September 12, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me
    राजनांदगांव

    राजनांदगांव (1783)

    राजनांदगांव।शौर्यपथ / सेहतमंद जिंदगी के लिए योग सबसे बेहतर माध्यम है, इस सोच के साथ शहर के मनकी स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्वेद कालेज की ओर से सातवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सार्थकता देते हुए योगाभ्यास का आयोजन किया गया। आइडियल रुटीन एंड इंपोर्टेंश ऑफ योगा विषय पर वेबीनार का भी आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न प्रमुख लोगों ने अपने विचार रखे। इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य आयोजक छत्तीसगढ़ आयुर्वेद कालेज की प्राचार्य डा. वर्षा पी. वंजारी ने इस अवसर पर कहा, वर्तमान की व्यस्त जीवनशैली के बीच बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग बेहद आवश्यक है। इसे हर किसी को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। आप पूर्ण रूप से तभी स्वस्थ होते हैं जब सिर्फ शारीरिक रूप से नहीं अपितु मानसिक एवं भावनात्मक रूप से भी स्वस्थ होते हैं। योगाभ्यास पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, पिछले करीब डेढ़ साल से दुनिया भर में कोरोना का कहर जारी है। मेडिकल एक्सपर्ट्स, सरकार, योग गुरु और आयुर्वेद सभी ने इस दौर में लोगों को सुरक्षित रहने के लिए योग करने की सलाह दी है। ऐसे में योग दिवस पर ही नहीं बल्कि नियमित तौर भी लोग अपने घरों में ही प्रतिदिन योगाभ्यास कर सकते हैं। अतिथि वक्ता योगाचार्य लेखुराम ने कहा, शरीर की क्रियाशीलता को बढ़ाने और बेहतर सेहत के लिए योग करना बेहद महत्वपूर्ण है। योग शब्द की उत्पत्ति संस्कृत धातु युज से हुई है जिसका मतलब व्यक्तिगत चेतना होता है। उन्होने कहा, योग करने से स्वास्थ्य लाभ होता है, मानसिक-शारीरिक शक्ति का विकास होता है, शरीर की टूट-फूट से रक्षा होती है तथा शरीर में शुद्धता आती है, इसलिए योग को हर किसी के लिए लाभदायक कहा जाता है। योग का इतिहास 26 हजार साल पुराना है और योग के जनक महर्षि पतंजलि ही हैं जिन्होंने आस्था, धर्म और अंधविश्वास से अलग हटाकर योग की व्याख्या की। इन्हीं सब तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए योग दिवस को वैश्विक तौर पर मनाने की शुरुआत साल 2015 से की गई है। योग और वेबीनार कार्यक्रम को सार्थक बनाने के लिए कॉलेज के समन्वयक डाण्रवींद्र रजनीश और डा. अनिल कुमार पटेल ने इच्छुक लोगों से पंजीयन भी कराए थे, जिसके परिणाम स्वरुप योग दिवस पर कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया। सोशल मीडिया फेसबुक पेज पर भी योग का लाइव सेशन आयोजित किया गया। -------------------

    राजनांदगांव।शौर्यपथ / प्रसव के बाद 45 दिन (6 सप्ताह) तथा जन्म के बाद के प्रथम 42 घंटे और प्रथम सप्ताह को मातृ एवं शिशु के जीवन में बहुत ही महत्वपूर्ण माना गया है, क्योंकि इसी दौरान शिशु और माता को बीमार होने और मृत्यु होने का सबसे ज्यादा खतरा रहता है। लगभग 60 प्रतिशत मातृ मृत्यु इसी समय में होती है, इसको ध्यान में रखते हुए इस अवधि में गर्भवती महिला एवं नवजात का प्रसव पश्चात देखभाल किए जाने हेतु नीरज बनसोड (संचालक स्वास्थ्य सेवाएं) ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया है जिसमें सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को विकासखंड स्तर पर महिला एवं नवजात का विशेष ध्यान रखने को कहा है। जारी पत्र में मितानिन, एएनएम, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (महिला) को गृह भ्रमण के दौरान कुछ विशेष कार्य करने को कहा गया है। साथ ही नवजात और शिशुवती माताओं की देखभाल के लिए एएनएम और मितानिन को चेक लिस्ट भी दी गई है, जिसके आधार पर महिला एवं नवजात की देखभाल भी की जाएगी। घर पर, उपस्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या एफआरयू में प्रसव होने पर कितने अंतराल पर भेंट करनी होगी और बच्चे का वजन 2.5 ग्राम से कम होने पर प्रोटोकॉल के तहत दो अतिरिक्त गृह भेंट करके सेवाएं प्रदान करनी होगी। इसका विवरण पत्र में दिया गया है। प्रथम भेंट में एमसीपी कार्ड में प्रसव की तिथि, प्रसव का स्थान (घर पर या स्वास्थ्य केंद्र), प्रसव जटिलता, शिशु का लिंग और वजन, शिशु जनम के बाद रोया या नहीं, जनम के एक घंटे बाद शिशु को स्तनपान करवाया या नहीं, शिशु को विटामिन ए का टीका दिया गया या नहीं, यह सब जानकारियाँ भरनी होंगी।

    0 हर भेंट पर सलाह

    गृह भेंट के दौरान मितानिन एवं एएनएम को विशेष सलाह भी जच्चा-बच्चा के लिए देना होगा, जैसे बच्चे की देखभाल करते वक्त साफ सफाई रखना, बच्चे को पहला स्नान करने का सुझाव, बच्चे के सिर और पैर को टेंक कर रखना, बच्चे को हर वक्त गर्मी प्रदान किए जाने की विधि बताना, गर्भनाल का विशेष ध्यान रखना, स्तनपान कराने और स्तनपान का निरीक्षण करना आदि शामिल है। लक्षणों के अधार पर बच्चे को अस्पताल रेफर, नवजात शिशु की प्रसव पश्चात जांच किए जाने के दौरान यदि बच्चे द्वारा स्तनपान नहीं किए जाने, बीमार, सुस्त और चिड़चिड़ा होने, स्पर्श करने पर बुखार या ठंडा लगने, शरीर में ऐंठन या जकड़न महसूस होना, मल में खून आना या दस्त होने पर नवजात को फौरन अस्पताल रेफर करने की सलाह भी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा दिया जाना जरूरी होगा

     

    0 गृह भेंट में मिलना है

    गृह भेंट घर पर प्रसव होने पर प्रथम 24 घंटे में, द्वितीय 3 दिन में, तृतीय 7 दिन में, चतुर्थ 21 दिन तथा पंचम भेट 6 हफ्ते में करनी होगी। स्वास्थ्य केन्द्र में प्रसव होने पर 48 घंटे केन्द्र में रखा जाना है। द्वितीय 3 दिन में, तृतीय 7 दिन में, चतुर्थ 21 दिन में तथा पंचम 6 हफ्ते में करनी होगी। बच्चे का वजन 2.5 ग्राम से कम कम होने पर दो अतिरिक्त गृह भेंट यानि छठवीं भेंट प्रसव के 14 दिन के बाद तथा सातवीं भेंट प्रसव के 28 दिन के बाद करनी होगी। 

    राजनांदगांव।शौर्यपथ / जिला कांग्रेस अध्यक्ष पदम सिंह कोठारी ने भूपेश सरकार की ढाई वर्ष की सराहना करते हुए कहा कि जो काम भारतीय जनता पार्टी की रमन सरकार ने 180 माह में नहीं किया उसे कांग्रेस की भूपेश सरकार ने 30 माह में कर दिखाया। कांग्रेस सरकार के 30 माह में जनहित कार्यों का सिलसिला बन पड़ा है। कांग्रेस सरकार ने अपने वादे के अनुरूप सरकार बनते ही कुछ घंटों में किसानों का कर्ज माफ कर दिया था अपने वादों के अनुरूप किसानों को 2500 रुपये प्रति क्विंटल धान का रकम देने के लिए राजीव गांधी न्याय योजना जैसे योजनाओं से किसानों को लाभ पहुंचाने का कार्य किया। छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार ने हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया है। गोधन न्याय योजना जैसे महत्वकांक्षी योजना से राज्य में गोवंश की रक्षा एवं गौपालन को प्रोत्साहित कर जैविक खेती एवं जैविक खाद उत्पादन को बढ़ावा दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी जैसी योजनाओं से पर्यावरण को सुरक्षित करते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाते हुए परंपरागत संसाधनों को संरक्षीत तथा पुनर्जीवित किया। तेंदूपत्ता संग्रहण दर को 2500 रुपये प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 4000 रुपये प्रति मानक बोरा किया है। कोरोना संक्रमण की चुनौती और लॉकडाउन के बावजूद छत्तीसगढ़ में लगातार बेरोजगारी दर को नियंत्रित रखने में सफलता मिली है। सभी गरीब परिवारों को जुलाई से नवंबर तक निशुल्क चावल की व्यवस्था की गई है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा निर्भीक एवं निष्पक्ष पत्रकारिता मे मदद के लिए छत्तीसगढ़ पत्रकार सुरक्षा कानून तैयार करवाया जा रहा है। पत्रकार कल्याण कोष से आर्थिक सहायता की सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 2 लाख किया गया है। इस तरह राज्य में अनेक जनहितेषी कार्य लगातार किए जा रहे हैं छत्तीसगढ़ के लोगों को अपने राज्य के मुखिया पर गर्व है। इसके साथ ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष पदम सिंह कोठारी ने भारतीय जनता पार्टी के बयानवीरो पर सवालिया निशान लगाकर पलटवार करते हुए कहा कि भूपेश सरकार के ढाई वर्ष पर सवाल उठाने वाले भाजपा नेता रमन सिंह के 15 वर्ष के कुशासन पर मौन क्यो थे ? रमन राज में कुशासन का बोलबाला था। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के राज में 15 वर्ष लगातार सिर्फ जनता से छल कर लूटने का कार्य किया गया। आज भारतीय जनता पार्टी के नेता तिलमिला रहे है क्योंकि उन्हें सुशासन पसंद नहीं, पूर्ववर्ती सरकार में कहीं अपराधियों का डर, तो कहीं शासन के लोगों द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। पत्रकारों में भी एक अजीब से खौफ़ का माहौल था। पत्रकार रमन राज मे सुरक्षित महसूस नहीं करते थे। आम जनता को प्रताड़ित किया जाता था, आंख फोडवा कांड, गर्भाशय कांड, मीना खल्को कांड, झलियामारी कांड, गर्भाशय कांड जैसे अनगिनत कांड हुए अपराधियों पर कोई लगाम नहीं था। घोटाले और भ्रष्टाचार की परतें उधड़ने से भाजपा नेता बौखला गये है।

    0 पीडि़त ने कलेक्टर को बताया आप बीती 0


    राजनांदगांव / शौर्यपथ / शिक्षा विभाग में पैसे का लेन-देन कर अपात्र लोगों को अनुकंपा नियुक्ति दिया गया था और इसकी लिखित शिकायत 10 जनू को प्रेमनारायण वर्मा के द्वारा कलेक्टर से किया गया था। श्री वर्मा ने बताया था कि पैसे का लेन-देन सीसीटीवी में भी कैद हो चुका जिसे डीलिट किया जा सकता है, जिसके पश्चात् कलेक्टर ने 11 जून को जिला शिक्षा अधिकारी के कक्ष से डीवीआर जप्त कर लिया था, लेकिन डीवीआर की जांच में पता चला कि डीवीआर से रिकॉडिंग डीलिट हो चुका है, लेकिन किसी पर कोई कार्यवाही नहीं किया गया तब शिकायतकर्ता ने पुन: 18 जून को लिखित शिकायत कर कलेक्टर को बताया कि शिकायत और जांच के पश्चात् जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा गुपचुप रीति से अनुकंपा नियुक्ति आदेश रद्द किया जा रहा है, इससे यह प्रमाणित होता है कि उनकी शिकायत सही था और उन्होंने पुन: जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही और डीवीआर से डीलिटेड फुटेल की रिकव्हरी की मांग किया गया था।
    सोमवार को एक पीडि़त स्वयं अपने परिवार के साथ कलेक्टर के समक्ष उपस्थित हो यह बयान दिया गया कि उनसे एक लाख बीस हजार लेकर अनुकंपा नियुक्ति आदेश 31 मई को जारी किया गया था, जिसे 16 जून को रदद् कर दिया गया। शिक्षा विभाग में पैसे लेकर थोक के भाव में अनुकंपा नियुक्ति दिया गया, जिसको लेकर लगातार शिकायत मिल रही है, लेकिन कलेक्टर ने अब तक इस मामले में किसी पर कोई कार्यवाही नहीं किया गया, जिसको लेकर अब आम जनता में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि नवपदस्थ कलेक्टर पर दबाव है इसलिए मामले को दबाने का प्रयास हो रहा है।
    डीवीआर से डेटा डीलिट हुआ तो प्राथमिकी दर्ज होना था और पैसे लेकर अपात्र लोगों को अनुकंपा नियुक्तियां दिया गया तो दोषियों के खिलाफ निलबंन की कार्यवाही किया जाना था, लेकिन 10 दिन बीत जाने के पश्चात् भी कोई कार्यवाही नहीं किया गया जो समझ से परे है।

    शिक्षा मंत्री का करीबी होने का मिल रहा है लाभ

    जानकार बता रहे है कि जिला शिक्षा अधिकारी हेतराम सोम का शिक्षा मंत्री के साथ करीबी का संबंध है, इसलिए उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं हो सकता है। इससे पूर्व में कई जिलों में उनके खिलाफ आरोप लगे जांच में दोषी पाए जाने के बावजूद उन पर कोई कार्यवाही नही हुआ, सिर्फ स्थानांतरण हो सकता है और मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।

    ० गिरदावरी कार्य में लापरवाही बरतने वाले पटवारी के विरूद्ध कार्रवाई करें
    ० युद्ध स्तर पर समितियों से धान का उठाव करने के दिए निर्देश
    ० कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि कोविड-19 संक्रमण के केस कम हो रहे हैं और राजस्व विभाग के लंबित कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करना है। नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा के प्रकरण के लिए जनसामान्य को भटकना न पड़े। गिरदावरी का कार्य बहुत महत्वपूर्ण है, गिरदावरी के कार्य में लापरवाही बरतने वाले पटवारी के विरूद्ध कार्रवाई करें। उन्होंने सभी एसडीएम एवं तहसीलदार से कहा कि राजस्व अधिकारियों को न्यायालय की शक्तियां प्राप्त हैं, इसलिए कोर्ट में जरूर बैठना चाहिए।
    उन्होंने कहा कि शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी फिल्ड से मिलती है, इसलिए फिल्ड में मुआयना जरूर करें। कलेक्टर ने कहा कि धान का उठाव नहीं करने वाले राईस मिलर्स पर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है, आगे ट्रांसपोटर्स पर भी कार्रवाई की जाएगी। 10 दिन में प्रदेश में सर्वाधिक धान का उठाव 7 लाख क्विंटल धान का उठाव जिले में हुआ है। वहीं 6 लाख क्विंटल धान समितियों में शेष है। युद्ध स्तर पर समितियों से धान का उठाव कराना है।
    कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि कोरोना से सुरक्षित रहने के लिए टीकाकरण बहुत जरूरी है। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि टीकाकरण को बढ़ाने के लिए अभियान चलाये। इसके लिए गांव-गांव में शिविर लगा सकते हैं। जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए अपने अनुविभागों में समीक्षा करें। जीवन दीप समिति से 10-10 लाख रूपए की राशि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को दी जाएगी। जनऔषधि केन्द्रों में दवाईयों की उपलब्धता रहे।
    कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि सभी अधिकारी मुख्यालय में निवास करेंगे। लोक सेवा गारंटी के तहत प्राप्त आवेदन का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें। जाति प्रमाण पत्र, आय, निवास, भुईयां से नकल, कृषि भूमि नामांतरण, विवाह पंजीकरण एवं अन्य राजस्व सेवाओं के प्रभावी निराकरण के लिए कार्य करें, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सकें। सभी एसडीएम से कहा कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल की विश्वस्तरीय अधोसंरचना होनी चाहिए और इसके लिए उत्कृष्ट कार्य करें। यह प्रोजेक्ट जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा से जुड़ा हुआ है, इस पर विशेष ध्यान दें। यहां दी गई राशि का पूर्ण उपयोग करते हुए लाईब्रेरी, लैब एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसमें नवाचार भी करें।
    उन्होंने छुरिया विकासखंड में ऑनलाईन नामांतरण बढ़ाने तथा टेड़ेसरा एवं कुमर्दा में वर्षा मापी यंत्र सुधरवाने के निर्देश दिए। उन्होंने डिजिटल हस्ताक्षरए ई-कोर्ट अंतर्गत राजस्व प्रकरण, डिजिटल हस्ताक्षरित खसरा, ई-कोर्ट अंतर्गत राजस्व प्रकरण के निराकरण, राजस्व न्यायालयों में प्रकरणों की नियमित सुनवाई, अविवादित व विवादित नामांतरण प्रकरणों के निराकरण, अविवादित व विवादित बंटवारा प्रकरण, सीमांकन प्रकरण की समीक्षा करते हुए सभी तहसीलदारों से कहा कि आगे किसी भी तरह की बहानेबाजी नहीं चलेगी और स्थिति में सुधार होना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि भू-अर्जन के मामलों में अवार्ड पारित होने के बाद तुरंत नांमातरण की कार्रवाई करें और रिकार्ड दुरूस्तीकरण करें। उन्होंने कहा कि शिविर लगाकर मुआवजे की राशि का वितरण कर दें।
    कलेक्टर सिन्हा ने मौसम खरीफ ग्राम में गिरदावरी कार्य शत-प्रतिशत किये जाने, नवीन राजस्व ग्राम निर्माण बांधाबाजार, अड़ाम, कुहीकोड़ा, करेलापारा की प्रगति, अनसर्वेड ग्रामों का अभिलेख निर्माण, ऑनलाईन नामांतरण पंजी के तहत ऑनलाईन नामांतरण हेतु प्राप्त आवेदन के निराकरण, दैनिक वर्षा रिपोर्ट एवं वर्षाभापी यंत्र दुरूस्त करने संबंधी, नजूल भू-भाटक की वसूली, अपवर्तन भू-भाटक वसूली, भू-अर्जन प्रकरणों का निराकरण एवं मुआवजा वितरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत प्राप्त आवेदन-पत्रों का निराकरण, बाढ़ आपदा से बचाव हेतु आवश्यक तैयारी, राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत एवं ओलावृष्टि व असामाजिक वर्षा से हुई फसल क्षति का सहायता अनुदान, सड़क दुर्घटना में प्रभावित व्यक्तियों को अनुदान सहायता राशि का भुगतान, मुख्यमंत्री सहायता कोष (कोविड-19) में दी गई राशि का भुगतान संबंधी, वन अधिकार पत्रों की जानकारी, बचे हुए धान का परिवहन, पानी से बचाव एवं उनके रख-रखाव के उपाय, आगामी धान खरीदी हेतु बारदानों की व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्था, खाद, बीज, केसीसी की उपलब्धता, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन के संबंध में समीक्षा की।
    अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने बताया कि कलेक्टर के आदेश से बांधाबाजार, अड़ाम, कुहीकोड़ा एवं करेलापारा को नवीन राजस्व ग्राम निर्माण के लिए भेजा गया है। डिप्टी कलेक्टर श्रीमती लता उर्वशा ने कहा कि गिरदावरी के लिए पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं सचिव मिलकर यह कार्य करेंगे, इसके लिए पहले ही मुनादी कराएं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, संयुक्त कलेक्टर विरेन्द्र सिंह, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे, एसडीएम डोंगरगढ़ अविनाश भोई, एसडीएम डोंगरगांव हितेश पिस्दा, एसडीएम छुईखदान श्रीमती निष्ठा पाण्डेय, एसडीएम खैरागढ़ लवकेश धु्रव, एसडीएम मोहला-मानपुर राहुल रजक, डीपीएम गिरीश कुर्रे, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

    ० योग दिवस विशेषः योग-क्रिया से लाभान्वित लोगों ने साझा किए अनुभव
    ० योग शुरू करने के लिए किसी बीमारी के आने का इंतजार न करें

    राजनांदगांव /शौर्यपथ / बात बमुश्किल 15 मिनट की है। 15 मिनट की नियमित योग-क्रिया से स्वस्थ-सेहतमंद लंबी उम्र के लिए शरीर में नई ऊर्जा और ताजगी लाई जा सकती है। कोरोना संक्रमण के दौर में भी योगाभ्यास के कई फायदे सामने आए हैं और जो लोग योग की बारीकियां या इसके फायदे समझ चुके हैं, उनका यही कहना है कि, योग सबके लिए है। योग कीजिए और फर्क खुद देख लीजिए।
    योग भारत की प्राचीन परंपरा का एक अमूल्य उपहार है। यह दिमाग और शरीर की एकता का प्रतीक है, मनुष्य और प्रकृति के बीच सामंजस्य है, विचार, संयम और पूर्ति प्रदान करने वाला है तथा स्वास्थ्य और भलाई के लिए एक समग्र दृष्टिकोण को भी प्रदान करने वाला है। वर्तमान की बदलती जीवन-शैली में योग एक चेतना बनकर, जलवायु परिवर्तन से निपटने में भी मदद कर सकता है। ऐसे विचारों के साथ हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत 21 जून 2015 से की गई है। कोरोना संक्रमण के खतरे को लेकर एहतियात बरतते हुए योगाभ्यास का आयोजन इस साल भी वर्चुअल ही किया जाएगा। सामूहिक न सही, लोग अपने घर पर ही योग कर सकेंगे।
    योग दिवस विषय पर कोरोना संक्रमण के पश्चात स्वस्थ हो चुके लोगों से बातचीत में यही बाद फिर सामने आई कि, स्वस्थ जीवन-शैली के लिए योग काफी महत्वपूर्ण है। शहर के युवक नीरज चौहान (बदला हुआ नाम) ने बताया, मैं फरवरी में कोरोना पाजिटिव हुआ था, लेकिन स्वस्थ होने के बाद भी शारीरिक कमजोरी थी। ऐसे में डॉक्टर की सलाह पर योग करना शुरू किया और अब नियमित रूप से हर दिन योग करता हूं। नीरज बताते हैं, योग का ही नतीजा है कि मैं अब पहले से काफी स्वस्थ हूं तथा दिनभर तरो-ताजा महसूस करता हूं। योग सभी को करना चाहिए। सुनील उर्वशा (बदला हुआ नाम) लगभग दो माह पहले टायफाइड से पीड़ित थे। उपचार के बाद वह बहुत हद तक स्वस्थ तो हुए, लेकिन शरीर में थकान और दर्द का अनुभव हो ही रहा था। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के दौरान उनके डॉक्टर ने उन्हें नियमित योग करने की भी सलाह दी थी। इस पर उन्होंने योगासन शुरू किया और अब इसका फायदा भी दिखने लगा है। थकान या दर्द की शिकायत अब न के बराबर है।
    सुनील ने बताया, योग के लिए मैं हर दिन बमुश्किल 15 मिनट का समय निकालता हूं और यही 15 मिनट मेरे लिए वरदान साबित हो रहे हैं। शिक्षिका रोशनी देवांगन (बदला हुआ नाम) अप्रैल महीने में कोरोना संक्रमित हो गईं थी तथा उनकी हालत काफी गंभीर थी, लेकिन अब वह स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया, कोरोना से ठीक होने के बाद शरीर में कमजोरी बहुत है। इसमें सुधार के लिए डॉक्टर की सलाह से दवाइयां चल रही हैं तथा हर दिन योगा भी करती हूं। योग को मैंने अब अपनी दिनर्चया में शामिल कर लिया है। लगभग डेढ़ महीने से जारी योग का फायदा मुझे स्पष्ट महसूस होने लगा है। मेरा मानना है कि, योग शुरू करने के लिए किसी बीमारी के आने का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि यह समझना चाहिए कि योग करते रहेंगे तो रोगों से काफी हद तक बच सकते हैं। योग के परिणाम स्वरूप मैं खुद को अब काफी स्वस्थ महसूस कर रही हूं।

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / 18 जून 2021 के सुबह करीबन 9 बजे ग्रामीणों से सूचना प्राप्त हुआ कि बाध नंबर 1 पुल के नाले में जूट की बोरी में कोई चीज भरा हुआ है, जहां से बदबू आ रही है। सूचना पर तत्काल निरीक्षक रामेश्वर देशमुख एवं टीम मौके पर जाकर देखा चेक किया तो एक अज्ञात महिला का शव मिला, जिसे आसपास पता करने पर ग्राम लालपुर थाना खैरागढ़ के मोतीराम गायकवाड द्वारा मृतिका के शव को पहचान कर पहने हुये कपड़े टी-शर्ट लोवर हाथ में लिखे टैटू बाये हाथ में दिल के अंदर अंग्रेजी में आर लिखा हुआ तथा घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर मिले चप्पल से पहचान कर अपनी लड़की श्रीमती रेशमा जोशी पति विक्की जोशी उम्र 25 साल साकिन लालपुर थाना खैरागढ़ जिला राजनांदगांव के रूप में पहचान किये। जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उदेश्य से शव को बोरी में भरकर नाले में फेक दिये हैं। मौके पर मर्ग क्रमांक 0/2021 धारा 174 जाफौ कायम कर जांच में लिया गया।
    मृतिका के शव का पीएम सीएचसी छुईखदान से कराया गया। डॉक्टर से शार्ट पीएम प्राप्त किया। मृतिका के गर्दन पर मौजूद गला घोटने का निशान मौत का तरीका दम घुटने से हत्या होना लेख करने पर प्रथम दृष्टया हत्या का पाये जाने से अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध क्रमांक 139/2021 धारा 302, 201 भादंवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रज्ञा मेश्राम, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खैरागढ़ जीसी पति के मार्गदर्शन मे प्रभारी थाना छुईखदान रामेश्वर देशमुख एवं थाना स्टाफ टीम के संदेही दयाराम साहू निवासी अकरजन थाना खैरागढ़ को थाना लाकर पुछताछ कर मेमोरेण्डम कथन लिया गया।
    मेमोरेण्डम कथन में बताया कि हम दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया और हम दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी था। रेशमा जोशी अपने पत्नि बनाकर रखने के लिये लगातार दबाव बना रही थी, जिस पर मैंने बोला कि मैं शादीशुदा हूं आपको पत्नि नहीं बना सकता। बोलने पर मुझे बदनाम करने की तथा पुलिस में रिपोर्ट करने की बात बोलने लगी, यदि मुझे पैसा नहीं दोगे तो तुम्हें फंसा दंूगी, बोलती थी। 15 जून 2021 को अपने रास्ते से हटाने की उद्देश्य बनाकर अपने घर से जुट के बने बोरा को थैला में लेकर घर से निकला और खैरागढ़ मे रेशमा जोशी को मिलने बोला जो मुझे खैरागढ़ में मिली तब हम दोनों मोटर सायकल बजाज प्लेटिना से मुहडबरी से विक्रमपुर मार्ग निर्माणाधीन पुल के पास गये। रोड से करीबन 75-100 फीट की दूरी के अंदर गये, महुआ झाड के पास शारीरिक संबंध बनाये, उसके बाद मुझे पुनः पत्नि बनाकर रखने की दबाव डालने लगी, तब मंै उसे पहने हुये टी-शर्ट की ऊपर की ओर निकालते हुये चेहरा को टी-शर्ट से पीछे की ओर से गांठ बांध दिया और उसके नाक मुंह को दबाकर कुछ देर रखा, जिसके बाद रेशमा जोशी बेहोश हो गई, तब पहले से रखे अपने पास बोरा में भरकर कुछ ही दूरी पर स्थित नाला जिसमें पानी भरा था फंेक दिया हूं। परेशान होकर रेशमा जोशी की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी के पास से पीड़िता का मोबाईल जप्त किया गया। आरोपी को विविधत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय ज्युडिशियल रिमांड पर भेजा गया।
    उपरोक्त कार्यवाही में उप निरीक्षक विमल लावनिया, सउनि नरेन्द्र गहिने ,सउनि ज्ञानसिंह कोरेटी, प्रधान आरक्षक नंदकिशोर वैष्णव, प्रधान आरक्षक रूपेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक सुरेश कुमार वर्मा, महिला प्रधान आरक्षक शिमला उसारे, आरक्षक प्रवीण मेज्ञाम, आरक्षक प्रदीप यादव, आरक्षक छत्रपाल पैकरा, आरक्षक उदयशंकर बरेट, आरक्षक जितेन्द्र वर्मा, आरक्षक डामेन्द्र सिंह, आरक्षक सुशील साय पैकरा, आरक्षक किशोर मार्बल, आरक्षक शंकर मरकाम, आरक्षक विकास राजपूत, चालक आरक्षक भूषण चन्द्रवंशी की महत्वपुर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / राहुल-प्रियंका गांधी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम विश्वकर्मा एवं राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गोलू नायक के नेतृत्व में राहुल गांधी की जन्मदिन बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान विश्वकर्मा द्वारा केक काटकर सभी लोगों का मुंह मीठा कराया गया। राहुल-प्रियंका गांधी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम विश्वकर्मा ने कहा कि कहा जनसेवा कांग्रेस की पहचान है। आजादी की लड़ाई से लेकर आज तक कांग्रेस ने जनहित के लिए कार्य किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सेवा की इस परंपरा को कायम रखा हैए वह हर मोर्चे पर जनता के लिए संघर्ष व लड़ाई लड़ते हैं।
    राहुल गांधी के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आनंद मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष पादुमन नेताम, युवा प्रदेश अध्यक्ष भारत टंडन, जिलाध्यक्ष (रायपुर) राजेन्द्र सिंह परिहार व अन्य प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस उपलक्ष्य पर जिला उपाध्यक्ष (राजनांदगांव) नर बहादुर सिंह, कांग्रेस नेता बंटी रामटेके, कांग्रेस नेता खिलेश बंजारे, प्रदेश सचिव नर सिंह साहू, प्रदेश सचिव आशीष बाजपेई, देवेश वैष्णव, दिनेश विश्वकर्मा, प्रवीण यदु, धमेंद्र, सुनील, रजनीश, निरंजन शर्मा, रमेश कौशिक एवं राजनांदगांव जिले के समस्त कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस उपलक्ष्य पर सभी लोगों ने राहुल गांधी के उज्जवल भविष्य के लिए एवं उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए कामना की एवं उनके मार्गदर्शन पर कांग्रेस पार्टी को और निरंतर मजबूत करने का प्रण लिया।

    राजनांदगांव । शौर्यपथ / ग्राम डिलापहरी में 19 जून दिन शनिवार को गांव की लोगों के द्वारा कलर चौक शिव मंदिर तालाब के पास वृक्षारोपण किया गया। घनश्याम पाटल ने बताया कि गांव को हरा भरा रखने के उद्देश्य को लेकर गांव के लड़कों से मिलकर वृक्षारोपण किया गया।जिसमें मुख्य रुप से गुलमोहर, नीम, बरगद आदि फलदार व छायादार पौधे लगाए गए। वृक्षारोपण के दौरान मुख्य रूप से घनश्याम पाटल के साथ बीकेस्वर यादव, निर्मल यादव, रितेश यादव, महेश वर्मा सहित ग्रामीण लोग उपस्थित थे।

    राजनांदगांव।शौर्यपथ / प्रोफेशनल कांग्रेस राजनांदगांव चैप्टर के सदस्यों द्वारा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद राहुल गांधी के जन्म दिवस के अवसर पर राजनंदगांव शहरी क्षेत्र के लगभग 1000 नागरिकों को मास्क का वितरण किया गया जिनमे सब्जी मंडी में 300, बसंतपुर से ममता नगर के बीच 300, पुराना बस स्टैंड चौक में 100 एवं रेलवे स्टेशन राजनांदगांव के गोदाम में कार्यरत श्रमिकों के समक्ष 300 मास्क वितरण किया गया एवं श्रमिकों को मिष्ठान भी वितरित किया गया। उपरोक्त कार्यक्रम के दौरान प्रणव दास वैष्णव ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि आप सभी घर से निकलने पर निरंतर मास्क का उपयोग करें। अभी कोरोना पूरी तरह से ख़त्म नहीं हुआ है, सावधानी बरतना आवश्यक हैं । प्रोफेशनल कांग्रेस राजनांदगांव के सदस्य अमित नामदेव एवं सौरभ तिवारी द्वारा नागरिकों से अपील की गयी कि अन्य नागरिकों भी को मास्क पहनने के लिए प्रेरित करें और जरूरतमंदों को मास्क वितरित करने का कार्य करें। ज्ञात हो की प्रदेश अध्यक्ष क्षितिज विजय चंद्राकर द्वारा डेनेक्स ब्रांड (दंतेवाड़ा नेक्स्ट) के माध्यम से मास्क का निर्माण कराया गया था। उपरोक्त जानकारी ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस राजनांदगांव चैप्टर के मीडिया समन्वयक अमित नामदेव द्वारा दी गई।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision