September 01, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    दुर्ग

    दुर्ग (5023)

    -निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने स्कूल का लिया जायजा, बोले काम हो समय पर और गुणवत्ता का भी रखे ध्यान

    भिलाईनगर/ शौर्यपथ /  भिलाई के सरकारी स्कूल में अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई के लिये सर्वप्रथम सेक्टर 06 स्कूल का चयन किया गया था। यहां अंग्रेजी की शिक्षा का शुभारंभ किया जा चुका है और अब पढ़ाई भी हो रही है। अध्ययन के लिए अच्छा माहौल और सुविधाओं की दरकार को देखते हुये कलेक्टर डाॅ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने राशि स्वीकृत की ताकि स्कूल को विद्यार्थियों के सुविधाओं के मुताबिक बेहतर अधोसंरचना के साथ तैयार किया जा सके। कलेक्टर के लक्ष्य को पूरा करने निगम आयुक्त ने सेक्टर 06 के अंग्रेजी माध्यम स्कूल का निरीक्षण किया। अधिकारियों से ड्राइंग डिजाईन स्पाॅट पर मांगी और उसके अनुरूप किये जा रहे सभी कार्यो को उन्होंने बारिकी से देखा। स्कूल में होने वाले विकास कार्यो का उन्होंने पूरे स्थलों पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कार्य समय पर हो और गुणवत्ता का भी ध्यान रखे। उल्लेखनीय है कि माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जी छत्तीसगढ़ शासन की मंशा अनुरूप सरकारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में अच्छी सुविधा देने भिलाई निगम प्रयासरत है। जिससे छात्र-छात्राओ को पढ़ाई के लिये अनुकुल माहौल मिल पाएगा। आयुक्त के निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता डी.के. वर्मा, सहायक अभियंता आर. एस. राजपूत, प्रभारी सहायक अभियंता वसीम खान एवं उप अभियंता श्वेता महेश्वर सहित अन्य मौजूद रहे!

    *बाउंड्रीवाल सहित यह कार्य पूर्ण* -

    स्कूल में बाउंड्रीवाल का निर्माण, लैब संधारण का कार्य, लाइब्रेरी एवं भवन संधारण का कार्य पूर्ण हो चुका है। 

    *अतिरिक्त कमरा का निर्माण सहित यह कार्य प्रगति पर* डोम शेड निर्माण कार्य 60 प्रतिशत, इंटरनल पेंटिंग एवं लाईटिंग कार्य 90 प्रतिशत, प्रथम तल पर अतिरिक्त कमरा का निर्माण एवं शौचालय निर्माण कार्य, शौचालय संधारण एवं कमरा संधारण का कार्य 60 प्रतिशत पुर्ण हो चुका है।

    *80 लाख की लागत से खेल सुविधा सहित होंगे अन्य कार्य* 

    80 लाख की लागत से खेल सुविधा सहित अन्य विकास कार्य किये जाएंगे। इसमें स्कूल के छत का संधारण, 3 अतिरिक्त कमरा निर्माण, बास्केट बाल कोर्ट, बाॅलीबाल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, पुट्टी पेंटिंग, फ्रंट व्यू, प्रवेश द्वार, लाईटिंग, वाल आर्ट, भूमि का समतलीकरण एवं आकर्षक गार्डनिंग की जाएगी। उप अभियंता श्वेता महेश्वर ने बताया कि यह कार्य विभागीय प्रक्रिया में है शीघ्र ही कार्य आदेश जारी किया जाएगा।

    दुर्ग । शौर्यपथ । श्री राजेश श्रीवास्तव जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत पैन इण्डिया आउटरिच कार्यक्रम के तहत दुर्ग में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष पर श्री राहूल शर्मा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग एवं पैरा लीगल वालंटियर द्वारा बताया गया कि हर साल 11 अक्टूबर को ‘‘इंटरनेशनल डे ऑफ गर्ल चाइल्ड’’ यानी कि ‘‘अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस’’ मनाया जाता है। इस दिन को मनाने के पीछे का मुख्य उद्देश्य था बालिकाओ के विकास के लिए अवसरों को बढ़ाना और बालिकाओ की दुनियाभर में कम होती संख्या के प्रति लोगों को जागरूक करना, जिससे कि लिंग असमानता को खत्म किया जा सके। इस दिन को मनाने का उद्देश्य यह भी है कि समाज में जागरूकता लाकर बालिकाओ को वे समान अधिकार दिलाए जा सकें, जो कि लड़कों को दिए गए हैं। बालिकाओ को सुरक्षा मुहैया कराना, उनके प्रति भेदभाव व हिंसा खत्म करना। बाल विवाह पर प्रतिबंध लगाना भी इस दिन को मनाने के कारणों में शामिल है।

    *‘‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’’ योजना की शुरुआत-* बालिकाओं को संरक्षण और सशक्त करने के लिए ‘‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’’ योजना की शुरुआत वर्ष 2015 में हुआ था । योजना के उद्देश्य बालिकाओं का अस्तित्व और सुरक्षा सुनिश्चित करना , बालिकाओं की शिक्षा सुनिश्चित करना , बालिकाओं को शोषण से बचाना व उन्हें सही/गलत के बारे में अवगत कराना, इस योजना का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से लड़कियों को सामाजिक और वित्तीय रूप से स्वतंत्र बनाना है, लोगों को इसके प्रति जागरुक करना एवं महिलाओं के लिए कल्याणकारी सेवाएं वितरित करने में सुधार करना है ।

        भारतीय दंड संहिता, 1860 के तहत प्रावधान भारतीय दंड संहिता की धारा 312 कहती है ‘जो कोई भी जानबूझकर किसी महिला का गर्भपात करता है जब तक कि कोई इसे सदिच्छा से नहीं करता है और गर्भावस्था का जारी रहना महिला के जीवन के लिए खतरनाक न हो, उसे सात साल की कैद की सजा दी जाएगी’। इसके अतिरिक्त महिला की सहमति के बिना गर्भपात (धारा 313) और गर्भपात की कोशिश के कारण महिला की मृत्यु (धारा 314) इसे एक दंडनीय अपराध बनाता है। धारा 315 के अनुसार मां के जीवन की रक्षा के प्रयास को छोड़कर अगर कोई बच्चे के जन्म से पहले ऐसा काम करता है जिससे जीवित बच्चे के जन्म को रोका जा सके या पैदा होने का बाद उसकी मृत्यु हो जाए, उसे दस साल की कैद होगी धारा 312 से 318 गर्भपात के अपराध पर सरलता से विचार करती है जिसमें गर्भपात करना, बच्चे के जन्म को रोकना, अजन्मे बच्चे की हत्या करना (धारा 316), नवजात शिशु को त्याग देना (धारा 317), बच्चे के मृत शरीर को छुपाना या इसे चुपचाप नष्ट करना (धारा 318)। हालाँकि भ्रुण हत्या या शिशु हत्या शब्दों का विशेष तौर पर इस्तेमाल नहीं किया गया है , फिर भी ये धाराएं दोनों अपराधों को समाहित करती हैं।इन धाराओं में जेंडर के तटस्थ शब्द का प्रयोग किया गया है ताकि किसी भी लिंग के भ्रुण के सन्दर्भ में लागू किया जा सके।

     

    भिलाई। शौर्यपथ । भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव रविवार काे माता दुर्गा की आराधना किए। पूजा पाठ कर माता के चरणों में पुष्प अर्पित किए। और हाथ जोड़ कर माता से भिलाईवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। भिलाई सहित प्रदेश भर के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करने के साथ ही हर व्यक्ति के हित और विकास के साथ ही प्रदेश के विकास की भी कामना की।

    भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव रविवार की शाम को शहर के विभिन्न सेक्टरों के विराजे माता का दर्शन करने बारी-बारी से सभी दुर्गा पंडालों पहुंचे। सेक्टर 3,4 और सेक्टर 5, के दुर्गा पंडाल पहुंचे माता का दर्शन किए। सभी समिति के सदस्यों से मिले। सब का हालचाल जाना। सबसे पहले विधायक देवेंद्र यादव सेक्टर 2 दुर्गा पंडाल पहुंचे। जहां वे माता शेरावाली की पूजा अर्चना की। सेक्टर 2 में दुर्गा पंडाल समिति के सभी सदस्यों से मिले। सब का हालचाल पूछा। इसके सेक्टर 3 दुर्गा पंडाल, फिर सेक्टर 4 दुर्गा पंडाल गए। जहां बहुत सुंदर तरीके से समिति के सदस्यों ने पूरे क्षेत्र को सजाया है। बहुत सुंदर माता की प्रतिमा स्थापित की है। विधायक जी माता की पूजा में शामिल हुए। माता के दर्शन करने आए भक्तों से मिले। इसके बाद सेक्टर 5 दुर्गा पंडाल पहुंचे, माता की आरती में शामिल हुए। सभी के साथ मिलकर माता की पूजा अर्चना की। पंचमी के खास अवसर पर माता को चुनरी चढ़ाई। विधायक देवेंद्र यादव ने समिति के सदस्यों की तारीफ करते हुए कहा कि आप लोगों ने बहुत ही मेहनत से बहुत सुंदर साज सज्जा की है। इसके बाद वे सेक्टर 6 दुर्गा पंडाल गए और माता की पूजा अर्चना की। 

    विधायक की पहल से होगा डोम शेड निर्माण

    भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव की पहल से सेक्टर 5 सड़क 2 कामाक्षी मन्दिर में 16 लाख से डोम शेड का निर्माण किया जाएगा। समिति के सदस्यों ने विधायक देवेंद्र यादव से मांग की थी। समिति की मांग पर विधायक देवेंद्र यादव ने पहल की और जल्द ही डोम शेड का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर 5 सड़क 12 स्थित ज्ञान गंगा दुर्गोत्सव समिति को 15 लाख की लागत से डोम शेड की सौगात भी भिलाई नगर विधायक देेवेंद्र यादव ने दी है। इसके अलावा सेक्टर 5 सड़क 3 बीएसएनएल आफिस के बाजू में सार्वजनिक दुर्गोत्सव समिति को 7 लाख का शेड निर्माण कर दिया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर 3 सीआईएसएफ और अखाड़ा मैदान में 22 लाख रुपए का शेड निर्माण की सौगात विधायक देवेंद्र यादव पहले ही दे चुके है। शेड निर्माण का कार्य प्रगतिरत है।

    दुर्ग / शौर्यपथ / स्वास्थ्य अधिकारी का प्रभार ग्रहण करने के तुरन्त बाद नगर निगम आयुक्त हरेश मंडावी के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी गिरीश दीवान द्वारा वार्डो की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने में जुट गये है । आज शंकर नाला निरीक्षण के दौरान नाले से लगे वार्ड क्रमांक 09, 10 एवं 05 की सफाई व्यवस्था का भी अवलोकन किया । दुर्गा चौक शंकर नाला पुल के नीचे सफाई कामगारों द्वारा कचरा साफ करने के दौरान कचरा इक्ठ्ठा करने के बजाय नाले में ही बहाया जा रहा था । लापरवाही से सफाई कार्य करवाने के कारण वार्ड सुपरवाईजर विनोद पात्रे को नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन काटा गया । वार्ड क्रमांक 09 में भी निरीक्षण के दौरान जगह-जगह कचरो का ढेर एवं नालियो में कचरा जाम पाया गया वही वार्ड सुपरवाईजर मुकेश डोंगरे द्वारा डोर टू डोर कचरा कलेक्शन संबंधित कर्मचारियों से न कराकर अन्य कर्मचारियों से कराया जा रहा था जिससे उन कर्मचारियों द्वारा गीला एवं सुखा कचरा पृथकित कलेक्शन नही किया जा रहा था ।
      जिससे स्वास्थ्य अधिकारी गिरीश दीवान ने वार्ड सुपरवाईजर मुकेश डोंगरे को भी नोटिस जारी किया गया एवं सुपरवाईजर का तीन दिन का वेतन काटा जा रहा है । वार्ड भ्रमण  के दौरान गिरधारी नगर नाले से लगे किराना स्टोर्स के संचालक द्वारा रोड पर कचरा फेकने के कारण स्वास्थ्य अधिकारी गिरीश दीवान के निर्देश पर 500/- रूपये का जुर्माना लगाया गया । वार्ड निरीक्षण के दौरान पी.आई.यू.शेखर वर्मा, स्वच्छता निरीक्षक मेंनसिंग मंडावी एवं सफाई दरोगा राजुसिंग राजपूत साथ थे।

    दुर्ग। शौर्यपथ । हिंदुओ के नृशंस हत्या पर अपनी पीड़ा क्रोध को जताते हुए बजरंग दल के प्रांतीय संयोजक रतन यादव ने कहा कि कश्मीर घाटी में गत पाँच दिनों में सात भारतीयों की नृशंस हत्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए आज केंद्र सरकार से मांग करते है वह जिहादी आतंकवाद पर नकेल कसने हेतु पाकिस्तान को करारा सबक सिखाए तथा हिंदुओं के पुनर्वास व घाटी में उनके स्वच्छंद विचरण की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करे। हिन्दू समाज के पुनर्वास के बिना भी आतंकवाद पर लगाम मुश्किल है। हिंदुओं की लगातार चुन चुन कर हो रही नृशंस हत्याओं से आहत बजरंगदल के कार्यकर्ता आज 9 अक्टूबर को सम्पूर्ण देश में प्रदर्शन कर आतंकवादी का पुतला दहन करेंगे। भारत की पावन धरा को रक्तरंजित करने वालों को, इसे तोड़ने का उनका कुत्सित प्रयास करने वालो के ऊपर कड़ी कार्यवाही करे शासन । भारत की एकता व अखंडता के लिए सम्पूर्ण देश कृत संकल्पित है। जिहादी आतंकवाद का मुंहतोड़ जबाव देना हम अच्छी तरह जानते हैं। बजरंगदल व विहिप का एक-एक कार्यकर्ता इसके लिए तत्पर है।   

     आतंकवाद का राजनैतिक हथियार के रूप में प्रयोग करने वाले जिहादी पाकिस्तान पर नकेल कसने हेतु विश्व समुदाय को भी आगे आना होगा।

    बलिदानी हिंदू-सिखों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए विहिप का प्रत्येक कार्यकर्ता व सम्पूर्ण हिन्दू समाज पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। भारत जहरीले सांपों का सिर कुचलना अच्छी तरह जानता है। अब भारत के हाथों से इस्लामिक जिहादी आतंकवाद की कब्र खुदने की हम मांग करते है

    -पाटन नगर पंचायत में  स्वामी आत्मानंद जयंती समारोह 50 करोड़ 25 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण के अवसर पर संबोधित करते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया ने कहा
    -सामुदायिक भवनों, व्यावसायिक परिसरों, सौंदर्यीकरण एवं नागरिक अधोसंरचना के लिए किये गये कार्यों का हुआ लोकार्पण-भूमिपूजन

       दुर्ग / शौर्यपथ / शहरी अधोसंरचना एवं सर्वाेत्तम नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में शासन प्रतिबद्ध है। सभी नगरीय निकायों में तेजी से विकास के कार्य किये जा रहे हैं इसका असर दिख रहा है और नगरीय अधोसंरचना की स्थिति तेजी से सुदृढ़ हुई है। यह बात स्वामी आत्मानंद जयंती समारोह में नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया ने कही। वे पाटन नगर पंचायत में 50 करोड़ 25 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण के अवसर पर उपस्थित नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शहरी अधोसंरचना के लिए पेयजल, सड़क, उद्यान आदि विकसित करने नगरीय प्रशासन द्वारा पर्याप्त राशि खर्च की जा रही है।
       शहरी क्षेत्रों में पेयजल की सुविधा सबको उपलब्ध कराने पाइपलाइन का विस्तार किया गया है। उन क्षेत्रों तक पेयजल पहुंचाया जा रहा है। व्यावसायिक परिसरों का निर्माण कर आर्थिक अवसरों की वृद्धि की जा रही है। उद्यानों, खेल स्टेडियम आदि भी बनाये जा रहे हैं ताकि शहरी आबादी को मनोरंजन के अधिक मौके मिल सके और खेल के क्षेत्र में प्रतिभाओं को उभरने का अवसर मिल सके। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पौनी पसारी आदि योजना के माध्यम से छोटे व्यवसायियों को प्लेटफार्म प्रदान किया गया है। स्लम क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से सबको स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूलों के माध्यम से अंग्रेजी शिक्षा को भी प्रसारित करने का कार्य किया जा रहा है जिसका अच्छा परिणाम सामने आया है।
       मंत्री डॉ. शिव डहरिया ने कहा कि हमने बिजली बिल माफ किया, किसानों का सिंचाई कर माफ किया, किसानोें को पर्याप्त धान का मूल्य दिया। माता कौशल्या के एक मात्र मंदिर परिसर के विकास के लिए भी कार्य किया जाएगा। राम वनपथ गमन के स्थलों का भी विकास किया जा रहा है।  उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के सपनों का छत्तीसगढ़ बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल काम कर रहे है। इस मौके पर हितग्राहीमूलक सामाग्री का वितरण भी किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के सुपुत्र श्री चैतन्य बघेल भी उपस्थित थे। साथ ही पूर्व विधायक प्रदीप चौबे, खादी एवं ग्रामोद्योग के अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष जवाहर वर्मा जिला मंडी बोर्ड के अध्यक्ष अश्वनी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष भूपेन्द्र कश्यप, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रामबाई सिन्हा, खादी एवं ग्रामोद्योग के सदस्य  हेमन्त देवांगन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।साथ ही कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौके पर उपस्थित थे।

    -दर्शनार्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
    -रजिस्ट्रेशन के लिए लिंक https:/epass.bamleshwari.org

    दुर्ग / शौर्यपथ / 7 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक क्वांर नवरात्रि पर्व के दौरान माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं गाइडलाइन जारी की गई है जिसके तहत अन्य शहरों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पदयात्रा कर डोंगरगढ़ जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को कोविड-19 वेक्सीन के दोनों डोज लगे होने का सर्टिफिकेट लाना अनिवार्य होगा। वेक्सिनेशन सर्टिफिकेट नहीं होने की स्थिति में भक्तगण 72 घंटे पूर्व कराये गये आरटीपीसीआर टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट साथ लेकर अपने वाहन से डोंगरगढ़ की ओर प्रस्थान कर सकते है। दर्शनार्थियों को कोविड प्रोटोकाल या गाईडलाईन के तहत मास्क, सेनेटाईजर, सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्णतः पालन करना होगा। श्रद्धालुओं को कोविड निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट दिखाने पर ही मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा।
       नवरात्रि के दौरान गत वर्षानुसार मेला व मीना बाजार का आयोजन नहीं किया जाएगा। दर्शनार्थियों को ऊपर मंदिर/नीचे मंदिर दर्शन हेतु पूर्व से ही माँ बम्लेश्वरी ट्रस्ट के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा जिसमें दोनों मंदिर दर्शन के लिए पृथक-पृथक समय आबंटित कर दर्शन की अनुमति दी जायेगी। बिना रजिस्ट्रेशन प्रवेश नहीं दिया जायेगा। पोर्टल का लिंक  http:/epass.bamleshwari.org है । जिला प्रशासन आम जनता से अपील करती है कि नवरात्रि का पर्व अपने-अपने स्थान पर ही सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए मनाये तथा कोराना नियंत्रण में सहभागी बने।

    दुर्ग / शौर्यपथ /  विधायक एवं राज्य भंडार गृह निगम अध्यक्ष अरुण वोरा का सघन दौरा निरंतर जारी है। इसी कड़ी में वार्ड क्रं.10 एवं 11 शंकर नगर में  वार्ड की समस्याओं व नागरिकों का हालचाल जाना। उन्होंने निगम के अधिकारियों को कहा कि आप सब धरातल पर उतर कर स्वीकृत कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करें इन कार्यो में कोई भी कोताही जनहित में न्यायोचित नहीं हैं। वार्ड 10 स्थित शंकरनाला के संधारण के लिए निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया एवं दीपावली के तुरंत बाद कार्य की गति में तेजी लाने कहा।
        अधोसंरचना ने मुक्तिधाम रोड के लिए 7 लाख स्वीकृत किए गए हैं जिसके कार्य के गति के लिए विधायक ने निर्देशित किया बुद्ध विहार चौक पर वहां के  लोगों की मांग पर उन्होंने त्वरित ही हाई मास्क लगाने की घोषणा की एवं 7 लाख स्वीकृत किया शंकर नगर स्थित मंगल भवन के पूर्ण संधारण के लिए निगम के इंजीनियरों को निर्देशित किया गया अपने दौरा कार्यक्रम में विधायक वोरा ने नगर निगम के समस्त स्कूलों के संधारण की बात भी कही। इस बीच कुछ जगह पर बेतरतीब बिखरे हुए कचरों को देखकर विधायक वोरा आक्रोशित हो गए और उन्होंने वहां पर वृक्षारोपण कर वातावरण को शुद्ध करने के लिए निगम के अधिकारियों को आदेशित किया।
       इस बीच उन्होंने कहा जनता की सेवा के लिए हम है। वार्ड 11 के पार्षद सतीश देवांगन ने मांग कि पानी टंकी की हालत बेहद जर्जर है एवं उसने अवैध कब्जा भी है उसको हटाकर उस जगह का उचित उपयोग हो उन्होंने विधायक वोरा से अनुरोध किया कि उसे नगर निगम का जोन कार्यालय बनाया जाए एवं शहरी स्वास्थ्य केंद्र की भी मांग रखी। जिसको वोरा ने सहर्ष स्वीकार किया। उन्होने वार्ड की जनता को आश्वस्त किया की धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और इसकी पूर्ति वित्त आयोग एवं अधोसंरचना से पूर्ण की जाएगी। वार्ड की जनता को बताया एमआईसी से 14 वित्त आयोग में 6 करोड़ की राशि स्वीकृति की गई है व 18 करोड़ का टेंडर किया गया है इसलिए वार्ड की समस्याओं का समाधान जल्दी किया जाएगा।
       उन्होंने यह जानकारी भी दी कि 15 वे वित्त आयोग से शासन को 13 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होने कहा कि वह मुख्यमंत्री जी से निवेदन करेंगे की धनराशि के अभाव में कोई काम ना रुके इस बीच वार्डवासियों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याएं भी विधायक के सामने रखी। जिनको उन्होंने त्वरित निदान करने के लिए कहा। भ्रमण के दौरान पूर्वी ब्लाक अध्यक्ष राजकुमार पाली, प्रवक्ता सुशील भारद्वाज, महामंत्री शिव वैष्णव, पार्षद सतीष देवांगन, शेखर चंद्राकर, आदि उपस्थित थे।

    रिसाली / शौर्यपथ / रिसाली नगर पालिक निगम क्षेत्र के स्टेशन मरोदा में 150 घरों में नल से पानी की जगह हवा आने की शिकायत को निगम आयुक्त आशीष देवांगन ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने अमृत मिशन के तहत कार्य करने वाली एजेंसी को 15 दिनों की मोहलत दी है। उक्त निर्देश समीक्षा बैठक के दौरान दिए।
       दरअसल निगम आयुक्त माॅर्निंग विजिट के दौरान स्टेशन मरोदा क्षेत्र के बीआरपी व एचएससीएल काॅलोनी का भ्रमण किया। इस दौरान खुलासा हुआ कि लगभग 1000 घरों में लो प्रेशर की शिकायत है। 150 घरों की स्थिति ऐसी है कि पानी की जगह हवा आ रहा है। आयुक्त ने इस समस्या को दूर करने के लिए भिलाई निगम के कार्यपालन अभियंता समेत अन्य अधिकारियों की बैठक बुलाई। जिसमें पाइप लाइन बिछाने वाली कंपनी को निर्देश दिया गया कि वाॅल सेटिंग समेत इंटर कनेक्टीविटी को बेहतर तरीके से चेक करे और शीघ्रता से समस्या को ठीक करे। समीक्षा बैठक में भिलाई निगम के कार्यपालन अभियंता संजय शर्मा, आई.एच.पी. कंपनी के गौरव शर्मा, डेनियल समेत नोडल अधिकारी रमाकांत साहू, कार्यपालन अभियंता सुशील बाबर, सहायक अभियंता राजकुमार जैन, उपअभियंता डिगेश्वरी चंद्राकर उपस्थित थे।
    पंप लगाकर करे टेस्टिंग
       रिसाली निगम के आयुक्त आशीष देवांगन ने निर्देश दिए है कि जहां लो प्रेशर की शिकायत उस क्षेत्र के टेल प्वाइंट पर मोटर लगाकर टेस्टिंग करे। ताकि मालूम हो कि वास्तव में टेल प्वाइंट में पानी आने की स्थिति है कि नहीं। इसके बाद ही समस्या को दूर करने आगे की प्लानिंग करे।
    बनाए एलबम
       अमृत मिशन के तहत श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र में नल कनेक्शन दिया गया है, लेकिन स्थिति ऐसी है कि घरों में न तो नल लगा है और न ही टोटी। पाइप लाइन घरों के बाहर निकला है। सुबह स्थिति ऐसे रहती है कि पानी सड़क पर बहते रहता है। आयुक्त ने आई.एच.पी. कंपनी को निर्देश दिए है कि प्रत्येक घरों में वे टोटी लगाए और मीटर को फीट कर फोटो खींचे। कार्य पूर्ण होने पर वे पहले एलबम की मदद से वार्ड वार भौतिक सत्यापन कराऐंगे। इसके बाद पूर्णतः प्रमाण पत्र जारी करेंगे।
    लोक निर्माण विभाग से वसूले मरम्मत शुल्क
    समीक्षा बैठक में खुलासा हुआ कि कार्य शुरू करने से पहले एजेंसी लोक निर्माण विभाग से ड्राइंग जमा कर अनुमती ली है। इसके बाद भी भूमिगत पाइप लाइन को लोकनिर्माण विभाग नजर अंदाज कर रहा है। सड़क निर्माण के लिए लापरवाही पूर्वक खुदाई करने से पाइप क्षतिग्रस्त हो रही हैं इस समस्या के लिए आयुक्त ने लोकनिर्माण विभाग को पत्र लिख मरम्मत शुल्क वसूली करने निर्देश दिए है।
    एजंेसी करे मरम्मत
      आयुक्त ने कहा कि एजेंसी पाइप लाइन बिछाने खुदाई तो करती है, लेकिन इसे नियमतः मरम्मत करने में कोताही बरत रही है। इस वजह से सड़के खराब हो रही है। दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। एजेंसी खुदाई कार्य समाप्त होते ही मरम्मत कार्य भी शीघ्रता से करे।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision