August 08, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    PANKAJ CHANDRAKAR

    PANKAJ CHANDRAKAR

    दुर्ग / शौर्यपथ / केम्प क्षेत्र सूर्य नगर (फल मंडी के पीछे) पॉवरहाउस में एसबीएस अस्पताल के पीछे आगजनी की दुखद घटना की जानकारी जब श्रीराम जन्मोत्सव समिति भिलाई, युवा विंग, अध्यक्ष मनीष पाण्डेय को मिली। तब श्रीराम जन्मोत्सव समिति की टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा कर पीडि़त परिवारों के व्यवस्थापन की मांग की।
    उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) संजय कुमार ध्रुव , गार्गी शंकर मिश्रा से चर्चा की। साथ ही श्रीराम जन्मोत्सव समिति भिलाई, युवा विंग, अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने प्रशासन से पीडि़तों के भोजन व्यवस्था और शासन से आर्थिक सहयोग पर भी सार्थक चर्चा की। मनीष पांडेय ने सभी पीडि़त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट किया और कहा कि किसी भी प्रकार की आवश्यकता पडऩे पर आप मुझसे अवश्य संपर्क करें।

    दुर्ग / शौर्यपथ /

    नगर के फल मंडी के समीप स्थित सूर्यानगर में आज अपरान्ह पौने 3 बजे भीषण आग लगने से यहां के सौ से अधिक कच्चे मकान जलकर खाक हो गया। इस दौरान लोगों के घरो का करीब 10 गैस सिलेंण्डर ब्लॉस्ट हो गया जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई। हालांकि इसमें कोई जनहानि तो नही हुई लेकिन आग लगने से यहां रहने वाले लोगों को भारी नुकसान हुआ है।
    बताया जाता है कि सूर्या नगर बस्ती में दोपहर के वक्त सभी अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान करीब 2.45 बजे चिंगारी मोहल्ले की एक झोपड़ी से उठती दिखी, पल भर ने चिंगारी ने आग का भयावह रुप ले लिया। इस झुग्गी बस्ती में सभी घर बांस बल्ली व टीन के बने हुए थे, इसलिए आग तेजी से फैलने लगी। तकरीबन एक घंटे में फल मंंडी समेत करीब सौ से ज्यादा झोपडिय़ा जलकर खाक हो गई। आग लगने के बाद लोगों ने तुरंत फायर बिग्रेड को फोन किये उसके बाद 5 से अधिक फायर बिग्रेड की गाडिय़ां पहुंची और आग बुझाने प्रयास करने लगी। बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। झोपडिय़ों के आग की चपेट में आते ही घरों के सिलेंडर भी फूटने लगे, लिहाजा बाकी लोग सिलेंडर तथा अन्य सामान लेकर घर से बाहर भाग निकले। आग से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, पर रोती बिलखती महिलाएं व बच्चों को देखकर उपस्थित सभी लोगों की आंखे भर आई थी। बताया गया है कि इस इलाके में ज्यादा तर कच्चे मकान ही हैं। जिसे लोग अस्थाई तौर पर बनाकर रहते हैं। मकानों को टीनें, या पन्नी ढककर बनाया गया है।

    घटना को लेकर बस्तीवालों में बेहद नाराजगी
    इधर घटना इंटरनेट मीडिया में वायरल होते ही लोग तेजी से पावर हाउस की तरफ भागने लगे। इसलिए नेशनल हाइवे व सर्विस रोड पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। बस्तियों से निकले लोग भी फोरलेन की तरफ आ गए थे। इस आग की घटना को लेकर बस्ती वालों में जमकर नाराजगी है। उनका कहना है कि आग करीब 2.45 बजे लगी है। हमने तुरंत ही दमकल की गाडिय़ों को सूचना दी थी। लेकिन फिर भी दमकल की गाडिय़ां 3.30 बजे के बाद पहुंची। जिसके चलते आग और बढ़ गई। इसी बात से नाराज बस्ती के लोग दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे में चक्काजाम करने जा रहे थे। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने इन्हें रोक लिया है।

    घटना स्थल पर पहुंचे जनप्रतिनिधि
    प्रशासन ने की हताहत लोगों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था

    घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे, विधायक विद्यारतन भसीन,महापौर नीरजपाल, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, श्रीराम जन्मोत्सव समिति के युवा शाखा के अध्यक्ष मनीष पाण्डेय, स्थानीय पार्षद भी वहां पहुंच गये। इस दौरान प्रशासन द्वारा यह निर्णय लिया गया कि आग की इस घटना से हताहत लोगों को उनके वैकल्पिक व्यवस्था तक बैकुण्ठ धाम के पास स्थित मंगल भवन में रखा जायेगा एवं उनके भोजन की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जायेगी।

    बिलासपुर / शौर्यपथ /

    यूं तो स्मार्ट सिटी में गुमास्ता का लाइसेंस लेकर चाट की दुकान से लेकर सुरक्षा एजेंसी तक चलाई जा सकती है किंतु अति तब होती है जब लाखों रुपए टर्न ओवर वाली दुकानें नाला किनारे अपनी खाद्य सामग्री बनाकर नागरिकों का स्वास्थ्य खराब करती हैं और दुकानदार यह दम भरते हैं की कार्यवाही की चिंता नहीं क्योंकि हम तो मीडिया से लेकर सरकारी दफ्तर, पुलिस, प्रशासन, नेता सबको जेब में रखते हैं। भैया आपको नहीं पता फला अखबार में व्यक्तित्व निर्माण मेरा ही छपा था तो दूसरा कहता है अरे आपको नहीं पता परशुराम के जुलूस में मैं फसा लेकर निकला था अपन सब को सेट कर के चलते हैं। ऊपर से नीचे तक किससे बात कराओ बोलो यह कहानी बिलासपुर की ही है सैकड़ों दुकानों के बीच में से इक्का-दुक्का दुकानों पर कार्यवाही होती है वह भी दिखावे की विभाग ने जब छापा मारा तब किसी को बताया नहीं जाता आखिर नागरिकों के स्वास्थ्य के प्रश्न पर व्यापारी की प्रतिष्ठा का प्रश्न भारी पड़ जाता है। कब सैंपल लिया , कब जमा किया, स्वीकृत हुआ या और स्वीकृत हुआ कितना जुर्माना लगा इन सब का प्रेस नोट कभी नहीं निकाला जाता हाल ही में अग्रसेन चौक स्थित एक नाश्ता दुकान पर विभाग की कार्यवाही हुई थी। आज भी इस दुकान में जिस स्तर हीन मिठाई का बिक्री किया जा रहा है वह देखने से ही पता चल जाता है रसमलाई तार छोड़ती दिखाई देती है उसके बावजूद खूब ठंडी होने के कारण ग्राहक मजे से खा रहा है और दुकानदार महंगाई को कोसते हुए हमेशा यही कहता है भैया सस्ते में बेच रहा हूं भले खाकर आपकी तबीयत खराब हो जाए होटल में काउंटर बना है उतनी ही जगह में ग्राहक के बैठने की जगह है किचन नाले पर रख दिया गया है फ्रेश एयर फैन की कोई व्यवस्था नहीं है, धुए को एग्जास्ट से निकालने की कोई व्यवस्था करनी ही नहीं है क्योंकि हमने तो किचन हीं बाहर निकाल दिया है अग्नि दुर्घटना करने कि हमने मन में ठान ली है तभी तो ट्रांसफार्मर के नीचे हम लाल गैस की टंकी रखकर जनता जनार्दन को ?50 का डोसा खूब भेजते हैं। टेक अवे के नाम पर हमने खूब कमाई की है तभी तो संबंधित थाने से लेकर प्रशासनिक दफ्तर और घरों में हमारी सीधी पकड़ है हम हैं बिलासपुर स्मार्ट सिटी के स्मार्ट होटल व्यवसाई।


    - उडऩदस्ता की टीम शिकायत या जानकारी मिलने पर सक्रियता से करें तत्काल कार्रवाई

    - मतदान के पूर्व विधानसभा क्षेत्र में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के दिए निर्देश

    - कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों की ली बैठक

    राजनांदगांव / शौर्यपथ /

    कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73 खैरागढ़ उप निर्वाचन के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर सभी महत्वपूर्ण जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश एवं सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के 48 घंटे पूर्व की अवधि संवेदनशील है। सभी मजिस्ट्रेट सतर्क रहकर कार्य करें। इस अवधि के दौरान सभी राजनैतिक, धार्मिक सहित अन्य सभी गतिविधियों पर वीडियोग्राफी होनी चाहिए। इसके लिए पर्याप्त वीडियोग्राफर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान सभी को चौकन्ना रहने की जरूरत है। रात्रि में उडऩदस्ता की टीम विशेष रूप से सक्रिय रहे। किसी भी स्थान पर घटना की जानकारी या शिकायत मिलने पर तत्काल जांच करें। जांच के उपरांत त्वरित रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि मतदान के पूर्व सभी क्षेत्रों में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम होनी चाहिए। शासकीय संपत्ति पर किसी भी प्रकार के बेनर व पोस्टर नहीं होनी चाहिए।
    कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि मतदान के दिन 2 दिन शेष है। मतदान सामग्री का वितरण किया जाएगा। मतदान दलों के लिए सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों में छाया, पेयजल, दवाईयां, व्हील चेयर सहित अन्य व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। वहीं अस्पतालों में एम्बुलेंस की व्यवस्था भी रहे। मतदान जागरूकता के लिए मॉडल एवं महिलाओं के लिए संगवारी मतदान केन्द्र बनाया जाना है। उन केन्द्रों की तैयारी साज-सज्जा सहित अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था पूरी कर लें। ऐसे मतदान केन्द्र जो दूर और अंदर में है, उन स्थानों पर पहुंचने के लिए चिन्ह चस्पा करें।
    उन्होंने कहा कि मतदान निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारी से लगातार समन्वय रखें। जिससे किसी भी मतदान केन्द्र में कोई भी परेशानी या समस्या आने पर तत्काल जानकारी मिल सके और उसका निराकरण किया जा सके। बैठक में सीईओ जिला पंचायत एवं रिटर्निंग अधिकारी श्री लोकेश चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री खेमलाल वर्मा सहित नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

    रायपुर/ शौर्यपथ /

    भगवान राम ने अपने 14 साल के वनवास में से अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में बिताया था। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भगवान राम के छत्तीसगढ़ में रहने के अनेक पौराणिक और किवदंतियों में अवशेष मिलते है। छत्तीसगढ़ में 15 साल तक भाजपा की सरकार थी भाजपा ने कभी भगवान राम के वनगमन के अवशेषों को संरक्षित और संवर्धित करने का काम नहीं किया। भाजपा ने भगवान राम के नाम का उपयोग अपनी राजनीति को चमकाने के लिये भूपेश बघेल भगवान राम की छत्तीसगढ़ से जुड़ी स्मृतियों को सहेजने का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चंदखुरी में माता कौशल्या के जन्मस्थली में उनके मंदिर के भव्य सौन्दर्यीकरण के बाद शिवरीनारायण में भगवान राम के वनगमन परिपथ के अंतर्गत कराये गये निर्माणों के लोकार्पण कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ से भगवान राम के अटूट भावनात्मक रिश्ते को और मजबूत करने का काम किया है।

    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पौराणिक मान्यता के अनुसार 14 वर्ष के वनवास के दौरान प्रभु राम ने लगभग 10 वर्ष का समय छत्तीसगढ़ में गुजारा था। वनवास काल में उन्होंने छत्तीसगढ़ में प्रवेश कोरिया के सीतामढ़ी हरचौका से किया था। उत्तर से दक्षिण की ओर बढ़ते हुए वे छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों से गुजरे। सुकमा का रामाराम उनका अंतिम पड़ाव था। प्रभु राम वनवास काल के दौरान लगभग 2260 किलोमीटर की यात्रा की थी। छत्तीसगढ़ की पावन धरा में रामायण काल की अनेक घटनाएं घटित हुई हैं जिसका प्रमाण यहां की लोक संस्कृति, लोक कला, दंत कथा और लोकोक्तियां है। कई शोध प्रकाशनों से पता चलता है कि प्रभु श्रीराम ने छत्तीसगढ़ में वनगमन के दौरान लगभग 75 स्थलों का भ्रमण किया।

    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परम्पराओं में शामिल मूल्यों को सहेजने और उन्हें पुर्नस्थापित करने का कार्य मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा शुरू किया गया है। कोरिया से लेकर सुकमा तक राम वनगमन मार्ग में अनेक साक्ष्य बिखरे पड़े हैं जिन्हें सहेजना छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक मूल्यों को ही सहेजना है। इसीलिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पूरे राम वन गमन मार्ग को पर्यटन परिपथ के रूप में विकसित करने की योजना बनाई है। इसके अंतर्गत प्रथम चरण में सीतामढ़ी-हरचौका (कोरिया), रामगढ़ (सरगुजा), शिवरीनारायण (जांजगीर-चांपा), तुरतुरिया (बलौदाबाजार) भाठापारा, चंदखुरी (रायपुर), राजिम (गरियाबंद), सप्तऋषि आश्रम सिहावा (धमतरी), जगदलपुर और रामाराम (सुकमा) को विकसित किया जा रहा है।

    प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा ने अपने शासन के 15 साल में छत्तीसगढ़ की जनता के साथ छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक संस्कृति लोकपरंपराओं की भी उपेक्षा की थी। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के इतिहास लोकपरंपरायें, तीज-त्योहार सभी को संरक्षित कर रहे, कोरिया से लेकर सुकमा तक भगवान राम वनगमन पथ परिपथ का निर्माण उसी सोच का परिणाम है।

    रायपुर / शौर्यपथ /

    पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल के आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि खैरागढ उपचुनाव में कांग्रेस को मिल रहे व्यापक जनसमर्थन से भाजपा के नेता बैचेन हो रहे हैं और खैरागढ़ उपचुनाव में भाजपा की करारी हार के लिए अभी से बहाना बनाना शुरू कर दिये। सच्चाई यह है कि 15 साल के सत्ता के बाद भाजपा को छत्तीसगढ़ की जनता ने 15 सीट में समेट दिया और उपचुनाव में हार के बाद भाजपा अब 14 सीट में सिमट गई है। भाजपा की सत्ता जाने के बाद राज्य में जितने भी चुनाव हुए उसमें भाजपा को मुंह के ही खानी पड़ी है। चित्रकूट दंतेवाड़ा और मरवाही के उपचुनाव में भी भाजपा को जनता ने खारिज कर दिया नगर निगम नगर पालिका और जिला पंचायत और त्रिस्तरीय पंचायती राज चुनाव में भी भाजपा को मुंह की खानी पड़ा था।
    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि खैरागढ़ की जनता ने मन बना लिया है कि 12 अप्रैल को खैरागढ़ जिला बनाने के लिये खैरागढ़ के विकास लिये मतदान करेंगें। खैरागढ़ की जनता भाजपा के 15 साल के कुशासन और वायदा खिलाफी के खिलाफ मतदान करने जा रही है। कांग्रेस प्रत्याशी के पास क्षेत्र के विकास के लिये विजन है जो कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र के माध्यम से जनता के समक्ष रखा है। भाजपा सिर्फ नकारात्मकता के आधार पर चुनाव लड़ रही है।
    प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि रमन सरकार के रहते भाजपा ने जो खैरागढ़ के जनता के साथ विश्वासघात किया था उसका ही प्रतिफल है कि रमन सिंह और बृजमोहन अग्रवाल खैरागढ की जनता से आंख नही मिला पा रहे है। खैरागढ़ में जनता भाजपा नेताओं को सुनना पसंद नहीं कर रही है। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री पहलाद पटेल और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के चुनावी सभा के लिए भाजपा को खैरागढ़ से बाहर के लोगों को बुलाना पड़ा था। खैरागढ़ में भाजपा का झूठ फरेब अफवाह बाजी और वैमनस्यता फैलाने की राजनीति को जनता ने दरकिनार कर दिया।

    भिलाई नगर/ शौर्यपथ /

    गौठान में मवेशियों से प्रेम और गौठान की गतिविधियों से प्रभावित होकर समाजिक संगठन समूह, संस्था, गौ प्रेमी तथा गौ सेवक गौठान के विभिन्न क्रियाकलापों में शहरी गौठान भिलाई के लिए मददगार बन कर इसका हिस्सा बन रहे हैं। इसका एक प्रत्यक्ष उदाहरण हाल ही में देखने को मिला है। गौ सेविका भारती चंद्राकर के द्वारा एक पूरे ट्रक में पशु चारा पैरा कुट्टी भरकर शहरी गौठान में पशुओं के आहार के लिए दान किया गया है। भारती चंद्राकर ने बताया कि लगभग 7200 किलो पैरा कुट्टी एक ट्रक में दिया गया है। यह पहली दफा नहीं है जहां समाजसेवी शहरी गौठान में चारा दान करने के लिए आ रहे हैं इससे पूर्व भी गौ सेवक एवं समाजसेवी चारा दान करते रहे हैं। इधर गौठान में तुलादान करने वालों की भी कमी नहीं है, अपने बराबर के वजन करके उतने ही वजन का चारा दान किया जाता है। विधायक देवेंद्र यादव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर तुलादान कर चारा दान किया था तथा इसी प्रकार से चारा दान करने की पहल की थी। वहीं कई गौ सेवक अपने जन्मदिन एवं अन्य अवसर पर तुला दान कर चारा दान कर रहे हैं। महापौर नीरज पाल एवं निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने शहरी गौठान में चारा दान करने की अपील की है। हालांकि पशुओं के लिए गौठान में हरा चारा की कोई कमी नहीं है नेपियर ग्रास गौठान के एक बड़े भूभाग पर हरा चारा के रूप में मौजूद है। परंतु पैरा कुट्टी एवं अन्य चारा की व्यवस्था पशुओं को होती है जिसको देखते हुए इसकी व्यवस्था समाजसेवियों के द्वारा अपने स्तर पर की जा रही है। गौ सेवा कर पुण्य प्राप्त करने का अवसर भी गौ प्रेमियों को मिल रहा है। गौठान में पशुओं की बात करें तो अभी वर्तमान में लगभग 128 पशु है। गौ प्रेमियों की बदौलत अब पशुओं को छांव मिल पा रहा है तथा बारिश के दिनों में भी शेड होने से राहत मिलेगी। यदि गौ सेवकों में चारा दान की बात करें तो कई गौ सेवक ऐसे हैं जो निरंतर रूप से चारा दान कर रहे हैं ऐसे ही गौ सेवक में खेतावतर, संतोष अग्रवाल, सुशील अग्रवाल इत्यादि शामिल है। कुछ गौ सेवक तो ऐसे हैं जो सेवा भाव से कार्य कर रहे हैं परंतु अपने नाम को सामने नहीं लाना चाहते हैं। स्व सहायता समूह की महिलाओं ने पशुओं के लिए चारा दान की अपील की है यदि किसी समाजसेवी, गौ प्रेमी को शहरी गौठान में चारा दान करने की इच्छा हो तो वह स्व सहायता समूह की महिला रेखा बघेल के मोबाइल नंबर 9300684532 पर संपर्क कर सकते हैं।

     नवागढ़ / शौर्यपथ /

    श्री शमी गणेश महामाया शारदा पर्यटन समिति तत्वाधान में आयोजित चैत्र नवरात्र पर्व महोत्सव के द्वितीय दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में एकेडमिक वल्र्ड स्कूल बेमेतरा की डायरेक्टर भावना बोहरा एवं विशिष्ट अतिथि के रुप में विराजमान नवागढ़ नगर की वरिष्ठ महिलाओं ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता सुधा विकास धर दिवान ने किया तो वहीं अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में हेमलता तिवारी, मधु रॉय एवं निशा चौबे शामिल हुई। शुक्रवार को महोत्सव के दूसरे दिन स्वामी विवेकानंद विद्यालय एवं इंडियन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिन्हें देखने हजारों की संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

    उपस्थित दर्शकों को संबोधित करते हुए श्रीमती बोहरा ने देवी माँ के जयकारों से आरंभ किया नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए और सम्मान के लिए समिति के सदस्यों का आभार किया और कहा नवागढ़ उनके लिए अपने घर जैसा है क्योंकि उनकी शिक्षा दीक्षा बेमेतरा में हुई है इसलिए नवागढ़ उन्हें अपना सा लगता है। उन्होंने कहा कि कोई भी आयोजन एक, दो या तीन दिन का भले ही हो लेकिन उनकी तैयारी के लिए कई दिनों की मेहनत लगती है, और इस भव्य आयोजन के लिए श्री शमी गणेश महामाया शारदा पर्यटन समिति एवं उसके अध्यक्ष विकास धर दीवान बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने इस मंच में इतनी बड़ी संख्या में नारी शक्ति को एकत्रित किया है।

    समिति संचालक विकास दीवान ने उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए महोत्सव के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि बड़े गर्व की बात है कि आज का शुभारंभ कार्यक्रम महिलाओं के हाथों से हुआ हैं. जिस ऐतिहासिक पुण्यभूमि में यह प्रथम कार्यक्रम है आगे इसे और भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। उन्होंने श्रीमती बोहरा के ऊपर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके समाज सेवा की जितनी उपलब्धियां गिनाई जाए वह कम है। उन्होंने लगातार गरीब जरूरतमंदों की सहायता के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। साथ ही स्कूली छात्रों के लिए निशुल्क बस सेवा चलाकर शिक्षा को बढ़ावा देने का काम किया है।

    इस अवसर पर मनदीप कौर, सरिता दीवान, रेणु तिवारी, विद्या जैन, आरती जैन, मालती यादव, श्रद्धा शुक्ला, मनिंदर कौर, सीमा मिश्रा, सीमा गुप्ता, सोनल गुम्बर, सरला दीवान, दीप्ति गुप्ता, शीतल कौर, सनप्रित कौर, शैल साहू, पुष्पा साहू, कांति सोनकर, गायत्री सोनकर, अनिता सोनकर, सत्यवती चौधरी, चंद्रकली यादव, स्नेहा मार्कण्डेय, गंगोत्री, पुष्पा मिश्रा, सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी ।।

     रायपुर / शौर्यपथ /

    छत्तीसगढ़ के साथ भगवान राम से जुड़ी स्मृतियों को सहेजते हुए यहां की संस्कृति को विश्वस्तर पर नयी पहचान दिलाने के लिए प्रदेश सरकार ने राम वन गमन पर्यटन परिपथ परियोजना शुरू की है। पहले चरण में विकास के लिए चुने गये 9 में से 2 स्थानों में पर्यटन सुविधाओं के विकास तथा सौंदर्यीकरण का काम पूरा हो गया है। इनमें से मां कौशल्या धाम चंदखुरी के विकास कार्यों का लोकार्पण गत वर्ष 07 अक्टूबर को किया गया था, अब 10 अप्रैल को रामनवमीं के अवसर पर शिवरीनारायण में पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल करने जा रहे हैं। शिवरीनारायण वही स्थान है जहां भगवान राम ने मां शबरी के जूठे बेरों को ग्रहण किया था। शिवरीनारायण को भारत का पांचवां धाम और गुप्त तीर्थ कहा जाता है।

    शिवरीनारायण मंदिर परिसर का उन्नयन एवं सौदर्यीकरणमहानदी, शिवनाथ और जोंक नदी के संगम तट पर बसे शिवरीनारायण नगर में 11 शताब्दी में हैह्य वंश के राजाओं के मंदिर बनाया गया था। यहां पर छठवीं शताब्दी से लेकर 11वीं शताब्दी तक की प्रतिमाएं स्थापित हैं। शिवरीनारायण का महत्व रामायणकालीन होने की वजह से यह नगर श्रद्धालुओं के लिए भी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखता है। प्रतिवर्ष यहां लाखों श्रद्धालु आते हैं और खुद को भगवान राम और माता शबरी के चरणों में न्यौछावर कर देते हैं। श्रद्धालुओं की अपार आस्था को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने शिवरीनारायण का विकास करने का निर्णय लिया जो अब पूरा होने जा रहा है।
    शिवरीनारायण मंदिर परिसर का उन्नयन एवं सौदर्यीकरण

    लगभग 11वीं शताब्दी का ये मंदिर भगवान राम और लक्ष्मण की आस्था का बड़ा केंद्र है। इसीलिए इसको बड़ा मंदिर भी कहते हैं। नवरात्रि और रामनवमीं जैसे त्यौहारों में श्रद्धालुओं को किसी तरह की तकलीफ ना हो इसके लिए मंदिर परिसर का उन्नयन किया गया है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आराम करने के लिए भवन निर्माण किया गया है। इसके साथ ही नव निर्मित भवनों को भगवान राम की आस्था के अनुसार रंग रोगन किया गया है। मंदिर के विशाल द्वार का जीर्णोद्धार किया गया है। श्रद्धालुओं को दीप प्रज्ज्वलित करने में परेशानी ना हो इसके लिए मंदिर परिसर के भीतर ही विशाल दीप स्तंभ का निर्माण किया गया है। ये सारे निर्माण और उन्नयन कार्य मुख्य मंदिर के प्रवेश द्वार के पूर्व किया गया है ताकि श्रद्धालु सुगमता पूर्वत भगवान राम के नारायणी अवतार का दर्शन कर सकें।

    रामायण इंटरप्रिटेशन सेन्टर एवं पर्यटक सूचना केन्द्र

    शिवरीनारायण नगर का अस्तित्व हर युग में रहा है। यह नगर मतंग ऋषि का गुरूकुल आश्रम और माता शबरी की साधना स्थली भी रही है। यह महानदी, शिवनाथ और जोंक नदी के त्रिधारा संगम के तट पर स्थित प्राचीन नगर है। शिवरीनारायण प्राकृतिक छटा से परिपूर्ण नगर है, जो छत्तीसगढ़ के जगन्नाथपुरी धाम के नाम से विख्यात है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार प्रभु राम ने शबरी के जूठे बेर यहीं खाये थे और उन्हें मोक्ष प्रदान किया था। इन सारी बातों को जीवंत रूप देने के लिए मंदिर परिसर के बाहर रामायण इंटरप्रिटेशन सेंटर का निर्माण किया गया है। इससे मंदिर दर्शन करने आए श्रद्धालुओं के मानस पर शिवरीनारायण की अमिट छाप पड़ेगी। इंटरप्रिटेशन सेंटर के बाद स्थित दो वृक्षों के बीच में भगवान राम को जूठे बेर खिलाती हुयी माता शबरी की प्रतिमा स्थापित की गयी है जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है। इसी जगह पर पर्यटकों के लिए सूचना केंद्र भी स्थापित किया जा रहा है जिससे श्रद्धालु शिवरीनारायण और आस-पास के पर्यटन क्षेत्रों की और जानकारी हासिल कर सकें।

    नदी घाट का विकास एवं सौंदर्यीकरण
    शिवरीनारायण में राम वन गमन पर्यटन परिपथ के अतर्गत पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए 39 करोड़ रूपए के कार्य होंगे। इसके तहत प्रथम चरण में 6 करोड़ के विकास कार्य पूर्ण किए गए हैं। महानदी, शिवनाथ और जोंक नदी के संगम पर स्थित शिवरीनारायण को पर्यटकों के लिए और आकर्षक बनाने के लिए यहां पर नदी घाट का विकास किया गया है, साथ ही घाट के सौंदर्यीकरण से यहां श्रद्धालुओं को अब ज्यादा सहूलियत मिलने जा रही है। श्रद्धा के साथ ही ये संगम तट पर्यटन के लिए भी जाना जाए इसके लिए घाट पर व्यू प्वाइंट का निर्माण किया गया है जहां से पर्यटकों को अद्भुत नजारों का दीदार होगा।

    स्थानीय लोगों को रोजगार
    शिवरीनारायण का महत्व सिर्फ छत्तीसगढ़ में ही नहीं बल्कि देश और विदेश में भी है। प्रतिवर्ष यहां पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को बढ़ाते हुए यहां राज्य सरकार ने यहां पर मॉड्यूलर दुकानों का निर्माण कराया है। इन दुकानों को स्थानीय लोगों को आवंटित किया जाएगा जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो और शिवरीनारायण के स्थानीय लोग आर्थिक सशक्तिकरण की ओर बढ़ सकें। बाहर से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को परेशानी ना हो इसके लिए मंदिर परिसर के पीछे विशाल पार्किंग एरिया एवं शौचालय का निर्माण किया गया है।

    12 अप्रैल 2022 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा मतदान

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73 खैरागढ़ उप निर्वाचन 12 अप्रैल 2022 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगा। जिला प्रशासन द्वारा मतदान के लिए सभी व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। मतदान के लिए 291 मतदान केन्द्र बनाए गए है। मतदाताओं के सरल एवं सुगम मतदान के लिए जिला प्रशासन द्वारा पूरी तैयारी की गई है। क्षेत्र के अंतर्गत स्थित 291 मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सहायता के लिए बीएलओ सुविधा केन्द्र बनाया गया है। दो से अधिक मतदान केन्द्र वाले भवनों में मतदाताओं के वर्णक्रम अनुसार मतदाता सूची भी बीएलओ के पास सुविधा के लिए उपलब्ध रहेगी। सभी मतदान केन्द्रों में मतदाताओं के लिए स्वच्छ पेयजल, छाया, व्हीलचेयर, शौचालय सहित अन्य समुचित व्यवस्था की गई है।
    महिला मतदाताओं के लिए संगवारी मतदान केन्द्र बनाए गए है। जहां अधिकारी-कर्मचारी सहित सभी महिलाएं रहेगी। इसके साथ ही आदर्श मतदान केन्द्र भी बनाए गए है। जहां अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। गर्मी और धूप को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं के लिए चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए मतदान दलों के साथ मतदाताओं के लिए मेडिकल किट एवं दवाईयां तथा कोविड संक्रमण से बचाव संबंधी सामग्री मास्क, सेनेटाईजर, थर्मल स्कैनर की व्यवस्था की गई है। छुईखदान, खैरागढ़ और गंडई के स्वास्थ्य केन्द्रों में आकस्मिक मेडिकल सुविधा के लिए तैयार किया गया है। पैरामेडिकल मोबाईल स्टॉफ भी आवश्यक दवाईयों के साथ विधानसभा क्षेत्र में तैनात रहेंगे।गौरतलब है कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुल मतदाता 2 लाख 11 हजार 516 हैं। जिसमें पुरूष मतदाता 1 लाख 6 हजार 266 तथा महिला मतदाता 1 लाख 5 हजार 250 है। इनमें 80 वर्ष से अधिक 1 हजार 612 तथा नये मतदाता 3 हजार 752 है। दिव्यांग मतदाता 1 हजार 11 तथा 89 सर्विस वोटर शामिल है। खैरागढ़ विधानसभा में कुल 291 मतदान केन्द्र हैं। जिसमें 283 मतदान केन्द्र और 8 सहायक मतदान केन्द्र बनाया गया है। जिसमें 53 अतिसंवेदनशील, 11 संवेदनशील, 86 राजनैतिक संवेदनशील एवं 5 सहायक मतदान केन्द्र तथा 133 सामान्य मतदान केन्द्र एवं 3 सहायक मतदान केन्द्र बनाया गया है।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision