Google Analytics —— Meta Pixel
June 02, 2026
Hindi Hindi
शौर्यपथ

शौर्यपथ

नई दिल्ली / शौर्यपथ / विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक इंटरव्यू में भारत-चीन संबंधों पर बात करते हुए कहा है कि दोनों देशों के बीच 1962 के युद्ध के बाद से सबसे ज्यादा गंभीर हालात बने हुए हैं. Rediff.com के साथ एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, 'यह निश्चित रूप से 1962 के बाद सबसे ज्यादा गंभीर स्थिति है. यहां तक कि 45 सालों में पहली बार बॉर्डर पर जवानों की जान गई है. LAC पर दोनों सीमाओं पर जितनी बड़ी संख्या में सेना तैनात है, वो भी इसके पहले कभी नहीं हुआ है.' बता दें कि पूर्वी लद्दाख में दोनों देशों के बीच तनाव के बीच सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर कई राउंड में बातचीत हुई है लेकिन इसके बाद अभी तक यहां से कुछ ही इलाकों में डिस्इंगेजमेंट प्रक्रिया पूरी हो पाई है. विदेश मंत्री अपनी किताब ''The India Way: Strategies for an Uncertain World'' के रिलीज होने के पहले यह बातचीत कर रहे थे.
दोनों देशों की सेनाएं 20 मई के बाद से ही स्टैंडऑफ की स्थिति में हैं. 15 जून को दोनों देशों के जवानों के बीच गलवान घाटी में हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें 20 भारतीयों जवानों ने अपना जान दे दी थी. इसके बाद चीन के खिलाफ गुस्सा भड़का और अब दोनों देशों की ओर से बातचीत करके मामला शांत करने की कोशिशें हो रही हैं.

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत चीन को 'साफ-साफ' बता चुका है कि सीमा पर शांति बनाए रखना दोनों देशों के रिश्तों की आधारभूत शर्त है. उन्होंने कहा, 'अगर हम पिछले तीन दशकों पर नजर डालें तो यह स्पष्ट है कि सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर कई राउंड की बातचीत के बावजूद भारत और चीन की सेनाएं पिछले साढ़े तीन महीनों से ज्यादा के वक्त से पूर्वी लद्दाख में आमने-सामने खड़ी हैं.'

उन्होंने कहा कि इतिहास में सीमा पर तनाव के मामलों में कूटनीति का सहारा लिया जाता रहा है. उन्होंने कहा, 'आप पिछले दशक को देखों तो सीमा विवाद को लेकर कई मामले सामने आए हैं- देस्पांग, चुमार और डोकलाम. हां, एक तरीक से देखें तो ये सारे मामले एक-दूसरे से अलग थे. यह मामला तो बिल्कुल अलग है, लेकिन जो एक बात सबमें एक जैसी है, वो ये कि ये सारे विवाद कूटनीति के सहरे सुलझाए गए हैं.'

एस जयशंकर ने कहा कि चीन के साथ निकलने वाला समाधान सभी समझौतों का सम्मान करते हुए और यथास्थिति को बरकरार रखने की कोशिश के तहत होना चाहिए. उन्होने कहा, 'जैसा कि आप जानते हैं, हम चीन से सैन्य और कूटनीतिक चैनलों के जरिए बात कर रहे हैं. दरअसल, ये दोनों चीजें साथ चल रही हैं.'

बता दें कि चीन और भारत के बीच पश्चिम में लद्दाख की बर्फीली चोटियों से लेकर पूर्व में घने जंगलों और पहाड़ों तक फैली 3,488 किलोमीटर लंबी सीमा को लेकर विवाद है, इसपर सालों से बातचीत हो रही है, लेकिन अभी तक इसपर कोई हल नहीं निकल सका है.

 

नई दिल्ली / शौर्यपथ / कटक ओडिशा हाईकोर्ट ने अपने एक आदेश में एक समलैंगिक जोड़े को लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने की इजाजत दे दी है. कोर्ट ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि अलग-अलग लैंगिक पहचान के बावजूद, हर इंसान को अपने अधिकारों का पूर्ण लाभ लेने का हक है. जस्टिस एस के मिश्रा और जस्टिस सावित्री राथो की खंड पीठ ने इस हफ्ते की शुरुआत में 24 साल के ट्रांसमैन (जो जन्म के वक्त महिला थी) की बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका (habeas corpus petition) पर सुनवाई करते हुए कहा कि, 'राज्य को उनको हर प्रकार का संरक्षण देना चाहिए जिसमें जीवन का अधिकार, कानून के समक्ष समानता का अधिकार और कानून का समान संरक्षण शामिल होना चाहिए.'
अपनी पहचान एक पुरुष के तौर पर करने वाले याचिकाकर्ता ने कहा कि उसके साथी की मां और रिश्तेदार उसे जबरन जयपुर ले गए थे और उसकी शादी दूसरे व्यक्ति के साथ तय कर दी जिससे उसे अदालत का रुख करना पड़ा.

बेंच की अध्यक्षता कर रहे न्यायमूर्ति एस के मिश्रा ने फैसला दिया कि जोड़े को अपनी यौन प्राथमिकता पर फैसला लेने का अधिकार है और जयपुर पुलिस अधीक्षक को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया कि याचिकाकर्ता की साथी भुवनेश्वर में उसके साथ रह सके. उन्होंने कहा कि महिला की मां और बहन को याचिकाकर्ता के घर पर महिला से मिलने की इजाजत दी जाएगी.

जस्टिस सावित्री राथो ने कहा कि दोनों को पसंद की स्वतंत्रता मिली है, जिन्होंने साथ रहने का फैसला किया है. बेंच ने यह भी कहा कि न्यायिक हस्तक्षेप पर महिला भले ही याचिकाकर्ता के साथ रह सकती है लेकिन अगर वह याचिकाकर्ता के साथ न रहकर अपनी मां के पास वापस जाना चाहे तो उसपर कोई रोक नहीं होगी.

 

नई दिल्‍ली / शौर्यपथ / सुप्रीम कोर्ट ने उद्योगपति विजय माल्या की उस याचिका पर बृहस्पतिवार को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया जिसमें अदालत की अवमानना मामले में 2017 में सुनाए गए आदेश पर पुनर्विचार का अनुरोध किया गया था. दरअसल भगोड़े कारोबारी माल्या ने शीर्ष न्यायालय के 9 मई 2017 के उस आदेश पर पुनर्विचार के लिए याचिका दायर की थी, जिसमें उसे न्यायिक आदेशों को दरकिनार कर अपने बच्चों के खातों में चार करोड़ अमेरिकी डॉलर स्थानांतरित करने पर अदालत की अवमानना का दोषी करार दिया गया था.
जस्टिस यूयू ललित और न्यायमूर्ति अशोक भूषण ने मामले में दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया. न्यायालय ने जून में अपनी रजिस्ट्री को यह बताने के लिये कहा था कि बीते तीन साल में माल्या की पुनर्विचार याचिका को संबंधित अदालत के समक्ष सूचीबद्ध क्यों नहीं किया गया. उसने रजिस्ट्री को बीते तीन साल में याचिका से संबंधित फाइल को देखने वाले अधिकारियों के नामों समेत सभी जानकारी मुहैया कराने के लिये कहा था.

गौरतलब है कि नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक के बैंक कर्ज धोखाधड़ी मामले में आरोपी माल्या फिलहाल ब्रिटेन में है.शीर्ष अदालत ने 2017 में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के नेतृत्व वाले बैंकों के समूह की याचिका पर वह आदेश दिया था. याचिका में कहा गया था कि माल्या ने कथित रूप से विभिन्न न्यायिक आदेशों का ''खुलेआम उल्लंघन'' कर ब्रिटिश कंपनी डियाजियो से प्राप्त चार करोड़ अमेरिकी डॉलर अपने बच्चों के खातों में स्थानांतरित किये थे.

 

शौर्यपथ / अमेरिका में कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय (यूसी)- डेविस के वैज्ञानिकों ने एक नए अध्ययन में दावा किया है कि पशुओं की कई प्रजातियां कोरोना महामारी की चपेट में आ सकती हैं। अध्ययन के अनुसार कोविड-19 बीमारी का कारण बनने वाले कोरोना वायरस के संभावित खतरे का सामना करने वाली एकमात्र प्रजाति मनुष्य नहीं है। पशुओं की कई प्रजातियों को भी बड़ा खतरा है।
अध्ययन के अनुसार कई गंभीर रूप से लुप्तप्राय प्रजातियां जैसे कि पश्चिमी गोरिल्ला, ऑरंगुटन और गाल पर सफेद बाल वाले काले लंगूर आदि वायरस से संक्रमण के लिए अतिसंवेदनशील हो सकते हैं। समुद्री स्तनधारियों जैसे ग्रे व्हेल और बॉटलनोज डॉल्फिन के साथ-साथ चीनी हैम्स्टर में भी वायरस के उच्च जोखिम में हैं।
वैज्ञानिकों ने कहा कि घरेलू पशुओं में बिल्लियों, मवेशियों और भेड़ों में एक मध्यम जोखिम पाया गया, जबकि कुत्तों, घोड़ों और सूअरों के लिए कम जोखिम है। वैज्ञानिकों ने एसीई-2 रिसेप्टर प्रोटीन की संरचना की तुलना करने के लिए जीनोमिक विश्लेषण का उपयोग किया। जो कोरोना वायरस, मछली सहित उभयचर, सरीसृप और स्तनधारी कशेरुकी जीवों की 410 विभिन्न प्रजातियों की कोशिकाओं में प्रवेश करने के लिए उपयोग करता है।
पीएनएएस नामक पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, एसीई-2 सामान्य रूप से कई अलग-अलग प्रकार की कोशिकाओं और ऊतकों में पाया जाता है, जिसमें नाक, मुंह और फेफड़ों की बाहरी परत को शामिल करने वाली कोशिकाएं शामिल हैं। अध्ययन के प्रमुख लेखक हैरिस लेविन ने कहा, हमें उम्मीद है कि यह उन प्रतिक्रियाओं को प्रेरित करेगा, जो महामारी के दौरान पशु और मानव स्वास्थ्य दोनों की रक्षा करती हैं।

 

खाना खजाना / शौर्यपथ / अक्सर मन कुछ चटपटा खाने का करता है। ऐसे में बाहर से कुछ खाने की बजाय आप घर में ही भरवा चीज मिर्ची रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। यह रेसिपी उन लोगों को खासतौर पर पसंद आएगी, जो तीखा या चटपटा खाने के शौकीन लोगों को खासतौर पर पसंद आएगी-

विधि:
5 हरी मिर्च
20 ग्राम पनीर
10 ग्राम जालपीनो
10 ग्राम अजवायन
10 ग्राम सफेद मिर्च पाउडर
आवश्यकतानुसार ब्रेड क्रम्ब्स
आवश्यकतानुसार पानी
20 ग्राम चेडर चीज़
10 ग्राम शिमला मिर्च (हरी मिर्च)
10 ग्राम मिर्च साबुत
10 ग्राम काली मिर्च
30 ग्राम बेसन (बेसन)
तलने के लिए तेल

विधि :
इस स्वादिष्ट रेसिपी को तैयार करने के लिए, मिर्च और शिमला मिर्च को पानी से धोएं फिर, हरी मिर्च को सेंटर से, लम्बाई में और शिमला मिर्च को डाइस करें। एक गहरी तली का पैन लें और मध्यम आंच पर रखकर उसमें पानी उबालें। अब मिर्च को इस खोलते हुए पानी में 1 मिनट के लिए डाल दें। एक मिनट बाद इन्हें बाहर निकालें और ठंडे पानी में धो लें।
एक बड़ा कटोरा लें और उसमें चीज़ और पनीर को पीस लें। अगर आपके पास चीज नहीं है, तो आप सिर्फ पनीर से भी काम चला सकते हैं
इस मिश्रण में सफेद काली मिर्च पाउडर, काली मिर्च और अजवायन के साथ घिसी हुई शिमला मिर्च, जालपैनो और चिली फ्लेक्स डालें। इस मिश्रण से मिर्च को स्टफ करें और एक तरफ रख दें।
एक बाउल लें और उसमें बेसन को पानी में मिलाएं। इस मिश्रण को कुछ गाढ़ा बनाएं ताकि इसमें मिर्च डुबोने पर यह मिर्च को कवर करते हुए चिपक जाए। अब एक अलग बोल में ब्रेड का चूरा डालें और एक तरफ रख दें
एक कढ़ाही लें और उसे मध्यम आंच पर गर्म करें। अब उसमें तलने के लिए तेल गरम करें। इस बीच, भरवां मिर्च लें और उन्हें बैटर और फिर ब्रेड क्रम्ब्स में डिप करें। जब तेल पर्याप्त गर्म हो जाए तो ध्यान से मिर्च को कढ़ाही में डालें और उन्हें सुनहरा भूरा होने तक तलें।
अच्छी तरह तल जाने पर इन्हें एक प्लेट में निकालें। इस प्लेट में पहले ही टिश्यू पेपर बिछाकर रख लें ताकि यह एक्स्ट्रा ऑइल सोख ले। अब इन्हें गर्मागर्म ही हरी और लाल चटनी के साथ सर्व करें।

 

 

सेहत / शौर्यपथ / काली मिर्च मसालों में एक ख़ास जगह रखता है। इसके इस्तेमाल से खाने का स्वाद बढ़ जाता है. आयुर्वेद में भी काली मिर्च को एक औषधि और जड़ी-बूटी माना जाता हैं। यही वजह है कि कोरोना वायरस महामारी से बचाव के लिए काली मिर्च को इम्युनिटी बूस्टर माना जाता है। काली मिर्च के कई फायदे हैं, जिनके बारे में जानकार आप इसका लाभ उठा सकते हैं।

काली मिर्च में पैपरीन नामक तत्व पाया जाता है। यह तत्व औषधीय गुणों से भरपूर है। इसमें आयरन, पोटैशियम, मैग्नीशियम, मैंग्नीज, जिंक, क्रोमियम, विटामिन ए और अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं।

सर्दी-खांसी होने पर 8-10 काली मिर्च, 10-15 तुलसी के पत्ते मिलाकर चाय बनाकर पीने से आराम मिलता है।
100 ग्राम गुड़ पिघला कर 20 ग्राम काली मिर्च का पाउडर उसमंप मिलाएं। थोड़ा ठंडा होने पर उसकी छोटी-छोटी गोलियां बना लें। खाना खाने के बाद 2-2 गोलियां खाने से खांसी में आराम मिलता है।
दो चम्मच दही, एक चम्मच चीनी और 6 ग्राम पिसी काली मिर्च मिलाकर चाटने से काली और सूखी खांसी में आराम मिलता है।
एक चम्मच शहद में 2-3 पिसी काली मिर्च और चुटकी भर हल्दी मिलाकर खाने से जुकाम में बनने वाले कफ से राहत मिलेगी।
नाक में एलर्जी होने पर 10-10 ग्राम सोंठ, काली मिर्च, पिसी इलायची और मिश्री को पीस कर चूर्ण बना लें। इसमें बीज निकला 50 ग्राम मुनक्का और तुलसी के 10 पत्ते पीसकर डालें और अच्छी तरह मिला लें। इस मिश्रण की 3-5 ग्राम की गोलियां बनाकर छाया में सुखा लें। सुबह-शाम 2-2 गोलियां गर्म पानी के साथ लें।
पिसी काली मिर्च पुराने गुड़ के साथ खाने से नाक से बहता खून बंद हो जाता है।
गला बैठ गया है, तो 7 काली मिर्च और 7 बताशे रात को सोने से पहले चबाकर खाएं।
बुखार में तुलसी, काली मिर्च और गिलोय का काढ़ा पीना फायदेमंद होता है।
फेफड़े और सांस नली में संक्रमण होने पर काली मिर्च और पुदीने की चाय का सेवन करें। इसके अलावा पिसी काली मिर्च, घी और मिश्री बराबर मात्रा में मिलाएं। सुबह-शाम एक-एक चम्मच लें, लाभ होगा।
काली मिर्च और काला नमक दही में मिलाकर खाने से पाचन संबंधी विकार दूर होते हैं। छाछ में काली मिर्च का चूर्ण मिलाकर पीने से पेट के कीटाणु मरते हैं और पेट की बीमारियां दूर होती हैं।
पेट में गैस की समस्या होने पर एक कप पानी में आधा नीबू का रस, आधा चम्मच पिसी काली मिर्च और आधा चम्मच काला नमक मिला कर पिएं।
कब्ज होने पर 4-5 काली मिर्च के दाने दूध के साथ रात में लेने से आराम मिलता है।
बदहजमी होने पर कटे नीबू के आधे टुकड़े के बीज निकाल कर काली मिर्च और काला नमक भरें। इसे तवे पर थोड़ा गर्म करके चूसें।
20 ग्राम काली मिर्च, 10 ग्राम जीरा और 15 ग्राम शक्कर या मिश्री पीस कर मिश्रण बना लें। इसे सुबह-शाम पानी के साथ फांक लें। बवासीर रोग में आराम मिलेगा।
काली मिर्च आंखों के लिए उपयोगी है। भुने आटे में देसी घी, काली मिर्च और चीनी मिला कर मिश्रण बनाएं। सुबह-शाम 5 चम्मच मिश्रण का सेवन करें।
नमक के साथ काली मिर्च मिलाकर दांतों में मंजन करने से पायरिया ठीक होता है। दांतों में चमक और मजबूती बढ़ती है।
मुंह से बदबू आती है, तो दो काली मिर्च रात को ब्रश करने से पहले चबा लें।
ब्लड पे्रशर काबू करने के लिए दिन में 2-3 बार 5-5 दाने काली मिर्च के साथ 20-20 दाने किशमिश का सेवन करें।
हाई ब्लड प्रेशर में आधा गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच काली मिर्च पाउडर घोल कर 2-2 घंटे
के अंतराल पर पीने से आराम मिलता है।
माइग्रेन होने पर एक कप दूध में एक चम्मच पिसी काली मिर्च और एक चुटकी हल्दी मिला कर उबाल कर पिएं।
काली मिर्च शहद में मिलाकर खाने से कमजोर याददाश्त में फायदा होता है।
चेहरे पर झाइयां होने पर एक गिलास गाजर के रस में नमक और पिसी काली मिर्च मिलाकर पीना फायदेमंद है।
चेहरे पर झाइयां होने पर काली मिर्च, जायफल और चंदन तीनों का पाउडर बराबर मात्रा में मिलाएं। 2-3 चुटकी पाउडर और थोड़ा पानी मिलाकर उबटन बनाएं। इसे चेहरे पर लगाएं। सूखने पर सादे पानी से चेहरा धो लें।
शरीर के किसी भी अंग में सूजन होने पर काली मिर्च का लेप लगाएं, आराम मिलेगा।

 

मनोरंजन / शौर्यपथ /सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई द्वारा की जा रही पूछताछ में शामिल होने के लिए रिया चक्रवर्ती का भाई शौविक चक्रवर्ती गुरुवार को डीआरडीओ के गेस्ट हाउस पहुंचे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह पहली बार है जब मामले की जांच कर रही सीबीआई रिया चक्रवर्ती के परिवार के किसी सदस्य से पूछताछ कर रही है। शौविक सांताक्रूज के कलीना स्थित डीआरडीओ के गेस्ट हाउस में सुबह करीब सवा 10 बजे एक कार में सवार होकर पहुंचे। मालूम हो कि यहीं पर सीबीआई के अधिकारी रुके हुए हैं।

पिछले हफ्ते उच्चतम न्यायालय ने सुशांत मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के फैसले को सही ठहराया था। शौविक से पहले, सीबीआई ने गुरुवार को सिद्धार्थ पिठानी को लगातार सातवें दिन पूछताछ के लिए बुलाया था। पिठानी सुशांत के साथ उनके घर में रहते थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पिठानी डीआरडीओ के गेस्ट हाउस में सुबह करीब 9 बजे एक कैब में सवार होकर पहुंचे थे। जांच एजेंसी ने बुधवार को भी पिठानी से 12 घंटे से भी अधिक समय तक पूछताछ की थी। सुशांत जिस वॉटरस्टोन रिजॉर्ट में कुछ समय के लिए रुके थे, वहां का मैनेजर भी बुधवार को डीआरडीओ के अतिथि गृह में आया था। बांद्रा पुलिस का एक दल भी बुधवार को यहां आया था और करीब एक घंटे रुका था।

गौरतलब है कि बांद्रा के मॉन्ट ब्लैंक अपार्टमेंट्स में 14 जून को 34 वर्षीय सुशांत की लाश उनके कमरे में मिली थी। घटना के वक्त पिठानी, खानसामा नीरज सिंह और घरेलू सहायक दीपेश सावंत घर में ही मौजूद थे। कूपर अस्पताल जहां पर सुशांत की अटॉप्सी हुई थी वहां बुधवार को सीबीआई का दल गया था।

जांच एजेंसी ने शुक्रवार को पिठानी और नीरज सिंह के बयान दर्ज किए थे। शनिवार को सीबीआई का दल पिठानी, नीरज और सावंत को लेकर सुशांत के फ्लैट पर गया था जहां 14 जून को हुई घटनाओं की कड़ियों को सिलसिलेवार समझने के लिए घटनाक्रम को री-क्रिएट किया गया। इसके बाद तीनों को रविवार को फिर से फ्लैट पर ले जाया गया और बाद में डीआरडीओ के गेस्ट हाउस में उनसे पूछताछ हुई।

 

खेल / शौर्यपथ / टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह का मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी में मैच को खत्म करने की जो स्किल्स थी, वो किसी और में नहीं है। इस मामले में उन्होंने धोनी को 'बीस्ट' बताया है। आरपी सिंह ने फिनिशर के तौर पर एक और खिलाड़ी का नाम लिया है, जिसने अपने देश को कई मैच जिताए और वो हैं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर माइकल बेवन, लेकिन साथ ही कहा कि धोनी जैसा कोई फिनिशर नहीं रहा है। अपने करियर में धोनी ने ज्यादातर नंबर-5 या नंबर-6 पर बल्लेबाजी की है।

'खुद धोनी नंबर-4 पर बल्लेबाजी करना चाहते थे'

आरपी सिंह का मानना है कि धोनी अगर बैटिंग ऑर्डर में ऊपर खेलने आते तो उनका रिकॉर्ड और भी बेहतर होता, लेकिन वो खुद लोअर ऑर्डर में खेले, जिससे वो दबाव में भी टीम को जीत दिला सकें। Cricket.com को दिए इंटरव्यू में आरपी सिंह ने कहा, 'अगर मैं गलत नहीं हूं तो धोनी ने एक इंटरव्यू में खुद कहा था कि वो नंबर-4 पर बल्लेबाजी करना चाहते हैं, लेकिन टीम ने सोचा था कि लोअर ऑर्डर में दबाव में उनसे बेहतर खेलने वाला और कोई नहीं है। अगर आप इस खेल के इतिहास के बारे में बात करें तो आपको कभी धोनी जैसा कोई खिलाड़ी नहीं मिलेगा, जिसने लोअर ऑर्डर में बल्लेबाजी करके अपनी टीम को इतना सारे मैच जिताए हों।'
'अब हम देखेंगे कि क्या वो सच में रिटायर हो गए हैं'

उन्होंने आगे कहा, 'हम माइकल बेवन के बारे में बात कर सकते हैं, लेकिन एमएस एकदम अलग तरह के 'बीस्ट' थे इस मामले में।' आरपी सिंह ने धोनी के ऑफ-फील्ड नेचर के बारे में भी बात की और कहा कि वो हमेशा से जमीन से जुड़े शख्स रहे हैं। उन्होंने कहा, 'वो हमेशा से जमीन से जुड़े व्यक्ति रहे हैं। हम इसकी शिकायत करते रहते हैं कि वो हमारे फोन कॉल्स नहीं उठाते, एक बार उन्होंने मुनफ पटेल और मुझसे कहा था, जब मैं रिटायर हो जाऊंगा तो आधी रिंग में ही फोन उठा लूंगा, अब हम देखेंगे कि क्या वो सच में रिटायर हो गए हैं।'

धर्म संसार / शौर्यपथ / बलरामजी को विष्णुजी बताते हैं कि उसे शक्ति माता दुर्गा ने वर दिया है। यदि तुम वध करोगे तो ये अनुचित होगा। इसीलिए शिवजी के आशीर्वाद से कामदेव ने श्रीकृष्‍ण के रूप में पृथ्‍वीलोक पर संभरासुर का वध करने के लिए जन्म लिया है जो सर्वथा उचित है। मैं अलग-अलग माध्यमों से अधर्मियों का संहार करता हूं इस समय में प्रद्युम्न के माध्यम से संभरासुर का वध करूंगा। यही विधि का विधान है बलराम। यही भगवान शिवजी की इच्‍छा है। इसलिए प्रद्युम्न के लिए आतंकित होने की कोई आवश्यकता नहीं है। बलराम वो सुरक्षित है बिल्कुल सुरक्षित। यह सुनकर बलरामजी प्रसन्न हो जाते हैं। फिर विष्णुजी कहते हैं- बलराम श्रीकृष्‍ण वासुदेव का कहना मानो अत: तुम्हें पानी रोकने की आवश्‍यकता नहीं है। इस पर बलरामजी कहते हैं- जैसी आपकी आज्ञा भगवन। फिर विष्णुजी कहते हैं- बलराम अब तुम मेरा ये दर्शन भूल जाओगे और यह भी भूल जाओगे की तुम शेषनाग का अवतार हो।

फिर श्रीकृष्ण और बलराम खुद को उसी नदी के किनारे खड़ा पाते हैं तब बलरामजी कुछ समझ नहीं पाते हैं कि ये हुआ क्या। तभी श्रीकृष्‍ण कहते हैं- दाऊ भैया अब आप हल निकाल लीजिये। यह सुनकर बलरामजी कहते हैं- हल! इस पर श्रीकृष्‍ण कहते हैं- हां दाऊ भैया हल निकाल लीजिये।..बलरामजी को कुछ समझ में नहीं आता है परंतु वे श्रीकृष्ण की आज्ञा मानकर हल निकाल लेते हैं तब सभी नदियों का प्रवाह पहले जैसा हो जाता है। फिर श्रीकृष्ण बलरामजी से कहते हैं- चलिये दाऊ भैया आइये। बलरामजी कुछ बोले बगैर ही उनके साथ हो लेते हैं।

उधर, संभरासुर जोर-जोर से हंसते हुए अपनी पत्नी से कहता है- और महारानी जिस कृष्ण ने हमसे हमारा पुत्र छीन लिया था हमने उससे उसका पुत्र छीन लिया है। काश आप देखती रानी कि कृष्ण की रानियां पुत्र शोक के कारण किस तरह से विलाप कर रही थीं। उन्हें शोकाकुल देखकर पुत्र वियोग के कारण मेरा शोकाकुल मन शांत हुआ था।

इधर, रुक्मिणी उदास बैठी रहती है अपने पुत्र वियोग में तो श्रीकृष्ण कहते हैं कि देवी अब ये भावुकता छोड़िये और इस नाटक से बाहर आइये। देखिये देवी हम जैसा चाहते थे वैसा ही हो गया। वाह देवी आपके अभिनय ने तो संभरासुर जैसे मायावी को भी धोखे में डाल दिया। यह सुनकर रुक्मिणी कहती हैं- वो अभिनय नहीं था भगवन, वो तो एक मां के दिल की वेदनाओं का प्रदर्शन था। मेरे आंसू झूठे नहीं थे। वह तो एक मां की आंखों में झलकने वाले ममता के मोती थे। इस पर श्रीकृष्‍ण कहते हैं कि देवी पृथ्‍वीलोक में निवास करने के बाद आप भी माया-मोह के चक्कर में उलझ गई।.. तब रु‍क्मिणी कहती हैं कि एक देवी के भीतर एक मां भी है। प्रद्युम्न और मेरा जब मिलन होगा तब वह बड़ा हो चुका होगा। उसका बचपन मेरे हाथ से फिसल गया है। जब वह पहली बार किसी को मां कहकर पुकारेगे तब मैं तो उसके पास भी नहीं होऊंगी भगवन।...इस तरह दोनों में वार्तालाप होता है।

बाद में रुक्मिणी और श्रीकृष्ण देखते हैं कि समुद्र में एक मछली के पेट के भीतर प्रद्युम्न है। यह देखकर रुक्मिणी कहती है वाह प्रभु! आपकी लीला अगाथ है। प्रद्युम्न को देखकर मेरा व्याकुल मन शांत हो गया। फिर यह बताया जाता है कि नाव में बैठे कुछ मछुआरे जाल डालकर उस मछली को पकड़ लेते हैं जिसने प्रद्युम्न को निगल लिया था।

यह देखकर श्रीकृष्‍ण कहते हैं- देवी मायावी संभारासुर का वध करने के लिए प्रद्युम्न को भी मायावी विद्या की शिक्षा लेना जरूरी है। अब इन मछुआरों के माध्यम से प्रद्युम्न संभरासुर के साम्राज्य में प्रदेश करेगा और संभरासुर का काल बनेगा।

उधर, वो मुछआरे उस मछली को बड़ी मुश्किल से जल से बाहर निकालकर खुश हो जाते हैं। एक कहता है- बहुत बड़ी मछली फंसी आज। इतनी बड़ी मछली बेचेंगे कहां और खरीदेगा कौन? ऐसा लगता है कि मछली नहीं मजरमच्छ गले पड़ गया है। तब दूसरा कहता है यही तो समस्या है इसे हम कहां ले जाएंगे? तब तीसरा कहता है कि यदि हम इस मछली को महाराज संभरासुर को भेंट कर दें तो? इस पर एक कहता है वो क्यों? तब वह कहता है कि अरे! महाराज हमें इनाम देंगे तो हम वारे-न्यारे हो जाएंगे।

तब वे सभी उस मछली को ले जाकर महाराज संभरासुर को दे देते हैं। संभरासुर उस मछली को देखकर कहता है- वाह! महारानी हमारे इन शुभचिंतकों को इस अनुपम भेंट के लिए पुरुस्कार मिलना ही चाहिए। फिर उन मछु्आरों को महारानी मायावती सिक्कों की एक थैली दे देती हैं। वह थैली लेकर मछुआरे वहां से चले जाते हैं।

यह देखकर श्रीकृष्ण कहते हैं- देखा देवी! होनी जब होनी होने को आती है तो मनुष्‍य कैसा अंधा हो जाता है। इस समय संभरासुर के समक्ष यही समस्या है। उसे अपने समीप प्रद्युम्न के रूप में साक्षात मृत्यु दिखाई नहीं दे रही है। मूर्ख उस मछली को देखकर कितना प्रसन्न हो रहा है।

फिर उधर, संभरासुर अपने एक सेवक से कहता है- प्रतिहारी हमारे उस विशेष रसाइये भाणासुर को हमारा संदेश दो। कहो की महल में इसी समय उपस्थित हो। महाराज ने एक विशेष मछली का विशेष व्यंजन तैयार करने की आज्ञा दी है।..सेवक यह सुनकर कहता है- जो आज्ञा महाराज।

उधर, भाणासुर को बताया जाता है जो अपनी पत्नी के साथ भगवान विष्णु की मूर्ति के समक्ष खड़ा होता है। उसकी पत्नी प्रार्थना करती है कि हे ईश्‍वर! तू ही जन्मदाता और तूही मृत्यु देने वाला, मेरी गोद कब से खाली है तू उसे भर दे प्रभु, जल्दी भर दे।....यह सुनकर भाणासुर कहता है तो तुम पहले से ही पूजा कर रही थी? यह सुनकर उसकी पत्नी कहती हैं- हां। तब वह कहता है तो अब तक क्यों नहीं सुनी तुम्हारे भगवान विष्णु ने तुम्हारी प्रार्थना? इस पर वह कहती है कि इसलिए की तुमने मेरे साथ प्रार्थना नहीं की। तुम केवल एक बार भगवान विष्णु की प्रार्थना करो। वो हमारी प्राथना अवश्य सुनेंगे। यह सुनकर भाणासुर कहता है- नहीं ये नहीं हो सकता।

तभी वहां पर संभरासुर का भेजा सेवक द्वार पर आवाज लगता है भाणासुर, ओ भाणासुर। ऐसा कहते हुए वह सेवक अंदर प्रवेश कर जाता है तो भाणासुर की पत्नी जल्दी से विष्णु की मूर्ति का परदा गिरा देती है।

फिर वह सैनिक कहता है- भाणासुर क्या कर रहे थे? यह सुनकर भाणासुर कहता है- कुछ नहीं परंतु तुम राजमहल छोड़कर इधर क्या कर रहे हो? तब वह सेवक कहता है कि असुरेश्वर ने तुम्हें तुरंत उपस्थित होने की आज्ञा दी है और तुम्हारी आज की छुट्टी रद्द की गई है। यह सुनकर वह कहता है कि परंतु महल में और भी तो दूसरे रसोईये हैं। तब वह सेवक कहता है- हैं पर असुरेश्वर को एक बहुत बड़ी मछली भेंट में मिली है और आप मछली के व्यंजन बनाने के विशेषज्ञ हैं। इसलिए महाराज ने आप दोनों को ये विशेष काम सौंपा है। चलिये, चलिये।

फिर भाणासुर और उसकी पत्नी दोनों ही राजमहल में जाकर देखते हैं वह विशालकाय मछली। यह देखकर उसकी पत्नी कहती हैं- इतनी बड़ी मछली इसे मैं काटूंगी कैसे? तब भाणासुर बड़ा छूरा देकर कहता है कि बड़ी मछली के लिए बड़ा छूरा। एक भाग तुम काटो और दूसरा भाग मैं काटता हूं। फिर भाणासुर मछली का पिछला हिस्सा और उसकी पत्नी अगला हिस्सा काटने लगते हैं तभी उसकी पत्नी को मछली के पेट में से छपाक-छपाक की आवाज सुनाई देती है तो वह कहती है स्वामी इसका पेट देख रहे हो कितना बड़ा है। ये अवश्‍य ही गर्भवती है, नहीं मैं इसे नहीं काटूंगी।

यह सुनकर उसका पति भाणासुर कहता है- अरी पगली! यदि ये मछली गर्भवती भी है तो इसके पेट से अंडा निकलेगा, बच्चा थोड़े ही निकलेगा। चलो काटो इसे जल्दी से, मुझे पहले से ही बहुत देर हो चुकी है। फिर भी उसकी पत्नी कहती है कि मैं इसे नहीं काटूंगी।... यह दृश्य देवर्षि नारद, देवी रति, रुक्मिणी और श्रीकृष्‍ण देख रहे होते हैं।

फिर भाणासुर की पत्नी मछली काटने लग जाती है और वे जैसे ही मछली का अगला हिस्सा काटकर अलग करती है तो उसकी पत्नी ये देखकर दंग रह जाते हैं कि उसके पेट में तो एक जिंदा बालक है। तभी प्रद्युम्न रोने लगता है। यह देखकर उसकी पत्नी आश्चर्य से कहती है- बालक! फिर वह उसे बाहर निकालकर कहती है- स्वामी स्वामी, ये देखिये ये बालक। भाणासुर भी उसे देखकर आश्चर्य करता है। उसकी पत्नी कहती है- स्वामी ये तो रो रहा है ये जीवित है स्वामी।...

उसकी पत्नी भगवान विष्णु का कोटि-कोटि धन्यवाद करती हैं। फिर वह अपने पति भाणासुर से कहती है कि अब तुम भी प्रार्थना करो। यह सुनकर उसका पति कहता है- अरे ये तुम क्या कह रही हो? पता नहीं किसका बच्चा है ये जिसे तुम अपना कह रही हो और इसका श्रेय भी तुम भगवान विष्णु को दे रही हो। तब उसकी पत्न कहती है कि कुछ भी हो ये भगवान विष्णु का ही उपहार है। तब उसका पति कहता है- इस झूठ को तुम भगवान विष्णु का उपहार कह रही हो। अपनी निराश ममता को इस झूठी आस से समझा रही हो। कितनी भोली हो तुम। आज तक तुम मुझसे छुपकर उस गुड़िया को सीने से लगाए मन को बहलाए करती थी अब तुम्हारे पागलपन को ये सचमुच की गुड़िया मिल गई है। मेरा मन तो यह नहीं मान सकता कि ये मेरा बच्चा है। तब उसकी पत्नी कहती है कि सबकुछ मानने से ही होता है स्वामी। मानो तो फूल है वर्ना माटी और धूल है।

यह सुनकर उसका पति कहता है- मानने के लिए कुछ तर्क तो होना चाहिए। ना तो तुमने इसे जन्मा है और ना तुमने इसे दूध पिलाया है फिर मां बेटे के संबंध को भला कोई क्यूं मानेगा? लाओ इस बच्चे को मुझे दे दो। महाराज के पास ले जाकर सब सच-सच बता दूंगा। यह सुनकर उसकी पत्नी कहती है कि नहीं नहीं मैं तुम्हें ऐसा अनर्थ नहीं करने दूंगी। ये बालक तो भगवान विष्णु का दिव्य उपहार है। उनकी पूजा से हमें ये मिला है। यह हमारे भाग्य से हमें ये मिला है। फिर ये बच्चा, इस बच्चे को तो मछली के पेट में ही समाप्त हो जाना चाहिए था। और, फिर ये मछली हमारे पास ही कटने के लिए क्यूं आती? दूसरे रसोइये के पास भी तो जा सकती थी। इधर हम बच्चे के लिए भगवान विष्णु की आराधना कर रहे थे और उधर वे हमारे लिए बच्चे का प्रबंध कर रहे थे। ये केवल बालक ही नहीं भगवान विष्णु की लीला है और आप इस लीला को नकार रहे हैं। उसे मुझसे छीन ले जाना चाहते हैं।

तब भाणासुर कहता है कि तुम्हारे भावुक होने से वास्तविकता तो नहीं बदल सकती। ना तो तुमने इसे जन्म दिया है और ना ही इसे दूध पिलाया है। लाओ ये बच्चा मुझे दे दो। ऐसा कहकर वह उसकी पत्नी से बच्चा छीनकर ले जाने लगता है तब उसकी पत्नी पीछे से उसका हाथ पकड़कर कहती है ये बच्चा मेरा है इसे मुझे दे दो।...तभी रुक्मिणी अपने चमत्कार से उसकी पत्नि के स्तन में दूधभर देती है और दूध बाहर झरने लगता है यह देखकर उसकी पत्नी कहती है- रुको स्वामी ये देखो। देखो ये क्या हो रहा है? ये देखो भगवान विष्णु की एक और लीला। उसका पति भी ये देखकर आश्चर्य करता है और कहता है ये तो सचमुच चमत्कार है।

फिर वह उस बच्चे को स्तनपान कराते हुए कहती है- स्वामी अब तो आपकी शिकायत दूर हो गई ना? अब ये बच्चा मेरा दूध पिकर मेरा हो गया है। अब ये मेरा बच्चा है और जब मैं इसकी मां बन गई हूं तो आप इसके पिता बन गए हैं ना? यह सुनकर भाणासुर कहता है- हां भानामति।.. तब भानामति कहती है कि तो फिर आप एक वचन दीजिये कि आप यह किसी को नहीं बताएंगे कि ये बच्चा मछली के पेट से मिला है। तब भाणासुर कहता है कि मैं वचन देता हूं। फिर भानामति कहती है कि आपका ये वचन मेरे माथे पर लगे बांछपन के कलंक को मिटा देगा।

फिर बाद में वे दोनों महाराज संभरासुर और रानी मायावती के पास जाकर उन्हें प्रणाम करते हैं और कहते हैं- महाराज ये हम दोनों का पहला पुत्र है। इसलिए हम दोनों आपसे आशीर्वाद लेने आएं हैं। यह सुनकर संभरासुर कहता है- लाओ हम भी देखें कि तुम्हारा पुत्र कैसा है।... यह सुनकर रति घबरा जाती है और नारदमुनि भी देखने लगते हैं। श्रीकृष्ण और रुक्मिणी भी इस घटना को देखते हैं।

फिर भाणासुर अपने पुत्र (प्रद्युम्न) को संभरासुर के हाथ में दे देता है। संभरासुर हंसते हुए उसे अपनी गोद में लेता है और तब फिर उस बालक को गौर से देखकर वह कुछ समझ नहीं पाता है तब फिर वह पूछता है ये तुम्हारा बालक है? यह सुनकर भाणासुर सकपका जाता तो उसकी पत्नी भानामति कहती है- हां महाराज ये मेरा ही पुत्र है। फिर संभरासुर कहता है- ये बालक बड़ा ही शूरवीर लगता है। यह सुनकर भानापति कहती है- महाराज आप इसे लंबी आयु का आशीर्वाद दीजिये। यह सुनकर संभरासुर कहता है- आयुष्यमान भव:। ऐसा कहकर वह उस बालक को अपनी रानी मायावती के हाथ में देकर कहता है- लीजिये महारानी आप भी देखिये इस बालक को। महारानी हाथ में लेकर कहती है- बधाई हो भाणासुर, बधाई हो भानामति। तुम्हें पुत्र की प्राप्ति हुई ये देखकर मुझे परम संतोष हुआ।

फिर संभरासुर अपने गले का एक हार निकालकर कहता है- ये लो भाणासुर हमारी तरफ से तुम्हारे पुत्र के लिए भेंट। क्या नामकरण किया है तुमने अपने पुत्र का? यह सुनकर भाणासुर कहता है- महाराज अभी तक नामकरण नहीं हुआ है। यह सुनकर रानी मायावती कहती है- क्यों भाणासुर? यह सुनकर भानामति कहती है यदि आप दोनों ही इसे आशीर्वाद देकर इसका नामकरण करेंगे तो हम धन्य हो जाएंगे महारानी। फिर भाणासुर कहता है कि महाराज संभरासुर जैसे परमप्रतापी, बलशाली, शौर्यशाली और महावीर का आशीर्वाद यदि हमारे पुत्र को प्राप्त हुआ तो भविष्य में हामारा पुत्र भी वीर बनकर दुष्टों को नष्ट करेगा। यह सुनकर गर्वित होकर संभरासुर कहता है- अवश्य करेगा। तुम्हारा पुत्र बड़ा होकर शत्रु का सर्वनाश करेगा।

फिर भाणासुर कहता है- महाराज इसका नामकरण तो कीजिये। यह सुनकर संभरासुर कुछ सोचने लग जाता है और फिर कहता है- हम इसका नाम प्रद्युम्न रखते हैं।... यह सुनकर देवर्षि और रति चौंक जाते हैं। रुक्मिणी श्रीकृष्ण की ओर देखती है तो वे मुस्कुराने लगते हैं।

यह नाम सुनकर रानी मायावती संभरासुर की ओर देखकर कहती है- प्रद्युम्न! तब संभरासुर मुस्कुरा देता है। फिर भाणासुर और उसकी पत्नी कहती है- प्रद्युम्न अच्छा नाम है महाराज। अब आज्ञा दें महाराज। फिर वे दोनों वहां से चले जाते हैं तब मायावती पूछती है कि महाराज आपने ये कैसा नाम रखा है? तब संभरासुर कहता है क्यों मायावती आपको ये नाम पसंद नहीं आया? तब वह कहती हैं- परंतु प्रद्युम्न तो वासुदेव श्रीकृष्ण के पुत्र का नाम था। यह सुनकर संभरासुर कहता है कि तो क्या हुआ। भाणासुर और भानामति के पुत्र को देखकर न जाने क्यों मुझे कृष्ण का पुत्र याद आ गया। इसीलिए मैंने उसका नाम प्रद्युम्न रख दिया। यह सुनकर मायावती कहती है- परंतु शत्रु पुत्र का नाम अब इस महल में गुंजकर शत्रु की याद दिलाता रहेगा। यह सुनकर संभरासुर कहता है- नहीं मायावती नहीं, बल्कि शत्रु पर विजय की याद दिलाता रहेगा जिसके पुत्र का मैंने वध किया है।

फिर उधर रसोई घर में प्रद्युम्न रो रहा होता है तो उसकी पत्नी भानामति कहती है- आप ध्यान नहीं दे रहे इस पर। तब वह कहता है कि भानापति आज राजमहल में राजगुरु पधार रहे हैं उनके लिए भोजन बनाना है यदि देर हो गई तो महाराज क्रोधित हो जाएंगे। इसलिए तुम बालक को संभालो, मैं भोजन बनाता हूं। फिर भानामति बालक को चुप कराने लग जाती है।

उधर राजमहल के बाहर संभरासुर के राजगुरु रथ से उतरते हैं।... उन्हें देखकर रति नारदमुनिक से कहती हैं- ये क्यों आए हैं? देवर्षि राजगुरु को देखकर मेरे मन में भय की आंधी क्यों उठ रही है। संभरासुर के राजगुरु का चेहरा बता रहा है कि वो ज्ञानी हैं, तपस्वी हैं।

संभरासुर के राजगुरु रथ से उतरकर राजमहल की छत पर देखते हैं तो उन्हें काला साया नजर आता है। तभी पास में खड़ा संभरासुर का पुत्र कुंभकेतु कहता है गुरुदेव आप रुक क्यों गए, क्या हुआ? तब वे कहते हैं कि मुझे राजमहल पर संकट की काली छाया दिखाई दे रही है। तब वह कुंभकेतु कहता है परंतु मुझे तो नहीं दिखाई दे रही गुरुदेव। यह सुनकर गुरुदेव कहते हैं तुम्हें वह काली छाया नहीं दिखाई देगी युवराज कुंभकेतु। तब कुंभकेतु कहता है यदि काली छाया है भी तो इसमें संकट की क्या बात है गुरुदेव? तब वे कहते हैं ये छाया घोर संकट का प्रतीक है कुंभकेतु। राजमहल पर अवश्य ही कोई विकट समय आने वाला है।

फिर गुरुदेव अपनी शक्ति से भगवान शंकर का नाम लेकर उस काली छाया से प्रकट होने का कहता है और पूछते हैं बताओ की तुम कौन हो तो वह काली छाया प्रकट होकर कहती है कि मैं काल हूं और संभरासुर का भक्षण करूंगा। यह सुनकर गुरुदेव कहते हैं- परंतु संभरासुर तो अजेय और अमर हैं। यह सुनकर काल कहता है कि केवल में ही अजर और अमर हूं और कोई नहीं। ये उसकी भूल है मैं संभरासुर का काल हूं। यह सुनकर गुरुदेव चौंक जाते हैं। जय श्रीकृष्णा।

 

दुर्ग / शौर्यपथ / दुर्ग निगम क्षेत्र में इन दिनों कई वार्ड ऐसे है जहा पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है और सत्ता पक्ष पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर आरोप लगा रही है वही विपक्ष द्वारा सत्ता पक्ष कांग्रेस पर अनुभवहीनता का आरोप लगा कर मामले को राजनीती रंग देने की कोशिश कर रही है . जबकि इन सबके बीच में जिम्मेदार अधिकारी मौज में है , अमृत मिशन के अधिकारी मौन है और हो भी क्यों ना क्योकि असली जिम्मेदार अधिकारी सत्ता और विपक्ष की राजनीती में अपनी नाकामी छुपाने में सफल हो रहे है .
किसी भी जनप्रतिनिधि का कार्य ये नहीं होता कि विभाग के संसाधनों को दुरुस्त करे आपत्ति पर आपातकाल व्यवस्था करे , शहर की व्यवस्थाओ का जमीनी स्तर पर निरिक्षण करे . जनप्रतिनिधि जब आम जनता को कोई परेशानी होती है तो उस बात को संज्ञान में लेकर विभागीय अधिकारियो को अवगत कराये और व्यवस्था को सुचारू रूप से निर्वहन करने के लिए निर्देश दे किन्तु दुर्ग निगम के जल विभाग के अधिकारी हो या अमृत मिशन के अधिकारी जिनकी लापरवाही का नतीजा अज पुरे दुर्ग की जनता भुगत रही है और जनप्रतिनिधि एक दुसरे पर आरोप लगा रहे है जबकि इस अव्यवस्था की सारी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियो के ऊपर है किन्तु राजनितिक वर पलटवार का पूरा मजा अधिकारियो द्वारा उठाया जा रहा है और अव्यवस्था के असली जिम्मेदार विभागीय अधिकारी इस राजनीतिक समीकरण का पूरा लाभ उठाकर अपनी नाकामी छुपाने में सफल भी हो रहे है .
वैसे निगम के हर कार्य में वर्तमान में शहर के विधायक की मंशा और अनुशंषा ही कार्य कर रही है किन्तु जिस तरह वर्तमान में शहर के विधायक द्वारा कई बार निगम की कार्य पद्दति पर सवाल भी खड़े किये किन्तु इसे जनप्रतिनिधि के निर्देशों की अवहेलना कहे या अधिकारियो द्वारा वर्तमान के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के निर्देश को हलके में लेने की प्रक्रिया क्योकि जिस तरह सत्ता में रहने के बाद भी जनप्रतिनिधि अपनी ही सरकार पर आरोप लगा रहे है कार्य में लापरवाही की उससे यही प्रतीत होता है कि निगम के अधिकारियों को न तो शहर की आम जनता की सुविधाओ का ख्याल है और ना ही किसी प्रशासनिक दबाव से फर्क पड़ रहा है .

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)