
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
Google Analytics —— Meta Pixel
रायपुर / शौर्यपथ / पंचायतएवं ग्रामीण विकास मंत्री टी.एस. सिंहदेव रेडियो पर 25 अक्टूबर को प्रसारित होने वाले 'हमर ग्रामसभा' कार्यक्रम में श्रोताओं के सवालों के जवाब देंगे। वे 25 अक्टूबर को शाम साढ़े सात बजे से आठ बजे तक आकाशवाणी रायपुर से प्रसारित इस विशेष कार्यक्रम में पत्र, एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से श्रोताओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देंगे। मंत्री सिंहदेव कार्यक्रम में राज्य शासन की नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में श्रोताओं की जिज्ञासाओं का भी समाधान करेंगे। कार्यक्रम को मीडियम वेब 981 किलोहर्ट्ज पर सुना जा सकता है। प्रदेश में स्थित आकाशवाणी के सभी केन्द्र एक साथ इस कार्यक्रम को रिले करेंगे।
उल्लेखनीय है कि विभागीय योजनाओं की जानकारी देने और इनका लाभ उठाने लोगों को प्रेरित करने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा द्वारा तैयार साप्ताहिक रेडियो कार्यक्रम ‘हमर ग्रामसभा’ का आकाशवाणी रायपुर द्वारा हर रविवार शाम साढ़े सात बजे से आठ बजे तक प्रसारण किया जाता है।
रायपुर / शौर्यपथ / स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा ’निष्ठा’ ऑनलाइन प्रशिक्षण का आयोजन 26 अक्टूबर से प्रारंभ होगा। प्रशिक्षण में कक्षा पहली से 8वीं तक के शिक्षक और शाला प्रमुख शामिल होंगे। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला ने निष्ठा ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजन के संबंध में समस्त कलेक्टरों को निर्देश जारी किए है। जिलों में 26 अक्टूबर से पूर्व निष्ठा प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कक्षा पहली से 8वीं तक के सभी शिक्षकों का ऑनलाइन पंजीयन दीक्षा एप में अनिवार्य रूप से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
जिला कलेक्टरों को जारी निर्देश में कहा गया है कि स्कूल शिक्षा विभाग भारत सरकार की गाइडलाइन अनुसार कक्षा पहली से 8वीं तक के समस्त शिक्षकों और शाला प्रमुखों को एनसीईआरटी द्वारा निर्धारित 18 माड्यूल पर निष्ठा ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। कक्षा पहली से 8वीं तक के छत्तीसगढ़ राज्य के एक लाख 34 हजार 599 शिक्षकों और शाला प्रमुखों का क्षमता संवर्धन और नेतृत्व करने के गुणों का विकास किया जाना है।
निष्ठा अंतर्गत शिक्षकों का ऑनलाइन पंजीयन दीक्षा पोर्टल पर प्रारंभ हुआ है। प्रत्येक 15 दिवस में 3 मॉड्यूल पर प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। इस प्रकार की सभी 18 मॉड्यूल के प्रशिक्षणों को तीन महीने में पूर्ण किया जाएगा। इसके बाद भी संबंधित शिक्षकों को निष्ठा अंतर्गत प्रशिक्षण पूर्णता का प्रमाण-पत्र के सफलतापूर्वक पूर्ण करने के उपरांत दीक्षा पोर्टल के माध्यम से जारी किया जाएगा। प्रत्येक मॉड्यूल के लिए भी पूर्णता प्रमाण पत्र दीक्षा पोर्टल के माध्यम से जारी किया जाएगा।
कवर्धा / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री बघेल के मंशानुरूप व वनमंत्री मोहम्मद अकबर ने निर्देश पर वन विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ के भोरमदेव वन्य प्राणी अभ्यारण और मध्य प्रदेश के कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के सीमावर्ती क्षेत्रों में वन्य प्राणी बारहसिंघा के लिए उपयुक्त आवास और नैसर्गिक प्रजनन क्षेत्र की संभावना की दृष्टि से खरपतवार उन्मूलन, स्थाई घास मैदान और पीने के पानी की पर्याप्त सुविधा विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस तारतम्य में वन मंत्री श्री अकबर के निर्देशानुसार प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) पी.वी. नरसिंगराव ने कबीरधाम जिले के भोरमदेव वन्य प्राणी अभ्यारण का कार्य प्रगति का जायजा लेने निरीक्षण किया।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्य प्राणी अभिरक्षक नरसिंगराव ने निरीक्षण के दौरान भोरमदेव अभ्यारण की तरफ से सीमावर्ती क्षेत्र में स्पष्ट रूप से मुनारा से 10 मीटर अग्नि सुरक्षा रेखा के साथ-साथ सीमांकन का सुझाव वन मंडलाधिकारी को दिया गया। क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान उन्होने स्थाई संपत्तियों के रखरखाव और शाकाहारी वन्य प्राणियों के लिए अभ्यारण में स्थाई घास के मैदान विकसित करने संबंधी मार्गदर्शन दिया। वर्तमान में अभ्यारण में उपलब्ध विभिन्न घास प्रजातियों के बीज इकट्ठा कर उनको नर्सरी के माध्यम से या सीधे तौर पर घास मैदानों में लगाने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों के अंतर्गत बनाए गए रपटा, साल्ट लिक, स्टॉप डैम, मिट्टी और मुरुम के बने वन मार्गों का भी निरीक्षण किया।
राजनांदगाँव / शौर्यपथ / आबकारी मंत्री कवासी लखमा के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब पर सख्त कार्यवाही कर रही है। इसी क्रम में जिला राजनांदगांव के आबकारी विभाग ने घोरदा से रीवागहन मार्ग में वाहन चेकिंग के दौरान 24 अक्टूबर को अवैध मदिरा परिवहन करते मोटर-सायकल को पकड़ा और अवैध देशी शराब 17.28 बल्क लीटर जप्त किया तथा 23 अक्टूबर को थाना जोब क्षेत्र में 47.7 बल्क लीटर अवैध शराब जप्त किया है।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से अवैध शराब की सूचना मिलते ही कलेक्टर राजनांदगांव टोपेश्वर वर्मा के मार्गदर्शन में सहायक आयुक्त आबकारी अधिकारी राजनांदगांव के निर्देशन में 24 अक्टूबर को आबकारी विभाग की टीम ने घोरदा से रीवागहन मार्ग में डोंगरगढ़ निवासी सुनील बोरकर एवं अनमोल सांगेड़े से 96 पाव देशी शराब सोनी सौंप केवल महाराष्ट्र में विक्रय हेतु वैध का लेबल लगा प्रत्येक पाव में 180 एमएल 17.28 लीटर जप्त किया गया है। आबकारी विभाग ने 23 अक्टूबर को जयतुरा गोंड़ से 265 पाव देशी शराब फिरकी संत्री केवल महाराष्ट्र में विक्रय हेतु वैध का लेबल लगा प्रत्येक पाव में 180 एमएल मात्रा 47.7 बल्क लीटर जप्त कर किया गया। छापामार कार्रवाही में सहायक आबकारी अधिकारी सहित कर्मचारीगण शामिल थे।
रायपुर / शौर्यपथ / राज्य के बारनवापारा अभ्यारण्य क्षेत्र के अंतर्गत वन्यप्राणी सांभर के अवैध शिकार के प्रकरण में सभी 5 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है। इस संबंध में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) अरूण पाण्डेय ने बताया कि विगत दिवस 22 अक्टूबर को वन विभाग की टीम द्वारा मुखबीर से प्राप्त सूचना के आधार पर ग्राम चरौदा के श्री अनूप दीवान तथा ग्राम पकरीद निवासी लोकनाथ दीवान के घर में तलाशी लेकर सांभर का मास जब्त किया गया। इसमें संलिप्त सभी 5 आरोपियों लोकनाथ दीवान, अनूप दीवान, पुष्पराज ठाकुर, श्रवण ठाकुर तथा दिलीप कुमार ठाकुर के विरूद्ध बारनवापारा अभ्यारण्य द्वारा वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। इसके उपरांत आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को जेल भेजा गया है। वनमण्डलाधिकारी बलौदाबाजार आलोक तिवारी तथा अधीक्षक बारनवापारा अभ्यारण्य आर.एस. मिश्रा के निर्देशन में गठित टीम में परिक्षेत्र अधिकारी श्री कृषाणु चन्द्रकार तथा सुरेन्द्र कुमार सिदार, विजय निषाद आदि विभागीय अमले का उक्त कार्रवाई में सराहनीय योगदान रहा।
रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को दशहरा पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री बघेल ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की जीत का प्रतीक है। दशहरा पर्व हमें सत्य के मार्ग पर चलने की हिम्मत और साहस देता है, हमें विश्वास दिलाता है कि सत्य के मार्ग में कितनी भी परेशानियां और कठिनाईयां क्यों न हो, विजय सदा सत्य की होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि आज पूरे विश्व के समक्ष कोरोना संकट की चुनौती है, इस संकट पर विजय पाने के लिए हमें अपने दैनिक जीवन में कोरोना से बचाव की गाइड लाइन का स्वयं पालन करने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने की जरूरत है। मास्क लगाने, फिजिकल डिस्टेंटिग और साबुन या सेनेटाइजर से बार-बार हाथ धोने जैसे उपायों से ही कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहा जा सकता है और इस महामारी पर विजय प्राप्त की जा सकेगी।
रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लोकवाणी में इस बार "बालक-बालिकाओं की पढ़ाई, खेलकूद, भविष्य आदि " विषय पर प्रदेशवासियों से बात करेंगे।
इस संबंध में 16 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिकाएं आकाशवाणी रायपुर के दूरभाष नंबर 0771-2430501, 2430502, 2430503 पर 28, 29 एवं 30 अक्तूबर को अपरान्ह 3 से 4 बजे के बीच फोन करके अपने सवाल रिकाॅर्ड करा सकते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मासिक रेडियो वार्ता लोकवाणी की 12वीं कड़ी का प्रसारण 8 नवंबर को होगा। लोकवाणी का प्रसारण छत्तीसगढ़ स्थित आकाशवाणी के सभी केंद्रों,एफएम रेडियो और क्षेत्रीय समाचार चैनलों से सुबह 10.30 से 11 बजे तक होगा I
नई दिल्ली / शौर्यपथ / बक्सर बिहार विधानसभा चुनाव का प्रचार जोरों पर है. चुनावों में शिक्षा, चिकित्सा दशकों से एक मुद्दा रहा है. केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे भी अपने संसदीय क्षेत्र बक्सर में चुनाव प्रचार में जुटे हैं. उनके संसदीय इलाके में स्वास्थ्य सेवाओं की सेहत कैसी है? एनडीटीवी ने इसका जायजा ग्राउंड जीरो पर लिया. बक्सर का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल सदर अस्पताल है. इस अस्पताल के अंदर स्वास्थ्य मंत्री के लोकार्पण का चमचमाता बोर्ड लगा है...लेकिन बोर्ड से कुछ ही दूरी पर मनीष की मां को ऑक्सीजन लगे होने के बावजूद रह-रह कर उनकी सांस उखड़ रही है. मनीष ने बक्सर से 40 किलोमीटर दूर मोरारका कस्बे से बीमार मां को जिला अस्पताल में दाखिल कराया है लेकिन यहां वेंटीलेटर न होने से अब डॉक्टर उन्हें 135 किमी दूर पटना रेफर कर रहे हैं.
मनीष इससे परेशान हैं. वो कहते हैं, "यह स्वास्थ्य मंत्री का इलाका है लेकिन एक वेंटीलेटर तक नहीं है. डाक्टर बोल रहे हैं , पटना लेकर जाओ. मेरे पास पटना ले जाने की क्षमता नहीं है." सदर अस्पताल से करीब पांच किमी दूर बक्सर का वेलनेस सेंटर है. यहां स्वास्थ्य राज्य मंत्री के एक-दो नहीं, बल्कि तीन-तीन उद्घाटन बोर्ड लगे हैं. पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का फिर उसी बिल्डिंग में वेलनेस सेंटर का उदघाटन हुआ.
स्थानीय पत्रकार पुष्पेंद्र बताते हैं कि यहां स्वास्थ्य ATM वैन का उद्घाटन हुआ लेकिन उसके बाद से ही वैन गायब है. इसके लिए FIR भी हुई लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकल सका है. वेलनेस सेंटर के अंदर मॉडर्न टीकाकरण का कमरा जरूर शानदार है लेकिन हेल्थ ATM खराब पड़ा है. वेलनेस सेंटर के सामने ब्लड बैंक है लेकिन उसकी बिल्डिंग की हालत जर्जर है. खून देने वालों को खरीदकर पानी तक लाना पड़ता है.
ब्लड बैंक वाली बिल्डिंग की पूरी छत टपकती है. जो भी लोग वहां खून देने आते हैं उन्हें छाता लगाकर खड़ा रहना पड़ता है. अगर बिजली चली गई तो लोगों को ही जनरेटर स्टार्ट करना पड़ता है. कोविड सेंटर के बारे में पूछने पर पता चला कि सेंटर को बंद करके सदर अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है लेकिन यहां कोविड टेस्ट कराना आसान नहीं है. लोग कहते हैं कि कर्मचारी यहां-वहां भटकाते हैं. फिर भटकने के बीद जांच में तीन घंटे लग जाते हैं. जैसी अस्पतालों की स्थिति है, वैसी ही डॉक्टरों की उपलब्धता भी है. बक्सर में 191 डॉक्टरों की जगह केवल 130 डॉक्टर ही कार्यरत हैं.
नई दिल्ली / शौर्यपथ / बेंगलुरु कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शुक्रवार को पूरी रात मूसलाधार बारिश हुई, जिसके चलते शहर के विभिन्न हिस्सों और आसपास के इलाकों में जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया. हालात ऐसे हो गए कि गलियों में बाढ़ सा नजारा दिखने लगा और सड़कों पर वाहन पानी की तेज धारा में बहते दिखे. 30 सेकंड के वीडियो में एक कार पानी की तेज धारा में बहती हुई दिखाई दे रही है. कथित तौर पर यह वीडियो बेंगलुरु के बाहरी इलाके में होसाकेरेहल्ली क्षेत्र का बताया जा रहा है.
बेंगलुरु में शुक्रवार को दोपहर 2.30 से शाम 5.30 बजे तक 13.2 मिलीमीटर बारिश हुई. इसके बाद कई इलाकों में बाढ़ जैसा नजारा देखने को मिला. वीडियो में दिखाई पड़ रहा है कि राजधानी के निचले इलाकों में गाड़ियां पानी में बह गईं. कई जगहों पर कई फुट पानी होने की वजह से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई.
इसके अलावा, बेंगलुरु में 15 दिन के बच्चे की कुछ लोगों द्वारा जान बचाए जाने का वीडियो भी वायरल हो रहा है. वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक शख्स 15 दिन के बच्चे को हाथ में उठाकर पानी से बचाता हुआ ले जा रहा है और फिर उस बच्चे को एक महिला को सौंप देता है. बाद में उस शख्स को दूसरे बाढ़ प्रभावित घर की ओर जाते देखा जा रहा है. इस दौरान, पास ही खड़े कुछ अन्य लोग उसे निर्देश दे रहे हैं.
उस युवक ने दक्षिण बेंगलुरु इलाके में बाढ़ से प्रभावित घर में फंसी एक बच्ची को भी बचाया. बेंगलुरु में पूरी रात हुई बारिश से सड़कें पानी में डूब गई और लोग अपना घर छोड़कर जाने के लिए मजबूर हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, "हल्की से मध्यम" बारिश की वजह से बेंगलुरु ग्रामीण, बेंगलुरु शहर, टुमकुर कोलार, चिक्कबल्लापुर, हासन और दक्षिण कन्नड़ जिलों में कई इलाकों में बाढ़ आ गई." मौसम विभाग के मुताबिक, बेंगलुरु शहर में आज हल्की से मध्यम वर्षा होने की आशंका है.
नई दिल्ली/शौर्यपथ / ग्रेटर नोएडा केंद्र सरकार ने दुर्गम चोटियों पर देश की सुरक्षा में मुस्तैद और कोरोना वायरस की महामारी के खिलाफ भी आईटीबीपी की मोर्चेबंदी की सराहना की है. भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की स्थापना के 58 साल पूरे होने पर गृह राज्य मंत्री किशन रेड्डी ने सुरक्षा बल की सेवा और समर्पण की प्रशंसा की.
आईटीबीपी की स्थापना दिवस समारोह ग्रेटर नोएडा में मनाया गया. 59वें Foundation Day पर मुख्य अतिथि रेड्डी ने आईटीबीपी के शहीदों को श्रद्धांजलि दी. रेड्डी ने कहा कि आईटीबीपी देश के हिमालयी क्षेत्रों में दुर्गम अग्रिम चौकियों की चौकसी से सुरक्षा कर रही है. आईटीबीपी कोविड-19 की महामारी के दौरान भी पूरे समर्पण से सेवा दे रही है. क्वारंटाइन केंद्र बनाने से लेकर विश्व के सबसे बड़े कोविड केयर सेंटर तक स्थापित करने तक मिसाल कायम की है.
आईटीबीपी के महानिदेशक एसएस देसवाल ने ने सुरक्षाबल की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला. इस मौके पर आईटीबीपी के अनेकों पदाधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से विभूषित किया गया. आईटीबीपी के अपर महानिदेशक अमृत मोहन प्रसाद ने धन्यवाद भाषण में कहा कि आईटीबीपी देश की सुरक्षा और सेवा के लिए हमेशा समर्पित है.
विभिन्न क्षेत्रों में आईटीबीपी की बटालियन को उत्कृष्ट कार्य के आधार 10वीं वाहिनी को सर्वश्रेष्ठ बॉर्डर बटालियन, 26वीं वाहिनी को सर्वश्रेष्ठ नॉन बॉर्डर बटालियन और 53वीं वाहिनी को सर्वश्रेष्ठ एएनओ बटालियन, 36वीं वाहिनी को सर्वश्रेष्ठ ग्रीन बटालियन, और 41 वीं वाहिनी को स्वच्छता के लिए सर्वोत्तम बटालियन घोषित किया गया और ट्राफी देकर सम्मानित किया गया.
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
