September 12, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    राजनांदगांव

    राजनांदगांव (1783)

    ० कक्षा चौथी की छात्रा रविना ने पहाड़ा सुनकर कलेक्टर हुए प्रभावित
    ० बच्चों से मध्यान्ह भोजन तथा अध्ययन-अध्यापन के संबंध में ली जानकारी

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने सुदूर वनांचल क्षेत्र मोहला विकासखंड के निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला घावड़ेटोला पहुंचे। वहां उन्होंने कक्षा चौथी में पहुंचकर छात्रा रविना से पहाड़ा पूछा। रविना ने पहाड़ा सुनाया जिससे कलेक्टर ने प्रसन्नता जाहिर की तथा बच्चों को बिस्किट और चॉकलेट दिए। उन्होंने बच्चों से मध्यान्ह भोजन तथा अध्ययन-अध्यापन के संबंध में जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि आज दाल, चावल और आलू-तोरई की सब्जी दिया दी गई। उन्होंने स्कूल की शिक्षिका से स्कूल में दर्ज बच्चों की संख्या में बारे में पूछताछ की। शिक्षिका श्रीमती श्याम कुमारी मंडावी ने बताया कि स्कूल में 63 विद्यार्थी अध्ययनरत है। कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करते हुए अलग-अलग दिन बच्चों को सीमित संख्या में बुलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि स्कूलों की मरम्मत तथा रंग-रोगन का कार्य दीपावली के पूर्व पूरा करें।
    कलेक्टर श्री सिन्हा ने स्कूल प्रारंभ होने के बाद शिक्षा की गुणवत्ता परखने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहला में बारहवीं कक्षा में पीछे बैठकर शिक्षक को पढ़ाते हुए सुना। कक्षा बारहवीं में शिक्षिका वाणिज्य विषय पढ़ा रही थी। उन्होंने स्कूल में शिक्षकों की जानकारी ली। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, मोहला एसडीएम ललितादित्य नीलम, तहसीलदार कुलदीप ठाकुर, जनपद सीईओ जीएल चुरेन्द्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

    ० महापौर ने ली पुराना बस स्टैंड संघर्ष समिति व व्यवसायियों की बैठक
    ० बस स्टैंड में बनेगा व्यवसायिक काम्पलेक्स

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / पुराना बस स्टैंड के कायाकल्प को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांगों को देखते हुए नगर निगम ने बस स्टैण्ड को व्यवस्थित करने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। महापौर एवं निगम के इंजीनियरों की उपस्थिति में पुराना बस स्टैण्ड संघर्ष समिति एवं वहां के व्यवसासियों के बीच बैठक आयोजित की गई, जिसमें बस स्टैण्ड के जीर्णोद्वार सहित विभिन्न निर्माण कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रस्तावित नक्शे में आंशिक संशोधन किये जाने का सुझाव भी दिया गया। पुराने बस स्टैण्ड से बसों का संचालन सुचारू रूप से जारी रहेगा। साथ ही यहां नवीन व्यवसायिक काम्पलेक्स का निर्माण कर यहां के व्यवसायियों को व्यवस्थित तरीके से आबंटित किया जाएगा।
    जिला एवं मिनी बस ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष रईश अहमद शकील ने बताया कि सप्ताहभर पूर्व पुराने बस स्टैंड की समस्याओं को लेकर महापौर श्रीमती हेमा देशमुख को ज्ञापन सौंपकर बस स्टैंड के जीर्णोद्धार करने की मांग की गयी थी। जिसे महापौर ने संज्ञान में लिया था। इस संबंध में 12 अगस्त को शाम 5 बजे महापौर श्रीमती हेमा देशमुख, पूर्व महापौर सुदेश देशमुख एवं पुराना बस स्टैण्ड संघर्ष समिति तथा वहां के व्यवसासियों के साथ गांधी वाचनालय पुराना में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम के इंजीनियर भी शामिल हुए। बैठक में शहर विकास के साथ-साथ पुराने बस स्टैण्ड को पुर्ननिर्माण किये जाने के संबंध में जानकारी दी गई। जिसके तहत बस स्टैण्ड के प्रस्तावित नक्शे के संबंध में पुराना बस स्टैण्ड संघर्ष समिति के सदस्यों एवं परिवहन संघ से सुझाव लिये गये। परिवहन संघ के अध्यक्ष रईस अहमद शकील द्वारा प्रस्तावित नक्शे में आंशिक संशोधन किये जाने का सुझाव दिया गया जिसे महापौर एवं उपस्थित इंजीनियरों द्वारा सहमति प्रदान की गई।
    बैठक में महापौर श्रीमती हेमा देशमुख ने पुराना बस स्टैंण्ड संघर्ष समिति से कहा कि अब आपका वर्षों से चला आ रहा संघर्ष समाप्त हो गया तथा पुराना बस स्टैण्ड के नवीन स्वरूप में व्यावसायिक काम्प्लेक्स के निर्माण के अलावा पुराना बस स्टैण्ड से जिन बसो का परिचालन वर्तमान में हो रहा है वह पूर्ववत जारी रहेगा। साथ ही पुराना बस स्टैण्ड में व्यवसाय कर रहे व्यवसायियों को दुकानों का आबंटन किया जायेगा। उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जायेगा। बैठक में परिवहन संघ के अध्यक्ष रईस अहमद शकील, उपाध्यक्ष आशीष पांडे एवं पुराना बस स्टैंड समिति के अध्यक्ष जयराज चौथवानी द्वारा नगर निगम द्वारा पुराना बस स्टैण्ड के नवनर्माण के संबंध में अपने सुझाव व्यक्त किये। बैठक में महापौर श्रीमती हेमा देशमुख एवं समिति के द्वारा विशेष रूप से आमंत्रित पूर्व महापौर सुदेश देशमुख का समिति के सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया। बैठक में समिति के सचिव सुमित शर्मा के अलावा अखिलेश पंसारी, राजा खान, रमेश भोजवानी, कृष्णा चौथवानी, मनोज भोजवानी, नादान सेन आदि सदस्य उपस्थित थे।

    ० कलेक्टर ने जिला अस्पताल बसंतपुर के व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सक, नर्सिंग स्टॉफ तथा उपकरणों की पूर्ति जल्द करने के दिए निर्देश
    ० शीघ्र ही जिला अस्पताल बसंतपुर होगा क्रियाशील

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने जिला अस्पताल बसंतपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डी श्रवण उनके साथ उपस्थित रहे। कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल बसंतपुर के व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टॉफ तथा उपकरणों की पूर्ति शीघ्र ही कर ली जायेगी। शासकीय मेडिकल कॉलेज का नवीन भवन पेन्ड्री में बन जाने के बाद शासन के निर्देश के बाद मेडिकल कॉलेज अपने नये भवन में शिफ्ट हो रहा है। जिसके कारण जिला अस्पताल बसंतपुर को अपने पुराने अस्तित्व के साथ प्रारंभ किया जाना है। उन्होंने जिला अस्पताल में तत्कालिक व्यवस्था को बनाये रखने और आवश्यक प्राथमिक सेवायें उपलब्ध कराने अस्पताल के भवन का रंग रोगन, वार्ड और शौचालयों के मरम्मत करने के निर्देश सीजीएमएससी को दिये। कलेक्टर ने आवश्यक उपकरणों की सूची बनाकर तत्काल संचालक स्वास्थ्य सेवायें को पत्र भेजने के लिये सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक को निर्देशित किया। कलेक्टर ने जीवनदीप समिति के माध्यम से जिला अस्पताल हेतु 5 लाख रूपये तक के सामग्री आवश्यक फर्नीचर, कम्प्यूटर आदि क्रय करने के लिये निर्देश दिये। साथ ही अस्पताल संचालन हेतु आवश्यक चतुर्थ श्रेणी स्टाफ की अस्थायी पूर्ति के लिये निर्देश दिये। उन्होंने जिला अस्पताल के समुचित संचालन हेतु चिकित्सकों और नर्सिंग स्टॉफ के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु संचालक स्वास्थ्य सेवायें को पत्र लिखने सिविल सर्जन को कहा।
    गौरतलब है कि मेडिकल कॉलेज के शिफ्टिंग के कारण मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक एवं 6 नर्सिंग स्टॉफ तथा बहुत से जरूरी उपकरण आदि मेडिकल कॉलेज पेन्ड्री में चले गये हैं जिसके कारण जिला अस्पताल बसंतपुर में मरीजों को असुविधा होने लगी थी। इस समस्या को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल जिला अस्पताल बसंतपुर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध राशि और जीवन दीप समिति के माध्यम तत्कालिक व्यवस्था बनाये रखने कार्रवाई की जा रही है। शीघ्र ही जिला अस्पताल बसंतपुर अपने पूर्व स्वरूप में क्रियाशील होगा।

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर इस पर नियंत्रण करने के लिए जिला मुख्यालय के साथ-साथ विकासखंडों में भी व्यापक तैयारी की जा रही है। कोरोना संक्रमितों के त्वरित उपचार के लिए कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आइसोलेशन वार्ड को उन्नत किया जा रहा है, जिसमें वेंटीलेटर व सेमी वेंटीलेटर सहित अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही सर्दी-खांसी व बुखार समेत कोरोना संक्रमण के अन्य लक्षण वाले प्रत्येक मरीज की कोरोना जांच करने के लिए कोविड केयर सेंटर तैयार किए जा रहे हैं।
    कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु की जा रही तैयरियों की समीक्षा के लिए विगत दिनों सिविल अस्पताल खैरागढ़ में जीवनदीप समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक व जीवनदीप समिति के अध्यक्ष देवव्रत सिंह ने की। इस दौरान बैठक में प्रस्ताव के आधार पर कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को लेकर इससे बचाव तथा रोकथाम के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनस्वास्थ्य सुरक्षा हेतु विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। इन प्रस्तावों में अस्पताल परिसर के जर्जर भवनों की मरम्मत, जीवन रक्षक आवश्यक दवाइयों की खरीदी, स्वीपर भर्ती, ओपीडी और दवाई वितरण कक्ष के लिए दो नग कंप्यूटर सेट की खरीदी, एक्स-रे व अन्य चिकित्सकीय कार्य के लिए विधायक निधि से बिजली उपकरणों की खरीदी, दो हजार लीटर पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने, साफ सफाई, बुनकर समिति के माध्यम से बेडशीट खरीदी और सौर ऊर्जा उपलब्ध कराने क्रेडा से पत्र व्यवहार समेत अन्य शामिल हैं। बैठक के दौरान विधायक की मौजूदगी में ही कुछ प्रस्तावों पर आपसी सहमति से निर्णय भी लिया गया।
    बैठक में एसडीएम लवकेश धु्रव, एसडीओपी जीसी पति, बीएमओ डॉ. विवेक बिसेन, डॉ. पीएस परिहार, डॉ. पंकज वैष्णव, डॉ. आकाश कनौजे, सीएमओ सीमा बक्शी, वीपीएम संजय ठाकुर व एसडीओ पीडब्ल्यूडी रितु खरे सहित अन्य मौजूद थे। इसी तरह कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के साथ ही मरीजों को शीघ्र राहत दिलाई जा सके, इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंडई एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साल्हेवारा में 30 ऑक्सीजन सप्लाई प्लांट बनाए जा रहे हैं। अग्रसेन भवन गंडई और आईटीआई भवन छुईखदान को मिलाकर दो कोविड केयर सेंटरों को स्टाक सहित अपडेट किया जा रहा है। इन दोनों कोविड सेंटरों में सर्दी-खांसी व बुखार समेत कोरोना संक्रमण के अन्य लक्षण वाले प्रत्येक मरीज की कोरोना जांच की जाएगी।
    इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान के बीपीएम बृजेश ताम्रकार ने बताया, कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर इस पर नियंत्रण हेतु हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। एसडीएम एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी के समन्वय से सभी पीएचसी, सीएचसी, छुईखदान व गंडई में सोमवार से शनिवार तक कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम सतत जारी है। साथ ही विकासखंड के समस्त चिकित्सा अधिकारी, ग्रामीण चिकित्सा सहायक एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश भी दिया गया है कि उपस्वास्थ्य केंद्र में आने वाले सर्दी-खांसी व बुखार समेत कोरोना संक्रमण के अन्य लक्षण वाले प्रत्येक मरीज की कोरोना जांच अनिवार्य रूप से की जाए।

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ प्रदेश के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता की जेनरिक दवाईयां सस्ती दरों पर सुलभता से उपलब्ध कराये जाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सस्ती दवा दुकान योजना प्रारंभ करने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख ने हृदय से आभार व्यक्त किया है।
    महापौर श्रीमती देशमुख ने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के कारण जन एवं धन की हुई हानि को देखते हुये विभिन्न प्रकार के जॉचों एवं दवाईयों की सुलभ व सस्ती वैकल्पिक व्यवस्था की आवश्यकता है तथा लोगों में जेनरिक दवाईयों की मांग भी बढ़ रही है। जिसे ध्यान में रखते हुये मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना प्रारंभ की, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर मोबाईल युनिट के माध्यम से ईलाज की व्यवस्था मुहैया कराई गयी और अब प्रदेश के नागरिकों को सस्ती दवा उपलब्ध हो सके, इसके लिये मुख्यमंत्री सस्ती दवा दुकान योजना प्रारंभ की जा रही है। जिसमें आम जनता को ब्रांडेड जेनरिक दवाईया एवं सर्जिकल आइटम्स सस्ती दरों पर सुलभता से प्राप्त हो सके। उक्त दुकान में सस्ती दवाईयों के अलावा जनरल आइटम, जैसे रिंगगार्ड, बाम, आयोडेक्स, विक्स वेपोराइजर, इनहेर्लस, डेटॉल, इच गार्ड, वेपोराईजर मशीन, सेनेटरी पैड, मास्क, सेनेटाईजर, आदि भी प्राप्त हो सकते है।
    महापौर श्रीमती देशमुख ने मुख्यमंत्री सस्ती दवा दुकान योजना प्रारंभ करने पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि संवेदनशील मुख्यमंत्री ने हर परिस्थति में नागरिकों का हित ध्यान में रखकर कार्य किया है, उनकी सोच प्रदेश के गरीब से गरीब व्यक्ति को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सस्ती दवाई दुकान के लिये नगर निगम द्वारा भी स्थल चयन सहित अन्य प्रक्रिया किया जा रहा है, ताकि राजनांदगांव की जनता को भी इस योजना का लाभ मिल सके।

    ० ग्राम बघेरा में धूमधाम से मनाया गया हरेली का त्यौहार
    ० कृषि औजारों की पूजा की गई
    ० खुमरी पहनाकर छत्तीसगढ़ी परम्परा के अनुरूप किया गया स्वागत
    ० रस्साकसी, गेड़ी, मटका फोड़ जैसे पारंपरिक खेलों का किया गया आयोजन
    ० समूह की महिलाओं ने लगाया छत्तीसगढ़ी व्यंजनों एवं राखियों का स्टॉल

    राजनांदगांव/शौर्यपथ/ जिले के सभी विकासखंडों में हरेली का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। हरेली तिहार के अवसर पर राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम बघेरा में अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल ने हल, गेड़ी, जोड़ा एवं अन्य कृषि औजारों की पूजा की। डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल ने सभी को हरेली की बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़िया मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति को संरक्षित किया है और उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के हर कोने के गांव-गांव में गौठान बनाए गए हैं। गौठान में गायों को रखने के साथ ही चारा, पानी एवं छांव की व्यवस्था की गई है। नरवा के कार्य भी किए जा रहे हैं। जल सरंक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री की सोच के अनुरूप नरवा का विकास करना है। नरवा से खेती के लिए पानी का स्रोत अच्छा रहेगा। हमारा प्रदेश देश में पहला ऐसा राज्य है, जहां गोधन न्याय योजना के तहत दो रूपए की राशि में गोबर क्रय किया जा रहा है। हमारी परंपरा और संस्कृति में गौरा-गौरी के रूप में गोबर की पूजा की जाती है तथा गोवर्धन पूजा में गोबर का टीका लगाया जाता है।
    मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। गोबर के क्रय से महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं को आजीविका का साधन मिला है और वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण होने से खेती किसानी में फायदा होगा। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप गांव में उपलब्ध संसाधन का उपयोग करना है। 2 हजार 500 रूपए की राशि में किसानों का धान खरीदा जा रहा है। शीघ्र ही खेतिहर मजदूरों के लिए शासन की नई योजना प्रारंभ होने वाली है। शासन द्वारा कोविड-19 के कठिन समय में बहुत से कार्य किए गए।
    कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने छत्तीसगढ़ के पहले तिहार हरेली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पहले गांव एवं शहरों में नारियल फेंक एवं गेड़ी जैसे खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता था। घरों में नीम की पत्तियां लगाई जाती थी। अब हमारी पुरानी परम्परा कम ही दिखाई देती है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की परम्परा को पुनर्जीवित कर आगे बढ़ाने का कार्य किया है। इस गौठान में विधायक भुनेश्वर बघेल के नेतृत्व में बहुत अच्छा कार्य हुआ है। हमको इस गौठान को आदर्श गौठान बनाना है और शासन की योजना का अच्छी तरह से क्रियान्वयन करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को गेड़ी पर जरूर चढ़ाएं और हमारे आने वाली पीढ़ी को हमारी संस्कृति एवं परम्परा से परिचित कराएं। जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने कहा कि गौठान महिलाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में उपयुक्त स्थान है। मवेशी के रहने, चारा, पानी, उन्नत नस्ल तथा उपचार के लिए गौठान में कार्य किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि कदम, नीम जैसे फलदार एवं छायादार वृक्षों का सघन पौधरोपण करें। गौठान में निर्मित वर्मी कम्पोस्ट से एक ओर महिलाओं को रोजगार मिला, वहीं इस वर्मी कम्पोस्ट से उत्पादित अन्न स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा होगा।
    इस अवसर पर अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल, कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा और जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर को खुमरी पहनाकर छत्तीसगढ़ी परम्परा के अनुसार स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित रस्साकस्सी की रोमांचक प्रतियोगिता में एक ओर जनप्रतिनिधि की टीम एवं एक ओर कलेक्टर की टीम रही। जिसमें कलेक्टर श्री सिन्हा की टीम विजयी रही। गेड़ी, मटका फोड़ जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। समूह की महिलाओं ने छत्तीसगढ़ी व्यजनों का स्टॉल भी लगाए गए। जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों ने स्टॉलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा भण्डारी, सरपंच हरिश देशमुख, उपसरपंच घनश्याम यादव, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे, उप संचालक कृषि जीएस धुर्वे, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. राजीव देवरस, जनपद सीईओ एसके ओझा, राष्ट्रीय आजीविका मिशन के उमेश तिवारी, बीपीएम सुशील श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे। विकासखंड क्रीड़ा अधिकारी रणविजय प्रताप सिंह ने खेलों की लाइव कमेन्ट्री की।

    ० ऑन लाइन प्लेटफार्म पर अब तक 70 हजार रुपये से अधिक की बिक्री
    ० महिला समूहों द्वारा अब तक 1.5 करोड़ रुपये के खाद की ब्रिकी

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / प्रदेश के राजनांदगांव जिले में स्व सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित वर्मी कंपोस्ट की बिक्री स्थानीय स्तर पर किये जान के साथ-साथ अब ऑन-लाइन प्लेटफार्म अमेजन के माध्यम से भी की जा रही है। इससे अब इन स्वसहायता समूह की महिलाओं को देशभर से आर्डर मिलने लगे हैं। अमेजन के माध्यम से अब तक 70 हजार रुपए से अधिक के वर्मी कंपोस्ट की बिक्री की जा चुकी है। इससे पहले स्वसहायता समूहों द्वारा हस्तनिर्मित राखियां भी अमेजन पर बिक्री के लिए उतारी जा चुकी हैं।
    राजनांदगांव जिले के गांव-गांव में बनाए गए गोठानों के माध्यम से स्वसहायता समूहों द्वारा आजीविका संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पिछले हरेली तिहार से शुरू की गई गोधन न्याय योजना के तहत किसानों और पशुपालकों से 2 रूपए किलो की दर से खरीदे जा रहे गोबर से गोठानों में वर्मी कंपोस्ट का निर्माण इन समूहों द्वारा किया जा रहा है। जिले में 358 गोठनों में तैयार किये जा रहे वर्मी कंपोस्ट की बिक्री शासकीय विभागों तथा आम किसानों को की जाती रही है, लेकिन अब इन स्वसहायता समूहों की महिलाओं ने अमेजन के माध्यम से अपने लिए राष्ट्रीय स्तर पर भी बाजार तलाश लिया है। इस ऑनलाइन माध्यम से उत्पाद की बिक्री के लिए उन्हें जिला प्रशासन द्वारा मदद की जा रही है। अब तक मुंबई, बैंगलुरू, मध्यप्रदेश, रांची, कोलकाता सहित अनेक महानगरों से आर्डर मिल चुके हैं। गोधन न्याय योजना के तहत जिले में अब तक 76 हजार मि्ंटल वर्मी कंपोस्ट तैयार किया जा चुका है तथा 52 हजार मि्ंटल खाद की बिक्री जिले के स्वसहायता समूहों द्वारा की जा चुकी है। समूह की महिलाओं के खाते में अब तक 1.5 करोड़ रूपये जमा हो चुके है। गोठानो में वर्मी कंपोस्ट के निर्माण तथा अन्य वस्तुओं के उत्पादन के कार्य में एक हजार से अधिक महिलाएं जुटी हुई हैं।
    गौठानों में चल रहे तरह-तरह के नवाचारों के अंतर्गत इस बार स्वसहायता समूहों ने देशभर में बिकने वाली विदेशी राखियों को टक्कर देने के लिए आर्गेनिक राखियां तैयार कर बाजार में उतारा है। उनके द्वारा निर्मित राखियां जिले के शहरों के प्रमुख चौक-चौराहों पर तो बेची ही जा रही हैं, इनकी भी बिक्री अमेजन के माध्यम से की जा रही है। हस्तशिल्प के कदरदानों के बीच बांस के छिलकों, सब्जियों के बीजों, पंखुड़ियों और अनाज के दानों से तैयार की गई ये राखियां कम समय में ही लोकप्रिय हो चुकी हैं।

    राजनांदगांव।शौर्यपथ / 121 वर्षों के इतिहास में पहली बार एथलेटिक्स में भारत को गोल्ड हासिल हुआ है. टोक्यों ओलंपिक 2020 में भारत के ओलंपियन नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो (भाला फेंक) में स्वर्ण पर निशाना लगाया है. दूसरी ओेर रेसलिंग में पहलवान बजरंग पुनिया ने कांस्य पदक जीतकर भारत के पदकों की संख्या 7 हो गई है. इस मौके पर संस्कारधानी में भी उल्लास का माहौल है.

    अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे सहित, संध्या पदम,राधे श्याम गुप्ता,रोहित भदौरिया,विशाल सिंह ,पराग यदु, शुभम,ईशान,भूपत,राकेश एवं अन्य खेलप्रेमियों ने इस अवसर पर शहर के महावीर चौक में पटाखे फोड़कर और मिठाई बांटकर खुशियां मनाई. मृणाल चौबे ने कहा कि यह दिन ऐतिहासिक है. उन्होंने कहा कि आज भारत माता को स्वर्ण तिलक लगा है.

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / डी श्रवण पुलिस अधीक्षक, श्रीमती प्रज्ञा मेश्राम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं जीसी पति अनुविभागीय अधिकारी पुलिस खैरागढ़ के मार्गदर्शन मे निरीक्षक शशीकांत सिन्हा थाना प्रभारी घुमका के द्वारा पशु तस्करी रोकने हेतू थाना स्तर पर टीम गठित की गई थी। रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि एक ट्रक में कुछ लोग मवेशी भर कर नागपुर की ओर कत्ल खाना ले जा रहे है। रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक का पिछा किया गया। पुलिस गाड़ी को आता देख कर ट्रक चालक द्वारा ट्रक को रोक कर चालक एवं आरोपीगण अंधेरे का फायदा उठा कर खेतों के रास्ते फरार हो गये।
    मौके पर ट्रक मे 28 नग बैल बछडा जो गाडी मे ठूस-ठूस कर भर कर कत्ल खाना ले जा रहे थे, सभी मवेशीयो का पशु चिकित्सक द्वारा परीक्षण करा कर सकुशल ग्राम बरगही गौशाला मे सुरक्षार्थ रखा गया एवं घटना मे प्रयुक्त ट्रक को जप्त किया गया। अज्ञात आरोपी एवं वाहन स्वामी का पता-तलाश जारी है।

    ० एमेजान ई-कामर्स कम्पनी के माध्यम से राजनांदगांव, छत्तीसगढ सहित अन्य प्रदेशों में खाद विक्रय
    ० महापौर ने किया एमेजान कंपनी को नवी मुुंबई, वाराणसी व उत्तराखंड भेजने वर्मी खाद हस्तांतरित

    राजनांदगांव/ शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ शासन की महती योजना गोधन न्याय योजना के क्रियान्वयन के तहत नगर निगम राजनांदगांव द्वारा 4 गौठान केन्द्र नवागांव, रेवाडीह, मोहारा एवं लखोली में गोबर खरीदी कर वर्मी खाद का निर्माण किया जा रहा है। वर्मी कम्पोस्ट का लाभ नागरिकों को दिये जाने हाट बाजार में वर्मी कम्पोस्ट बिक्री केन्द्र खोला गया है और घर बैठे ऑनलाईन के माध्यम से खाद खरीदने ई-कामर्स कम्पनी एमेजान से खाद विक्रय करने की पहल राजनांदगांव नगर निगम द्वारा की गयी, जिसका अच्छा प्रतिसात मिल रहा है और राजनांदगांव के अलावा अन्य राज्यों के लोग भी एमेजान के माध्यम से ऑनलाईन वर्मी खाद क्रय करने आर्डर कर रहे है। इसी कड़ी में नवी मुंबई, वाराणसी एवं उत्तराखंड से ऑनलाईन आर्डर प्राप्त होने पर महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख ने संबंधितो तक खाद पहुॅचाने प्रथम डिलवरी के तहत एमेजान कंपनी के लोगों को 5-5 किलो वर्मी कम्पोस्ट हस्तांतरित किये।
    महापौर श्रीमती हेमा देशमुख ने बताया कि छत्तीसगढ शासन द्वारा खेतीहर किसानों तथा पशु पालकों के हित में गोधन न्याय योजना प्रारंभ किया गया है। योजना के तहत 2 रूपये किलो की दर से सरकार द्वारा पशुपालकों से गोबर खरीदा जा रहा है। गोबर से महिला स्व सहायता समूहों के माध्यम से वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण किया जा रहा है। उक्त खाद के उपयोग से फसल के उत्पादन में वृद्धि होकर किसानों को फायदा हो रहा है और गोबर विक्रय करने से पशु मालिकों को भी आर्थिक लाभ मिल रहा है, साथ ही खाद बनाने से महिला स्व सहायता समूहो को भी रोजगार प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम राजनांदगांव द्वारा भी 4 गौठान केन्द्र नवागांव, रेवाडीह, मोहारा एवं लखोली में गोबर खरीदी कर वर्मी खाद के अलावा, गमला, दिया एवं गोबर की लकडी बनायी जा रही है। वर्मी कम्पोस्ट का लाभ नागरिकों को दिये जाने हाट बाजार में वर्मी कम्पोस्ट बिक्री केन्द्र भी प्रारंभ किया गया है। जहॉ न्यूनतम दर पर वर्मी कम्पोस्ट खाद का विक्रय किया जा रहा है। साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाली स्वच्छता दीदीया भी घर घर जाकर वर्मी खाद का विक्रय कर रही है, जिससे नगर निगम को आय प्राप्त हो रही है।
    महापौर श्रीमती देशुख ने बताया कि अब नगर निगम खाद बेचने में प्रगति करते हुये एमेजान एवं इंडिया मार्ट जैसी ई-कामर्स कम्पनी के माध्यम से खाद विक्रय करना प्रारंभ की है, जिसका अच्छा प्रतिसात मिल रहा है और राजनांदगांव छत्तीसगढ के साथ साथ अन्य प्रदेश के लोग भी एमेजान के माध्यम से ऑनलाईन आर्डर कर वर्मी कम्पोस्ट प्राप्त कर घर बैठे लाभ ले रहे है। इसी कडी में वाराणसी, नवी मुंबई एवं उत्तराखंड के लोग वर्मी कम्पोस्ट खाद क्रय करने एमेजान से आर्डर किये थे, जिसे आज एमेजान कम्पनी को डिलवरी हेतु वर्मी कम्पोस्ट खाद हस्तांतरित किया गया। जिसमें वाराणसी व उत्तराखंड के लिये 1-1 बैग एवं नवी मुंबई के लिये 2 बैग 5-5 किलो का दिया गया, ताकि उन्हें घर बैठे शीघ्रता से खाद प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव के लोग भी एमेजान के माध्यम से वर्मी खाद का ऑनलाईन आर्डर किये जिससे नगर निगम को अब तक 20 हजार रूपये की आय प्राप्त हुई है और आर्डर की कड़ी में कलकत्ता से भी एमेजान के माध्यम से वर्मी खाद के लिये आर्डर प्राप्त हुआ है। जिसे भी शीघ्र डिलवरी की जावेगी। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव नगर निगम छत्तीसगढ़ की पहली सस्था है जो ऑनलाईन वर्मी खाद बेचने की प्रक्रिया प्रारंभ की है, ताकि लोगों को घर बैठे वर्मी खाद प्राप्त हो सके।
    इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य गणेश पवार, गोधन न्याय योजना के सह प्रभारी व प्र.सहायक अभियंता संदीप तिवारी, प्रोग्रामर पंकज चंद्रवंशी सहित एमेजान कम्पनी के लोग उपस्थित थे।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision