में 20 जुलाई से लेकर 5 सितम्बर तक 33 लाख 63 हजार 596 किलोग्राम गोबर की खरीदी 5 हजार 289 पशुपालकों के माध्यम से की गई। तो वहीं अब तक जिले की 244 गोठानों में कुल 47 हजार 622 पशुपालकों ने अपना पंजीयन कराया है। इसके साथ ही अब नई व्यवस्था के तहत 6 सितम्बर से गोबर खरीदी शासन के ‘एप’ के माध्यम से की जाएगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी तीर्थराज अग्रवाल ने बताया कि जिले में गोधन न्याय योजना का सुचारू रूप से संचालन कलेक्टर यशवंत कुमार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। उनके मार्ग निर्देशन में 6 सितम्बर से जिले में शासन द्वारा चिप्स के माध्यम से बनाए गए एप के द्वारा गोबर की खरीदी की जाएगी। जिपं सीईओ ने बताया कि जिले में
9 जनपद पंचायत एवं 15 नगरीय निकाय की गोठानों में 33 लाख 63 हजार 596 किलोग्राम गोबर की खरीदी 5 हजार 289 पशुपालकों के माध्यम से की गई। पशुपालकों को दो बार बेचे गए गोबर का भुगतान उनके खातों में भी किया जा चुका है। जिले में प्रत्येक गोठान में मोबाइल एप के माध्यम से गोबर की खरीदी की जाएगी। गोठान के नोडल अधिकारियों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए बकायदा एप चलाने के लिए उन्हें प्रशिक्षित भी किया गया है। इस एप के माध्यम से विक्रेताओं को पूरी जानकारी घर बैठे ही मिल जाएगी।
अकलतरा जनपद में सर्वाधिक गोबर की खरीदी
जिले में 9 जनपद पंचायत एवं 15 नगरीय निकाय के 244 गोठानों के माध्यम से गोबर की खरीदी की जा रही है। 9 जनपद पंचायत में सर्वाधिक गोबर की खरीदी अकलतरा जनपद पंचायत के माध्यम से 7 लाख 33 हजार 655 किलोग्राम की गई है। इसी तरह नवागढ़ विखं में 6 लाख 57 हजार 429 किलोग्राम गोबर खरीदा गया। इसके अलावा जनपद पंचायत डभरा में 4 लाख 51 हजार 915 किलोग्राम, बलौदा जनपद पंचायत की गोठान में 2 लाख 89 हजार 253 किलोग्राम, जनपद पंचायत जैजैपुर में 2 लाख 23 हजार 810 किलोग्राम, जनपद पंचायत बम्हनीडीह में 1 लाख 92 हजार 230 किलोग्राम गोबर, जनपद पंचायत सक्ती में 1 लाख 93 हजार 246 किलोग्राम की खरीदी की गई। जनपद पंचायत पामगढ़ में 1 लाख 26 हजार 773 किलोग्राम, जनपद पंचायत मालखरौदा में 1 लाख 16 हजार 200 किलोग्राम, तो वहीं 15 नगरीय निकाय में 3 लाख 79 हजार 85 किलोग्राम गोबर खरीदी गया।

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)