July 26, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    मुंगेली

    मुंगेली (654)

    मुंगेली । शौर्यपथ । शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानने कलेक्टर श्री राहुल देव ने आज मुंगेली विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों का सघन दौरा किया। उन्होंने ग्राम खैरवार (बै.) के शासकीय प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया और जर्जर स्कूल भवन के मरम्मत की जानकारी ली। उन्होंने वहां शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की संख्या और पढ़ाई गतिविधि के संबंध में भी जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। वहीं कक्षा दूसरी की छात्रा की आंख संबंधी समस्या देखकर कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में ईलाज कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वहां बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे मध्यान्ह भोजन का भी निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीण तुकाराम ने ग्राम के स्कूल को कक्षा पांचवी से उन्नयन करते हुए कक्षा आठवीं तक करने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने शासन को प्रस्ताव भेजने की बात कही।

            कलेक्टर ने ग्राम लालाकापा में होमगार्ड लाईन कार्यालय डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट में फायर, बाढ़ एवं आपदा से निपटने आवश्यक सामग्रियों का निरीक्षण किया। जिसमें सभी सामग्री सही पाए गए। उन्होंने वहां लाईफ सेविंग हेतु प्राप्त नवीन सामग्री, स्ट्रेचर, कटर आदि की उपयोगिता के संबंध में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने वहां होमगार्ड के जवानों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनी और कार्यालय के ग्राउण्ड को हरा-भरा बनाने सजावटी पौधा लगाने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोसमा में स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्मार्ट क्लास के व्यवस्थित नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि स्मार्ट क्लास का स्वरूप आकर्षक व बच्चों के रूचि के अनुसार होनी चाहिए। कलेक्टर ने स्मार्ट क्लास में एलईडी टीवी के विभिन्न विषयों को प्ले कराकर भी देखा और आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, मुंगेली एसडीएम सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

    मुंगेली । शौर्यपथ । कलेक्टर श्री राहुल देव ने आज मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम धरमपुरा के ग्राम पंचायत भवन में आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां कम्प्यूटर में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आयुष्मान कार्ड का उद्देश्य गरीब एवं असहाय परिवारों के बीमारियों पर होने वाले खर्च के आर्थिक बोझ को कम करना एवं गुणवत्तापूर्वक ईलाज समय पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने वहां उपस्थित ग्रामीणों से भी चर्चा की और उन्हें आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, मुंगेली एसडीएम सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. देवेन्द्र पैकरा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री गिरीश कुर्रे तथा ग्रामवासी उपस्थित थे।

    मुंगेली । शौर्यपथ । मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास कार्यालय रायपुर में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में राज्य के गैर अनुसूचित क्षेत्रों के लिए ‘मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ी पर्व सम्मान निधि‘ योजना का शुभारंभ किया। जिसके तहत जिले के 370 ग्राम पंचायतों में भी योजना की शुरूआत हो गई है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री राहुल देव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी. एस. राजूपत, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री संजीत बनर्जी, छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण की सदस्य सुश्री रत्नावली कौशल, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण कर्मकार मंडल की सदस्य श्रीमती अम्बालिका साहू, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उपसंचालक, शिक्षा विभाग तथा कृषि विभाग के अधिकारी जिला कलेक्टोरेट एनआईसी कक्ष से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।

                  ‘मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ी पर्व सम्मान निधि‘ योजना के तहत सामुदायिक क्षेत्रों के ग्रामों में स्थानीय तीज त्यौहार, संस्कृति एवं परंपरा को संरक्षित करने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत को दो किश्तों में कुल 10 हजार रूपए जारी किए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य गैर-अनुसूचित ग्रामीण क्षेत्रों के तीज-त्यौहारों की संस्कृति एवं परंपरा को संरक्षित करना और इन त्यौहारों, उत्सवों का मूल स्वरूप में आगामी पीढ़ी को हस्तांतरण तथा सांस्कृतिक परंपराओं का अभिलेखन करना है। ग्राम पंचायतों में एक से अधिक गांव/मोहल्ला/टोला स्थित है, किन्तु योजना के क्रियान्वयन हेतु ग्राम पंचायत स्तरीय शासी निकाय समिति का गठन जाएगा। समिति में ग्राम के सरपंच अध्यक्ष, पुजारी/बैगा सदस्य, ग्राम के 02 बुजुर्ग सदस्य, ग्राम के दो महिला सदस्य, ग्राम कोटवार/पटेल सदस्य एवं सचिव ग्राम पंचायत सदस्य/सचिव के रूप में शामिल होंगे। जनपद स्तरीय शासी निकाय में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अध्यक्ष, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सदस्य/सचिव, जनपद पंचायत के अध्यक्ष-सदस्य, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सदस्य के रूप में शामिल होंगे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जिले में उक्त योजना के क्रियान्वयन की निगरानी एवं समन्वय हेतु उत्तरदायी होंगे। ग्राम पंचायत में कौन-कौन से त्यौहारों में इस राशि का उपयोग किया जाना है, इसका निर्धारण ग्राम स्तरीय शासी निकाय द्वारा किया जाएगा। इस हेतु जनपद स्तरीय निकाय सुझाव दे सकता है।

     मुंगेली । शौर्यपथ । खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 26 (2)(II) का उल्लंघन करने पर वैष्णव मिष्ठान्न भंडार मुंगेली के विक्रेता श्री संजय वैष्णव और विनिर्माता श्री संतोष वैष्णव पर 05 लाख रूपए का अर्थदण्ड लगाया गया है। कलेक्टर श्री राहुल देव के निर्देश पर अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्री तीर्थराज अग्रवाल ने वैष्णव मिष्ठान्न भंडार को अवमानक खाद्य पदार्थ के विक्रय का दोषी मानते हुए अधिनियम की धारा 51, 52 के तहत यह कार्यवाही की है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमति पुष्पा तिरकी ने बताया कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा विगत दिनों वैष्णव मिष्ठान्न भंडार का निरीक्षण किया गया और वहां विक्रय की जा रही खाद्य सामग्री की जानकारी ली गई। जहां खुला खोवा विक्रय किया जा रहा था। अधिनियम के तहत खाद्य अनुज्ञप्ति पत्र मांगे जाने पर खाद्य पंजीयन की वैधता समाप्त होना पाया गया। जिस पर टीम द्वारा खुला खोवा की जांच हेतु नमूना लेकर उनके सहमति से फार्म-5 ए का सूचना पत्र तैयार कर संचालक को एक प्रति देकर दूसरे प्रति में पावती लिया गया। घटना स्थल की सम्पूर्ण कार्यवाही का मौके पर पंचनामा तैयार किया गया। खाद्य टीम द्वारा लिए गए नमूने के एक भाग को भाग को फार्म-6 की एक प्रति रखकर सील बंद पैकेट तैयार किया गया एवं प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया। नमूने के शेष भाग को फार्म-6 की एक प्रति के साथ सील बंद पैकेट तैयार कर अभिहीत अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन मुंगेली के कार्यालय में जमा कराया गया।

     प्रयोगशाला के प्रतिवेदन अनुसार खाद्य पदार्थ के नमूने को मिथ्याछाप/अवमानक पाया गया है, जिसकी प्रति आरोपी को भेजी गई है, किंतु आरोपी द्वारा खाद्य पदार्थ के नमूने को पुनः स्वयं के खर्च पर प्रयोगशाला से नियमानुसार जांच कराने का प्रयास भी नहीं किया गया है। साथ ही आरोपी द्वारा न्यायालय में नोटिस तामिली पश्चात् उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत किया गया, परंतु कोई ठोस दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। अतः आरोपी खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की धारा-26 (2) II का उल्लंघन पाया गया, जो अधिनियम की धारा 51, 52 के तहत दण्डनीय है। अतः श्री संजय वैष्णव (विक्रेता) एवं श्री संतोष वैष्णव (विनिर्माता) फर्म वैष्णव मिष्ठान्न भंडार पड़ाव चौक मुंगेली को अवमानक खाद्य पदार्थ के विक्रय का दोषी मानते हुए अधिनियम की धारा 51, 52 के तहत 2.50-2.50 लाख रूपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया है।

    मुंगेली । शौर्यपथ । कलेक्टर श्री राहुल देव ने आज सबेरे 09.30 बजे जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई चिकित्सकों, स्टाॅफ नर्स और वार्डब्वाय की जिला चिकित्सालय में समय पर अनुपस्थिति देखकर कलेक्टर भड़क उठे और उन्होंने अनुपस्थित सभी चिकित्सकों को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय में मरीजों का इलाज पूरी संवेदनशीलता के साथ होना चाहिए। मरीजों को मिलने वाले सभी सुविधा समय पर उपलब्ध हो। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चिकित्सक एवं स्टॉफ निर्धारित समय पर चिकित्सालय में उपस्थित रहें ताकि मरीजों को चिकित्सक का इंतजार न करना पड़े और समय पर उन्हे बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके।

               कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में ओपीडी कक्ष, दंत रोग विशेषज्ञ वार्ड, डायलिसिस युनिट, इमरजेंसी वार्ड, पीएनसी वार्ड, वृद्धजन वार्ड, आपरेशन वार्ड, आईसीयू कक्ष, महिला-पुरुष मरीज वार्ड, शिशु वार्ड, सर्जरी वार्ड, ब्लड बैंक, सियान जतन क्लिनिक सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होेंने वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल भी पूछा। मरीजों से इलाज एवं दवाईयां आदि की समुचित उपलब्धता के संबंध में विस्तृत जानकारी ली और सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने गर्मी को देखते हुए मरीजों की सुविधा के लिए वार्डों में कूलर की संख्या भी बढ़ाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, मुंगेली एसडीएम सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

    मुंगेली । शौर्यपथ । कलेक्टर श्री राहुल देव के निर्देशानुसार जिले के तीनों विकासखंडों में सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण कार्य तेजी से किया जा रहा है। अब तक 01 लाख 64 हजार से अधिक परिवारों का सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण किया जा चुका है, जो कि कुल लक्ष्य का 76.03 प्रतिशत है। बीते एक अप्रैल से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक, आर्थिक सर्वेक्षण का काम शुरू हुआ था। जिसमें विकासखण्ड मुंगेली अंतर्गत अब तक 58 हजार 217 परिवारों, विकासखण्ड पथरिया अंतर्गत 46 हजार 223 परिवारों और विकासखण्ड लोरमी अंतर्गत 60 हजार 311 परिवारों का सर्वेक्षण किया गया है।

              पंचायत एवं ग्रामीण विकास के उपसंचालक सुश्री भूमिका देसाई ने बताया कि जिले के 02 लाख 16 हजार परिवारों का सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण कार्य 30 अप्रैल तक पूर्ण किया जाना है। इस हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्रगणक दलों का गठन किया गया है। जिनके द्वारा सर्वेक्षण में मुख्य रूप से परिवार के मुखिया से जुड़ी बुनियादी जानकारी, प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी, राशन कार्ड, धान विक्रय, नरेगा जॉब कार्ड, परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी, समस्त स्त्रोतों से परिवार की आमदनी, आयकर दाता, परिवार की भूमि, आवास है या नहीं, आवास एवं शौचालय की जानकारी, निराश्रित परिवार, सिंचाई साधन, वाहन एवं अन्य सामग्री, घरेलु ईंधन की व्यवस्था, कुकिंग गैस, कौशल प्रशिक्षण एवं विद्युत कनेक्शन सहित अन्य जानकारी प्राप्त की जा रही है। उन्होंने बताया कि सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में हर परिवार की आर्थिक स्थिति का पता करना है। ताकि कुछ योजनाओं से वंचित वर्गों के बारे में जानकारी मिल सके।

    मुंगेली । शौर्यपथ । प्रत्येक मंगलवार को सुबह 11 बजे से जिला कलेक्टोरेट में आयोजित होने वाले जनदर्शन में आज 115 आवेदकों ने आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री राहुल देव ने सभी आवेदकों की मांगों, समस्याओं व शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनी तथा नियमानुसार निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि जिले में आमजनों की समस्याओं का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। सभी अधिकारी जनदर्शन के आवेदनों को गंभीरता से लें तथा नियमानुसार निराकरण करें। इसमें लापरवाही एवं उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

              जनदर्शन में श्री मोहन मल्लाह और श्री संजय जायसवाल ने नगर पालिका मुंगेली क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग पर कार्यवाही करने, ग्राम विचारपुर के राजकुमार कश्यप और बुधवारा के जेठिया बाई ने आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम पथर्री के रेशमलाल बंजारा ने ग्राम के शासकीय प्राथमिक शाला में अहाता निर्माण स्वीकृत कराने, ग्राम रहंगी के मनोहर भास्कर ने निजी भूमि से ट्रांसफार्मर पोल हटाने, ग्राम कोहड़िया के ग्रामवासियों ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, ग्राम चातरखार के श्री मनोज भारद्वाज ने अपनी भूमि का सीमांकन कराने, ग्राम बैहाकापा के कमलेश टांडे ने गोबर बिक्री की राशि दिलाने, बुधवारा के संतोषी विजय कुमार ने उनके विकलांग पुत्र को ईलाज एवं पेंशन प्रदान करने सहित अन्य आवेदकों ने कलेक्टर के समक्ष अपने आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों की जांच उपरांत नियमानुसार कार्यवाही की बात कही। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी. एस. राजपूत, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती नम्रता आनंद डोंगरे, श्रीमती प्रिया गोयल, मुंगेली एसडीएम सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

    मुंगेली । शौर्यपथ । कलेक्टर श्री राहुल देव आज पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रमोहन सिंह के साथ लोरमी विकासखण्ड के ग्राम डोंगरिया पहुंचे। उन्होंने वहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बेरोजगारी भत्ता हेतु प्राप्त आनलाईन आवेदन के सत्यापन के लिए बनाए गए क्लस्टर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राप्त कुल आवेदन तथा सत्यापन के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। ग्राम डोंगरिया के क्लस्टर में 47 लोगों को सत्यापन हेतु बुलाया गया था। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को बेरोजगारी भत्ता हेतु प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही बेरोजगारी भत्ता योजना से वंचित नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा संचालित आकांक्षा प्लेटफार्म के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर एसडीएम लोरमी श्रीमती पार्वती पटेल, तहसीलदार लोरमी, जनपद पंचायत सीईओ लोरमी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

              बता दें कि राज्य शासन की महत्वाकांक्षी बेरोजगारी भत्ता योजना की शुरूआत 01 अप्रैल से हो गई है। जिसे लेकर जिले के जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। योजना का लाभ लेने आज की स्थिति में 2323 युवाओं ने आनलाईन आवेदन किया है, जो की पूरे राज्य में प्राप्त आवेदनों की स्थिति में 07वें स्थान पर है। कुल प्राप्त आवेदनों में से 1566 आवेदकों को उनके दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन हेतु क्लस्टर लेवल पर आमंत्रित किया गया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में बेरोजगारी भत्ता हेतु आनलाईन आवेदन के भौतिक सत्यापन के लिए 60 क्लस्टर बनाए गए हैं, जिनमें मुंगेली जनपद में 20, लोरमी जनपद में 21, पथरिया जनपद में 10, मुंगेली नगर में 04, लोरमी में 02, पथरिया में 01 एवं सरगांव में 02 क्लस्टर शामिल हैं। बेरोजगारी भत्ता योजना का लाभ लेने के लिए वेबसाईट डब्ल्यू.डब्ल्यू.डब्ल्यू.बेरोजगारीभत्ता.सीजी.एनआईसी.इन के जरिये बेरोजगारी भत्ता लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

    मुंगेली । शौर्यपथ । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली के अध्यक्ष तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अरविंद कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली के सचिव श्री मयंक सोनी के मार्गदर्शन में लिगल एंड डिफेंस काउंसिल सिस्टम एवं जिला चिकित्सालय के संयुक्त तत्वाधान में 07 अप्रैल विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिले के रामगढ़ स्थित बालगृह में बालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही बच्चों को बालअधिकार पोषण, शिक्षा कौशल विकास के साथ स्वस्थ रहने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। इसके पश्चात् वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ टीकम चंद्राकर, डिप्टी चीफ सुरेश खुसरो, पैरालीगल वालंटियर, डॉ ज्ञानेन्द्र भारद्वाज, डॉ संजय ओबेराय, डॉ प्रदीप जायसवाल एवं स्टाफ नर्स, बाल गृह तथा वृद्धाश्रम के अधीक्षक उपस्थित थे।

    मुंगेली । शौर्यपथ । कलेक्टर श्री राहुल देव के निर्देश पर मुंगेली अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो ने एसडीएम कार्यालय में आज पर्यवेक्षकों की बैठक लेकर सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पर्यवेक्षकों को निर्धारित समय-सीमा में सर्वेक्षण कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पर्यवेक्षक अपने अधीनस्थ प्रगणकों को लक्ष्य निर्धारित कर सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाएं। सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण कार्य में लक्ष्य अनुसार प्रगति नहीं आने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर जनपद पंचायत मुंगेली के सीईओ, ब्लॉक नोडल-टेक्निकल नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision