
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
जगदलपुर / शौर्यपथ /
कलेक्टर रजत बंसल ने आज सुबह जगदलपुर शहर में चल रहे विभिन्न विभिन्न विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान श्री बंसल संजय बाजार के पास स्थित स्वामी विवेकानंद आदर्श विद्यालय, महारानी अस्पलात, लालबाग मैदान में निर्माणाधीन झीरम शहीद स्मारक तथा कुम्हड़ाकोट आमगुड़ा में चल रहे विकास कार्यों अवलोकन किया। कलेक्टर ने महारानी औचक निरीक्षण कर डॉक्टरों एवं स्टाफ की उपस्थिति की जानकारी ली तथा अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना। अस्पताल में भर्ती मरीज कलेक्टर श्री बंसल के आत्मीय एवं मधुर व्यवहार से काफी अभिभूत हुए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त नगर निगम प्रेम पटेल, एसडीएम दिनेश नाग, संयुक्त कलेक्टर हितेश बघेल, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री एके सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
बंसल ने पुरुष मेडिकल वार्ड में भर्ती मरीज परमजीत एवं सोमनाथ से बातचीत कर उनके इलाज के संबंध में जानकारी तथा मौके पर उपस्थित अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजय प्रसाद को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान बंसल अस्पताल के ओपीडी कक्ष जनरल वार्ड, महिला वार्ड, बर्न यूनिट आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने बर्न यूनिट के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। अस्पताल अधीक्षक डॉ. संजय प्रसाद ने बताया कि अभी हाल में ही डायलिसिस हेतु दो टेक्नीशियनों की नियुक्त हुई है, इस पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की। बंसल ने पुराने अस्पताल भवन में उपर मंजिल की ओर जाने वाली सीढ़ी की चौड़ाई बढ़ाने तथा लिफ्ट एवं स्ट्रेचर की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इसके अलावा अस्पताल में आवश्यकता अनुरूप एसी लगवाने के निर्देश भी दिए। संजय बाजार के पास स्वामी विवेकानंद आदर्श विद्यालय में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी एवं कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को विद्यालय में अधोसंरचना से जुड़े चिजों के अलावा अन्य सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कर एक आदर्श विद्यालय के अनुरूप सभी सुविधाओं से युक्त स्वच्छ, सुन्दर परिसर का निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान श्री बंसल ने जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री भारती प्रधान को विद्यालय परिसर पर चल रहे निर्माण कार्यों का सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान बंसल लालबाब मैदान में निर्माणाधीन झीरम शहीद स्मारक के निर्माणाधीन कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। इसके अलवा आमागुड़ा स्थित कुम्हड़ाकोट में पहुंचकर प्रस्तावित विकास कार्यों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली एवं आयुक्त नगर निगम प्रेम पटेल तथा कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुंगेली / शौर्यपथ /
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने आज लोरमी विकासखंड के ग्राम खुडिय़ा में राजीव गांधी जलाशय (खुडिय़ा बांध) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलाशय में संचालित नौका विहार का आनंद लिया और प्रकृति के मनोरम दृश्य की सराहना की। कलेक्टर ने राजीव गांधी जलाशय का भ्रमण करने आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए सामुदायिक शौचालय निर्माण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने जलाशय के समीप के स्थल का सौंदर्यीकरण हेतु शीघ्र कार्ययोजना बनाकर भेजने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलाशय के समीप आवश्यक सुविधाओं के विस्तार होने से पर्यटकों का आवागमन बढ़ेगा, जिससे आसपास के लोगों को रोजगार मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। कलेक्टर ने जलाशय के समीप कैंपेनिंग, पर्यटकों के रात्रि विश्राम हेतु अस्थायी कॉर्टेज निर्माण, गार्डनिंग, सीढिय़ों का चाौड़ीकरण एवं पेंटिंग व साज-सज्जा आदि के संबंध में संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने राजीव गांधी जलाशय में नौका विहार हेतु बोट की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी श्री गणेश राजन, मुंगेली अनुविभाग के एसडीएम श्री अमित कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री डी. एस. राजपूत, लोरमी अनुविभाग की एसडीएम श्रीमती मेनका प्रधान सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
कोंडागांव / शौर्यपथ /
देवांगन समाज भवन कोंडागांव मे सभी पिछड़ा वर्ग समाज के अंतर्गत आने वाली जातियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति मे एक विशेष बैठक आयोजित कर पूर्व मे आयोजित कार्यक्रमों पर चर्चा किया गया व सर्व पिछड़ा वर्ग समाज जिला कोंडागांव के अध्यक्ष का चुनाव किया गया जिसमे सभी समाज प्रमुखों की मौजूदगी मे रितेश पटेल को चुना गया वहीं महामंत्री रैमल दीवान व कोषाध्यक्ष आइसी निषाद को चुना गया सचिव योगेश्वर साहू व प्रवक्ता नीलकंठ शार्दुल बने। संरक्षक मंडल मे रोहित पटेल, बिरस साहू, रमेश प्रधान, बालकुँवर प्रधान,सुखिया राम चौहान, गोकुल मानिकपुरी मंगल राम कौशिक, प्रेमनाथ यादव, भारत जैन, मणिशंकर देवांगन, झूमूकलाल दिवान व सलाहकार मंडल मे दिलीप दिवान, राजेंद्र जायसवाल, यशवंत साहू, कमलकांत पटेल, यशवंत साहू, केजूराम नायक शामिल हैं उपाध्यक्ष के रूप मे सरजूदास मानिकपुरी, सनत यादव, मनोज देवांगन, हीराराम राठौर, चंद्रकांत जैन, शंकर शार्दुल केदारनाथ वर्मा अक्ष पांडे बसंत साहू, पीडी विश्वकर्मा शामिल हैं ।मिडिया प्रभारी बने अमित गुप्ता रामदेव कौशिक, विनोद साहू, अनत जैन, खीरेन्द्र यादव।सभी समाजिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति मे आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा हुई किस तरह से आगे की लड़ाई लड़ी जाएगी इस पर भी विचार किया गया। आज के कार्यक्रम मे कोंडागांव जिले मे निवासरत पिछड़ा वर्ग समाज के अंतर्गत आने वाली सभी जातियों के जिलाध्यक्ष एवं प्रतिनिधीयों के साथ सामाजिकजन भारी संख्या मे मौजूद रहे।
बेमेतरा/ शौर्यपथ /
भारतीय जनता पार्टी के बेमेतरा जिला महामंत्री विकास धर दीवान ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छोटे-मोटे अफसरों और कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई करके प्रदेश की जनता को आखिर क्या बताना चाहते हैं? जबकि उच्च स्तरीय भ्रष्टाचार पर उनकी आंखें रंगीन चश्मे चढ़ा लेती हैं। अभी हाल ही विधायक के भ्रष्टाचार पर उंगली उठाने वाले युवा आयोग के सदस्य को 6 साल के लिए कांग्रेस ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। यानी कांग्रेसियों को भी भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने की आजादी नहीं है। जो भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलेगा वह अनुशासनहीन माना जाएगा। कांग्रेस विरोधी माना जाएगा और भूपेश बघेल का भी विरोधी माना जाएगा। दूसरी बात यह कि जब उनके ही मंत्रिमंडलीय सहयोगी ने कोरबा कलेक्टर को भ्रष्ट बताया था तो भूपेश बघेल ने अपने ही मंत्री के कथन पर कोई एक्शन नहीं लिया। अब छोटे-मोटे कर्मचारियों को सस्पेंड करके भूपेश बघेल नायक बन रहे हैं।
भाजपा महामंत्री विकास दीवान ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रदेश की जनता को भ्रमित करने के लिए तरह-तरह के स्वांग रचते हैं। वह भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रहे हैं। प्रदेश में पूरी तरह अराजकता और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। छत्तीसगढ़ अपराध गढ़ बन गया है। तरह-तरह के माफिया सरकार के राजनीतिक संरक्षण में दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की कर रहे हैं। सरकार का पूरा सिस्टम भ्रष्टाचार के अधीन चल रहा है। बड़े-बड़े घोटालेबाज रिटायरमेंट के बाद भी सरकार की अनुकंपा पर जमे हुए हैं और जिम्मेदार पदों पर काम कर रहे हैं। ऐसे भ्रष्टाचारियों को नए-नए कारनामे करने के लिए अवसर दिए जा रहे हैं। अतिरिक्त प्रभार दिया जा रहा है। दूसरी तरफ द्वितीय और तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों अधिकारियों को सस्पेंड करके यह बताया जा रहा है कि यह सरकार बड़ी ईमानदार है। जबकि छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह सरकार किसी काले दाग से कम नहीं है। कांग्रेस की तो संस्कृति में ही भ्रष्टाचार रचा बसा हुआ है लेकिन देश भर के कांग्रेसियों के बीच भूपेश बघेल की सरकार भ्रष्टाचार के मामले में सबसे आगे निकल चुकी है।
कोण्डागांव / शौर्यपथ /
जिले में स्ट्रीट डॉग को लेकर अब लोगों में संवेदनाएं बढऩे लगी है जिसका परिणाम यह है कि आप लोग आगे बढ़ चढ़कर डॉग के इलाज व उनके नसबंदी में सहयोग करते नजर आ रहे हैं जिला मुख्यालय के साथ ही फरसगांव जैसे शहरों में भी अब स्ट्रीट डॉग के इलाज के लिए आम नागरिकों के साथ साथ पशु चिकित्सक भी तत्पर नजर आ रहे हैं ।
पशु चिकित्सालय फरसगाव के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ अलका ठाकुर एवं एक्सटेंशन अधिकारी डीपी साहू द्वारा डेर्माटाइटिस से ग्रसित स्ट्रीट डॉग का इलाज किया जा रहा है,वही पूछने पर पशु चिकित्सक ने कहा की यह अभियान जारी रहेगा, वहीं जानकारी देते कहा की रेबीस मामले बढऩे के चलते साथ साथ निशुल्क रेबीस टीका करण भी किया जा रहा है,ताकि पशुओ के साथ जन सामान्य भी सुरक्षित रहें। नगर के घुमंतू बीमार कुत्ते आम लोगों के लिए खतरा न बने, इसे देखते हुए नगर के युवाओं के सहयोग से इन बीमार कुत्तों का इलाज लगातार किया जा रहा है ।
वहीं जिला मुख्यालय में शांति फाउन्डेशन के यतीन्द्र सलाम व समाज सेविका अनिता श्रीवास्तव के द्वारा भी लगातार लावारिश पशुओ के लिए खाने व उनके उपचार की मुहिम चलाई जा रही है, ताकि डॉग बाइट जैसे मामलों को कंट्रोल किया जा सके, जिनके मुहिम में डॉ नीता मिश्रा व डॉ ढालेश्वरी साहू के द्वारा सराहनिय योगदान दिया जाता रहा है
–बर्थ कंट्रोल व डॉग बाइट का समाधान है नसबंदी
जिले में पशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टरों के साथ मिलकर अब कई समाज सेवी भी कुत्तों के इलाज में जुटे हुए हैं। वही विभाग के अधिकारियों की अपील है कि आप कोई भी आमजन अस्पताल में सम्पर्क कर निषुल्क स्ट्रीट डॉग की नसबंदी करवा सकते है , नसबंदी के बाद कुत्तों को कुछ दिन के लिए संरक्षण में रख पुन: उन्हें उनके इस्थान पर सुरक्षित पहुंचा दिया जाता है।
कोण्डागांव/ शौर्यपथ /
शनिवार को छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा कोण्डागांव जिले के प्रभारी मंत्री श्री कवासी लखमा द्वारा जिला कार्यालय में जिले में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक ली गई। इस बैठक में कोण्डागांव विधायक मोहन मरकाम, बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं केशकाल विधायक सन्तराम नेताम, हस्तशिल्प बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक नारायणपुर चंदन कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मातलाम सहित कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण सम्मिलित हुए।
इस बैठक में प्रभारी मंत्री द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने गांव में किए जा रहे विकास कार्यों में कार्यों के संचालन, निर्माण एवं श्रम से लेकर सभी कार्यों में स्थानीय ग्रामीणों एवं आदिवासियों को प्राथमिकता देते हुए, उन्हें गांव के विकास कार्यों में शामिल करने के निर्देश दिए। इसके साथ उन्होंने स्थानीय स्तर पर कोदो कुटकी के प्रोत्साहन, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन अधिकारों के वितरण, आदिवासी छात्रावासों का निर्माण पूर्ण करने, एकलव्य आदिवासी छात्रावासों में बच्चों के चयन में स्थानीय ग्रामीणों को प्राथमिकता तथा बच्चों की छुट्टियों के दौरान सभी जर्जर स्कूलों एवं आश्रमों की मरम्मत करने निर्देश दिए।
देवगुड़ी एवं गोटूलों का स्थानीय परम्परा के अनुसार हो निर्माण
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ शासन एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्णयानुसार जिले में स्वीकृत 216 देवगुडिय़ों में से अपूर्ण 88 देवगुडिय़ों का कार्य जल्द पूर्ण कराने एवं स्थानी जनजातियों में विविधता को देखते हुए निर्माण में स्थानीय परंपराओं को ध्यान में रखकर देवगुड़ी एवं गोटूलों का निर्माण करने निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों निर्माण किए जा स्कूलों छात्रावासों एवं सड़कों के कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने एवं अपूर्ण कार्यों में यदि कोई ठेकेदार की अरुचि के कारण कार्यों में विलंब हो रहा हो ऐसे ठेकेदारों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में बनाए जा रहे कुधुर-तुमडीवाल मार्ग, मटवाल-कुधुर मार्ग जैसे मार्गों में पुलिस सहायता के साथ पूर्ण करने को कहा। आगामी खरीफ मौसम को देखते हुए ग्रामीणों को खाद की कमी ना हो इसके लिए उन्होंने गोठानों से वर्मी कंपोस्ट की अधिक से अधिक खरीदी कर आपूर्ति करने के निर्देश दिए साथ ही बीज एवं उर्वरकों की हेराफेरी करने वालों के विरुद्ध त्वरित एफआईआर कर कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु पुलिस विभाग को निर्देश दिए।
चिपरैल के साथ अन्य जर्जर पीडीएस भवनों की होगी मरम्मत
इस अवसर पर विधायक केशकाल द्वारा चिपरैल में जर्जर पीडीएस भवन के संबंध में जानकारी दी गई जिस पर प्रभारी मंत्री द्वारा चिपरैल सहित जिले के सभी जर्जर पीडीएस भवनों, स्कूलों, छात्रावासों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों का सर्वे कराकर सभी की मरम्मत एवं ऐसे गांव जहां पीडीएस भवन नहीं है वहां नवीन पीडीएस भवनों के निर्माण हेतु निर्देशित किया। इसके साथ ही जिले में निर्मित एवं निर्माणाधीन जलाशयों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सिंचाई सुविधाओं को बढ़ाने को कहा साथ ही प्रभारी मंत्री द्वारा जल जीवन मिशन द्वारा घर-घर नल पहुंचाने एवं प्रत्येक व्यक्ति तथा परिवार तक पेयजल की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में होगा सुधार
विधायक कोण्डागांव द्वारा जिला अस्पताल में व्यवस्थाओं के कुछ दिनों से अव्यवस्था के संबंध में जानकारी देने पर प्रभारी मंत्री द्वारा जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन को सुधारने तथा स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए निर्देश दिए। जिसपर कलेक्टर द्वारा डीएमएफ मद से कर्मचारियों की नियुक्ति जल्द करते हुए व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। उन्होंने जीवन दीप समिति के अधिकारियों को उनके व्ययों एवं कार्यों की समीक्षा समय समय पर करते हुए जनप्रतिनिधियों को इसके सम्बन्ध में जानकारी देने को कहा। मंत्री द्वारा बड़ेबत्तर उड़ीसा मार्ग के सुधार एवं एनएच 30 में बाईपास निर्माण हेतु भी जल्द कार्यवाही को निर्देशित किया।
इस दौरान प्रभारी मंत्री से लखमा ने अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जनता के लिए कार्य करने के लिए जनता से संपर्क बढ़ाने की आवश्यकता है। हमें जिले के हर नागरिक हर ग्रामीण तक सुविधाओं के साथ उनका विकास भी सूचित करना है। इसके लिए आवश्यक है कि हर व्यक्ति तक पेयजल, भोजन को पहुंचाने के साथ सभी को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए उन्होंने विभागीय योजनाओं के बेहतर संचालन एवं अपूर्ण कार्यो को जल्द पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया साथ ही पड़ोसी राज्यों में बढ़ते कोरोना प्रकरणों को देखते हुए निरन्तर सतर्क रहते हुए तैयारियों के निरन्तर अवलोकन करने को कहा।
रायपुर / शौर्यपथ /
भेंट-मुलाकात अभियान के दौरान मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा की जा रही घोषणाओं और निर्देशों पर तेजी से अमल किया जा रहा है। तम्बेश्वरनगर की श्रीमती रीना विश्वास को मुख्यमंत्री की घोषणा के 48 घंटे के भीतर ही 4 लाख रूपए की राशि मिल गई है। यह राशि उनके बैंक खाते में जमा हो गई है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बघेल भेंट-मुलाकात अभियान के दूसरे दिन 05 मई को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के आरागाही गौठान में पहुंचे थे। इस दौरान तम्बेश्वरनगर की रहने वाली रीना विश्वास ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपने बेटे के ब्रेन ट्यूमर के इलाज के लिए मदद मांगी थी। रीना विश्वास ने मुख्यमंत्री को बताया कि बेटे के इलाज के पर बड़ी राशि खर्च हो चुकी है, बेटे के आगे का इलाज कराना उनके लिए सम्भव नहीं हो पा रहा है। मुख्यमंत्री ने उनकी व्यथा सुनकर संवेदनशीलता के साथ तत्काल उन्हें स्वेच्छानुदान मद से 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री के समक्ष महिला ने आवेदन लिख पाने में असमर्थता दिखाई तो प्रार्थी की ओर से नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने बिना किसी संकोच के स्वयं आवेदन लिखा और आवेदन पर मुख्यमंत्री ने तत्काल 4 लाख रुपये की राशि स्वेच्छानुदान से स्वीकृत कर दी। सहायता राशि मिलने पर रीना विश्वास और उनके परिवार ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया है।
जगदलपुर / शौर्यपथ /
बस्तर के जनता की रक्षा के लिए नक्सल मोर्चे पर डटे रहने वाले केन्द्रीय अद्र्धसैनिक बलों के जवानों के लिए जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट से दिल्ली तक के लिए नि:शुल्क विमान सेवा आज से प्रारंभ हो गई है। 78 सीटर इंडिगो विमान के शाम 4.10 बजे जगदलपुर पहुंचने पर वाटर सैल्यूट के साथ स्वागत किया गया। वहीं इस अंचल के लोगों की रक्षा के लिए अपने परिवार से दूर रहने वाले जवानों को जब यह अनुठी सौगात मिली तो, उनकी खुशी भी बढ़ गई।
आज पहले दिन शाम पौने पांच बजे इस विमान से 37 जवान रवाना हुए, जिन्हें एयरपोर्ट पर फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर रवाना किया गया। इस दौरान केक काटकर भी खुशियों का इजहार किया गया। इस अवसर पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. सीआरपीएफ के डीआईजी अखिलेश प्रताप सिंह, कलेक्टर रजत बंसल, एयरपोर्ट संचालक भौमिक आदि उपस्थित थे।
अद्र्धसैनिक बलों के जवानों के लिए जगदलपुर से रायपुर होते हुए दिल्ली तक नि:शुल्क विमान यात्रा से प्रसन्न जवानों ने इसके लिए आभार व्यक्त किया। वर्तमान में कोबरा बटालियन करनपुर में पदस्थ हरियाणा के महेंद्रगढ़ के अजीत यादव ने बताया कि पहले उन्हें अपने घर पहुंचने के लिए लगभग तीन दिन लग जाते थे। यह यात्रा बहुत अधिक थकाउ होती थी, लेकिन अब यहां से लगभग पांच बजे जगदलपुर से निकलकर रात लगभग सवा नौ बजे दिल्ली पहुंचने के बाद वहां से लगभग एक घंटे में अपने गांव पहुंच सकते हैं। इससे परिवार के बीच ज्यादा समय बिताने का अवसर मिलेगा, जिससे परिवार में भी खुशी है। इसी तरह डीआईजी कार्यालय में पदस्थ राजस्थान के झुंझनू जिले के जयसिंह ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि नक्सल क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे केन्द्रीय अद्र्धसैनिक बलों के जवानों के लिए यह नि:शुल्क विमान सेवा प्रारंभ की गई है। यह सप्ताह में तीन दिन अपनी सेवाएं देगी, जिसमें बुधवार, शनिवार और रविवार शामिल हैं। प्रत्येक उड़ान में 60 जवानों को यात्रा की सुविधा मिलेगी, जिसमें केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के लिए 20, सीमा सुरक्षा बल और भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस के लिए 15-15, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के लिए 3, सशस्त्र सीमा बल के लिए 4, आईबी के लिए एक व असम रायफल्स के लिए 2 सीट आरक्षित रहेगी। यह विमान दोपहर 12.10 बजे दिल्ली से रवाना होगी और दोपहर 3 बजे रायपुर पहुंचेगी। रायपुर से 3.20 बजे रवाना होकर शाम 4.30 बजे जगदलपुर पहुंचेगी। वहीं जगदलपुर से यह विमान 16.50 बजे रवाना होकर शाम 5.40 बजे रायपुर पहुंचेगी। रायपुर से 6.20 बजे रवाना होकर रात 9.10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
राजनांदगांव / शौर्यपथ /
छुरिया-फर्जी रायल्टी के मामले में साहू समाज एकजुट होकर कांग्रेस नेता तरूण सिन्हा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है । थाने पहुंचकर साहू समाज के पदाधिकारियों ने 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है । कायर्वाही न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है ।
ज्ञात हो कि फर्जी रेत रॉयल्टी मामले में अश्वन साहू पिता भुवन साहू जो कि बीएससी फाइनल का नियमित छात्र है जो परिवार की आथिर्क स्थिति अच्छी न होने के कारण पढ़ाई का खर्चा निकालने के लिए पार्ट टाईम कांग्रेस नेता तरूण सिन्हा के यहां काम करता था । जिसे मोहरा बनाकर तरूण सिन्हा के द्वारा फर्जी रेत मामले में गलत तरीके से फंसा दिया गया है । जबकि अश्वन के पिता भुवन साहू का आरोप है कि अपने आप को बचाने के लिए कांग्रेस नेता सिन्हा द्वारा मेरे पुत्र को कोरे कागज में अंग्रेजी में दस्तखत कराने के बाद हिन्दी में भी दस्तखत करने कहा गया और यह दस्तखत साधारण कोरे कागज में लिया गया था । बाद में स्वयं को बचाने कूटरचना के तहत अश्वन के दस्तखत का अन्य दस्तावेज में फर्ज़ी हस्ताक्षर कर इसका दुरूपयोग किया गया है । इस मामले में उनका पुत्र निर्दोष है और उसके खिलाफ छुरिया थाने में झूठा मामला दर्ज किया गया है । वे न्याय के लिए विगत नौ महीने से दर-दर की ठोकर खा रहे हैं । वहीं इस मामले पर अब साहू समाज ने एकजुटता दिखाते हुए तरूण सिन्हा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, और उन्होंने इस फर्जी रॉयल्टी मामले में दोषी तरूण सिन्हा पर अपराध पंजीबद्ध करने की मांग की है । साहू समाज ने छुरिया पुलिस को 10 दिन के भीतर इस मामले में कायर्वाही करने का अल्टीमेटम दिया है । यदि समय रहते कायर्वाही नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे । इस दौरान साहू समाज के अध्यक्ष भुनेश्वर प्रसाद साहू, घांसी साहू, जोधी राम साहू, नलेन्द्र साहू,सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे ।
''समाज की तरफ से आवेदन प्राप्त हुआ है, मामले की जांच की जा रही है । '
व्यासनारायण चुरेन्द्र थाना प्रभारी -छुरिया
दुर्ग / शौर्यपथ /
रोज कमाने खाने वाला गरीब अऊ मध्यम वर्गीय परिवार के आदमी हन साहब, टुल्लू पंप नई ले सकन, बने करेव जेन पानी आये के बेरा मा बिजली ला बंद करथो, नई ता हमन मन ला पानी नई मिलतीस, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे के पेयजल के निरीक्षण के दौरान सुनंदा सहारे ने यह बातें कही, वार्ड क्रमांक 46 की निवासी सुनंदा ने कमिश्नर को बताया कि पानी सप्लाई के दौरान विद्युत कटौती करने से टुल्लू पंप लगाने वाले टुल्लू पंप से पानी नहीं खींच पा रहे हैं, जिससे हमारे घरों तक पर्याप्त मात्रा में प्रेशर के साथ पानी पहुंचने लगा है, गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवार होने के कारण टुल्लू पंप खरीदना हमारे लिए आसान नहीं है। जिनके पास टुल्लू पंप के लिए पैसे हैं वह खरीद कर पानी खींच लेते थे, पानी सप्लाई के दौरान ठीक समय पर विद्युत कटौती होने से सभी घरों में पर्याप्त और समान मात्रा में पानी मिल रहा है, श्रीमती सुनंदा ने पानी सप्लाई के दौरान विद्युत कटौती के निर्णय को सार्थक बताया। निगम आयुक्त ने लगभग 40 से 50 व्यक्तियों का फीडबैक लिया.
आयुक्त यह जानना चाहते थे कि विद्युत कटौती के दौरान समान मात्रा में सभी को पानी मिल रहा है या नहीं यह देखने वे फील्ड पर ठीक विद्युत कटौती के समय प्रात: 6:30 बजे पहुंचे थे। वार्ड क्रमांक 38 एवं वार्ड क्रमांक 51 के भी कई क्षेत्रों का निगमायुक्त ने पेयजल को लेकर निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि महापौर नीरज पाल ने पेयजल व्यवस्था को सुचारू रूप से जारी रखने अधिकारियों को निर्देश दिए हुए हैं, फील्ड पर हमेशा मुस्तैद रहने उन्होंने कहा है, गर्मी के दिनों में उन्होंने पानी देने के कार्य को पहली प्राथमिकता दी है, इसके लिए लगातार बैठक लेकर अधिकारियों को महापौर निर्देशित कर रहे हैं। खुर्सीपार में औद्योगिक क्षेत्र के गणेश मंदिर के पास निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने यह पाया की तेज कोक कंपनी के द्वारा केबल वाइंडिंग तथा जी आई वायर का निर्माण किया जाता है तथा कंपनी से निकलने वाले दूषित जल को कंपनी द्वारा खुले क्षेत्र में बहा दिया जाता है जिससे यह दूषित जल भूजल स्रोत में मिलकर आसपास के लगे क्षेत्रों के पेयजल स्रोत को दूषित कर सकता है।
निगमायुक्त ने स्वयं भी दूषित पानी नाली में बहाते हुए कंपनी को पाया। आयुक्त श्री सर्वे ने कंपनी को नोटिस देने के निर्देश मौके पर अधिकारियों को दिए। वहीं उन्होंने इस संबंध में तेज कोक कंपनी के विरुद्ध कार्यवाही करने के लिए छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल को भी पत्र जारी करने के निर्देश दिए। निगम आयुक्त ने समीपस्थ क्षेत्रों के कुछ जगह से सैंपल कलेक्शन करवाने के भी निर्देश अधिकारियों को मौके पर दिए और पानी की टेस्टिंग करवाने कहा।
वार्ड क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान रहवासियों ने आयुक्त को यह फीडबैक दिया कि जहां-जहां पानी की पहले समस्या थी वहां पर अब विद्युत कटौती से पानी सभी क्षेत्रों में समान रूप से प्रेशर के साथ मिल रहा है। इस दौरान कार्यपालन अभियंता संजय शर्मा, संजय बागड़े, सहायक अभियंता अखिलेश चंद्राकर, उप अभियंता नितेश मेश्राम, सुपरवाइजर वेंकट तथा चंदन शर्मा आदि मौजूद रहे।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
