September 22, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / सचिव सह आबकारी आयुक्त निरंजन दास एवं प्रबंध संचालक ऐपी त्रिपाठी के द्वारा दिए गए निर्देश के तारतम्य में एवं कलेक्टर टीके वर्मा तथा सहायक आयुक्त आबकारी नवीन प्रताप सिंह तोमर के मार्गदर्शन में 28 फरवरी 2021 को आबकारी विभाग राजनांदगांव के पाटेकोहरा आबकारी जाँच चौकी द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर पाटेकोहरा से कुबराडीह के पास सुबह नाका लगाकर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटर साइकिल होण्डा लीवो सीजी 08 - एएफ 5321 को रुकवाकर जाँच करने पर ग्राम मुरमुंदा निवासी बरातू पटेल तथा ग्राम तुमडीलेवा निवासी रेमचंद पटेल के आधिपत्य से दो बोरियों में रखे 300 नग पाव गोवा व्हिस्की, प्रत्येक में 180 एमएल भरा, कुल 54 बल्क लीटर बरामद किया गया।
    गिरफ्तार आरोपियों के बताए अनुसार संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार सीजी 08-के-1820 का पीछा करने पर कार चिचोला से छुरिया रोड में चली गई। जिसे रुकवाने की कोशिश करने पर कार द्वारा आबकारी के वाहन बोलेरो सीजी 08-एपी 9604 को तेज रफ्तार से ठोकर मारा गया। जिससे बोलेरो मौके पर ही पलट गया तथा कार भी क्षतिग्रस्त हो गया है। बोलेरो में बैठे आबकारी उपनिरीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार उइके, आबकारी आरक्षक राकेश दुबे, वाहन चालक नोमेश साहू घायल हो गये है। मौके का फायदा उठाकर कार से आरोपी भाग रहा था जिसे आबकारी उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार उइके ने दौड़ाकर आरोपी समोदा थाना जेवरा सिरसा जिला- दुर्ग निवासी प्रवीण देशमुख को पकड़ा। स्विफ्ट डिजायर कार को खोलकर देखने पर 40 पेटी मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की, प्रत्येक में 180 एमएल कुल 360 बल्क लीटर बरामद किया गया। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2), 36, 59 (क) का प्रकरण दर्ज कर विवेचना किया जा रहा है।
    वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्रकरण में आबकारी टीम पर जानलेवा हमले को दृष्टिगत रखते हुए आईपीसी की अन्य धाराओं विशेषकर ऑन ड्यूटी सरकारी आधिकारी एवं कर्मचारियों पर जानलेवा हमले के लिए एफआईआर करने हेतु पुलिस चौकी प्रभारी चिचोला को अग्रिम कार्रवाई हेतु पत्र भी प्रेषित किया गया है। रेड कार्रवाई के दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी (ब) श्रीमती निरूपमा लोन्हारे एवं आबकारी उपनिरीक्षक जितेन्द्र उइके तथा आरक्षक में राकेश दुबे, सुरेंद्र झारिया, ओमप्रकाश सिन्हा, निजाम शाह, भृत्य अनिल सिन्हा, वाहन चालक नोमेश साहू,महेश्वर साहू उपस्थित थे। आबकारी वाहन बोलेरो सीपी 08-एपी 9604 के पलटने से वाहन चालक नोमेश साहू का दोनों पैर फ्रेक्चर हो गया है।

    - मासिक पत्रिका जनमन का किया गया वितरण
    - फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को मिल रही शासन की योजनाओं की जानकारी

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / जिले के विकासखंड डोंगरगढ़ के लाल बहादुर नगर में 27 एवं 28 फरवरी दो दिवसीय लोक मड़ई एवं कृषि मेला में जिला जनसंपर्क कार्यालय राजनांदगांव की फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं से संबंधित पैनल लगाए गए हैं। इसके माध्यम से मेले में आने वाले किसानों एवं नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिल रही है। वहीं जनसंपर्क विभाग द्वारा इन योजनाओं के बारे में लोगों को बताया जा रहा है। मेले में दोनों दिन जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी देखने लोगों की भीड़ लगी रही। जनसंपर्क के स्टॉल में जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका जनमन का वितरण मेले में आए लोगों को किया गया।
    जनसम्पर्क विभाग की प्रदर्शनी से प्रभावित लोक मड़ई घुमने आए चारभांठा के किसान श्री कृपाल सिंह साहू ने बताया कि वे हर साल लोक मड़ई घुमने आते है और यहां आने के बाद जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी को देखते है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी डोंगरगांव में आयोजित लोक मड़ई में जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी देखी थी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी मिलती है। साथ ही यहां मासिक जनमन पत्रिका भी दिया गया। उन्होंने कहा कि इसमें वर्तमान में शासन द्वारा किए जा रहे कार्य एवं योजना के बारे में बताया गया है, जो सूचनात्मक एवं उपयोगी है। ग्राम मुरेठीटोला के किसान श्री गैंदसिंह ने कहा कि जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों के हित के बारे में जानकारी मिलती है। इसके लिए उन्होंने जनसंपर्क विभाग की सराहना की। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से किसानों का कर्जा माफी बिजली बिल हॉफ किया गया है। विकासखंड अंबागढ़ चौकी के गांव सोनसायटोला के किसान श्री लखनलाल कोलियार ने बताया कि लोक मड़ई देखने आए हुए है। यहां उन्होंने जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी को भी देखा और अन्नदाता का रखा सम्मान फसलों का दिया वाजिब दाम को व्यक्त करते हुए बताया कि इस योजना से मुझे बहुत लाभ मिला है। इससे बच्चों की पढ़ाई एवं आर्थिक स्थिति में सहयोग मिला है। इसके साथ हमें विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिली है। मुझे छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं से बहुत ही लाभ मिला है। साथ ही जनसंपर्क विभाग द्वारा फोटो प्रदर्शनी एवं प्रचार सामग्री द्वारा लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है।

    0 पत्रकारों के हित में जान लड़ा देंगे--अमित गौतम
    0 छत्तीसगढ़ जनर्लिस्ट वेलफेयर यूनियन का जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह संपन्न

    रायपुर/ शौर्यपथ / छग जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन की बलौदाबाजार भाटापारा जिला इकाई के आतिथ्य में एक दिवसीय जिला स्तरीय सम्मान समारोह एवं पत्रकार सम्मेलन 27 फरवरी को छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय सचिव एवं बिलाईगढ़ विधायक चंद्रदेव राय के मुख्य आतिथ्य तथा छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अमित गौतम की अध्यक्षता में पवनी के साहू समाज भवन में संपन्न हुआ। इस दौरान कार्यक्रम का शुभारंभ वीणा वादिनी मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रगीत सहित अरपा के पैरी राज्य गान के साथ हुआ, मंचस्थ अतिथियों में संसदीय सचिव चंद्रदेव राय, प्रदेश अध्यक्ष अमित गौतम, महासचिव सेवकदास दीवान, प्रदेश उपाध्यक्ष महेश आचार्य, अर्जुन झा, बिलाईगढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारका देवांगन, भटगांव नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रवेश दुबे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिलाईगढ़ अध्यक्ष भागवत साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज चंद्रा, तथा जिला अध्यक्ष रुपेश श्रीवास एवं प्रदेश सचिव कन्हैया गोयल शक्ति प्रमुख थे।
    कार्यक्रम का संचालन करते हुए बलौदाबाजार भाटापारा जिला इकाई के अध्यक्ष रुपेश श्रीवास ने विस्तार पूर्वक स्वागत उद्बोधन देते हुए आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया तथा मंचस्थ अतिथियों के अलावा छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश सह-सचिव राजेश वैष्णव, नीलम दास पड़वार,तिलका साहू, कोरबा जिला अध्यक्ष राजेश मिश्रा, जांजगीर-चांपा जिला अध्यक्ष राजू शर्मा, बिलासपुर जिला अध्यक्ष अनिल शुक्ला, मुंगेली जिला अध्यक्ष राजकुमार, बलोदा बाजार जिला अध्यक्ष रूपेश श्रीवास, बलौदाबाजार महासचिव इस्माइल खान,दुर्ग जिला अध्यक्ष विजयलक्ष्मी चौहान, बसना इकाई अध्यक्ष अनुराग नायक, बस्तर जिला महासचिव स्वरूप राज, सहित अन्य पदाधिकारी भी थे । अतिथियों का स्वागत राजकुमार जांगड़े, विजय कुमार सोनी, कार्तिक जायसवाल, प्रदीप देवांगन, संजय यादव, श्याम साहू, गुलाबदास पड़वार, राज कुमार चंद्रा, कुमार, वीरेंद्र साहू, मानसाय साहू, शांति लाल देवांगन, महेंद्र जायसवाल, वेद प्रकाश विश्वकर्मा, प्रहलाद साहू, योगेश देवांगन, सुरती लाल देवांगन, जीवनदास, जगमोहनदास, वेद भूषण स्नेही, अखिलेश, रामेश्वर साहू, सुनील यादव,सहित बलौदा बाजार भाटापारा जिला इकाई के सदस्यों द्वारा किया गया ।
    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय सचिव चंद्रदेव राय ने कहा कि आज पत्रकारिता का क्षेत्र काफी चुनौतियों का क्षेत्र है, एवं पत्रकार को पूरी खबरों की विश्वसनीयता के लिए मेहनत करनी होती है, तथा पत्रकार जागरूकता के माध्यम से राज्य एवं राष्ट्र के विकास में भी अपना योगदान देता है ।
    कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष अमित गौतम, महासचिव सेवक दास दीवान ने भी संबोधित करते हुए कहा कि आज छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन ने अपने अल्प समय के 3 वर्ष के स्थापना काल में ही पूरे प्रदेश के सभी जिलों में अपना संगठन स्थापित किया है उन्होंने यह भी कहां की पत्रकार हितों के लिए अगर जरूरत पड़े तो जान लड़ा देंगे । उन्होंने बताया कि संगठन के लगभग 1500 सदस्य पूरी सक्रियता के साथ यूनियन की इकाइयों के माध्यम से कार्य कर रहे हैं, एवं यूनियन द्वारा पत्रकार हितों के लिए निरंतर कोरोना कॉल के बावजूद कार्य किया गया है । यूनियन द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी पत्रकारों के लिए प्रदेश के प्रसिद्ध प्रतिष्ठित सुपर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटलओ में अनुबंध कर कार्य किया जा रहा है, तथा कार्यक्रम को यूनियन के अन्य प्रदेश तथा जिला स्तर के पदाधिकारी सदस्यों ने भी संबोधित करते हुए यूनियन की सक्रियता एवं कार्यों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला ।
    कार्यक्रम के दौरान कोसिर ब्लॉक से आये दर्जन भर पत्रकारों ने यूनियन की सदस्यता ग्रहण की वही तिल्दा रायपुर से आये पत्रकार रमेश बत्रा को तिल्दा ब्लॉक अध्यक्ष पद पर मंच से प्रदेश अध्यक्ष ने नियुक्त किया । कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में छत्तीसगढ़ प्रदेश सहित बलौदाबाजार भाटापारा जिले के विभिन्न स्थानों से पत्रकार साथी मौजूद रहे एवं कार्यक्रम के पश्चात जिला इकाई की ओर से कोरोनाकाल के दौरान विशिष्ट कार्य करने वाले पत्रकार साथियों का तथा यूनियन के प्रदेश पदाधिकारियों का प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह के माध्यम से सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मंचस्थ अतिथियों का भी स्मृति चिन्ह के माध्यम से सम्मान किया गया, अंत में आभार प्रदर्शन इकाई अध्यक्ष दशरथ साहू द्वारा किया गया ।

    आशीष तिवारी शौर्यपथ रायपुर से.. रायपुर। काँग्रेस सरकार की चल रही 'तुंहर सरकार तुंहर द्वार' शिविर में अरविंद दीक्षित वार्ड न्यू राजेन्द्र नगर में चल रहे पार्षद एवं जोन अध्यक्ष आकाशदीप शर्मा एवं रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज ढेबर जी कार्यकर्ताओं के साथ शिविर में वार्डवासियों को राशन कार्ड,आयुष्मान कार्ड,पट्टा,लोन, बिजली,पानी आदि किसी भी समस्याओं पर तत्काल निराकरण करने की जानकारी दे रहे थे। तभी भाजपा नेता सचिन मेघानी अपने साथियों संग शिविर में पहुँच कर हंगामा करने का प्रयास एवं नारेबाजी करने लगे एवं माहौल को खराब करने का प्रयास किया। जिस पर काँग्रेस के कार्यकर्ता मोहम्मद चाँद ने अपने साथियों संग सचिन मेघानी को समझाने का प्रयास किया कि शिविर में शांति बनाए रखे एवं जरूरतमंद वार्डवासी जो अपनी समस्या को लेकर आये हैं उन्हें भ्रमित करने का प्रयास ना करें। लेकिन भाजपा के सचिन मेघानी नही माने एवं बार बार काँग्रेस कार्यकर्ताओं के समझाईश देने के बाद भी वो अपने जिद पर अड़े रहे एवं नारेबाजी करने लगे। सचिन मेघानी ने महापौर एजाज ढेबर से भी बेफजूल के सवाल करने शुरू किए की 2 साल से सत्ता में आने के बाद काँग्रेस सरकार ने किया क्या है छत्तीसगढ़ में, जिस पर महापौर ने सचिन मेघानी को करारा जवाब देते हुए कहा कि 15 साल में आपकी भाजपा सरकार ने क्या किया छत्तीसगढ़ की जनता के लिए। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी एवं समझाईश पर भी ये भाजपा के कार्यकर्ता शांत नही हो रहे थे तथा बार बार मर्यादाओं का उल्लंघन कर शिविर में माहौल खराब करने का प्रयास करते ही रहे। वार्डवासियों ने भी सचिन मेघानी से कहा कि हम अपनी छोटी छोटी समस्याओं की जानकारी एवं उनके हल के लिए आये हैं कृपया इस वक़्त कम से कम राजनीति ना करें, फिर भी सचिन मेघानी नही माने और अपने साथियों संग बार बार उसी बात पर अड़े रहे। अंत मे युवा काँग्रेस के नेता मोहम्मद चाँद ने सचिन मेघानी को और उनके साथियों का वहाँ से खदेड़ा तब जा कर शिविर में आये वार्डवासियों की समस्याओं का निराकरण करना शुरू हुआ एवं शिविर का आयोजन सफल रहा। इस सफल आयोजन में फहीम शेख जिलामहासचिव,युवा नेता मोहम्मद मतलूब कुरेशी, अंकित ठाकुर, मयंक सेन,राजेश श्रीवास्तव, अर्जुन,विभाष ठाकुर,जैनुल खान,अभिषेक, राजीव एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    रायपुर। शौर्यपथ । रायपुर अंचल की सक्रिय शैक्षणिक,सामाजिक और सांस्कृतिक संस्था संकल्प सांस्कृतिक समिति द्वारा विश्व एन. जी. ओ. दिवस पर प्रभावी सम्प्रेषण तथा जीवन कौशल संबंधी विषय पर खुली परिचर्चा रखी गयी। जिसमे रायपुर के पूर्व कलेक्टर ओ. पी.चौधरी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। प्रशासन में अपने कार्य कुशलता एवं विभिन्न योजना को क्रियान्वित करने के लिए राज्य में विख्यात रहे ओ. पी. चौधरी के द्वारा संकल्प सांस्कृतिक समिति के सदस्यों के साथ विभिन्न विषयों पर खुल कर चर्चा कि जिसमे चौधरी ने अपने अनुभवों को साझा किया। इस संस्था में इस प्रकार के प्रेरक कार्यक्रम लगातार आयोजित किये जाते हैं। जिसमे अलग-अलग क्षेत्रों के सक्रिय एवं अनुभवी व्यक्तियों के साथ चर्चा रखी जाती है। आज का कार्यक्रम भी इसी कड़ी का हिस्सा था। संकल्प सांस्कृतिक समिति विगत पिछले 35 वर्षों से सतत सामाजिक सुधार के क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के कार्य कर रही है। जिसमे राज्य का पहला नशामुक्ति केंद्र की स्थापना के साथ- साथ अन्य क्षेत्रों में भी काम किया है। इस मौके पर संस्था की निर्देशिका श्रीमती मनीषा शर्मा ने बताया कि संस्था ने किस प्रकार कठिन परिस्थितियों से गुजर कर आज नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्य करने वालो में एक अलग पहचान बनाई है। इस कार्यक्रम में मंच संचालन संस्था द्वारा संचालित परियोजना नशा मुक्ति सह पुनर्वास केंद्र के वरिष्ठ कॉउंसलर अजय श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में मनीष अवस्थी, सागर शर्मा,प्रवीण सोनवानी,सौरभ तिवारी, मोहम्मद रफीक,विनीता पांडे,मनोज मिश्रा,शैलेश भगत,शेष वर्मा,मुकेश कुमार, भारती नागवंशी,दयानंद गेन्द्रे,भूषण टंडन,नरेश साहू,विशाल वर्मा ने सक्रिय भूमिका निभाई। आशीष तिवारी शौर्यपथ रायपुर से ....

    दुर्ग / शौर्यपथ / प्रशांत ठाकुर, पुलिस अधीक्षक, दुर्ग के द्वारा विगत दिनों राष्ट्रीय राजमार्ग-53 में पावर हाउस चौक में हो रहे निर्माणाधीन फ्लाई ओव्हर कार्य स्थल का निरीक्षण किया गया था निरीक्षण के दौरान पाया गया कि रायपुर से दुर्ग मार्ग में पावर हाउस बस स्टेण्ड से पावर हाउस चौक तक जाम की स्थिति निर्मित हो रही है उक्त जाम निजात दिलाने एवं सुगम यातायात व्यवस्था के लिए लोक निर्माण विभाग (एन.एच.) को सडक चौडीकरण, विद्युत विभाग को अनावश्यक स्थापित पोल को हटाने एवं यातायात पुलिस को उक्त मार्ग में नो पार्किग में खडे वाहनों पर कार्यवाही करने निर्देशित किया गया था जिसके परिपालन में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क चौडीकरण किया गया, विद्युत विभाग द्वारा अनावश्यक पोल को हटाया गया एवं यातायात पुलिस द्वारा मार्केट के रोड में खडी वाहनों हटवाया गया जिससे दो पहिया वाहन चालक एवं हल्के चार पहिया वाहन मार्केट के सीमेन्टीकरण मार्ग से सीधे अण्डर ब्रिज तक पहुंचर सेक्टर की ओर जा सकें जिससे हाईवे के मार्ग में वाहन का दबाव कम हुआ है और आम नागरिकों को जाम से निजात मिलना शुरू हो गया है। 

    दुर्ग / शौर्यपथ / भिलाई इस्पात संयंत्र अपने पर्यावरणीय प्रयासों के लिए जाना जाता है। इस प्रयास की कड़ी में भिलाई इस्पात संयंत्र ने स्टील प्लांट के समीप क्षेत्रों में एक नया ऑक्सी-जोन क्षेत्र विकसित कर क्षेत्र के रहवासियों को हरा-भरा वातावरण और शुद्ध जलवायु उपलब्ध कराने का एक महती प्रयास किया है। जिससे आसपास के क्षेत्रों में रहने वाली आबादी को भरपूर मात्रा में ऑक्सीजन प्राप्त होता रहे। पर्यावरण को बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत बीएसपी ने प्रदेश के वन विकास निगम के सहयोग से स्टेशन मरोदा, उमरपोटी और नेवई क्षेत्र में बड़ी संख्या में वृक्षारोपण कर इस क्षेत्र के पर्यावरण में तेजी से सुधार कर रहा है, जिससे बंजर भूमि को हरे-भरे क्षेत्र में बदला जा सके। इस वृक्षारोपण क्षेत्र को जल के स्रोतों, तालाबों, जलाशयों आदि की व्यवस्था के साथ-साथ इस हरियाली को बचाने हेतु बाढ (फैसिंग) लगाया गया है। जिससे यहाँ निरन्तर हरियाली बनी रहे।
    उल्लेखनीय है कि नेवई क्षेत्र के जोन-1, 2 और 3 बंजर भूमि थी। जिसे आज बीएसपी के प्रयासों से हरा-भरा कर दिया गया है। यह क्षेत्र बीएसपी द्वारा छत्तीसगढ़ वन विकास निगम को यहाँ पेड़ आदि लगाने हेतु 4 साल की अवधि के लिए दिया गया था, ताकि पेड़ के बड़े होने तथा अनुबंध की अवधि समाप्त होने के बाद यह क्षेत्र सेल-बीएसपी को सौंप दिया जा सके। आज इस बागान में 80 प्रतिशत पेड़ जीवित हैं और हरियाली व ऑक्सीजन दे रहे हैं। 39 हेक्टेयर में फैले, इन क्षेत्रों में वृक्षारोपण की योजना ऐसी बनायी गयी कि वर्ष 2018 के बाद से अब तक लगभग 97,500 पौधे लगाए जा चुके हैं। अब नेवई जोन-1 में 40,000 के करीब पेड़ हैं, नेवई के जोन-2 में 10,000 पेड़ और नेवई जोन-3 में 47,500 पेड़ उपलब्ध हैं। जिन्होंने वर्ष 1950 के दशक में भिलाई को एक बंजर भूमि के रूप में देखा है आज उसके विपरीत, भिलाई शहर और इसके आसपास के क्षेत्र ने एक हरियाली की चादर तान दी है।
    आज भिलाई टाउनशिप तथा इसकी सड़के हरियाली का प्रतीक बन चुकी है। चारों ओर ठंडी हवा की बयार और लोगों का पर्यावरण से प्यार, देश-दुनिया केे लिए एक आदर्श बन चुका है। इस हरियाली के पीछे बीएसपी प्रबंधन का निरन्तर प्रयास अब रंग ला रहा है। आज बीएसपी के सद्प्रयासों का नतीजा है कि पूरे टाउनशिप में मैत्री बाग सहित 15 बाग-बगीचें लोगों का मन मोहने के लिए तैयार है। प्रतिवर्ष बीएसपी प्रबंधन द्वारा न केवल टाउनशिप में, बल्कि अपने आस-पास के इलाकों में और दल्ली-राजहरा व अन्य खदान क्षेत्रों में भी वृक्षारोपण अभियान चलाती आ रही है। इसके अलावा, प्रत्येक वर्ष सेल-बीएसपी के कर्मचारियों को मुफ्त में पौधे वितरित किए जाते हैं और उनके परिवार के सदस्यों को वन महोत्सव, हरेली सागर, विश्व पर्यावरण दिवस आदि को मनाने के लिए प्रेरित किया जाता है। इसके साथ ही बीएसपी के स्कूलों में पर्यावरण संरक्षण हेतु इको क्लब गतिविधियों का संचालन किया जाता है। इस प्रकार स्कूली बच्चों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जाता है। पौधें लगाने की संस्कृति के तहत बीएसपी में आने वाले विशिष्ट आगंतुकों से भी वृक्षारोपण कराया जाता है।
    विभिन्न आयोजनों में स्मृति चिन्ह के रूप में भी आगंतुकों को पौधे भेंट किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त सेवा-निवृत्त होने वाले कार्मिक भी अपने स्मृति को अक्षुण रखने हेतु वृक्षारोपण करते हैं।
    बीएसपी द्वारा इसके पर्यावरण संरक्षण और सीएसआर पहल के हिस्से के रूप में पौधे लगाए जाते हैं, इसके अलावा बीएसपी के बागवानी विभाग द्वारा भी कई कदम उठाये गए है। वास्तव में, प्लांट न केवल अपनी टाउनशिप को साफ और हरा-भरा बनाने का प्रयास करता है, बल्कि छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के माध्यम से आस-पास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण की भी व्यवस्था करता है। इस क्षेत्र में राज्य की सड़कों के साथ नेवई में वृक्षारोपण और बड़े पैमाने पर सड़क के किनारे वृक्षारोपण एक उदाहरण है। टाउन सर्विसेस विभाग, वन विकास निगम के माध्यम से सेक्टर 04 और सेक्टर 05 में वृक्षारोपण की व्यवस्था कर रहा है। नेवई में 20 से अधिक किस्मों के फल, फूल व औषधि तथा जड़ीबुटियों के पौधे लगाये गये है। कचनार, करंज, शिशु, बबूल केसिया, केथा, इमली, आम, आंवला, गुलमोहर, जामुन और जाम, कनेर के पेड़ अब नेवई के हरे आवरण के साथ, फल, फूल, छाया और जड़ी-बूटियाँ प्रदान कर रहे है।
    इन पौधों की देेखभाल के साथ-साथ इसे बचाने हेतु समय पर सिंचाई, पोषण, कीटनाशकों का छिड़काव की जाती है। रेंजर श्री निशांत सिंह ठाकुर, फील्डमैन सुश्री अंशिका गोल्हानी और वन विकास निगम के कुछ कर्मचारियों द्वारा 24 घंटे की निगरानी रखी जाती है। निशांत सिंह कहते हैं कि सेल-बीएसपी पूरी तरह से वृक्षारोपण हेतु समर्पित है। हमें वृक्षारोपण क्षेत्र में शांति और प्राकृतिक ठंडक की अनुभूति होती है। फील्डमैन सुश्री गोल्हानी साझा करती हैं कि हमारे द्वारा पोषित पौधों को बढ़ते हुए देखना एक संतुष्टि प्रदान करती है। इस पर्यावरणीय गतिविधियों को सीजीएम (नगर सेवाएँ), पीके घोष, के नेतृत्व में जीके दुबे, जीएम (हॉर्टीकल्चर एंड पीएचडी), डॉ. एन के जैन, वी के गर्ग की टीम बखूबी अंजाम दे रही है। इसी प्रकार सेल-बीएसपी ने क्षेत्र को हरा-भरा बनाने हेतु जहाँ वित्तीय सहायता उपलब्ध कराया है वहीं जनता को जोडऩे में भी कामयाबी हासिल की है। टाउनशिप के साथ-साथ बीएसपी ने दल्लीराजहरा खदान क्षेत्र में वर्ष 2019 में 15,000 तथा वर्ष 2020 में 12,500 वृक्षारोपण किया है।

    - आनंद वाटिका में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 49 वर-वधु बंधे परिणय सूत्र में
    - विभिन्न धर्मों के अनुरूप हुए वैवाहिक अनुष्ठान

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत आनंद वाटिका में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में नवदम्पत्ति को आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम से जुड़े।
    आनंद वाटिका में आज सभी धर्मों के 49 वर-वधु वैवाहिक बंधन में बंधे। इस अवसर पर महापौर श्रीमती हेमा देशमुख, कलेक्टर श्री टोपेश्वर वर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने नवदम्पत्ति को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती रेणु प्रकाश एवं उनकी टीम ने विवाह के आयोजन के लिए सभी वर-वधु एवं उनके परिजनों से समन्वय करते हुए सामूहिक विवाह का सफल आयोजन किया।
    विभिन्न धर्मों के वर-वधु का विवाह उनके रीति रिवाज एवं वैवाहिक अनुष्ठान के साथ पूरा हुआ। ग्राम झिटिया से आए नरीता मुलेटी का विवाह पवन मुलेटी से हुआ। वधु की माता श्रीमती फुवारो ने बताया कि शासन की इस योजना से बड़ा संबल मिला। बेटी के पिता का निधन काफी पहले हो गया है। ऐसे में बेटी के विवाह की चिंता होती थी और आज एक बड़ी जिम्मेदारी पूरी हुई है। ग्राम नवागांव के आंचल मेश्राम की शादी राकेश मेश्राम से हुई। वधु की माता श्रीमती लक्ष्मी मेश्राम ने बताया कि बेटी के पिता नहीं है। ऐसे में आज शासन की इस योजना से यह शादी होने से बहुत अच्छा हो रहा है।
    उन्होंने इसके लिए शासन को धन्यवाद ज्ञापित किया। चिखली की शैफाली डोंगरे का विवाह देवन्द्र वासनिक से हुआ। वधु की माता श्रीमती मनोरमा डोंगरे ने बताया कि आज वह बहुत खुशी एवं संतुष्ट महसूस कर रही है। लखोली के पार्वती बंजारे का विवाह तुलेश्वर देवांगन से हुआ। वहीं नेहा का विवाह सलीम से हुआ तथा यमुना का विवाह शेख शहबाज से हुआ। नवदम्पति के परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर 19 हजार रूपए की उपहार सामग्री, एक हजार रूपए की राशि का चेक कन्या के नाम तथा 5 हजार रूपए व्यवस्था की राशि प्रदान की गई। धूमधाम से उल्लास एवं उत्साह के महौल में विवाह संपन्न हुआ।
    इस अवसर पर जनप्रतिनिधि पद्म कोठारी, आसीफ अली, मधुकर साह, सिद्धार्थ डोंगरे, श्रीमती पूर्णिमा नागदेव, श्रीमती अनिता, सचिन तुराटे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस दौरान आनंद वाटिका में कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए थर्मल स्कैनर, सेनेटाईजर एवं मास्क की व्यवस्था की गई थी।

    दुर्ग / शौर्यपथ / जिला अस्पताल परिसर में आज कोविड काल में कोविड संक्रमण को रोकने के लिए किये गये प्रयासों के लिए कोरोना वारियर्स का सम्मान सत्यम शिक्षण एवं जनविकास समिति ने किया। कोरोना वारियर्स का सम्मान मुख्यमंत्री के ओएसडी आशीष वर्मा ने किया। इस मौके पर अपने संबोधन में आशीष वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में सबसे पहले एहतियातयन कदम उठाये ताकि कोरोना के संक्रमण को बढऩे की आशंका को कम किया जा सके।
    इसके साथ ही उन्होंने यह भी ध्यान रखा कि लाकडाउन के दौरान लोगों को जरूरी चीजें मिलती रहें। किसी भी वर्ग को किसी तरह की तकलीफ न हो, बुनियादी सुविधाएं बदस्तूर जारी रहें। श्री वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी पुख्ता व्यवस्था की गई थी। कोरोना वारियर्स के रूप में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने बहुत अच्छा कार्य किया। इस मौके पर सीएमएचओ डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने कहा कि जिला अस्पताल में रात-दिन काम कर रहे कोरोना वारियर्स ने अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहण कर जिले में कोविड संक्रमण को रोकने में बड़ी मदद की। साथ ही टीकाकरण कार्यक्रम में भी यह प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. पी. बालकिशोर ने कोविड काल के दौरान जिला अस्पताल की उपलब्धियाँ बताईं।
    उन्होंने कहा कि कोविड काल में भी चिकित्सकों एवं हेल्थ स्टाफ ने पूरे साहस के साथ मरीजों की सेवा की। यह विलक्षण उपलब्धि रही। उन्होंने जिला अस्पताल में हो रहे निर्माण कार्यों एवं नवाचारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से जिला अस्पताल मरीजों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। इस मौके पर कोविड वारियर्स का प्रशस्तिपत्र देकर सम्मान किया गया। समिति की ओर से अध्यक्ष सीताराम ठाकुर उपस्थित थे। इस मौके पर जीवनदीप समिति के सदस्य दिलीप ठाकुर, आरएमओ डॉ. अखिलेश यादव, अशोक साहू उपाध्यक्ष जिला पंचायत दुर्ग, विनोद वर्मा, देवेंश चन्द्राकर, रूपचंद साहू जनपद सदस्य, राजेश ठाकुर , कमलेश नेताम,तुषार कामडे, डॉ. वी.वाय यादव संचालक वी.वाय हॉस्पिटल दुर्ग एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
    इनका हुआ सम्मान- डॉ. पी बालकिशोर सिविल सर्जन, डॉ. अखिलेश यादव आरएमओ, डॉ. ममता पाण्डेय स्त्रीरोग विशेषज्ञ, डॉ. चंदर बाफना मेडिकल विशेषज्ञ, अरूण पवार अस्पताल सलाहकार, श्रीमती पार्वती नेताम नर्सिग सिस्टर, स्टाफ नर्स में कु. नासरीन बेगम, कु. सरस्वती केवट, स्वप्निल मसीह, श्रीमती व्ही. स्वाती, श्रीमती अनसतसिया केरकेटटा, श्रीमती सुरूचि श्रीवास्तव, सौरभ शर्मा पीआरओ जीपी उपाध्याय कैशियर।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision