
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
Google Analytics —— Meta Pixel
मृणेन्द्र चौबे
राजनांदगांव।शौर्यपथ /छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त नीलू शर्मा आज पश्चिम बंगाल के पुरुलिया ज़िले के मानबाजार विधानसभा क्षेत्र में आयोजित परिवर्तन यात्रा (रथ यात्रा) में शामिल हुए। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भीड़ उमड़ी और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नीलू शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की नई दिशा देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा में कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साह इस बात का संकेत है कि पश्चिम बंगाल में अब बदलाव की मजबूत इच्छा दिखाई दे रही है और जनता भाजपा के विज़न को स्वीकार कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है। भाजपा का उद्देश्य प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई शुरुआत करना है।
कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय राज्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र दुबे, पुरुलिया के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो और वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली सहित प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। मानबाजार विधानसभा में आयोजित परिवर्तन यात्रा ने यह संदेश दिया कि पश्चिम बंगाल अब बदलाव की राह पर आगे बढ़ रहा है और भाजपा के नेतृत्व में विकास का नया अध्याय लिखने के लिए तैयार है।
राजनांदगांव / शौर्यपथ।
“उम्मीदों के जुगनू झिलमिलाते हैं, मन में हौसला हो तो ख्वाब पूरे होते हैं।”
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम खुटेरी की लखपति दीदी श्रीमती अमृता साहू की कहानी महिलाओं के आत्मविश्वास, मेहनत और आत्मनिर्भरता की मिसाल बनकर सामने आई है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति बदली, बल्कि गांव में अपनी एक अलग पहचान भी स्थापित की।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़कर अमृता साहू को आत्मनिर्भर बनने की नई दिशा मिली। वे जय मां शारदा स्व सहायता समूह की सदस्य बनीं और नियमित बचत की शुरुआत की। समूह, ग्राम संगठन और क्लस्टर संगठन के माध्यम से बैंक से ऋण प्राप्त कर उन्होंने सिलाई मशीन खरीदी और फैंसी स्टोर की शुरुआत की।
अमृता साहू ने बताया कि सिलाई का प्रशिक्षण मिलने के बाद उन्हें गांव और आसपास से कपड़ों की सिलाई के ऑर्डर मिलने लगे। साथ ही अपने फैंसी स्टोर में श्रृंगार सामग्री और अन्य उपयोगी वस्तुएं रखने से उनकी आय में लगातार वृद्धि हुई।
वर्तमान में उनकी मासिक आय लगभग 8 हजार रुपये और वार्षिक आय लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये हो गई है। इस आय से वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिला रही हैं और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
अमृता साहू बताती हैं कि स्व सहायता समूह से जुड़ने से पहले वे मजदूरी का कार्य करती थीं, जबकि उनके पति कृषि कार्य पर निर्भर थे। उस समय परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। लेकिन बिहान मिशन से जुड़ने के बाद उन्हें प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और योजनाओं की जानकारी मिली, जिसने उनके जीवन की दिशा बदल दी।
अमृता साहू वर्तमान में शासन की कई योजनाओं से भी लाभान्वित हो रही हैं, जिनमें
राशन कार्ड
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना
आयुष्मान कार्ड
महतारी वंदन योजना
शामिल हैं। इन योजनाओं ने उनके परिवार को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान की है।
अमृता साहू का सपना है कि वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाएं और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में कपड़ों की दुकान का विस्तार करें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से मिले सहयोग ने उनके जीवन में नई उम्मीद जगाई है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अमृता साहू की यह कहानी बताती है कि यदि अवसर, मार्गदर्शन और संकल्प साथ हो, तो गांव की महिलाएं भी आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख सकती हैं।
मृणेन्द्र चौबे राजनांदगांव/शौर्यपथ /होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस द्वारा शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। आगामी त्योहार को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से ही सतर्क नजर आ रहा है। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फ्लैग मार्च में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी, महिला पुलिस बल, यातायात पुलिस तथा बड़ी संख्या में जवान शामिल हुए।
पुलिस बल ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, संवेदनशील वार्डों और भीड़भाड़ वाले स्थानों से होकर मार्च किया। इस दौरान पुलिस वाहनों के साथ पैदल मार्च भी किया गया, जिससे लोगों में कानून-व्यवस्था को लेकर विश्वास मजबूत हो। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होली के दौरान विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी तथा पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी। शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार बाइक चलाने, जबरन रंग लगाने, हुड़दंग करने और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया गया है।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे होली का त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना, नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना और असामाजिक तत्वों को कानून का कड़ा संदेश देना है। राजनांदगांव पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
राजनांदगांव / शौर्यपथ /
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संत कबीरदास जी के विचार, संदेश और उनकी वाणी आज के समय में भी समाज को सही दिशा देने वाली, मार्गदर्शक और पूर्णतः प्रासंगिक हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को डोंगरगांव विकासखंड अंतर्गत कबीर मठ धाम नादिया (खुज्जी) में श्री कबीर साहेब मठ ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय सद्गुरू कबीर संत सम्मेलन में शामिल हुए।
फाल्गुन पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने देशभर से पधारे संतों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने सम्मेलन की गरिमा की सराहना करते हुए कहा कि कबीर मठ धाम नादिया में फाल्गुन महोत्सव के रूप में चौका आरती, सात्विक महायज्ञ एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जो आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करता है।
संत सम्मेलन हेतु प्रतिवर्ष 11 लाख रुपये की स्वीकृति
मुख्यमंत्री साय ने अखिल भारतीय सद्गुरू कबीर संत सम्मेलन के नियमित आयोजन के लिए प्रतिवर्ष 11 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में इस आयोजन हेतु बजट में स्थायी प्रावधान किया जाएगा।
नादिया में डोम, मिनी स्टेडियम और राजनांदगांव में प्रवेश द्वार की घोषणा
मुख्यमंत्री ने ग्राम नादिया में डोम निर्माण एवं मिनी स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने राजनांदगांव में संत कबीर साहेब के नाम से प्रवेश द्वार के निर्माण की भी घोषणा की, जिससे कबीर साहेब के विचारों और परंपरा को स्थायी पहचान मिलेगी।
कबीर पंथ और आदिवासी समाज का ऐतिहासिक योगदान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कबीरधाम नादिया संत कबीरदास जी की प्रेरणास्थली है, जहां दानवीर भक्त मालगुजार मंगतू ठाकुर, जो हल्बा आदिवासी समाज से थे, ने स्वयं को कबीर पंथ को समर्पित किया। उन्होंने हल्बा समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए स्वतंत्रता संग्राम के शहीद गैंद सिंह के योगदान को स्मरण किया।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में संत कबीर की वाणी का गहरा प्रभाव है और प्रदेश का एक जिला कबीरधाम संत कबीर के नाम पर स्थापित है। जशपुर जिले के अपने गृहग्राम बगिया एवं कुनकुरी आश्रम से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे कबीर पंथ की परंपराओं से भली-भांति परिचित हैं।
सरकारी योजनाओं और जनकल्याण का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है और प्रदेश की लगभग 80 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है। उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों को 10,324 करोड़ रुपये की सहायता ,महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये ,प्रधानमंत्री आवास योजना में 18 लाख आवास स्वीकृत, जिनमें से 8 लाख से अधिक पूर्ण , किसानों को दो वर्ष का बकाया बोनस , तेंदूपत्ता, चरण पादुका, श्रीरामलला अयोध्या दर्शन योजना जैसी योजनाओं से आमजन लाभान्वित .उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने और आत्मनिर्भर बनाने हेतु नई औद्योगिक नीति पर कार्य कर रही है तथा शीघ्र ही 500 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।
अतिथियों ने संत परंपरा को बताया समाज की दिशा
कार्यक्रम को जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद संतोष पाण्डेय, महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दिनेश गांधी एवं धर्माधिकारी सत्येंद्र साहेब ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने संत कबीर साहेब की वाणी, त्याग, सेवा और समरसता के संदेश को आज के समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में पंथ श्री हुजूर मंगल साहेब, संतगण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, कबीर पंथ के अनुयायी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मृणेन्द्र चौबे राजनांदगांव /शौर्यपथ /छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1.72 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि यह बजट समावेशी विकास, आधारभूत संरचना की मजबूती और निवेश को बढ़ावा देने पर केंद्रित है, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
इस बजट को हर वर्ग के लिए उपयोगी बताते हुए जिला भाजपा महामंत्री अनुसूचित जाति मोर्चा दीपेश शेंडे ने कहा कि सरकार ने समाज के सभी तबकों के हितों का ध्यान रखा है। बजट में बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से रानी दुर्गावती योजना की घोषणा की गई है, जिसके तहत 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर पात्र लड़कियों को 1.5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। किसानों के लिए भी सरकार ने खजाना खोलते हुए कृषक उन्नति योजना हेतु 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। बिजली पंपों की सब्सिडी के लिए 5,500 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए 820 करोड़ रुपये, दीनदयाल भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण के लिए 600 करोड़ रुपये तथा गन्ना किसानों के बोनस के लिए 60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं डेयरी समग्र विकास योजना के अंतर्गत 90 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार के लिए स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना की शुरुआत की गई है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवासहीन परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए 4,000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए महिलाओं के नाम पर जमीन, भवन या अचल संपत्ति की खरीद पर रजिस्ट्री शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट देने का ऐलान किया गया है। दीपेश शेंडे ने कहा कि यह बजट किसानों, महिलाओं, मजदूरों, विद्यार्थियों और गरीब परिवारों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा तथा प्रदेश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
0डोंगरगढ़ पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव। शौर्यपथ / थाना डोंगरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैंसरा स्थित बाबा आम बगीचा में नदी किनारे मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका के पति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि बाबा आम बगीचा में लगभग 35-40 वर्ष की एक अज्ञात महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई है।
सूचना पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 92/2026 धारा 103(1), 61(2), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर मृतका की पहचान पूर्णिमा नेताम (35 वर्ष) निवासी रविदास नगर, राजनांदगांव के रूप में की गई। जांच में सामने आया कि महिला के चरित्र पर संदेह करते हुए उसके पति सुनील वंजारी (45 वर्ष) निवासी दल्लीराजहरा, हाल पता मोतीपुर राजनांदगांव ने अपने साथी ज्योतिष सिंह नेताम (40 वर्ष) निवासी छिरपानी, डोंगरगढ़ के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
21 फरवरी की शाम आरोपी ने अपनी पत्नी को ग्राम भैंसरा स्थित बाबा आम बगीचा ले जाकर पत्थर से सिर पर प्राणघातक हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से खून से सने कपड़ों को नीलकंठ साहू (71 वर्ष) निवासी मोहंदीपार, जिला बालोद को देकर नष्ट कराया गया। घटना के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गया था और उसका मोबाइल बंद पाया गया। पुलिस ने लगातार सर्च अभियान चलाकर डोंगरगांव क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद सह आरोपी एवं साक्ष्य छिपाने में सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। डोंगरगढ़ पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सफलता प्राप्त की है।
राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति मोर्चा जिला राजनांदगांव की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। प्रदेश नेतृत्व की अनुशंसा पर जिला अध्यक्ष विजय राय ने शनिवार को अपनी नई टीम की घोषणा की।यह नियुक्तियां प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव , संगठन मंत्री पवन कुमार साय ,अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनम जांगड़े एवं जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत की अनुशंसा से की गई हैं।
घोषित कार्यकारिणी में दीपेश शेण्डे एवं योगेश बंजारे को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है। दोनों पदाधिकारियों को संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय कार्यशैली को देखते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यकर्ताओं में इनकी नियुक्ति को लेकर उत्साह का माहौल है।
इसी प्रकार ललित रामटेके को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उपाध्यक्ष पद पर मयंक डोंगरे, देश फिरंता कौशिक, श्रीमती अनिता इंदुकर, संकेत रामटेके, योगराज जगने, रतन कोसरे, कमलेश बंधे एवं श्रीमती पुष्पा बंजारे को नियुक्त किया गया है। अनुसूचित जाति मोर्चा की इस जिला कार्यकारिणी में पांच मंत्री सहित कुल 26 पदाधिकारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 9 कार्यकारिणी सदस्य, 6 विशेष आमंत्रित सदस्य तथा 24 स्थायी आमंत्रित सदस्यों को भी जिम्मेदारी दी गई है। संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बालोद / शौर्यपथ /
छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार एवं भू-राजस्व संहिता अधिनियम 1959 में संशोधन उपरांत अविवादित नामांतरण एवं बंटवारों का निराकरण का अधिकार ग्राम पंचायतों को दिया गया है। जिसके तहत बालोद जिले के सभी ग्राम पंचायत सचिवों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि विकासखंड बालोद में 18 फरवरी एवं गुण्डरदेही विकासखण्ड में 19 फरवरी को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में भुईंया पोर्टल, सीजी रेवेन्यू पोर्टल के संचालन एवं भू- राजस्व संहिता अधिनियम 1959 के तहत कंडिका 5 में उल्लेखित संहिता की धारा 128 (2) एवं 130 तथा अविवादित मामलों के संबंध में धारा 110, 178, 178 (क) एवं 178 (ख) के अंतर्गत तहसीलदार की शक्तियों छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम 1993 के अधीन गठित पंचायतों को उनके क्षेत्राधिकार के भीतर होगी। उक्त कंडिका के माध्यम से अविवादित नामांतरण एवं बटवारा संबंधि अन्य राजस्व कार्यों हेतु ग्राम पंचायतों को उनके क्षेत्राधिकार के भीतर अधिकृत किया गया है। इसके अतिरिक्त नागरिक पंजीयन पोर्टल के पंजीयन की प्रक्रिया एवं आवेदन प्रस्तुत करने की प्रकिया तथा आम नागरिकों को पोर्टल में हो रहे कार्यवाही की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सचिवों के लॉगिन आईडी की उक्त प्रक्रिया के कियान्वयन संबंधी विस्तृत जानकारी पंचायत सचिवों को प्रशिक्षण के माध्यम के प्रदाय किया गया। राजस्व के संबंध में राजस्व विभाग से तहसीलदार गुण्डरदेही श्री कोमल सिंह धु्रव एवं तहसीलदार बालोद आशुतोष शर्मा ने राजस्व निरीक्षक तथा पटवारी द्वारा ऑनलाईन पोर्टल के संबंध में सचिवों को विशेष रूप से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण में संबधित जनपद पंचायत बालोद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री झुमुक सिंह राजपूत, गुण्डरदेही जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती निखत सुल्ताना, श्री लोकेश सिन्हा, जिला समन्वयक एवं श्री विमल सोनकर, सहायक जिला समन्वयक वरिष्ठ करारोपन अधिकरी चम्पेश्वर यदु, सुरेन्द्र कुमार चन्द्राकर अधिकारीगण उपस्थित थे। प्रशिक्षण में सभी सचिवों को जल्द से जल्द पंचायत में अविवादित नामांतरण एवं बंटवारे का कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
राजनांदगांव / शौर्यपथ
राजनांदगांव के समीप स्थित भिलाई कंडक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में कार्यरत 54 वर्षीय कर्मचारी तुकाराम साहू (निवासी अंजोरा) की ड्यूटी अवधि के दौरान सड़क दुर्घटना में हुई मौत के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। तुकाराम साहू फैक्ट्री के कार्य से धर्मकांटा जा रहे थे, इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। वे फैक्ट्री के पुराने और समर्पित कर्मचारी थे।
घटना के बाद परिजन एवं ग्रामीणजन फैक्ट्री प्रबंधन से उचित मुआवज़े की मांग कर रहे थे, किंतु प्रारंभिक स्तर पर कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। निराश परिजन मृतक का शव लेकर सोमनी थाना परिसर में बैठ गए। सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन यादव कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुँचे और पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
इसी दौरान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के राजनांदगांव प्रवास को देखते हुए जिलाध्यक्ष विपिन यादव ने उन्हें घटना की पूरी जानकारी दी। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर कांग्रेस नेतृत्व पूरी मजबूती से पीडि़त परिवार के समर्थन में खड़ा हुआ।
प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन से बातचीत विफल रहने के बाद परिजन, ग्रामीणजन और कांग्रेसजनों ने अंजोरा बायपास स्थित फैक्ट्री के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना पर एसडीएम राजनांदगांव सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और समझाइश का प्रयास किया, लेकिन आंदोलनकारियों की एक ही मांग थी—सम्मानजनक मुआवज़ा और परिवार की भविष्य सुरक्षा।
प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद फैक्ट्री संचालक उदित राठी मौके पर पहुँचे। फैक्ट्री परिसर में प्रशासन की मौजूदगी में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल—जिसमें जिलाध्यक्ष विपिन यादव, महामंत्री राहुल तिवारी, प्रवक्ता अनीस खान, चुम्मन साहू, अंगेश्वर देशमुख तथा मृतक के परिजन शामिल थे—के साथ विस्तृत चर्चा हुई।
लंबी बातचीत के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने तत्काल 5 लाख रुपये की राहत राशि, लगभग 23 लाख रुपये अतिरिक्त मुआवज़ा तथा मृतक की पत्नी को आजीवन पेंशन देने पर सहमति जताई। सहमति बनते ही चक्काजाम समाप्त किया गया।
समाधान के बाद परिजनों और ग्रामीणजनों ने कांग्रेस नेतृत्व और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष भागवत साहू, रितेश जैन, अमित अग्रवाल, पूर्व एल्डरमैन हेमू सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा श्रमिकों, कर्मचारियों और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी और किसी भी पीडि़त परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
राजनांदगांव /शौर्यपथ /राजनांदगांव के समीप स्थित भिलाई कंडक्टर्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री के 54 वर्षीय कर्मचारी, अंजोरा निवासी तुकाराम साहू की ड्यूटी पीरियड के दौरान सड़क दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई। वे फैक्ट्री के कार्य से धर्मकांटा गए हुए थे, उसी दौरान यह हादसा हुआ। तुकाराम साहू फैक्ट्री के पुराने एवं समर्पित कर्मचारी थे। उनके आकस्मिक निधन से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। इसी दौरान कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का राजनांदगांव दौरा निर्धारित था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाध्यक्ष विपिन यादव ने तत्काल प्रदेश अध्यक्ष को मोबाइल के माध्यम से पूरी जानकारी दी। प्रदेश अध्यक्ष के स्पष्ट निर्देश पर जिलाध्यक्ष विपिन यादव कांग्रेसजनों के साथ पीड़ित परिवार के समर्थन में डटकर खड़े हुए और न्याय दिलाने का संकल्प लिया। मृत्यु के बाद परिजन एवं ग्रामीणजन फैक्ट्री प्रबंधन से उचित मुआवज़े की मांग कर रहे थे, किन्तु बात नहीं बनने पर वे मृतक का शव लेकर सोमनी थाने में बैठ गए।
सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन यादव अपने साथियों के साथ मौके पर पहुँचे। तहसीलदार एवं फैक्ट्री संचालक उदित राठी की उपस्थिति में चर्चा हुई, परंतु संतोषजनक समाधान नहीं निकल सका। इसके पश्चात परिजन, ग्रामीणजन एवं कांग्रेसजनों ने अंजोरा बायपास स्थित फैक्ट्री के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष भागवत साहू, महामंत्री राहुल तिवारी, प्रवक्ता अनीस खान, चुम्मन साहू, रितेश जैन, अमित अग्रवाल, पूर्व एल्डरमैन हेमू सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। मौके पर एसडीएम राजनांदगांव एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल सहित पहुँचे और समझाइश का प्रयास किया, किन्तु सभी की एक ही मांग थी कि फैक्ट्री प्रबंधक को बुलाकर सम्मानजनक मुआवज़े पर सहमति बनाई जाए।
प्रशासन के प्रयासों के बाद फैक्ट्री प्रबंधक उदित राठी मौके पर पहुँचे। फैक्ट्री परिसर में प्रशासन की उपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल—जिसमें विपिन यादव, राहुल तिवारी, अनीस खान, चुम्मन साहू, अंगेश्वर देशमुख एवं परिवार के सदस्य शामिल थे—के साथ विस्तृत बैठक हुई। लंबी चर्चा के बाद प्रबंधन ने तत्काल 5 लाख रुपये की राहत राशि, लगभग 23 लाख रुपये अतिरिक्त मुआवज़ा तथा मृतक की पत्नी को आजीवन पेंशन देने पर सहमति दी। सहमति बनने के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया। परिजनों एवं ग्रामीणजनों ने कांग्रेस नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव श्रमिकों और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
राजनांदगांव। जिले के उभरते युवा मॉडल मास्टर आदर्श गुप्ता ने राजधानी दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित फैशन शो ग्लोरियस इंडियन रनवे फैशन वीक में शानदार प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। देश के प्रसिद्ध सेलिब्रिटी डिजाइनर द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन में आदर्श ने आत्मविश्वास, आकर्षक व्यक्तित्व और पेशेवर अंदाज के साथ रैंप पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिसकी उपस्थित दर्शकों और फैशन विशेषज्ञों ने सराहना की। मास्टर आदर्श गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र गुप्ता के सुपुत्र हैं। उन्होंने कम उम्र में ही मॉडलिंग को अपने करियर के रूप में अपनाया और निरंतर परिश्रम व समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर के मंच तक अपनी पहचान बनाई है। दिल्ली में आयोजित इस बड़े फैशन समारोह में भागीदारी उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। आदर्श इससे पूर्व भी देश के विभिन्न राज्यों और प्रमुख शहरों में आयोजित फैशन आयोजनों में हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने नैनीताल, रांची, हैदराबाद तथा मुंबई जैसे शहरों में अपनी प्रस्तुति से विशेष पहचान बनाई है। उनकी मंच प्रस्तुति, चाल-ढाल और आत्मविश्वास ने फैशन जगत में उन्हें एक उभरते चेहरे के रूप में स्थापित किया है। दिल्ली में हुए इस फैशन वीक में उनके सफल प्रदर्शन से राजनांदगांव सहित पूरे छत्तीसगढ़ में गर्व का वातावरण है। परिवार के सदस्यों, मित्रों और शुभचिंतकों ने आदर्श को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। आदर्श ने अपने संदेश में कहा कि वे आगे भी बड़े मंचों पर निरंतर कार्य करते हुए अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
राजनांदगांव।/शौर्यपथ /शंकरपुर कब्रिस्तान क्षेत्र में अवैध हथियारों के साथ सात आरोपियों की गिरफ्तारी के चर्चित प्रकरण में उल्लेखनीय एवं त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक, जिला-राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) द्वारा नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया है।
गौरतलब है कि 12 फरवरी 2026 को मुखबिर सूचना पर कोतवाली थाना, चौकी चिखली एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक कार्रवाई में पिस्टल, देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। आगे की विवेचना में अंतर्राज्यीय स्तर पर हथियार खरीदी-बिक्री से जुड़े तथ्य सामने आए, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर अतिरिक्त हथियार जप्त किए।
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली टीम की लगन, सतर्कता, साहस और समन्वय की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा निम्न अधिकारी एवं कर्मचारियों को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया—
0 उनि. कैलाशचंद्र मरईप्रभारी चौकी चिखली
0 उनि. नरेश बंजारे, सायबर सेल
0 सउनि. विनोद कुमार वर्मा, चौकी चिखली
0 प्रधान आरक्षक बसंत राव, सायबर सेल
0 प्रधान आरक्षक अरुण कुमार नेताम, चौकी चिखली
0 प्रधान आरक्षक कुंदन सिंह उइके, चौकी चिखली
0 आरक्षक चंद्रकपूर आयाम, चौकी चिखली
0 आरक्षक गोपाल पैकरा, चौकी चिखली
0 आरक्षक किशोर कुमार मार्बल, चौकी चिखली
0 आरक्षक आदित्य सोलंकी, चौकी चिखली
0 आरक्षक सुनील बैरागी, चौकी चिखली
0 आरक्षक तामेश्वर भूआर्य, चौकी चिखली
0आरक्षक परिवेश वर्मा, सायबर सेल
0 आरक्षक प्रख्यात जैन, सायबर सेल
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने टीम भावना से कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में भी उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा। जिले में हुई इस कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है तथा असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित है।
मृणेन्द्र चौबे
राजनांदगांव/शौर्यपथ।
जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी चिखली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 पिस्टल, 2 देशी कट्टा एवं 1 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
12 फरवरी 2026 को शंकरपुर क्षेत्र के नागरिकों द्वारा सूचना दी गई कि कुछ युवक डब्बा मैदान कब्रिस्तान के पास पिस्टल एवं कट्टा लहराकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी चिखली प्रभारी द्वारा टीम गठित कर तत्काल मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस को देखते ही चार युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम:
शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली (26 वर्ष), निवासी शंकरपुर
डिगम्बर साहू उर्फ छोटू (27 वर्ष), निवासी पेण्ड्री
सेवक कश्यप उर्फ डाला (22 वर्ष), निवासी शंकरपुर
गुंजेश वर्मा उर्फ शिवा (26 वर्ष), निवासी शंकरपुर
बताए। गवाहों की उपस्थिति में तलाशी लेने पर शिवम के कब्जे से एक पिस्टल व जिंदा कारतूस तथा डिगम्बर के पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि अवैध हथियार मध्यप्रदेश के धार-बड़वानी क्षेत्र से खरीदकर लाए गए थे। इनका उपयोग क्षेत्र में रौब जमाने एवं अवैध बिक्री के लिए किया जाना था।
आरोपियों की निशानदेही पर दुर्ग में दबिश देकर विक्की देशमुख उर्फ मोनू (25 वर्ष), निवासी चन्द्रखुरी, दुर्ग के कब्जे से एक देशी कट्टा जब्त किया गया।
इसी क्रम में मोहारा पुल के पास घेराबंदी कर उमेश साहू उर्फ बठालू (26 वर्ष), निवासी गोकुलपुर, धमतरी एवं जतीनदास मानिकपुरी (27 वर्ष), निवासी धमतरी को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से एक पिस्टल बरामद हुआ।
प्रकरण में कुल सात आरोपियों द्वारा संगठित रूप से अवैध हथियार रखने पाए जाने पर उनके विरुद्ध धारा 111 भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भापुसे) के पर्यवेक्षण में की गई।
चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई सहित चिखली पुलिस एवं साइबर सेल टीम की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियार रखने एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा।
राजनांदगांव/शौर्यपथ / जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी चिखली एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 02 पिस्टल, 02 देशी कट्टा एवं 01 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
12 फरवरी 2026 को शंकरपुर क्षेत्र के नागरिकों द्वारा सूचना दी गई कि कुछ युवक डब्बा मैदान कब्रिस्तान के पास पिस्टल एवं कट्टा लहराकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी चिखली प्रभारी द्वारा टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर चार युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शिवम सिन्हा उर्फ चार्ली (26 वर्ष, निवासी शंकरपुर), डिगम्बर साहू उर्फ छोटू (27 वर्ष, निवासी पेण्ड्री), सेवक कश्यप उर्फ डाला (22 वर्ष, निवासी शंकरपुर) एवं गुंजेश वर्मा उर्फ शिवा (26 वर्ष, निवासी शंकरपुर) बताए। गवाहों की उपस्थिति में तलाशी लेने पर शिवम के कब्जे से एक पिस्टल एवं जिंदा कारतूस तथा डिगम्बर के पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि अवैध हथियार मध्यप्रदेश के धार-बड़वानी क्षेत्र से खरीदकर लाए गए थे, जिनका उपयोग क्षेत्र में रौब जमाने एवं अवैध बिक्री के लिए किया जाना था। आरोपियों की निशानदेही पर दुर्ग में दबिश देकर विक्की देशमुख उर्फ मोनू (25 वर्ष, निवासी चन्द्रखुरी, दुर्ग) के कब्जे से एक देशी कट्टा जब्त किया गया। वहीं सूचना के आधार पर मोहारा पुल के पास घेराबंदी कर उमेश साहू उर्फ बठालू (26 वर्ष, निवासी गोकुलपुर, धमतरी) एवं जतीनदास मानिकपुरी (27 वर्ष, निवासी धमतरी) को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से एक पिस्टल बरामद हुआ। प्रकरण में कुल सात आरोपियों द्वारा संगठित होकर अवैध रूप से पिस्टल एवं कट्टा रखने पाए जाने पर धारा 111 बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भापुसे) के पर्यवेक्षण में की गई। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई सहित चिखली पुलिस व सायबर सेल टीम की भूमिका सराहनीय रही। जिले में अवैध हथियार रखने एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
