Google Analytics —— Meta Pixel
March 07, 2026
Hindi Hindi
बेमेतरा

बेमेतरा (524)

रायपुर / शौर्यपथ / खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने आज बेमेतरा जिले नवागढ़ विकास खंड के ग्राम पंचायत घोरहा में महामाया मंदिर की पूजा अर्चना कर 34 लाख 14 हजार के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें ग्राम घोरहा में सांस्कृतिक भवन निर्माण, सी सी रोड, और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का अतिरिक्त कक्ष निर्माण के कार्य शामिल हैं। खाद्य मंत्री बघेल ने कार्यकम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पूरा मंत्री मंडल 13 जुलाई को अयोध्या में प्रभु श्री राम का दर्शन करके लौटे हैं। हम सभी ने प्रभु श्री राम के दर्शन करके छत्तीसगढ़ के खुशहाली, विकास और छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए आशीर्वाद लेकर आए हैं। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं का भी लाभ उठाने कि लिए लोगो को प्रोत्साहित किया।
   इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सभापति अंजू बघेल, मारो नगर पंचायत अध्यक्ष धनलाल  देशलहरे, उपाध्यक्ष शेर सिंह लोधी, नरेन्द्र लोधी, सरपंच श्रीमती पुन्नी बाई वर्मा, टार्जन साहू, लोधी समाज मारो सर्किल के अध्यक्ष इन्द्र कुमार लोधी, परस वर्मा, सुनील वर्मा और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

नवागढ़/शौर्यपथ /कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा यानि बकरीद सोमवार को नवागढ़ नगर के मुस्लिम समुदाय ने हर्षोल्लास के साथ मनाया। ईद-उल-फितर के बाद मुस्लिम समुदाय के दूसरे सबसे मुख्य त्योहार पर सुबह से ही मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए लोग जुटे। बुजुर्गों और अभिभावकों के साथ बच्चे भी पहुँचे थे।
नमाज के बाद मुल्क में अमन, चैन के साथ प्रदेश में अच्छी बारिश, शहर में सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने और कुर्बानी को कुबूल करने की दुआ मांगी गई। इसके बाद मुस्लिम घरों में खुदा की राह में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। खासतौर पर बच्चों में पर्व का उत्साह देखते ही बना, नए परिधानों में सजे मुस्लिम भाइयों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। वहीं सोशल नेटवर्क पर पर्व की बधाई देने का दौर शुरू हुआ।
ईमाम सलमान रज़ा ने कहा कि बकरीद का तात्पर्य सिर्फ कुर्बानी देना ही नहीं है बल्कि अल्लाह ताला एवं खुदा के समक्ष अपनी अजीज इच्छाओं एवं भावनाओं को समर्पण करने का पर्व है। लोग हजरत इब्राहिम की कुर्बानियों का अपने जीवन में अमल करें। जिसने खुदा के समक्ष अपने एकलौते पुत्र की कुर्बानी देकर दुनिया को त्याग और बलिदान का संदेश दिया था। समाज के हर वर्ग की खुशहाली के लिए काम करने का संकल्प लें।
नमाज अदा करने के दौरान सदर हीरू खान, नायब सदर इस्माईल खान, जिब्राइल खान, उस्मान खान, हनीफ खान, रसीद खान, यासीन खान, जलील खान,जियाउल खान, जमाल कुरैशी, वसीम खान, कादर खान,शहजादा खान, लतीफ खान, रफीक खान, वाजिद बेग, गुलाम मुस्तफा, मोहसिन खान, जुनैद खान सहित समाजिक जन उपस्थित रहे।

अधूरे नाली निर्माण से समस्या बढ़ी, ठेकेदार ने काम रोका
   नवागढ़/शौर्यपथ /नगर पंचायत नवागढ़ में बस स्टैंड से महामाया मंदिर तक गौरव पथ निर्माण नगर वासियों के लिए अधूरी आस बनकर रह गई है। 3.33 करोड़ की लागत से बनने वाली इस गौरव पथ को स्वीकृत हुए करीबन 7 साल से भी ज्यादा समय हो गए हैं लेकिन अभी तक टूटे हुए सकरे मार्ग की समस्या जस तस की बनी हुई है। इस रास्ते पर गौरव पथ डबल लेन सड़क निर्माण एक सपना बनकर रह गया है।
कुछ माह पहले उक्त गौरव पथ का ठेका लेने वाली बजाज बिल्डर कंपनी कुरूद ने  नाली निर्माण का कार्य शुरू किया था, परंतु कुछ मीटर ही नाली निर्माण के बाद अचानक काम बंद कर लापता हो गए। उक्त नाली निर्माण कार्य से राहगीरों की समस्या कम होने के बजाय उल्टा और भी बढ़ गई है। स्थिति यह है कि नाली निर्माण इस कदर किया गया है कि सड़क पहले से और सकरी हो गई। जहाँ पहले जैसे तैसे चार पहिया वाहन गुजर जाते थे अब तो वह भी निकलना मुश्किल हो गया हैं। हल्की-फुल्की बारिश हो जाए तो जगह-जगह पानी भरने की दिक्कत और बढ़ गई है। बिल्डर ने काम क्यों बंद किया इसका तो अता पता नहीं है लेकिन नगर वासियों की समस्या सार्वजनिक है।
नगर का सबसे व्यस्त रास्ता
उल्लेखनीय है कि बस स्टैंड से गणेश मंदिर होते हुए महामाया मंदिर के रास्ते माता पारा रोड तक यह नगर में प्रवेश का प्रमुख मार्ग है। जिसमें प्रतिदिन नवागढ़ नगर की लगभग आधी आबादी एवं आसपास के ग्रामीणों का आवागमन रहता है। इस रास्ते पर नवागढ़ के प्रसिद्ध शमी गणेश मंदिर, सिद्ध माँ महामाया मंदिर एवं माँ शारदा का मंदिर स्थित है, जिसमें अक्सर श्रद्धालुओं आना-जाना लगा रहता है। उत्तम मार्ग के व्यस्तता के मद्देनजर 3.33 करोड़ की लागत से गौरव पथ स्वीकृति हुआ जो कि कई वर्षों तक कागजी कार्यवाही में लटका रहा।
1200 मीटर की सड़क, 03 पार्ट में बनेगी
नगर पंचायत से मिली जानकारी के मुताबिक उस गौरव पथ की कुल लम्बाई 1200 मीटर है। जो कि 3 फेस में बनेगा। बस स्टैंड पुल से 60 किमी तक यह मार्ग 10 मीटर चौड़ाई वाला डबल लेन सड़क होगी। जिसके बाद दूसरे फेस में 60 से 130 मीटर तक अर्थात गणेश मंदिर वाला रास्ता करीबन 70 मीटर तक की लम्बाई की सड़क महज 3.5 मीटर होगी चौड़ी। फिर तीसरे फेस में 130 मीटर से महामाया माता पारा रोड तक यह सड़क पुनः 10 मीटर चौड़ाई के साथ डबल लेन रोड होगी, जिसमें मानाबंद तालाब में वॉल बनाकर मजबूती दी जाएगी । यह तो गौरव पथ का स्टीमेट है जिसे बने सालों बीत गए लेकिन कब यह जमीन पर उतरेगा यह कहा जाना मुश्किल है।
नाली बनी, समस्या बड़ी
स्थानीय अनूप यादव, संदीप गोस्वामी, जित्ते रजक आदि ने बताया कि गौरव पथ निर्माण के नाम पर हमें एक सपना दिखाया गया था, जो सालों से सपना ही रह गया है। पहले तो रास्ता कम से कम आने जाने लायक था लेकिन जब से ठेकेदार ने नाली निर्माण कराया है तब से यह रास्ता इतना सकरा हो गया है कि एक भी चारपहिया घुस जाए तो जाम की स्थिति हो जाते हैं। पानी का रुकना सड़को का टूटना तो आम बात हो गया है। यह हमे जल्द से जल्द चौड़ी सड़क मिलनी चाहिए।
" नगर में आवागमन को सुगम करने के उद्देश्य से मेरे कार्यकाल में 3.33 करोड़ की लागत से गौरव पथ निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था, जिसका टेंडर भी हो गया था। जिसके सत्ता बदली शासन बदला औऱ कमीशनखोरी के आड़ में सड़क अटका रहा। विधानसभा चुनाव आचार संहिता के पहले आनन-फानन में इस रास्ते का भूमिपूजन कर कार्य प्रारंभ तो किया गया लेकिन कुछ मीटर नाली निर्माण के बाद मामला जस का तस पड़ा है। जनप्रतिनिधियों को नगर के हित में इस सड़क को यथाशीघ्र पूर्ण करना चाहिए।"
1. गौरव पथ निर्माण कार्य की क्या स्थिति है ?
- विधानसभा चुनाव के पहले भूमि पूजन पश्चात निर्माण कार्य शुरू हो गया था, लेकिन ठेकेदार ने बिना सूचना काम बंद कर दिया, जो अभी तक रुका है।
2. कंस्ट्रक्शन कंपनी पर क्या कार्रवाई हुई ?
- कंपनी को तीन बार नोटिस दिया जा चुका है, आचार संहिता खत्म होते ही अंतिम नोटिस दिया जाएगा।
3.बीच में सड़क सकरी हो गई है, क्या कहेंगे?
- स्टीमेट में 3.5 मीटर चौड़ाई का प्रावधान है। फिर स्थानीयजनों सामंजस्य बनाकर सुगम रास्ता बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

रायपुर/ शौर्यपथ / बारूद फैक्ट्री हादसे में मृत और घायलो के प्रति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संवेदना प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा दुखद है। इस घटना के लिये जो भी दोषी हो उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिये। मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। सरकार युद्ध स्तर पर वहां पर राहत बचाव कर्य तथा गायब लोगो का पता लगाये।
   बारूद फैक्ट्री के लाइसेंस एवं सुरक्षा मानकों की कब-कब सरकार ने जांच किया था उसको भी सार्वजनिक किया जाये तथा इस प्रकार के विस्फोटक एवं संवेदनशील सभी इकाइयों की सुरक्षा व्यवस्था का रिव्यू तत्काल किया जाये। ताकि ऐसे घटना की कहीं और पुर्नावृत्ति नहीं हो पाये। घटना में मृत लोगों को 50 लाख और घायलों को 10 लाख मुआवजा पर्याप्त चिकित्सा दी जाये।

 

नवागढ़ / शौर्यपथ / नगर के बीचों बीच बहने वाले छोइहा नाला में गंदगी एवं दुर्गंध को दुर करने के लिए करोड़ो की लागत से नहर एवं सड़क निर्माण कार्य किया गया है लेकिन नगरवासियों को गन्दगी से मुक्ति मिलते नजर नही आ रही। स्थिति यह है कि इस नहर निर्माण को 04 साल से भी ज्यादा बीत जाने के बाद भी नगर पंचायत अथवा विभाग द्वारा आजतक कोई सफाई कार्य नही कराया गया। जिसके चलते नहर के अंदर 10-12 फिट तक बड़ी-बड़ी झाड़ियां व घास उग आई है। हालत ऐसी हो गई है कि नहर के अंदर बड़ी-बड़ी झाड़ियों का ऐसा जाल बन गया है कि यदि कोई मवेशी जानवर नहर में गिर जाए तो निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है।
उल्लेखनीय है कि जल संसाधन विभाग के अंतर्गत छोइहा नाला बाढ़ सुरक्षा कार्य हेतु छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 1143.34 लाख की स्वीकृति दी थी। जिसका उद्देश्य गन्दे नाले को नहर बनाना एवं ऊपर सड़क के रूप में नया स्वरूप देना था। जिसके पहले फेस का काम को पूरे हुए 04 साल बीत चुके है। जिस स्थिति में जल संसाधन विभाग ने काम छोड़ा था। उसके पश्चात किसी ने भी दोबारा इस नहर की ओर झांका नहीं है। प्रशासन की लापरवाही के चलते धीरे-धीरे झाड़ियों ने नहर के अंदर ऐसा जंगल बना लिया है कि यदि कोई अनहोनी हो भी जाती है तो उसका भी पता लगाने में बड़ी दिक्कत हो जाएगी।

1260 मीटर नहर,शहर के घरों व नालियों का जाता है पानी
नवागढ़ शहर के छोईहा नाला में शहर की समस्त गंदगी नालियों से प्रवाहित होती है। पहले जमाव के कारण नगरवासी दुर्गंध एवं प्रदूषण के कारण परेशान रहते थे। बरसात में अत्यधिक वर्षा व बाढ़ की स्थिति में नाले का गंदा पानी आवासी क्षेत्रों में फैलने के कारण महामारी फैलने की आशंका भी बनी रहती थी। जिससे निजाद पाने के लिए नाले के प्रोटेक्शन कार्य के तहत मुख्य बाजार क्षेत्र के 400 मीटर की लंबाई में नाला अंडरग्राउंड बनाया गया है। साथ ही छीरहा रोड तक कुल लंबाई 860 मीटर तक दोनों तरफ कंक्रीट दीवाल व मिट्टी कार्य से नाले को नहर बनया गया। कार्य की कुल लंबाई 1260 मीटर है।

बदबू परेशान लोगो मे आक्रोश
स्थानीय धनीराम निर्मलकर, अवतार यादव, मोनू पाल आदि ने कहा कि प्रशासन द्वारा साफ सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं लेकिन सफाई कहीं नहीं है। जिसका खामियाजा लोगों को ही भुगतना पड़ता है। नहर में गंदगी व बदबू इतनी है कि नजदीक रहने वालों का जीना भी मुश्किल है। नागरिकों का कहना है कि बरसों से छोइहाँ नाला नहर में जमा गंदगी से इस कदर बदबू आ रही है कि नहर के आसपास बसी बस्तियों के लोगों को बीमारी होने का भी खतरा बढ़ गया है। साफ सफाई का काम जल्द शुरू होना चाहिए।

राजनीतिक दलों के श्रेय लेने के चक्कर मे सफाई छूटी
लोगों का कहना है कि राजनीतिक दालों के जनप्रतिनिधियों में कोई नहर निर्माण का स्वीकृति कराने तो कोई शासनकाल में नहर बनने का का श्रेय मात्र लेते रहे, लेकिन किसी ने भी नहर की सफाई की ओर ध्यान नहीं दिया। निकाय के अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के भी उदासीनता का परिणाम नगर वासियों को भुगतना पड़ रहा है। नगर में इतने बड़े प्रोजेक्ट का काम होने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।

" नहर की संरचना इस प्रकार बनाई गई है के जेसीबी का अंदर जाना बहुत मुश्किल है। निकाय जो संभव हो सके नहर की सफाई के लिए प्रयास करेगी।"
टीआर चौहान
सीएमओ नगर पंचायत नवागढ़।

 

नवागढ़ / शौर्यपथ / विगत लोकसभा के चुनाव में सीआरपीएफ के सैनिक सुरक्षा और शांति पूर्ण मतदान के लिए नवागढ़ आए थे। जिनकी निगरानी में लोकसभा चुनाव शांति पूर्वक संपन्न हुआ। इन सैनिकों का बुधवार को गुरुकुल विद्यालय में सम्मान किया गया।
   जिसमें शरद चंद्र मिश्रा के साथ यूनिट के 24 जवान अपनी सैनिक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे, जहां विद्यालय परिवार द्वारा उनकी आरती उतारी एवं पुष्प वर्षा की गई। सभी सैनिकों को अपने बीच पाकर बहुत गर्व महसूस कर रहे थे।
  मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु के द्वारा बताई गई प्रत्येक बात हमेशा याद रहती है और उनके द्वारा दिखाए गए रास्ते हमें जीवन में सफल बनाते हैं। प्रत्येक गुरु प्रत्येक छात्र को अच्छा जीवन जीने की शिक्षा देते हैं। हम अपने जीवन में जो भी नाम कमाते हैं वह सब गुरु की शिक्षा से ही संभव है। गुरु के आशीर्वाद के बिना जीवन में कोई भी अच्छा काम नहीं हो सकता, इसलिए हमें सदैव गुरुओं का आशीर्वाद लेते रहना चाहिए।
 उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति से कुछ ना कुछ सीखने को मिलता है इस रूप में हमारे जीवन में कई गुरु मिलते हैं जो हमारे जीवन को दशा और दिशा प्रदान करते हैं उन्होंने विद्यालय परिवार और बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिए।
  कार्यक्रम में उड़ान एकेडमी नवागढ़ के पुलिस व सेना भर्ती की तैयारी के लिए पुलिसकर्मी हीरालाल साहू के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे, ऐसे लगभग 50 प्रशिक्षणार्थी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए और अपने अनुभव सुनाए। उनका जोश और जज्बा या साबित कर रहा था कि इनके बीच से भी देश की सेवा के लिए जवान और पुलिस चयनित होंगे।
  अंत मे विद्यालय के संचालक राजेश धर दीवान ने सभी सैनिकों को विद्यालय की तरफ से स्मृति चिन्ह प्रदान कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मेघा दीवान, योगेंद्र राजपूत, शिवा सिन्हा,हीरु साहू ,लक्ष्मी नारायण सिंह, मनीष साहू, ओमप्रकाश साहू, ललित साहू, योगेश साहू, देवचरण साहू, मिठ्ठू साहू आदि उपस्थित रहे। 

नवागढ़ / शौर्यपथ / भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी विजय बघेल के प्रचार अभियान को गति प्रदान करने भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने इन दिनों नवागढ़ क्षेत्र में महिला वंदन सम्मान समारोह में पहुचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के हित में किए गए कल्याणकारी योजनाओं से मातृशक्ति को अवगत कराते हुए उन्हे सम्मानित करने का कार्य कर रही हैं। इसी परिपेक्ष में शुक्रवार को नवागढ़ विधानसभा अंतर्गत ग्राम मऊ में महिला सम्मान कार्यक्रम आयोजन किया गया। जिसमें महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा सोनी, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रीना साहू एवं महिला मोर्चा जिला महामंत्री मधु रॉय सहित पदाधिकारी शामिल हुई।
दुर्गा सोनी ने कहा कि भाजपा शासनकाल में महिलाये सुरक्षित एवं सम्मानित हुई हैं, अनेक योजनाओ के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिलाओं को लाभान्वित किया हैं। इन लाभान्वित लाभार्थियों के सम्मान के लिए भाजपा गाँव-गाँव में ऐसे सम्मान समारोह आयोजित कर रही है। रीना साहू ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण देकर साबित किया है कि वह उन्हें पूर्ण अधिकार देने की वकालत ही नहीं काम भी करती है।
मधु राय ने कहा कि यह निश्चित हो गया हैं कि नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल भारी मतों से विजयी हो रहे हैं। अब हमे उनके जीत के अंतर को बढ़ाने के लिए मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने हेतु घर-घर संपर्क करके शतप्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त करना हैं।
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष खेमिन साहू, प्रमिला साहू, शीलू साहू, ताराचंद पाल, निर्मल साहू, रमेश निषाद, डेरहु साहू, दिलेश्वर ध्रुव, बसंत साहू, दुर्गेश साहू सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बेमेतरा / शौर्यपथ / बेमेतरा जिले के कठिया ग्राम में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटी जिसमे चार बच्चों एवं पांच महिलाओं की मौत घटना स्थल पर हो गई एवं ग्यारह लोग गम्भीर रूप से घायल है जिनमे कुछ को बेमेतरा जिला अस्पताल में भर्ती किया है कुछ को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भेजा गया है। इस दर्दनाक हादसे पूरा छत्तीसगढ़ में मातम छा गया है। खबर मिलते ही दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र साहु एवं बेमेतरा के पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र  की प्रभारी एवं भिलाई नगर निगम की प्रथम महापौर सुश्री नीता लोधी जिला बेमेतरा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बंशी पटेल बेमेतरा जिला अस्पताल पहुँचकर घायलो का कुशलक्षेम पूछा और घटना देर रात ढाई बजे की बताई जा रही है एवं  गाड़ी में करीब 50 लोग सवार थे। इस दर्दनाक हादसे पर दुख जताते हुए दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेसी प्रत्याशी राजेंद्र साहू ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा यह बहुत दुखदाई घटना है भगवान मृतकों के परिजनों को दुख सहने की सहनशक्ति प्रदान करे।

नवागढ़ / शौर्यपथ / माँ महामाया मन्दिर परिसर में चल रहे श्री शमी गणेश महामाया शारदा पर्यटन समिति के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय चैत्र नवरात्र महोत्सव का आयोजन नवरात्र के छठवें रोज से अष्ठमी तक किया गया। जिसमें माता सेवा, रंगोली एवं माला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही प्रतिदिन शाम को श्रीधाम वृंदावन की भागवताचार्य लक्ष्मी निधि शर्मा के द्वारा प्रवचन दिया गया।
  महोत्सव का उद्घाटन आयोजन समिति के अध्यक्ष विकास धर दीवान के द्वारा किया गया। उन्होंने नवागढ़ के पुरातन इतिहास की जानकारी विस्तार पूर्वक दी औऱ बताया कि किस प्रकार नवागढ़ राजा महाराजा का गढ़ रहा है,हम सभी चाहते है कि नवागढ़ की इस धरोहर को औऱ भी भव्य रुप देते हुए प्रदेश के साथ - साथ राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति मिले। आज समिति द्वारा आयोजित चैत्र नवरात्र महोत्सव एवं शारदीय नवरात्र में महाआरती के कार्यक्रम के दूर-दूर तक चर्चा होती है जो हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने समिति के प्रत्येक आयोजन में प्रतिवर्ष प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगो धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।
  वहीं मंगलवार को महोत्सव के समापन अवसर पर भागवताचार्य लक्ष्मी शर्मा ने कहा कि देवी उपासना के पर्व चैत्र नवरात्र में इस तरह के धार्मिक आयोजन कर हमारी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए श्री शमी गणेश महामाया शारदा पर्यटन समिति द्वारा यह प्रयास सराहनीय है, इस तरह के लगातार आयोजन हरगांव नगर में होते रहने चाहिए ताकि जन-जन तक हमारे तीज - त्यौहारों व संस्कृति का विस्तार हो। समारोह के अंतिम रोज रंगोली, माला व जसगीत सहित अन्य प्रतियोगिता के प्रतिभगियों  का सम्मान किया गया।
  इस दौरान बंशीधर दीवान, नरेंद्र शर्मा, देवादास चतुर्वेदी, मधु रॉय, मिंटू बिसेन, विनोद साहू, हेमकांत यादव, श्रीकांत ठाकुर, गिरेन्द्र महिलांग, रामनाथ योगी, शिव सोनकर, राजेन्द्र मिश्रा, सुरेश निषाद, प्रणय दीवान, कृष्णा ध्रुव, मिथलेश सोनकर, तारकेश्वरी सोनकर, सेवती पुरबिया, विनोद मिश्रा, भागवत सोनकर, राजा,जित्ते सहित नगरवासी उपस्थित रहे।

नवागढ़ / शौर्यपथ /गुरुवार को नगर में ईद का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया गया। ईद मुस्लिम धर्म का सबसे बड़ा पर्व होता है। यह पर्व आपसी भाईचारे का प्रतीक है। लोग इस पर्व में एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद देते है। स्थानीय मस्जिद में नमाज पढ़ने के बाद समाज के लोगों ने एक दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। सुबह से ही समाज के लोग विशेषकर बच्चे और युवा नए वेशभूषा में नजर आए। सुबह वार्ड 07 के मस्जिद में सभी ने एक साथ फजर की नमाज अदा की। इसके बाद सभी मस्जिद में ईद की नमाज के हुए एकजुट हुए। यहां इमाम साहब द्वारा ईद-उल-फितर की नमाज पढ़ाई गई।  इसके बाद ख्वाजा शेख सैफ़ुद्दीन चिश्ती र.अ. के दरगाह एवं कब्रिस्तान में फातिया पढ़ा गया। इसके बाद पूरे दिन रिश्तेदारो और एक दूसरे के घर मिलना और बधाई देने का सिलसिला चलता रहा है।

हाजी उस्मान खान ने बताया कि मक्का से मोहम्मद पैगंबर के प्रवास के बाद पवित्र शहर मदीना में ईद-उल-फितर का उत्सव शुरू हुआ। कहा जाता है कि पैगम्बर हजरत मुहम्मद ने बद्र की लड़ाई में जीत हासिल की थी। इस जीत की खुशी में सभी का मुंह मीठा करवाया गया था। इसी दिन को मीठी ईद या ईद-उल-फितर के रुप में मनाया जाता है। ईद का त्योहार लोग बड़े ही धूमधाम से मनाते हैं। इस दिन हर घर में सेवई बनती है। ईद के चांद के सामने दुआएं पढ़ी जाती हैं। इस खास दिन का हर मुस्लिम को इंतजार रहता है। सभी अपने प्रियजनों से गले लग उन्हें ईद की मुबारकबाद देते हैं। साथ ही पुराने गिले-शिकवे भी मिटा देते हैं।

ईद का त्यौहार बढ़ाता है आपसी भाईचारे की भावना

इमाम सलमान रज़ा ने बताया कि ईद का त्यौहार सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ाता है। यह पर्व अमन-चैन और सौहार्द का संदेश देता है। ईद का त्यौहार साल में रमज़ान के महीने के बाद आता है। इस दिन का मुस्लिम धर्म के लोग बड़ी बेसब्री से इंतजार करते हैं। क्योंकि यह त्यौहार रमजान के पूरे महीने रोजे रखने, अल्लाह की इबादत करने के बाद नसीब होता है।


इन्होंने की नमाज अदा

इस दौरान मुतवल्ली सज्जाक हीरू क़ुरैशी, हनीफ खान, नायब इस्माइल खान, जियाउल खान, जलील खान,जिब्राइल खान, महबूब खान, लतीफ खान,नवाब खान,रसीद खान,रउफ खान, वसीम राजा खान, बशीर खान, यूनुस खान, नजीर बेग, अब्दुल रहमान खान, फिरोज खान,कादर खान, डागा खान,जाहिद अली, जुबेर खान, जुनैद खान,मोहसिन खान, शेखावत अली, शरीफ बेग, हनीफ बेग, रफीक कुरैशी सहित मुस्लिम समाज के सभी लोग शामिल हुए।

हमारा शौर्य

हमारे बारे मे

whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
 
CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
CONTECT NO.  -  8962936808
EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)