August 04, 2025
Hindi Hindi
Uncategorised

Uncategorised (33951)

अन्य ख़बर

अन्य ख़बर (5874)

धर्म संसार / शौर्यपथ / प्रभु यीशु के जन्म की ख़ुशी में मनाया जाने वाला क्रिसमस का त्योहार पूरी दुनिया में मनाया जाता है। यह त्योहार कई मायनों में बेहद खास है। क्रिसमस को बड़ा दिन, सेंट स्टीफेंस डे या फीस्ट ऑफ़ सेंट स्टीफेंस भी कहा जाता है। प्रभु यीशु ने दुनिया को प्यार और इंसानियत की शिक्षा दी। उन्होंने लोगों को प्रेम और भाईचारे के साथ रहने का संदेश दिया। प्रभु यीशु को ईश्वर का इकलौता प्यारा पुत्र माना जाता है। इस त्योहार से कई रोचक तथ्य जुड़े हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।
क्रिसमस ऐसा त्योहार है जिसे हर धर्म के लोग उत्साह से मनाते हैं। यह एकमात्र ऐसा त्योहार है जिस दिन लगभग पूरे विश्व में अवकाश रहता है। 25 दिसंबर को मनाया जाने वाला यह त्योहार आर्मीनियाई अपोस्टोलिक चर्च में 6 जनवरी को मनाया जाता है। कई देशों में क्रिसमस का अगला दिन 26 दिसंबर बॉक्सिंग डे के रूप मे मनाया जाता है। क्रिसमस पर सांता क्लॉज़ को लेकर मान्यता है कि चौथी शताब्दी में संत निकोलस जो तुर्की के मीरा नामक शहर के बिशप थे, वही सांता थे। वह गरीबों की हमेशा मदद करते थे उनको उपहार देते थे। क्रिसमस के तीन पारंपरिक रंग हैं हरा, लाल और सुनहरा। हरा रंग जीवन का प्रतीक है, जबकि लाल रंग ईसा मसीह के रक्त और सुनहरा रंग रोशनी का प्रतीक है। क्रिसमस की रात को जादुई रात कहा जाता है। माना जाता है कि इस रात सच्चे दिल वाले लोग जानवरों की बोली को समझ सकते हैं। क्रिसमस पर घर के आंगन में क्रिसमस ट्री लगाया जाता है। क्रिसमस ट्री को दक्षिण पूर्व दिशा में लगाना शुभ माना जाता है। फेंगशुई के मुताबिक ऐसा करने से घर में सुख समृद्धि आती है। पोलैंड में मकड़ी के जालों से क्रिसमस ट्री को सजाने की परंपरा है। मान्यता है कि मकड़ी ने सबसे पहले जीसस के लिए कंबल बुना था।

रायपुर / शौर्यपथ / राज्य सेवा परीक्षा वर्ष 2022 के परिणाम के आधार पर सहकारिता विभाग में चयनित अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। नियुक्त उम्मीदवार को कार्यभार ग्रहण करने के दिनांक से अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक तीन वर्ष की परिवीक्षावधि पर की गई है। सहकारिता निरीक्षक के पद पर जिनकी नियुक्ति की गई है, उनमें शशांक तिवारी को कोरबा, गरिमा शर्मा को जांजगीर-चांपा, नितिन अग्रवाल को दुर्ग, अभिषेक कुमार सिन्हा को रायपुर, रूकसार बानो को मुंगेली, समृद्धि ताम्रकार को महासमुंद, मुकेश कुमार गुप्ता को रायपुर, मनीष कुमार रात्रे को बिलासपुर, सतानंद पाटले को मुंगेली, नितेश कुमार भगत को अंबिकापुर, इन्द्र कुमार को कांकेर, विनायक सिंह को बस्तर, शैलजा खलखो को सूरजपुर, घनेन्द्र कुमार साव को जशपुर और देवव्रत भार्गव को जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही शामिल है।

समाचार सार ...

  जेईई, नीट के निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का श्रम मंत्री देवांगन के आतिथ्य में किया गया शुभारंभ
मंत्री देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
चुनौतियो के लिए खुद को तैयार रखें, लक्ष्य हासिल कर अपने परिवार, जिला व देश-प्रदेश का नाम करें रौशन: कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन
विद्यार्थियों की बस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना  

   रायपुर / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन की उपस्थिति में आज कोरबा कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जिले के मेधावी विद्यार्थियों हेतु जेईई, नीट के निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर कड़ी मेहनत कर लक्ष्य प्राप्त करने की शुभकामनाएं दी।
    इस अवसर पर विधायक पाली तानाखार तुलेश्वर सिंह मरकाम, महापौर नगर निगम राजकिशोर प्रसाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला छत्रपाल सिंह कंवर,  कलेक्टर अजीत वसंत, सीईओ जिला पंचायत संबित मिश्रा, निगमायुक्त श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी कर्मचारी, विद्यार्थी एवं उनके पालक उपस्थित थे।
    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री देवांगन ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सराहनीय पहल करते हुए यह कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा निरंतर विकास कार्य किया जा रहा है। खनिज प्रभावित जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य क्षेत्रों में विकास हेतु सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिले के 100 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडिकल इंजीनियरिंग जैसे उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय स्तर की जेईई, नीट जैसे प्रवेश परीक्षा की निःशुल्क तैयारी हेतु व्यवस्था की गई है। यह आप सभी के लिए सुनहरा अवसर है। इस अवसर का लाभ उठाएं, आप सभी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े, कार्ययोजना बनाकर परीक्षा की तैयारी करें, सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने बच्चों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि आज से आपकी जिंदगी एक नया मोड़ ले रही है। आपके बेहतर कल की शुरुआत आज से हो रही है। अपने भविष्य को ऊँचे आयाम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी आपकी है। इस हेतु आप सभी अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करें। खुद पर पूर्ण विश्वास रखें, आने वाली चुनौतियो के लिए खुद को तैयार रखे, खूब मेहनत करें एवं अपने लक्ष्य को हासिल कर अपने परिवार, जिला एवं देश-प्रदेश का नाम पूरी दुनिया मे रौशन करें।

  
    विधायक पाली तानाखार मरकाम ने बच्चों के बेहतर शिक्षा हेतु चलाए जा रहे  जिला प्रशासन के इस पहल की सराहना की। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपना लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने एवं कड़ी मेहनत से अपनी मंजिल को हासिल करने की शुभकामनाएं दी।
    महापौर प्रसाद ने कहा कि आप सभी के बेहतर भविष्य के लिए आपके परिजन सहित जिला प्रशासन द्वारा सपना देखा गया है। इस हेतु आने वाले चुनौतियों के लिए खुद को अभी से तैयार करें। आपके कदम सफलता के मार्ग में हैं और आप मेहनत से अपने सपनों को पूरा कर सकेंगें। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कंवर ने भी बच्चों को अपने मंजिल को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करने एवं परेशानियों का निर्भीक होकर सामना करने के लिए कहा।
    कलेक्टर वसंत ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप के जीवन की सफलता की शुरुआत आज हो रही है। आप सभी ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में खूब मेहनत कर अच्छा परिणाम प्राप्त किया है, इसी तरह आगे भी आप पूरी लगन से अध्ययन करते रहे। उन्होंने कहा कि नीट, जेईई की निशुल्क आवासीय कोचिंग हेतु आप सभी 100 मेधावी छात्र छात्राओं का चयन किया गया है। आपको गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु पूरी व्यवस्था की गई है। आप सभी की तैयारी में आने वाले खर्च का वहन छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। आप सभी इसका महत्व समझे एवं इस मौके का पूरा लाभ उठाएं, आप सभी निरंतर दृढ़ इच्छाशक्ति से मेहनत कर सफलता अर्जित करें एवं आगामी वर्षाे में बोर्ड परीक्षा दिलाने वाले जिले के बच्चों के लिए प्रेरणा स्रोत बनें। जिससे वे सभी इस कार्यक्रम का लाभ उठाने हेतु परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए स्वतः प्रेरित रहें।  

बस को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
  इस दौरान कैबिनेट मंत्री देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

विद्यार्थियों में अपने बेहतर भविष्य निर्माण हेतु नजर आया उत्साह
    छात्र-छात्राओं में भी अपने बेहतर भविष्य निर्माण हेतु उत्साह नजर आया। विद्यार्थियों ने कहा कि यह उनके लिए गौरव का पल है कि उनका चयन एलन जैसे प्रतिष्ठित कोचिंग संस्था में जेईई, नीट परीक्षा की तैयारी के लिए हुआ है। जहां अनुभवी व विषय विशेषज्ञ शिक्षक उनकी परीक्षा की तैयारी कराएंगे। इस हेतु वे सब उत्साहित है एवं परीक्षा में सफलता अर्जित कर प्रशासन द्वारा उन पर किए गए भरोसे को पूरा करेंगे। विद्यार्थियों ने प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन को यह अवसर प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया।
     गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा जिला खनिज संस्थान मद से कोरबा जिले के शासकीय विद्यालय से शैक्षणिक सत्र 2023-24 में कक्षा 10वीं से मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 100 छात्र-छात्राओं (50 विज्ञान व 50 गणित) के लिए नीट व जेईई प्रवेश परीक्षा की गुणवत्तापूर्ण तैयारी हेतु रायपुर के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्था ऐलेन में प्रवेश दिलाया गया है। इन विद्यार्थियों में 72 छात्राएं एवं 28 छात्र शामिल हैं। संस्था में प्रवेश हेतु चयनित विद्यार्थियों का शैक्षणिक शुल्क, भोजन, आवास सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की गई है।

रायपुर / शौर्यपथ / विगत दिनों बलौदाबाजार में हुई घटना से संयुक्त जिला कार्यालय को काफी क्षति पहुंची थी। इस क्षति को पूर्ण करते हुए आज रेस्टोरेशन कार्य आज पूर्ण हो गया है। संयुक्त जिला कार्यालय का भवन अब अपने पुराने स्वरूप में लौट आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने व्यापक रणनीति बनाकर इस कार्य को अंजाम दिया है। जिसके तहत लोक निर्माण विभाग ने 24 घंटे कार्य कर इसे पूरा किया है। इसके साथ ही परिसर की सफाई सहित क्षति ग्रस्त जिला पंचायत कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय में भी शत प्रतिशत रेस्टोरेशन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। रेस्टोरेशन के कार्य पूर्ण होने से कार्यालय में अलग सी चमक दिखाई दे रही है। रेस्टोरेशन कार्य के तहत निर्माण कार्य, पैराफिट, जली हुई एपीसी बोर्ड को हटाना, नया रेलिंग लगाना, पुट्टी के संग रंग रोगन, सीसीटीवी, ब्रांडबैंड, कांच बदलना, एसी, पंखे लगाना, लाइटिंग, जैसे अन्य महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस 24 जून पर उन्हें नमन किया है। श्री साय नेे कहा है कि रानी दुर्गावती भारत की उन वीरांगनाओं में से एक हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए। उन्होंने अपने शौर्य और साहस से वीरता की एक नई इबारत लिखी। उनका साहस और बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

रायपुर / शौर्यपथ / सुकमा जिले के टेकलगुड़ेम में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में दो कोबरा जवानों की शहादत को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नमन किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत जवानों की आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। नक्सलवाद के खात्मे तक हम चुप नहीं बैठेंगे।

जून माह में चतुर्थ क़िस्त के रूप में 50 करोड़ 93 लाख 36 हज़ार 9 सौ रुपए महिलाओं के बैंक खाते में ज़ारी किए गए हैं 

   रायपुर / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वकांक्षी योजना महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना का मूल उद्देश्य अब कारगर होता दिखाई दे रहा है। रायपुर की श्रीमती लक्ष्मी फुटान ने सपना संजोया था, जिसे अपनी आर्थिक तंगहाली की वजह से पूरा नहीं कर पाई थी, महतारी वंदन योजना से उनके जीवन में बड़ा परिवर्तन आया है।
   श्रीमती लक्ष्मी घर का कामकाज संभालती है। उनके पति श्री गोपाल फुटान रोजी-मजदूरी करते है। श्रीमती लक्ष्मी बताती हैं कि पति की कमाई से घरेलु खर्च तो चल जाता था पर छोटी-मोटी जरूरतें की चीजों को खरीदने में काफी परेशानी उठानी पड़ती। होती थी। अब उन जरूरतों को वह इस योजना से मिली राशि से पूरा कर रही हैं और बचत भी कर रही है।
    श्रीमती लक्ष्मी ने कहती है कि सोने-चांदी के जेवर पहनने का मन काफी समय से है, लेकिन माली हालत उतनी अच्छी नहीं थी, जिससे वे जेवर खरीद सके। अब सपने पूरा करने के लिए वे प्रतिमाह बैंक अकाउंट में योजना से मिलने वाली राशि को इकट्ठे कर रही है। जिससे वे जेवर की खरीदी कर सके। श्रीमती लक्ष्मी यह भी कहती है कि बहुत खुशी होती है कि घर बैठे इतनी राशि मिल रही है। उनके दो बच्चे टीकम और धनेंद्र के भविष्य की चिंता भी थी, हमेशा यही लगता था कि मैं भी थोड़ा आर्थिक रूप से मजबूत होने के लिए कुछ काम करूं, पर राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना से राशि प्रतिमाह मिल जाती है, उस पैसे की बचत कर बच्चों का भविष्य भी सुरक्षित कर रही हूं। साथ ही अब घर की छोटी-मोटी चीजों को खरीदने के लिए पति पर आश्रित रहने की जरूरत नहीं पड़ती है। कुछ घरेलु खर्च होता है तो खुद पूरा कर लेती है। अब पैसों के लिए दूसरे के सामने हाथ फैलाना नहीं पड़ता है।


    श्रीमती लक्ष्मी कहती है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने महिलाओं के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। मेरे जैसे लाखों महिलाओं को अपने सपने पूरे करने के अवसर मिल रहें है। इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद करते हैं। वे यह भी बताती है कि खान-पान भी बेहतर होता जा रहा है। राशन और घर की अन्य चीजें भी खरीदने के लिए कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ती है। अब सशक्त होने का अवसर प्राप्त हुआ है और बेहतर पोषण से जीवन भी बेहतर होगा और परिवार भी स्वस्थ रहने के साथ खुशहाल भी रहेगा। जीवन में उत्तरोतर विकास से समृद्धि भी आएगी। उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना के तहत राज्य में विवाहित महिलाओं को 1,000 रुपए प्रतिमाह (कुल 12,000 रुपए सालाना) वित्तीय सहायता दी जा रही है, जो प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में जमा हो जाती है।


    मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय कहते हैं कि उनका प्रयास आने वाले पांच वर्षों में राज्य की जीडीपी को दोगुना करने का होगा। इसी लिए राज्य की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बजट में महतारी वंदन योजना के लिए 3,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 10 मार्च से प्रथम किश्त महिलाओं के बैंक खाते में भेजने से प्रारंभ हुई महतारी वंदन योजना में रायपुर जिले के कुल 5 लाख 29 हज़ार 75 हितग्राहियों को महतारी वंदन योजना का लाभ प्राप्त हो रहा है, जिनको जून माह में चतुर्थ किस्त के रूप में 50 करोड़ 93 लाख 36 हज़ार 9 सौ रुपए महिलाओं के बैंक खाते में ज़ारी किए गए हैं।

 नई दिल्ली / एजेंसी / 4 जून को मतदान के परिणाम के बाद तीसरी बार एनडीए की सरकार और लगातार तीसरी बार देश की कमान पीएम मोदी के हाथो में है . पिछले दो बार कमजोर विपक्ष इस बार मजबूत हुआ और भाजपा कमजोर हुई . पीएम मोदी के शासन काल में यह पहला कार्यकाल होगा जिसमे विपक्ष का नेता भी होगा और डिप्टी स्पीकर भी होगा . पिछले दो कार्यकाल के तुलना में इस बार पीएम मोदी को सरकार चलाने में कई बाधाओ को पार करना होगा .


  24 जून  से शुरू हो रहे 18 वीं लोकसभा के पहले सत्र में नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी जिसके बाद 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा और 27 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। भाजपा नेता और सात बार सदस्य रहे भर्तृहरि महताब को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त करने को लेकर उठे विवाद का असर लोकसभा सत्र पर पड़ने की संभावना है।  10 दिन और 8 बैठक,18वें लोकसभा का पहले सत्र में होगा। 24 एवं 25 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी नवनिर्वाचित सदस्य शपथ लेंगे। इसके अलावा 26 जून को लोकसभा स्पीकर चुनाव होंगे।
 प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब दिलाएंगे नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ
 प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब राष्ट्रपति भवन में स्पीकर पद की शपथ लेंगे और 11 बजे सुबह लोकसभा पहुंचेंगे। इसके बाद 24 से 25 जून को प्रोटेम स्पीकर नए सांसदों को शपथ दिलाएंगे। इसके बाद 26 जून लोकसभा स्पीकर का चुनाव होगा।
  27 जून को राज्यसभा का 264 वां सत्र शुरू होगा और इसी दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को भी संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के बाद पीएम मोदी अपना भाषण देंगे। सत्र के आखिरी दो दिनों में राष्ट्रपति मुर्मु के अभिभाषण पर सरकार धन्यवाद प्रस्ताव लाएगी। इसके बाद दोनों सदनों में चर्चा होगी।  


जेल में बंद ये दो सांसद भी लेंगे शपथ
  जानकारी के लिए बता दें कि इस समय जेल में बंद दो सांसद भी सदन में शपथ लेंगे। इसमें एक अमृतपाल सिंह और दूसरे राशिद इंजीनियर का नाम शामिल है। अमृतपाल सिंह ने कांग्रेस के कुलबीर सिंह जीरा को हराकर खडूर साहिब सीट पंजाब से जीत हासिल की है। वहीं, राशिद इंजीनियर ने जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉफ्रेंस के उमर अबदुल्ला को 2 लाख के अधिक वोटों से हराया था। राशिद ने बारामुला सीट से चुनाव लड़ा है। जेल में बंद निर्वाचित को शपथ लेने के लिए पैरोल दी जाती है। इसके लिए संसद सचिवालय की ओर से जेल प्रशासन को जानकारी दी जाती है। इसमें बताया जाता है कि शपथ लेने वाले सांसद जेल में बंद है और उन्हें शपथ लेने की इजाजत दी जाए। शपथ ग्रहण करने के बाद सांसद वापस जेल चले जाते हैं। वह सदन की अन्य कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

सुरक्षाबलों के ट्रक पर नक्सलियों ने किया ब्लास्ट
जवानों की शहादत पर सीएम साय ने जताया शोक

   सुकमा / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की तरफ से नक्सलियों के खिलाफ लगाताार कार्रवाई की जा रही है। जवानों की कार्रवाई से बौखलाए नक्सलियों करतूत सामने आई है। सुकमा और बीजापुर की सरहद पर बसे सिलगेर और टेकुलगुडम के पास नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट करने से कोबरा के दो जवान बलिदान हो गए। जवानों के पार्थिव शरीर को घटना स्थल से निकाला जा रहा है। नक्सलियों ने जवानों के ट्रक पर आईईडी ब्लास्ट किया है। सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने मामले की पुष्टि की है।  इधर, नक्सली हमले की सूचना पर अतिरिक्त बल को मौके पर भेजा गया है। इलाके में अब सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
  मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को जगरगुंडा थाना क्षेत्र के सिलगेर कैम्प से कोबरा 201 वाहिनी की एडवांस पार्टी का मूवमेंट आरओपी ड्यूटी के दौरान ट्रक और मोटर साइकिल से कैम्प टेकलगुडेम की तरफ था। सिलगेर व टेकुलगुडम जाने के रास्ते मे नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से आईईडी प्लांट किया गया था। मूवमेंट के दौरान रविवार दोपहर तीन बजे के करीब आईईडी की चपेट से कोबरा 201 वाहिनी के ट्रक जिसमें चालक और सहचालक जवान मौके पर बलिदान हो गए। बताया गया है कि जवानों में विष्णु आर और शैलेंद्र शामिल हैं। बाकी सभी जवान सुरक्षित हैं। जवानों के पार्थिव शरीर को घटना स्थल से निकाला जा रहा है।

   
 सुकमा जिले में आईईडी ब्लास्ट में 2 कोबरा जवानों के निधन पर सीएम विष्णुदेव साय ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि सुकमा जिले के टेकलगुड़ेम में नक्सलियों के किए गए आईईडी ब्लास्ट में 2 कोबरा जवानों के निधन की दुःखद खबर आ रही है। ईश्वर से दिवंगत जवानों की आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
  बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, नक्सलवाद के खात्मे तक हम चुप नहीं बैठेंगे।

नई दिल्ली / एजेंसी / दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने निचली अदालत के जमानत देने के फैसले पर दिल्ली हाईकोर्ट की रोक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। केजरीवाल ने वकीलों के जरिए इस मामले में सोमवार ही सुनवाई की मांग की है।
  गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल को अब समाप्त हो चुकी दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में जमानत देने के निचली अदालत के आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी थी। न्यायमूर्ति सुधीर कुमार जैन ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा निचली अदालत के आदेश को चुनौती देने के लिए उच्च न्यायालय का रुख करने के बाद यह आदेश पारित किया।  
  अदालत ने कहा कि वह निचली अदालत के आदेश पर रोक लगाने की प्रार्थना पर विस्तृत आदेश के लिए मामले को सुरक्षित रख रही है। इसने यह भी कहा कि इस पर दो से तीन दिनों में फैसला सुनाया जाएगा। इस बीच, एकल न्यायाधीश ने निर्देश दिया कि निचली अदालत के जमानत आदेश के क्रियान्वयन पर रोक रहेगी। अंतिम आदेश दो से तीन दिनों के बाद पारित किया जाएगा।
ट्रायल कोर्ट ने दी थी जमानत -शराब घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत दे दी थी और एक लाख के जमानत बांड पर उन्हें रिहा करने का आदेश दिया था।

बजट पूर्व बैठक में छत्तीसगढ़ के वित्तमंत्री श्री ओपी चौधरी ने रखे राज्यहित में कई प्रस्ताव
राज्यों को पूंजीगत निवेश के लिए विशेष सहायता की राशि पूर्व की तरह रखा जाए
राज्य में रेल नेटवर्क के विस्तार का रखा प्रस्ताव
इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, टेक्सटाइल पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क के स्थापना का भी किया अनुरोध
नई दिल्ली /शौर्यपथ /नई दिल्ली में आयोजित बजट पूर्व बैठक में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ की विकास योजनाओं के संबंध में वित्तमंत्री श्री ओपी चौधरी ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने राज्यों को विशेष सहायता की राशि, स्टेट कैपिटल रीजन के विकास व राज्य में रेल नेटवर्क के विस्तार सहित राज्यहित के कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव व सुझाव रखे। दिल्ली के भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित बजट पूर्व बैठक में केंद्रीय वित्तमंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री श्री पंकज चौधरी के साथ ही अन्य राज्यों के वित्तमंत्री उपस्थित थे।
बैठक में राज्य सरकार की ओर से वित्त मंत्री श्री चौधरी ने भारत की अर्थव्यवस्था की प्रगति और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में उठाए गए कदमों की सराहना की। साथ ही उन्होंने देश में अधोसंरचना निर्माण, कौशल संवर्द्धन, उद्यमिता विकास, और आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी के अनुप्रयोगों के माध्यम से कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रशासन, और जनसुविधाओं के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की भी प्रशंसा की है।उन्होंने स्पष्ट किया कि 2047 तक विकसित भारत की तर्ज़ पर छत्तीसगढ़ को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ बनाने के लिये छत्तीसगढ़ की सरकार विजन डॉक्यूमेंट “अमृतकाल : छत्तीसगढ़ विजन @2047”  1 नवम्बर को प्रस्तुत करने जा रही है।
राज्यहित के मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए वित्तमंत्री श्री ओपी चौधरी ने कहा केन्द्र सरकार द्वारा राज्यों को पूंजीगत निवेश हेतु विशेष सहायता के रूप में वर्ष 2020-21 से 50 वर्षों के लिये ब्याज रहित ऋण राशि उपलब्ध कराई जा रही है। अंतरिम बजट 2024-25 में इस योजना के लिये गत वर्ष के समान ही 1,30,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है, किन्तु पार्ट-1 अंतर्गत गत वर्ष के प्रावधान 1 लाख करोड़ को कम करते हुए 55,000 करोड़ ही रखा गया है। उन्होंने इस योजना के लिए पूर्व की तरह राशि के प्रावधान का अनुरोध किया।
बैठक में स्टेट कैपिटल रीजन के विकास के लिए आर्थिक सहायता की जरूरत बताते हुए श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई राजधानी नवा रायपुर अटल नगर को देश के सबसे सुनियोजित एवं ग्रीन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। राज्य के सीमित संसाधनों से सड़क, पेयजल, विद्युत सुविधा, आवास तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया गया है, किन्तु नई राजधानी को रायपुर तथा दुर्ग-भिलाई के साथ मिलाकर एनसीआर की तर्ज पर स्टेट कैपिटल रीजन के रूप में आधुनिक नगरीय सुविधाओं के साथ विकसित किया जाना है।
उन्होंने इसे सूचना प्रौद्योगिकी, वित्त, बैंकिंग और ग्रीन एनर्जी के हब के रूप में विकसित करने के लिए बजट में पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की।
राज्य में रेल नेटवर्क का विस्तार की मांग करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खनिज संसाधनों की प्रचुरता के कारण खदानों से खनिज का परिवहन पर्याप्त रेल नेटवर्क के अभाव में अधिकांशतः सड़क मार्ग से होता है।
रेल द्वारा माल एवं यात्री परिवहन सड़क मार्ग की तुलना में सस्ता होने एवं औद्योगिक विकास के लिए कारण रेल नेटवर्क का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों के लिये उन्होंने राज्य में रेल सुविधाओं के विस्तार कार्यों की स्वीकृति का अनुरोध किया।
उन्होंने नागपुर-रायपुर-विशाखापटनम नवीन इंडस्ट्रियल कॉरीडोर विकसित करने अथवा वर्तमान प्रस्तावित कॉरिडोर से रायपुर को जोड़ने की जरूरत बताई।
इसके अलावा उन्होंने राज्य में टेक्सटाइल पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क की स्थापना का भी अनुरोध किया।
वित्तमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दुर्गम वन क्षेत्रों में निर्मित सड़कों के संधारण हेतु बजट में प्रावधान करने का अनुरोध किया।
वित्तमंत्री ने रायपुर में वृद्धजनों के लिए इंटीग्रेटेड जिरियाट्रिक हेल्थ सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव रखा।
उन्होंने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत बच्चों के लिए खाद्य सामग्री की दर और रसोइयों के मानदेय में वृद्धि का आग्रह किया। इसके साथ ही आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत प्रीमियम राशि में वृद्धि करने की मांग की।
श्री चौधरी ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा सातवें वेतनमान लागू करने के लिए अतिरिक्त वित्तीय भार का 50 प्रतिशत केंद्रान्श की मांग की। वहीं उन्होंने रायपुर एयरपोर्ट से अंतर्राष्ट्रीय उड़ान सेवाएं उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया।
ज़िला खनिज न्यास DMF के प्रावधानों में भी आवश्यक परिवर्तन की माँग रखी ,ताकि इस राशि का सदुपयोग हो सके।
केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण ने सुझावों पर सकारात्मक विचार करते हुये राज्य के विकास और जन कल्याणकारी कार्यों के लिए अधिक आर्थिक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया है।
बैठक में छत्तीसगढ़ के वित्तमंत्री के साथ वित्त सचिव श्री मुकेश बंसल भी शामिल रहे।

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)