August 24, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    भारत

    भारत (1085)

    उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 से पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. योगी सरकार के श्रममंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर सपा का दामन थाम लिया है.

    लखनऊ /शौर्यपथ/

    उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 से पहले सत्ताधारी पार्टी बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. योगी सरकार के श्रममंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया. इस्तीफे के बाद मौर्य समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए. उन्होंने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से मुलाकात भी की. अखिलेश ने मुलाकात की तस्वीर शेयर की है. सपा सुप्रीमो ने मौर्य का स्वागत करते हुए कहा कि "सामाजिक न्याय का इंक़लाब होगा. बाइस में बदलाव होगा." तिलहर से बीजेपी विधायक रोशन लाल वर्मा भी मौर्य के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं, और इनके अलावा बांदा की तिंदवारी सीट से BJP विधायक ब्रजेश प्रजापति ने भी इस्तीफा दे दिया है.

    स्वामी प्रसाद मौर्य ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को लिखे पत्र में कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल में श्रम एवं सेवायोजन व समन्वय मंत्री के रूप में विपरीत परिस्थितियों व विचारधारा में रहकर भी बहुत ही मनोयोग के साथ उत्तरदायित्व का निर्वहन किया है, किंतु दलितों, पिछड़ों, किसानों बेरोजगार नौजवानों एवं छोटे- लघु एवं मध्यम श्रेणी के व्यापारियों की घोर उपेक्षात्मक रवैये के कारण उत्तर प्रदेश के मंत्रिमंडल से मैं इस्तीफा देता हूं."

    सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने मौर्य को स्वागत करते हुए ट्वीट में कहा, "सामाजिक न्याय और समता-समानता की लड़ाई लड़ने वाले लोकप्रिय नेता स्वामी प्रसाद मौर्य एवं उनके साथ आने वाले अन्य सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सपा में ससम्मान हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन! सामाजिक न्याय का इंक़लाब होगा ~ बाइस में बदलाव होगा."

     

     

     

     

    राजनाथ ने ट्वीट में लिखा, 'मुझे आज कोरोना संक्रमित पाया गया है हालांकि लक्षण बेहह हल्‍के हैं. मैं इस समय होम क्‍वारंटाइन हूं. जो हाल ही में मुझसे संपर्क में आए हैं, मैं उन सभी भी टेस्‍ट कराने और खुद को आइसोलेट करने का आग्रह करता हूं. '

    नई दिल्‍ली /शौर्यपथ/

    केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कोरोना संक्रमित हो गए हैं. उन्‍होंने सोमवार को एक ट्वीट करके यह जानकारी दी. राजनाथ ने ट्वीट में लिखा, 'मुझे आज कोरोना संक्रमित पाया गया है हालांकि लक्षण बेहह हल्‍के हैं. मैं इस समय होम क्‍वारंटाइन हूं. जो हाल ही में मुझसे संपर्क में आए हैं, मैं उन सभी भी टेस्‍ट कराने और खुद को आइसोलेट करने का आग्रह करता हूं.

    गौरतलब है कि हाल में कई राजनेता कोविड पॉजिटिव हुए हैं, इसमें दिल्‍ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, तमिलनाडु से बीजेपी नेता खुशबू सुंदर, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी, बिहार के दोनों उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी, एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले, केंद्रीय मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय और कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला व दीपेंद्र हुड्डा शामिल हैं.

     


    '

    देश में कोरोना के मामलों में फिर तेजी के बीच केंद्र लगातार वैक्सीनेशन की रफ्तार को बढ़ाने पर जोर दे रहा है ताकि महामारी को काबू करने में मदद मिल सके.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

    कोरोना के मामलों में तेजी के बीच सरकार ने सोमवार को कहा कि फिलहाल एक्टिव केस के 5 से 10 प्रतिशत मामलों में मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़ रही है. हालांकि, स्थिति गतिशील है और इसमें तेजी से बदलाव हो सकता है. साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को चिट्ठी लिखकर कहा कि ज़रूरत पड़ने पर कोविड वैक्सीनेशन सेंटर्स  रात 10 बजे तक खोले जा सकते हैं.

    देश में कोरोना के मामलों में फिर तेजी के बीच केंद्र लगातार वैक्सीनेशन की रफ्तार को बढ़ाने पर जोर दे रहा है ताकि महामारी को काबू करने में मदद मिल सके.

    केंद्र ने राज्यों से कहा कि कोविड टीकाकरण केंद्रों  की टाइमिंग निर्धारित नहीं है. ये जरूरत के हिसाब से तय हो सकती है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को चिट्ठी लिखकर कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर अगर हो तो रात 10 बजे तक कोविड वैक्सीनेशन सेंटर्स खोले जा सकते हैं.

    कोविड वैक्सीनेशन सेंटर्स की टाइमिंग को लेकर राज्यों की दुविधा पर केंद्र ने यह जवाब दिया. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि जरूरत पड़ने पर रात 10 बजे तक वैक्सीन लगाई जा सकती है. कई राज्यों की तरफ से केंद्र को कहा गया था कि सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक CVC का टाइम है. जिसके बाद केंद्र ने ये चिट्ठी लिखी.

     

     

    प्रधानमंत्री ने पाया कि काशी विश्वनाथ धाम में काम करने वाले ज्यादातर लोग नंगे पांव अपनी ड्यूटी कर रहे हैं क्योंकि मंदिर परिसर में चमड़े या रबड़ के जूते पहनना मना है.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

    काशी विश्वनाथ धाम में काम करने वालों को अब कड़कड़ाती ठंड में नंगे पांव काम नहीं करना पड़ेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी विश्वनाथ धाम में काम करने वालों के लिए जूट के जूते भेजे हैं. प्रधानमंत्री मोदी को यह पता चला था कि काशी विश्वनाथ में पुजारी, सुरक्षाकर्मी और मंदिर की साफ-सफाई में जुटे कर्मचारी ठंड में नंगे पैर काम करते हैं, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया है.

    पीएम मोदी काशी विश्वनाथ धाम और वाराणसी के विकास कार्यों से गहराई से जुड़े रहे हैं और हर चीज पर करीब से नजर रखते हैं. हाल ही में उन्होंने (प्रधानमंत्री ने) पाया कि काशी विश्वनाथ धाम में काम करने वाले ज्यादातर लोग नंगे पांव अपनी ड्यूटी कर रहे हैं क्योंकि मंदिर परिसर में चमड़े या रबड़ के जूते पहनना मना है. इनमें पुजारी, सेवा करने वाले लोग, सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मचारी और अन्य लोग शामिल हैं.

      प्रधानमंत्री मोदी ने तुरंत 100 जोड़ी जूट के जूते मंगवाए और काशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना कर दिए ताकि काम के दौरान लोगों को कड़ाके की ठंड में नंगे पांव न रहना पड़े. प्रधानमंत्री की इस पहल से काशी विश्वनाथ धाम में काम करने वाले लोग बहुत खुश हैं.

     

     

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "लड़ाई अब 80 और 20 की हो चुकी है, जो लोग सुशासन और विकास का साथ देते हैं वो 80 फीसदी भाजपा के साथ हैं."

    लखनऊ /शौर्यपथ/

     यूपी विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि ये चुनाव "80 बनाम 20" का होगा. योगी आदित्यनाथ द्वारा बताए गए आंकड़े मोटे तौर पर उत्तर प्रदेश में हिंदुओं और मुसलमानों के अनुपात से मेल खाते हैं, जहां अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं.

     मुख्यमंत्री योगी ने कहा, "लड़ाई अब 80 और 20 की हो चुकी है, जो लोग सुशासन और विकास का साथ देते हैं वो 80 फीसदी भाजपा के साथ हैं और जो लोग किसान विरोधी हैं, विकास विरोधी हैं, गुंडों, माफियाओं का साथ देते हैं वो 20 फीसदी विपक्ष के साथ है."

     

     

    पीएम मोदी की यह समीक्षा बैठक ऐसे वक्त हुई है, जब दिल्ली, मुंबई के साथ तमिलनाडु और कर्नाटक जैसे राज्यों में कोरोना के मामले पिछले 15 दिनों में बेहद तेजी से बढ़े हैं. चुनाव आयोग ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का ऐलान भी कर दिया है.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देश में कोरोनावायरस से उपजे मौजूदा हालातों की समीक्षा की. पीएम मोदी ने स्वास्थ्य मंत्रालय और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बारे में जानकारी ली. इससे पहले प्रधानमंत्री ने 24 दिसंबर को भी ऐसी ही बैठक की थी. पीएम मोदी ने लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है. पीएम मोदी ने कोरोना की स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा की. यह समीक्षा बैठक ऐसे वक्त हुई है, जब दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े महानगरों और तमिलनाडु और कर्नाटक जैसे राज्यों में कोरोना के मामले पिछले 15 दिनों में बेहद तेजी से बढ़े हैं.

     इस बीच चुनाव आयोग ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का ऐलान भी कर दिया है. देश में रविवार को कोरोना वायरस के करीब 1.6 लाख नए मरीज सामने आए हैं, जो पिछले 224 दिन में रोजाना के सबसे ज्यादा मामले हैं. जबकि सक्रिय मरीजों की संख्या 6 लाख के करीब पहुंच गई है, जो करीब 197 दिन में सर्वाधिक है. सरकारी सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से हुई इस बैठक में कोविड-19 की ताजा स्थिति की समीक्षा की.रविवार को कोविड-19 के नये वैरिएंट ओमिक्रॉन के 552 नए मामले सामने आए हैं. इससे संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 3,623 हो गई है.

      
    देश में पिछले 24 घंटे में 327 लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की तादाद 4,83,790 हो गई है. ओमिक्रॉन के 3623 मरीजों में से 1409 या तो देश से बाहर चले गए हैं या स्वस्थ हो गए हैं. महाराष्ट्र में ओमिक्रोन के सर्वाधिक 1,009 मामले सामने आए हैं. दिल्ली में 513, कर्नाटक में 441, राजस्थान में 373, केरल में 333 और गुजरात में 204 मामले मिले हैं.

     

     

     

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

    कोरोना के बढ़ते मामले पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का बयान आया है. उन्होंने कहा है कि लॉकडाउन लगाने की कोई मंशा नहीं है. एलजी और वह पूरे हालात पर नजर रखे हुए हैं. केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार से लगातार संपर्क में हैं और केंद्र का पूरा सहयोग मिल रहा है. पहले भी दिल्ली वालों ने मिलकर कोरोना की लहर से पार पा लिया था, इस बार भी हम पार पा लेंगे. जिन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाई है, वह वैक्सीन जरूर लगवा लें. वैक्सीन का मतलब यह नहीं है कि आप संक्रमित नहीं होंगे, लेकिन इसे लगवाने से आपकी जान के ऊपर खतरा कम हो जाता है. हमारी कोशिश होगी कि कम से कम पाबंदिया लगे, ताकि लोगों के सामने रोजी-रोटी की समस्या पैदा न हो. कल डीडीएमए की बैठक


    है और हालातों की समीक्षा की जाएगी.

    दिल्ली के सीएम ने कहा कि मुझे भी कोरोना हो गया था. लगभग 7-8 दिन मैं होम आइसोलेशन में रहा. लगभग 2 दिन बुखार रहा. उसके बाद ठीक हुआ. कोरोना नियमों के हिसाब से 7 से 8 दिन होम आइसोलेशन में रहा. होम आइसोलेशन में था, लेकिन फोन पर दिल्ली की हालात पर सबसे संपर्क में था.

     
    उन्होंने कहा कि कल लगभग 20000 नए मामले आए थे. आज लगभग 22000 आएंगे. तेजी से मामले बढ़ रहे हैं. यह एक चिंता का विषय है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है. पिछली जो लहर अप्रैल-मई में आई थी, उसमें 7 मई को रोजाना इतने ही मामले आ रहे थे.

     7 मई को 341 मौत हुई थी, कल 7 मौत हुई थी. 7 मई को दिल्ली में 20,000 बेड भरे हुए थे, कल जब 20000 मामले आए हैं तो लगभग डेढ़ हजार बेड भरे हुए हैं. इस लहर के दौरान मौत भी काफी कम हो रही हैं और लोगों को अस्पताल जाने की भी बहुत कम जरूरत पड़ रही है.

     

     

     

    वरुण गांधी ने बताया कि वह तीन दिन के पीलीभीत दौरे पर थे, उस दौरान वे वायरस की चपेट में आए हैं.

    नई दिल्ली /शौर्यपथ/

    भाजपा के सांसद वरुण गांधी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं. उन्होंने यह जानकारी खुद ट्वीट करते दी. उन्होंने बताया कि उनमें काफी गंभीर लक्षण दिखे हैं. वरुण गांधी ने बताया कि वह तीन दिन के पीलीभीत दौरे पर थे, उस दौरान वे वायरस की चपेट में आए हैं. इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि उम्मीदवार और पार्टी कार्यकर्ताओं को भी कोरोना वैक्सीन की Precaution डोज लगाई जाए. बता दें, पीलीभीत वरुण गांधी का संसदीय क्षेत्र है.

    उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है, 'तीन दिनों तक पीलीभीत में रहने के बाद, मेरी आज कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. और काफी गंभीर लक्षण दिखाई दिए हैं. अब हम एक तीसरी लहर के बीच हैं और चुनाव अभियान चल रहा है. चुनाव आयोग को उम्मीदवारों और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए भी एहतियाती खुराक का इंतजाम करवाना चाहिए.'

    देश में तेज होती कोरोना की रफ्तार

    पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,59,632 नए मामले सामने आए, जो पिछले 224 दिन में सामने आए सर्वाधिक दैनिक मामले हैं. सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 5,90,611 हो गई है, जो करीब 197 दिन में सर्वाधिक है. वहीं, पिछले 24 घंटे में 327 लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,83,790 हो गई है.

    इसके अलावा कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमण के 552 नए मामले सामने आने के बाद रविवार को इससे संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 3,623 हो गई है. ओमिक्रोन के 3,623 मामलों में से 1,409 लोग या तो देश से बाहर चले गए हैं या स्वस्थ हो गए हैं. महाराष्ट्र में ओमीक्रोन के सर्वाधिक 1,009 मामले सामने आए. इसके बाद दिल्ली में 513, कर्नाटक में 441, राजस्थान में 373, केरल में 333 और गुजरात में 204 मामले सामने आए.

     

     

     

    भारत /शौर्यपथ/ 

    शनिवार का दिन चुनाव आयोग को भी अच्छा लगा। सुबह बताया- दोपहर बाद 5 राज्यों में चुनावी तारीखें बताऊंगा।

    साढ़े तीन बजे मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्र आए और बताने लगे- उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में वोटिंग होगी, 10 फरवरी से 7 मार्च तक। पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में एक साथ 14 फरवरी को वोटिंग करा लेंगे। बचा मणिपुर, तो वहां 27 फरवरी और 3 मार्च को वोट पड़ेंगे। सब जगह नतीजे की एक ही तारीख- 10 मार्च।

    8 जनवरी से 10 मार्च, कुल हुए 62 दिन, यानी इन 62 दिनों तक चुनाव की पीठ पर कोरोना की सवारी।

    अब वो बातें जो सबसे अहम बोलीं…

    चुनाव लड़ने वालों के लिए 8 बातें

    1. 15 जनवरी तक रैली, जनसभा नहीं कर सकेंगे। वर्चुअल रैली और डोर टू डोर प्रचार करने की इजाजत। डोर टू डोर प्रचार में भी केवल 5 लोग ही जा सकेंगे।

    2. 15 जनवरी के बाद कोरोना के हालात का रिव्यू किया जाएगा और फिर रैलियों व जनसभाओं पर फैसला लिया जाएगा। अगर रैलियों की इजाजत दी गई तो भी इसमें कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाएगा।

    3. हर रैली से पहले चुनावी उम्मीदवार से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने का शपथ-पत्र लिया जाएगा।

    4. कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ महामारी एक्ट, NDMA और IPC के धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

    5. राजनीतिक दलों को उम्मीदवारों और प्रत्याशियों को खुद भी अपना आपराधिक रिकॉर्ड बताना होगा।

    6. सभी दलों और प्रत्याशियों को हेट स्पीच, फेक न्यूज और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को लेकर बेहद सतर्क रहना होगा और इसकी निगरानी भी करनी होगी।

    7. प्रत्याशी सुविधा ऐप के जरिए ऑनलाइन नॉमिनेशन कर सकेंगे।

    8. सभी दलों और प्रत्याशियों को चुनावी अपराध के संबंध में एडवाइजरी जारी की जाएगी। कोड ऑफ कंडक्ट का सख्ती से पालन करना होगा।

     

    चुनाव में हार-जीत तय करने वाले वोटर्स के लिए 6 बातें

    1. कोरोना संक्रमित भी वोट डाल सकेंगे। उनके लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा।

    2. 80 प्लस सीनियर सिटिजंस और दिव्यांगों के लिए डोर स्टेप वोटिंग की सुविधा।

    3. 16% पोलिंग बूथ बढ़ाए गए हैं। 2.15 लाख से ज्यादा पोलिंग स्टेशन बने हैं।

    4. एक पोलिंग स्टेशन पर मैक्सिमम वोटर्स की संख्या 1500 से घटाकर 1250 कर दी गई।

    5. महिला वोटर्स को बढ़ावा देने के लिए हर विधानसभा में कम से कम एक पोलिंग बूथ को एक्सक्लूसिवली महिलाएं ही मैनेज करेंगे।

    6. वोटर्स अगर चुनाव में धांधली देंखे तो सी-विजिल (cVIGIL) ऐप पर शिकायत कर सकते हैं। आयोग तत्काल एक्शन लेगा।

    1. सभी चुनावकर्मियों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लगी होना जरूरी है। ऐहतियातन इन सभी को प्रिकॉशन डोज भी दी जाएगी। 2. सभी पोलिंग स्टेशन पर सैनिटाइजर्स, मास्क और थर्मल स्कैनर की सुविधा होगी। 3. कोरोना के मद्देनजर पोलिंग अफसर और बूथ दोनों को सुरक्षित रखा गया है। घबराने की बात नहीं है पर सावधानी बरतनी होगी।

     उत्तर प्रदेश में 7 चरणों में चुनाव होंगे। यहां पहले फेज की वोटिंग 10 फरवरी को होगी और आखिरी फेज की वोटिंग 7 मार्च को। यहां 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा+ को 325 सीटें मिली थीं। 2019 के लोकसभा चुनाव में 80 सीटों में से भाजपा प्लस को 64 सीटें मिली थीं। दोनों ही चुनावों में सबसे खराब परफॉर्मेंस कांग्रेस की थी। जिसे 2017 के विधानसभा चुनाव में उसे 7 सीटें और 2019 लोकसभा चुनाव में महज एक सीट मिली थी।

    पंजाब में एक फेज में चुनाव होंगे। वोटिंग 14 फरवरी को होगी। यहां 2017 के विधानसभा चुनाव में कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुआई में कांग्रेस सरकार ने वापसी की थी। कांग्रेस ने भाजपा-अकाली सरकार को सत्ता से बेदखल किया था। कांग्रेस को इन चुनावों में 117 में से 77 सीटें यानी स्पष्ट बहुमत मिला था। 2019 के चुनाव में भी कांग्रेस ही सबसे ज्यादा सीटें हासिल करने वाली पार्टी थी। उसे लोकसभा चुनाव में 8 सीटें मिली थीं।

    उत्तराखंड में

    भी एक ही फेज में 14 फरवरी को चुनाव होंगे। यहां पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत मिली थी। उसे 70 सीटों में से 57 सीटें मिली थीं। उसका वोट शेयर कांग्रेस के मुकाबले करीब दोगुना ज्यादा 61.7% था। इस बार के चुनाव में भाजपा को अंदरूनी कलह और मजबूत विपक्ष से निपटना होगा। हालांकि, यही चुनौती कांग्रेस के लिए भी है।

    गोवा में भी एक ही चरण में 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। 2017 के विधानसभा चुनाव में गोवा की 40 सीटों में से भाजपा ने 13 सीटें जीती थीं और कांग्रेस ने 17 पर सरकार बनाने के मामले में भाजपा ने बाजी मार ली थी। भाजपा ने एमएजी और अन्य पार्टियों के सहारे सरकार बना ली थी। पिछली बार आम आदमी पार्टी को कोई भी सीट नहीं मिली थी, जो इस बार पूरी ताकत से मैदान में उतरी है।

     

     

     

     

     

     

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision