
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रशाद योजना के अंतर्गत भूमिपूजन कार्यक्रम में कहा प्रशाद योजना से डोंगरगढ़ में पर्यटन विकास की नई संभावनाओं की होगी शुरूआत, वर्चुअल माध्यम से जुड़े मुख्यमंत्री, केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े
डोंगरगढ़ के विकास में आज प्रशाद योजना के रूप में की गई महत्वपूर्ण पहल
43 करोड़ 33 लाख रूपए की राशि से डोंगरगढ़ में और भी निखरेगी धार्मिक पर्यटन की तस्वीर
श्रीयंत्र के आकार का पिलग्रिम फैसिलिटेशन सेंटर बनेगा
डोंगरगढ़ में ध्यान केंद्र, कैफेटेरिया, लैंडस्केपिंग आदि सुविधा आरंभ होगी, पर्यटन के विकास में मील का पत्थर होगी योजना
राजनांदगांव / शौर्यपथ / माँ बम्लेश्वरी के नाम से दुनिया भर में प्रसिद्ध डोंगरगढ़ के पर्यटन विकास की दिशा में आज प्रशाद योजना के रूप में बड़ी शुरूआत हुई। यहां 43 करोड़ 33 लाख रुपए की राशि से पर्यटन विकास की शुरूआत की जाएगी। इसमें श्री यंत्र के आकार का पिलग्रिम फैसिलिटेशन सेंटर के निर्माण के साथ ही प्रज्ञागिरी पहाड़ी पर ध्यान केंद्र और अन्य सुविधाएं आरंभ की जाएंगी।
इस मौके पर वर्चुअल माध्यम से जुड़े मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि वर्ष 2018 से प्रशाद योजना के अंतर्गत डोंगरगढ़ को लाने की प्रक्रिया चली थी और आज इसे पूर्णता मिली। इसमें सांसद, पर्यटन मंत्री और केंद्रीय पर्यटन मंत्री सहित इससे जुड़े सभी लोगों की मेहनत है। डोंगरगढ़ हिंदू, जैन और बौद्ध धर्म की आस्था का केंद्र है। चैत्र और शारदेय नवरात्रि में हर दिन हजारों लोगों की भीड़ यहां जुटती है। साल भर में लगभग 50 लाख लोग यहां जुटते हैं और माता का आशीर्वाद लेते हैं। प्रशाद योजना से इन पर्यटकों के लिए सुविधाएं और बढ़ेंगी। इस योजना से यहां पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिसका लाभ स्थानीय लोगों को होगा। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की प्रशंसा करते हुए कहा कि पर्वों में कितने सारे लोग यहां ठहरते हैं और आप सभी लोग उन्हें इतने स्नेह और आदर-सत्कार से ठहराते हैं। इसके लिए आपको साधुवाद हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में इस योजना से अमरकंटक को भी शामिल किया गया है। जिस तरह से लोग नर्मदा परिक्रमा करते हैं, उसी प्रकार लोग अमरकंटक परिक्रमा करते हैं। अमरकंटक में छत्तीसगढ़ के अधिकतर श्रद्धालु आते हैं और परिक्रमा का आधा क्षेत्र छत्तीसगढ़ में पड़ता है। यदि इस क्षेत्र के विकास के लिए भी केन्द्र द्वारा भी कोई योजना बनाई जाए तो अमरकंटक में पर्यटन संभावनाओं में और वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 में अलग-अलग योजनाओं के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने 80 करोड़ रूपए दिये थे। इस बार प्रशाद योजना के माध्यम से बड़ी राशि मिली है, जिससे डोंगरगढ़ में पर्यटन विकास का इजाफा होगा। छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं, इस दिशा में जितना काम होगा, पर्यटन में उतनी ही वृद्धि होगी।
इस मौके पर वर्चुअल माध्यम से जुड़े केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सरकार श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि अविभाजित मध्यप्रदेश के दिनों में मैं डोंगरगढ़ नवरात्रि पर आया था और मेरी धार्मिक स्मृतियां और श्रद्धा इस तीर्थ स्थल से जुड़ी है। यह स्थल सनातन, बौद्ध और जैन मान्यताओं का प्रमुख स्थल है। यह भारत की सांस्कृतिक विविधता दर्शाता है। इस क्षेत्र में पर्यटन की बड़ी संभावना है। प्रशाद योजना से डोंगरगढ़ के पर्यटन विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने कहा कि इन पर्यटक केंद्रों में बुनियादी सुविधाएं और सौंदर्यीकरण के जितने कार्य होंगे, यहां के विकास के लिए उतनी ही संभावनाएं बढ़ेंगी।
इस मौके पर गृह एवं पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद पर्यटन को आगे करने के लिए हमने विशेष रणनीति बनाई। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने मुझे पर्यटन को आगे की जिम्मेदारी दी। मैं केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल से मिला और उन्होंने आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन को आगे ले जाएंगे। आप जो प्रस्ताव बनाएंगे, छत्तीसगढ़ के विकास के लिए किसी तरह की कमी नहीं होगी। प्रशाद योजना में शामिल करने के लिए मैं पटेल को धन्यवाद देता हूं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पर्यटन को विकसित करने की जिस तरह से सोच है उसके मुताबिक हम लोग काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने जिस उदारता से हमारे पर्यटक स्थलों को बढ़ाने के लिए जो सहयोग दिया है, उससे हम काफी अच्छा कार्य कर रहे हैं। सांसद संतोष पांडेय ने इस अवसर पर कहा कि प्रशाद योजना तीर्थस्थलों में अधोसंरचना सुधार के लिए लाई गई है। इस योजना के माध्यम से पर्यटन में अभिवृद्धि होगी। माँ बम्लेश्वरी के साथ ही चंद्रगिरी और प्रज्ञागिरी के तीर्थ के रूप में भी यह क्षेत्र प्रसिद्ध है। प्रशाद योजना से इसके विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण एवं विधायक डोंगरगढ़ भुनेश्वर बघेल, विधायक खुज्जी श्रीमती छन्नी साहू, छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष धनेश पाटिला, नगर पालिका डोंगरगढ़ अध्यक्ष सुदेश मेश्राम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। इसके साथ ही प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ टूरिज्म श्रीमती रानू साहू, कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा, पुलिस अधीक्षक डी श्रवण, जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत, माँ बम्लेश्वरी देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष नारायण लाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष रघुवर प्रसाद अग्रवाल एवं सदस्य नवनीत तिवारी, बिरधीचन्द भंडारी, गोविंद चोपड़ा, सुभाष अग्रवाल, विनोद तिवारी, संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
क्या है प्रशाद योजना-
प्रशाद योजना भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय की योजना है। पिलग्रिमेज रिज्यूवेनेशन एंड स्पिरिच्युअल हेरिटेज आगमेंटेशन ड्राइव के रूप में जानी जाने वाली इस योजना से देश भर में 31 तीर्थस्थलों को विकसित किया जा रहा है।
डोंगरगढ़ में ये होगा विकसित-
डोंगरगढ़ में साढ़े नौ एकड़ भूमि में पिलग्रिम फैसिलिटेशन सेंटर बनेगा। यह श्रीयंत्र के आकार का होगा। यहां ध्यान केंद्र, विश्राम कक्ष, प्रसाद कक्ष, सांस्कृतिक मंच, क्लाक रूम, सत्संग कक्ष, प्रदर्शनी गैलरी, लैंडस्केपिंग, सोलर लाइटिंग, पेयजल आदि बुनियादी सुविधाएं होंगी। इस निर्माण के अलावा माँ के मंदिर की पहाडिय़ों पर सीढिय़ों का जीर्णोद्धार, रेलिंग, शेड, पेयजल सुविधाए पगोड़ा, सोलर लाइटिंग, सीसीटीवी, तालाब सौंदर्यीकरण, बायोटायलेट, मेडिकल रूम, साइनेज आदि बनेंगे। प्रज्ञागिरी पहाड़ी में ध्यान केंद्र, कैफेटेरिया, पार्किंग, सीढिय़ों का जीर्णोद्धार, सोलर प्रकाशीकरण, पेयजल और साइनेज की सुविधा प्रदान की जाएगी।
नवागढ़/बेमेतरा / शौर्यपथ / मंगलवार की सुबह दर्दनाक हादसे की खबर लेकर सामने आई। पुटपुरा में ईंट-भट्टा मालिक के 3 साल के बच्चे एवं महिला की भट्टे के आग में जलने से मौत हो गई। हादसे का कारण ईंट-भट्टे की दीवार का अचानक गिरना बताया जा रहा है। बच्चा खेलते हुए भट्टे के नजदीक पहुंच तभी भट्टे की दीवार गिर गई। हादसे के दौरान बच्चे को बचाने में मजदूर महिला भी नीचे दब गई। यह देख बच्चे का दादा बीच बचाव में चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
जानकारी के मुताबिक मारो चौकी अंतर्गत ग्राम पुटपुरा निवासी मुकेश प्रजापति पुटपुरा झिलगा मार्ग के नजदीक लाल ईट भट्टे का संचालन करता था। सुबह करीब 8-9 बजे के आसपास भट्टे पर ईंट पकाने का काम चल रहा था। चूंकि मौके पर कच्चे व पक्के दोनों ईंट के भट्टे है, जिसमे महज 2-3 फिट का गेप था। मुकेश का 3 साल का बेटा प्रतीक दोनों भट्टों के बीच गेप में खेल रहा था, तभी अचानक पक्के ईंट भट्टे की दीवार भरभरा कर गिर पड़ी और प्रतीक उसी के नीचे दब गया।
बचाने की चक्कर में दीवार का बड़ा हिस्सा महिला पर गिरा
बच्चे को दबता देखते हुए भट्टे पर काम करने वाली गांव की ही मजदूर ललिता (32) पति जितेंद्र ध्रुव उसे बचाने के लिए दौड़ी। इससे पहले की बच्चे को ललिता बचा पाती दीवार का एक बड़ा हिस्सा महिला के ऊपर भी जा गिरा। दबने के चलते दोनों की भट्टे की आग में जलने से मौके पर ही मौत हो गई। वहां मौजूद प्रतीक के दादा राजमणि प्रजापति भी बचाने के लिए पहुंचे और गंभीर रूप से झुलस गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए नवागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया है। वहीं राजपाल प्रजापति को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका दायां पैर गंभीर रूप से झुलस गया है। मारो चौकी प्रभारी राजेंद्र कश्यप ने बताया कि आशंका है कि एक ईंट खिसकने के चलते पूरी दीवार गिरी हो। भट्टा पंचायत की अनुमति से ही संचालित था।
नवागढ़ / शौर्यपथ / मंगलवार को जूनी सरोवर परिसर ढनढनी में तहसील स्तरीय रजक (निर्मलकर) समाज का गठन किया गया। जिसमें धनीराम निर्मलकर को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। वहीं उपाध्यक्ष - भागवत निर्मलकर, कोषाध्यक्ष - देवप्रसाद रजक, सचिव - परमेश्वर रजक, सहसचिव - संतोष निर्मलकर, संरक्षक - हिमित रजक, नारायण निर्मलकर, मोहन रजक, संगठन मंत्री - निरंजन निर्मलकर, संगठन सलाहकार - रामेश्वर रजक, अर्जुन निर्मलकर, हुकुम रजक, जगदीश रजक, मीडिया प्रभारी - पुनीत निर्मलकर एवं बिष्णु रजक को बनाया गया। बैठक में राधेश्याम निर्मलकर, आत्मा राम, मनहरन रजक, रोहित , जगनू रजक, भोलाराम, साधराम, संतोष निर्मलकर, नरसिंह, छबि रजक, अवध रजक, इन्द्रासन रजक सरपंच लालपुर, मनमोहन निर्मलकर,चंद्र कुमार, रमेश रजक, एवं 54 गांव के प्रमुख समाजिक जन उपस्थित थे।
क्रिश्चियन हास्पीटल चांपा, जिला अस्पताल और मिडिल स्कूल नैला में टीकाकरण केंद्र बनाए गए
विशेष बीमारियों वाले 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों को चिकित्सक के प्रमाण पत्र के साथ लगेगा टीका
पंजीकरण कोविन 2 एप में और आन साइट https://selfregistration.cowin.gov.in/ भी होगा
जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / राष्ट्रव्यापी कोविड-19, टीकाकरण अभियान के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों तथा विशेष बीमारियों के साथ 45 से 59 वर्ष के आयु वर्ग में आने वाले व्यक्तियो को टीका लगाया जा रहा है। जिले में भी टीकाकरण के लिए कार्ययोजना बनायी गयी है। जांजगीर के टीकाकरण केंद्र जिला अस्पताल में 60 या इससे अधिक उम्र की निशासिंह सर्वा, सर्वश्री आर के सिंह सर्वा, डॉ हरिसिंह चंदेल, श्यामलाल, गोपाल, बेनी प्रसाद कहरा, राधेलाल और मनोज कुमार बाजपेई ने कोविड-19, के पहले डोज का टीका लगवाया।
सीएमएचओ डाॅ एस आर बंजारे ने बताया कि जिला अस्पताल और नैला मिडिल स्कूल के टीकाकरएा केन्द्र में यह टीका निःशुल्क लगाया जा रहा है। निजी क्षेत्र के अस्पताल में चांपा क्रिश्चन हास्पिटल को कोविड टीकाकरण केंद्र के रूप में चिन्हांकित किया गया है। निजी अस्पताल में प्रतिव्यक्ति प्रतिडोज 250 शुल्क देना होगा। जिसमें 100 रूपए सर्विस शुल्क व 150 रूपए वैक्सीन शुल्क शामिल है।
टीकाकरण पंजीयन के लिए फोटो आई डी जरूरी -
सीएमएचओ ने बताया कि टीका लगाने के इच्छुक व्यक्तियों को अपने साथ फोटो, आईडी दस्तावेज लाने होंगे। इनमें आधार कार्ड, निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी), ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के मामले में पंजीकरण के समय निर्दिष्ट फोटो आईडी कार्ड (यदि आधार या ईपीआईसी नहीं है) मान्य किया जाएगा। 45 वर्ष से 59 वर्ष के आयु समूह के नागरिकों के लिए बीमारी का प्रमाण पत्र (पंजीकृत डॉक्टर से हस्ताक्षरित) लाना होगा। हेल्थ केयर वर्कर और फ्रंटलाइन वर्कर एफएल डब्लयू के लिए रोजगार प्रमाण-पत्र, अधिकारिक पहचान पत्र (दोनों में से एक फोटो और जन्म तिथि के साथ) पंजीयन के लिए के लिए लाना होगा।
पंजीकरण तीन प्रकार से -
पंजीकरण की सरल प्रक्रिया बनाई गई। पंजीकरण तीन प्रकार से होगा। पहला एडवांस सेल्फ रजिस्ट्रेशन https://selfregistration.cowin.gov.in/ लाभार्थी अग्रिम रूप से को-विन 2.0 पोर्टल डाउनलॉड करके तथा आरोग्य सेतु आदि जैसे आईटी एप्लीकेशनों के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण कराने पर कोविड टीकाकरण के रूप में काम करने वाले सरकारी तथा निजी अस्पतालों की जानकारी और तिथि तथा समय की उपलब्धता की जानकारी मिलेगी। लाभार्थी अपनी पसंद का सीवीसी चुन सकेगा और टीकाकरण के लिए अप्वाइंटमेंट बुक कर सकेगा। दूसरा विकल्प सत्र स्थल पर जाकर (वाॅक इन रजिस्ट्रेशन) लाभार्थी टीकाकरण करवा सकते हैं। तीसरा विकल्प सुविधाजनक कोहोर्ट पंजीकरण का होगा। चयनित हितग्राहियों के समूह का चयन कर पंजीयन किया जाएगा। सभी का कोविन प्लेटफार्म में पंजीयन होगा।
जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / कलेक्टर एवं जिला कौशल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री यशवंत कुमार के मार्गदर्शन में संकल्प परियोजना (रोजगार से जीवन निर्वाह) अंतर्गत रोजगार मेला का आयोजन आज जांजगीर के लाईवलीहुड काॅलेज पेन्ड्री में किया गया। मेला में निजी प्रतिष्ठानों द्वारा 205 युवाओं का प्राथमिक रुप से एवं 172 युवाओं का चयन कौशल प्रशिक्षण के लिए हुआ।
सहायक संचालक जिला कौशल विकास प्राधिकरण श्री मयंक शुक्ला के बताया कि कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवा एवं शिक्षित बेरोजगार महिला एवं पुरुषो को रोजगार में नियोजित करने के लिए मेला का आयोजन किया जा रहा है। मेला में निजी क्षेत्र के नियोजको द्वारा अधिसूचित रिक्तियों पर भर्ती की प्रक्रिया की जा रही है।
सदस्य जिला कौशल विकास प्राधिकरण विवेक सिंह सिसोदिया ने युवाओ को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी रूचि के अनुसार कौशल का विकास कर प्रतियोगिता के लिए स्वयं को तैयार करें। और रोजगार मेला में मिले अवसर का लाभ लें। मेला में सदस्य जिला कौशल विकास प्राधिकरण श्री पुसऊ सिंह भी उपस्थित थे। नोडल अधिकारी लाईवलीहुड काॅलेज श्री विजय कुमार पाण्डेय ने युवाओ से कहां कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। जिस भी क्षेत्र में युवा कार्य करे अपनी दक्षता से अपनी पहचान बनाये। मेला में ग्रामीण विकास कल्याण समिति के श्री संतोष शुक्ला द्वारा उद्यमिता विकास एवं स्वरोजगार योजनाओे की जानकारी दी गई।
मेला में भारतीय जीवन बीमा निगम, एसबीआई लाइफ इन्स्योरेंश, टाटा एआईजी इन्स्योरेंश, श्रीराम फाइनेंस, चोलामण्डलम फाइनेंशियल सर्विस, लर्ननेट स्कील लिमिटेड, मारुती सुजुकी मोटर्स, हैवल्स, फलक्स लाइट निम्स, लुक्रेटीव सोलर साल्युशन ,रायल फाइन्नेसियल सर्विस एवं नैप्स अप्रेंटिसिप के लिए आईसेक्ट पी.एम.के शामिल हुए। रोजगार मेला में 12 निजी नियोजको के लिए कुल 700 रिक्त पदो पर अधिसूचित रिक्तीयों को भरने करने के लिए 509 लोगो ने आवेदन फार्म जमा किया।
जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित विकासखंड स्तरीय विकास फोेेटो प्रदर्शनी सह-सूचना शिविर का आयोजन जनसंपर्क विभाग द्वारा किया जा रहा है। नगर पंचायत शिवरीनारायण के मेला परिसर में दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन 01 व 02 मार्च को किया गया। प्रदर्शनी स्थल पर जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका जनमन, राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार समाग्री का निःशुल्क वितरण किया गया। शिवरीनारायण माघ मेला देखने आये सैकड़ो लोगो ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विकास, योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में विधानसभा अध्यक्ष डाॅ चरणदास महंत, मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, स्वास्थ मंत्री एवं जिले के प्रभारी टी.एस. सिंहदेव, छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डाॅ रामसुन्दर दास की उपस्थिति में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमो के छायाचित्र को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित की गई है। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा और बारी के क्रियान्वयन, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, राजीव गांधी न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, आदर्श गौठान, बिजली बिल हाफ योजना, मनरेगा, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान, राम वन गमन पथ, अल्पकालीन कृषि ऋण माफ, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, पीडीएस, कृषि विभाग के विभिन्न जनकल्याकारी योजनाओं से संबंधित छायाचित्र के माध्यम से जानकारी दी गई।
मेला देखने आये विभिन्न गावों के लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। ग्राम कामता के श्री देवप्रसाद और कुकदा के श्री राधेश्याम ने बिजली बिल हाफ योजना को मध्यम वर्गीय एवं गरीब परिवारों के लिए वरदान बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के लागू होने से लोगों को भारी भरकम बिजली बिल से राहत मिली है। इसी प्रकार तुस्मा के श्री अजय, केसला के मनहरण, शिवरीनारयण के राजकिशोर, मोहतरा के तुलसी, चोरभट्ठी के संतोष ने भी फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा की।
शिविर के निर्धारित तिथि -
विकासखंड स्तरीय विकास फोेेटो प्रदर्शनी सह-सूचना शिविर विकासखंड मुख्यालय के जनपद कार्यालयों में किया जा रहा है। इसी कड़ी में 03 मार्च को बलौदा के जनपद कार्यलय में तथा 04 मार्च को अकलतरा में प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इसी तरह 05 मार्च को पामगढ़, 06 मार्च को बम्हनीडीह, 08 मार्च को सक्ती, 09 मार्च को मालखरौदा और 10 मार्च को जैजैपुर में छायाचित्र प्रदर्शनी सह सूचना शिविर आयोजित कर आम जनता को छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।
जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / जांजगीर-चांपा जिले के मालखरौदा जनपद के बड़े सीपत निवासी तृतीय लिंग समुदाय के नेहा उर्फ अशोक बंजारे का चयन छत्तीसगढ़ जिला पुलिस की आरक्षक भर्ती परीक्षा में हुआ है। कलेक्टर यशवंत कुमार ने तृतीय लिंग समुदाय से जिले के पहले आरक्षक बनने पर साल श्रीफल से उन्हें सम्मानित किया और अपनी शुभकामनाएं दी।
कलेक्टर ने नेहा से कहा कि तृतीय लिंग वर्ग के अन्य सदस्यों को भी रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने तथा शासन की योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। तृतीय लिंग वर्ग के सदस्यों के लिए जिला प्रशासन द्वारा स्वरोजगार व कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक सदस्य इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
उप संचालक समाज कल्याण टी.पी. भावे ने बताया कि नेहा उर्फ अशोक बंजारे हिन्दी साहित्य में स्नातकोत्तर है। तृतीय लिंग सशक्तिकरण योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षा के लिए नेहा को रायपुर में निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई गई। जिसके फलस्वरूप छत्तीसगढ़ जिला पुलिस बल आरक्षक भर्ती में नेहा को सफलता मिली। भर्ती परीक्षा का आयोजन राजनांदगांव जिले में हुआ। परीक्षा में शामिल होने के लिए नेहा के आने जाने की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की गई थी ।
नेहा ने कहा कि तृतीय लिंग वर्ग से जिले के पहले आरक्षक बनने पर उसे गर्व है। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा तृतीय लिंग समुदाय के अन्य सदस्यों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
ज्ञातव्य है कि समाज कल्याण विभाग ने तृतीय लिंग समुदाय को मुख्य धारा में लाने के लिए निःशुल्क कोंचिंग की व्यवस्था की थी। तृतीय लिंग समुदाय के परीक्षार्थियों को प्रशासन एकेडमी में 30 दिन तक लिखित परीक्षा की तैयारी कराई गई थी। इसके पश्चात् राज्य संसाधन एवं पुनर्वास केन्द्र में 120 दिनों तक लिखित और फिजिकल टेस्ट की तैयारी विषय-विशेषज्ञों के माध्यम से कराई गई। यहां उनके निःशुल्क भोजन और ट्रैक सूट की भी व्यवस्था विभाग द्वारा की गई थी। तृतीय लिंग समुदाय ने सहयोग के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है।
जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / समग्र शिक्षा की समावेशी शिक्षा अंतर्गत दिव्यांग बच्चों की देखरेख के लिए जिले के सभी विकासखंडों में हेल्पर, आया और अटेंडेंट के एक-एक अस्थाई पद पर भर्ती के लिए चयन सूची जारी कर दी गई है।
जिला मिशन समन्वयक ने बताया कि भर्ती के लिए रोजगार कार्यालय जांजगीर से प्राप्त पंजीकृत योग्यताधारी उम्मीदवारों के प्रमाण पत्रों का परीक्षण उपरांत चयन सूची जारी की गई है। निश्चित मानदेय 6000 रूपए मासिक के लिए अभ्यर्थियो का चयन किया गया है। चयनित उम्मीदवारों को 10 मार्च तक जांजगीर के जिला समन्वयक समग्र शिक्षा कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित तिथि तक कार्यभार ग्रहण नही करने पर उनके स्थान पर प्रतीक्षा सूची से उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। सूची जिले की वेबसाईट पर अपलोड की गई है।
जांजगीर- चांपा / शौर्यपथ / जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा और राजपत्रित अधिकारी संघ के तत्वावधान में अंतर्विभागीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन जांजगीर के हाई स्कूल क्रमांक-1 के मैदान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन स्वास्थ विभाग व बैंक तथा विद्युत विभाग व आदिवासी विभाग के मध्य मैच खेले गए।
पहले मैच में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 28 रनों से बैंक की टीम को पराजित किया। इस मैच में स्वास्थ विभाग की टीम के खिलाड़ी सत्यम सिंह को मैन आफ द मैच घोषित किया गया। इसी प्रकार दूसरे मैच में आदिवासी विभाग की टीम ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इस प्रतियोगिता का सबसे कम मात्र 48 रन बनाए। जीत के लिए सीएसपीडीसीएल की टीम को 49 रनों का लक्ष्य मिला। सीएसपीडीसीएल की टीम ने दो विकेट खोकर तीन ओव्हर और चार गेंद खेलकर लक्ष्य पूरा कर लिया। इस एकतरफा मैच में उसने 08 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में सीएसपीडीसीएल के खिलाड़ी श्री समारू को मैन आॅफ द मैच घोषित किया गया। प्रतियोगिता के चौथे दिन 3 मार्च को उच्च शिक्षा विभाग-लोक निर्माण विभाग के मध्य मैच खेला जाएगा। इसी प्रकार 4 मार्च को कृषि-खाद्य विभाग के मध्य मैच होगा।
सेकंड राऊंड के मैच 3 मार्च से-
विजेता टीमों के बीच सेकंड राउंड के मैच 3, 4 व 5 मार्च को खेले जाएंगे। सेमीफाइनल मैच 6 व 7 मार्च को तथा फाइनल मैच 7 मार्च, रविवार को दोपहर 2 बजे से शुरू होगा।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
