July 26, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    मुंगेली

    मुंगेली (654)

    मुंगेली / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने विगत दिनों रायपुर में आयोजित कलेक्टर कांफ्रेंस में सड़क मार्गों के संबंध में समीक्षा की थी और जिला कलेक्टरों को सड़क मार्ग का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। जिसके परिपालन में कलेक्टर श्री राहुल देव के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल ने आज लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित सरगांव-सकेत सड़क मार्ग में औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सरगांव-सकेत सड़क मार्ग पर ग्राम खम्हारडीह में सड़क की खराब स्थिति होने पर अपनी  नाराजगी व्यक्त की और संबंधित उप अभियंता श्री डी. सी. बैसवाड़े को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए लोक निर्माण विभाग के मुख्य कार्यपालन अभियंता को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब वर्षा ऋतु समाप्त हो गई है। सड़कों में गढ्ढे नहीं होनी चाहिए। आमजनों को आने जाने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस हेतु उन्होंने सड़क के मरम्मत कार्य को पूर्ण जिम्मेदारी व गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मरम्मत कार्य में उपयोग होने वाले सामग्री की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे।


    मुंगेली / शौर्यपथ / जिला ग्रन्थालय में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए शीघ्र वाईफाई की सुविधा प्रारंभ की जायेगी। कलेक्टर श्री राहुल देव ने कल शाम जिला मुख्यालय के बी.आर. साव शासकीय आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल परिसर में संचालित जिला ग्रन्थालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायेजा लिया। इस दौरान कलेक्टर ने वाईफाई की सुविधा शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाईफाई की सुविधा प्रारंभ होने से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने में आसानी होगी।
      कलेक्टर ने जिला ग्रन्थालय में साफ सफाई व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, कम्प्यूटर, बैठक व्यवस्था आदि का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जिला ग्रंथालय में प्रतियोगी परीक्षा के लिए उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता की भी जानकारी ली और युवाओं से चर्चा कर उन्हें प्रतियोगी परीक्षा में सफल होने के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफल होने के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है। सफलता का कोई शॉर्टकट उपाय नहीं है। उन्होंने युवाओं को कड़ी मेहनत करने और प्रतियोगी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने प्रोत्साहित किया। जिला लाइब्रेरियन श्री डी. ए. श्रीवास्तव ने बताया कि जिला ग्रंथालय अवकाश के दिनों को छोड़कर प्रतिदिन प्रातः 08 बजे से शाम 07 बजे तक संचालित किया जाता है। जिला ग्रंथालय में लगभग 200 युवा प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी. एस. राजपूत, संयुक्त कलेक्टर श्री नवीन भगत सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

    ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार और आय का साधन
    मुख्यमंत्री ने आजीविका पार्क का वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए किया शिलान्यास

    मुंगेली / शौर्यपथ / मुुंगेली जिले के 06 गौठानों को महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क (रीपा) के रूप में विकसित किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय से राज्य के प्रत्येक विकासखंड के दो-दो गौठानों में महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का (आजीविका पार्क) करने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शिलान्यास किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लेखनी सोनू चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री हेमेंद्र गोस्वामी, आदर्श कृषि उपज मंडी समिति मुंगेली के अध्यक्ष श्री आत्मा सिंह क्षत्रिय, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मण्डल के सदस्य श्रीमती अम्बालिका साहू, संबंधित विभाग के अधिकारी और स्व सहायता समूह के सदस्य वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय शिलान्यास कार्यक्रम में जुड़े।
             गौरतलब है कि मुंगेली विकासखंड अंतर्गत ग्राम लिम्हा और संबलपुर के गौठान, लोरमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम चंदली व सांवतपुर के गौठान और पथरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिलतरा व धरदेई के गौठान को महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में विकसित करने हेतु चिन्हांकित किया गया है। इन गौठानों में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना होने से ग्रामीण परिवारों को आजीविका के नए अवसर मिलेंगे। स्थानीय स्तर पर ही रोजगार मिलने से उन्हें आय का अतिरिक्त साधन मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका एवं रोजगार को बढ़ावा देेने के उद्देश्य से इन इंडस्ट्रियल पार्क में निजी उद्यमियों को उद्यम लगाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में स्थानीय आवश्यकता और बाजार की संभावनाओं के आधार पर विभिन्न प्रकार के उद्यम स्थापित किए जाएंगे। ग्रामीण उद्योग स्थापित करने के लिए इच्छुक हितग्राहियों को शासन की योजनाओं के तहत ऋण भी उपलब्ध कराया जाएगा।

    अतिथियों ने शाल व श्रीफल भेंटकर कर किया सम्मानित
    25 वरिष्ठ नागरिकों को प्रदान किया गया श्रवण यंत्र और छड़ी

    मुंगेली / शौर्यपथ / अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आज जिला कलेक्टोरेट स्थित जनदर्शन कक्ष में जिला स्तरीय वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। सम्मान समारोह का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और राज्यगीत के साथ किया गया। इस दौरान कलाकेंद्र के बच्चों द्वारा स्वागत गीत के माध्यम से वृद्धजनों का अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात उपस्थित अतिथियों द्वारा जिले के 250 वृद्धजनों को साल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं जिले के तीन वरिष्ठ एवं शतायु मतदाता श्रीमती बसंत बाई, श्री जनक और श्री दशरथ को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक संघ द्वारा 25 सितंबर को वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित खेल प्रतियोगिता शतरंज, कैरम, कुर्सी दौड़ आदि में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 16 वरिष्ठजनों को पुरस्कार वितरण कर सम्मानित किया गया। इनमें नंदन देवांगन, नीलकंठ तिवारी, बी.पी. तिवारी, प्रेमलाल यादव, डी.डी. मानिकपुरी, एच. आर. भास्कर, ए. डी. मानिकपुरी, उमा शर्मा, कमल श्रीवास्तव, उमा तीवर, बद्री प्रसाद तंबोली शामिल हैं।
     कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ द्वारा वरिष्ठजनों का ब्लड प्रेशर और शुगर की निःशुल्क जांच की भी गई और उन्हें आवश्यक दवाईयां उपलब्ध कराई गई। जिला आयुष विभाग के द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्यवर्धक काढ़ा पिलाया गया और निःशुल्क दवाई का वितरण किया गया। समाज कल्याण विभाग के द्वारा 20 वरिष्ठ नागरिकों को छड़ी और 05 वरिष्ठ नागरिकों को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। इससे पहले कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने जिले के नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वरिष्ठजन हमारे घर की नींव होते हैं। हम सभी को अपने से बड़ों और वरिष्ठजनों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने ऐसे बुजुर्ग जिनके देखरेख के लिए कोई नहीं होता उन्हें जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य सुविधा, पेंशन, राशन, पेयजल सहित तमाम सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने की बात कही।
         जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लेखनी सोनू चंद्राकर ने कहा कि वैसे तो वरिष्ठजनों का सम्मान हर दिन, हर पल हमारे मन में होना चाहिए, लेकिन उनके प्रति मन में छिपे इस सम्मान को व्यक्त करने के लिए प्रतिवर्ष 01 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के रूप में मनाया जाता है। वृद्धजन दिवस से युवाओं और बच्चों को सीख लेने की जरूरत है। बड़ों व बुजुर्गो से हम जीवन में बहुत कुछ सीखते है, गलत और सही के बीच अंतर समझ पाते हैं। यदि हम अपनी माता-पिता की सेवा करें तो, वो भी बुजुर्ग की सेवा के समान है। नगर पालिका मुंगेली अध्यक्ष श्री हेमेंद्र गोस्वामी ने कहा कि वृद्धों और उम्रदराज लोगों के साथ होने वाले भेदभाव, अपमानजनक व्यवहार, उपेक्षा और अन्याय पर रोक लगाने के उद्देश्य से इस दिवस को मनाया जाता है। जिन लोगों ने हमारा पालन पोषण किया और शिक्षा, समाज सेवा जैसे अनेक क्षेत्रों के लिए योग्य बनाया, उसका श्रेय वृद्धजनों को जाता है। हमें अपने बड़े बुजुर्गों को कभी नहीं भूलना चाहिए। उनके स्वास्थ्य, खानपान का भी ध्यान रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी होना चाहिए।
     जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री संजीत बनर्जी ने कहा कि वरिष्ठजन के रहने से परिवार की गरिमा बढ़ती है और अच्छे कार्यों के लिए हमे बुजुर्गाें से सतत् मार्गदर्शन मिलता है। कार्यक्रम को आदर्श कृषि उपज मंडी समिति मुंगेली के अध्यक्ष श्री आत्मा सिंह क्षत्रिय, राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक संघ मुंगेली के अध्यक्ष श्री धनेश सोलंकी, डॉ संजय अग्रवाल ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन श्री नीलकंठ तिवारी ने किया। अपर कलेक्टर श्री तीर्थराज अग्रवाल ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गायत्री रामफल साहू, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष पवन पाण्डेय, वरिष्ठ नागरिक संघ के सचिव श्री प्रमोद पाठक, प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर श्री नवीन भगत, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक श्रीमती शारदा जायसवाल सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

    मुंगेली / शौर्यपथ / खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में धान उपार्जन का कार्य दिनांक 01 नवंबर 2022 से प्रारंभ होगा। धान खरीदी अवधि के दौरान एवं उसके पहले अवांछित व्यक्तियों द्वारा अन्य राज्यों या जिलों से धान लाकर जिले के खरीदी केन्द्रों में खपाने के प्रयास किए जाने से धान खरीदी व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है। इसके अतिरिक्त गांव एवं अर्धशहरी इलाकों में कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा चिल्हर रूप से धान की खरीदी कर समिति में पंजीकृत किसान के धान के रकबे में बेचने के प्रयास की संभावना बनी रहती है। इस देखते हुए कलेक्टर श्री राहुल देव ने धान खरीदी हेतु ग्राम एवं शहरी इलाकों में कोचियों व बिचौलियों द्वारा चिल्हर रूप से धान की खरीदी की अनियमितता को रोकने हेतु संबंधितों को दल गठित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गठित दल को सतत् जांच की कार्यवाही कर अनियमितता या नियमानुसार खरीदी नहीं पाए जाने पर उनके विरूद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज करने और मंडी अधिकारियों को धान खरीदी प्रारंभ होने के पूर्व गांव एवं अर्धशहरी इलाकों में कोचियों एवं बिचौलियों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए हैं। इसकी जानकारी संबंधित कार्यालय एवं पुलिस अधीक्षक को अवगत कराने के भी निर्देश दिए हैं।
    उन्होंने कोचियों एवं बिचौलियों के द्वारा समिति में धान लाकर अन्य किसानों के पंजीयन में खपाने का प्रयास करने पर उनका वाहन एवं धान जब्त कर नियमानुसार कार्यवाही करने तथा संलिप्त कर्मचारी के विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने धान खरीदी में अवैध विक्रय, अवैध परिवहन, संचलन आदि संबंधी अनियमितता पाए जाने पर एवं प्रकरण दर्ज होने पर उसका मीडिया के माध्यम से पर्याप्त प्रचार करने के भी निर्देश दिए हैं।

    मुंगेली / शौर्यपथ / जिले में 01 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस दौरान जिला कलेक्टोरट परिसर में दोपहर 12 बजे से वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। जहां मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लेखनी सोनू चंद्राकर, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री थानेश्वर साहू, नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष श्री हेमेन्द्र गोस्वामी, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री संजीत बनर्जी, आदर्श कृषि उपज मंडी समिति मुंगेली के अध्यक्ष श्री आत्मा सिंह क्षत्रिय, वरिष्ठ नागरिक श्री सागर सिंह बैस एवं श्री अनिल सोनी, नगर पालिका परिषद मुंगेली के उपाध्यक्ष श्री मोहन मल्लाह, जनपद पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्रीमती गायत्री रामफल साहू, जनपद पंचायत मुंगेली के उपाध्यक्ष श्री पवन पाण्डेय और राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक संघ मुंगेली के अध्यक्ष श्री धनेश सोलंकी शामिल होंगे। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया जाएगा।

    मुंगेली // शौर्यपथ// जल संरक्षण जागरूकता रैली 17 सितंबर को शासकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय फास्टरपुर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार के द्वारा जल है तो कल है जल ही जीवन है जैसे नारा लगाते हुए छात्रों के द्वारा रैली निकाला गया रैली फस्टरपुर स्कूल से प्रारंभ होकर होकर अंबेडकर चौक थाना फस्टरपुर आ स्थाई बस स्टैंड से खैरासेतगंगा होते हुए चर्चगेट फास्टरपुर वापस पहुंचा जहां नरेंद्र जयसवाल,मंगलम श्री परिहार,राजकुमार अहिरे,सामवेल सहित कई विशिष्ट जनों ने रैली का स्वागत किया रैली का संचालन व्यापम शिक्षक राम भजन सिंह गवर्नमेंट अमृत बंजारा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी अमृत प्रसाद बंजारा शिक्षक पीके अनंत एस.के पाटले एवं सहित अनेक शिक्षकों ने सराहनीय योगदान रहा ।

    मुंगेली / शौर्यपथ / जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा आज एक बड़ा आपरेशन किया गया। चिकित्सकों की टीम द्वारा जांच उपरांत सफल आपरेशन करते हुए एक मरीज के पेट से 05 किलोग्राम का बड़ा ट्यूमर निकाला गया। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने के दौरान पेट में ट्यूमर की वजह से मरीज काफी परेशान थी। जिनका डाॅ. नेहा स्मृति लाल स्त्री रोग विशेषज्ञ, डाॅ. राजेश बेलदार निश्चेतना विशेषज्ञ एवं नर्सिंग स्टाॅफ की टीम द्वारा सफल आपरेशन कर उपचार किया गया।   कलेक्टर श्री राहुल देव ने इस सफल आपरेशन के लिए जिला चिकित्सालय की टीम को बधाई दी है।

    मुंगेली / शौर्यपथ / हाॅकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को मनाया जा रहा है। मेजर ध्यानचंद जयंती 29 अगस्त को अक्षुण बनाए रखने हेतु जिला मुख्यालय मुंगेली स्थित डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में प्रातः 07.30 बजे से जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन जिला एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विकासखण्ड से चयनित 06 से 14 एवं 15 से 18 वर्ष के बालक, बालिकाएं भाग लेंगी।
                राजीव गांधी शिक्षा मिशन के जिला समन्वयक श्री वाचस्पति सिंह ने बताया कि 29 अगस्त को आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में गेड़ी-दौड़, रस्सी कूद, कबड्डी, खो-खो, फुगड़ी, शतरंज एवं रंगोली प्रतियोगिता तथा बज्जर मुंगेली के अंतर्गत ताईक्वांडो, सिलम्बम, मलखम का प्रदर्शन के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा। उन्होंने जिले के नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खेल दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है।
      

    मुंगेली / शौर्यपथ / जिले में गुर्दे की समस्या से परेशान मरीजों के लिए डायलिसिस सुविधा जीवन दायिनी साबित हो रही है। गुर्दे की समस्या से ग्रसित मरीजों के लिए जिला चिकित्सालय मुंगेली में 17 अगस्त से निःशुल्क डायलिसिस सुविधा शुरू की गई है। अब तक 12 लोगों ने डायलिसिस की सुविधा का लाभ प्राप्त किया है। इनमें से ग्राम गीतपुरी (नवागांव चीनू) के श्री केदार यादव और ग्राम दशरंगपुर के श्री नागेन्द्र टण्डन के लिए भी डायलिसिस की सुविधा जीवनदायिनी साबित हुई है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय मुंगेली में डायलिसिस की सुविधा होने से उन्हें गुर्दे की बीमारी से निजात मिल गई है। उन्होंने बताया कि किडनी की समस्या से वे परेशान थे। बीमारी की हालात में गरीबी भी हावी थी। इसके बावजूद भी डायलिसिस हेतु उन्हें बिलासपुर आना जाना पडता था, जिसके कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था, अब जिला चिकित्सालय मुंगेली में डायलिसिस की सुविधा मिलने पर उनके द्वारा निःशुल्क डायलिसिस कराया गया है। जिला चिकित्सालय में निःशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध होने पर वे काफी खुश हैं। जिला चिकित्सालय में डायलिसिस सुविधा निःशुल्क प्रारंभ होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision