August 12, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    शौर्यपथ

    शौर्यपथ

    प्रथम चरण में सांसद राहुल गांधी और दूसरे चरण में राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके वर्चुअल रूप से होंगे शामिल
    प्रथम चरण में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसानों के खातों में करेंगे राजीव गांधी किसान
    न्याय योजना की तीसरी किश्त का अंतरण
    स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल योजना और 30 नगरीय स्लम एरिया में
    मोबाइल हॉस्पिटल सह लैबोरेटरी का होगा शुभारंभ
    द्वितीय चरण में राज्यपाल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा ’राज्य अलंकरण सम्मान समारोह’
    विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, मंत्रीमंडल के सदस्य भी होंगे शामिल
    फोर्टिफाईड राईस वितरण योजना का होगा शुभारंभ
    टूरिज्म रिसार्ट का लोकार्पण तथा राम वन गमन पथ टूरिज्म सर्किट का होगा शिलान्यास
    बूढ़ातालाब के सौंदर्यीकरण कार्य, बीजापुर में 132/33 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र और 87.5 किलोमीटर 132 के.व्ही. बारसूर-बीजापुर विद्युत लाईन का होगा लोकार्पण
    जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित ‘छत्तीसगढ़ विचार माला‘ का होगा विमोचन

       रायपुर / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक नवम्बर को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में राज्योत्सव का कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण के कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राहुल गांधी और द्वितीय चरण के कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके वर्चुअल रूप से शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे से आयोजित राज्योत्सव के प्रथम चरण के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश के 18.38 लाख किसानों के खाते में राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त का अंतरण करेंगे। इस कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल योजना और मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत राज्य के 30 नगरीय स्लम एरिया में मोबाइल हॉस्पिटल सह लैबोरेटरी का शुभारंभ भी किया जाएगा।
    राज्योत्सव कार्यक्रम के द्वितीय चरण में दोपहर 1.30 बजे से राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके के मुख्य आतिथ्य में ’राज्य अलंकरण सम्मान समारोह’ आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके वर्चुअल रूप से शामिल होंगी। छत्तीसगढ़ राजगीत से राज्य अलंकरण सम्मान समारोह की शुरूआत होगी।
    विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, नेता प्रतिपक्ष श्री धरमलाल कौशिक, मंत्रीगण, संसदीय सचिव और विधायकगण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित ’छत्तीसगढ़ विचार माला’ के विमोचन के साथ ही टूरिज्म रिसार्ट का लोकार्पण तथा राम वन गमन पथ टूरिज्म सर्किट का शिलान्यास किया जाएगा। इस अवसर पर फोर्टिफाईड राईस वितरण योजना का शुभारंभ और राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक बूढ़ातालाब के सौंदर्यीकरण कार्य सहित बीजापुर में 132/33 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र तथा 87.5 किलोमीटर 132 के.व्ही. बारसूर-बीजापुर विद्युत लाईन का लोकार्पण भी होगा।

    दुर्ग / शौर्यपथ / ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंचे जिला प्रशासन निगम प्रशासन और पुलिस बल के अधिकारियों को निवासियों ने दीपावली तक यहां रहने की सहमति मांगी । निगम आयुक्त इंदजीत बर्मन ने छठ पूजा को ध्यान में रखते हुये मानवीय संवेदनाओं को देखते हुये निवासियों से लिखित में मांग पत्र लिए कि वे हर हाल में दीपावली त्यौहार के बाद लगभग 20 /21 तारीख तक जगह खाली कर देंगे । निवासियों ने आयुक्त के निर्देशानुसार लिखित में आवेदन दिए जिसके आधार पर जिला प्रशासन और निगम प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को आज रोक दिया ।
    उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के निर्देशानुसार एवं स्वीकृति के तहत सौंदर्यीकरण कार्य के लिए ठगड़ा बांध बस्ती के 270 निवासियों को बोरसी स्थित गैलेक्सी प्रधानमंत्री आवास में आवास आवंटित करने के बाद आज ठगड़ा बांध बस्ती खाली करने जिला प्रशासन निगम प्रशासन पद्मनाभपुर पुलिस चौकी के अधिकारी ठगड़ाबांध पहुंचे थे । निगम का तोड़ूदस्ता द्वारा केवल दो अतिक्रमण ही तोड़ पाया था कि उपस्थित निवासियों ने दीपावली तक यहां रहने की मांग किये । निगमायुक्त ने लिखित आवेदन लेकर उन्हें दीपावली के बाद 20 तारीख तक जगह खाली करने के निर्देश दिए हैं इस संबंध में आयुक्त श्री बर्मन ने बताया कि राज्य शासन के द्वारा ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरणकरण की स्वीकृति प्रदान की गई है विकास कार्य और सौंदर्यीकरणकरण के लिए राशि भी दी जा चुकी है ठगड़ा बांध सौंदर्यीकरण के लिए बांध में निवास करने वाले लगभग 300 परिवारों में से 270 परिवारों को बोरसी स्थित प्रधानमंत्री आवास आवंटन किया जा चुका है ।
    चूंकि दीपावली का त्यौहार अगले माह में मनाया जाएगा इसके बाद छठ पूजा मनाया जाता है निवासियों की मांग है कि छठ पूजा के बाद वे स्वतः कब्जा खाली कर हम प्रधानमंत्री आवास में चले जाएगें । आयुक्त महोदय ने हितग्राहियों को 22 नवंबर तक का समय जगह खाली करने दिया है । यदि कब्जा खाली नहीं किया जाएगा तो 23 नवंबर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी । बेदखली कार्यवाही के बाद किसी भी हितग्राही के द्वारा मकान का दावा करने पर नगर निगम ने आवाज देने बाद नहीं रहेगा । उन्होंने बताया ठगड़ा बांध क्षेत्र में 235 झोपड़िया है जहां 348 परिवार निवासरत जिसमें से 270 परिवारों को आवास का आवंटन किया जा चुका है । अब यदि ठगड़ा बांध के हितग्राही छठ पूजा के बाद 22 तारीख तक जगह खाली नहीं करते हैं तो 23 नवंबर से बेदखली की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। । उन्होंने बताया ठगड़ा बांध के लगभग 81 हितग्राहियों ने अब तक आवास के लिए आवेदन जमा नहीं किया है । बेदखली की कार्रवाई सभी के खिलाफ चलेगा ।
    कार्यवाही के दौरान तहसीलदार पार्वती पटेल, कार्यपालन अभियंता राजेश पांडेय, सहायक अभियंता जितेंद्र सुमैया, भवन अधिकारी प्रकाशचंद भवानी सहायक भवन अधिकारी गिरीश दीवान उप अभियंता राजकिशोर पा लिया विनोद मांझी आरके जैन ब्रेन ठाकुर शिव शर्मा के अलावा पदमनाभपुर पुलिस थाना केे प्रभारी उपस्थित थे ।

    किसानों को धोखा देने वाले रमन सिंह वनवास में आगे मोदी की बारी-कांग्रेस
    15 साल तक रमन-राजेश भाजपा ने किसानों को धोखा दिया -कांग्रेस
    किसानों को पूंजीपतियों का गुलाम बनाने की सोच रखने वाली भाजपा के प्रवक्ता राजेश मूणत के मुंह से किसानों के चिंता दिखावटी
    सरकार में चाहे मोदी की हो या रमन की दोनों से किसानों को धोखा ही मिला -कांग्रेस

    रायपुर / शौर्यपथ / पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत के बयान पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया व्यक्त की। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने पूर्व मंत्री राजेश मूणत पर तंज कसते हुए कहा कि किसानों को धोखा देने वालो को छत्तीसगढ़ की जनता ने 15 सीट में समेट कर वनवास में भेज दिया और जिसने किसान की पीड़ा व्यथा को समझा सदन से लेकर सड़क तक किसानों की हक की लड़ाई लड़ी। किसानों को उनका अधिकार दिलाने जेल यात्रा की उस कांग्रेस 69 सीट देकर सिर पर ताज दिया है। पूर्व मंत्री राजेश मूणत को किसानों के कर्ज माफ करने वाली, किसानों की धान को 2500 रुपया क्विंटल के दाम में खरीदने वाली, सबसे ज्यादा किसानों से धान खरीदने वाली कांग्रेस सरकार पर किसानों के साथ वादाखि़लाफ़ी का आरोप लगाने के पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। मूणत को एक बार भाजपा के 2013 के घोषणापत्र को पढ़ना चाहिए और रमन सिंह के 2013 से 2018 तक के पांच साल के कार्यकाल का आत्मावलोकन करना चाहिए। किस प्रकार उस दौरान किसानों के साथ धोखा छल हुआ था, अत्याचार, शोषण हुआ, शर्मसार कर देने वाली देश को झंकझोर देने वाली किसानों की आत्महत्या की घटनाएं हुयी, खेत के लिए जलाशय से पानी मांगने वाले किसानो के ऊपर लाठी बरसाई गई थी। किसानों के ऊपर रमन भाजपा सरकार ने बेइंतिहा जुल्म किया था। भाजपा ने ही तो किसानों को धान का कीमत 2100 रू. प्रति क्विंटल और 300 रु प्रति क्विंटल बोनस देने का वादा किया था। रमन सिंह ने वादा पूरा क्यों नही किया? 15 साल के रमन भाजपा शासनकाल में छत्तीसगढ़ के किसानों को धोखा के अलावा कुछ नहीं मिला। रमन भाजपा के शासन काल का 2 साल का बोनस का बकाया है जिसे कांग्रेस किस्तों में देने का वादा किया है।
    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा का चरित्र ही किसान विरोधी है। चुनाव में किए वादा को भाजपा के नेता चुनावी जुमला बताकर जनता का उपहास उड़ाते हैं। बीते 7 साल से मोदी की सरकार और 15 साल तक रमन सिंह की सरकार ने छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ धोखा, छल किया, वादाखि़लाफ़ी की। किसानों को रमन सिंह ने धान का समर्थन मूल्य 2100 रू. क्विंटल और 300 रू. प्रति क्विंटल बोनस नही दिया, वैसे ही मोदी सरकार भी देशभर के किसानों को स्वामीनाथन कमेटी के सिफारिश के अनुसार लागत मूल्य का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य, सस्ते दर पर डीजल, सस्ते दर पर रसायनिक खाद देने का वादा को अब तक पूरा नही किया है।

    मनोरंजन / शौर्यपथ / नेहा कक्कड़ और रोहनप्रीत सिंह अपनी मैरिड लाइफ एंजॉय कर रहे हैं। इसी बीच रोहनप्रीत ने अपने अपकमिंग सॉन्ग की अनाउंसमेंट की है जिसका नाम है एक्स कॉलिंग। रोहनप्रीत ने गाने का पोस्टर शेयर किया है जिसमें उनके साथ अवनीत कौर हैं। नेहा ने भी पोस्टर शेयर किया है। नेहा ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, 'रोहनप्रीत एक्स कॉलिंग'। इस कैप्शन के साथ नेहा ने गुस्से वाले इमोजी भी शेयर किया है।
    नेहा के इस पोस्ट पर रोहनप्रीत ने कमेंट किया, नेहा कसम से मैंने कुछ नहीं किया।
    इससे पहले शेयर की थी संगीत सेरेमनी की फोटोज
    नेहा ने अपनी संगीत सेरेमनी की फोटोज शेयर की थी। इन फोटोज को शेयर कर नेहा ने बताया कि संगीत सेरेमनी में उन्होंने डिजाइनर अनीता डोंगरे के आउटफिट्स पहने थे। साथ ही एक फोटो नेहा ने शेयर की है उसमें वह रोहनप्रीत को लिपलॉक करती नजर आ रही हैं।
    नेहा ने इन फोटोज को शेयर करते हुए लिखा, 'थैंक्यू सो मच अनीता डोंगरे मैम। नेहूप्रीत आपके आउटफिट्स के लिए हमेशा आपके आभारी रहेंगे।'
    ससुराल वालों ने दिया शानदार रिसेप्शन
    नेहा ने रिसेप्शन की फोटोज शेयर की हैं जिसमें वह रोहनप्रीत के साथ मिलकर केक कट कर रही हैं। साथ ही उनके ससुराल के लोग उनके साथ नजर आ रहे हैं। इन फोटोज को शेयर कर नेहा ने लिखा, रोहनप्रीत और उनके परिवार ने शानदार रिसेप्शन दिया। आप सभी को दिल से शुक्रिया।

    धर्म संसार / शौर्यपथ / शरद पूर्णिमा के बाद से कार्तिक का महीना लग जाता है। इस बार 1 नवंबर से कार्तिक का महीना लग रहा है। इस महीने में भगवान विष्णु जल में निवास करते हैं, इसलिए इस माह में सुबह सवेरे स्नान करने बहुत फल मिलता है। कार्तिक महीने में तुलसी पूजा का विशेष महत्व है। इस पूरे महीने में माता तुलसी के सामने दीपक जलाया जाता है।
    यह कहा जाता है कि माता तुलसी की पूजा करने से बहुत फल मिलता है। चांद-तारों की मौजूदगी में सूर्योदय से पूर्व ही पुण्य प्राप्ति के लिए स्नान करना जरूरी होता है। इस महीने में तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है। कहते हैं कि तुलसी विवाह करने से पुण्यफल की प्राप्ति होती है। तुलसी विवाह से घर में सुख-समृद्धि आती है। इस दिन तुलसी के पौधे का गमला सजाकर उसके चारों ओर ईख का मण्डप बनाकर उसके ऊपर ओढ़नी या सुहाग प्रतीक चुनरी ओढ़ाते हैं। तुलसी पूजन से पहले तुलसी पूजा के नियमों को भी जान लेना चाहिए।

    इस बात का ध्यान रखें कि तुलसी पत्र को बिना स्नान किए नहीं तोड़ना चाहिए।

    कभी भी शाम को तुलसी के पत्तों को शाम के समय तोड़ना नहीं चाहिए। पूर्णिमा, अमावस्या, द्वादशी, रविवार व संक्रान्ति के दिन दोपहर दोनों संध्या कालों के बीच में तथा रात्रि में तुलसी नहीं तोड़ना चाहिए।

    किसी के जन्म के समय और मुत्यु के समय घर में सूतक लग जाते हैं, ऐसे में तुलसी को नहीं ग्रहण करें। क्योंकि तुलसी श्री हरि के स्वरूप वाली ही हैं।

    तुलसी को दांतों से चबाकर नहीं खाना चाहिए।

    लाइफस्टाइल / शौर्यपथ / करवा चौथ पर महिलाएं सबसे ज्यादा सुंदर दिखना चाहती हैं। इसके लिए वे मेकअप से लेकर हर छोटे-छोटे स्टाइलिंग टिप्स का ख्याल रखती हैं। मेकअप और फैशनेबल कपड़े स्टाइलिश लुक देते हैं लेकिन लम्बे समय तक सुंदर दिखने के लिए आपको नेचुरल ग्लोइंग और हेल्दी स्किन चाहिए, इसके लिए आज हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बता रहे हैं , जिससे करवा चौथ पर ही नहीं, आप हमेशा अपनी स्किन को जवां और हेल्दी बना सकती हैं। इस ब्यूटी ड्रिंक से कुछ ही दिनों में आपको नेचुरल ग्लो मिलेगा।
    अनार का जूस
    अनार का जूस हमारे शरीर में खून साफ करने का काम करता है और टॉक्सिन्स निकालता है। इसके अलावा अनार के जूस में एंटीऑक्सीडेंट्स होने से स्किन को पर्याप्त मात्रा में पोषण मिलता है। वहीं, अनार का जूस पीने से नई सेल्स बनती और स्किन में ग्लो आता है।
    गाजर और चुकंदर का जूस
    स्किन में ग्लो लाने के लिए गाजर-चुकंदर जूस पीना चाहिए। गाजर-चुकंदर को ब्लैंड करने के बाद जो जूस बनता है, उसमें कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। ये पोषक तत्व स्किन को मुंहासों, झुर्रियों आदि से बचाते हैं।
    नींबू और अदरक का जूस
    स्किन में ग्लो के लिए नींबू-अदरक का जूस मिक्स करके पीएं। नींबू-अदरक के मिक्स जूस में पर्याप्त मात्रा में पोटेशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं। जूस में पाए जाने वाले ये तत्व हमारी स्किन अधिक खूबसूरत बनाते हैं।
    खीरे का जूस
    खीरे के जूस में पानी की पर्याप्त मात्रा और एंटीऑक्सीडेंट्स होने के चलते स्किन में निखार आता है। इसके साथ ही खीरे का जूस स्किन को बेदाग बनाने और रुखापन को दूर करने में मदद करता है।

    लाइफस्टाइल / शौर्यपथ / बढ़ते वजन को कम करने के लिए कई वर्कआउट और डाइट प्लान हैं। वहीं, मोटापा या पेट की चर्बी छुपाने के अस्थायी तरीकों की बात करें, तो बॉडी शेपर और ड्रेसेस भी आपके लुक को कुछ हद तक खराब होने से बचा लेते हैं, लेकिन चेहरे की चर्बी का इलाज सिर्फ यही है, कि इसे घटा दिया जाए। चेहरे पर जमा चर्बी की वजह से डबल चिन की समस्या भी हो जाती है, जो आपके चेहरे की सुंदरता को कुछ कम कर देती है। ऐसे में फेशियल योग से चेहरे की चर्बी को हटाकर अपनी सुंदरता को बरकरार रखा जा सकता है। आइए, जानते हैं फेशियल योग के कुछ टिप्स-


    फिश फेस
    इसके लिए दोनों गालों को अंदर खींचकर चेहरे को लाइक-अ-फिश यानी मछलीनुमा बना लें। इस योग को करने से चेहरे का अतरिक्त फैट कम होता है और यह झुर्रियों को रोकता है साथ ही मांसपेशियों में कसावट लता है।
    इसमें आंखों की पुतलियों को बाएं और दांए दोनों तरफ करीब 30-30 सेकंड तक घुमाएं। फिर गोल-गोल घुमाएं और फिर आई बाल को ऊपर-नीचे की तरफ घुमाएं।
    बैलून पोज
    इस पोज में मुंह में हवा भरकर करीब 10 सेकंड तक चेहरे को ऐसे ही रहने दें और सांस को रोक कर रखें, भरी हुई हवा को मुंह के अंदर दाएं-बाएं घुमाएं। यह क्रिया 5 बार दोहराएं।
    बैलून पोज लाभ
    -इसको करने से चेहरे पर चर्बी नहीं जमा होती।
    -जबड़े की हड्डी को मजबूत बनाता है।
    -खून का संचार बढ़ता है।
    -मुंहासों की समस्या दूर होती है।
    कसकर आंखें बंद करना
    इसके लिए अपने दोनों हाथों की मुठ्टियों को बांधकर, दोनों आंखों को कसकर बंदकर कर लें/भींच लें। यह क्रिया को करने से माथे पर पड़ी सिलवटें दूर होती हैं।
    लॉयन पोज
    इस पोज के लिए अपनी जीभ को पूरी ताकत से बाहर निकालें और अपनी आंखों को तान लें। जैसे शेर करता है ठीक वैसे ही। अब मुंह में हवा भरकर उसे दाएं व बाएं ओर घुमाएं। इससे
    आपके चेहरे की त्वचा में कसाव आ जाएगा।
    बुद्धा पोज
    इस पोज में आप दोनो आंखों को बंद करके बैठे और दोनों आई ब्रोज के बीच ध्यान लगाएं। 30 सेकंड तक इसी पोज में रहें। इससे आपको मेडिटेशन की तरह सुकून का एहसास देगा।
    योगा के चमत्कारिक गुणों का लाभ उठाने के लिए फेस योगा को दिन में दो बार सुबह व शाम खुले स्थान पर करें।

    यदि यह साजिश है तो रमन सिंह और भाजपा ही इस षड़यंत्र के मुख्य सूत्रधार रमन सिंह ने आदिवासियों को 15 साल संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया अब मरवाही के मतदाताओं का और आदिवासी समाज का भाजपा और रमन सिंह कर रहे हैं अपमान रायपुर/ शौर्यपथ / रमन सिंह के मरवाही दौरे पर प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह का दौरा मरवाही उपचुनाव में भाजपा की हार का एक बड़ा कारण बनेगा। 2003 में जोगी जब कांग्रेस के मुख्यमंत्री थे तो भाजपा ने प्रचार किया था कि जोगी नकली आदिवासी थे। भाजपा के सरकार में कलेक्टर बिलासपुर में सर्वोच्च न्यायालय तक मुकदमा चला। भाजपा के नेता बृजमोहन अग्रवाल, शिवरतन शर्मा ये सारे लोग उसमें पक्षकार बने। संतराम नेताम उस समय भाजपा में ही थे। नंदकुमार साय ने जो बाद में भाजपा के राष्ट्रीय जनजाति आयोग के अध्यक्ष बने। उन्होंने मरवाही में चुनाव लड़ा था। उन्होंने याचिका दायर की और मरवाही 5 साल तक वंचित रहा। ऐसे समय में कांग्रेस पर जो आरोप लगाये जा रहे है। दरअसल जनता कांग्रेस भाजपा की बी टीम है। भाजपा और भाजपा की बी टीम मिलकर छत्तीसगढ़ में सब कुछ करते रहे है। अंतागढ़ भी ए टीम और बी टीम ने मिलकर किया था। मरवाही भी दोनो मिलकर लड़ रहे है। चिंता न करें ए टीम और बी टीम 2018 में जनता ने हराया है इस बार भी जनता उनको खारिज करेगी। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि इस मामले को भाजपा का यह कहना कि कांग्रेस की सरकार आने के बाद यह मुद्दा उठा वो गलत है। ये मुद्दा पहले से चल रहा है इस मुद्दे को भाजपा ने उठाया, पहले कांग्रेस के अनेक लोगो ने उठाया। आदिवासी समाज के अनेक कार्यक्रमों में विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में कहा गया कि नकली सर्टिफिकेट धारको को आदिवासी सीटों से चुनाव न लड़ने दिया जाये, आदिवासी के हितो और हको को लूटने की इजाजत न दी जाये। यदि कांग्रेस की सरकार बनने के बाद आदिवासी समाज की मांग पूरी हुयी है तो इसे पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह का साजिश कहना ठीक नहीं है। यह तो आदिवासी समाज की पुरानी मांग है और यह फैसला आने के बाद कांग्रेस के लोगो के साथ-साथ भाजपा के नंदकुमार साय जो अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे है और ननकीराम कंवर पूर्व गृहमंत्री जैसे बड़े आदिवासी नेताओं ने भी इस फैसले का स्वागत किया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि मरवाही क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ रहा है। भंवर सिंह र्पोते ने मरवाही का अनेक बार प्रतिनिधित्व किया और कांग्रेस इस सीट को जीतती रही। मरवाही 15 साल तक भाजपा के शासनकाल में उपेक्षित रहा। जिला मुख्यालय जाने के लिये लोगो को 150 किलोमीटर की अधिक की दूरी तय करनी पड़ती थी। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मरवाही को जिला बनाया है। मरवाही के विकास के लिये अनेक योजनाओं को स्वीकृति दी है और अब मरवाही विकास के साथ चलेगा, कांग्रेस के साथ चलेगा। भाजपा और भाजपा की बी टीम ने मरवाही के लोगो के हितो और हको की 15 साल उपेक्षा की। मरवाही को विकास से वंचित रखा। मरवाही के लोगो को असुविधा होते रही। कांग्रेस की सरकार ने जो पहला जिला बनाया गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को बनाया और अब मरवाही विकास के रास्ते चलेगा, कांग्रेस के साथ चलेगा, भूपेश बघेल के साथ चलेगा। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि मरवाही की जनता जिला बनाने वाली कांग्रेस की सरकार की पक्ष में वोट देगी। मरवाही की जनता विकास करने वाली कांग्रेस की पक्ष में वोट देगी। मरवाही की जनता जो कांग्रेस उनके साथ हमेशा खड़ी होती आयी है उस कांग्रेस पार्टी को वोट देगी। एक बड़ी महत्वपूर्ण बात है तो कांग्रेस के 69 विधायक है। मरवाही की सीट जीतना और हारना सर्वाधिक महत्वपूर्ण है, मरवाही के विकास के लिये, मरवाही के मतदाताओं के लिये और इस मामले में पूरी तरीके से मरवाही के जनता के निर्णय का सम्मान करते है। हमे पूरा विश्वास है कि मरवाही से कांग्रेस उम्मीदवार की प्रचंड बहुमत से जीत होगी।

    पहुंच विहीन शासकीय भवनों, हाट बाजार और मेला स्थल तक बनायी जा रही हैं मुख्यमंत्री सुगम सड़क
    बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने ई-श्रेणी के तहत पंजीयन और 50 लाख रूपए तक के ठेके की व्यवस्था
    प्रदेश में शीघ्र लागू होगी धरसा विकास योजना


    रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य के गांव-गांव तक सड़क सम्पर्क को मजबूत और आवागमन को सुगम बनाने सड़क और पुलों के कामों के लिए पिछले दो साल में तेजी आयी है। राज्य सरकार ने इस दौरान 13 हजार 230 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें सड़क और पुलों और उनके मरम्मत के 4 हजार 50 काम शामिल है। इसके साथ ही प्रदेश के पहुंच विहीन सभी शासकीय भवनों-स्कूल-कॉलेज, आंगनबाड़ी, अस्पताल, धान संग्रहण केन्द्र, सार्वजनिक उपयोग के हाट बाजार, मेला स्थलों आदि को पक्के मार्ग से मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए 19 जून 2020 को मुख्यमंत्री बघेल द्वारा मुख्यमंत्री सुगम सड़क योजना प्रारंभ की गई है।
    राज्य सरकार के द्वारा प्रदेश के बेरोजगार युवकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ई-श्रेणी के तहत पंजीयन कराने की योजना भी लागू की गई है। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग द्वारा धरसा विकास योजना शीघ्र लागू करने की कार्यवाही की जा रही है। जिसके तहत गांव के कच्चे रास्तों (धरसों) को पक्का किया जाएगा ताकि ग्रामीण एवं मवेशी बरसात सहित सभी मौसम में सुगमता से आवाजाही कर सके।
    गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार के लोक निर्माण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2019-20 एवं 2020-21 में सड़कों और पुलों के 4050 कार्याें के लिए 13 हजार 230 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें वित्तीय वर्ष 2019-20 में 839 कार्याें के लिए 2648 करोड़ 36 लाख रूपए और वित्तीय वर्ष 2020-21 में 274 कार्याें के लिए 1930 करोड़ 37 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ सड़क विकास निगम (सीजीआरडीसी) के तहत 768 कार्याें के लिए 8 हजार 400 करोड़ और मुख्यमंत्री सुगम सड़क योजना के तहत 2 हजार 169 कार्याें के लिए 252 करोड़ रूपए शामिल है।
    लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में सुगम आवागमन के लिए गुणवत्तापूर्ण सड़कों और पुलों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी पुरानी सड़कों का रख-रखाव एवं नवीनकरण, सड़कों का दोहरीकरण तथा गुणवत्ता के साथ नए सड़कों और पुलों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में स्थानीय बेरोजगार युवकों को रोजगार उपलब्ध कराने और स्थानीय संसाधनों के समुचित उपयोग के लिए अब निर्माण कार्याें के लिए 50 लाख के ठेके युवाओं को प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए विभाग द्वारा वर्तमान में लागू एकीकृत पंजीयन प्रणाली के अंतर्गत श्रेणी ‘अ‘ ‘ब‘ ‘स‘ ‘द‘ के बाद नई श्रेणी ई को जोड़ गया है।

    दुर्ग / शौर्यपथ / नशीली सिरफ व टेबलेट सहित 3 आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्धारा मेडिकल दुकान की आड़ में लोगो को प्रतिबंधित नशीली पदार्थ, परोसते थे। दुर्ग पुलिस ने लगभग 1 लाख का माल बरामद किया है।
    जानकारी देते हुए एडिशनल एसपी रोहित झा ने बताया कि दुर्ग पुलिस के द्वारा नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में व सीएसपी दुर्ग विवेक शुक्ला व प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक चित्रा वर्मा के द्वारा अवैध मादक पदार्थों के व्यापारियों पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चलाकर कार्यवाही की गई।
    मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चौकी पद्मनाभपुर क्षेत्र अंतर्गत केलाबाड़ी दुर्ग में आरोपी एजाज अहमद 29 साल को नशीली दवाई विक्रय करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से 136 सीसी 3X कोरेक्स कफ सिरप इसकी कीमत 20400 है एवं नगदी 2050 जप्त किया गया इसी प्रकार थाना दुर्ग क्षेत्र अंतर्गत सूचना मिली कि आरोपी मनीष वर्मा द्वारा अपने घर के सामने नशीली दवाइयां बेच रहा है। जिसको तत्काल घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 46 नग रेक्समास सिरप कीमत 5220 जप्त किया गया।
    इसी कड़ी में थाना नेवई के अंतर्गत रेड की कार्रवाई कर अनिल सिंह उम्र 40 वर्ष को कृतिका मेडिकल में प्रतिबंधित मादक औषधि विक्रय करते पकड़ा गया आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवाई कोडीन युक्त सीरप पकड़ी गई। सहित विभिन्न कार की नशीली दवाइयों को पकड़ा गया है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है उपरोक्त संपूर्ण कार्यवाही में मुख्य रूप से नेवई थाना प्रभारी भावेश साव, उप निरीक्षक नरेश सर्वा, चौकी प्रभारी पदमनाभपुर, उप निरीक्षक पवन देवांगन निरीक्षक भुनेश्वर यादव प्रधान आरक्षक लेखपाल साहू आरक्षक शरद सिंह, देवेंद्र कमलेश यादव, ललित साहू जावेद खान, प्रदीप ठाकुर, धीरेंद्र यादव , आशीष साहू राहुल दुबे एवं ड्रग इंस्पेक्टर आस्था वर्मा व पितांबर साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision