Google Analytics —— Meta Pixel
March 13, 2026
Hindi Hindi
स्पोर्ट्स

स्पोर्ट्स (417)

खेल /शौर्यपथ /ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच मैथ्यू मोट ने कहा है कि मजबूत भारत के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज से पहले प्रैक्टिस मैच का अभाव उन्हें कमजोर बना सकता है। दोनों टीमें 19 सितंबर से 11 अक्टूबर के बीच ऑस्ट्रेलिया में तीन वनडे, तीन टी-20 और एक टेस्ट मैच खेलेंगी।
मोट ने 'क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू' से कहा, 'भारत क्रिकेट में उदीयमान महाशक्ति है। उसके पास बेहतरीन खिलाड़ी हैं और वह कठिन प्रतिद्वंद्वी है।' उन्होंने कहा, 'इस समय वे इंग्लैंड में खेल रहे हैं। हम थोड़े कमजोर हो सकते हैं, क्योंकि हमने हाल ही में उतना क्रिकेट नहीं खेला है।'
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के बाद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया जाएगी। भारत की शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट का पहला सीजन भी खेलेंगी। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया ने अप्रैल के बाद से क्रिकेट नहीं खेला है। उसके दस में से नौ खिलाड़ियों ने 'द हंड्रेड' से भी नाम वापिस ले लिया है।
कंगारू कोच ने कहा कि, 'सभी खिलाड़ियों का एक साथ फिर से जुटना काफी अच्छा रहेगा। ब्रिसबेन के नेशनल क्रिकेट सेंटर में एक बहुत ही मजबूत कैम्प लगाया जाएगा, जिसमें कई शानदार नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। चाहता हूं कि जल्द से जल्द सीमाओं पर कोरोना वायरस की वजह से जारी पाबंदियां खत्म हों और हम जल्दी से कोविड से मुक्त हो जाएं।'

खेल /शौर्यपथ /करीब 21 साल बाद न्यूजीलैंड के आईसीसी खिताब जीतने की खुशी और एक बार फिर से आईसीसी टूर्नामेंटों के फाइनल में भारत की हार की निराशा वाली तस्वीरें बहुत कुछ बयां कर रही है। लेकिन मैच के परिणामों से अलग कुछ ऐसी भी तस्वीरें सामने आई, जिसे फैन्स शायद ही कभी भूल पाए। उन्हीं तस्वीरों में से एक तस्वीर डब्ल्यूटीसी विजेता न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन की भारतीय कप्तान विराट कोहली को गले लगाने की है। डब्ल्यूटीसी फाइनल के बाद विलियमसन और कोहली को आपस में गले मिलते हुए देखा गया था। विलियमसन ने न सिर्फ कोहली को गले लगाया, बल्कि उनके कंधे पर अपना सिर भी रखा। फाइनल के करीब एक सप्ताह के बाद विलियमसन ने कोहली को लगे लगाने के राज का खुलासा किया है।
विलियमसन ने क्रिकबज से बात करते हुए कहा, ' वह एक शानदार पल था। हम जानते थे कि जब भी आप भारत के खिलाफ खेलते हैं, आप कहीं भी हों, अविश्वसनीय रूप से यह एक मुश्किल चुनौती है। वे अक्सर हमारे खेल में सभी प्रारूपों में बेंचमार्क सेट करते हैं। वे दिखाते हैं कि उनके पास कितनी गहराई है और उनके देश में भी क्रिकेट है।'
कीवी कप्तान ने भारतीय कप्तान कोहली के कंधों पर अपना सिर रखने के बारे में खुलासा करते हुए कहा, 'मैं और विराट लंबे समय समय एक-दूसरे को जानते हैं और हम काफी अच्छे दोस्त हैं। हम हमेशा से जानते हैं कि य​ह एक बहुत बड़ी तस्वीर है। वास्तव में यह एक बहुत शानदार पल था। हमारी दोस्ती क्रिकेट के खेल से भी बहुत बड़ा है और हम दोनों यह जानते हैं।'
विलियमसन ने फाइनल में पहली पारी में नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली और 139 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। उनकी इस पारी के दम पर ही न्यूजीलैंड ने भारत को आठ विकेट से हराकर करीब 21 साल बाद दूसरी बार आईसीसी का खिताब अपने किया। उन्होंने कहा, ' दोनों ही टीमें बहुत प्रतिस्पर्धी थी और वास्तव में यह एक कड़ा मुकाबला था। मुझे पता है कि आखिर में परिणाम ही मायने रखता है। पूरे मैच के दौरान ऐसा लगा कि यह चाकू की धार की तरह है और आपके मन में इसका पूरा सम्मान है। अंत में, इस तरह के मुश्किल मैच के बाद दोनों टीमें एक-दूसरे की तारीफ करती है। किसी टीम को ट्रॉफी मिलती है, और किसी टीम की किस्मत में शायद यह नहीं होती है।'

खेल / शौर्यपथ /क्रिकेट के मैदान पर जब भी भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होते हैं, तब-तब रोमांच चरम पर होता है। हालांकि इन मैचों में अक्सर कई सारे विवाद भी जन्म ले लेते हैं, जो फैन्स के दिमाग पर लंबे समय तक रहते हैं। मैच में दोनों तरफ से खिलाड़ी जीत के लिए अपनी पूरी जान लगा देते हैं। वहीं कई बार तो मैच में माहौल इतना गर्म हो जाता है कि खिलाड़ी एक दूसरे से ही भिड़ जाते हैं। एक ऐसा ही वाकया 2010 में इंडिया-पाकिस्तान के बीच एशिया कप के मैच में भी हुआ। यहां आखिरी ओवर में मैच काफी रोमांचक हो गया था, जहां हरभजन सिंह ने मोहम्मद आमिर की गेंद पर छक्का लगातार टीम को यादगार जीत दिलाई थी। इस मैच के दौरान हरभजन और पाकिस्ताश्न के तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के बीच जबरदस्त कहासुनी हो गई थी।
इस मैच के 10 साल बाद अख्तर ने खुलासा किया था कि वे मैच खत्म होने के बाद हरभजन सिंह के कमरे में उनसे लड़ने पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि, 'मैं होटल रूम में हरभजन से लड़ने के लिए उनको ढूंढ़ते हुए पहुंच गया था। वे हमारे साथ खाना खाते हैं, हम साथ में लाहौर में घूम चुके हैं, हम लोगों का कल्चर एक जैसा है। वे मेरे पंजाबी भाई हैं और फिर भी उन्होंने हमारे साथ बुरा व्यवहार किया? मैंने सोचा था कि होटल रूम में जाकर मैं उनसे लड़ाई करूंगा। उन्हें पता था कि शोएब आ रहा है, लेकिन मुझे वो मिले ही नहीं। मैं फिर शांत हुआ और अगले दिन उन्होंने मुझसे माफी भी मांगी।'
इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 267 रन बनाए। टीम के लिए सलमान बट और कामरान अकमल ने अर्धशतकीय पारी खेली। उनके अलावा शोएब मलिक और शाहिद अफरीदी ने भी किफायती रन बनाए। भारत की ओर से तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके। पाकिस्तान से मिले 268 रनों के लक्ष्य के जवाब में भारत गौतम गंभीर और महेंद्र सिंह धोनी की पारियों के दम पर मजबूती से लक्ष्य की ओर बढ़ रहा था, लेकिन बीच में टीम की पारी बिखर गई। टीम 219 पर छह विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी, लेकिन बाद में सुरेश रैना और हरभजन सिंह के दम पर टीम को तीन विकेट से जीत नसीब हुई।

खेल / शौर्यपथ / न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का खिताब गंवाने के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली को लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। यह लगातार तीसरा आईसीसी टूर्नामेंट था, जहां विराट की अगुवाई में टीम इंडिया चैम्पियन बनने से चूक गई। कई फैन्स तो उन्हें कप्तानी पद से हटने की मांग भी कर रहे हैं। हालांकि पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल इस मामले में विराट के साथ खड़े हैं और वे मानते हैं कि डब्ल्यूटीसी फाइनल में हार के बावजूद विराट को भारत का कप्तान बने रहना चाहिए।

अकमल ने अपने यूट्यूब चैनल पर विराट को सपोर्ट करते हुए कहा कि, 'विराट कोहली एक शानदार खिलाड़ी और जबरदस्त कप्तान हैं। वे काफी अग्रेसिव और इमोशनल हैं। किसी भी खिलाड़ी को भारत की कप्तानी संभालने का मौका मिला है, उसने टीम को हमेशा आगे ही बढ़ाया है। यह सौरव गांगुली के साथ शुरू हुआ था और बाद में राहुल द्रविड़ और एम एस धोनी की कप्तानी तक चलता रहा है।'

उन्होंने कहा कि, 'यह बात जरूर है कि बहुत लोग इस बात की शिकायत करते हैं कि विराट की कप्तानी में भारत ने कोई आईसीसी खिताब नहीं जीता है, लेकिन इसके अलावा उन्होंने लगभग सब कुछ जीता है। उनकी अगुवाई में भारत की कई सीरीज अपने नाम की हैं। वो थोड़े बहुत अनलकी जरूर रहे हैं, लेकिन मुझे उनकी कप्तानी पर कोई शक नहीं है। वे एक महान कप्तान और एक मैच विनर खिलाड़ी हैं।'

खेल /शौर्यपथ /कप्तान के तौर पर लगातार तीसरी आईसीसी ट्रॉफी गंवाने के बाद विराट कोहली इन दिनों आलोचकों के निशाने पर हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों मिली हार भारतीय फैन्स को काफी चुभी है और यही वजह है कि कोहली को कप्तानी से हटाने की लगातार मांग भी की जा रही है। इसके साथ ही डब्ल्यूटीसी फाइनल की हार के बाद एकबार फिर बेहतर कप्तान के तौर पर रोहित शर्मा और विराट कोहली की तुलना शुरू हो गई है। इसी कड़ी में पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज सलमान बट ने अपनी राय दी है। बट ने कहा कि उनके हिसाब से रोहित विराट से बेहतर कप्तान हैं।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए सलमान बट ने कहा, 'निजी तौर पर मेरा मानना है कि रोहित शर्मा विराट कोहली से बेहतर कप्तान हैं। मैंने उनकी कप्तानी को एशिया कप में गहराई से देखा है। उन्होंने जिस तरह से स्टैंड इन कैप्टन के तौर पर कप्तानी की थी, वह एकदम नेचुरल लगे थे। दोबारा अगर विराट कोहली पर आए तो, भारत पिछले पांच सालों से लगातार टॉप पर रहा है, लेकिन दुख की बात है कि वह बड़े मैच जीतने में नाकाम रहा है, तो लोगों का सवाल उठाना जायज है।' कोहली की कप्तानी में भारत को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पाकिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, जबकि 2019 विश्व कप में न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में टीम इंडिया को धूल चटाई थी।
सलमान बट ने कहा कि लोग उन कप्तानों को ही याद रखते हैं जिन्होंने अपनी अगुवाई में टीम को बड़े टाइटल दिलाए हों। उन्होंने कहा, 'आप बहुत बेहतर कप्तान हो सकते हैं, लेकिन अगर आप कोई टाइटल नहीं जीतते हैं तो लोग आपको याद नहीं रखेंगे। शायद आप बढ़िया कप्तान हों और आपके पास अच्छे प्लान हो, लेकिन आपको गेंदबाज उस पर अमल करने में सफल नहीं रहे हों। तो लक का आपकी तरफ होना भी जरूरी है। लोग उनको ही याद रखते हैं जो बड़े टूर्नामेंट जीतते हैं। कभी-कभी आप अच्छे कप्तान नहीं होते, लेकिन दमदार टीम होने की वजह से आप बड़े टाइटल को जीतने में कामयाब हो जाते हैं।'

खेल / शौर्यपथ / 25 जून 1983 के दिन को भारतीय क्रिकेट के इतिहास के साथ साथ विश्व क्रिकेट के इतिहास में भी हमेशा याद रखा जाएगा। इसी दिन कपिल देव की कप्तानी में टीम इंडिया ने क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स में मौजूदा चैम्पियन वेस्टइंडीज को 43 रन से हराकर पहली बार विश्व कप जीता था। यह जीत अभी भी इसलिए ज्यादा मायने रखती है क्योंकि उस समय किसी ने भी भारत के विश्व कप जीतने की उम्मीद नहीं की थी। लेकिन भारतीय टीम ने दो बार की विश्व चैम्पियन क्लाइव लॉयड की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज को फाइनल में हराकर विश्व चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया था।

भारत की इस ऐतिहासिक जीत को बीसीसीआई और आईसीसी ने भी याद किया है। बीसीसीआई ने 1983 विश्व कप जीत की फोटो के साथ कैप्शन में लिखा, 25 जून 1983: भारतीय क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक दिन। इसी दिन कपिल देव की कप्तानी वाली टीम इंडिया विश्व कप ट्रॉफी जीती थी।
वहीं, आईसीसी ने फोटो के साथ कैप्शन में लिखा है, इसी दिन 1983 में, भारत ने अपना पहला क्रिकेट विश्व कप जीता था। लॉर्ड्स में एक यादगार फाइनल में कपिल देव और उनकी टीम ने मौजूदी चैंपियन वेस्टइंडीज को 43 रनों से हराया था।
38 साल पहले 1983 विश्व कप के फाइनल में टॉस हारने के बाद भारत को बल्लेबाजी करने के लिए आना पड़ा और टीम इंडिया मात्र 183 रन ही बना सकी। उस समय तक भी किसी को भारत की जीत की उम्म्मीद नहीं लग रही थी। भारत के​ लिए के श्रीकांत ने सबसे ज्यादा 38, संदीप पाटिल ने 27, मोहिंदर अमरनाथ ने 26 और कपिल देव ने 15 रन बनाए थे। बल्लेबाजी में बड़ा स्कोर नहीं बनाने के बाद भारतीय टीम के पास गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन करके विश्व कप जीतने के सपने को पूरा करने का मौका था।
भारत से मिले 184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज ने अच्छी शुरुआत की एक विकेट पर 50 रन तक बना लिए थे। सर विवियन रिचर्ड्स अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और ऐसा लग रहा था कि वेस्टइंडीज तीसरी बार विश्व कप जीतने की हैट्रिक लगाएगी। लेकिन मदन लाल और मोहिंदर अमरनाथ ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट लेकर भारत को मैच में वापसी करा दिया।76 रन तक वेस्टइंडीज के छह विकेट आउट करने के बाद भारत ने 52 ओवर में 140 रन पर वेस्टइंडीज को आलआउट करके 43 रन से मैच जीत लिया और ​पहली बार विश्व कप अपने नाम कर लिया।

खेल /शौर्यपथ / आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में न्यूजीलैंड हाथों खिताब हारने के बाद टीम इंडिया और फैंस के अंदर निराशा छाई हुई है। विराट कोहली की अगुवाई में भारतीय टीम एक बार फिर से कोई आईसीसी खिताब जीतने में असफल रही। मैच का फैसला रिजर्व डे को यानी के छठे दिन जाकर हुआ। न्यूजीलैंड की टीम ने केन विलियमसन की कप्तानी में साउथम्पटन के द एजिस बाउल मैदान पर खेले गए डब्ल्यूटीसी के फाइनल में भारत को आठ विकेट से हराकर पहली आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया।
हालांकि खिताब हारने के बाद भी टीम इंडिया मालमाल हो गई है। आईसीसी ने फाइनल मुकाबला शुरू होने से पहले ही पुरस्कार राशि की घोषणा कर दी थी। इसके मुताबिक, विजेता न्यूजीलैंड को 1.6 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानि के करीब 12 करोड़ रुपये मिले। इस प्राइज मनी के अलावा कीवी टीम ने शानदार टेस्ट गदा भी अपने नाम कर लिया। उपविजेता भारत को 800,000 अमेरिकी डॉलर यानि के करीब 5.94 करोड़ रुपये मिले। न्यूजीलैंड ने प्वाइंटस टेबल में टॉप पर रहते हुए जबकि भारत ने दूसरे स्थान पर रहते हुए डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।
आईसीसी के मुुताबिक, नौ टीमों के इस टूर्नामेंट में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 4.5 लाख डॉलर (लगभग 3.3 करोड़ रुपये) और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 3.5 लाख डॉलर (लगभग 2.5 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी मिलेगी। वहीं, पांचवें स्थान पर रहने वाली टीम को दो लाख डॉलर (लगभग 1.46 करोड़ रुपये) जबकि बाकी के चार टीमों को एक-एक लाख डॉलर (लगभग 73 लाख रुपये) की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

खेल / शौर्यपथ / भारत और न्यूजीलैंड के बीच साउथम्पटन के एजिस बाउल में वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मुकाबला जारी है। सभी पांच दिनों का खेल होने के बाद भी इस टेस्ट मैच का अब तक कोई नतीजा नहीं निकल सका है, इसलिए यह मैच अब रिजर्व डे के दिन भी खेला जाएगा। चौथे दिन का खेल बारिश के चलते पूरी तरह बर्बाद होने के बाद पांचवें दिन दर्शकों को पूरे दिन का खेल देखने को मिला। पांचवें दिन भारत की तरफ से तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने शानदार प्रदर्शन किया और सर्वाधिक चार कीवी खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखाई। मैच में अपने प्रदर्शन को लेकर उन्होंने राय रखी है।
मैच के बाद बात करते हुए शमी ने कहा कि, 'साउथम्पटन मैदान व्हाइट और लाल दोनों गेदों में मेरे लिए सुखद यादें लेकर आया है। 2019 विश्व कप हैट्रिक मेरी अब भी सबसे फेवरेट बनी हुई है, लेकिन वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के पांचवें दिन न्यूजीलैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके बेहद खुश हूं। मुझे इस बात की बेहद खुशी है कि मैंने उस समय अच्छा खेल दिखाया, जब टीम को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। इसके लिए पूरी बॉलिंग युनिट ने बहुत मेहनत की है।'
रिजर्व डे पर होने वाले मैच को लेकर शमी ने कहा है कि, 'टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल मुकाबला जीतने के लिए रिजर्व डे में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने होंगे और न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में जल्द समेटने के लिए मजबूत रणनीति बनानी होगी।' बता दें कि शमी के नाम आईसीसी फाइनल में भारत की ओर से 4 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व क्रिकेटर मोहिंदर अमरनाथ के नाम था, जिन्होंने 1983 वर्ल्ड कप फाइनल में 12 रन देकर 3 विकेट लिए थे।

खेल / शौर्यपथ /भारत और न्यूजीलैंड के बीच साउथम्पटन के एजिस बाउल में आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। इस बड़े मुकाबले पर बारिश का कहर लगातार जारी है, जिसकी वजह से चार में से दो दिन का खेल बिना कोई गेंद फेंके ही रद्द हो गया है, जबकि आधा दिन खराब रोशनी की वजह से भी खराब हुआ है। मैच का 70 फीसदी से ज्यादा हिस्सा बारिश की वजह से खराब होने के बाद नतीजा ड्रॉ की तरफ ही इशारे कर रहा है। मैच की इस स्थिति पर भारत के पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने कहा है कि आईसीसी को इस बात को निर्धारित करना चाहिए कि डब्ल्यूटीसी का खिताब किसी एक टीम को ही मिले।
पूर्व भारतीय कप्तान ने 'आज तक' से बात करते हुए कहा कि, 'आईसीसी के पास वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के ड्रॉ होने की स्थिति में विजेता चुनने का एक फॉर्मूला होना चाहिए। आईसीसी की क्रिकेट कमिटी को सोचना चाहिए और फिर फैसला लेना चाहिए।' बता दें कि क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने डब्ल्यूटीसी फाइनल शुरू होने से पहले घोषणा करते हुए कहा था कि मैच ड्रॉ या टाई समाप्त होने की स्थिति में दोनों टीमों के बीच ट्रॉफी शेयर की जाएगी।
गावस्कर ने कहा कि, अब ड्रॉ ही सबसे संभावित परिणाम नजर आ रहा है। ऐसा लग रहा है कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल ड्रॉ के रूप में समाप्त होगा और ट्रॉफी साझा की जाएगी। यह पहली बार होगा जब ट्रॉफी फाइनल में साझा की जाएगी। दो दिनों में तीन पारियां पूरी करना वाकई मुश्किल होगा। हां, अगर दोनों टीमें वास्तव में खराब बल्लेबाजी करती हैं, तो तीन पारियां पूरी हो सकती हैं।'

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)