September 01, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    दुर्ग

    दुर्ग (5023)

    दुर्ग / शौर्यपथ / पहले हम उद्यमी अपनी आने वाली पीढ़ी के लिए जाने पहचाने उद्यम तलाशते थे। यह पूछते थे कि कौन से उद्यम में पैसा लगाएं जो चलन में है और जहां ज्यादा पैसे मिल रहे हैं। अब हम आइडिया में पैसा लगाते हैं। कौन सा ऐसा उद्यम करें जो बिल्कुल नया हो और जिसमें असीम संभावनाएं हों। एक्सपोर्ट को इसी लिए हम लोग आजमा रहे हैं और इसमें सफलता मिल रही है। यह बात एक्सपोर्ट कान्क्लेव के दौरान उद्यमियों ने कही। उद्यमियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ क्षेत्र में एक्सपोर्ट की संभावनाएं केवल स्टील को लेकर नहीं हैं। यहां वनोपजों को लेकर और इसकी प्रोसेसिंग को लेकर बहुत सी संभावनाएं हैं। उद्यमी इस क्षेत्र में निवेश करें तो इसकी बड़ी संभावनाएं बनेंगी। उद्यमियों ने कुम्हारी क्षेत्र में इंडस्ट्रियल कारिडोर आरंभ करने के निर्णय की प्रशंसा भी की।
    उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में ग्रोथ के लिए सबसे बड़ी बात यह है कि आपका मानव संसाधन नजदीक से आये। छत्तीसगढ़ में अभी मुंबई और गुडग़ांव जैसे हालात नहीं हैं कि लोग दूर से चलकर आएं। वे घर के निकट ही अच्छे रोजगार के अवसर चाहते हैं। इसके मुताबिक शहर के पास ऐसा कारिडोर उपयोगी होता है। दुर्ग में औद्योगिक स्थिति की जानकारी उप महाप्रबंधक सीमोन एक्का ने दी। कान्क्लेव के बारे में विस्तार से जानकारी उप संचालक संजय गजघाटे, सहायक संचालक लोकपाल खांडेकर ने दिया।
    कार्यक्रम में अतिथि के रूप में के.के. झा, अजय भसीन, श्री कल्पतरू बेहरा, मलय जैन, स्वामीनाथन, विनोद जैन, अरविंदर सिंह खुराना, यश शुक्ला, रामभगत अग्रवाल, के.एस.बेदी, अतुल चंद साहू,अनल, नवीन अग्रवाल, सोमेंद्र विद्या, कु. एस. दीपिका एवं अन्य उद्योगपति तथा शाखा प्रबंधक,आशुतोष सिंह, आई.सी.आई.सी.आई. बैंक उपस्थित रहे ।
    कार्यक्रम में निर्यात को बढ़ावा देने हेतु अपने विचार प्रकट किये गये। जिसमें तकनीकी जानकारी ईईपीसी प्रतिनिधि अंकित मेहता, ईसीजीसी प्रतिनिधि कल्पतरू बेहरा, मेसर्स शिवम् हाईटेक प्रतिनिधि केतन गुलाटी, नाबार्ड प्रतिनिधि एम.बारा, एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, दुर्ग प्रबंधक कपिल सिंह कुशवाह द्वारा दी गई । लोकपाल खांडेकर, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, दुर्ग की ओर से मुख्य महाप्रबंधक सिमोन एक्का, महाप्रबंधकआर.के. तिवारी एवं आर.के. कुमार, प्रबंधक राकेश चौरसिया, कपिल सिंह कुषवाह, श्रीमती गुणेष्वरी साहू, भूपेंद्र गौर, तुषार त्रिपाठी एवं नरेंद्र देवांगन, सहायक प्रबंधक शैलेन्द्र सिंह एवं संजय कुमार सिंह उपस्थित रहे । मंच संचालन भूपेंद्र गौर द्वारा किया गया।

    दुर्ग / शौर्यपथ / निगम कार्यालय में गुरुवार को ली बैठक में कलेक्टर ने सुबह औचक रूप से पहुँचकर पेयजल आपूर्ति का निरीक्षण करने की बात कही थी। आज सुबह वे बालाजी नगर, खुर्सीपार पहुँचे। यहां वे नागरिकों से मिले। उन्होंने पानी का प्रेशर देखा। लोगों ने बताया कि इस समय बिजली कटौती किये जाने का अच्छा लाभ हुआ है। लोग पंप के माध्यम से पानी खींच लेते थे इससे आम लोगों को काफी दिक्कत आती थीं। अब इस दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ रहा। कलेक्टर उन क्षेत्रों में गये जहां टेल एंड होने की वजह से पानी की दिक्कत हो रही थी। वहां पर उन्होंने कहा कि बूस्टर लाइन के माध्यम से यह कार्य किया जा रहा है। यहां मौजूद निगम के अभियंताओं ने बताया कि पंद्रह दिन के भीतर टेल एंड के निवासियों की दिक्कत दूर हो जाएगी।
    इस बीच टैंकर से जलापूर्ति की बात उन्होंने कही। यहां मौजूद महिलाओं ने बताया कि टैंकर का समय थोड़ा पहले हो जाए तो हमारे लिए अच्छा हो जाएगा। टैंकर कुछ समय बाद आता है और हमें काम पर जाना होता है। इस पर कलेक्टर ने निगम अधिकारियों को टैंकर थोड़ा समय पहले भेजने के निर्देश दिये। इस दौरान निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
    सड़क पर मलबा फेंकने वालों पर कार्रवाई के निर्देश- कलेक्टर ने अपने निरीक्षण में देखा कि दो जगहों पर लोगों ने मलबा सड़क पर बिखरा दिया है। इसके कारण ट्रैफिक की दिक्कत आ रही है। कलेक्टर ने इन पर पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने साफसफाई की मानिटरिंग भी की। कमिश्नर श्री सर्वे ने बताया कि सफाई की व्यवस्था मुकम्मल हो इसके लिए लगातार मानिटरिंग की जा रही है। निर्देशानुसार मार्निंग विजिट निरंतर जारी है। इसकी वजह से सफाई की व्यवस्था मुकम्मल हो रही है। कलेक्टर ने डोर डू डोर कलेक्शन की व्यवस्था के संबंध में भी नागरिकों से जानकारी ली।
    डेंगू नियंत्रण की कार्रवाई भी देखी- कलेक्टर ने इस दौरान डेंगू नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाई के संबंध में भी पूछा। नागरिकों ने बताया कि टैमीफास का वितरण किया गया है और निरंतर इसकी मानिटरिंग की जा रही है। निगम की टीम आती है और कूलर वगैरह देखती है। डेंगू की वजह से हम लोग सजग हैं और कभी भी जलभराव नहीं होने देते। कलेक्टर ने अधिकारियों से हाटस्पाट एरिया में विशेष तौर पर निगरानी के लिए कहा।

    दुर्ग / शौर्यपथ / वर्षा ऋतु के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग की सडक खराब होने पर आम नागरिकों को हो रहे परेशानियों को दूर करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा पूर्व में स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य हेतु निर्देशित किया गया था जिसके परिपालन में रविवार को यातायात पुलिस दुर्ग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग एवं निर्माण ऐजेंसी के अधिकारियों के द्वारा सडक में हो रहे सुधार कार्य का निरीक्षण कर आम नागरिकों के परेशानियों को दूर करने के मद्देनजर निर्माण ऐजेंसी को यह निर्देश दिया गया कि रात्रि के समय सड़क को ब्लॉक कर सड़क का मरम्मत कर समतलीकरण करना, जहां-जहां पानी रूकने की संभावना है वहां पर पानी निकासी के लिए व्यवस्था करना, वाहन चालकों के लिए सडक में प्रकाश की समुचित व्यवस्था करना,
    स्थल निरीक्षक के दौरान श्रीनिवास राव, कार्यपालन अभियंता पीडब्ल्यूडी एनएच, गुरजीत सिंह उप पुलिस अधीक्षक यातायात, गोविंद अहिरवार (एसडीओ पीडब्ल्युडी एन.एच.), एस के झा, टीम लीडर पीडब्ल्यूडी एन.एच., जयंत वर्मा, उप अभियंता पीडब्ल्युडी एन.एच., अभिजीत सोनी उप अभियंता, पीडब्ल्यूडी एन.एच.,बी एल देवांगन प्रोजेक्ट मैनेजर रॉयल इंन्फ्रा प्रा.लि. उपस्थित रहें।

    शहर के 60 वार्डों में होंगे 4 करोड़ से अधिक के विकास कार्य

    दुर्ग / शौर्यपथ / विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा शहर के सभी वार्डों में लगातार दौरा कर सड़क, नाली, पेयजल, साफ सफाई जैसी लोगों की मूलभूत समस्याओं का जायजा लेकर त्वरित निराकरण करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। शहर के 60 वार्डों में नागरिकों द्वारा नगर निगम की कार्यप्रणाली एवं सड़क नाली की आवश्यकताओं की आय दिन शिकायत मिलने एवं विधायक की फटकार के बाद निगम अमला हरकत में आया और लंबे समय से स्वीकृत 4 करोड़ के सड़क नाली, पुलिया एवं डामरीकरण की निविदा जारी कर दी गई।
    विधायक वोरा ने कहा कि शहर में बड़े विकास कार्यों के साथ ही वार्डों के भीतरी विकास के लिए लगातार शासन से राशि स्वीकृत कराई जा रही है पूर्व में 11 करोड़ 70 लाख की राशि से जिस तरह सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य हेतु राशि आबंटित की गई थी उसी तर्ज पर अब 5 करोड़ की राशि से सभी 60 वार्ड में जरूरी विकास कार्य होंगे। जिसमे से 1 करोड़ के कार्य प्रारंभ करा दिए गए हैं एवं 4 करोड़ के कार्यो को एक माह के अंदर निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 64 करोड़ की मुख्य सड़क 14 करोड़ के ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट, दो प्रमुख स्थानों धमधा नाका एवं रायपुर नाका में अंडरब्रिज जैसे बड़े विकास कार्यों के साथ ही शहर के वार्डों का आंतरिक विकास भी आवश्यक है।
    नवीन सड़क नालियों के निर्माण के साथ ही अधिकारी बनी हुई सड़क नाली, पुलियों के संधारण का भी विशेष ध्यान रखें। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनभावनाओं का ध्यान रखते हुए जनता की मांग पर अलग अलग मदों में नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया एवं लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित अन्य विभागों से भी राशि लगातार जारी की जा रही है। जल्द ही शहर में 31 करोड़ से बन रहे भवनों जिसमें ट्रांजिट हॉस्टल, कामकाजी महिला छात्रावास, ऑडिटोरियम एवं जिला अस्पताल के स्मार्ट सर्जिकल वार्ड का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री के द्वारा कराया जाएगा।

    भिलाई / शौर्यपथ / नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने शनिवार को सभी जोन कार्यालय में पहुंचकर हर काम की समीक्षा की! निचले लेवल के कर्मचारियों से लेकर बड़े अधिकारियों से उन्होंने उनके कार्यों को लेकर चर्चा की! हर छोटी बड़ी समस्या को उन्होंने पूछा! सबसे अहम मुद्दा था पेयजल समस्या का! उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधा सबसे आवश्यक कार्य है, पेयजल और सफाई का कार्य महत्वपूर्ण है! इस पर उन्होंने प्रत्येक जोन कमिश्नर एवं जल विभाग के अधिकारियों से काफी देर तक चर्चा की! समस्याओं को कैसे सुलझाया जा सकता है उस पर बात की! अमृत मिशन अंतर्गत डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन एवं बूस्टर पाइपलाइन जैसे कार्यों पर उन्होंने अति शीघ्र परिणाम देने के निर्देश दिए!
    उन्होंने कहा कि टैंकर मुक्त दिशा में काम करना है! ग्रीष्म ऋतु से पहले सारे काम समय पर होने चाहिए! परंतु जो काम शीघ्र किए जा सकते हैं उसमें विलंब न करें, निरंतर उन्होंने पेयजल के मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए! उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में पानी के अत्यंत समस्या है वहां पर अन्य जल स्रोत के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था कर जल प्रदाय करें! पट्टा वितरण पर उन्होंने सभी जोन आयुक्तों को निर्देश दिए कि यह कार्य शासन के महत्वपूर्ण कार्य है, इस पर सहायक राजस्व अधिकारी प्रतिदिन कार्य करें! उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जोन कमिश्नर एवं उनकी टीम प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करें, त्योहारी सीजन को देखते हुए कहीं भी अंधेरा पसरा न रहे! इसके लिए उन्होंने सर्वे कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं! मुख्यमंत्री विद्युतीकरण योजना की भी जानकारी उन्होंने ली! डेंगू नियंत्रण एवं रोकथाम की दिशा में निरंतर कार्य करने उन्होंने कहा, इसके लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के बारे में उन्होंने सभी जोन स्वास्थ्य अधिकारी से चर्चा की! शहर के सभी गारबेज पॉइंट को समाप्त करने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि कहीं भी जीवीपी पॉइंट नहीं होना चाहिए!
    इस दौरान आयुक्त सर्वे ने कहा कि बाजार क्षेत्र में रात्रि में नाइट स्वीपिंग एवं कचरा कलेक्शन निर्धारित समय तय कर होता रहे, डोर टू डोर कचरा कलेक्शन नियमित रूप से शत प्रतिशत घरों से हो! सफाई कार्य पर उन्होंने विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं! गोधन न्याय योजना, निर्माण कार्य, मोबाइल मेडिकल यूनिट, अंग्रेजी माध्यम स्कूल, शासन की प्रमुख योजनाएं, निदान, रैश्ने आवास एवं अटल आवास, राजस्व वसूली, अवैध कॉलोनी, जलभराव वाले क्षेत्र, लोक सेवा केंद्र एवं जन समस्या निवारण शिविर जैसे कार्यों पर उन्होंने अधिकारियों से चर्चा की! बैठक में अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, अधीक्षण अभियंता यू.के. धलेंद्र, सभी जोन आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता, जोन स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक राजस्व अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे!
    लोक सेवा केंद्र के कर्मचारी के गोलमोल जवाब से भड़के आयुक्त निगम आयुक्त
    आयुक्त सर्वे ने सभी जोन कार्यालय का निरीक्षण किया, उन्होंने उपस्थिति पंजी का भी अवलोकन किया, पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए किए जा रहे सर्वेक्षण कार्य की समीक्षा की, प्रत्येक जोन के लोक सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया! वैशाली नगर जोन के निरीक्षण के दौरान लोक सेवा केंद्र के ऑपरेटर उमेश कुमार के द्वारा योजनाओं की सही-सही जानकारी नहीं होने पर उन्होंने कर्मचारी को फटकार लगाई और इस प्रकार के कर्मचारी को हटाने के निर्देश दिए! आयुक्त के कोई भी प्रश्न का जवाब उन्होंने ठीक तरीके से नहीं दिया! निगमायुक्त श्री सर्वे ने कहा कि लोक सेवा केंद्र सीधे पब्लिक सेवा से जुड़ा हुआ कार्य है, ऐसे कर्मचारियों के कारण अनावश्यक लोगों को भटकना पड़ता है! यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा! लोगों को मिलने वाली आवश्यक सुविधाओं से कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा!
    मॉर्निंग विजिट में नहीं जाने वाले जोन आयुक्त पर होगी कार्रवाई
    आयुक्त सर्वे ने जोन आयुक्त को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी जोन कमिश्नर सोमवार, मंगलवार एवं बुधवार को आवश्यक रूप से मॉर्निंग विजिट करें! लोगों की समस्याओं को जानकर उसका निराकरण करें! मॉर्निंग विजिट में नहीं जाने वाले जोन आयुक्त पर सख्त कार्रवाई के निर्देश उन्होंने बैठक में दिए हैं!

    विधायक देवेंद्र यादव ने किया था भूमिपूजन से हुआ शुरू

    भिलाई। शौर्य पथ ।  स्टील एम्प्लाइज यूनियन इंटक भिलाई सेक्टर 3 कार्यालय में डोम शेड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। तेजी से निर्माण कार्य जारी है। इसी के साथ ही सेक्टर 3 के सीआईएसएफ कालोनी में एक शेड निर्माण भी किया जा रहा है। दोनों निर्माण कार्य करीब 22 लाख की लागत से हो रहा है। जिसका भूमि पूजन विधायक देवेंद्र यादव ने किया था। इंटुक के पदाधिकारियों ने विधायक देवेंद्र यादव से डोम शेड की मांग की थी। ताकि बारिश व धूप से सुरक्षित रख कर वे अपने कार्यक्रम आयोजित कर सके। विधायक देवेंद्र यादव ने अपने वादे के मुताबिक सीआईएसएफ और इंटुक कार्यालय परिसर के खाली जगह पर डोम शेड निर्माण की घोषणा की थी और अब निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

    निर्माण कार्य के शुरू होने से इंटुक और सीआईएसएफ कालोनी वासियों में हर्ष का माहौल है। इसके लिए क्षेत्रवासियों ने विधायक देवेंद्र यादव का दिल से आभार भी जताया है। गौरतलब है कि लंबे समय से शेड और डोम शेड की मांग की। जिसे पूरा करने का वादा विधायक ने किया था। सीआईएसएफ कालोनी में 7 लाख की लागत से शेड का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही इंटुक कार्यालय में 15 लाख की लागत से डोम शेड का निर्माण किया जा रहा है। संबंधित एजेंसी ने निगम से वर्क आर्डर मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया है और नींव की खुदाई कर नींव बनाने का काम चल रहा है। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा और शेड और डोम शेड को जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।

    विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि महापौर कार्यकाल के प्राथमिक दौर में बहुत ही कठिन परिस्थितियां मिली। जिससे मुझे काफी कुछ सीखने का मौका मिला। लगातार प्रत्येक दिन हमने भिलाई की भलाई के लिए काम किया, सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर ही नहीं बल्कि खेल, एजुकेशन आदि सभी दिशा पर हमने विकास कार्य किया है और अभी भी तेजी से विकास कार्य करा रहे हैं। हमने हुडको में एक मांगलिक भवन बना रहे हैं। जहां शादी आदि कार्यक्रम किए जा सकेंगे। सेक्टर 9 में फुटबॉल मैदान बनाया जा रहा है। सिविक सेंटर की पुरानी रौनकता को वापस लाया जाएगा, शहीद पार्क का भव्य निर्माण किया गया है। ये सभी विकास कार्य हम आप सबके सहयोग और आशीर्वाद से पूरा कर पाए है। इसके साथ ही हम सेक्टर 4 में खेल परिसर, सेक्टर 2 में तालाब सौंदर्यीकरण का कार्य कर रहे हैं। इस प्रकार हर वार्ड और हर क्षेत्र में विकास कार्य लगातार किए गए हैं और चल रहे हैं। सिर्फ यही नहीं हमारा उद्देश्य इंफ्रास्ट्रक्चर पर ही काम करना नहीं है बल्कि हमने शिक्षा को लेकर भी बेहतर काम किया। हमने नि:शुल्क सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल की शुरुआत की है। भिलाई को सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूल की सौगात मिली। पहला भिलाई सेक्टर 6 और दूसरा खुर्सीपार और तीसरा खम्हरिया में स्कूल खुला है।

    सेक्टर 3 में सीआईएसएफ कालोनी वासियों की लंबे समय से शेड की मांग थी। इसी प्रकार इंटुक कार्यालय में डोम शेड की मांग की गई थी। जहाँ 22 लाख की लागत से निर्माण कार्य किया जा रहा है। निगम के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण का निर्देश दिया गया है। 

    देवेंद्र यादव भिलाई विधायक

    दुर्ग / शौर्यपथ / इसमें किसी तरह की लागत नहीं, इसका कच्चा माल बाजार से खरीदना नहीं पड़ता। इसके बावजूद यह दुर्ग जिले में सिंचाई का सबसे खास स्ट्रक्चर बन गया है और इसके माध्यम से भरपूर पानी नालों में रूक रहा है और भूमिगत जल का रिचार्ज हो रहा है। ये ब्रशवुड स्ट्रक्चर हैं। दो बेशरम की लकड़ियों के बीच काली मिट्टी को डालकर इस स्ट्रक्चर को बनाया जाता है। आज पाटन ब्लाक के दौरे के दौरान नालों में बनाये जा रहे ब्रशवुड स्ट्रक्चर भी कलेक्टर ने देखे। अधिकारियों ने बताया कि मनरेगा के माध्यम से इस तरह के स्ट्रक्चर बनाये गये हैं।
    इनका कच्चा माल इन्हीं नालों के ट्रीटमेंट से निकला है। बरसों से गाद जमी होने के कारण से बेशरम के पौधे इन नालों में उग आये थे, ट्रीटमेंट कर इन्हें बाहर निकाला गया और इनका बेहद खूबसूरत उपयोग किया गया। इसके साथ ही सितंबर महीने के पूर्व कलेक्टर ने नाला बंधान अथवा बोरी बंधान के कार्य करा लेने के निर्देश दिये थे। इसके पश्चात तेजी से नालाबंधान के कार्य किये गये थे, इसका अच्छा असर हुआ और सितंबर महीने की बारिश को रोकने में यह नालाबंधान उपयोगी साबित हुए। इन नाला बंधान से ग्राउंड वाटर रिचार्ज अच्छा खासा हुआ है। इससे रबी फसल में भी लाभ मिलेगा। कलेक्टर के साथ आज दौरे में जिला पंचायत सीईओ श्री सच्चिदानंद आलोक एवं जनपद सीईओ श्री मनीष साहू भी उपस्थित थे।
    अब ड्रेनेज ट्रीटमेंट पर भी जोर- कलेक्टर ने ब्रशवुड संरचनाओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नरवा योजना में छोटे-छोटे स्ट्रक्चर बनाने की बात कही गई है जिससे पानी की गति धीमी होती है और इस वजह से तेजी से वाटर रिचार्ज होता है। इस तरह ड्रेनेज ट्रीटमेंट पर भी पूरा ध्यान देना है। इसके साथ ही उन्होंने जलसंसाधन की संरचनाओं के जीर्णोद्धार के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि जिस जगह भी ऐसी मरम्मत की जरूरत है। उसे पूरा कर लें। जिला पंचायत सीईओ श्री सच्चिदानंद आलोक ने बताया कि चिन्हांकित स्थलों में शीघ्र ही कार्य पूरा कराया जाएगा ताकि नरवा योजना का पूरा लाभ किसानों को मिल सके और अधिकाधिक मात्रा में भूमिगत जल का रिचार्ज हो सके।

    भिलाई नगर/ शौर्यपथ / निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे ने भिलाई निगम में पद स्थापना के बाद से ही कर्मचारी हितों को ध्यान में रखना प्रारंभ कर दिया है! उन्होंने सातवां वेतनमान के देय महंगाई भत्ते में 5% की वृद्धि की है! अब इस वृद्धि के उपरांत महंगाई की दर कुल 17% हो जाएगी! महंगाई भत्ते में वृद्धि का आदेश आयुक्त ने 20 सितंबर को जारी कर दिया है लेकिन बढ़ा हुआ भत्ता 01 जुलाई 2021 से लागू होगा यानी कि जुलाई और अगस्त का एरियर की राशि भी कर्मचारियों को मिलेगा! वहीं इस माह का वेतन भिलाई निगम के अधिकारी/कर्मचारियों को बढ़कर मिलेगा!
    आयुक्त के आदेश जारी करते ही सितंबर माह के वेतन में बढ़ोतरी होगी! इसके लिए लेखा विभाग अपनी तैयारियों में लगा हुआ है! अधिकारी/कर्मचारियों के पे डाटा को समय पर मांगा गया है! ताकि वेतन भुगतान समय पर बढ़े हुए महंगाई भत्ते के साथ किया जा सके! लेखा अधिकारी जितेंद्र ठाकुर एवं स्थापना से नरेंद्र रामटेके ने बताया कि डीए में 5% वृद्धि का आदेश प्राप्त होने पर इसकी गणना की जा रही है, प्रथम वर्ग श्रेणी के अधिकारियों के वेतन में अनुमानित 6000 से 7000, द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों के वेतन में 3000 से 4000, तृतीय श्रेणी के अधिकारी/कर्मचारियों के वेतन में 1500 से 3000 एवं चतुर्थ वर्ग श्रेणी के कर्मचारियों के वेतन में 700 से 1200 तक की वृद्धि का फायदा इस माह से मिलेगा!
    स्थापना प्रभारी एवं अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी ने शासन का आदेश प्राप्त होते ही आयुक्त के संज्ञान में महंगाई भत्ते की वृद्धि को लाकर शीघ्र विभागीय प्रक्रिया को पूर्ण करवाया! जिससे अधिकारी/कर्मचारियों को बड़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ अति शीघ्र मिल सके! कर्मचारी महासंघ से विष्णु चंद्राकर, शरद दुबे, रामवृक्ष यादव, कृष्णा देशमुख, रामेश्वर चंद्राकर, अरुण सिंह, संजय शर्मा, देवेंद्र मोहन सखारकर, श्रवण ठाकुर एवं शिव शर्मा इत्यादि ने निगम प्रशासक, निगम आयुक्त एवं अपर आयुक्त का शीघ्र विभागीय प्रक्रिया पूर्ण कर महंगाई भत्ता देने के लिए आभार व्यक्त किया है!

    दुर्ग / शौर्यपथ / लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने आज इंदिरा नगर, हथखोज के वार्ड क्रमांक 1 में आंगनबाड़ी भवन, नवनिर्मित मंच और मुक्ति धाम में निर्मित प्रतिक्षालय का लोकार्पण किया। यहां उन्होंने कोरोना महामारी का जिक्र किया।
    उन्होंने कहा कि कोरोन की तीसरी लहर का जो अंदेशा है, उसे हम नजरअंदाज नही कर सकते इसलिए वर्तमान में भी हमे कोरोना के गाईडलाईन का पालन करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी नगरवासियों से टीकाकरण करवाने की अपील की। आगे उन्होंने कहा कि निगम द्वारा जो भी समस्यायें उनके समक्ष रखी जाती है, उन समस्याओं का निराकरण करना, हमेशा उनकी प्राथमिकता रहती है।
    उन्होंन बाजार चौक में निर्मित आंगनबाड़ी भवन के पीछे खाली जगह पर सीमेंटीकरण कराने की घोषणा की ताकि बाजार को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सके। इसके साथ-साथ उन्होंने इंदिरा नगर में स्थित जर्जर गांधी भवन का अवलोकन करा कर उसका जीर्णोंद्धार करने की बात भी कही। उन्होंने भिलाई-3 में आज एंबुलेस सेवा का भी शुभारंभ किया। जिससे कि स्वास्थ्य सेवाओं में गति आ सके।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision