
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
भिलाई / शौर्यपथ / नगर निगम चुनाव में इस बार आरक्षित वार्डों से चुनाव लड़कर पार्षदी करने की इच्छा रखने वालों को जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। इस नियम के लागू होने से कांग्रेस व भाजपा सहित अन्य राजनीतिक पार्टियां भावी प्रत्याशी चयन के प्रति सतर्क हो गई है। वही इस नये नियम के चलते कई पूर्व पार्षदों की आसन्न चुनाव में दावेदारी पर प्रश्नचिन्ह उभर आया है। निकाय चुनाव में आरक्षित वार्डों के नतीजे घोषित होने के बाद विजयी पार्षद की जाति पर प्रश्नचिन्ह लगाये जाने के मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने नियमों में बदलाव कर दिया है।
अब आरक्षित वार्डों से चुनाव लडऩे वालों को सक्षम अधिकारी से जारी और छानबीन समिति से सत्यापित जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने पर ही नामांकन पत्र प्रदान किया जाएगा। इस नियम को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा सहित अन्य राजनीतिक पार्टियों ने आरक्षित वार्डों से दावेदारी करने वाले अपने कार्यकताओं से जाति प्रमाण पत्र तैयार रखने का निर्देश दे दिया है। सरकारी नियम और पार्टी के अंदरुनी निर्देश के बाद आरक्षित वार्ड से चुनाव लड़कर पार्षदी कर चुके अनेक नेता अपने भविष्य के प्रति चिंतित हो उठे हैं। दरअसल भिलाई व रिसाली निगम सहित जामुल पालिका में नई परिषद के लिए शीघ्र ही चुनाव कराया जाना है। अब तक आरक्षित वार्ड से चुनाव लडऩे वालों के लिए जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने का कोई नियम लागू नहीं था। नामांकन पत्र में अपनी जाति का उल्लेख कर अनेक लोगों ने चुनाव में भाग लिया और जीतकर पार्षद का कार्यकाल भी पूरा कर लिया। कुछ चुनिंदा मामलों में दावा आपत्ति की समय सीमा के दौरान दी गई चुनौती के आधार पर जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने में असफल होने से नामांकन रद्द जरुर किया गया है। लेकिन कोई आपत्ति नहीं आने की स्थिति में बिना जाति प्रमाण पत्र के अनेक लोग न केवल आरक्षित वार्ड से चुनाव लडऩे में सफल रहे बल्कि पार्षद बनकर निर्वाचित जनप्रतिनिधि का रुतबा और लाभ दोनों हासिल किया। ऐसे पूर्व पार्षदों में अब आगे चुनाव में जाने के लिए जाति प्रमाण पत्र की अनिवार्यता ने हलचल सी मचाकर रख दी है। गौरतलब रहे कि नगर निगम व पालिका में नियमानुसार वार्डों को अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित रखा जाता है। ऐसा पहली बार होगा कि आरक्षित वार्डों से चुनाव लडऩे वालों को नामांकन तभी मिलेगा जब वे सक्षम अधिकारी से जारी जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करेंगे। नामांकन पत्र में सिर्फ आरक्षित वार्ड से संबंधित जाति के होने का उल्लेख कर चुनाव में बतौर प्रत्याशी उतरने की अब तक मिल रही सुविधा खत्म कर दी गई है। आरक्षित वार्डों से चुनाव लडऩे वालों को केन्द्रीय जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने पर किसी प्रकार की राहत नहीं मिलेगी। प्रत्याशी बनने के लिए राज्य की उस वर्ग की मान्यता प्राप्त जातियों की सूची में संबंधित जाति का दर्ज होना और राज्य के ही सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र को मान्यता दी जाएगी। दूसरे प्रदेश के मूल निवासी अपने पूर्वजों के गृहग्राम से जारी केन्द्रीय जाति प्रमाण पत्र को जरुरत के वक्त इस्तेमाल करते रहे हैं। लेकिन केन्द्रीय जाति प्रमाण पत्र केन्द्र सरकार की नौकरी अथवा योजना का लाभ लेने में ही मान्य रहेगा।
रिसाली / शौर्यपथ / टैक्स वसूली के लक्ष्य को पूरा करने निगम अब सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। बड़े बकायादारों को नोटिस जारी किया गया है। वहीं करदाताओं के लिए कार्यालय अब अवकाश के दिन भी खोले जाएंगे। रिसाली नगर पालिक निगम के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने टैक्स वसूली के लिए जोर दिया है। उल्लेखनीय है वित्तीय वर्ष समाप्त होने में 19 दिन ही शेष रह गए है। अब तक केवल 55 प्रतिशत टैक्स जमा हो पाया है। शेष 45 प्रतिशत टैक्स जमा लेने के लिए निगम स्थित राजस्व विभाग का कार्यालय व काउंटर अवकाश के दिन भी खुला रहेगा।
टैक्स जमा नहीं तो सूची सार्वजनिक
खास बात यह है कि निगम में बड़े बकायादारों की सूची लंबी है। 90 से ज्यादा बकायादार ऐसे है जो टैक्स जमा करने में रूचि नहीं दिखा रहे है। आयुक्त के निर्देश पर ऐसे बकायादारों की सूची तैयार कर नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय सीमा में टैक्स जमा नहीं करने पर करदाताओं का नाम सार्वजनिक किया जाएगा।
केवल होली के दिन रहेगा बंद
अब तक जलकर 71 प्रतिशत, यूजर चार्ज 69 प्रतिशत की वसूली हो चुकी है। संपत्तिकर की शत प्रतिशत वसूली करने के लिए शनिवार व रविवार अवकाश के दिन भी काउंटर खुला रहेगा। निगम के अधिकारियों के मुताबिक केवल होली के दिन ही अवकाश रहेगा।
राजभवन में पहली बार उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित
रायपुर / शौर्यपथ / राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने आज राजभवन के दरबार हॉल में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिलाओं के अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में ताकत बनकर उभरें, जिससे समाज और देश का समुचित विकास होगा। राज्यपाल ने इस अवसर पर आए सुझाव के अनुसार राजभवन में एक महिला सेल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर राजभवन के दरबार हॉल परिसर में वृक्षारोपण किया गया और गुब्बारे छोड़े गए।
राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि पिछले दिनों अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मुझे यह ख्याल आया कि क्यों न राजभवन में भी महिलाओं का सम्मान किया जाए। यदि हम एक महिला का सम्मान करते हैं तो उसका ही नहीं पूरे महिलाओं का सम्मान है। इससे अन्य महिलाओं को प्रेरणा मिलती है और समाज में जागृति आती है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने मुझे छत्तीसगढ़ के राज्यपाल पद का दायित्व सौंपा। छत्तीसगढ़ में पहली बार इस पद पर किसी महिला को दायित्व सौंपा गया, तब मुझे बहुत खुशी हुई। साथ ही संपूर्ण महिला समाज भी सम्मानित हुई।
राज्यपाल ने कहा कि एक समय था कि समाज में महिलाओं की स्थिति कमजोर थी, परंतु धीरे-धीरे जागरूकता आई और महिलाओं की स्थिति में सुधार आया है। आज हम महिलाओं को देखंे तो वे पूरे विश्व में हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। हमारे भारत देश में भी महिलाएं सभी क्षेत्रों में अपना परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत देश को सशक्त बनाने के लिए सबसे पहले महिलाओं कोे सशक्त और समर्थ बनाना होगा अर्थात् उन्हें यह आत्मविश्वास दिलाना होगा, उन्हें इतनी ताकत देनी होगी कि वह अपने पैरों पर खड़े हो सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। दुनिया के किसी भी हिस्से में जागृति आई है तो महिलाओं के सहयोग से आई है।
सुश्री उइके ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी महिलाएं कहीं पीछे नहीं हैं। यहां कुछ जिलों में कलेक्टर के पद पर तो कुछ विभागों के प्रमुख पद पर तथा स्थानीय निकायों और पंचायतों में महिलाएं अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रही हैं। यहीं नहीं बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में महिला कमांडो के रूप में विषम परिस्थितियों में भी नक्सलियों से लोहा ले रही हैं। वहीं महिला स्व सहायता समूह के रूप में संगठित होकर विभिन्न परिधान बना रही हैं, जिसे देश-विदेश में भेजा जाएगा। वहीं विभिन्न अवसरों में राष्ट्रगान सहित अन्य धुन बजाती हुई बस्तर की पुलिस विभाग की महिला बैंड हमें गौरवान्वित करती है। वहीं जशपुर की महिलाओं ने कोविड-19 के समय महुआ से सेनेटाईजर बनाया और आय भी अर्जित की। यह महिला सशक्तिकरण का ही प्रतीक है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती किरणमयी नायक ने राज्यपाल सुश्री उइके द्वारा राजभवन में पहली बार उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के सम्मान के लिए आयोजित इस अभिनव समारोह की सराहना करते हुए कहा कि आज यहां एकत्रित महिलाओं ने अपने कार्य से सिद्ध किया है कि वे आइडियल हैं और दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने महिलाओं के विकास के लिए एक ग्रुप बनाने की आवश्यकता व्यक्त की। हेमचंद विश्वविद्यालय दुर्ग की कुलपति डॉ. अरूणा पल्टा ने इस कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिलाएं जब स्वयं निर्णय लेने में सक्षम हो जाती हैं, तभी उन्हें सक्षम माना जाता है। केवल आमदनी प्राप्त करने से ही नहीं। पद्मश्री श्रीमती फुलबासन बाई यादव ने भी अपना विचार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने समाज सेवी पद्मश्री श्रीमती शमशाद बेगम, महिला उत्थान पद्मश्री श्रीमती फुलबासन बाई यादव, कुलपति डॉ. अरूणा पल्टा, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती किरणमयी नायक, छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती प्रभा दुबे, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग की उपाध्यक्ष सुश्री राजकुमारी दीवान और हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री कुमारी सबा अंजुम को सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने ओलम्पियन (हॉकी) सुश्री रेणुका यादव, बेटमिंटन खिलाड़ी सुश्री आकर्षि कश्यप, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी प्लेयर नीता डूमरे, उजाला ग्राम संगठन, स्वयं सहायता समूह, सेरीखेड़ी, कैंसर सर्जन डॉ. मौ रॉय, सफल व्यवसायी पूनम गुप्ता, चेयरपर्सन श्रीमती सत्यबाला अग्रवाल, अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाज श्रुति यादव, केपीएस स्कूल की प्राचार्य श्रीमती प्रियंका त्रिपाठी, समाज सेविका सुश्री भावना बोहरा, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता मगदली तिर्की, विधिक विशेषश्रता से जनसेवा अंकिता पांडेय, समाज सेविका सुश्री पल्लवी मनुदेव, डॉ. पलक जायसवाल, सुश्री सरिता पुनेम, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना शर्मा, समाज सेविका शारदा सोनी, समाज सेविका डॉ. अनुराधा विश्वास, ललिता राठिया, युवा सरपंच सुश्री भारती जांगड़े, फोटोग्राफर सुश्री अनम खान, समाज सेवा श्रीमती बबिता किशोर बघेल, छत्तीसगढ़ की प्रथम जेसीबी हैवी व्हीकल चालिका सुश्री दमयंती सोनी, नर्स सुश्री आंचल मतलाम, हंसवाहिनी महिला मंडल सुश्री तरूणी सारथी, चिकित्सा सेवा सुश्री प्रेरणा पाठक, समाज सेविका सुश्री पार्वती मंडावी, समाज सेविका सुश्री राधा नाग, सरपंच श्रीमती मंगतीन नेताम, डायरेक्टर फार्मेसी इंस्टिट्यूट प्रो. स्वर्णलता सराफ, एमजीएमआई हॉस्पिटल निदेशक प्रो. दीपशिखा अग्रवाल, समाज सेविका सुश्री काजल सचदेव, स्टाफ नर्स सुश्री इनीड स्मृति, एडिशनल एस.पी. राजनांदगांव सुश्री सुरेशा चौबे, पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. सत्यभाषा आडिल, चैंबर ऑफ कामर्स की महिला विंग की अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी टूटेजा, महिला उद्यमी सुश्री जेनिफर दास, अधिवक्ता एवं समाज सेविका सुश्री मोनीता साहू, अधिवक्ता एवं समाज सेविका सुश्री स्मिता पांडेय, व्यवसायी श्रीमती नीना अग्रवाल, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती रूना शर्मा, समाज सेविका श्रीमती शुभा मिश्रा, आई.एन.एच. चैनल की एंकर श्रीमती सोनल भारद्वाज, पत्रकार डॉ. रत्ना वर्मा, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती पद्मनी भोई साहू, शिक्षिका उर्मिला देवी, व्यवसाय मंजूलता बड़रिया, प्रभारी कुलपति डॉ. दीपिका ढांढ, आईबीसी-24 के असिस्टेंट न्यूज एडिटर ज्योति सिंह, श्रीमती ममता साहू, आईपीएस अंकिता शर्मा, पत्रकार सुश्री प्रिया पाण्डेय, पत्रकार सुश्री सुप्रिया पाण्डेय, पत्रकार सुश्री निशा द्विवेदी, पत्रकार सुश्री सुमन महंत समाज सेविका श्रीमती शताब्दी पांडेय, श्रीमती नीता बाजपेयी को भी सम्मानित किया।
रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री बघेल से आज यहां उनके निवास कार्यालय में देश के प्रसिद्ध अंतराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर सुनील गावस्कर को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 50 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी और उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री बघेल ने मुलाकात के दौरान कहा कि प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, इससे खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास के लिए तेजी से अधोसंरचना का विकास किया जा रहा है। राजधानी रायपुर में देश-विदेश के खिलाड़ियों के आने के लिए विमान सुविधाएं के साथ ही यहां ठहरने के लिए भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने बचपन के दिनों को याद करते हुए गावस्कर को बताया कि घर में टी.व्ही. नहीं था, इसलिए हम लोग रेडियो पर क्रिकेट मैच की कमेंट्री सुनते थे। रेडियो पर प्रसारित होने वाली रनिंग कामेंट्री भी उन दिनों क्रिकेट खेल प्रेमियों को खेल के मैदान में उपस्थिति का बखूबी अहसास कराकर रोमांचित करती थी। रेडिया कमेंट्री रोचक शैली और जीवंतता में भी खेल प्रेमियों को खेल का भरपूर आनंद मिलता था।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सुनील गावस्कर ने छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार द्वारा खेल को आगे बढ़ने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम शानदार है। देश-विदेश से आए खिलाड़ियों को यहां खेलने में काफी आनंद आ रहा है। अपनी खेल प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन भी कर रहे हैं, इन खिलाड़ियों ने भी यहां की पिच की प्रशंसा की है। चर्चा के दौरान श्री गावस्कर ने छत्तीसगढ़ के लोगों और उनकी खेल भवना की तारीफ की।
उल्लेखनीय है कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूकता लाने के लिए राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज क्रिकेट प्रतियोगिता 5 मार्च से 21 मार्च तक आयोजित की जा रही है। इसमें 6 देशों भारत, बंाग्लादेश, इंग्लैण्ड, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के लीजेण्ड खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता का आयोजन प्रोफेशनल मेंनेजमेंट गु्रप मुम्बई और छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। मुलाकात के दौरान अतिरिक्त परिवहन आयुक्त दीपांशु काबरा और सत्यसांई हेल्थ एण्ड एजुकेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष सी. श्रीनिवास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
कोरबा / शौर्यपथ / महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित पाली महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भिलाई से सीधे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। कोरबा जिले के पाली स्थित कार्यक्रम स्थल में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत और स्कूल शिक्षा मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि राज्य में पुरातात्विक महत्व की जगहों और पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के लिए सुविधाओं का जितना विकास होगा, उतने ही रोजगार के नये अवसर बढ़ेंगे और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। देश और दुनिया के लोग हमारी संस्कृति के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की क्षमताओं के बारे में भी जान सकेंगे। इससे राज्य को एक नयी पहचान मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पाली-महोत्सव न सिर्फ कोरबा जिले की, बल्कि छत्तीसगढ़ की भी पहचान बन चुका है। इस महोत्सव की प्रसिद्धि और बढ़े, इसे और भी वृहद स्तर पर आयोजित किया जाए, इस दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। पाली-महोत्सव के माध्यम से कोरबा जिले के पुरातत्व, वहां की प्राकृतिक सुंदरता और सुंदर-संस्कृति के बारे में देश-दुनिया के लोगों को जानकारी मिलती है। श्री बघेल ने पालीवासियों को महाशिवरात्रि के अवसर पर सौगात देते हुए पाली के बस स्टैंड को हाईटेक बनाने की घोषणा की। बस स्टैंड के हाईटेक बन जाने से यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा और दूसरे लोगों के साथ-साथ इस क्षेत्र में पर्यटकों का आना-जाना भी बढ़ेगा। पाली के कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों ने महामाया महिला स्व सहायता समूह को काजू से तेल निकलने की यूनिट और चार महिला स्व-सहायता समूहों शिवराजी महिला समूह, लक्ष्मी स्व सहायता समूह, तुलसी स्व सहायता समूह और सरस्वती महिला समूह की सदस्यों को भी प्रतीकात्मक रूप से मक्का प्रोसेसिंग यूनिट प्रदान की। इस दौरान सबसे अधिक जैविक खाद खरीदने वाले तीन गोधन मित्रों अरुण राठौर, अरविंद प्रताप सिंह और श्री कार्तिक राम को भी सम्मानित किया गया।
कोरबा सहित प्रदेश के कई पर्यटन स्थलों पर विकसित हो रही सुविधाएं
मुख्यमंत्री बघेल ने पाली महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कोरबा जिले में चैतुरगढ़, बुका-जलाशल, सतरेंगा, बांगो-बांध और पाली सहित बहुत सी ऐसी जगहें हैं, जो पर्यटकों को आकर्षित कर सकती हैं। इन सभी जगहों पर सरकार द्वारा कई पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरबा जिले के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ में नये पर्यटन स्थलों को चिन्हित करके उनका विकास किया जा रहा है। राम-वन-गमन पर्यटन परिपथ ऐसी ही एक परियोजना है, जिसमें कोरिया से लेकर सुकमा जिले तक पहले चरण में 9 स्थानों को चिन्हित कर उनके सौंदर्यीकरण और विकास का कार्य शुरु किया जा चुका है। ये सभी वे स्थान हैं, जहां वनवास के दौरान भगवान राम ठहरे थे। श्री बघेल ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से अब डोंगरगढ़ भी भारत के पर्यटन-नक्शे में शामिल हो गया है। वहां भी सौंदर्यीकरण और नयी पर्यटन सुविधाएं विकसित करने का काम शुरु कर दिया गया है। सिरपुर और मैनपाट को देश के बौद्ध सर्किट में स्थान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पीढ़ियों को पीढ़ियों से जोडने का काम माध्यम है महोत्सव
मुख्यमंत्री ने कहा कि पाली सहित प्रदेश में आयोजित होने वाले महोत्सवों से युवा पीढ़ी को अपने पुरखों की गौरवशाली गतिविधियों, धरोहरों और उनकी परंपराओं की जानकारी मिलती है। पीढ़ियों को पीढ़ियों से जोडने का काम महोत्सवों के माध्यम से होता है। श्री बघेल ने कहा कि इस बार पाली-महोत्सव कोरबा के पुरातात्विक-वैभव पर केंद्रित किया गया था। अपने पुरातत्व को सहेजना और उससे अपनी पीढ़ी को परिचित करना बहुत जरूरी है। तभी वर्तमान पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास को जान पाएगी।
संस्कृति विभाग से अलग बनाया पुरातत्व संचालनालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पुरातात्विक धरोहरों के बारे में ज्यादा से ज्यादा अध्ययन हो, खोज हो और हम अपनी धरोहरों को अच्छी तरह सहेज सकें, इसके लिए छत्तीसगढ़ में अब पुरातत्व विभाग के लिए अलग से संचालनालय का गठन किया जा रहा है। अब तक संस्कृति विभाग और पुरातत्व विभाग का एक ही संचालनालय रहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि दोनों विभागों के अलग-अलग संचालनालय होने से संस्कृति और पुरातत्व दोनों ही क्षेत्र में ज्यादा व्यवस्थित ढंग से काम हो सकेगा।
भारत भवन की तर्ज पर बनेगा नया रायपुर में छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक परिक्षेत्र, एक करोड़ रूपए बजट प्रावधान
मुख्यमंत्री बघेेल ने बताया कि छत्तीसगढ़ की विभिन्न कलाओं और विधाओं के संरक्षण के लिए, उन्हें और बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद का गठन किया है। नवा रायपुर में भोपाल के भारत-भवन की तर्ज पर छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक परिक्षेत्र का भी निर्माण किया जाएगा। उन्होने कहा कि अपने तीज-त्योहारों, प्राचीन कलाओं, परंपराओं और अपने विकास के क्रम को प्रदर्शित करने के लिए मानव संग्रहालय के निर्माण के लिए इस साल के बजट में एक करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
संस्कृति और स्वाभिमान का संरक्षण के साथ विकास ही प्राथमिकता
मुख्यमंत्री बघेल ने पाली महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी संस्कृति रीति-रिवाज और स्वाभिमान का संरक्षण करते हुए प्रदेश का विकास ही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार खेत से लेकर जंगलों तक और उद्योगों से लेकर शहरी विकास तक, हर क्षेत्र में उतनी ही गंभीरता के साथ काम कर रही है। सिर्फ दो साल में छत्तीसगढ़ ने ऐसी बहुत सारी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है, जिनकी सराहना राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है।
नरवा-गरवा-घुरवा-बारी, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, हाट-बाजार क्लीनिक योजना, शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल योजना समेत बहुत सारी ऐसी योजनाएं हैं, जो लोगों के जीवनस्तर को ऊंचा उठाने के लिए संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की भी अपील की।
पुरखों के चिन्हारी और धरोहरों को गढ़ने से ही बनेगा नवा छत्तीसगढ़: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पुरखों की चिन्हारी और पुरातात्विक धरोहरों को सहेजने और उन्हें गढ़ने से ही नवा छत्तीसगढ़ बनेगा। विधानसभा अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ी स्वाभिमान और संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कामों की मंच से भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पाली-महोत्सव के माध्यम से हमारे लोक-कलाकारों को मंच मिलता है। हमारी लोक-कलाओं को संरक्षण मिलता है। इन लोक-कलाओं को भी सहेजते हुए अपनी अगली पीढ़ी तक पहुंचाना उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना अपने पुरातत्व को बचाना। विधानसभा अध्यक्ष ने पाली महोत्सव के भव्य और सफल आयोजन के लिए कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल सहित जिला प्रशासन की टीम की तारीफ की और सभी को शुभकामनाएं भी दी।
सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने के लिए मुख्यमंत्री बघेल का आभार - प्रभारी मंत्री डॉ. टेकाम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने छत्तीसगढ़िया तीज-त्यौहारों परंपरा और धरोहरों को सहेजने और उनका संवर्धन करने के कामों के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त किया। डॉ. टेकाम ने कहा कि राज्य सरकार सभी धर्मोे, वर्गो, समुदायों के रीति-रिवाजों और परंपराओं को बचाने और बढ़ाने का काम कर रही है। गिरौदपुरी हो या भंडारपुरी या दामाखेडा सभी क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैैं। ग्रामीण इलाकों में रोजगार और आजीविका के साधन बढाने के लिए भी कई काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी जनहित के कामों की झलक पाली महोत्सव में लगाई गई प्रदर्शनियों में दिख रही है। डॉ. टेकाम ने बताया कि राज्य सरकार ने चर्म शिल्प विकास बोर्ड, तेलघानी विकास बोर्ड, लोह शिल्प विकास बोर्ड और रजककार विकास बोर्ड बनाकर सभी वर्गो के सर्वांगीण विकास की अपनी योजना पर काम करना शुरू कर दिया है। प्रभारी मंत्री ने महोत्सव में उपस्थित जनसमुदाय सहित सभी को महाशिवरात्रि और पाली महोत्सव की बधाई तथा शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को पाली-तानाखार के विधायक श्री मोहितराम केरकेट्टा ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में नगर पालिक निगम कोरबा के महापौर राजकिशोर प्रसाद, नगर पालिक निगम के सभापति श्यामसुंदर सोनी, सांसद प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा सहित कलेक्टर श्रीमती किरण कौशल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक मीना, जिला पंचायत के सीईओ कुंदर कुमार एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
महिला जागरूकता कार्यक्रम के पंचम दिवस में व्यवसायिक क्षेत्रों एवं दुगली पहुंचकर ,जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बच्चियों को कानून में प्रदत्त अधिकारों के प्रति सजगता, शिक्षा का महत्व, उनकी सुरक्षा, कुरीतियों एवं अंधविश्वासों के प्रति सजगता, सुरक्षा हेतु प्रदत्त संसाधनों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
*अभिव्यक्ति नारी के सम्मान की* अभियान के तहत महिलाओं एवं बच्चों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से अभियान के पांचवें दिवस में आज व्यवसायिक क्षेत्र, शैक्षणिक संस्थान में जन जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर पालिका सामुदायिक भवन विंध्यवासिनी वार्ड धमतरी में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित महिला दिवस कार्यक्रम में सूबेदार रेवती बर्मा अपने स्टाफ के साथ पहुंचकर महिलाओं एवं बच्चों को कानून में प्रदत्त अधिकारों की विस्तृत जानकारी देते हुए पाम्पलेट वितरण किया गया।
इसी क्रम में धमतरी पुलिस ग्रामीण अंचल से होते हुए थाना दुगली कौहाबाहरा क्षेत्र अंतर्गत मड़ई कार्यक्रम में पहुंचकर घूमने आए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से महिलाओं एवं बच्चों संबंधी अपराध के बारे में जानकारी देते हुए सायबर सुरक्षा, पोक्सो एक्ट कानून में महिलाओं को प्राप्त मूल अधिकार एवं कैरियर काउंसलिंग के बारे में जानकारी दी गई तथा बैनर, पोस्टर के माध्यम से समझाइश देते हुए पाम्पलेट वितरण किया गया है। साथ ही शासकीय आदिवासी कन्या छात्रावास दुगली पहुंचकर उपस्थित छात्राओं को कानून में प्रदत्त अधिकारों की विस्तृत जानकारी देते हुए पाम्पलेट वितरण किया गया। पुलिस आपकी सुरक्षा एवं सहयोग हेतु सदैव तत्पर है, डायल 112, महिला हेल्पलाइन एवं अन्य टोल फ्री नंबर ओं का महिला हेल्पलाइन एवं अन्य टोल फ्री नम्बर का प्रयोग करने और अन्याय सहन नहीं करने तथा उसके खिलाफ आवाज़ उठाने हेतु समझाईश दी गयी।
उक्त जागरूकता कार्यक्रम में सूबेदार रेवती वर्मा के साथ महिला आरक्षक शबा मेमन, त्रिवेणी ध्रुव, तनुजा कंवर, माधुरी सोनवानी, संकल्प साहू, हेमलता मरकाम, मनीषा साहू, लक्ष्मी नागवंशी एवं सहायक आरक्षक मनोज मानिकपुरी सम्मिलित रहे।
दुर्ग / शौर्यपथ / आयुक्त हरेश मंडावी द्वारा निगम सीमा क्षेत्र के समस्त 60 वार्डो का भ्रमण करने के बाद निगम का स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर में स्थित शंकर नाला और कसारीडीह नाला में ड्रेसिंग कार्य प्रारंभ कर दिया है । आम जनता से अपील है कि नाला और नालियों में किसी भी प्रकार का कचरा ना डालें। दुकान और घरों का कचरा निगम के कचरा गाड़ी को ही देवें ।
नालों की सफाई के बाद कराया जा रहा है ड्रेसिंग-
बारिश के समय शंकर नाला में आने वाली बाढ़ से मुक्ति दिलाने नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा शहर में स्थित सभी नालों की गैंग लागाकर निरंतर सफाई कराया गया है। आयुक्त श्री मंडावी द्वारा भ्रमण कर नाला की स्थिति का जायजा लिया गया था। उन्होनें नाला में ड्रेसिंग करने निर्देशित किया गया है । जिसके तहत् स्वास्थ्य विभाग द्वारा गैंग लगाकर आदर्श नगर नाला, शंकर नाला में ड्रेसिंग करायी जा रही है।
सहायक नालियों से आता है नाला में कचरा-
आयुक्त मंडावी ने कहा कि नाला में निरंतर सफाई हो रही है परन्तु नाला से जुड़े सहायक नालियों से कचरा आ रहा है । स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक, दरोगा ध्यान देवें, किसी भी सहायक नालियों से नाला में कचरा न आये । कचरा रोकने लगाये गये जालियों में एकत्र कचरों को नियमित निकलवायें ।
कोरबा / शौर्यपथ / महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले पाली महोत्सव में दो दिवसीय विकास फोटो प्रदर्शनी सह सूचना शिविर का आयोजन किया गया। जनसंपर्क विभाग द्वारा 11 एवं 12 मार्च को शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल पाली के प्रांगण में आयोजित पाली महोत्सव में सूचना शिविर का आयोजन किया गया। पाली महोत्सव में मेला देखने आए लोगों का सूचना शिविर में खासा रूझान रहा। दूर-दराज से आए लोगों ने सूचना शिविर पर आकर विकास फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं शासकीय जनहितकारी योजनाओं की जानकारी ली। सूचना शिविर में भारी संख्या में आए लोग योजनाओं की जानकारी लेने काफी उत्साहित रहे। सूचना शिविर में जनहितकारी योजनाओं की जानकारी लेने तथा शासन की उपलब्धियों को जानने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। विकास फोटो प्रदर्शनी में शासन की योजनाआंे को फोटो के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। शिविर स्थल में पाली सहित आसपास के गांव केराझरिया, डुगुपखना, पोड़ी, पुलाली, शैला, मादन, सरईपाली, रंगोले, मुनगाडीह, माखनपुर एवं डुमरकछार के लोग भारी संख्या में आए।
पाली महोत्सव में आयोजित सूचना शिविर में आसपास गांव के स्व सहायता समूह की महिलाएं भी योजनाओं की जानकारी लेने पहुंची। आदर्श गौठान महोरा में कार्यरत हरे कृष्णा स्व सहायता, समूह बेबी स्व सहायता समूह, पूजा स्व सहायता समूह, धन लक्ष्मी स्व सहायता समूह एवं साईं महिला स्व सहायता समूह की श्रीमती कौशल्या कंवर, श्रीमती चांदनी, श्रीमती सीमा, श्रीमती पुष्पलता एवं श्रीमती सुधनी ने आकर शासकीय योजनाओं की जानकारी ली। गौठान में काम करने वाली महिलाओं ने कहा कि राज्य शासन द्वारा नरवा-गरवा-घुरवा-बाड़ी के अंतर्गत महिलाओं को स्वावलंबित करने अहम प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं ने कहा कि गौठान में हम महिलाओं को विभिन्न आजीविका संवर्धन के कार्य करने के अवसर प्रदान किये जा रहे हैं। इन कार्याें से हमारे परिवार एवं समाज की आर्थिक स्थिति भी सुधर रही है। गौठान में सब्जी उत्पादन, वर्मी कम्पोस्ट एवं विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से हम महिलाओं को आर्थिक लाभ कमाने के अवसर प्रदान हुए हैं। शासन द्वारा गौठान की महिलाओं को रोजगार के विभिन्न स्त्रोंतों से जोड़ने से महिलाएं आर्थिक उन्नति की दिशा में अग्रसर हो रहीं हैं।
सूचना शिविर में ग्राम केराझरिया से आए किसान श्री ओम प्रकाश यादव ने शासन द्वारा योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित किए जा रहे विकास फोटो प्रदर्शनी सह सूचना शिविर की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सूचना शिविर के माध्यम से लोगों को जनहितकारी योजनाओं की जानकारी एक ही जगह पर आसानी से मिल पा रही है। योजनाओं की जानकारी मिलने से ग्रामीणों द्वारा सुलभ तरीके से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया जा सकेगा। श्री ओम प्रकाश ने कहा कि सूचना शिविर के माध्यम से योजनाओं से संबंधित पुस्तिका संबल, किसान गाईड एवं जनमन का वितरण किया गया है। इन पुस्तिकाओं में शासकीय योजनाओं से संबंधित सभी जानकारी आसानी से मिल रही है। शिविर में छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा और बारी के क्रियान्वयन, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, आदर्श गौठान, बिजली बिल हाफ योजना, मनरेगा, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, राम वन गमन पथ, अल्पकालीन कृषि ऋण माफ, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, पीडीएस, कृषि विभाग के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को छायाचित्र के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
बलौदाबाजार / शौर्यपथ / एकीकृत बाल विकास परियोजना भाटापारा के अंतर्गत साहू धर्मशाला भाटापारा में अंतराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर भाटापारा सहित जिले में क्रियाशील 61 महिला स्वसहायता समूहों और 7 महिलाओं को 31 लाख 40 हजार रूपये का किफायती ब्याज पर ऋण वितरित किया गया। शासकीय और निजी क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाली महिलाओं को विभाग द्वारा शाल एवं श्रीफल से सम्मानित भी किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती संगीता मनोहर साहू, विशिष्ट अतिथि श्रीमती उषा चुटे सभापति मबावि तथा पार्षद, श्रीमती शारदा गुप्ता जनपद सदस्य, श्रीमती मेनका ठाकुर पार्षद, श्रीमती वीणा साहू, शिक्षिका, श्रीमती चैतन्य दीपक वर्मा जनपद सदस्य, स्वास्थ्य विभाग से श्रीमती सरोज बघमार एवं सुश्री तुलिका परगनिहा केन्द्र प्रशासक (सखी वन स्टॉप सेंटर) कार्यक्रम में उपस्थित हुई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती संगीता मनोहर साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि मां के रूप में महिलाओं की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है । मां कभी-भी बेटे और बेटी में फर्क नहीं करती है। साथ ही उनके द्वारा कहा गया कि महिलाओ को अपना आत्मसम्मान बनाकर रखना चाहिए तथा परिवार एवं बच्चों के मामलों में निर्णय की भागीदारी होनी चाहिए। श्रीमती उषा चूटे सभापति महिला एवं बाल विकास एवं पार्षद द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं तथा पर्यवेक्षकों द्वारा किये गये का उल्लेख अपने उद्बोधन में किया। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी आदित्य शर्मा द्वारा नारी अबला होती नहीं बब्कि समाज में उसकी भूमिका सशक्त होती ह। अधिवक्ता ईरम सिद्धीकी द्वारा महिलाओं के कानूनी अधिकारी की जानकारी देते हुए पैतृक संपति में बेटियों को बराबर अधिकार तथा घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गयी। श्रीमती तिलकुंवर वर्मा पर्यवेक्षक द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। सुश्री तुलिका परगनिहा द्वारा सखी वन स्टॉप सेंटर में पीड़ित महिलाओं को दी जाने वाली सेवाओं, शिकायत हेतु टोल फ्री नंबर 181 एवं घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को दी जाने वाली सेवाओं के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,सहायिका, पंचायत विभाग से सरपंच ग्राम पंचायत मेकरी एवं एक सचिव व रोजगार सहायक को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिले के अन्य स्थान पलारी, सिमगा, लवन सहित अन्य स्थानों में भी महिला जागृति शिविर का आयोजन किया गया तथा विभिन्न शिविरों में 61 महिला स्व सहायता समूहों को छत्तीसगढ़. महिला कोष ऋण योजना के तहत् 26 लाख एवं 7 महिलाओं को सक्षम योजना के तहत् रू. 5 लाख 40 हजार का चेक प्रदान किया गया ।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
