
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
प्रदेश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए कामना की
धान की अंतर की राशि का शीघ्र किया जायेगा भुगतान : मुख्यमंत्री साय
ग्राम छिरहा से झलियापुर तक सड़क मार्ग की घोषणा की
मुंगेली / शौर्यपथ / प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मुंगेली जिले के ग्राम झलियापुर में आयोजित श्री सिद्धेश्वर शिव महापुराण कथा में शामिल हुए। उन्होंने 11 कुंडीय रूद्र महायज्ञ शाला का परिक्रमा कर व्यासपीठ पर विराजमान कथा प्रवक्ता श्री ब्रजनंदन जी महाराज का शाल व श्रीफल भेंटकर अभिनंदन किया और उनसे प्रदेश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए आशीर्वाद लिया। मंच पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री श्री साय का गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कथा सुनने पहुंचे श्रद्धालुओं से कहा कि भगवान शिव देवों के देव महादेव भोले और अभयदानी है, वे सच्ची भाव भक्ति में दुश्मनों को भी वरदान दे देते हैं। उन्होंने कहा कि कहीं भी कथा होने से न केवल उस क्षेत्र को, बल्कि दूर-दूर तक इसका पुण्य लाभ मिलता है। इस महायज्ञ का फायदा यहां के लोगों के साथ ही हमारी सरकार को भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की धरती है, भगवान राम हमारे भांचा है। 14 वर्ष के वनवास के दौरान भगवान राम ने छत्तीसगढ़ के दण्डकारण्य के जंगल में 10 साल बिताए हैं। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि राजिम में माता सीता द्वारा स्थापित शिवलिंग है, तो निश्चित रूप से हमें आशीर्वाद मिलेगा, आज हमने 01 लाख 47 हजार 500 करोड़ का बड़ा बजट पास किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनते ही घोषणा के अनुरूप सबसे पहले हमने 18 लाख आवास बनाने का निर्णय लिया, किसानों के खाते में 2014-15 और 2015-16 की लंबित बोनस राशि का भुगतान किया गया और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की गई। शीघ्र ही किसानों के खाते में धान के अंतर की राशि का भुगतान किया जाएगा। किसानों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा, वनोपज से समृद्ध राज्य है। मोदी की जिस गारंटी को लेकर छत्तीसगढ़ की जनता ने विश्वास के साथ हमारी सरकार बनाई है, उस विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने ग्राम छिरहा से झलियापुर तक 03 किलोमीटर सड़क मार्ग निर्माण की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने कहा कि हमारे वेद में यज्ञ का बहुत बड़ा प्रभाव और महत्व बताया गया है। यह व्यक्ति के जीवन में खुशहाली तरक्की लाने का बहुत बड़ा माध्यम है। ग्राम झलियापुर में 11 कुंडीय यज्ञ निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ की खुशहाली और तरक्की के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने आयोजन समिति को धन्यवाद दिया। खाद्यमंत्री श्री दयालदास बघेल ने कहा कि यहां हर साल भव्य यज्ञ का आयोजन किया जाता है। 22 जनवरी को अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हुई। इसके उपलक्ष्य में जगह-जगह कार्यकम आयोजित किए जा रहे है। इससे अब लग रहा है कि निश्चित रूप से राम राज्य स्थापित हो रहा है। मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि रूद्र भगवान की कृपा सब पर बनी रहे। उन्होंने समाज में आपसी प्रेम, शांति, भाईचारा, मानवता, समानता आदि की कामना की। इस अवसर पर पूर्व सांसद श्री लखनलाल साहू, आयोजक श्रीमती लक्ष्मी देवी-श्री रामशरण सिंह, सरपंच श्री परमानंद सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन मौजूद रहे।
जिले में 659 मतदान केन्द्रों में 05 लाख 94 हजार से 712 मतदाता
मुंगेली/शौर्यपथ /कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल देव ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में प्रेसवार्ता लेकर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन जिले के सभी मतदान केन्द्रों में कर लिया गया है। उन्होने बताया कि निर्वाचक नामावलियों में नाम जोड़ने, विलोपन एवं त्रुटिसुधार आदि हेतु आवेदन 06 जनवरी 2024 से 22 जनवरी 2024 तक का समय निर्धारित किया गया था, जिसका 02 फरवरी निराकरण किया गया। मतदाताओं के संबंध में जानकारी देते हुए कलेक्टर ने बताया कि जिले के 659 मतदान केन्द्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 05 लाख 94 हजार 712 है, जिसमें 03 लाख 01 हजार 766 पुरूष मतदाता, 02 लाख 92 हजार 929 महिला मतदाता तथा 17 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
कलेक्टर ने बताया कि फार्म 06 के लिए कुल 12 हजार 667 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें 11 हजार 966 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए। इसी प्रकार फार्म 07 के अंतर्गत नाम विलोपन के लिए 05 हजार 758 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें प्रक्रिया के अनुरूप 03 हजार 945 नाम विलोपित किए गए। फार्म 08 के अंतर्गत त्रुटिसुधार के लिए कुल 02 हजार 603 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 02 हजार 225 मतदाताओं का प्रक्रिया के अनुरूप त्रुटिसुधार किया गया। गौरतलब है कि मतदाता सूची के संबंध में जानकारी टोल फ्री नम्बर 1950 से सम्पर्क कर प्राप्त की जा सकती है तथा आनलाईन आवेदन voterportal.eci.gov.in, http://www.nvsp.in पर किया जा सकता है। मतदाताओं की सुविधा के लिए voter Helpline app भी बनाया गया है। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान, संबंधित विभाग के अधिकारी और विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
अब तक 09 सौ से अधिक मशीनों का किया गया एफएलसी
कलेक्टर ने किया मशीनों के एफएलसी कार्य का अवलोकन, दिए आवश्यक निर्देश
मुंगेली /शौर्यपथ / भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चातरखार स्थित शासकीय कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय में ईव्हीएम व व्हीव्हीपेट मशीनों का फस्र्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) कार्य जारी है और यह 14 फरवरी तक चलेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक 09 सौ से अधिक मशीनों का एफएलसी किया जा चुका है, जिसमें 350 बैलेट यूनिट, 320 कंट्रोल यूनिट और 300 व्हीव्हीपेट मशीन शामिल है।
ईवीएम मशीन के एफएलसी कार्य का संबंधित अधिकारियों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल देव ने बुधवार को चातरखार पहुंचकर मशीनों का फस्र्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) कार्य का अवलोकन किया और संबधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमति मेनका प्रधान ने बताया कि एफएलसी में क्रियाशील और अक्रियाशील मशीनों की जांच की जा रही है और जांच में सही पाए जाने वाले मशीनों का उपयोग आगामी लोकसभा निर्वाचन में मतदान कार्य के लिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले के लिए 1144 बीयू, 738 सीयू और 829 व्हीव्हीपेट मशीन प्राप्त हुआ है, जिसका एफएलसी कार्य ईसीआई हैदराबाद के इंजीनियर द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान एसडीएम मुंगेली श्री प्रवीण तिवारी, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती पार्वती पटेल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अचानकमार क्षेत्र की महिलाओं ने कहा योजना से आर्थिक स्वावलंबन को मिलेगा बढ़ावा
मुंगेली /शौर्यपथ / राज्य शासन द्वारा महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 05 फरवरी से फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कलेक्टर श्री राहुल देव के मार्गदर्शन में जिले के सभी ग्राम पंचायतों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पात्र महिलाओं से आवेदन भरवा रही है। जिसके बाद ऑनलाइन पोर्टल में एंट्री की जा रही है। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना को लेकर जिले के मैदानी क्षेत्रों की महिलाओं के साथ सुदूर वनांचल क्षेत्र में भी उत्साह का माहौल है। महिलाएं योजना को लेकर काफी खुश नजर आ रही है। योजना को लेकर अचानकमार सेक्टर की महिलाओं से बातचीत की गई, उन्होंने कहा कि इस योजना से महिला सशक्तिकरण और आर्थिक स्वालंबन को बढ़ावा मिलेगा और स्वास्थ्य तथा पोषण स्तर में भी सुधार लाने में मदद मिलगी। उन्होंने राज्य शासन की इस पहल की सराहना की है और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया।
बता दें कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की एक और गारंटी को पूरा करते हुए महतारी वंदन योजना लागू करने का निर्णय लिया गया है। यह योजना एक मार्च से लागू होगी। इस योजना के अंतर्गत 20 फरवरी तक फार्म भराया जाएगा, योजना का लाभ लेने के लिए महिलाएं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत सचिव, बाल विकास परियोजना कार्यालय में सम्पर्क कर सकती हैं। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। योजना अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को एक हजार रूपए प्रतिमाह अर्थात साल के 12 हजार रूपए आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी। महिला बाल विकास के डीपीओ ने बताया कि योजना के अंतर्गत जिले में कुल 02 लाख 54 हजार 848 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप अब तक 73 हजार 524 महिलाओं द्वारा आवेदन भरवाए जा चुके हैं। वहीं 10 हजार से अधिक आवेदन पोर्टल में अपलोड किया जा चुका है।
100 से अधिक ग्राम पंचायतों में योजनाओं एवं उपलब्धियों से जुड़े लघु फिल्मों का किया जाएगा प्रदर्शन
अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को लाभान्वित करने किया जा रहा जागरूक
मुंगेली /शौर्यपथ /छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को जमीनी स्तर पहुंच सुनिश्चित करने योजनाओं के संबंध में गांव, गरीब और आमजन को जागरूक करने जनसंपर्क विभाग द्वारा एलईडी वैन के माध्यम से जिले के विभिन्न विकासखण्डों के गावों मे प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके माध्यम से लगभग 100 से अधिक ग्राम पंचायतों में शासन की योजनाओं एवं उपलब्धियों से जुड़े लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। यह एलईडी वैन तकरीबन 01 माह तक तय रूट चार्ट अनुसार जिले के ग्राम पंचायतों एवं हाट बाजारों में सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगी। इसके जरिए न केवल शासन की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, बल्कि हितग्राहियों को चिन्हांकित कर उन्हें लाभान्वित भी किया जाएगा।
यह एलईडी वैन छोटे ट्रक पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर बनाई गई है। इसके साथ ही ऑडियो सिस्टम से लोगों को प्रदर्शित योजनाओं की पूरी जानकारी ग्राम पंचायत या हाट-बाजार में ही मिल जायेगी। इस एलईडी स्क्रीन के माध्यम से राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं जैसे महतारी वंदन योजना, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास, दो साल का बकाया बोनस, रामलला दर्शन आदि योजनाओं एवं उपलब्धियों से जुड़ी जानकारी दी जा रही है तथा आमलोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अब तक जरहागांव, बरेला, ठकुरीकापा, लोहाराकापा, धरमपुरा के गाॅवों में प्रचार-प्रसार किया जा चुका है।
चीफ जस्टिस ने ग्राम खेढ़ा में निर्माण कार्य का किया वर्चुअल भूमिपूजन एवं शिलान्यास
मुंगेली/शौर्यपथ/ किसी भी जिले में न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिये सर्वसुविधायुक्त रहवासी कॉलोनी उत्साहवर्धक एवं नयी उर्जा का संचार करने वाली होती है, जिससे उनके कार्यकुशलता में और दक्षता में वृद्धि होती है, जिले के नये कॉलोनी ऐसा बने जो राज्य के लिये एक मिसाल साबित हो, उक्त बातें छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा के द्वारा ग्राम खेढ़ा में न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारीगण के लिये रहवासी आवासीय काॅलोनी के वर्चुअल भूमिपूजन एवं शिलान्यास के अवसर पर कही।
चीफ जस्टिस श्री सिन्हा ने आवास गृह निर्माण के लिए शुभकामनाएं दी और कहा कि न्यायालयों को बुनियादी ढांचा प्रदान करने के लिए राज्य सरकार के सहयोग से काम किया जा रहा है और इसके लिए पहल भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हमें राज्य के न्यायालयों में काम करने का बेहतर माहौल प्रदान करना है। यह परियोजना न्यायिक अधिकारी-कर्मचारियों के लिए आवास प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ताकि आवास प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों और इंजीनियरों को इस परियोजना को पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा पर पूरा करने के निर्देश दिए। श्री सिन्हा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए न्यायालयीन अधिकारियों को भी इस परियोजना की सतत् निगरानी रखने के लिए भी कहा।
भूमि पूजन एवं आधारशिला के कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय एवं पोर्टफालियो जज श्री नरेन्द्र कुमार व्यास द्वारा संबोधित करते हुए बताया कि जिला मुंगेली के न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिये एक बी टाईप, एक ई टाईप, 3 जी टाईप, 16 एच टाईप एवं 9 आई टाईप शासकीय आवास गृह निर्माण की 04 करोड़ 84 लाख रूपए आबंटित की गई है। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण तय समय पर गुणवत्तापूर्वक किये जाने से जिला प्रशासन की विश्वसनीयता बढ़ती है, इसलिए निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्वक तय समय पर की जानी चाहिए।
गौरतलब है कि न्यायिक अधिकारी-कर्मचारियों के लिये विकासखण्ड मुंगेली के ग्राम खेढ़ा में आवास गृह निर्माण किया जाना है, जिसका छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री सिन्हा एवं मुंगेली जिला के पोर्टफोलियो जज श्री व्यास द्वारा आज सुबह 9ः45 बजे विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री चन्द्रकुमार अजगल्ले द्वारा मुख्य न्यायाधिपति और पोर्टफोलियो जज का स्वागत करते हुए मुंगेली जिला को नई सर्वसुविधायुक्त रहवासी कॉलोनी की सौगात देने के लिए स्वागत किया गया।
प्रस्तावित न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारीगण के लिये रहवासी कॉलोनी के भूमि पूजन एवं आधारशिला के कार्यक्रम के पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री चन्द्रकुमार अजगल्ले, परिवार न्यायालय के प्रिंसिपल जज श्रीमती कीर्ति लकड़ा, प्रथम जिला न्यायाधीश श्री नीरज शर्मा, विशेष न्यायाधीश श्री पी. एस. मरकाम, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती रेशमा बैरागी पटेल, सुश्री श्वेता ठाकुर एवं अनंतदीप तिर्की द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायालय के सभी न्यायाधीश, कलेक्टर श्री राहुल देव, नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री गिरिजाशंकर जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री विजेंद्र सिंह पाटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रतिभा पाण्डेय, मुंगेली एसडीएम श्री प्रवीण तिवारी, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्री टीकम चन्द्राकर एवं पदाधिकारी, जिले के सभी न्यायिक अधिकारीगण सहित जिला न्यायालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री मयंक सोनी द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री बलराम कुमार देवांगन द्वारा किया गया।
विदित हो कि जिला मुख्यालय समीपस्थ ग्राम खेढ़ा में वर्तमान में बसाहट न होने से विडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल रूप से भूमिपूजन करवाया जाना विशेष चुनौतीपूर्ण रहा। परंतु जिला के पोर्टफोलियो जज श्री नरेन्द्र कुमार व्यास के निर्देशन में और जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री चन्द्रकुमार अजगल्ले के मार्गदर्शन और प्रथम अतिरिक्त जिला सत्र न्यायाधीश श्री नीरज शर्मा के सुपरविजन में जिला न्यायालय द्वारा कनेक्टिविटी के लिये श्री पी. एस. मरकाम विशेष न्यायाधीश एवं श्री बलराम कुमार देवांगन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की टीम बनाई गई थी, जिन्होंने जिले के कलेक्टर, एसडीएम सहित भारत संचार निगम लिमिटेड एवं लोक निर्माण विभाग से सतत् प्रयास कर वर्चुअल मोड में आवासीय कॉलोनी के भूमिपूजन एवं आधारशिला के कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करवाया।
मुंगेली / शौर्यपथ / राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज कलेक्टर राहुल देव ने जिला कलेक्टोरेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर राष्ट्रपिता को नमन किया। उन्होंने जिला कलेक्टोरेट के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में संक्षिप्त कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ था। देश का संविधान हम सभी को नियमों एवं कानूनों के दायरे में कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
देशभक्ति गीत गाकर देशसेवा का दिया संदेश
कलेक्टर देव ने देशभक्ति गीत मेरा कर्मा तू, धर्मा तू, दिल दिया है जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए गाकर देशसेवा का संदेश दिया। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को कर्तव्यबोध के साथ आमजन के लिए पूरी संवेदनशीलता से कार्य करने प्रोत्साहित किया। कलेक्टर देव ने कहा कि शासकीय सेवक के रूप में हमें जो भी जिम्मेदारी मिली है, उसका हमें निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए, तभी सही मायनों में लोकतंत्र के आदर्शों को हम स्थापित कर सकेंगे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर विजेंद्र सिंह पाटले, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मेनका प्रधान, अजीत पुजारी, अजय शतरंज, एसडीएम सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।
मुंगेली / शौर्यपथ / सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सभी राशनकार्डों के नवीनीकरण की कार्यवाही 29 फरवरी तक पूर्ण किया जाएगा। हितग्राही द्वारा 25 जनवरी से 15 फरवरी तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं हितग्राहियों को राशनकार्ड प्रदाय 01 फरवरी से 29 फरवरी तक किया जाएगा। कलेक्टर श्री राहुल देव ने जिला स्तर से लेकर शासकीय उचित मूल्य दुकान स्तर तक उपरोक्त समय-सीमा में कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि उचित मूल्य दुकान स्तर पर राशनकार्ड नवीनीकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत करने वाले हितग्राहियों की सहायता के लिए प्रत्येक दुकान हेतु एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। सभी उचित मूल्य दुकानों, ग्राम पंचायतों में राशनकार्डों के नवीनीकरण हेतु आवेदन की समयावधि, आवेदन की प्रकिया आदि संबंधी जानकारी बैनर/पोस्टर के माधयम से प्रदर्शित किया जाए। साथ ही सभी ग्रामों में इसके संबध में अनिवार्य रूप से मुनादी कराई जाए।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि राशनकार्डधारियों की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए राशनकार्डों के समयबद्ध नवीनीकरण हेतु आवेदनों की प्राप्ति खाद्य विभाग द्वारा तैयार एप के जरिए की जाएगी। यह एप हितग्राही द्वारा खाद्य विभाग की वेबसाइट http://khadya.cg.nic.in/ से डाउनलोड किया जा सकेगा। ऐसे हितग्राही जिनके पास एन्ड्राईड मोबाईल नहीं है अथवा जहा पर मोबाईल कनेक्टिविटी नहीं है वहां उचित मूल्य दुकान स्तर पर आनलाईन तथा आफलाईन प्रक्रिया के जरिए राशनकार्डों हेतु आवेदन प्रस्तुत किया जा सकेगा। राशनकार्डधारी द्वारा अपने एंड्राइड मोबाईल फोन में खाद्य विभाग के एप को डाउनलोड करने के उपरांत इसके जरिए राशनकार्ड के प्रथम पृष्ठ में पूर्व से उपलब्ध क्यूआर कोड को स्कैन कर नवीनीकरण हेतु इलेक्ट्रानिक आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। राशनकार्ड के क्यूआर कोड को स्कैन करते ही राशनकार्ड नम्बर, मुखिया का नाम, पति/पिता का नाम, लिंग, आयु, राशनकार्ड का प्रकार, उचित मूल्य दुकान का क्रमांक तथा राशनकार्ड में दर्ज समस्त सदस्यों की जानकारी सहित इनके ईकेवायसी की स्थिति एप के जरिए विभागीय डेटाबेस तत्काल प्रदर्शित हो जाएगी। हितग्राही के राशनकार्ड में शामिल पीडीएफ में क्यूआर कोड अस्पष्ट होने की स्थिति में हितग्राही द्वारा अपने राशनकार्ड क्रमांक तथा मोबाईल नम्बर एवं राशनकार्ड में दर्ज मोबाईल नम्बर समान होने की स्थिति में नवीनीकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।
राशनकार्ड नवीनीकरण अवधि में किसी भी हितग्राही को पात्रतानुसार राशन सामग्री के वितरण से इंकार नहीं किया जाएगा तथा इस अवधि में उसके द्वारा प्रस्तुत पुराने राशनकार्ड के आधार पर राशन सामग्रियों का वितरण किया जाएगा। ऐसे राशनकार्ड जिसमें एक सदस्य हैं तथा वह शारीरिक रूप से निःशक्त अथवा वृद्ध होने के कारण जिला प्रशासन के प्रस्ताव अनुसार उनके लिए राशन सामग्री के उठाव हेतु नामिनी नियुक्त किए गए हैं तथा जिनका ईकेवायसी नहीं हो सका है, उनके राशनकार्ड के स्वतः नवीनीकरण हेतु विभागीय डेटाबेस में प्रावधान होगा, किन्तु जिला प्रशासन द्वारा संबंधित उचित मूल्य दुकान संचालकों को ऐसे हितग्राहयों के घर भेजकर उनके ईकेवाययी का कार्य भी पूर्ण कराया जाएगा। स्थानीय निकायों द्वारा सामान्य राशनकार्ड को छोड़कर शेष समस्त नवीनीकृत राशनकार्ड निःशुल्क प्रदाय किया जाएगा। जबकि सामान्य राशनकार्ड 10 रूपए प्रति कार्ड की राशि सहित हितग्राही को प्रदाय की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायत/नगरीय निकायवार प्रकिया का पालन करते हुए नए राशनकार्डों का वितरण कराया जाएगा।
मुंगेली / शौर्यपथ / शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री राहुल देव के मार्गदर्शन में जिले में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। अब तक जिले में 45 लाख 25 हजार 765 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है। जिसमें 32 लाख 98 हजार 382 क्विंटल मोटा धान, 07 हजार 186 क्विंटल पतला धान और 12 लाख 20 हजार 198 क्विंटल सरना धान शामिल है। जिले में सभी उपार्जन केन्द्रों से अब तक 26 लाख 42 हजार 294 क्विंटल धान का उठाव मिलर्स द्वारा किया जा चुका है तथा कुल 32 लाख 77 हजार 835 क्विंटल धान के लिए डी. ओ. जारी किया जा चुका है।
गौरतलब है कि 01 नवम्बर से जिले में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। खरीदी प्रक्रिया के सुचारू रूप से संचालन के लिए कलेक्टर एवं नोडल अधिकारियों द्वारा लगातार जिले के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों का दौरा किया जा रहा है। अवैध रूप से धान खपाने वाले कोचियों एवं बिचैलियों पर कड़ी निगरानी भी रखी जा रही है।
मुंगेली / शौर्यपथ / जिले में अवैध रूप से धान खपाने वाले कोचियों, बिचौलियों और अवैध धान परिवहन एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री राहुल देव के निर्देशानुसार मुंगेली राजस्व अनुविभाग अंतर्गत 777.80 अवैध धान जप्त कर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की गई। एसडीएम मुंगेली ने बताया कि तहसील मुंगेली अंतर्गत अवैध रूप से धान खपाने वाले 08 कोचियों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए लगभग 497 क्विंटल अवैध धान जब्ती की कार्यवाही की गई। इसी प्रकार जरहागांव तहसील अंतर्गत 04 कोचियों पर कार्यवाही करते हुए 281 क्विंटल धान जब्त किया गया।
उन्होंने बताया कि कमल ट्रेडर्स, रायपुर रोड, मुंगेली में राजस्व विभाग की टीम द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए करीब 84 क्विंटल धान जब्ती की कार्यवाही की गई। इसी तरह दुर्गा एवं लक्ष्मी ट्रेडर्स, रायपुर रोड, मुंगेली में करीब 50 क्विंटल, जायसवाल कृषि ट्रेडर्स, चारभाठा में 68 क्विंटल और अग्रवाल गल्ला, रायपुर रोड, मुंगेली में 10 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि मुंगेली और जरहागाँव तहसील मिलाकर पूरे अनुविभाग में अब तक 12 कोचियों पर मंडी अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई तथा 778 क्विंटल अवैध धान जप्त कर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। कार्यवाही के दौरान एसडीएम मुंगेली सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित राजस्व टीम, मंडी और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही। बता दें कि कलेक्टर ने जिले में अवैध धान खपाने वाले कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी निगरानी तथा सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। इसी तारतम्य में राजस्व मंडी एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध धान पर लगातार छापामार कार्यवाही की जा रही है।
मुंगेली / शौर्यपथ / विकसित भारत संकल्प यात्रा और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान के अंतर्गत लोरमी विकासखण्ड के ग्राम खुड़िया में 10 जनवरी को प्रातः 10 बजे से मेगा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरूण साव मेगा शिविर में शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री श्री साव 10 जनवरी को प्रातः 10 बजे बिलासपुर से प्रस्थान कर 11 बजे लोरमी रेस्ट हाउस पहुचेंगे। 11.30 में लोरमी से प्रस्थान कर 12 बजे खुड़िया पहुंचेंगे और वहां प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान के अंतर्गत मेगा शिविर एवं विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे। उसके बाद दोपहर 01 बजे खुड़िया से प्रस्थान कर 01.30 बजे लोरमी स्थित रेस्ट हाउस पहुंचेंगे। तत्पश्चात दोपहर 02 बजे गुरू घासीदास जयंती कार्यक्रम में शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री श्री साव दोपहर 03 बजे लोरमी से बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
कलेक्टर राहुल देव ने आज खुड़िया पहुंचकर मेगा शिविर हेतु की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और सफलतापूर्वक क्रियान्व्यन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शिविर स्थल में टेंट व्यवस्था, पेयजल, अस्थायी बायो शौचालय, साउण्ड सिस्टम एवं माईक, बैठक व्यवस्था, चिकित्सा, दवाईयां, एम्बुलेंस, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था और हाई स्पीड इंटरनेट, विभागों द्वारा शिविर स्थल में मातृवंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, स्वास्थ्य शिविर व आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, पीएम आवास योजना, राशनकार्ड, पी. एम. उज्जवला योजना, पी. एम. विश्वकर्मा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं संबंधी लगाए जाने वाले स्टाल का अवलोकन किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, लोरमी एसडीएम प्रवीण तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मुंगेली / शौर्यपथ / कलेक्टर राहुल देव के निर्देशानुसार नशीली दवाओं के दुरूपयोग रोकने एवं औषधियों के उचित रख रखाव तथा भंडारण हेतु खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले के मेडिकल फर्मों का सतत् निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले के 27 मेडिकल स्टोर्स और ब्लड सेंटर का निरीक्षण किया गया। औषधि निरीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान प्राप्त अनियमितताओं के संबंध में 01 मेडिकल फर्म को निलंबित किया गया और दो फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसके साथ ही गुणवत्ता जांच हेतु औषधि नमूने का संग्रहण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी मेडिकल फर्मों को नशीली दवाओं के दुरूपयोग रोकने एवं औषधियों के उचित रख रखाव तथा भंडारण के निर्देश दिए गए।
मुंगेली / शौर्यपथ / उप मुख्यमंत्री अरूण साव जरहागांव में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री साव का जरहागांव पहुंचने पर जगह-जगह पर भव्य स्वागत किया गया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि जरहागांव क्षेत्र कबड्डी खेल के लिए जाना जाता है। यहां न केवल कबड्डी के आयोजन हुए हैं, बल्कि यहां कई बड़े खिलाड़ी भी निकले हैं। यह परम्परा लगातार आगे बढ़ता रहे। उन्होंने जरहागांव के विकास और तरक्की के लिए हरसंभव मदद की बात कही। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रतियोगिता एक बेहतरीन मंच है। खेल से तन और मन दोनों स्वस्थ रहता है। जरहागांव का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो इसके लिए प्रयास करेंगे।
उप मुख्यमंत्री साव ने कबड्डी प्रतियोगिता के बेहतर आयोजन पर समिति को बधाई और शुभकामनाएं दी। साथ ही जरहागांव गांव में सामुदायिक भवन हेतु 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दुर्गा उमाशंकर साहू, जनपद पंचायत मुंगेली के उपाध्यक्ष श्री पवन पाण्डेय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक शैलेष पाठक, नितेश भारद्वाज, जिला कबड्डी संघ एवं आयोजन समिति के सदस्यगण व पदाधिकारीगण, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में कबड्डी खेलप्रेमी मौजूद रहे।
फाईनल कबड्डी खेल में डिप्टी सीएम ने कराया टास
तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में बालक टीम से गीधा और कोरबा के बीच फाईनल कबड्डी खेला गया। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने टास कराकर दोनों टीमों के बीच खेल शुरू कराया। कोरबा की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर परचम लहराया। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने विजेता टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। बालक वर्ग में प्रथम स्थान कोरबा, द्वितीय स्थान गीधा, तीसरा गोइन्द्री, चतुर्थ देवरी खुर्द, पंचम शिवतराई, षष्टम मझरेटा, सप्तम कोकड़ी, अष्टम सेमरापारा को प्राप्त हुआ। वहीं बालिका वर्ग में प्रथम अमलीकापा, द्वितीय खैरी, तृतीय स्थान डिंडोरी के महिला वर्ग कबड्डी टीम ने हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों को निर्धारित राशि एवं शील्ड प्रदान किया गया।
मुंगेली / शौर्यपथ / विधानसभा निर्वाचन 2023 के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा किए गए व्यय के संबंध में आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समाधान बैठक आयोजित की गई। इस दौरान व्यय प्रेक्षक श्री राजकुमार मकवाना ने कहा कि सभी अभ्यर्थी अपने खर्चों का आकलन कर निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार 02 जनवरी तक अनिवार्य रूप से लेखा दाखिल करें। उन्होंने लेखा दल को भी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बिल व्हाउचर का त्रुटिरहित गणना करने के निर्देश दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेनका प्रधान ने अभ्यर्थियों द्वारा लेखा दाखिल करने के समय जमा किए जाने वाले जरूरी दस्तावेजों के संबंध में जानकारी दी। बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी सहित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 26 लोरमी एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 27 मुंगेली के अंतर्गत विभिन्न राजनैतिक दलों के अभ्यर्थीगण एवं अभिकर्ता मौजूद रहे।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
