
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
दंतेवाड़ा /शौर्यपथ/
बायोटेक किसान हब से सवरती है बाडि़याँ
कृषि विज्ञान केन्द्र,दन्तेवाड़ा द्वारा चलाये जा रहे बायोटेक किसान हब परियोजना के प्रमुख अन्वेषक डॉ. नारायण साहू, वरिष्ठ वैज्ञानिक के मार्गदर्शन में जिले के किसानों को सब्जी उत्पादन पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिससे किसानों के आय वृद्धि करने में सहायक होगी। इस परियोजना से जुड़े ग्राम बिन्जाम के रहने वाले सोनाराम कुंजाम जिन्होनें बायोटेक किसान हब परियोजना से प्रशिक्षण प्राप्त कर खेती किसानी में लाभ प्राप्त कर रहें है और अपने 2 एकड़ जमीन को बाडी में परिवर्तित कर विभिन्न प्रकार की सब्जियाँ जैसे कि मटर, लौकी, मिर्च, टमाटर, बरबट्टी, सेमी, पत्ता गोभी एवं आलू का उत्पादन कर रहे है। कुंजाम ने बताया कि बायोटेक किसान हब परियोजना से जुडने के बाद विभिन्न प्रकार के सब्जियों के बीज प्राप्त हुए है साथ ही सब्जी के पौधे तैयार करने का सिडलिंग ट्रे प्राप्त हुआ है। सब्जी के उत्पादन में उन्हें प्रशिक्षण भी मिली जिसमें कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डिप्रोशन बंजारा (विषय वस्तु विशेषज्ञ, सस्य विज्ञान) एवं सुश्री पूनम कश्यप (वाई.पी.- II) द्वारा सब्जी के बीजों को लगाने से पूर्व बायो एजेन्ट (ट्राईकोडर्मा एवं सुडोमुनास) से बीज उपचार करना, पौध के लिए जैव उर्वरक (जेड. एस. बी., पी.एस.बी. एवं के.एस.बी.) की मात्रा एवं सब्जी लगाने की विधि के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। इसके पश्चात सोनाराम ने सिडलिंग ट्रे में मिर्च, टमाटर और गोभी का पौध तैयार किया और अपने बाड़ी में कतार विधि से पौधों को लगाया। साथ ही उन्हे वर्मी कम्पोस्ट खाद भी उपलब्ध कराया गया। जिसके उपयोग से उनकी सब्जियों के पौधों के बढवार में वृद्धि हुई। सोनाराम कुंजाम आज उन्नत किसानों मे से एक है जो कई किसानों के लिए प्रेरणास्त्रोत बन रहे है। कुंजाम बताते है कि पहले उनकी आमदनी केवल 25000 रूपये थी पर आज बायोटेक किसान हब से जुडकर 100000 से 110000 रूपये तक कमा लेते है। इसके लिये वे जिला प्रशासन व कृषि विज्ञान केन्द्र, का आभार व्यक्त करते है।
रायपुर /शौर्यपथ/
चंपाबाई ने 6 महीने में ही कमाए 89 हजार रूपए, बकरियों की संख्या 4 से बढ़कर 26 हुई
बकरी पालन के लिए मनरेगा से पक्का शेड बनने के बाद चंपाबाई अब व्यवस्थित ढंग से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा पा रही है। शेड बनने से पहले उसके पास केवल चार बकरी थी। मनरेगा के माध्यम से घर में बकरी शेड बनने के बाद उसके बकरी पालन के व्यवसाय ने जोर पकड़ा और कमाई बढ़ने लगी। अब उसके पास 26 बकरे-बकरियां हो गए हैं। बकरी पालन से उसने छह महीने में ही 89 हजार रूपए कमाए हैं।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम
रायगढ़ जिले के बटाऊपाली (ब) की चम्पाबाई बकरी पालन से अपने परिवार की आर्थिक हालात सुधार रही है। उसके इस काम में घर में मनरेगा से निर्मित बकरी पालन शेड ने बड़ी भूमिका निभाई है। चंपाबाई की लगन, मेहनत और मनरेगा के सहयोग से उसका व्यवसाय तेजी से फल-फूल रहा है और अच्छी आमदनी हो रही है। सारंगढ़ विकासखंड के बटाऊपाली (ब) ग्राम पंचायत की मां गंगा स्वसहायता समूह की सदस्य चंपाबाई के परिवार के पास करीब पांच एकड़ जमीन है। इसमें से केवल तीन एकड़ में ही खेती-बाड़ी हो पाती है। खेती के बाद के समय में मजदूरी कर परिवार गुजर-बसर करता है। चंपाबाई ने घर की आमदनी बढ़ाने के लिए बकरी पालन का काम शुरू किया। लेकिन कच्चा और टूटा-फूटा कोठा के कारण इसमें बहुत कठिनाई हो रही थी। वह इसे व्यवस्थित ढंग से आगे नहीं बढ़ा पा रही थी। अपनी परेशानी को उसने समूह की बैठक में रखा। समूह की सलाह पर उसने मनरेगा के तहत अपनी निजी भूमि पर पक्का कोठा के निर्माण के लिए ग्राम पंचायत को आवेदन दिया।
मनरेगा के अंतर्गत वर्ष 2020-21 में बतौर हितग्राही चम्पाबाई की निजी जमीन पर 61 हजार रूपए की लागत के बकरी शेड निर्माण लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिली। लगातार 15 दिनों के काम के बाद दिसम्बर-2020 में उसका कोठा बनकर तैयार हो गया। इस काम में उसके और गांव के एक अन्य परिवार को 34 मानव दिवसों का सीधा रोजगार भी प्राप्त हुआ, जिसके लिए करीब साढ़े छह हजार रूपए का मजदूरी भुगतान किया गया। शेड बनने के बाद चंपाबाई को बकरी पालन के लिए पर्याप्त जगह मिली और उसका धंधा जोर पकड़ने लगा।
पक्का बकरी शेड निर्माण के पहले चम्पाबाई के पास केवल चार बकरी थी। शेड बनने के बाद उसने चार और बकरियां खरीदीं। इन बकरियों से जन्मे मेमनों के बाद उसके पास कुल 26 बकरे-बकरियाँ हो गए हैं। इनमें से 15 बकरे-बकरियों को बेचकर उसने छह महीनों में 89 हजार रूपए कमाए हैं। वह बकरी को पांच हजार रूपए और बकरा को सात हजार रूपए की दर से बेचती है। बकरी पालन से कम समय में हुए इस लाभ से चंपाबाई खुश है। इससे उसकी माली हालत तो सुधरी ही, घर के लिए उसने नई टी.वी., पंखा और आलमारी भी खरीदी है।
चंपाबाई बकरी पालन के अपने इस धंधे को और आगे बढ़ाना चाहती है। वह कहती है कि अगर उसे बकरी पालन के लिए मनरेगा से शेड नहीं मिलता, तो वह अपना काम आगे नहीं बढ़ा पाती। अब वह गांव के दूसरे लोगों को भी बकरी पालन को व्यवसाय के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
बालोद /शौर्यपथ/
प्रदेश की महिला एंव बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री अनिला भेंडिया आज डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम सुवरबोड़ और ग्राम भैंसबोड़ में विभिन्न कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन किया और ग्रामीणों को अपनी शुभकामनाये दी। मंत्री भेंडिया ने ग्राम सुवरबोड़ में शासकीय प्राथमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने ग्राम सुवरबोड़ में ही उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन का उन्नयन एवं ब्रांडिंग कार्य तथा पाईप लाईन विस्तार कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्रामीणों की माॅग पर ग्राम सुवरबोड़ में मंगल भवन निर्माण की घोषणा की। मंत्री भेंडिया ने ग्राम भैंसबोड़ में शहीद गैंदसिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। मंत्री श्रीमती भेंडिया ने ग्रामीणों की माॅग पर ग्राम भैंसबोड़ में सी.सी.रोड निर्माण की घोषणा की।
मंत्री भेंडिया ने लोकार्पण, भूमिपूजन कार्यक्रम के अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी और उसका लाभ उठाने प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वन क्षेत्र के निवासियों के हित को ध्यान में रखते हुए 61 लघु वनोपजों की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जा रही है, उसका लाभ उठाए। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे धान के अतिरिक्त दलहन-तिलहन फसल लें। भांठा, टिकरा जमीन पर कोदो, कुटकी, रागी आदि फसल लेकर अपनी आमदनी में बढ़ोत्तरी करें। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना शुरू किया गया है। इस योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ मिलना शुरू हो गया है। मंत्री भेंडिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों की बेहतरी के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित गणमान्य नागरिक अनिल लोढ़ा, हस्तीमल सांखला, गुलाबचंद जैन, पूर्व जनपद सदस्य अनिल सुथार आदि मौजूद थे।
रायपुर /शौर्यपथ/
नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने आज रायपुर जिले के आरंग विकासखण्ड के ग्राम लखौली में गौठान के पास पशु औषधालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब यहां पशुओं का तत्काल इलाज हो सकेगा। जिससे आस-पास के पशुपालकों को सुविधा होगी। डॉ. डहरिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ की गोधन न्याय योजना और नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी योजना का अनुसरण देश के विभिन्न राज्यों में किया जा रहा है। आज छत्तीसगढ़ मॉडल की चर्चा देश भर में चल रही है। छत्तीसगढ़ मॉडल किसानों और ग्रामीणों की आमदनी बढ़ाने का एक अनूठा कार्यक्रम है। जिससे गांव का सशक्तीकरण हो सकता है। ग्राम लखौली में नेशनल लाइव स्टाक मिशन के तहत पशु मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है, जहां पर पशुपालकों को पशुपालन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। साथ ही छत्तीसगढ़ शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी जा रही है। इस अवसर पर पंचायतों के जन प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे।
रायपुर /शौर्यपथ/
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा यूक्रेन संकट के दौरान छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सहायता हेतु नई दिल्ली में सहायता केन्द्र बनाया गया है। इस केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 फरवरी से आज 2 मार्च को शाम 5 बजे तक छत्तीसगढ़ के 39 छात्र-छात्राओं की सुरक्षित वापसी हो चुकी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इन छात्र-छात्राओं को वाहन, ठहरने, भोजन की सुविधा उपलब्ध करायी गयी, इसके साथ ही इन छात्र-छात्राओं को अपने गृह नगर जाने के लिए एयर टिकट कराकर उनके परिजनों को सकुशल सौंपा जा चुका है।
नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन के संयुक्त आवासीय आयुक्त संजय अवस्थी से प्राप्त जानकारी के अनुसार नई दिल्ली में बनाये गए इस सहायता केन्द्र में 22 फरवरी 2022 से निरंतर दूरभाष पर यूक्रेन में फंसे छत्तीसगढ़ के 134 छात्र-छात्राओं तथा उनके परिजनों से लगातार सतत् संपर्क बना हुआ है।
नई दिल्ली /शौर्यपथ/
केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को यह सुनिश्चित करने के लिए लिखा है कि सरकार और टीकाकरण केंद्रों पर COVID टीकों की कोई शीशी बर्बाद न हो. एक पत्र में, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव, विकास शील ने कहा, "यह सूचना निजी कोविड वैक्सीन सेंटर में उपलब्ध COVID टीकों के निकट समाप्ति के मुद्दे के संदर्भ में है. इससे पहले भी पश्चिम बंगाल समेत कर्नाटक, केरल और महाराष्ट्र को ये निर्देश दिया जा चुका है."
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव ने आगे कहा, "इस संबंध में, सभी राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों से फिर कहा जा रहा है कि राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों के लिए निजी कोविड वैक्सीन सेंटर के निकट समाप्ति वैक्सीन शीशियों पर विचार करने के लिए कोई आपत्ति नहीं है, जो कि लंबी अवधि के वैक्सीन शीशियों के साथ सरकारी कोविड वैक्सीन सेंटर के पास उचित परिश्रम के बाद मौजूद हैं. कृपया सुनिश्चित करें कि सरकारी कोविड वैक्सीन सेंटर के साथ-साथ निजी सेंटर पर भी कोविड वैक्सीन की कोई शीशी बर्बाद नहीं होनी चाहिए.
आपको बता दें कि काफी बार कोविड वैक्सीन के यूं ही बर्बाद होने की खबर सामने आ चुकी है. जिस वजह से कई सेंटर पर समय से पहले ही वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो जाता है. ऐसे में लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इसलिए केंद्र की तरफ से सरकार को बार-बार हिदायत दी जा रही है कि किसी भी हाल में वैक्सीन की कम से कम बर्बादी होनी चाहिए.
देवघर /शौर्यपथ/
महाशिवरात्रि पर बाबा बैद्यनाथधाम देवघर में जिला प्रशासन की व्यवस्था नाकाफी रही. इसी बीच, कांग्रेस की बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने बुधवार को राज्य विधानसभा में महाशिवरात्रि के पर देवघर स्थित बाबा धाम में अपने साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाकर हंगामा खड़ा कर दिया. विधायक ने वहां के संबद्ध अधिकारियों तथा प्रबंध समिति के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जिस पर विधानसभाध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो ने सरकार को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये.
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन आज बाबा नगरी देवघर का मुद्दा सदन में छाया रहा क्योंकि बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायक अम्बा प्रसाद अध्यक्ष के आसन के समक्ष पहुंच गईं. उन्होंने अपने साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के मामले में संबद्ध जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं देवघर श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
सत्ताधारी पक्ष के विधायकों समेत भाजपा के कई विधायकों ने भी उनका साथ देते हुए अध्यक्ष के आसन के सामने आकर धरना दिया. कांग्रेस विधायक अम्बा प्रसाद द्वारा उठाये गए प्रश्न पर मुख्य सचेतक भाजपा विरंची नारायण ने भी समर्थन किया. विरंची नारायण ने कहा कि अम्बा प्रसाद के साथ मंदिर परिसर में दुर्व्यवहार सभी विधायकों के दुर्व्यवहार के समान है.
अम्बा प्रसाद ने सदन में देवघर की घटना की जानकारी देते हुए कहा कि भीड़ में महिलाओं की स्थिति ठीक नहीं थी. कई महिलाएं भीड़ में फंसी हुई थीं, ऐसे में वो उनसे मिलना चाहती थीं. जब महिलाओं के साथ भीड़ में दुर्व्यवहार की बात सामने आई तो एक महिला के साथ-साथ जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने एसडीओ से बात करनी चाही. लेकिन एसडीओ को जब इसकी सूचना दी गई तब उन्होंने आने से इंकार कर दिया और उल्टे एसडीओ ने उन्हें अपने कार्यालय में आने को कहा. इतना ही नहीं मंदिर परिसर में उनके साथ दुर्व्यवहार भी हुआ.
सदन में ये प्रस्ताव आते ही विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो ने इसको गंभीरता से लिया और सदन में विधायकों की मांग को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर अलाम से कहा कि अधिकारी के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाए. जवाब में संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर अलाम ने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी.
नई दिल्ली /शौर्यपथ/
QUAD नेताओं की वर्चुअल बैठक में पीएम मोदी शिरकत करेंगे. ये बैठक 3 मार्च, 2022 को होगी. पीएम मोदी USA के राष्ट्रपति जो बाइडेन, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ क्वाड लीडर्स की बैठक में भाग लेंगे. नेताओं के पास वाशिंगटन डीसी में सितंबर 2021 के शिखर सम्मेलन के बाद अपनी बातचीत जारी रखेंगे. वे हिंद-प्रशांत में महत्वपूर्ण विकास के बारे में चर्चा करेंगे.
बता दें कि पिछले महीने क्वाड के एशियाई नाटो होने की धारणा को खारिज करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि कुछ ‘‘प्रभावित पक्ष (इंटरेस्टेड पार्टीज)'' हैं, जो इस तरह की उपमा को आगे बढ़ाते हैं और किसी को भी इसमें फंसना नहीं चाहिए. उन्होंने कहा कि चार देशों का यह समूह अधिक विविध और बिखरी हुई दुनिया का जवाब देने का 21वीं सदी का एक तरीका है. जयशंकर ने शनिवार शाम को म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन 2022 में ‘‘व्यापक बदलाव? हिंद-प्रशांत में क्षेत्रीय व्यवस्था और सुरक्षा'' पर परिचर्चा के दौरान यह बात कही. जयशंकर ने कहा कि क्वाड 4 देशों का समूह है, जिनके साझा हित, साझा मूल्य हैं, जो हिंद-प्रशांत के चारों कोनों पर स्थित हैं, जिसका मानना है कि इस दुनिया में किसी भी देश, यहां तक कि अमेरिका में भी अपने बल पर वैश्विक चुनौतियों से निपटने की क्षमता नहीं है.''
उन्होंने इस धारणा को खारिज किया कि चार देशों का यह समूह एशियाई-नाटो है. उन्होंने इसे ‘‘पूरी तरह से भ्रामक शब्दावली'' बतायी और कहा कि ‘‘कुछ प्रभावित पक्ष हैं, जो इस तरह की उपमाओं को आगे बढ़ाते हैं.'
अयोध्या /शौर्यपथ/
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का आज छठे चरण का मतदान हो रहा है. इस बीच अयोध्या से डीएम आवास के बोर्ड के रंग परिवर्तन को लेकर सियासत गरमाई हुई है. बता दें कि डीएम आवास के बोर्ड को भगवा से हरा रंग में पेंट कर दिया गया है. लोग बोर्ड के रंग बदलने से मतलब सरकार बदलने का लगा रहे हैं. हालांकि, अयोध्या प्रशासन इस पूरे प्रकरण पर कुछ नहीं बोल रहा है. दरअसल, यूपी में जब सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी थी, तब बोर्ड को भगवा रंग से पेंट कर दिया गया था. लेकिन इस पर हंगामा होने के बाद अब फिर बोर्ड को एक तरफ़ से भगवा और दूसरी तरफ़ हरे रंग से पेंट कर दिया गया है.
बता दें यह घटना तब हुई है, जब यूपी में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है. इसको लेकर विपक्षी दल अलग-अलग तरीके के सियासे मायने लगा रहे हैं. यूपी में पांच चरणों का मतदान हो चुका है. छठे चरण के लिए आज वोटिंग हो रही है. छठे चरण में जिन दस जिलों में मतदान हो रहा है, उनमें गोरखपुर, अंबेडकरनगर, बलिया, बलरामपुर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संत कबीर नगर और सिद्धार्थनगर शामिल हैं. इसके बाद एक और चरण का मतदान होना बाकि है. मतगणना 10 मार्च को होगी.
रायपुर /शौर्यपथ/
नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने बिलासपुर में श्रमिकों के लिए एक सौ बिस्तर अस्पताल निर्माण के लिए आवश्यक कार्यवाही जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आज राज्य मंत्रालय महानदी भवन में राज्य कर्मचारी बीमा निगम की क्षेत्रीय परिषद् की बैठक में कहा कि श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं मिले इसके लिए कार्य योजना बनायी जाए। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन किया जाए।
नगरीय प्रशासन एवं श्रम मंत्री डॉ. डहरिया ने कहा कि श्रमिकों के हित में राज्य के अन्य जिलों में भी चिकित्सा सेवाएं का विस्तार किया जाए, जिससे सभी जिलों में जरूरतमंद श्रमिकों को इलाज की सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम एवं कर्मचारी राज्य बीमा सेवाओं के अधिकारी समन्वित प्रयास कर एक कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। उनहोंने कहा कि उन सभी जिलों में जहां अधिनियम के प्रावधान लागू है तथा जहां कोई चिकित्सा सुविधा नही है उन सभी जिलों में टाई अप अस्पताल की व्यवस्था की जाए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि राज्य के 10 जिलों में 42 औषद्यालय संचालित हैं। राज्य के 54 निजी अस्पतालों को अनुबंधित कर कर्मचारी राज्य बीमा निगम के तहत बीमित हितग्राहियों को रोगी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है। वर्तमान में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर एवं रायगढ़ में सेकेण्डरी केयर हेतु टाई अप अस्पताल की व्यवस्था है। बैठक में कर्मचारी राज्य बीमा अस्पतालों के निर्माण के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में इसी तरह से चांपा, बेमेतरा, अम्बिकापुर, पलारी (बलौदाबाजार) में कर्मचारी राज्य बीमा निगम के नए कार्यालयों, सह शाखा कार्यालय एवं औषधालय खोलने के संबंध में चर्चा के साथ ही उद्योग एवं मजदूर संघ के सदस्यों ने श्रमिक हितों एवं सुविधाओं के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए। बैठक में श्रम विभाग के सचिव अमृत खलको, कर्मचारी राज्य बीमा निगम के निदेशक सहित अन्य अधिकारी, उद्योग एवं मजदूर संघ के पदाधिकारी ऑनलाइन शामिल हुए।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
