July 26, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    मुंगेली

    मुंगेली (654)

    मुंगेली । शौर्यपथ। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव व सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण के प्रभारी डाॅ गौरव कुमार सिंह ने कलेक्टर श्री राहुल देव के साथ आज पथरिया विकासखण्ड के ग्राम दरूवनकापा में सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां सर्वेक्षण प्रपत्र का अवलोकन किया और सर्वेक्षण कार्य में लगे प्रगणक दलों को त्रुटिरहित सटीक जानकारी प्रपत्र में भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण कार्य शासन की प्राथमिकता का कार्य है। इसे गंभीरतापूर्वक करें। शासन के निर्देशानुसार सभी परिवार का सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण किया जाना है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों का राशनकार्ड नहीं है, वो भी सर्वेक्षण में पंजीयन करवा सकते हैं।

           संयुक्त सचिव डाॅ. सिंह ने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण का उद्देश्य विगत वर्षों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का जनसामान्य के जीवन स्तर पर पड़े प्रभाव का आंकलन कर, प्राप्त डाटा का भविष्य में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा नयी योजनाओं के निर्माण के लिए उपयोग किया जाना है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थित रूप से किए जा रहे सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण कार्य की सराहना भी की।

    कलेक्टर ने मुनादी कराकर सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

          इससे पहले कलेक्टर श्री राहुल देव ने मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम पेण्ड्रीडीह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाने मुनादी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां गंगाराम के घर प्रगणक दलों द्वारा भरे जा रहे प्रपत्र का बारीकी से अवलोकन किया और प्रगणक दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण कार्य 30 अप्रैल तक पूर्ण किया जाना है। इस हेतु प्रगणक दल कार्य में तेजी लाएं। प्रपत्र में चाही गई जानकारी सही-सही भरें। उन्होंने ऐसे ग्राम जहां जनसंख्या अधिक है, वहां प्रगणक दलों की संख्या बढ़ाने तथा सर्वेक्षण कार्य में अनुपस्थित प्रगणकों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सर्वेक्षण के दौरान ग्रामीणों से भी चर्चा की और सही जानकारी देकर सर्वेक्षण में सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी. एस. राजपूत, मुंगेली एसडीएम सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, जनपद पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रीति पवार सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

    सर्वेक्षण दलों को उपलब्ध कराना होगा ये जानकारी

           पंचायत एवं ग्रामीण विकास के उपसंचालक सुश्री भूमिका देसाई ने बताया कि सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण के तहत अब तक जिले में लगभग 21 हजार परिवारों का आर्थिक सर्वेक्षण किया जा चुका है। सर्वेक्षण में परिवार के मुखिया से जुड़ी बुनियादी जानकारी, प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी, राशन कार्ड, धान विक्रय, मनरेगा जॉब कार्ड, परिवार के अन्य सदस्यों की जानकारी, समस्त स्त्रोतों से परिवार की आमदनी, आयकर दाता, परिवार की भूमि, शौचालय की जानकारी, निराश्रित परिवार, सिंचाई साधन, वाहन एवं अन्य सामग्री, घरेलु ईंधन की व्यवस्था, कुकिंग गैस, कौशल प्रशिक्षण एवं विद्युत कनेक्शन सहित अन्य जानकारी प्रपत्र में भरी जा रही है। इस हेतु प्रगणक दलों द्वारा प्रत्येक गांव मे सर्वे किया जा रहा है। सर्वेक्षण के दौरान किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला पंचायत में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

    मुंगेली । शौर्यपथ । जिला चिकित्सालय में 13 एवं 28 अप्रैल को जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक आयोजित किया जाएगा। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि शारीरिक योग्यता (मेडिकल फिटनेस) प्रमाण पत्र हेतु आयोजित मेडिकल बोर्ड की बैठक में फार्म पंजीयन कार्य सुबह 10.00 बजे से दोपहर 12.00 बजे तक किया जाएगा।

      मुंगेली । शौर्यपथ । राज्य शासन की महत्वाकांक्षी राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का विस्तार कर अब नगरीय क्षेत्रों में भी शुरू की गई है। इस हेतु नगरीय क्षेत्रों के कृषि भूमिहीन मजदूरों से 15 अप्रैल तक आवेदन मंगाए गए हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने शहरी क्षेत्र के मजदूरों को उक्त योजना का लाभ दिलाने के लिए 25 मार्च को नगर पंचायत सरगांव में आयोजित कार्यक्रम में राजीव गांधी नगरीय भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का शुभारंभ किया था। योजना का उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों की पहचान करना तथा प्रतिवर्ष 07 हजार रूपए चिन्हित परिवार के मुखिया को किश्तों में अनुदान सहायता राशि प्रदान करना है।

                योजना के तहत नगर के भूमिहीन कृषि मजदूरों से आवेदन 15 अप्रैल तक लिया जाएगा व 22 अप्रैल तक पोर्टल में डाटा प्रविष्ट किया जाएगा। आवेदनों के स्वीकृति/अस्वीकृति के पश्चात् नगरीय क्षेत्रों पर प्रकाशन कर प्राप्त दावा-आपत्ति का सामान्य सभा में निराकरण 08 मई तक किया जाएगा। अंतिम सत्यापित सूची का प्रकाशन 15 मई तक किया जाएगा। कलेक्टर श्री राहुल देव ने उक्त योजना का क्रियान्वयन निर्धारित समय-सीमा में करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए हितग्राही परिवार को आवश्यक दस्तावेज यथा आधार नंबर, बैंक पासबुक की छायाप्रति के साथ आवेदन नगरीय क्षेत्रों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाना होगा।

                बता दें कि नगरीय क्षेत्रों में निवासरत भूमिहीन कृषि मजदूर परिवार इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र होंगे। पट्टे पर प्राप्त शासकीय भूमि तथा वन अधिकार प्रमाण पत्र को कृषि भूमि माना जाएगा। नगरीय क्षेत्र के भूमिहीन कृषि मजदूर परिवारों के अंतर्गत चरवाहा, बढ़ई, लोहार, मोची, नाई, धोबी, पुरोहित जैसे पौनी पसारी व्यवस्था से जुड़े परिवार, वनोपज संग्राहक तथा समय-समय पर नियत अन्य वर्ग भी पात्र होंगे, यदि उस परिवार के पास कृषि भूमि नहीं है। अनुसूचित क्षेत्रों के नगरीय क्षेत्रों के आदिवासियों के देवस्थल में पूजा करने वाले व्यक्ति जिन्हें पुजारी/बैगा/गुनिया/मांझी आदि नामों से जाना जाता है तथा आदिवासियों के देव स्थल के हाट पाहार्या एवं बाजा मोहरिया, कृषि भूमि धारण करने के बावजूद योजनांतर्गत पात्र होंगे। परंतु इस वर्ग के वे परिवार जो शासन में सामायिक भत्ता/आर्थिक सहायता अन्य योजना में प्राप्त कर रहे हों, वे पात्र नहीं होंगे। आवासीय प्रयोजन हेतु धारित भूमि कृषि भूमि नहीं मानी जाएगी। पंजीकृत हितग्राही परिवार के मुखिया की मृत्यु हो जाने पर उक्त परिवार के द्वारा पात्रता अनुसार नवीन आवेदन योजनांतर्गत प्रस्तुत किया जाना होगा। योजना की विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के नगर पालिका अधिकारी कार्यालय से सम्पर्क किया जा सकता है।

    मुंगेली । शौर्यपथ । जिले के लोरमी विकासखण्ड के सुदूर वनांचल ग्राम बोईरहा-पटपरहा में 15 मार्च को टीबी व लेप्रोसी जगजागरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 75 मरीजों की जांच की गई और उन्हें आवश्यकतानुसार दवाई एवं परामर्श दिया गया। जिला क्षय/कुष्ठ उन्मूलन अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर श्री राहुल देव के निर्देशानुसार और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में टीबी के संदेहास्पद 10 मरीज, खुजली के 02 मरीज, सर्दी-खांसी के 21 मरीज, कमजोरी के 18 मरीज, सिरदर्द के 03 मरीज, बुखार के 02 मरीज, बहरापन के 02 मरीज, ब्लड प्रेशर के 02 मरीज व 15 जनरल मरीज पाए गए। टीबी के संदेहास्पद मरीजों का बलगम जांच के लिए सैंपल लिया गया। साथ ही टीबी/कुष्ठ रोग से बचाव एवं नियंत्रण हेतु जागरूकता लाने पाम्पलेट वितरण किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम समन्वयक, आरएचओ, मितानीन सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।

    मुंगेली । शौर्यपथ । छत्तीसगढ माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायुपर द्वारा आयोजित कक्षा 10 वीं की सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में जिले से 10 हजार 464 परीक्षार्थी परीक्षा देने शामिल हुए। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि मुंगेली विकासखण्ड से 04 हजार 152, लोरमी विकासखण्ड से 03 हजार 869 पथरिया विकासखण्ड से 02 हजार 443 परीक्षार्थियों ने सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा दी। वहीं तीनों विकासखण्ड से 281 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई। नकल प्रकरण निरंक रहा।

    मुंगेली । शौर्यपथ । क्लेक्टर श्री राहुल देव के निर्देश पर एसडीएम सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो ने ग्राम कोलिहाडीह के राज जांगड़े की सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके पिता श्री हिरेन्द्र को 25 हजार रूपए की आर्थिक सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान की है। गौरतलब है कि सामान्य प्रशासन विभाग के प्रावधानानुसार सड़क दुर्घटना में मृतक के निकटतम वैध वारिस को 25 हजार रूपए एवं गंभीर रूप से घायल होने पर अधिकतम 10 हजार रूपए की आर्थिक सहायता की स्वीकृति किए जाने का प्रावधान है।

    समूह की महिलाओं ने सब्जी बेचकर कमाए 01 लाख 50 हजार रूपए

    मुंगेली। शौर्यपथ। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सामुदायिक बाड़ी विकास योजना स्व सहायता समूह की महिलाओं के लिए आमदनी का जरिया बन चुकी है। महिलाएं सामुदायिक बाड़ी में सब्जी की खेती कर अच्छा खासा पैसा कमा रही हैं। लोरमी विकासखंड के ग्राम सांवतपुर में दुर्गा इंदिरा स्व सहायता समूह की महिलाएं बाड़ी विकास योजना के तहत सब्जी उत्पादन कर योजना के प्रारंभ से अब तक 1.50 लाख रुपए की आमदनी प्राप्त कर चुकी हैं। समूह के महिलाओं का कहना है कि शासन की बाड़ी विकास योजना हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इन महिलाओं ने शासन की महत्वाकांक्षी बाड़ी विकास योजना के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

                समूह की महिलाओं ने बताया कि जब से गौठान बना है। तब से हम लोग गौठान परिसर में सब्जी की खेती कर रहे हैं और उत्पादित सब्जी को आसपास के बाजार में थोक, चिल्हर तथा स्कूल व आंगनबाड़ी में बेचकर अब तक 01 लाख 50 हजार का आय हुआ है, जिससे हम सभी महिलाओं के जीवन स्तर में काफी सुधार आया है। बाड़ी विकास योजना के तहत समय-समय पर हमें उद्यान विभाग द्वारा सब्जी उत्पादन हेतु आवश्यक तकनीकी मागदर्शन भी प्राप्त होता है। बता दें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप शासन द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने सामुदायिक बाड़ी विकास योजना प्रारंभ की गई है। कलेक्टर राहुल देव के मार्गदर्शन में जिले में योजना का बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिसके चलते आज स्व सहायता समूह की महिलाएं बाड़ी विकास कार्य से जुड़कर अच्छा खासा पैसा कमा रही है और आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

    मुंगेली । शौर्यपथ । कलेक्टर श्री राहुल देव के मार्गदर्शन में शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित करने श्रम विभाग द्वारा लगातार शिविर व अन्य माध्यमों से श्रमिकों का पंजीयन किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में विगत 06 महीने में 07 हजार 57 श्रमिकों का पंजीयन किया गया है। जिसमें छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत 01 हजार 959 श्रमिकों का पंजीयन व छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल अंतर्गत 05 हजार 98 श्रमिकों का पंजीयन शामिल है।

               श्रम पदाधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा पंजीकृत श्रमिकों के कल्याण हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं तथा हितग्राहियों को पात्रतानुसार लाभांवित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत संचालित योजना के तहत जिले में 694 हितग्राहियों को लाभांवित किया जा चुका है। जिसमें नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत जिले के 276 हितग्राहियों, भगिनी प्रसूति सहायता योजना के अंतर्गत 139 हितग्राहियों, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यंाग सहायता योजना के अंतर्गत 05 हितग्राहियों, निर्माण श्रमिक ई-रिक्शा सहायता योजना के अंतर्गत 01 हितग्राही, मेधावी छात्र-छात्रा शिक्षा प्रोत्साहन सहायता योजना के अंतर्गत 07 हितग्राहियों और मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के अंतर्गत 266 हितग्राहियों को लाभांवित किया गया है।

             इसी तरह छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल के अंतर्गत जिले के 764 हितग्राहियों को लाभांवित किया जा चुका है। जिसमें असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत 19 हितग्राहियों, असंगठित कर्मकार, ठेका श्रमिक घरेलू कामगार एवं हमाल श्रमिक प्रसूति सहायता योजना के अंतर्गत 653 हितग्राहियों तथा असंगठित कर्मकार, सफाई कर्मकार के बच्चे हेतु छात्रवृत्ति सहायता योजना के अंतर्गत 92 हितग्राहियों को लाभांवित किया गया है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल अंतर्गत 10 से अधिक योजनाएं संचालित की जा रही है। इसी तरह छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मण्डल के अंतर्गत 20 से अधिक योजनाएं संचालित की जा रही है। जिले के अधिक से अधिक श्रमिकों को शासन की योजनाओं से लाभांवित करने कलेक्टर श्री राहुल देव के मागदर्शन में श्रमिक पंजीयन शिविर का भी लगातार आयोजन किया जा रहा है। योजना से संबंधित विस्तारपूर्वक जानकारी जिला कलेक्टोरेट स्थित कार्यालय श्रम पदाधिकारी एवं श्रमेव जयते मोबाईल एप्लीकेशन के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।

    मुंगेली / शौर्यपथ / शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर राहुल देव के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा 25 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह ‘‘प्रशासन गांव की ओर’’ मनाया जा रहा है। जिसके तहत जनशिकायतों के समाधान और बेहतर सेवा वितरण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संयुक्त कलेक्टर श्रीमती नम्रता आनंद डोंगरे ने बताया कि सुशासन सप्ताह ‘‘प्रशासन गांव की ओर’’ के तहत जनशिकायतों के समाधान और बेहतर सेवा वितरण के लिए जिला कलेक्टोरेट के जनदर्शन कक्ष में भी विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत आज 20 जनशिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया। वहीं राजस्व कार्यालयों, जनपद पंचायतों सहित विभिन्न विभागों में संचालित सेवाओं के तहत आज लगभग 315 जनशिकायतों का तत्काल निराकरण किया गया। कलेक्टर ने सुशासन सप्ताह ‘‘प्रशासन गांव की ओर’’ के आयोजन में जिले से संबंधित लंबित सभी प्रकरणों का निराकरण उच्च प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए हैं।

    मुंगेली / शौर्यपथ / कलेक्टर राहुल देव और पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह ने आज पथरिया विकासखण्ड के ग्राम पेण्ड्री (स.) में चौपाल लगाई। इस दौरान कलेक्टर ने बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि हम आपके गांव आप लोगों की समस्या जानने आए हैं। यदि कोई समस्या हो तो जरूर बताएं। उन्होंने ग्रामीणों से गांव में पेयजल सुविधा, पात्र हितग्राहियों को राशन, सामाजिक पेंशन, शौचालय, बिजली, पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, ग्रामसेवक और शिक्षकों की स्कूल में उपस्थिति आदि की जानकारी ली। कलेक्टर और एसपी को अपने बीच पाकर ग्रामीण काफी उत्साहित दिखे। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की लंबित राशि भुगतान, शासकीय उचित मूल्य दुकान हेतु भवन निर्माण, जमीन रिकार्ड दुरूस्तीकरण, स्कूल में शिक्षकों की कमी को दूर करने संबंधी आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने ग्रामीणों को प्राप्त आवेदनों पर जांच उपरांत नियमानुसार निराकरण का भरोसा दिलाया। छत्तीसगढ़ी भाषा में बात करते हुए कलेक्टर के सरल और सहज स्वभाव देखकर ग्रामीण काफी खुश नजर आए। ग्रामीणों ने कहा कि पहली बार किसी कलेक्टर का हमारे गांव में आना हुआ है, जो आकर हमारी सुध ले रहे हैं।
             कलेक्टर ने पटवारी को ग्राम में प्रत्येक बुधवार को उपस्थित होकर ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्या का निराकरण करने, ग्रामसेवक को किसानों को मांग अनुरूप बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने किसानों से समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के संबंध में चर्चा की और कहा कि रकबा में त्रुटि के कारण यदि धान विक्रय में दिक्कत आ रही हो तो तहसील कार्यालय जाकर त्रुटिसुधार करा लें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप सभी पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी किया जाएगा। कलेक्टर ने 05 लाख रूपए तक निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा हेतु ग्रामीणों को आयुष्मान भारत कार्ड बनवाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। चौपाल में पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से कहा कि कोई पुलिस संबंधी शिकायत हो तो जरूर बताएं, उसका निराकरण किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को अवैध गतिविधि जुआ, सट्टा, शराब, चोरी से दूर रहने की समझाईश दी। इस अवसर पर अपर कलेक्टर तीर्थराज अग्रवाल, पथरिया एसडीएम श्रीमती प्रिया गोयल सहित संबंधित विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision