September 22, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / कलेक्टर यशवंत कुमार के मार्गनिर्देशन में जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा और राजपत्रित अधिकारी संघ के तत्वावधान में अंतर्विभागीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन जांजगीर के हाई स्कूल क्रमांक-1 के मैदान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन जिला प्रशासन/राजस्व विभाग-महिला एवं बाल विकास, उच्च शिक्षा विभाग- पीडब्ल्यूडी और सूचना एवं प्रौद्योगिकी-विद्युत विभाग के बीच कुल मैच खेले गए।
    पहला मैच जिला प्रशासन/राजस्व विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के मध्य खेला गया। इस मैच में जिला प्रशासन ने 27 रनों से विजय हासिल की। कलेक्टर यशवंत कुमार की कप्तानी में राजस्व विभाग की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 117 रन बनाकर महिला बाल विकास विभाग के सामने जीत के लिए 118 रनों का लक्ष्य दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम पूरे विकेट खोकर 90 रन ही बना पाई। इस मैच में राजस्व विभाग की टीम के श्री संदीप साय को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया।
    दूसरा मैच उच्च शिक्षा विभाग और लोक निर्माण विभाग के बीच खेला गया। इस मैच में उच्च शिक्षा विभाग की टीम 47 रनों से विजयी रही। उच्च शिक्षा विभाग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 140 रन बनाए। लोक निर्माण विभाग की टीम मात्र 96 रन ही बना पाई। इस मैच में उच्च शिक्षा विभाग के श्री एस राठौर को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
    तीसरा मैच सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग और विद्युत विभाग के मध्य खेला गया। विद्युत विभाग की टीम ने टास जीतकर सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग की टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन बनाए। विद्युत विभाग की टीम मात्र 83 रन बना सकी। इस प्रकार सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग की टीम 45 रनों से विजयी रही। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अनिल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
    04 मार्च को होगे 02 मैच-
    प्रतियोगिता के पांचवें दिन गुरूवार चार मार्च को 02 मैच खेले जाएगे। पहला मैच पुलिस और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और दूसरा मैच कृषि और खाद्य विभाग के बीच खेला जाएगा।

    जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ /आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति जवाहर उत्कर्ष योजना वर्ष 2021-22 के तहत प्रवेश चयन परीक्षा 7 मार्च को दोपहर 12 बजे से जांजगीर के शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला में आयोजित की जाएगी। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि परीक्षार्थियों को 1 घंटे पूर्व परीक्षा केन्द्र में उपस्थित होने कहा गया है। पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र रोल नंबर आवंटित किया जाएगा।जिन छात्र-छात्राओं द्वारा पालक की सहमति, आयकर दाता नहीं होने का प्रमाण पत्र जमा नहीं किया है वे परीक्षा के पूर्व जमा कर सकते हैं। जिनके पालक आयकर आता है उन्हें परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा। जिन छात्र-छात्राओं द्वारा कक्षा चौथी की अंकसूची जमा नहीं किया है, उन्हें परीक्षा के पूर्व अनिवार्य रूप से अंकसूची की छाया प्रति जमा करनी होगी। परीक्षा केंद्र परिसर में कोविड-19 प्रोटोकॉल के निर्देशों का पालन करना होगा।

    जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / कोविड-19, के संक्रमण से बचाव और सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन द्वारा संपूर्ण जिले में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। 2 मार्च तक जिले में ऐसे 11 हजार 355 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 लाख 85 हजार 365 रूपए का जुर्माना लगाया गया है।
    प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका जांजगीर-नैला में अबतक 1 लाख 60 हजर 100 रूपये, चांपा में 72 हजार 700 रूपये, अकलतरा में 54 हजार 100 रूपये और सक्ती में 82 हजार 100 रूपये जुर्माने के रूप में वसूल किया गया है। इसी प्रकार नगर पंचायत नवागढ़ में 78 हजार 600 रूपये, शिवरीनारायण में 1 लाख 24 हजार 650 रूपये, बलौदा में 42 हजार 40 रूपये, सारागांव में 40 हजार 45 रूपये, बाराद्वार में 66 हजार रूपये, जैजैपुर में 42 हजार 50 रूपये, अड़भार में 55 हजार 750 रूपये, नगर पंचायत डभरा में 96 हजार 300 रूपये, चन्द्रपुर में 1 लाख 310 रूपये, राहौद में 79 हजार रूपये 100 और खरौद में 91 हजार 520 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है।

    जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / कलेक्टर यशवंत कुमार ने आज जिला कार्यालय में खण्डचिकित्सा अधिकारी, जनपद के सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ की संयुक्त बैठक लेकर कोविड-19, टीकाकरण की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार टीकाकरण केन्द्रों में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में 04 मार्च से और जिले के 35 टीकाकरण केन्द्रों में 05 मार्च से टीका लगाया जाएगा। पूर्व से संचालित जांजगीर के जिला अस्पताल, अर्बन पीएचसीच और नैला मिडिल स्कूल में टीकाकरण जारी रहेगा। सरकार के निर्देशानुसार 60 वर्ष या 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों तथा विशेष बीमारियों के साथ 45 से 59 वर्ष के आयु वर्ग में आने वाले व्यक्तियों को टीका लगाया जाएगा।
    कलेक्टर ने कहा कि टीकाकरण में राजस्व, नगरीय निकाय, पंचायत एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से हितग्राहियों का चिन्हाकंन किया जाएगा। इस कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाएगा। प्रत्येक केन्द्र में प्रतिदिन 100 हितग्राहियों को टीका लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए डेढ़ सौ से अधिक हितग्राहियों को टीका लगाने के लिए प्रेरित कर पंजीयन कराना होगा।
    कलेक्टर ने सभी बीएमओ से कहा कि टीकाकरण केन्द्र से कोई भी पात्र हितग्राही बिना टीका लगाए वापस नही होना चाहिए, यह सुनिश्चित करें। लक्ष्य से अधिक पात्र हितग्राहियो को भी टीका लगा सकते है। सभी टीकाकरण केन्द्र सुबह 09 बजे से प्रारंभ होगे। केन्द्रों में स्पाट पंजीयन की सुविधा होगी। हितग्राहियों को आधार कार्ड के साथ उपस्थित होना होगा। आधार कार्ड नही होने पर अन्य फोटो युक्त परिचय पत्र ला सकते है। मोबाईल नंबर की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। इसके लिए एक दिन पूर्व स्थानीय स्तर पर मुनादी करवाई जाय। मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जिम्मदारी है कि वे पात्र हितग्राहियों को टीकाकरण केन्द्र तक लाएं। टीकाकरण केन्द्र में सभी अधिकारी-कर्मचारी समय पर उपस्थित रहें।
    निजी अस्पतालों में सप्ताह के सात दिन 24 घंटे टीकाकरण की सुविधा-
    सरकारी अस्पतालों में कोविड का टीकाकरण निःशुल्क होगा । निजी अस्पतालों में प्रतिव्यक्ति प्रतिडोज 250 शुल्क देना होगा। जिसमें 100 रूपए सर्विस शुल्क व 150 रूपए वैक्सीन शुल्क शामिल है। निजी अस्पतालों में साप्ताह के सभी सात दिन 24 घंटे टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
    प्रथम चरण में छुटे अधिकारियों कर्मचारियों को भी लगेगा टीका -
    प्रथम चरण के छुटे अधिकारियों, कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए विभागीय परिचय पत्र के साथ बिना पूर्व पंजीयन के उपस्थित हो सकते है। टीकाकरण केन्द्र में स्पाट पंजीयन कराकर टीका लगवा सकेंगे।
    बैठक में सीएमएचओं डाॅ एस आर बंजारे, टीकाकरण के जिला नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर श्री करूण डहरिया, सहायक नोडल अधिकारी डाॅ पुष्पेन्द्र लहरें, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती प्रीति खोखर चखियार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
    क्रमांक//फोटो

    आशीष तिवारी शौर्यपथ रायपुर
    रायपुर / शौर्यपथ / युवा काँग्रेस नेता एवं डॉ. विपिन बिहारी सुर वार्ड के छाया पार्षद नोहर साहू ने छत्तीसगढ़ राज्य के बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपना तीसरा बजट प्रस्तुत करते हुए ये साबित कर दिया है कि गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की परिकल्पना जो मुख्यमंत्री ने 2 वर्ष पूर्व रखी थी वो साकार हो रहा है।
    बजट में शहरी भूमि पर काबिज गरीबों को पट्टा दिए जाने का निर्णय, गरीब हितैषी सरकार का जीवंत प्रमाण है, बजट प्रदेश के सर्वहारा वर्ग के उत्थान को समर्पित है। युवा काँग्रेस नेता नोहर साहू ने कहा कि, स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव जी का मार्गदर्शन प्रदेशहीत की दूरगामी सोच रखने वाले हैं।
    छत्तीसगढ़ उत्पादक राज्य है, संभावनाओं का प्रदेश है जिसे बेहतर रूप से संवारने का कार्य किया जा रहा है, आज उसी का प्रमाण है कि कोरोनाकाल से उपजे हालातों एवं देश के आर्थिक मंदी के बावजूद छत्तीसगढ़ राज्य ने 2 वर्ष में अपने जनहितकारी योजनाओं के चलते आर्थिक तौर पर भी मजबूती से खड़ी हुई है।

    जांजगीर - चांपा / शौर्यपथ / जिला धोबी समाज का विवाह योग्य बेटा बेटी परिचय सम्मेलन आरक्षण संघर्ष समिति का विस्तार 5 मार्च को जान्जगीर में दोपहर 1:00 बजे से आयोजित है समाज के प्रवक्ता शिव निर्मलकर ने बताया इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में समाज के प्रदेश अध्यक्ष सूरज निर्मलकर आ रहे हैं
    सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विजय बरेठ करेंगे स्वागत समिति के संयोजक जिला युवा अध्यक्ष ललित बरेठ को बनाया गया है सम्मेलन में समाज के लिए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान धोबी समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने के लिए बनाई गई आरक्षण संघर्ष समिति का जिले में विस्तार किया जाएगा कार्यक्रम की तैयारी में आज एक बैठक जान्जगीर में हुई जिसमें जिलाध्यक्ष विजय बरेट ने कहा प्रदेश अध्यक्ष श्री सूरज निर्मलकर द्वारा चलाए जा रहे जागरण अभियान और सरकार के समक्ष समाज के से समय-समय पर रखा गया जिसका परिणाम है छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा अपने बजट अभिभाषण जो विधानसभा में दिया गया है जिसमें धोबी समाज के उत्थान के लिए रजक कल्याण बोर्ड के गठन के लिए प्रावधान किया गया यह समाज के लिए ऐतिहासिक और स्वर्णिम अवसर है इस आयोजन को लेकर जिले के समाज जनों में जबरदस्त उत्साह है और सभी सो जाती बंधु आपसी मनमुटाव फिरका परस्ती को किनारे कर के इस आयोजन में शामिल हों सम्मेलन में जिले के विवाह योग्य बेटा बेटी को साथ लेकर के परिचय देने के लिए पहुंचे अगर रिश्तेदार होते हैं और दोनों पक्ष में आम सहमति बन गई तो चट मंगनी पट ब्याह भी कर सकते हैं

    ‘गांव में लगे सूचना शिविर से प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी मिल रही है। मेहनतकश किसान जहां एक ओर कर्जमाफी से उबरकर अपने हितों की चिंता कर पा रहे हैं वहीं गोधन न्याय योजना गांव व गरीब लोगों में पहुंच बनाकर स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने में कामयाब रही है।‘ उक्त बातें ग्राम पंचायत देवपुर के सरपंच श्री चेतनलाल यदु ने कही। जनसम्पर्क विभाग द्वारा आज धमतरी विकासखण्ड की ग्राम पंचायत देवपुर में आयोजित साप्ताहिक हाट-बाजार के अवसर पर प्रदेश सरकार के विगत दो वर्षों की उपलब्धियों एवं विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी सह सूचना शिविर आयोजित किया गया, जहां ग्रामीणों को निःशुल्क पत्र-पत्रिकाएं व पुस्तिकाएं भी बांटी गईं।
    प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद ग्राम देवपुर की श्रीमती सीताबाई साहू ने कहा कि पिछले एक साल से कोरोना महामारी के संकट के दौरान भी मनरेगा के जरिए ग्रामीणों को रोजगार दिलाया और सबसे अच्छी बात यह रही कि धमतरी जिले में सबसे ज्यादा मानव श्रम सृजित हुआ, इसके लिए जिला प्रशासन बधाई का पात्र है। पंच श्री अमरसिंह साहू ने कहा कि सूचना शिविर से सरकार के लोकहित के कामों का पता चल रहा है। उन्होंने नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी योजना को गांव की उन्नति का वास्तविक आधार बताया। श्री आशाराम देवांगन ने किसानों की कर्जमाफी को सबसे अधिक राहत देने वाली योजना बताया। सुरजी बाई ने छायाचित्रों का अवलोकन कर कहा कि वह ज्यादा पढ़ी-लिखी तो नहीं है, लेकिन छायाचित्र के माध्यम से सरकार के कामकाज का आसानी से पता चल रहा है। इसी तरह श्री गजानंद साहू, श्री जयप्रकाश साहू तथा मनीराम साहू ने कहा कि ऐसे शिविरों के जरिए शासन की योजनाओं और सकारात्मक कामों का पता चलता है, इसलिए समय-समय पर शिविर जरूर लगाया जाना चाहिए। इसके अलावा साप्ताहिक बाजार में खरीदी करने आए अनेक ग्रामीणों ने भी न सिर्फ प्रदर्शनी का अवलोकन किया, अपितु शासन की फ्लैगशिप योजनाओं पर आधारित पुस्तकें एवं ब्रोशर भी निःशुल्क प्राप्त किए।

    धमतरी। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 में अब तक 68 लाख से अधिक मानव दिवस सृजित किए गए हैं। योजना शुरू होने से अब तक की यह सबसे बड़ी उपलब्धि है। गौरतलब है कि जिले में वित्तीय वर्ष 2020-21 में 85 लाख मानव दिवस सृजित करने के लक्ष्य के विरूद्ध अब तक 68.08 लाख मानव दिवस सृजित किए गए हैं। औसतन 50 लाख मानव दिवस सृजन के लक्ष्य को पार करते हुए यह आंकड़ा 68 लाख के ऊपर पहुंच गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि कलेक्टर श्री जय प्रकाश मौर्य के मार्गदर्शन में चालू वित्तीय वर्ष में अब तक एक लाख 39 हजार परिवारों को रोजगार प्रदाय किया गया है। उल्लेखनीय है कि जिले में मनरेगा के तहत एक लाख 59 हजार परिवार पंजीकृत हैं। पंजीकृत परिवार में से एक लाख 47 हजार 812 परिवार रोजगार मूलक कार्यों में सक्रिय हैं। इसके अलावा 14 हजार 102 परिवार को सौ दिवस का रोजगार मिला है तथा 944 दिव्यांगों ने 20,090 मानव दिवस सृजित किए हैं।
    जिले में चालू वित्तीय वर्ष में 237 करोड़ रूपये के कार्यों की स्वीकृति मिली है। इसमें से अब तक 163 करोड़ रूपए व्यय किये जा चुके हैं। जिसमें से 129 करोड़ 61 लाख रूपए से अधिक मजदूरी और 26 करोड़ 71 लाख रूपए से अधिक सामग्री में व्यय किए गए हैं। मुख्य रूप से इस वित्तीय वर्ष में वनाधिकार पट्टाधारी लगभग चार हजार परिवारों को भूमि सुधार एवं डबरी निर्माण कार्य से लाभान्वित किया गया है। साथ ही नवगठित 15 ग्राम पंचायतों में नए पंचायत भवनों का निर्माण कराया गया है, वहीं 225 ग्राम पंचायतों में नवीन गौठानों की स्वीकृति के अलावा 54 सहकारी समितियों में 333 नग धान चबूतरा के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए। इसी तरह ढाई सौ ग्राम पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन एवं मनरेगा के अभिसरण से सामुदायिक शौचालय निर्माण का कार्य स्वीकृत किया गया तथा नरवा परियोजना के तहत 21 नालों का उपचार का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही छः ग्राम पंचायतों में वनाधिकार पट्टाधारी परिवारों के निजी भूमि विकास सहित वृक्षारोपण के कार्य डी.एम.एफ. एवं मनरेगा के अभिसरण से कराये गए। जिले में सामुदायिक वृक्षारोपण के तहत 300 एकड़ भूमि में ब्लाॅक प्लांटेशन का कार्य किया गया तथा ग्राम पंचायत स्तर पर जल संरक्षण के लिए डबरी निर्माण, तालाब निर्माण एवं गहरीकरण के कार्य कराये गए।
    इसी तरह गौठान परियोजना के तहत ग्राम पंचायत भटगांव में लेमनग्रास उत्पादन के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना से ढाई लाख रूपये की स्वीकृति दी गई। बताया गया है कि शासन की गाईडलाइन अनुसार चरणबद्ध तरीके से योजना के तहत प्राथमिकता से कार्य कराये जा रहे हैं। जिले में प्रति दिवस 59 हजार 123 श्रमिक मनरेगा के तहत नियोजित हैं। इससे श्रमिकों के आर्थिक विकास में सहयोग मिल रहा है। जिले में श्रमिकों में जागरूकता लाने की दृष्टि से माह के प्रत्येक सात तारीख को रोजगार दिवस का आयोजन कर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। योजनांतर्गत रोजगार दिवस के दिन श्रमिकों से काम की मांग प्राप्त करने एवं योजना प्रचार-प्रसार करने तथा योजनांतर्गत छूटे परिवारों का पंजीयन एवं पंजीकृत परिवारों द्वारा काम की मांग पर कार्यवाही एवं क्रियान्वयन करने के निर्देश पंचायतों को दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि कोविड 19 की अवधि के दौरान सभी ग्राम पंचायतों में सोशल डिस्टेंस के साथ मनरेगा के तहत कार्य शुरू किए गए।

    पुलिस अधीक्षक श्री बी. पी. राजभानु ने यातायात के बढ़ते दबाव और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु सड़क सुरक्षा माह के दौरान जन जागरूकता अभियान के तहत वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देकर उसका पालन करने समझाइश दिये जाने निर्देशित किया गया। साथ ही हाईवे पेट्रोलिंग द्वारा सतत पेट्रोलिंग करते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों एवं जरूरतमंदों की आवश्यक सहयोग किया जा रहा है। फिर भी कुछेक वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।

    पुलिस अधीक्षक महोदय ने यातायात पुलिस के अधिकारी व कर्मचारियों को अनुशासित रहने तथा अपने निर्धारित ड्यूटी पॉइंट पर सजगता से ड्यूटी करते हुए सुचारू रूप से यातायात का संचालन करने तथा अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करने निर्देशित किया गया।

    उक्त निर्देश के परिपालन एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्रीमती सारिका वैद्य के दिशा निर्देश में यातायात प्रभारी श्री गगन बाजपेई द्वारा परिवहन विभाग धमतरी से समन्वय स्थापित कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

    इस अभियान के तहत आज यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा में श्यामतराई में वाहन चेकिंग किया जा रहा है। जिसमें तकनीकी संसाधनों-स्पीड राडार, ब्रीथ एनालाइजर, एल्कोमीटर आदि का उपयोग करते हुए चेकिंग की जा रही है। साथ ही बिना हेलमेट, तीन सवारी, बिना सीट बेल्ट, बिना नंबर प्लेट, ओव्हरलोड, प्रेशर हॉर्न के उपयोग एवं नो पार्किंग पर कार्यवाही की जा रही है। अब तक 45 वाहन चालकों को नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है।

    उक्त कार्यवाही में यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री गगन बाजपेई अपने यातायात स्टाफ के साथ एवं जिला परिवहन अधिकारी श्री गौरव साहू परिवहन विभाग के निरीक्षक श्री ध्रुव व स्टाफ सम्मिलित रहें।

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision