Google Analytics —— Meta Pixel
March 03, 2026
Hindi Hindi
स्पोर्ट्स

स्पोर्ट्स (417)

खेल / शौर्यपथ / भारतीय क्रिकेट में एक से बढ़कर एक खिलाड़ी हुए हैं। सचिन तेंदुलकर, कपिल देव, सुनील गावस्कर युवराज सिंह, अनिल कुंबले, वीवीएस, लक्ष्मण, राहुल द्रविड़ ऐसे ना जाने कितने ही नाम हैं। सचिन तेंदुलकर को ऑल टाइम बेस्ट माना जाता है। मौजूदा दौर में भी भारत के पास विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाज हैं। कोरोना वायरस की वजह से सभी क्रिकेट गतिविधियां ठप्प पड़ी हुई हैं। लॉक डाउन की वजह से क्रिकेटर्स घर में परिवार के साथ वक्त बिता रहे हैं। इसी के साथ सोशल मीडिया के जरिये अपने फैन्स के जुड़े रहने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच बहुत से क्रिकेटर सोशल मीडिया पर अपनी-अपनी ऑल टाइम इलेवन भी बना रहे हैं।

घरेलू क्रिकेट में वसीम जाफर भारत के बेस्ट बल्लेबाज माने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने भी सोशल मीडिया पर इंडिया ऑल टाइम वनडे इलेवन का ऐलान किया। जाफर ने सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली को ओपनर के रूप में चुना है। इन दोनों की अपने समय में अच्छी साझेदारियां रही हैं। हालांकि, उन्होंने इस टीम में वीरेंद्र सहवाग को नहीं चुना जिस पर हरभजन सिंह ने हैरान जताई है।

वसीम जाफर ने अपने ऑफिशियल टि्वटर हैंडल से ऑल टाइम वनडे इलेवन के बारे में बताया। जाफर की ऑल टाइम वनडे इलेवन में इन खिलाड़ियों को जगह मिली- सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, रोहित शर्मा, विराट कोहली, युवराज सिंह, महेंद्र सिंह धोनी, कपिल देव, रवींद्र जडेजा या हरभजन सिंह, अनिल कुंबले, जहीर खान, जसप्रीत बुमराह।

जाफर की इस ऑल टाइम वनडे इलेवन पर भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने हैरानी जताई, क्योंकि जाफर की टीम में वीरेंद्र सहवाग नहीं हैं। हरभजन ने जाफर के ट्वीट पर सवाल करते हुए पूछा- सहवाग नहीं?

बता दें कि सहवाग को अपनी पीढ़ी का सबसे विस्फोटक बल्लेबाज माना जाता है। तकनीकी रूप से मजबूत नहीं कहे जाने के बावजूद भी उनके हाथों और आंखों के बीच गजब का तालमेल था। उन्होंने भारत के लिए यादगार पारियां खेली हैं। सहवाग ने भारत के लिए 251 वनडे, 19 टी-20 मैच खेले हैं।

उन्होंने वनडे में उन्होंने 8273 और टी-20 में 394 रन बनाए। वनडे में उन्होंने 23 शतक और 32 अर्द्धशतक लगाए। सहवाग पहले भारतीय क्रिकेटर थे, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक लगाया था। उन्होंने टेस्ट में दो तिहरे शतक लगाए हैं। करुण नायर तिहरा शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय हैं। अक्टूबर 2015 में 'नजफगढ़ के नवाब' के नाम से मशूहर सहवाग ने क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।

 

खेल / शौर्यपथ / वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान डेरेन सैमी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर कर सनराइजर्स हैदाराबाद टीम में नस्लवाद के आरोप लगाए हैं। पिछले हफ्ते सैमी 'कालू' शब्द का मतलब जानने के बाद काफी गुस्से में आ गए थे। उन्होंने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान मुझे और श्रीलंका के क्रिकेटर थिसारा परेरा को 'कालू' कहा जाता था। हम दोनों उस वक्त सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते थे। अब मुझे इस शब्द का मतलब समझ आया है और मैं बहुत गुस्से में हूं। हालांकि, उस वक्त उन्होंने किसी का भी नाम नहीं लिया था।

अब डेरेन सैमी ने नस्लवाद के मुद्दे को लेकर एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने इस वीडियो को शेयर करते हुए कहा है कि मैं उन सभी लोगों को एक संदेश देना चाहता हूं, जो मेरे लिए इस शब्द का इस्तेमाल करते थे।

इंस्टाग्राम पर शेयर वीडियो में सैमी ने कहा, ''मैंने पूरी दुनिया में क्रिकेट खेला है और मुझे कई लोगों से प्यार मिला है। मैंने सभी ड्रेसिंग रूम को अपनाया है, जहां मैंने खेला है। इसलिए मैं हसन मिन्हाज को सुन रहा था कि कैसे उनकी संस्कृति के कुछ लोग काले लोगों का वर्णन करते हैं। ''

उन्होंने कहा, ''यह सब लोगों पर लागू नहीं होता है। इसलिए मैंने जब इस शब्द का मतलब जाना तो मैंने कहा था कि मैं गुस्से में हूं। इस शब्द का अर्थ का पता लगा तो मुझे यह अपमानजनक लगा था। तुरंत मुझे याद आया जब मैं सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेला था, तब मुझे ठीक वही शब्द कहा जा रहा था जो हमें काले लोगों के लिए अपमानजनक है।''

सैमी ने कहा कि मुझे जब यह शब्द कहा जाता था, तब मैं इसका मतलब नहीं जानता था। उनकी टीम के साथी उन्हें हर बार उस नाम से पुकारते थे और हंसते थे। उन्होंने कहा, मैं उन लोगों को संदेश देना चाहता हूं कि तुम लोग जानते हो कि तुम कौन हो। मुझे उस समय स्वीकार करना चाहिए था, जब मुझे वह शब्द कहा जाता था। लेकिन मुझे लगा कि इस शब्द का अर्थ मजबूत या इससे ही जुड़ा हुआ कुछ है। मैं नहीं जानता था कि इसका क्या मतलब है। जब भी मेरे लिए वह शब्द इस्तेमाल किया जाता था, तब वहां हंसी का माहौल होता था। मुझे लगता था कि टीममेट्स हंस रहे हैं तो शायद इसमें कुछ फनी होगा।''

डेरेन सैमी ने कहा, ''अब मुझे अहसास हुआ कि यह अपमानजनक था। मैं आप लोगों को मैसेज करूंगा और आप लोगों से पूछूंगा कि जब आप लोग मुझे उस नाम से बुलाते थे तो क्या आप लोगों का मतलब गलत होता था? मेरे सभी ड्रेसिंग रूम्स में बहुत अच्छी यादें हैं। इसलिए जो लोग भी मुझे इस शब्द से बुलाते थे, वे इस बारे में सोचना। इस पर बात करते हैं कि क्या यह आप गलत अर्थों में बोलते थे, अगर हां तो मैं बहुत निराश होऊंगा।''
बता दें कि विंडीज के पूर्व कप्तान अफ्रीकी-अमेरिकी शख्स जॉर्ज फ्लॉयड की मौत को लेकर काफी मुखर रहे हैं। उन्होंने फ्लॉयड की मौत को लेकर चल रहे विरोध करो अपना सपोर्ट दिया है।
हाल ही में अमेरिका में अश्वेत जॉर्ज फ्लॉयड की अमेरिका में हत्या हो गई।

46 वर्षीय फ्लॉयड की एक पुलिसकर्मी ने घुटने से उसकी गर्दन दबाई, जिसके चलते उनकी मृत्यु हो गई। उनकी हत्या के विरोध में पूरी दुनिया में विरोध दर्ज किया गया। इस पर डेरेन सैमी ने आईसीसी से यह अनुरोध किया था कि क्रिकेट जगत के लोग नस्लवाद के खिलाफ सामने आना चाहिए।

 

खेल /शौर्यपथ /टीम इंडिया के बल्लेबाज सुरेश रैना ने कहा है कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उन्हें खुलकर बल्लेबाजी करने की इजाजत देते थे। रैना धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया तथा चेन्नई सुपर किंग्स के साथ काफी समय तक खेले हैं। स्टार स्पोटर्स के शो क्रिकेट कनेक्टेड में उन्होंने धोनी के साथ बल्लेबाजी करने के अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा, “हम जब भी साथ में खेलने उतरे तो धोनी ने मुझे खुलकर बल्लेबाजी करने की इजाजत दी। उन्हें पता था कि मेरी क्षमता क्या है।”

बाएं हाथ के बल्लेबाज रैना ने कहा, “मेरे खेल में जो मजबूती थी या मुझे जब संभलने की जरुरत होती थी तो धोनी मुझे चेतावनी देते थे और कहते थे कि रणनीति बदलने पर नतीजे क्या हो सकते हैं और ऐसे वक्त वह आखिरी फैसला मेरे ऊपर छोड़ देंगे।”

धोनी आपको खेल में बदलाव लाने के लिए नहीं कहते
उन्होंने कहा, “वह आपको खेल में बदलाव लाने नहीं कहते थे, लेकिन वह बल्लेबाज को इस बात से अवगत कराते थे कि टीम की स्थिति के हिसाब से नतीजे कैसे हो सकते हैं। वह मेरी बल्लेबाजी को कवर कर देते थे और बताते थे कि टीम कहां जा सकती है। इससे मुझे फैसले लेने में आसानी होती थी।”

धोनी की फिटनेस लाजवाब, वह जल्दी नहीं थकते
शिविर के दौरान आईपीएल की तैयारियों पर रैना ने कहा, “पहले कुछ दिनों तक उन्होंने इसे हल्के में लिया और अपने जिम पर ध्यान केंद्रित करते रहे। लेकिन इस दौरान वह शानदार शॉट खेलते थे। उनकी फिटनेस लाजवाब है और वह जल्दी थकते नहीं है।”

उन्होंने कहा, “लेकिन इस बार वह बल्लेबाजी करते वक्त थक नहीं रहे थे। वह सुबह जिम में समय बिताते थे और शाम को तीन घंटे तक बल्लेबाजी अभ्यास करते थे। जब आप जिम के बाद नेट्स पर वर्कआउट करते हैं और फील्डिंग के बाद अगले दिन सुबह बल्लेबाजी अभ्यास करते हैं तो आपके शरीर में थोड़ी थकान महसूस होती है।”

कुछ ऐसी चल रही थी आईपीएल की तैयारी
रैना ने कहा, “हम सुबह नौ बजे जिम जाते थे और दोपहर बाद स्विमिंग करते थे और शाम को वापस लौटते थे। इस बार उनकी तैयारी कुछ अलग थी। मैं उनके साथ कई सालों से राष्ट्रीय टीम और चेन्नई के लिए खेला हूं लेकिन इस बार उनकी तैयारी कुछ अलग थी।

भारतीय बल्लेबाज ने कहा, “मैं उम्मीद कर रहा हूं कि जल्द ही मैच शुरु हो, जिससे लोग यह देख पाएं कि वह कितने तैयार हैं। दो महीने शिविर में बिताने के बाद मैं अपने प्रदर्शन को देखना चाहता हूं। जब कोई काफी मेहनत करता है तो खिलाड़ी के लिए दुआएं खुद रास्ते तय कर देती हैं।”

 

          खेल /शौर्यपथ / टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मौजूदा समय में स्टार हिंदी कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने मौजूदा वनडे इलेवन टीम चुनी है। सोमवार को आकाश चोपड़ा ने यूट्यूब पर एक वीडियो शेयर किया और इसमें उन्होंने मौजूदा बेस्ट वनडे इंटरनैशनल इलेवन टीम चुनी। चौंकाने वाली बात यह है कि आकाश चोपड़ा की इस खास टीम की कप्तानी विराट कोहली या रोहित शर्मा को नहीं मिली है, जबकि इंग्लैंड के इयोन मोर्गन इस टीम के कप्तान हैं। इयोन मोर्गन की कप्तानी में इंग्लैंड ने पिछले साल जुलाई में वर्ल्ड कप जीता था।

सलामी बल्लेबाजी की जिम्मेदारी आकाश चोपड़ा ने रोहित शर्मा और वेस्टइंडीज के शाई होप को दी है। होप ने पिछले कुछ समय में अपनी बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया है। शाई होप इस खास टीम में सलामी बल्लेबाज के अलावा विकेटकीपर की भूमिका भी निभाएंगे। आकाश चोपड़ा ने कहा कि सलामी बल्लेबाज के लिए उन्होंने एरन फिंच के नाम पर भी विचार किया था, लेकिन उन्हें टीम में विकेटकीपर भी चाहिए था, इसलिए उन्होंने शाई होप को चुन लिया।

नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए उन्होंने विराट कोहली को चुना है, जबकि नंबर चार के लिए उन्होंने कीवी टीम के सीनियर बल्लेबाज रोस टेलर को चुना है। आकाश चोपड़ा ने कहा कि हम लोगों ने इस पर इतना ध्यान नहीं दिया है, लेकिन पिछले दो साल में टेलर ने सब-कॉन्टिनेंट में काफी रन बनाए हैं। नंबर पांच के लिए आकाश चोपड़ा ने इयोन मोर्गन को चुना है। मोर्गन को ही आकाश चोपड़ा ने कप्तान चुना है। आकाश चोपड़ा ने कहा कि उन्होंने इंग्लैंड में क्रिकेट को काफी बदला और इसीलिए उन्होंने मोर्गन को कप्तान चुना है।


आकाश चोपड़ा की इस खास टीम में छठे नंबर पर बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन हैं, जबकि सातवें नंबर पर इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स। बॉलिंग डिपार्टमेंट में आकाश चोपड़ा ने जसप्रीत बुमराह पर मोहम्मद शमी को तरजीह दी है। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के मिशेल स्टार्क और न्यूजीलैंड के लॉकी फर्गसन को भी टीम में चुना है।

आठवें नंबर पर स्टार्क, नौवें नंबर पर कुलदीप यादव, 10वें नंबर पर मोहम्मद शमी और 11वें नंबर पर फर्गसन हैं। पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को आकाश चोपड़ा ने 12वें खिलाड़ी के तौर पर चुना है। आकाश चोपड़ा मौजूदा ODI XI: रोहित शर्मा, शाई होप, विराट कोहली, रोस टेवर, इयोन मोर्गन (कप्तान), शाकिब अल हसन, बेन स्टोक्स, मिशेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, लॉकी फर्गसन, बाबर आजम (12वें खिलाड़ी)

 

          खेल / शौर्यपथ / गृह मंत्रालय द्वारा शनिवार (30 मई) को नए दिशानिर्देश जारी किए गए। लॉकडाउन 4-0 आज यानी (31 मई) को खत्म हो रहा है। पिछले दो महीने से भी अधिक समय से लागू लॉकडाउन को अब अनलॉक किया जा रहा है। ऐसे में बीसीसीआई को उम्मीद है कि इस साल आईपीएल के आयोजन की योजना को पूरा किया जा सकता है। देश में लॉकडाउन खत्म करने का काम तीन चरणों में पूरा होगा। 8 जून से शुरू होने वाले पहले चरण को अनलॉक 1 नाम दिया गया है। इसमें जिसमें रेस्टोरेंट, होटल, मॉल, शॉपिंग सेंटर और धार्मिक स्थलों को खोलने की बात कही गई है।

गृह मंत्रालय के इस नए दिशा निर्देश में खेलों से जुड़ी रियायतें भी शामिल हैं। इसके मुताबिक, ''स्थिति के आकलन के आधार पर (चरण 3) में अंतरराष्ट्रीय यात्राओं को फिर से शुरू करने की तारीखें तय की जाएंगी। इसके साथ ही जिम, स्विमिंग पूल, सामाजिक / राजनीतिक / खेल / मनोरंजन कार्यों और बड़े आयोजनों को लेकर भी फैसले लिए जाएंगे।''

अनलॉक का दूसरा चरण जुलाई में शुरू होगा और बाद तीसरे चरण का अनलॉक कभी भी हो सकता है। ऐसे में आईपीएल और क्रिकेट के भविष्य पर बात करते हुए बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा, ''यह सकारात्मक कदम है। यदि अंतर्राष्ट्रीय यात्रा फिर से शुरू होती है और खेल गतिविधियों को अनुमति दी जाएगी तो हम भविष्य के लिए योजना बना सकते हैं।''

बीसीसीआई ने कुछ वक्त पहले कहा था कि वह मानसून खत्म होने तक आईपीएल का आयोजन करने पर विचार करने की स्थिति में नहीं है। इस टूर्नामेंट के सितंबर के अंत से पहले होने की संभावना नहीं है। फिर से अक्टूबर-नवंबर के लिए ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी- 20 विश्व कप पर आईपीएल के भाग्य को छोड़ दिया जाएगा। अगर टी-20 वर्ल्ड कप स्थगित होता है तो उन विंडो के बारे में कुछ तय किया जा सकता है। वहीं, आईसीसी ने टी-20 वर्ल्ड कप का फैसला 10 जून तक टाल दिया है।

खिलाड़ियों के लिए एक राष्ट्रीय शिविर का आयोजन करके उन्हें फिटनेस के स्तर पर लौटने में मदद मिलेगी। टीम इंडिया के बॉलिंग कोच भरत अरुण ने हाल ही में कहा था कि खिलाड़ियों को वापस लौटने में 6 से 8 हफ्तों का वक्त लगेगा। इसके साथ ही प्रैक्टिस गेम भी होंगे तभी वे दोबारा फिट होकर खेल पाएंगे।

अरुण धूमल ने कहा, ''जहां तक ​​एक कैंप के लिए एक साथ खिलाड़ियों के इकट्ठा होने की बात है तो फिर से हमें चीजों को और सामान्य करने के लिए इंतजार करना होगा। फिलहाल अभी हम राज्य सरकारों की सलाह के आधार पर व्यक्तिगत लेवल पर खिलाड़ियों के अपने शहरों में सुविधाओं में काम कर रहे हैं।''

बीसीसीआई के कई अनुबंधित क्रिकेटरों को अभी घर के पास प्रैक्टिस के लिए लाइनअप नहीं किया गया है। मुंबई के बाहरी इलाके पालघर में रहने वाले सीमर शार्दुल ठाकुर की नेट प्रैक्टिस पर भी रोक लगा दी गई थी। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली, टेस्ट उप कप्तान अजिंक्य रहाणे और सीमित ओवरों के उप कप्तान रोहित शर्मा मुंबई में अपने घरों में फंसे हुए हैं। बता दें कि मुंबई देश के वायरस प्रभावित क्षेत्रों में नंबर एक पर है।

भारतीय बोर्ड की संचालन टीम सुरक्षित वातावरण में प्रशिक्षण को फिर से शुरू करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने की प्रक्रिया में है, जिसे सभी राज्य संघों को भेजा जाएगा।

 

           खेल / शौर्यपथ / बलबीर सिंह सीनियर के नाम के साथ हॉकी अभिन्न रूप से जुड़ा है लेकिन यह महान खिलाड़ी भी भारत के सबसे लोकप्रिय खेल क्रिकेट की चमक से अछूता नहीं रहा और एक बार उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को कहा था कि आपकी जीत से मेरी सेहत बेहतर होती है। ओलंपिक में लगातार तीन स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे 96 साल के बलबीर सीनियर का सोमवार को मोहाली में निधन हो गया।

 

धोनी के साथ उनकी मुलाकात चार साल पहले हुई थी जब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने विश्व टी20 मुकाबले से पहले मोहाली के पीसीए स्टेडियम में थी। बलबीर सीनियर मैच से पहले भारतीय टीम को शुभकामनाएं देना चाहते थे। धोनी ने उन्हें धन्यवाद दिया और उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा जिस पर इस दिग्गज ने हंसते हुए जवाब दिया था, ‘आपकी जीत से मेरी सेहत बेहतर होती है।’


उस समय 92 बरस के बलबीर सीनियर ने कहा था, ‘मैं टीम को तीसरा विश्व खिताब जीतने और स्वर्णिम हैट्रिक पूरी करने की शुभकामना देने आया हूं।’ भारत ने तब ऑस्ट्रेलिया को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी लेकिन इसके बाद सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज से हार गई थी। भारत ने धोनी की अगुआई में 2007 में विश्व टी20 और 2011 में 50 ओवर का विश्व कप जीता था।

बलबीर सीनियर स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याओं से जूझ रहे थे और दो हफ्तों से अधिक समय तक उन्हें जीवन रक्षा प्रणाली पर रखा गया था। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईसीसी) ने आधुनिक ओलंपिक इतिहास के जिन 16 महान खिलाड़ियों का चयन किया था उसमें बलबीर सीनियर एकमात्र भारतीय थे।
ओलंपिक के पुरुष हॉकी फाइनल में किसी खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक गोल दागने का रिकॉर्ड अब भी उनके नाम दर्ज है। उन्होंने 1952 हेलसिंकी ओलंपिक खेलों के पुरुष हॉकी फाइनल में नीदरलैंड पर भारत की 6-1 की जीत में पांच गोल किए थे। बलबीर सीनियर को 1957 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया और वह 1975 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के मैनेजर भी रहे।

         खेल / शौर्यपथ / अनुभवी भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना का अधिकतर करियर महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में बीता है। कठिन समय के दौरान भी रैना का धोनी का भरपूर समर्थन मिला और रैना ने यह भी सुनिश्चित किया कि वह शायद ही कभी अपने कप्तान को निराश करें। कुछ वक्त पहले धोनी और रैना पर कमेंट करते हुए युवराज सिंह ने कहा था कि जब धोनी कप्तान थे, तब सुरेश रैना उनके पसंदीदा खिलाड़ी थे। युवराज सिंह के इस कमेंट का अब सुरेश रैना ने जवाब दिया है।

युवराज सिंह के कमेंट पर जवाब देते हुए बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि धोनी ने हमेशा उनका सपोर्ट किया, क्योंकि वह जानते थे कि कि मुझमें टैलेंट है। सुरेश रैना ने यह भी याद किया कि धोनी उनके खराब फॉर्म के दौरान उन्हें कैसे सावधान करते थे। इसके बाद रैना भी यह सुनिश्चित करते थे कि वह आने वाले मैचों में पुरानी गलती को ना दोहराएं और अपने परफॉर्मेंस में सुधार करें।

महेंद्र सिंह धोनी ने निश्चित रूप से मेरा समर्थन किया
सुरेश रैना फैनकोड से बात करते हुए कहा, ''मैं कहूंगा कि महेंद्र सिंह धोनी ने निश्चित रूप से मेरा समर्थन किया। उन्होंने मेरा समर्थन किया, क्योंकि उन्हें पता था कि मेरे पास प्रतिभा है। मैंने उनके लिए करके भी दिखाया है चाहे वह चेन्नई सुपर किंग्स हो या टीम इंडिया। जब भी उन्होंने मेरा सपोर्ट किया।''

उन्होंने आगे कहा, ''धोनी के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि वह आपको दो गेम के बाद बताएंगे। फिर वह कहते थे- यदि आप स्कोर नहीं करते हैं तो मुझे बड़ा कदम उठाना होगा। मैंने उनसे कहा था कि बस मुझे एक या दो गेम दीजिए, मैं विश्वास दिलाता हूं कि गलती नहीं दोहराऊंगा।''

मध्य क्रम के बल्लेबाजों के सामने काफी चुनौतियां
सुरेश रैना ने इस दौरान मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजी के चैलेंज के बारे में भी बात की। उनका कहना है कि मध्य क्रम के बल्लेबाजों के सामने काफी चुनौतियां होती हैं, क्योंकि उन्हें लगभग हर खेल में अलग-अलग परिस्थितियों में बल्लेबाजी करनी होती है। रैना ने ज्यादातर भारत के लिए पांच या छह में बल्लेबाजी की और एक बार चौथे नंबर पर जाने की कोशिश की। वर्ल्ड कप के बाद श्रेयस अय्यर के टीम में आने तक नंबर 4 की समस्या एक ज्वलंत मुद्दा बनी हुई थी।

मिडिल ऑर्डर मेरे लिए हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा
उन्होंने कहा, ''आप जानते हैं कि मिडिल ऑर्डर आसान नहीं है। हर मैच में आपको खेलना होता है। कई बार आपको 10-15 ओवर बल्लेबाजी करनी होती है और कई बार यह 30 ओवर तक भी होती है। हमारी स्थिति भिन्न है। हमें गेंदबाजी भी करनी होती है। हमें 2-3 विकेट भी लेने होते हैं और 15-20 रनों का बचाव भी करना होता है। मिडिल ऑर्डर मेरे लिए हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन मैंने मैं हमेशा हर चीज को सकारात्मकता के साथ लेता हूं।''

रैना ने धोनी को कहा- शुक्रिया
सुरेश रैना ने महेंद्र सिंह धोनी को उन्हें सपोर्ट करने के लिए शुक्रिया कहा। रैना ने सौरव गांगुली के बाद धोनी को महानतम कप्तान बताया। सुरेश रैना इस बात से भी संतुष्ट हैं कि धोनी ने जब भी उनका समर्थन किया, वह हमेशा आगे बढ़े। वह इस बात से खुश हैं कि वह 2011 में विश्व कप टीम का हिस्सा थे, जिसे भारत ने जीता था।

वह हमेशा से जानते थे कि मेरे पास किस तरह की प्रतिभा है
उन्होंने कहा, ''मैं एमएस का शुक्रगुजार हूं, क्योंकि वह हमेशा मेरे बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं और वह हमेशा से जानते थे कि मेरे पास किस तरह की प्रतिभा है। मुझे लगता है कि यह सब किस्मत है। दादा के बाद धोनी महानतम कप्तान हैं। इसलिए मुझे लगता है कि विश्व कप खेलने के दौरान हमने चीजों का आनंद लिया।''

रैना ने कहा, ''ईश्वर सभी कठिन परिस्थितियों में मेरे साथ रहा है। अब यह कहना मुश्किल है कि मुझे कम या ज्यादा मौके मिले। मुझे इस बात की खुशी है कि मैं वर्ल्ड कप का हिस्सा था। उन्होंने मुझे सपोर्ट किया। मैंने भी परफॉर्म किया। इसलिए मुझे लगता है कि मैं ज्यादा कुछ मांग सकता हूं।''

 

         खेल / शौर्यपथ / रोहित शर्मा के सीमित ओवरों में सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाने से पिछले सात वर्षों में भारत को दोनों छोटे प्रारूपों में ओपनिंग को लेकर ज्यादा माथापच्ची नहीं करनी पड़ी, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उसकी एक अदद सलामी जोड़ी की तलाश अब भी जारी है। रोहित को पिछले साल अक्टूबर में टेस्ट मैचों में भी सलामी बल्लेबाज की भूमिका में उतारा गया था और वह इसमें सफल भी रहे, लेकिन उनकी असली परीक्षा विदेशी पिचों पर होनी थी और न्यूजीलैंड दौरे से पहले उनके चोटिल होने के कारण भारत को 2020 में खेले गये दो टेस्ट मैचों में नयी सलामी जोड़ी के साथ उतरना पड़ा था।

भारत अगर इस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाता है तो फिर पूरी संभावना है कि मयंक अग्रवाल के साथ रोहित ही पारी का आगाज करेंगे, लेकिन अन्य बल्लेबाजों विशेषकर युवा पृथ्वी शॉ की दावेदारी को भी कम करके नहीं आंका जा सकता है जबकि केएल राहुल वनडे फॉर्मैट में अच्छे प्रदर्शन के कारण लंबे प्रारूप में खेलने का दावा मजबूत करते जा रहे हैं। इनके अलावा मुरली विजय और शिखर धवन की दावेदारी को भी नहीं नकारा जा सकता है।

पिछले 5 सालों में इन खिलाड़ियों के आजमाया
पिछले पांच वर्षों में भारत ने शिखर धवन, केएल राहुल, मुरली विजय, मयंक अग्रवाल, रोहित शर्मा, पार्थिव पटेल, पृथ्वी शॉ, गौतम गंभीर, हनुमा विहारी, अभिनव मकुंद और यहां तक कि तीसरे नंबर पर खेलने वाले चेतेश्वर पुजारा को भी पारी का आगाज करने के लिए भेजा। इस बीच भारत ने इन खिलाड़ियों को मिलाकर 15 जोड़ियां आजमाई। राहुल ने सर्वाधिक 32 टेस्ट मैचों में ओपनिंग की जबकि विजय ने 29, धवन ने 21 और अग्रवाल ने 11 मैचों में यह जिम्मेदारी संभाली।

2018 में मयंक ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया था डेब्यू
मयंक अग्रवाल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2018 में मेलबर्न में 'बॉक्सिंग डे' टेस्ट मैच में पदार्पण किया और शीर्ष क्रम के पहले दो स्थानों में से एक स्थान को स्थायित्व प्रदान किया। उन्होंने अब तक 11 मैचों की 17 पारियों में 974 रन बनाए हैं लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ चार पारियों में वह 102 रन ही बना पाए थे जबकि पृथ्वी ने 98 रन बनाए थे। लेकिन इस पूरी सीरीज में सभी भारतीय बल्लेबाज नाकाम रहे थे।

रोहित शर्मा पिछले साल बतौर टेस्ट ओपनर खेले
रोहित शर्मा टेस्ट मैचों में फिर से पारी का आगाज करने के लिए बेताब होंगे। उन्होंने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापट्टनम में पहली बार यह भूमिका निभाई और दोनों पारियों में शतक (174 और 127) ठोककर नया रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद उन्होंने रांची में 212 रन की लाजवाब पारी खेली लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ दोनों टेस्ट मैचों में उनका बल्ला कुंद पड़ा रहा। शॉ ने अब तक जो चार टेस्ट मैच खेले हैं उनमें एक शतक की मदद से 335 रन बनाये हैं।

अगर पिछले पांच वर्षों में अन्य देशों की सलामी जोड़ियों की बात करें तो इंग्लैंड और श्रीलंका के बाद भारत ने सर्वाधिक बल्लेबाजों से पारी की शुरुआत करवाई। इंग्लैंड ने इस बीच 17, श्रीलंका ने 12, भारत ने 11, दक्षिण अफ्रीका ने 10, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान ने नौ-नौ खिलाड़ियों को सलामी बल्लेबाज के रूप में आजमाया।

न्यूजीलैंड ने टॉम लाथम की वजह से इस बीच स्थायित्व दिखाया और पिछले पांच वर्षों में उसने केवल चार खिलाड़ियों को ओपनिंग का दायित्व सौंपा। लाथम ने पिछले पांच वर्षों में अपनी टीम की तरफ से सभी 42 मैचों में पारी का आगाज किया।

 

   नई दिल्ली / शौर्यपथ / पिछले दिनों धोनी (Dhoni) की एक तस्वीर वायरल हुई थी जिसमें उनकी सफेद दाढ़ी की काफी चर्चा हुई थी. फैन्स यह समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर में धोनी इतने बूढ़े कैसे दिख रहे हैं. धोनी की सफेद दाढ़ी वाली तस्वीर काफी वायरल भी हुई थी. इसी दौरान ऑस्ट्रेलिया के खेल पत्रकार डेनिस फ्रीडमैन ने धोनी के वायरल हुई तस्वीर का मजाक बनाया और ट्विटर पर भारत के वीर कमांडर अभिनंदन का नाम लेकर ट्रोल करने की भरपूर कोशिश की. खेल पत्रकार डेनिस फ्रीडमैन ने ट्विटर पर धोनी की तस्वीर शेयर कर उनके द्वारा पहनी गई टी-शर्ट पर कमेंट किए और लिखा, आप उस समय ऐसी टी-शर्ट पहनते हैं जब आप अपनी राष्ट्रीय इतिहास की किताबों में 2019 के महान अभिनंदन प्रकरण को अनदेखा कर देते हैं.

दरअसल तस्वीर में धोनी ने जो टी-शर्ट पहनी हैं उसमें भारतीय वायु सेना की प्रतीकात्मक तस्वीर बनी हुई है. बता दें कि पछले साल भारत के कमांडर अभिनंदन ने पाकिस्तान के F16 को मार गिराने के क्रम में पाकिस्तान के सीमा में जा पहुंचे थे जिसके बाद उन्हें पाकिस्तानी सेना ने बंदी बना लिया था. बाद में फिर भारतीय सरकार ने पाकिस्तानी सरकार के साथ बातचीत की और फिर कमांडर अभिनंदन वापस भारत लौट आए थे. गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार के इस कमेंट के बाद ट्विटर पर लोगों ने उनको खूब ट्रोल भी किया. बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई स्पोर्ट्स पत्रकार डेनिस फ्रीडमैन इससे पहले भी भारतीय क्रिकेटरों पर कमेंट करते रहे हैं. कोहली और गंभीर को लेकर डेनिस हमेशा ट्विटर पर कमेंट कर छाए रहते हैं. खासकर विराट कोहली के आक्रमक अंदाज को अपने ट्विट के जरिए काफी निशाना बनाते हैं. 

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)