August 08, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    PANKAJ CHANDRAKAR

    PANKAJ CHANDRAKAR

    0 सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चलाया सुरक्षित मातृत्व अभियान

    0 उच्च जोखिम गर्भधारण का चिन्हांकन कर लगातार किया जा रहा है फॉलो अप

     कबीरधाम/शौर्यपथ /

    शिशु व मातृ मृत्युदर घटाने के उद्देश्य से जिले में सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया जा रहा है। कोरोना संक्रमणकाल के पश्चात काल जिले में न केवल इस अभियान को पुन: सुचारू किया गया बल्कि बेहतर सेवाएं देते हुए एक दिन में 1,000 से अधिक गर्भवतियों की जांच व उपचार भी किया गया है।
    गर्भवतियों को उनके ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में स्त्री रोग विशेषज्ञों की सेवा देते हुए हर माह नियमित फॉलो अप कराने तथा गर्भावस्था में संपूर्ण जांच व उपचार का लाभ देने के लिए सरकार द्वारा प्रत्येक माह की 9 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया जाता है।

    इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुजॉय मुखर्जी ने बताया: जिले में अधिक से अधिक लाभार्थियों को पीएमएसएम अभियान का लाभ दिलाने के लिए निजी स्त्री रोग विशेषज्ञों से बात कर उनकी सेवा के लिए राजी किया गया। इसके परिणामस्वरूप जिले के 10 स्वास्थ्य केंद्रों में पीएमएसएम अभियान चलाया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी और 1,284 गर्भवतियों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें गर्भावस्था में आवश्यक देख-रेख व खान-पान के विषय में आवश्यक सलाह दी गई। इसी तरह 217 उच्च जोखिम गर्भाधारण का चिन्हांकन किया गया व 268 लाभार्थियों को सोनोग्राफी की सलाह दी गई। इनका नि:शुल्क सोनोग्राफी जिला अस्पताल व चिन्हांकित निजी अस्पतालों में करवाया जाता है। वहीं जिले में माहवारी सर्विलेंस कराकर प्रसव की अवस्था का जल्द से जल्द पता लगाकर गर्भवतियों का पंजीयन किया जा रहा है। इसके पश्चात मितानिन, एएनएम व जमीनी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

    उच्च जोखिम प्रसव की ऐसे होती है पहचान

    उच्च रक्तचाप, एचबी लेबल 6 ग्राम या इससे कम होना, गंभीर बीमारी होना, आकस्मिक गर्भपात की समस्या झेल चुकी महिलाओं का फिर से गर्भधारण करना, शरीर में सूजन या अन्य इसी तरह के लक्षण होने की स्थिति में उच्च जोखिम का पता लगाया जाता है, जिसके आधार पर प्रसव की पद्धति का अनुमान लगाकर प्रसव तिथि से कुछ दिन पहले ही सीजेरियन के लिए भर्ती कराया जाता है, ताकि जच्चा-बच्चा को सुरक्षित किया जा सके।

    एक गर्भवती को तत्काल दी गई स्वास्थ्य सेवा

    प्रधानमत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में जांच व उपचार कार्य सुचारू रूप से किया गया तथा इसी बीच 9 माह की एक गर्भवती की पोड़ी स्वास्थ्य केंद्र में जांच की गई। यहां सेवारत महिला डॉक्टर ने जांच की तो पाया कि बच्चे की धड़कन सुनाई नहीं दे रही थी। इस स्थिति में गर्भवती को तत्काल एंबुलेंस-108 बुलाकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसे महिला चिकित्सकों की देख-रेख में भर्ती किया गया है।

    राजनांदगांव/शौर्यपथ /

    अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की युवा इकाई युवा कांग्रेस चुनाव में जीत-हार के लिए रस्साकशी तेज हो गई है। युवा कांग्रेस पदाधिकारी का चुनाव जीतने के लिए विभिन्न प्रचार माध्यमों के साथ युवा नेता अपनी कार्यशैली, पार्टी के प्रति समर्पण व जीवटता का हवाला देते हुए चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। इसी बीच शहर के जुझारू व सेवाभावी युवा आशीष रामटेके भी राजनांदगांव शहर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान पर हैं।

    युवा कांग्रेस चुनाव में मतदान की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। बताते चलें कि युवा कांग्रेस का यह चुनाव इसलिए भी अहम माना जा रहा है कि पार्टी में युवाओं की नेतृत्व क्षमता का निर्धारण यहीं से किया जाएगा। जो उम्मीदवार यह चुनाव जीतेंगे, उन्हें पार्टी की ओर से बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जाएगी। इसीलिए कई युवा यह चुनाव जीतने के लिए अपने-अपने स्तर पर दांव-पेच लगा रहे हैं।

    इस संबंध में आशीष रामटेके ने बताया कि वह कांग्रेस संगठन का एक जीवट कार्यकर्ता है। समय-समय पर कई जनहितैषी मुद्दों का उन्होंने प्रमुखता से उठाया है तथा अपनी व्यवहार कुशलता की वजह से वे पार्टी के अन्य सभी वरिष्ठ तथा कनिष्ठ सदस्यों से बेहतर मेल-जोल व सामंजस्य बनाकर कार्य करने में सबसे ज्यादा भरोसा रखते हैं। इसी वजह है उन्हें विश्वास है कि शहर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए जीत उनकी ही होगी।

    राजनांदगांव/शौर्यपथ /

    जिला पंचायत सदस्य व प्रदेश किसान कांग्रेस महामंत्री महेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राज्य के मैदानी दौरे को प्रभावशाली और सकारात्मक बताया है। उन्होंने कहा किए इससे पहले किसी भी मुख्यमंत्री ने इस तरह लोगों के बीच अपनी उपस्थिति नहीं दर्ज कराई है। यही कारण हैं कि वे छत्तीसगढ़ का सबसे विश्वसनीय चेहरा हैं।
     यादव ने कहा किए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल में छत्तीसगढिय़ा स्वाभिमान और संस्कार की झलक लोग देख रहे हैं। उन्होंने कहा किए प्रदेश में होने वाले उत्पादन, भौगोलिक परिस्थितियों, कामगारों के पास मौजूद संसाधन और किस तरह के रोजगार से उनकी जीविका चलती है इसकी बेहतर समीक्षा कर भूपेश सरकार ने कई योजनाओं की शुरुआत की है जिसका सीधा फायदा लोगों को मिल रहा है।
    जिपं सदस्य  यादव ने कहा कि, आज से पहले किसी सरकार ने भूमिहीन कृषि मजदूर को किसी तरह का फायदा नहीं दिया। वे अधिया-रेगहा के सहारे उगाई फसल पर ही आजीविका के लिए निर्भर थे या फिर रोजी-मजदूरी कर अपना परिवार पाल रहे थे। ऐसे मजदूरों को सरकार सीधे आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाकर उन्हें मजबूत बना रही है।
    गोधन न्याय योजनाए राजीव गांधी किसान न्याय योजना ने प्रदेश में क्रांतिकारी परिवर्तन लाया है। बढ़ी हुई दर पर धान की खरीदी ने भी कृषकों को बड़ा मुनाफा दिलाया है। खेती में लगने वाली पूंजी में काफी बढ़ोत्तरी हुई है ऐसे में बढ़ी हुई राशि मिलने से किसानों को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन किस तरह हो रहा है ये स्वयं मुख्यमंत्री जांच रहे हैं। वे प्रत्येक छत्तीसगढ़ी के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
    मुख्यमंत्री द्वारा भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर तात्कालिक कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए  यादव ने कहा किए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार में किसी के भी साथ अन्याय नहीं हो सकता। यह सरकार न्याय और गांधीवाद की विचारधारा से प्रेरित है। जहां भी जनता का अहित दिखेगा वहां कार्रवाई होगी। प्रशासनिक व्यवस्था के अधिकारियों के लिए ये एक बड़ा सबक भी है कि वे जनसेवक हैं और उन्हें इस तरह ही काम करना होगा।

    बेमेतरा/नवागढ़/शौर्यपथ /

    भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मातृशक्ति के साथ नेतागिरी जैसे शब्दों के इस्तेमाल किए जाने के विरोध में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नवागढ़ में पुतला दहन करने की कोशिश की गई। महिला मोर्चा की जिला महामंत्री मधु रॉय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन का आह्वान किया था, जिसके चलते घटना स्थल पर अनुमति को लेकर महिला मोर्चा की नवागढ़ एसडीएम व टीआई के जमकर तीखी बहस भी हुई, महिला मोर्चा ने अधिकारियों के मना करने पर नवागढ़ बस स्टैंड में घण्टों तपती गर्मी व धूप में जमीन में बैठकर अपना विरोध प्रदर्शन भी किया, फिर पुतला दहन को लेकर प्रशासन व महिला कार्यकर्ताओं में झूमा झपटी भी हुई।

    जिला महामंत्री मधु रॉय ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रदेश में विकास की बात करते हैं और जब उनसे उनके सरकार के द्वारा किए गए घोषणापत्र के वादों को जनता द्वारा जब पूछा जाता है तब प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रीगण जनता की आवाज को कुचलने में लग जाते हैं।

    मधु रॉय ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री समीक्षा हेतु प्रदेश भर में भ्रमण कर रहे हैं और जगह-जगह भेंट मुलाकात का कार्यक्रम भी रख रहे हैं यह कार्यक्रम प्रदेश सरकार की सोची समझी कार्यक्रम है जिसमें केवल और केवल कांग्रेस के ही लोग मुख्यमंत्री से बात कर सकते हैं अगर कोई किसी अधिकारी व कर्मचारी की शिकायत हेतु मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की कोशिश करते हैं तो मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें फटकार लगा दिया जाता है। ऐसा ही एक वाकया भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान हुआ जब एक मातृशक्ति अपनी बातों को लेकर मुख्यमंत्री के पास जाते हैं तो मुख्यमंत्री द्वारा यह कहा जाता है कि यहां नेतागिरी मत करो। एक मातृशक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार पूरी तरह से अमर्यादित है।

    एससी मोर्चा प्रदेश महामंत्री दयावन्त धर बांधे ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देती है तो वहीं दूसरी ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री एक मातृशक्ति के द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब ना देते हुए उनके साथ दुव्र्यवहार करते हैं।

    महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा सोनी ने कहा कि प्रदेश में शासन व्यवस्था का कोई नाम ही नहीं है। प्रदेश सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री द्वारा महिलाओं को शराब पीने की सलाह दिया जाता है तो वहीं दूसरी ओर प्रदेश सरकार के एक अन्य मंत्री द्वारा प्रदेश में हुए बलात्कार की घटना को छोटी घटना बता दिया जाता है।

    एससी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष डॉ जगजीवन खरे ने कहा कि प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी का वादा करने वाली सरकार सत्ता में आने के बाद से शराबबंदी करने के बजाय नए-नए शराब की दुकानों को खोल रहे हैं जिसके कारण प्रदेश में आए दिन लूट, हत्या, मारपीट, डकैती, चोरी, छेड़छाड़ बलात्कार की घटनाएं घटित हो रही है।
    भाजयुमो मण्डल अध्यक्ष सुरेश निषाद ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही महिलाओं को केवल अपना वोट बैंक समझती रही है। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री जी द्वारा किया गया कृत्य अमर्यादित है जिसकी भाजपा घोर निंदा करती है।

    इस दौरान मण्डल अध्यक्ष चन्द्रपाल साहू, महामंत्री सुरेश साहू व मिंटू बिसेन, महिला मोर्चा मण्डल अध्यक्ष उमा मिश्रा व अमिता बघेल, महामंत्री तारकेश्वरी सोनकर, खेमिन बाई साहू, सरिता कुम्भकार, नेहा चौबे, उत्तरा सोनकर, कल्याणी, टीकम गोस्वामी, फुलचंद साहू, महेश टण्डन, श्रीकांत ठाकुर, मनीष श्रीवास, तनु दीवान, मिथलेश सोनकर, कुलेश्वर सिन्हा, भागवत सोनकर, मुरली देवांगन सहित भाजपाई उपस्थित रहे।

    कवर्धा/शौर्यपथ /

    कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने आज पंडरिया विकासखण्ड के कुंडा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने पंडरिया में संचालित स्वामी आत्मानन्द योजना के तहत संचालित शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल का निरीक्षण किया।

    उन्होने निरीक्षण के दौरान राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली विभिन्न योजनाओं मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना, गौधन न्याय योजना और स्वथ्य जीवन को विशेष ध्यान में रखते हुए किसानों को जैविक खेती की ओर प्रेरित करने जैसे योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति का जानकारी ली। कलेक्टर के साथ जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने भी निरीक्षण किया।

    कलेक्टर शर्मा ने कुंडा के सप्ताहिक बाजार में संचालिम मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लीनिक योजना का अवलोकन किया। उन्होने हाट-बाजार क्लीनिक में उपलब्ध जैनरिक दवाईयों की उपलब्धता और नियमित रूप में स्वास्थ्य परीक्षण कराने वाले आमजनों की संख्या के बारे में विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अमले को निर्देशित करते हुए कहा वर्तमान में गर्मी का सीजन चल रहा है। लगातार तापमान भी बढ़ रहे है। लू जैसी गर्म हवाएं भी चल रही है। कलेक्टर ने ग्रीष्मऋतु को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य अमले को लू के बचाव और मौसमी बीमारियों के प्रभारी रोकथाम की दृष्टि से पर्याप्त मात्रा में जैनरिक दवाइंया हाट-बाजार क्लीनिक में रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अमले से हाट-बजार में आने वाले मरीजों की प्रकारों की जानकारी भी। यहां बताया गया कि मौसमी बीमारी एवं सामान्य बीमारी से पीडि़त लोग ज्यादातर आते है। कलेक्टर ने कहा कि हाट-बाजार में आने वाले मरीजों की कॉउसिंग करें अगर किसी गंभीर बीमारी या लम्बे समय से किसी बीमारी से ग्रसित है तो ऐसे मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को रिफर करें। ऐसे मरीजों के बारे में उच्च अधिकारियों को आवश्यक रूप से जानकारी भी दें। निरीक्षण के दौरान पंडरिया एसडीएम डीएल डाहिरे, स्वास्थ्य अधिकारी, कृषि उपसंचालक श्री एम डड़सेना, जनपद सीईओ पन्ना लाल धुर्वे एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

    कुंडा ग्राम पंचायत के गौठान में भी अब जल्द ही गौधन न्याय योजना के तहत गोबर की खरीदी की शुरूआत होगी। कलेक्टर श्री शर्मा ने आज कुंडा का निरीक्षण करते हुए गौठान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहां ग्रामीणों एवं गौपाल किसानों ने गोबर खरीदी की मांग की। कलेक्टर ने ग्रामीणों की विशेष मांग को ध्यान में रखते हुए गौपालकों के आर्थिक विकास के लिए यंहां शीघ्र गोबर खरीरी शुरूआत करने के लिए एसडीएम और जनपद पंचायत सीईओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर महिला समूहों को आर्थिक विकास की अन्य गविविधियों से जोड़ते हुए यहां बकरी पालन, मुर्गीपालन व सामुदायिक बाड़ी विकास के लिए कार्ययाजना बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खाद गोदाम का भी निरीक्षण कर खाद उठाव की स्थिति की जानकारी ली। यहां खाद उठाव औसतरूप से कम होने के कारण कड़ी नराजगी भी जताई। कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारी को किसानों को जैविक खेती के प्रति रूझान बढ़ाने और जैविक खेती से होन वाले लाभ के बारे में किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए।

    रायपुर / शौर्यपथ /

    1 लाख बीस हजार , एक लाख 40 हजार, 1 लाख 85 हजार, मेरा 2 लाख । आंकड़े सुनकर किसी को भी लगेगा कि यहां किसी सामान की बोली लग रही है, लेकिन ऐसा नहीं है। ये ऋण माफी के वो आंकड़ें हैं, जो किसान एक स्वर में मुख्यमंत्री को बता रहे हैं।

    दरअसल बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट मुलाकात कार्यक्रम के तहत सरगुजा जिले के मंगरेलगढ़ गांव में पहुँचे थे । जब मुख्यमंत्री ने किसानों से पूछा कि किस-किस का ऋण माफ नहीं हुआ है, कोई किसान है जिसे ऋण माफी का लाभ ना मिला हो ? इतना सुनते ही किसान अपने-अपने ऋण माफी की जानकारी मुख्यमंत्री को बताने लगे।
    सभी किसानों में अपनी ऋण माफी की रकम बताने की होड़ लग गयी। किसानों की खुशी देखकर मुख्यमंत्री ने भी किसानों को बधाई दी और किसानों के लिए ताली बजवायी।पटेला गांव के किसान रामकुमार गुप्ता ने बताया कि उनका 2 लाख रुपये का ऋण माफ हुआ था, जिससे उन्हें बहुत ही आर्थिक मदद मिली। रामकुमार ने बताया कि कर्जा माफ होने से उन्होंने ट्रेक्टर खरीद लिया, जिससे खेती और अच्छे से कर पा रहे हैं। इस बार उन्होंने 500 बोरा धान बेचा है, जिससे अच्छा लाभ हुआ है। इसके अतिरिक्त अब वे बच्चों को अच्छे से पढ़ा भी पा रहे हैं।

    रायपुर / शौर्यपथ /

    मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि शासन की सभी योजनाएं आम नागरिकों को केंद्र में रखकर बनाई गई है ताकि उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सहज उपलब्ध हो सके। आज छत्तीसगढ़ में स्थितियां बदल चुकी है, यहां खुशहाली है और लोग भाईचारे के साथ आपस में मिलजुल कर रह रहे हैं, निश्चित ही इसमें राज्य के अधिकारियों-कर्मचारियों की भी बड़ी भूमिका है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान अम्बिकापुर के विश्राम गृह में अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उक्त बातें कही। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, खाद्य एवँ संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, विधायक डॉ. प्रीतम राम, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू एवँ अधिकारीगण उपस्थित थे।
    मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा कि यदि लोगों का काम समय पर हो तो उन्हें सन्तुष्टि होती है। मुख्यमंत्री  बघेल ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उनके भेंट-मुलाकात अभियान के दौरान आमजन से प्राप्त आवेदनों का वे शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें और इसकी समीक्षा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पृथक से की जाए । साथ ही अधिकारी प्राप्त आवेदनों की पावती देने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री  बघेल ने गत दिवस निरीक्षण किये उप स्वास्थ्य केंद्र के सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि अच्छी व्यवस्था से लोगों को लाभ मिलता है और शासन की भी यही मंशा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों की जरूरतों का भी शासन ध्यान रख रही है शिक्षा स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं जितनी अच्छी होंगी, उसका लाभ वहां कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों को भी मिलेगा। शासकीय संस्थानों में बेहतर सुविधा देने के लिए यदि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की जाए और यह सोचा जाए कि हम सबसे बेहतर कार्य करेंगे तो हर स्तर में सेवा में सुधार होगा।


    -शिविर में समाधान हो रहा है समस्याओं का:

    -आज प्राप्त 43 आवेनो का किया गया समाधान:

    दुर्ग / शौर्यपथ /

    नगर पालिक निगम, दुर्ग में आज जन समस्या समाधान शिविर का तीसरा दिन रहा, यह शिविर शासकीय तिलक स्कूल प्रांगण में लगाया गया जिसमें वार्ड क्रमांक - 05, वार्ड क्रमांक - 06 एवं वार्ड क्रमांक - 07 से संबंधित नागरिको की समस्याओं से रूबरू होकर उनके आवेदनो का निराकरण किया गया । शिविर में नये राशन कार्ड बनाने, पेंशन प्रकरण के निराकरण एवं भूमि आबादी पट्टा दिलाने के संबंध में आवेदन पत्र का निपटारा किया गया ।

    इसमें निगम अन्तर्गत आने वाले विभागो का निपटारा त्वरित गति से किया गया एवं शेष विभागों के संबंधित आवेदन पत्रों को सक्षम अधिकारी को प्रेषित किया गया।शासन के निर्देश पर जन समस्या समाधान शिविर में नगर निगम महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव,स्थानीय पार्षद एवं एमआई सी सदस्य मनजीत भाटिया, अब्दुल गनी,संजय कोहले ने वार्ड के नागरिको से रूबरू होकर उनकी समस्याओ से अवगत हुए तथा शासन की योजनाओ के संबंध में लोगो को बताया।निगम आयुक्त हरेश मंडावी ने भी शिविर स्थल में पहुंचकर संबंधित विभागवार लगे टेबल में पहुंचकर शिविर में प्राप्त हितग्राहियों के आवेदनों के संबंध में जानकारियां ली एवं निगम से संबंधित समस्याओ के आवेदनो का त्वरित निराकरण करने निर्देशित किया गया तथा अन्य आवेदन जो निगम के अधिकार क्षेत्र के बाहर के संबंधित थे अन्य आवेदनों को सक्षम अधिकारी को भेजे गये।आज शिविर में कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें पेंशन से संबंधित 6, नये राशन कार्ड बनाने 8 तथा अन्य विभाग से संबंधित 29 आवेदन प्राप्त हुआ ।

    इसमें हितग्राहियों के खाते में पैसा डाले जाने की जानकारी देकर पेंशन का निराकरण किया गया । ज्ञात हो कि इस शिविर में पट्टा, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड बनाने, निराश्रित पेंशन, नल कनेक्शन, विवाह,जन्म-मृत्यु, गोमास्ता अनुज्ञप्ति, अवैध निर्माण अतिक्रमण हटाने,लावारिस पशु हटाने, साफ-सफाई व्यवस्था के अलावा अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं की जानकारी एवं उसके निराकरण करने हेतु शिविर का आयोजन किया गया है । राशन कार्ड बनाने तत्काल नाम जोड़कर पी.डी.एफ. निकालकर नये राशन कार्ड बनाकर प्रकरण की निराकृत किया गया।आज जन समस्या निवारण शिविर में जन्म प्रमाण पत्र हेतु दिए गए आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जन्म प्रमाण पत्र आवेदिका को दिया गया!

    रायपुर / शौर्यपथ /

    मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री बनना मेरा उद्देश्य नहीं था। जनसेवा मेरा उद्देश्य है। जिसके चलते मैं सार्वजनिक जीवन में आया। सेवा सबसे बड़ा धर्म है। मेरा मानना है कि लोगों की सेवा के लिए हम सबको तत्पर रहना चाहिए। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम राजपुर में भेंट मुलाकात के दौरान कक्षा 12वीं की छात्रा सीमा गुप्ता के पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने ये बातें कहीं।
    मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान सीमा गुप्ता ने पूछा था कि आप मुख्यमंत्री कैसे बने, शासकीय नौकरी क्यों नहीं की ? मुख्यमंत्री ने इस पर कहा कि उनके परिवार के पास खेती-किसानी पर्याप्त भूमि है। पिताजी नहीं चाहते थे कि, वे शासकीय नौकरी करे। हालांकि उन्होंने दोनों बहनों को अच्छा पढ़ाया। वे दोनों इंजीनियर है। मेरी रुचि बचपन से खेती-किसानी में थी। गांव में रहते पहले पंच बना फिर पार्टी का जिला अध्यक्ष बना और फिर विधायक, अविभाजित मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में मंत्री और अब मैं मुख्यमंत्री हूँ। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। जिसमें राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, हाफ बिजली बिल योजना, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, हाट बाजार क्लीनिक योजना, शहर स्लम स्वास्थ्य योजना, गोबर खरीदी जैसी योजनाएं जनता में लोकप्रिय हुई हैं।
    स्वस्थ जीवन जी रहे बच्चे ..
    सीतापुर विधानसभा के सरमना में भेंट मुलाकात में चिरायु योजना का लाभ लेकर सफल इलाज कराने के बाद स्वस्थ जीवन जी रहे दो बच्चों ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर उन्हें धन्यवाद दिया।
    उल्लेखनीय है कि चिरायु योजना से बतौली निवासी साहिल पैकरा 12 वर्ष, का दिल का ऑपरेशन हुआ है। और इसी योजना से सुनन्दी भंडार 6 साल के कटे होठो का भी सफल ऑपरेशन हुआ है। जिसके बाद अब दोनों स्वस्थ जीवन जी रहे हैं।
    मुख्यमंत्री ने बर्तन माँजकर पढ़ाई कर रही निर्धन छात्रा सुश्री छाया की सहायता के दिए निर्देश...
    मुख्यमंत्री ने बर्तन माँजकर पढ़ाई कर रही निर्धन छात्रा सुश्री छाया की सहायता के दिए निर्देश
    छात्रा की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा- कोई काम छोटा नही होता,काम पर गर्व करना चाहिए

    मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से सरमना में भेंट मुलाकात के दौरान साइंस स्नातक की पढ़ाई कर रही निर्धन छात्रा सुश्री छाया मिश्रा ने सहायता की मांग की। उसने बताया कि वह बर्तन माँजकर पढ़ाई कर रही है। वह झोपड़ी में रहती है,जहां शौचालय भी नही है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने सुश्री छाया को योजनाओ से लाभान्वित करने के निर्देश कलेक्टर को दिए।
    मुख्यमंत्री ने सुश्री छाया की सराहना करते हुए कहा कि कोई काम छोटा नही होता। मेहनत से सफलता मिलती है, खुशहाली आती है। अपने काम पर गर्व करना चाहिए और सम्मान से जीना चाहिए।

    राजापुर की छात्राएं बनेंगी, मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत मेहमान ,गृह ग्राम बेलौदी में घर, खेत देखेंगे और करेंगे भोजन
    मुख्यमंत्री ने कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा नीता वर्मा सहित अन्य छात्राओं को अपने गृह ग्राम में व्यक्तिगत मेहमान के रूप में आमंत्रित किया। इसके लिए उन्होंने कलेक्टर को उनके गृह ग्राम बेलौदी भ्रमण करवाने के लिए निर्देशित किया। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के राजापुर में भेंट मुलाकात के दौरान नीता वर्मा सहित अन्य छात्राओं द्वारा मुख्यमंत्री के गृह ग्राम देखने की इच्छा जताने पर दी।
    मुख्यमंत्री ने बताया कि उनका गृह ग्राम दुर्ग जिले के ग्राम बेलौदी है। उनकी पढ़ाई मर्रा के स्कूल में पूरी हुई है। उन्होंने नीता वर्मा सहित अन्य छात्राओं को गृह ग्राम देखने की इच्छा जताने पर कहा कि वह उनके गृह ग्राम में मेहमान के रूप में आए। उन्हें खेत घर और स्कूल भी दिखाएंगे और भोजन भी करवाएंगे।

    रायपुर /शौर्यपथ/

    मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 12 मई अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर समर्पण और सेवाभाव की प्रतिमूर्ति सभी नर्सों को बधाई और शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि स्वास्थ्य सेवा में नर्सों का हमेशा से महत्वपूर्ण स्थान रहा है। चिकित्सक को भगवान का दूसरा रूप कहा जाता है। हमारी नर्स बहनें भी देवी स्वरूप होती है, जो निःस्वार्थ भाव से मानवता की सच्ची सेवा कर दूसरो के जीवन को खुशियों से भर देती हैं। बघेल ने कोरोना संकट काल में नर्स बहनों द्वारा दिन-रात मरीजों की सेवा और कर्तव्य परायणता की सराहना करते हुए कहा कि निर्भीक योद्धा के रूप में कोरोना का डटकर मुकाबला करने वाली सभी स्वास्थ्य सेविकाओं को सलाम। आप सब ने संकट के समय में हम सबका संबल बनाए रखना। आप सबने जिस हिम्मत और हौसले के साथ मानवता की सेवा की है, वह काबिले तरीफ है।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision