Google Analytics —— Meta Pixel
May 31, 2026
Hindi Hindi
शौर्यपथ

शौर्यपथ

*जांजगीर-चांपा के कापन और बलौदा में सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए वित्त मंत्री*

*अघरिया और स्वर्णकार समाज के सामुदायिक भवनों का लोकार्पण*

*10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित*

रायपुर/छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी आज जांजगीर-चाम्पा जिले के कापन और नगर पंचायत बलौदा में आयोजित सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कापन में अखिल भारतीय अघरिया समाज के क्षेत्रीय सभा सह सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। वहीं, बलौदा के जंगलवा डबरी में स्वर्णकार समाज के 'स्वर्ण मंडपम' सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।

*शिक्षा और संस्कारों से सशक्त बनेगी नई पीढ़ी*

        कापन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, "शिक्षा समाज की प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है। नई पीढ़ी को बेहतर शिक्षा, संस्कार और अवसर उपलब्ध कराकर ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।" उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकजुटता, सकारात्मक सोच और सामुदायिक भावना को मजबूत करते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।

*एकजुटता ही समाज की वास्तविक शक्ति*

         कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह ने कहा कि अघरिया समाज शिक्षा, कृषि और सामाजिक विकास के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहा है। किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता में ही निहित होती है। वहीं, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े ने कहा कि यह नवनिर्मित भवन सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन के लिए एक सशक्त मंच साबित होगा।

*बलौदा में 'स्वर्ण मंडपम' का लोकार्पण*

         नगर पंचायत बलौदा में आयोजित स्वर्ण मंडपम सामुदायिक भवन के लोकार्पण समारोह में वित्त मंत्री ने स्वर्णकार समाज द्वारा सामाजिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

लोरमी। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी से गोंडखाम्ही नहर तक निर्माणाधीन लगभग 10 किलोमीटर लंबी सड़क का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता और तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन को आसान बनाने के साथ-साथ स्थानीय विकास को नई गति देगी। उन्होंने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने पोल शिफ्टिंग सहित अन्य आवश्यक कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के लगातार जारी रह सके।

अधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

दुर्ग | शौर्यापथ

दुर्ग के व्यापारी वर्ग के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (जिला दुर्ग) की पुरजोर कोशिशों के बाद, नगर निगम प्रशासन ने बढ़े हुए ट्रेड लाइसेंस शुल्क की वसूली पर फिलहाल रोक लगा दी है।

? क्या है पूरा मामला?

हाल ही में नगर निगम दुर्ग द्वारा ट्रेड लाइसेंस शुल्क में भारी बढ़ोतरी की गई थी। इस फैसले से स्थानीय व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश और चिंता थी। व्यापारियों का कहना है कि वे पहले से ही:

? आर्थिक मंदी और महंगाई की मार झेल रहे हैं।

? ऑनलाइन व्यापार (E-commerce) से मिल रही कड़ी चुनौती से जूझ रहे हैं।

? विभिन्न प्रकार के टैक्स के दबाव में हैं।

ऐसे समय में ट्रेड लाइसेंस फीस में इस अप्रत्याशित वृद्धि ने छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों की कमर तोड़ दी थी।

? चेंबर का एक्शन और प्रशासन का आश्वासन

व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष श्री अनूप गटागट के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम दुर्ग पहुंचकर महापौर श्रीमती अल्का बाघमार एवं निगम कमिश्नर श्री सुमित अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।

चेंबर की मांग: बढ़े हुए शुल्क पर तत्काल रोक लगाई जाए और व्यापारियों के अनुकूल व्यावहारिक निर्णय लिया जाए।

नतीजा: चेंबर की दलीलों को गंभीरता से लेते हुए महापौर और कमिश्नर ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि फिलहाल किसी भी व्यापारी से नए (बढ़े हुए) रेट से ट्रेड टैक्स नहीं लिया जाएगा।

? प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख चेहरे

इस बड़ी मुहिम में चेंबर के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एकजुटता दिखाई। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित सदस्य उपस्थित रहे:

• अनूप गटागट (जिला अध्यक्ष) • नीतू श्रीवास्तव

• कुलदीप सिंह • रूपलता साहू

• किशोर जैन • दीना सोनी

• शिव चंद्राकर • अहिल्या यादव

• जवाहर जैन • अनिमा सिंह

• दिनेश टावरी • संगीता देवांगन

• सतीश समर्थ • आशा देवांगन

• सुदीप अग्रवाल

मिनी स्टेडियम की 60 दुकानों की होगी दोबारा नीलामी, बिना अनुमति चल रही गैस एजेंसी पर कार्रवाई के निर्देश

भिलाई।
नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने जोन-4 खुर्सीपार क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर सार्वजनिक सुविधाओं और निगम संपत्तियों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

आयुक्त ने सबसे पहले इंडोर स्टेडियम पहुंचकर खेल गतिविधियों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संचालन को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय मिनी स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए परिसर में बनी 60 दुकानों के खाली और अव्यवस्थित पाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निगम राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से सभी दुकानों की पुनः नीलामी प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्टेडियम के सामने बिना वैध अनुमति संचालित हो रही एचपी गैस एजेंसी को लेकर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। सार्वजनिक और खेल परिसर के समीप अवैध व्यवसाय संचालन को गंभीर मामला मानते हुए उन्होंने जोन आयुक्त और सहायक राजस्व अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

आयुक्त ने स्टेडियम के समीप स्थित सामुदायिक शौचालय का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई, पानी एवं बिजली व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक शौचालयों में मूलभूत सुविधाओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए।

राजीव कुमार पांडेय ने कहा कि निगम की संपत्तियों का बेहतर रखरखाव और जनता को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है तथा अवैध रूप से व्यवसाय करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत मांझी, स्वच्छता निरीक्षक अतुल यादव सहित निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

बिलासपुर।
भारत सरकार के कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने एसईसीएल के एक दिवसीय दौरे के दौरान कंपनी के कार्यों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने डिजिटल परिवर्तन और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया।

एसईसीएल मुख्यालय पहुंचने पर मंत्री दुबे ने कोयला श्रमिक स्मारक पर माल्यार्पण कर कोयला श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की ऊर्जा सुरक्षा में उनके योगदान को नमन किया। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में कोयला उत्पादन, डिस्पैच, गुणवत्ता प्रबंधन, सुरक्षा, कोल गैसीफिकेशन, पर्यावरणीय पहल, डिजिटलीकरण, सीएसआर गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मंत्री दुबे ने सुरक्षित एवं सतत खनन, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और परिचालन दक्षता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि एसईसीएल देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से कोयलांचल क्षेत्रों में अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है।

एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कोल इंडिया के 100 मिलियन टन उत्पादन में एसईसीएल ने 26.86 मिलियन टन का सर्वाधिक योगदान दिया है।

बैठक के दौरान मंत्री ने “ई-डाडास” (डिजाइन एंड ड्रॉइंग्स अप्रूवल इन एसईसीएल) पोर्टल और “हॉस्पिटल मैनेजमेंट एंड इन्फॉर्मेशन सिस्टम” (HMIS) पोर्टल का शुभारंभ किया। ई-डाडास पोर्टल के जरिए आधारभूत संरचना परियोजनाओं की इंजीनियरिंग डिजाइनों की ऑनलाइन जांच और अनुमोदन प्रक्रिया डिजिटल होगी, जबकि HMIS पोर्टल से एसईसीएल अस्पतालों में मरीजों के रिकॉर्ड प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी अधिक प्रभावी होगी।

दौरे के दौरान मंत्री दुबे ने बिलासपुर स्थित इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइज़र यूनिट का लोकार्पण भी किया। यह मशीन संक्रमण और विभिन्न बीमारियों की सटीक जांच में सहायक होगी तथा अस्पताल सेवाओं की गति और गुणवत्ता को बेहतर बनाएगी।

लोकार्पण के बाद मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना की। बैठक में एसईसीएल के निदेशकगण, सीवीओ, विभागाध्यक्ष और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

खाद्य अधिकारी समेत पूरा नेटवर्क बेनकाब, 90 लाख में तय हुआ था गैस गबन का सौदा

महासमुंद/रायपुर।
बहुचर्चित एलपीजी गबन मामले में फरार चल रहे ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स के मालिक संतोष सिंह ठाकुर और उनके पुत्र सार्थक सिंह ठाकुर को पुलिस ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार शहर और मोबाइल नंबर बदल रहे थे। पुलिस की तकनीकी जांच, टॉवर डंप, सीडीआर, टोल डेटा और सोशल मीडिया विश्लेषण के बाद दोनों तक पहुंच संभव हो सकी।

पुलिस जांच में अब तक कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार खाद्य अधिकारी अजय यादव इस पूरे गबन कांड का मुख्य षड्यंत्रकारी था, जबकि पंकज चंद्राकर डील मैनेजर की भूमिका में सामने आया। मनीष चौधरी ने विभिन्न एजेंसियों के बीच मध्यस्थता कर रकम तय कराने में अहम भूमिका निभाई।

सूत्रों के मुताबिक शुरुआत में 1 करोड़ 30 लाख रुपये की मांग रखी गई थी, लेकिन करीब एक सप्ताह तक चली बातचीत के बाद 90 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। पुलिस का दावा है कि सुपुर्दनामे से 11 दिन पहले यानी 19 मार्च से ही एलपीजी गबन की साजिश शुरू हो चुकी थी।


कैसे हुआ पूरा खेल?

थाना सिंघोड़ा पुलिस ने दिसंबर 2025 में 6 एलपीजी गैस से भरे कैप्सूल ट्रकों को जब्त किया था। भीषण गर्मी और सुरक्षा कारणों से इन ट्रकों को सुरक्षित रखने के लिए जिला प्रशासन ने खाद्य विभाग के माध्यम से ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स को सुपुर्द किया।

30 मार्च 2026 को खाद्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रकों को संतोष सिंह ठाकुर के सुपुर्द किया गया, जिसके बाद ट्रकों को रायपुर स्थित उरला प्लांट ले जाया गया। जांच में सामने आया कि सुपुर्द किए गए पांच ट्रकों में भरी करीब 87 टन एलपीजी गैस, जिसकी कीमत लगभग 77 लाख रुपये थी, का आपराधिक न्यास भंग करते हुए गबन कर लिया गया।


फर्जी पंचनामा और बिना GST के बिक्री

जांच में खुलासा हुआ कि सभी कैप्सूल खाली होने के बाद 6 से 8 अप्रैल के बीच तौल करवाई गई और फर्जी तौल पंचनामा तैयार किया गया। सबसे गंभीर बात यह रही कि मुख्य षड्यंत्रकारियों को ही पंचनामा का गवाह बनाया गया।

पुलिस के अनुसार आपदा की स्थिति का फायदा उठाते हुए गबन की गई एलपीजी गैस को 20 अलग-अलग एजेंसियों और संस्थानों को कच्चे बिल पर बिना GST के मनमाने दामों में बेचा गया। अप्रैल महीने में केवल 40 टन एलपीजी खरीदी गई, जबकि बिक्री 135 टन तक पहुंच गई।


चार राज्यों में दबिश, कोल्हापुर होटल से गिरफ्तारी

मुख्य आरोपी संतोष सिंह ठाकुर और सार्थक सिंह ठाकुर लगातार रायपुर, कवर्धा, छुईखदान, कान्हा-किसली, कोलकाता, पुणे, मुंबई और कोल्हापुर जैसे शहरों में ठिकाने बदलते रहे। पुलिस की चार विशेष टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी थीं।

सैकड़ों CCTV फुटेज, टोल प्लाजा डेटा और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दोनों के महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित न्यू चालुक्य होटल में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी संतोष सिंह ठाकुर के पास से 20 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।


अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार, बढ़ सकती है संख्या

इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले खाद्य अधिकारी अजय यादव, पंकज चंद्राकर, मनीष चौधरी और निखिल वैष्णव गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में कई नए नाम सामने आ सकते हैं। मामले में आपराधिक षड्यंत्र, कूट रचना, शासकीय संपत्ति की हेराफेरी और कालाबाजारी सहित बीएनएस और आवश्यक वस्तु अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

 

   भिलाई। शहर में गुरुवार को ईद उल अजहा की रौनक रही। सुबह 7 बजे से शहर की अलग-अलग  मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज शुरू कर दी गई थी। अलग-अलग वक्त में इन मस्जिदों-ईदगाहों में हजारों की तादाद में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। इसके साथ ही तीन दिन तक चलने वाला कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। वहीं इस्पात नगरी भिलाई से हज पर गए जायरीनों का हज पूरा होने की खुशियां उनके घरवालों ने मनाई।
जामा मस्जिद सेक्टर-6 की ईदगाह में सुबह 8 बजे ईद की नमाज अदा की गई।  भिलाई नगर मस्जिद  ट्रस्ट के सदर मिर्जा आसिम बेग ने अपनी सालाना रिपोर्ट में मस्जिद में जारी कार्यों के साथ आवाम के सामने ट्रस्ट की आय-व्यय का ब्यौरा दिया। नमाज के बाद मुल्क में अमन व तरक्की की दुआएं की गईं। ईदगाह मैदान में मौजूद विभिन्न धर्म व समुदाय के प्रतिनिधियों ने मुस्लिम भाईयों को गले मिल कर ईद की मुबारकबाद दी। भिलाई नगर मस्जिद ट्रस्ट की ओर से सभी मेहमानों के लिए सेवइयों का इंतजाम भी किया गया।
नमाज के बाद घरों में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। लोगों ने अपने अपने सामर्थ्य के अनुरूप बकरों की कुर्बानी दी। यह कुर्बानी लोग अपनी सुविधा अनुसार 29 व 30 मई तक करेंगे। हज के मुबारक सफर पर जायरीनों के घर भी खुशियों का माहौल रहा। लोगों ने फोन और वीडियो कॉल पर बात कर अपने परिजनों को हज पूरा होने की मुबारकबाद दी। इधर ईद की नमाज के बाद लोग कब्रिस्तान भी पहुंचे। जहां अपने परिजनों की कब्र पर फूल चढा कर फातिहा पढ़ी। ईद के मौके पर देर रात तक मुबारकबाद देने एक दूसरे के घरों में लोग पहुंचे। ईद की नमाज को देखते हुए यातायात पुलिस ने ईदगाहों और मस्जिदों के आगे सुबह से ही चाक चौबंद व्यवस्था कर रखी थी।

आज दुनिया में इंसानियत को जिंदा रखने की जरुरत: हाफिज कासिम

मर्कजी मस्जिद पावरहाउस कैम्प 2 मे ईदुल अजहा की नमाज इमाम हाफिज क़ासिम बस्तवी ने अदा करवाई। नमाज़ से पहले आवाम को खिताब करते हुए मौलाना जुनैद ने कहा कि हज़रत इब्राहिम अलैहिस्सलाम व उनके बेटे हज़रत इस्माईल अलैहिस्सलाम की कुर्बानी इंसानियत के लिए बड़ा पैगाम है कि अपनी महबूब प्यारी चीज को अल्लाह के राह में कुर्बान कैसे करें।  उन्होंने कहा कि आज दुनिया में इंसानियत को जिंदा रखने की जरुरत है। अल्लाह के नबी हजरत मोहम्मद सल्लु अलैहिस्सलाम ने सादगी की जिंदगी अपनाने,  दूसरों की खैर ख्वाही और अमन के लिए हमेशा कुरबानी की तालीम दी है, हमें उसी रास्ते पर चलना होगा। इस मौके सभी ने मिलकर अल्लाह से अपने गुनाहों की माफ़ी मांग कर नेक और सीधे रास्ते पर चलने, आपसी मोहब्बत-भाईचारा कायम करने के साथ मुल्क की तरक्की अमन-चैन की दुआएं की। इस मौके पर सदर मोहम्मद असलम, नायब सदर इमामुद्दीन पटेल, सेक्रेटरी सैय्यद असलम, खजांची निजामुद्दीन,नायब  सेक्रेटरी मोहम्मद अकरम,नायब खजांची हाफिज महफूज, युसूफ सिद्दीकी, हाफिज अहमद, जफर कुरैशी,अलीम, मोहम्मद सोहेल मोहम्मद और अशरफ इनाम सहित बड़ी तादाद में मौजूद लोगों ने एक दूसरे को ईद उल अजहा की मुबारकबाद दी।
 
अमन की दुआएं की नमाजियों ने 

शेर-ए-खुदा मस्जिद हाउसिंग बोर्ड ईदगाह में सुबह हज़रत अल्लामा मौलाना ताज़िम रज़ा मिस्बाही  ने नमाज अदा करवाई। मस्जिद कमेटी के सदर हाजी ताहिर सिद्दीकी की तरफ से तमाम नमाज़ियों को दिली मोहब्बत के साथ ईद-उल-अज़हा की मुबारकबाद पेश की गई। ईद-उल-अज़हा की नमाज़ के बेहतर इंतज़ामात को देखते हुए जामुल थाना प्रभारी रामेन्द्र सिंह एवं थाना स्टाफ की गरिमामयी मौजूदगी रही। इस मौके पर हाजी एम. एच. सिद्दीकी, कमेटी के सरपरस्त इस्तेखार सिद्दीकी, रशीद खान, हाजी मुश्ताक अहमद, ज़ाकिर हुसैन, मोहम्मद, अब्दुल माजिद उर्फ गुड्डु भाई, सैय्यद इरफ़ान रिज़वी, जावेद खान, अहमद हुसैन उर्फ छोटू , रेयाज़ अहमद, फ़िरोज़ अहमद, मेराज अहमद खान, नज़ीर खान, अबरार रज़ा, आफ़ताब हुसैन, समर, सुब्हान अंसारी और फ़िरोज़ उस्ताद सहित तमाम लोगों ने अपनी भागीदारी दी।

पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मुख्य केंद्रीय प्रभारी स्वामी परमार्थ देव की रहेगी विशेष उपस्थिति

विभिन्न एकीकृत चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी के साथ मिलेगा उपचार का अवसर भी

भिलाई। इस्पात नगरी भिलाई में तीन दिवसीय विशाल एकीकृत योग शिविर का आयोजन 30 मई से मनसा कॉलेज कुरूद रोड कोहका में किया जा रहा है। शिविर में तीनों दिन पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के मुख्य केंद्रीय प्रभारी स्वामी परमार्थ देव की विशेष उपस्थिति रहेगी। पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान न्यास, पतंजलि युवा भारत और किसान सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय विशाल शिविर में सुबह 5:15 बजे से 7:30 बजे तक योग के माध्यम से निरोग रहने विविध योगासनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस संदर्भ में भारत स्वाभिमान न्यास छत्तीसगढ़ प्रमुख अनूप बंसल और युवा भारत के प्रभारी जयंत भारती ने बताया कि शिविर में समूचे छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रहेगी वहीं एकीकृत चिकित्सा पद्धतियों में योग के साथ-साथ यज्ञ चिकित्सा, वॉटर थेरेपी और एक्यूप्रेशर के माध्यम से उपचार के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इस दौरान चयनित लोगों का आयोजन स्थल पर उपचार भी किया जाएगा। यहां कार्यकर्ताओं को इन एकीकृत चिकित्सा पद्धतियों के बारे में विशेषज्ञों द्वारा विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिसमें कार्यशाला में विभिन्न सत्र होंगे।
शिविर में स्वामी परमार्थ देव की उपस्थिति को विशेष उपलब्धि माना जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि स्वामी परमार्थ देव 30 व 31 मई और एक जून को तीनों दिन योग शिविर की निगरानी करेंगे तथा शिविर में उपस्थित लोगों का मार्गदर्शन करेंगे। योग शिविर  के अलावा स्वामी परमार्थ देव के अन्य कार्यक्रम भी रखे गए हैं। जिसमें 30 मई को राजनांदगांव में कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। वहीं राजनांदगांव,बालोद, खैरागढ़ व मानपुर मोहला जिले के योग शिक्षकों एवं पदाधिकारियों के साथ विशेष बैठक करेंगे। इसी तरह 31 मई को भिलाई के योग शिविर में भाग लेने के साथ स्वामी परमार्थ देव आयोजन स्थल पर ही सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।  
उल्लेखनीय है कि स्वामी परमार्थ देव, हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ और भारत स्वाभिमान (न्यास) के मुख्य केंद्रीय प्रभारी हैं। वह योग ऋषि स्वामी रामदेव के प्रमुख शिष्यों में से एक हैं और भारत भर में योग, आयुर्वेद और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार तथा योग शिविरों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वे पतंजलि परिवार (महिला पतंजलि, युवा भारत आदि) के माध्यम से आमजन और ग्रामीण क्षेत्रों तक योग विद्या को पहुँचाने के लिए निरंतर देशव्यापी शिविरों का नेतृत्व कर रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि शिविर की सारी तैयारियां अंतिम चरण में है। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा लोगों से इस नि:शुल्क योग शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। आयोजन की तैयारियों में नरेंद्र पटेल, शंभू प्रसाद कुशवाहा, पिंकी चौधरी, प्रतिभा, उर्वशी शर्मा, प्रीति त्रिपाठी, मुरलीधर साहू, संदीप, दिनेश शर्मा, देवेश सिंह साहू, भावेश साहू, राजेश तिवारी, तिजाऊ राम साहू  और बलवंत सिंह सहित अन्य लोग जुटे हैं।

 भिलाई। छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास के संयुक्त निदेशक नंदलाल चौधरी इसी माह सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वे छत्तीसगढ़ ज्ञान विज्ञान ज्योतिष संस्थान से भी जुड़े हैं। संस्थान के पदाधिकारियों व सदस्यों ने उनके सम्मान में एक गरिमामय समारोह का आयोजन भिलाई निवास कॉफी हाउस के सभागार में किया।
ज्ञात हो कि सेक्टर-2 निवासी नंदलाल चौधरी पवार क्षत्रिय समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। समारोह में उपस्थित लोगों ने श्री चौधरी के व्यक्तित्व की सराहना की। वहीं श्री चौधरी ने अपने सम्मान के लिए सभी का आभार जताया। उनकी सेवानिवृत्ति पर आयोजित सम्मान समारोह में गीतांजलि चौधरी, गौरव चौधरी, पल्लव चौधरी, भुनिशा चौधरी, उमेश चितलांगिया एनआईटी एलुमनी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व छत्तीसगढ़ ज्ञान विज्ञान ज्योतिष संस्थान के संरक्षक, एक्सपर्ट पैरेंटिंग कोच चिरंजीव जैन, एस्ट्रोलॉजर पीडी स्वर्णकार, एस्ट्रोलॉजर राकेश शर्मा, एस्ट्रोलॉजर बीपी पटेल, एस्ट्रोलॉजर राजेंद्र केसर, बैडमिंटन की राष्ट्रीय खिलाड़ी संगीता राजगोपालन, संतोष सोनी, प्रवीण आहूजा, प्रवीण सिंह, राजेंद्र सोनबोइर और देवेश सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

बालोद शौर्यपथ
संवाददाता लोकेश कुमार साहू

  बालोद - डौंडीलोहारा विकासखंड के भंवरमरा, कंमकापार, अरजपूरी, रेंगाडबरी, देवरी के आस-पास भरनाभाट, रीवागहन, आलीवारा, सुरसुरी, फरदफोड, घीना, सुरेगाँव, भीमकंहार में पंचायत के द्वारा भी पेड़ों को लकड़ी ठेकेदारों को बेचा जा रहा है क्षेत्र में पर्यावरण की खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं और जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं। खुले मैदान में प्रतिबंधित अर्जुन वृक्ष की लकड़ी का जखीरा पड़ा है, मानो तस्करों ने वन विभाग और राजस्व विभाग को खुली चुनौती दे दी हो।
कैमरे में कैद तस्वीरें चीख-चीख कर गवाही दे रही हैं - भरानाभाट और रीवागहन के इलाके में दर्जनों की संख्या में कटे हुए कीमती अर्जुन के लट्ठे बेखौफ डंप किए गए हैं। हैरानी की बात ये है कि भंवरमरा, कंमकापार, अरजपूरी से लेकर देवरी तक के जगहों से लकड़ी तस्कर दिनदहाड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर इस प्रतिबंधित लकड़ी का परिवहन कर रहे हैं। ना कोई रोकने वाला, ना कोई टोकने वाला।

ये वही अर्जुन वृक्ष है जिसे छत्तीसगढ़ वन अधिनियम में 'प्रतिबंधित' श्रेणी में रखा गया है। इसकी एक टहनी काटना भी गैर-कानूनी है, यहाँ तो रेंगाडबरी-देवरी बेल्ट में पूरा जंगल साफ कर दिया गया और अब ट्रैक्टर भर-भर कर माल पार किया जा रहा है।

दोनों विभाग कटघरे में जबकि रेंगाडबरी और माटरी मोड दोनों स्थानों पर वन विभाग का बेरियल होने के बाद भी आराम से लकड़ी से लदा हुआ ट्रैक्टर पार हो जाता है।
सवाल सीधा है - डौंडीलोहारा ब्लॉक में इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित और बिना अनुमति के लकड़ी खुले आम रोजाना निकल जाते हैं, और खुले आसमान के नीचे कैसे पहुंची और ट्रैक्टर से कैसे ढोई जा रही है?

1. वन विभाग की नाकामी: अरजपूरी-कंमकापार रेंज में बिना वन विभाग की TP यानी ट्रांजिट परमिट के लकड़ी का एक लट्ठा भी नहीं हिल सकता। फिर ट्रैक्टरों में भरकर अर्जुन वृक्ष एवं अन्य दूसरे प्रजाति की लकड़ी भंवरमरा से भरानाभाट तक कैसे दौड़ रही है? क्या डौंडीलोहारा रेंज के बीट गार्ड से लेकर रेंजर तक सबकी मिलीभगत है?
2. राजस्व विभाग की लापरवाही: रीवागहन, भरानाभाट की राजस्व जमीन पर खड़े पेड़ काटने के लिए तहसीलदार की अनुमति जरूरी है। क्या पटवारी-RI ने आंखें बंद कर लीं? या फिर 'नजराना' लेकर देवरी-रेंगाडबरी मार्ग से ट्रैक्टरों को हरी झंडी दे दी गई?

स्थानीय ग्रामीणों का फूटा गुस्सा - "ये कोई पहली घटना नहीं है। डौंडीलोहारा के इन गांवों में महीनों से अवैध कटाई और ट्रैक्टर से ढुलाई का खेल चल रहा है। मुख्य सड़क से ट्रैक्टर गुजरते हैं, सब देखते हैं, पर विभाग को नहीं दिखता। शिकायत करो तो फाइल दबा दी जाती है। विभागों की ये उदासीनता नहीं, खुली सांठगांठ है।"

औषधीय खजाने की लूट
अर्जुन सिर्फ पेड़ नहीं, आयुर्वेद का खजाना है। हार्ट के मरीजों के लिए संजीवनी माने जाने वाले इस पेड़ को तस्कर चंद रुपयों के लिए भंवरमरा-कंमकापार के जंगलों से काट रहे हैं और ट्रैक्टर से बेच रहे हैं। पर्यावरण को हो रहे नुकसान की भरपाई कौन करेगा?

जनता की मांग - अब सिर्फ कार्रवाई नहीं, जवाबदेही तय हो
ग्रामीणों ने दो टूक कहा है:
1. वन विभाग तत्काल FIR दर्ज कर डौंडीलोहारा के तस्कर गिरोह और ट्रैक्टर मालिकों को बेनकाब करे।
2. राजस्व विभाग बताए कि भरानाभाट, रीवागहन की जमीन पर ये 'लकड़ी का पहाड़' कैसे खड़ा हुआ और ट्रैक्टर कैसे चल रहे हैं?
3. भंवरमरा, अरजपूरी, देवरी बीट के लापरवाह अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई हो। जिन रास्तों से ट्रैक्टर निकले, वहाँ के बीट गार्ड और कोटवार से जवाब तलब हो।

डौंडीलोहारा क्षेत्र में ट्रैक्टर जब्त कर ठोस कार्रवाई करें। अब देखना है कि खबर छपने के बाद भी विभागों की नींद टूटती है या फिर 'सब चलता है' की तर्ज पर ट्रैक्टर से हरियाली का कत्लेआम चलता रहेगा।

 

डौंडीलोहारा से लोकेश कुमार साहू की खास रिपोर्ट

Page 2 of 3149

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)