September 01, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    दुर्ग

    दुर्ग (5023)

    भिलाई नगर/  शौर्यपथ।  नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत त्यौहार के मद्देनजर ट्रैफिक एवं पार्किंग व्यवस्था में सुधार लाने के लिए संयुक्त बैठक के बाद आज निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव, अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, नगर पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र पटेल, यातायात विभाग के उप पुलिस अधीक्षक गुरजीत सिंह, उपायुक्त सुनील अग्रहरी, उप पुलिस अधीक्षक लाइन नीलेश द्विवेदी, निरीक्षक भारती मरकाम यातायात, निरीक्षक संग्राम सिंह यातायात, जोन कमिश्नर ऐशा लहरें एवं मनीष गायकवाड, चेंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री अजय भसीन, व्यापारी संघ एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स से राजीव गुप्ता, सौरभ सिंह, शिवराम शर्मा, जितेंद्र अग्रवाल, चिन्ना राव, प्रेम रतन गहलोत, प्रकाश मखीजा, अमरेश खेमानी, हरीश शर्मा, विष्णु मिश्रा, उत्तम जैन एवं मनोज बक्तयानी एवं अन्य ने निरीक्षण किया इस दौरान सड़क बाधा एवं बेतरतीब तरीके से समान लगाकर व्यवसाय करने वालों को चेतावनी दी गई तथा पावर हाउस सर्कुलर मार्केट एवं सुपेला संडे मार्केट से सड़क बाधा को हटाया गया, वही बेतरतीब वाहन रखने वालों को भी चेतावनी देकर सड़क से वाहनों को हटाया गया। भीड़ वाले क्षेत्रों में पसरा लगाने वालों के लिए निश्चित दायरा को चिन्हित किया जाएगा एवं दुपहिया वाहनों तथा बड़े वाहनों को ऐसे क्षेत्रों के समीप स्थलों में पार्किंग की व्यवस्था बनाई जाएगी। चेंबर ऑफ कॉमर्स व्यापारी संघ के सुझाव पर पार्किंग स्थल तैयार किए जाएंगे वहीं ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने कई स्थानों पर वनवे किया जाएगा।

    *सड़क बाधाकर व्यवसाय किया तो होगी चालानी कार्रवाई* मार्केट क्षेत्रों में आज निरीक्षण के दौरान ज्यादा भीड़-भाड़ वाले स्थलों का निरीक्षण किया गया, कई स्थानों पर बेतरतीब वाहनों के खड़े होने तथा अनावश्यक रूप से सड़क बाधा कर ठेला लगाने वाले, तथा अपने दुकान से बाहर सड़क पर सामान सजाने वालों को चेतावनी दी गई है, अब चेतावनी के बाद भी नहीं समझने वालों पर चलानी कार्यवाही एवं नियमानुसार निगम एवं पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाएगी, सड़क बाधाकर सामान सजाने वालों के लाइसेंस भी चेक किए जाएंगे, जिसकी शुरुआत आज से हो गई है! निगम प्रशासन त्योहारों के मद्देनजर अपील करती है कि वाहनों को मार्केट क्षेत्र में बेतरतीब खड़ा न करें, दुकानदार अपने अहाते के भीतर ही सामान रखकर व्यवसाय करें, ठेला एवं पसरा लगाने वाले निर्धारित स्थलों पर ही व्यवसाय करें अन्यथा कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

    *इन मार्केट क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था के लिए स्थल किया गया चिन्हित* जवाहर मार्केट के व्यापारी एवं कर्मचारी अपने वाहन लाल मैदान में खड़ा करेंगे। सुपेला बाजार एवं पावर हाउस मार्केट में सामान खरीदने आने वाले आम जनता के लिए निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे पार्किंग करने चेंबर ऑफ कॉमर्स के व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने सुझाव दिया। लिंक रोड में वाहन लोडिंग एवं अनलोडिंग का समय रात्रि 10:00 बजे से सुबह 10:00 बजे तक निर्धारित करने पर भी चर्चा की गई इस पर व्यापारी संघ ने अपने सुझाव और सहमति दिए हैं। पावर हाउस मार्केट के समीप त्यौहार के दौरान जो पसरा लगाते हैं जैसे फूल, दीया, मोमबत्ती उनके लिए सर्विस रोड में बिहार होटल से जगदंबा स्वीट तक पसरा लगाने स्थान आरक्षित करने सहमति बनी, इसी स्थल पर खराब एवं कंडम वाहनों को हटाने की भी कार्यवाही होगी, सर्कुलर मार्केट लिंक रोड से आने वाले आम जनता अपने वाहन शासकीय स्कूल पानी टंकी मैदान में खड़ा करेंगे, इसी प्रकार नंदिनी रोड एवं शीतला मंदिर क्षेत्र से आने वाले आम जनता अपने वाहन सीएसपी छावनी कार्यालय के पीछे पुलिस मैदान में वाहन खड़ा करेंगे, अकाश गंगा सुपेला में व्यापारी अपने दोपहिया वाहन उद्यान परिसर में पार्किंग करेंगे साथ ही सर्कस मैदान के स्थलों को पार्किंग के लिए तैयार किया जाएगा, सुपेला एवं लक्ष्मी मार्केट क्षेत्र में वेंकटेश्वर टॉकीज के समीप संजय नगर तालाब के पास स्थित मैदान का उपयोग पार्किंग के लिए किया जाएगा, साथ ही लक्ष्मी मार्केट के व्यापारी पुराना मछली मार्केट के खाली स्थल पर अपने वाहन की पार्किंग करेंगे, सेक्टर 6 ए मार्केट में आने वाले आम जनता के लिए समीपस्थ मैदान सड़क नंबर 30 एवं 31, सेक्टर 6 एवेन्यू बी के किनारे के जगह का उपयोग पार्किंग स्थल के लिए किया जाएगा। 

    दुर्ग / शौर्यपथ /नगर पालिक निगम,महापौर धीरज बाकलीवाल ने लोक कर्म विभाग की आवश्यक बैठक लेकर इंजीनियर्स को अपने-अपने प्रभार के वार्डों में संधारण मद एवं अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियो को प्रत्येक वार्ड से दो-दो लाख रुपए के संधारण कार्य का प्रस्ताव शीघ्र बनाने के निर्देश दिए ताकि टेंडर प्रक्रिया का पालन भी यथाशीघ्र हो सके,उन्होंने बैठक के दैरान ये भी कहा कि निगम सीमा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के लिए बनाए जा रहे 12 करोड़ के प्रस्ताव की जानकारी ली। निगम क्षेत्र में स्थित पदमनाभपुर गार्डन के कार्य की गति धीमी होने पर नाराजगी व्यक्त की गई तथा कार्य में गति लाने संबंधित ठेकेदार को कहा गया उन्होंने दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए सभी इंजीनियरों को शहर में पानी की समस्या ना हो इसका विशेष रुप से ध्यान रखने कहा। इस मौके पर लोक कर्म विभाग प्रभारी अब्दुल गनी जलकार्य प्रभारी संजय कोहले,पार्षद बिजेंद्र भारद्वाज,कार्यपालन अभियंता राजेश पांडे सहायक अभियंता आर.के. जैन.आर.के. पालिया उपअभियंता भीमराव,सुश्री आसमा डेहरिया,सुश्री श्वेता महलवार,उपअभियंता विकास दमाहे,जलकार्य निरीक्षक नारायण सिंह ठाकुर,प्रभारी सचिव भूपेंद्र गोइर  और अन्य कर्मचारी मौजूद थे।

    रिसाली / शौर्यपथ / अंतिम व्यक्ति को सुगम न्याय और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले यही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य है। उक्त बाते न्यायाधीश उमेश कुमार उपध्याय ने कही। वे रिसाली नगर पालिक निगम कार्यालय में आयेजित ई मेगा लीगल सर्विस कैम्प में शामिल हुए। इस दौरान न्यायाधीश उमेश कुमार उपध्याय, रूचि मिश्रा व निगम आयुक्त आशीष देवांगन ने 67 से भी अधिक विभिन्न योजना के हितग्राहियों को लाभ दिलाते प्रमाण पत्र का वितरण किया।
    राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देश पर रिसाली निगम परिसर में आयोजित ई मेगा लीगल सर्विसेस कैम्प का आयोजन रविवार को किया गया। इस अवसर पर न्यायाधीश रूचि मिश्रा व न्यायाधीश उमेश मिश्रा ने आयोजन के महत्व और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों को विस्तार से बताते हुए कहा कि यह सेतू का कार्य करता है, और समय≤ पर इस तरह का आयोजन कर सीधे समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं व सुलभ न्याय व्यवस्था दिलाने कार्य कर रही है। शिविर के आरंभ में अतिथि के रूप में उपस्थित न्यायाधीश द्वय का स्वागत निगम आयुक्त आशीष देवांगन व आभार प्रदर्शन नोडल अधिकारी रमाकांत साहू ने किया। इस अवसर पर निगम के हरचरण सिंह अरोरा, हिमांशु कावड़े, बृजेन्द्र परिहार, विनय शर्मा, गोपाल सिन्हा, अश्वनी देशमुख, किशोर कुमार बघेल, चन्द्रपाल हरमुख आदि उपस्थित थे।
    टोल फ्री नंबर से ले मदद
       न्यायाधीश उमेश कुमार उपध्याय ने कहा विधिक सेवा प्राधिकरण पीड़ित हितग्राहियों और ऐसे पक्षकार जो न्याय के लिए भटक रहे है। जानकारी के अभाव में भटकते है। ऐसे लोगों की मदद के लिए पैरा लीगल वालींटयर की टीम है। आप उनकी मदद के लिए टोल फ्री नंबर 1500 का उपयोग कर सकते है।
    इन्हे मिला योजना का लाभ
       दुकान स्थापना के लिए सोनल तिवारी, धनेश्वरी देशलहरा, अरूण कुमार जैन, डोमन लाल देवांगन को अनुज्ञप्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। इसी तरह भवन अनुज्ञा रेवती रमन, सुनीता गजपाल, जोसफा, बीपीएल राशन कार्ड अश्वनी बाई साहू, पुष्पा सोनी, मीना देवी, भाग्य पूजा, देवकी देवी, जुलेखा पीटर, सलमा पवीन, अरूणा परदेशी, देवरती सोनी, कल्पना नायक, रूखमणी और पेंशन योजना के तहत राम कुमारी, मुन्नी बाई, देवकुमारी वर्मा, रामलाल, थनवारीन मानिकपुरी, मन्नूलाल, नीराबाई, दशोदा बाई, काजल नायक समेत प्रधानमंत्री अवास योजना के तहत प्रमाण पत्र दिया गया।

    भिलाई नगर/ शौर्यपथ  / भिलाई के जेनेरिक मेडिकल स्टोर में लोगों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है, जहां भारी संख्या में जरूरतमंद नागरिक सस्ती दवाई लेने के लिए पहुंच रहे हैं। खुर्सीपार निवासी यशवंत एवं पावर हाउस निवासी मोहम्मद अंसारी आज भिलाई के जेनेरिक मेडिकल स्टोर में दवाई लेने पहुंचे। 55% छूट के साथ उन्हें धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर से दवाई मिली उन्होंने कहा कि सस्ती दर पर दवाई मिलने से पैसे की भारी बचत हो रही है, बचत पैसे का अन्य कार्यों में उपयोग करेंगे, यशवंत ने आगे बताया कि बीमारी के कारण नियमित रूप से दवाई का सेवन करना पड़ता है, ऐसे में छूट के साथ दवाई मिलना मेरे लिए काफी लाभप्रद है! धन्वंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर्स के माध्यम से जेनरिक दवाएं उपलब्ध कराने का शासन का उद्यम बेहद सफल रहा है। दवा दुकानों में लोगों की काफी भीड़ पहुंच रही है। भिलाई में पावर हाउस स्थित मदर्स मार्केट एवं शास्त्री मार्केट तथा कुरूद भगवा चौक में धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर प्रारंभ हो चुका है। जहां दवाई के जरूरतमंद नागरिक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। भिलाई में शास्त्री मार्केट में दवा लेने पहुंची राखी साहू ने बताया कि उनके पड़ोसी ने बताया कि उन्होंने कल मल्टी विटामिन जेनरिक दवा दुकान से खरीदी और काफी सस्ती मिली। मैंने सोचा कि मैं भी देखती हूँ। कोरोना से ठीक होने के बाद इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए मैं मल्टी विटामिन ले रही हूँ, कुछ पैसे बच जाएं तो बहुत अच्छा है। यहां मैंने देखा कि हर्बल प्रोडक्ट्स भी काफी हैं और बहुत अच्छी रेंज में हैं। मैंने हर्बल प्रोडक्ट भी ले लिये। राखी ने बताया कि छत्तीसगढ़ में हर्बल प्रोडक्ट खरीदना हमेशा फायदे का सौदा है क्योंकि हमारे बस्तर के जंगल तो वनौषधियों के भरमार ही हैं और यहां पर शुद्ध सामान ही मिलेगा। दवा खरीदने मदर्स मार्केट में पहुंचे सोनू चंद्राकर ने बताया कि मैंने आमिर खान का सत्यमेव जयते देखा था और सुना था कि जेनरिक दवाएं उसी फार्मेशन में होती हैं और बेहद सस्ती होती हैं और उतनी ही प्रभावी होती हैं। फिर भी यह कहां मिलती हैं इसके बारे में मुझे जानकारी नहीं थी। सरकार ने यह अच्छा किया कि इसे शहर के सबसे महत्वपूर्ण केंद्रों में खोल दिया है। जेनरिक दवा लेने के लिए मुझे अस्पताल तक जाने की जरूरत नहीं। भगवा चौक में दवाई लेने पहुंचे सुधीर रामटेके ने बताया कि मैथवी केयर की 235 रुपए एमआरपी की दवाई 129.25 रुपए में, लूलीडर की 330 रुपए एमआरपी की दवाई 181.50 रुपए में तथा थायरोक्सिन की 180 रुपए एमआरपी की दवाई 99 रुपए में प्राप्त हुई है। इस प्रकार जो दवाई कुल 745 रुपए में मिलनी थी वह दवाई केवल 409.75 रुपए में प्राप्त हो गई, इस प्रकार 335.25 रुपए की सीधी बचत हुई है।

    सुबह-सुबह भिलाई लौटे यात्रियों ने बताया मंजर, कहा आपदा की जानकारी मिलते ही अलर्ट मोड में थी सरकार, राज्य सरकार और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने निरंतर की बातचीत और हमारा ख्याल रखा

    दुर्ग / शौर्यपथ / भिलाई के सभी 55 यात्री आज उत्तराखंड से सुरक्षित लौट आये। इतने बड़े हादसे से निकलने के बाद की खुशी उनकी आँखों में स्पष्ट झलक रही थी। भरी हुई आँखों से उन्होंने बताया कि भूस्खलन के बाद का मंजर बहुत डरावना था। हमने हिम्मत नहीं हारी, अपनी सरकार पर भरोसा रखा। बहुत जल्दी डोगरा बटालियन की टीम पहुँची और हम सबको सुरक्षित पहुंचाया। कुछ किमी हमें पैदल चलना पड़ा। हमें राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि आप सभी आश्वस्त रहें। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल भी पूरी घटना पर नजर रखे हुए हैं और आप सभी की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए हर संभव सहायता करने के निर्देश हमें दिये गये हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे पूरे समय लोगों की सहूलियत के संबंध में मानिटरिंग करते रहे। अपर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना कैंचीधाम के एसडीएम के निरंतर संपर्क में रही। यात्रियों को स्कूल और अन्य सुरक्षित रहवासों में पहुँचाया गया और इनके खानपान की जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद दिल्ली तक सुबह- सुबह पहुंचाया गया। यात्रियों ने बताया कि दिल्ली तक आने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। जिला प्रशासन के अधिकारी निरंतर समन्वय में रहे। हमें किसी तरह की तकलीफ नहीं हुई। छत्तीसगढ़ भवन में पहुंचकर हमें बहुत अच्छा लगा। यात्रियों ने बताया कि हम इस आपदा से जल्दी इसलिए बाहर आ पाये क्योंकि हमारी सरकार ने उत्तराखंड सरकार से उचित समन्वय बनाया। वहां के जिला प्रशासन ने तेजी से रेस्क्यू का कार्य किया। हम इसके लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के प्रति बहुत आभारी है। सुबह स्टेशन में बहुत सुंदर माहौल था और यात्रियों का स्वागत विजेताओं की तरह किया गया। सबकी आँखों में खुशी के आंसू थे। सामूहिक प्रयास से यह बड़ा काम संपन्न हुआ।

     दुर्ग / शौर्यपथ / भिलाई में डिलीवरी ब्वॉय से लूट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से मोबाइल, नकदी और एक बाइक जब्त किया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने डिलेवरी ब्वाय से लूट करना स्वीकार किया। इसके उनके खिलाफ  मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
        पुलगांव पुलिस बताया कि 27 सितंबर को एक डिलीवरी ब्वाय ने उसका मोबाइल व रुपए लूटने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि तीन लोगों ने उसे जबरदस्ती रोककर कर उसके साथ मारपीट कर लूटपाट की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे के लिए मुखबिरों को लगाया। तफ्तीश के दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली की थाना मोहन नगर क्षेत्र में सिकोला बस्ती के पास 3 संदिग्ध युवक मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। तत्काल पुलिस की टीम गंज मंडी के पास पहुंची और घेराबंदी आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम न्यू शांति नगर निवासी प्रद्युमन वर्मा (19 वर्ष), गगन साहू उर्फ गोपी (19 वर्ष) और अंबी सदन के पास निवासी पीयूष ठाकुर उर्फ भांचा (19 वर्ष) बताया। उन्होंने करीब एक माह पूर्व एक साथ मिलकर कोटनी में लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
    यह दर्ज कराई गई थी शिकायत
    ग्राम कोटनी निवासी डिलेवरी ब्वाय दीपक कुमार साहू ने 27 सितंबर को पुलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ तीन लोगों ने लूटपाट की है। उसने बताया कि वह पुलगांव की ओर आ रहा था तभी रात करीब 11 बजे हनुमान मंदिर कोटनी के पास 3 युवकों ने बाइक को बीच सड़क पर खड़ी कर उसे रोक लिया। इसके बाद उन्होंने उसके साथ मारपीट की और उसके जेब से मोबाइल फोन और 2 हजार रुपए नकद लूट लिए। इसके बाद वह वहां से भाग गए।

    भिलाई / शौर्यपथ / आज निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे हुडको स्थित तलाब पहुंचे, उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया, वहीं सफाई कर्मचारियों को तालाब परिसर के विस्तृत सफाई करने के साथ ही तालाब के भीतर के झिल्ली, पन्नी एवं अन्य प्रकार के कचरे को सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर के चारों ओर का निरीक्षण किया जगह-जगह झाड़ी उग आई थी, उन्होंने झाडिय़ों को हटाने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने समीपस्थ दार्शनिक स्थलों एवं मंदिरों के समीप सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया, यहां पर भी उन्होंने झाडिय़ों को काटकर सफाई करने कहा, बौद्ध भूमि एवं गजराज मंदिर भी पहुंचे यहां उन्होंने सफाई व्यवस्था देखी। शहीद कौशल स्मारक का भी उन्होंने जायजा लिया। निगम आयुक्त के निर्देश पर तालाबों को चयनित कर सफाई की जा रही है। तालाबों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए निगम प्रशासन श्रद्धालुओं से अपील करती है कि पूजा इत्यादि से संबंधित सामग्री के विसर्जन के लिए तालाबों में निर्मित कुंड का ही उपयोग करें। ताकि तालाब स्वच्छ बना रहे। कई तालाबों में निस्तारी भी की जाती है इसलिए तालाब सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
    उल्लेखनीय है कि निगमायुक्त श्री सर्वे ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जलकुंभी को भी तालाबों से हटाए, घाट एवं परिसर भी साफ-सुथरा रहे, तालाब सफाई को प्राथमिकता से करने के निर्देश उन्होंने दिए हैं। त्योहारों को देखते हुए तालाबों की सफाई पर व्यापक जोर दिया जा रहा है। मॉर्निंग विजिट में आयुक्त भिलाई के किसी भी कोने में पहुंच कर सफाई एवं पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण औचक रूप से कर रहे हैं जिससे सफाई व्यवस्था में सुधार आने लगा है। निगम के अधिकारी भी आयुक्त के निरीक्षण के चलते अलर्ट मोड में नजर आ रहे हैं। लापरवाही बरतने वाले अधिकारी/कर्मचारियों के ऊपर गाज गिरना भी तय है। इस दौरान पूर्व पार्षद सुरेखा खट्टी एवं निगम के सफाई के जोनल चंदन शर्मा उपस्थित रहे।

    दुर्ग / शौर्यपथ / नवदृष्टि फाउंडेशन और रिलायंस फाउंडेशन के सयुंक्त तत्वाधान में लगातार किये जा रहे  वैक्सीनेशन के तहत  60 लोगों को चंदूलाल चंद्राकर हॉस्पिटल में  कोवैक्सीन लगाया गया। नवदृष्टि फाउंडेशन की ओर से रितेश जैन,मंगल अग्रवाल,सूरज साहू ,नयन गुलहने सुबह से  ही चंदूलाल हॉस्पिटल में वैक्सीनेशन हेतु व्यवस्था बनाए हुए थे व तीन दिन से लगातार लोगों को जागरूक कर रहे थे व वैक्सीनेशन हेतु हर संभव मदद कर रहे थे।
    फाउंडेशन के रितेश जैन ने कहा हमारी संस्था लगातार लोगों से कोविन  एप्प डाउनलोड करवा रही थी एवं उसकी पूरी प्रक्रीया विस्तार से समझा रही थी ताकि अधिक से अधिक लोग वैक्सीनेशन का लाभ ले सके।  मंगल अग्रवाल  ने कहा हमारे सदस्यों की मेहनत का नतीजा है कि अभी तक 600 से अधिक  लोग वैक्सीनेशन हेतु पहुंचे व बिना किसी परेशानी के वैक्सीन लगवाया व् जानकारी दी।
    वैक्सीनेशन के इस अभियान में नव दृष्टि फाउंडेशन की ओर से किरण भंडारी, राज आढ़तिया, अनिल बल्लेवार, कुलवंत भाटिया,प्रवीण तिवारी,मुकेश आढ़तिया,मोहित अग्रवाल, हरमन दुलई,प्रभु दयाल उजाला,विकास जायसवाल,सूरज साहू,नयन गुलहने प्रमोद बाघ,जितेंद्र हासवानी,दीपक बंसल ने सहयोग किया।

    दुर्ग / शौर्यपथ / संभाग स्तरीय आदिवासी नृत्य का आयोजन 19 व 20 अक्टूबर को कला मंदिर सिविक सेंटर भिलाई में किया गया। संभाग स्तरीय आदिवासी महोत्सव में संभाग के दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव एवं कबीरधाम जिले के 12 नृतक दलों के द्वारा प्रस्तुति दिया गया। महोत्सव में शामिल दलों में प्रथम स्थान के लिए जय बुढ़ा देव कर्मा नृत्य दल ग्राम कोदवा (गंडई) राजनांदगांव को, जय सेवा आदिवासी नृत्य दल ग्राम लिमोरा (बालोद) को द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए जय बुढ़ा देव आदिवासी सांस्कृतिक नृत्य दल ग्राम खेड़ेगांव मानपुर राजनांदगांव को पुरूस्कृत किया गया। समापन अवसर पर प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू एवं आदिम जाति व अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री प्रेमसाय सिंह टेकाम उपस्थित हुए।
    महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री टेकाम ने कहा कि राज्य में आदिवासी संस्कृति की अपनी विशिष्ट पहचान है। आदिवासी नृत्य के माध्यम से हमें प्रकृति का दर्शन व महत्व देखने को मिलता है। आदिवासी अपनी विशिष्ट और अनोखी कला को वर्षों से संजोए रखे हैं। राज्य सरकार के द्वारा आदिवासी महोत्सव का आयोजन करने से इन्हें एक अवसर मिला है। जिसके माध्यम से आदिवासी संस्कृति को विश्व पटल पर प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।
    कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गृह मंत्री श्री साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की मूल पहचान आदिवासी संस्कृति और परंपरा से है। आदिवासी समाज प्रकृति के पूजक हैं और इस विरासत को निरंतर आगे बनाए हुए हैं। आदिवासी महोत्सव में अनेक विलुप्त होती जा रही नृत्य व संस्कृति को जीवित रखने का मंच मिला है। आदिवासी महोत्सव से हमें भाईचारा और अनेक विविधता का दर्शन भी होता है। कला और संस्कृति जनजाति समुदाय की विशिष्ट पहचान होती है। आदिवासी नृत्य के साथ गीत एवं पारंपरिक वेश भुषाओं का अनुठा मिश्रण देखने को मिलता है। आदिवासी नृत्य में अनेक वाद यंत्रों और संगीत का जीवन प्रस्तुति देखने को मिलता है। उन्होंने इस अवसर पर महोत्सव में शामिल नृतक दलों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन और आदिवासी विकास विभाग के मार्गदर्शन में किया गया।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision