
CONTECT NO. - 8962936808
EMAIL ID - shouryapath12@gmail.com
Address - SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
रिसाली से थानौद तक विभिन्न आयोजनों में पहुंचे विधायक, मंदिरों में की पूजा-अर्चना और श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं
दुर्ग। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने मंदिरों में विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर सभी को जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि धर्म, कर्तव्य और प्रेम का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो, यही उनकी प्रार्थना है।
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता का शाश्वत संदेश हमें धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर ही एक समृद्ध, संस्कारवान और बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कई स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में हुए शामिल
जन्माष्टमी के अवसर पर विधायक चंद्राकर ने लक्ष्मी नगर रिसाली स्थित राधेश्वरी मंदिर, दशहरा मैदान रिसाली, भिलाई सेक्टर-6 स्थित इस्कॉन मंदिर, दुर्ग की महेश कॉलोनी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर तथा ग्राम थानौद में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें जन्माष्टमी की बधाई दी।
शोभायात्रा और भजन संध्या में भी की सहभागिता
दशहरा मैदान रिसाली में नवयुवक गणेश उत्सव समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम एवं शोभायात्रा में भी विधायक ललित चंद्राकर शामिल हुए। वहीं महेश कॉलोनी के राधा-कृष्ण मंदिर समिति द्वारा आयोजित 21वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं भजन संध्या में उन्होंने सहभागिता की।
ग्राम थानौद में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव एवं शोभायात्रा में बड़ी संख्या में यादव समाज के सदस्यों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। शोभायात्रा और धार्मिक आयोजनों को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रमों में पुजारी शुभम पांडे, समाजसेवी अतुल पर्वत, सोनू शुक्ला, गोविंद पांडे, रिसाली मंडल अध्यक्ष एकनाथ अनुपम साहू, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू राकेश जंघेल, पार्षद मनीष यादव, धर्मेंद्र भगत, महामंत्री गुड्डू झा, कार्यालय मंत्री आयुष तिवारी, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष विक्की सोनी, प्रमोद कोसरे, युवा मोर्चा अध्यक्ष मनोज साहू, बीनू मिश्रा, रिसाली मंडल उपाध्यक्ष सचिन गोस्वामी, जिला मंत्री शैलेंद्र शेन्डे, राजू लाल नेताम, सभापति केशव बंछोर, एमआईसी सदस्य चंद्रभान ठाकुर एवं समीर साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
भिलाई-3 में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित, नगर निगम क्षेत्र के 26 स्कूलों के 365 शिक्षकों का हुआ सम्मान
भिलाई। शिक्षक राष्ट्र के निर्माता होते हैं और उनका सम्मान करना गौरव की बात है। यह बात पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई-3 स्थित स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जनता में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में कही। महापौर निर्मल कोसरे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि जिस स्कूल में उन्होंने कभी बस्ता लेकर पढ़ाई की शुरुआत की थी, आज उसी विद्यालय में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होना उनके लिए भावुक और गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह उनके गुरुजनों के आशीर्वाद का परिणाम है।
‘शिक्षा का व्यावसायीकरण रोकना जरूरी’
भूपेश बघेल ने शिक्षा के बढ़ते व्यावसायीकरण पर चिंता जताते हुए कहा कि इसे रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा अच्छे स्कूल में पढ़े। अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा के लिए कई परिवारों को निजी स्कूलों का रुख करना पड़ता है, जहां शिक्षा काफी महंगी होती है।
उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान यह विचार किया गया कि गरीब परिवारों के बच्चे भी निशुल्क अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्राप्त कर सकें। इसी उद्देश्य से प्रदेश में स्वामी आत्मानंद स्कूलों की शुरुआत की गई।
उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के परीक्षा परिणामों में शासकीय और स्वामी आत्मानंद स्कूलों के विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। यह शिक्षकों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
1993 से शिक्षक सम्मान की परंपरा जारी
भूपेश बघेल ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1993 में विधायक बनने के बाद उन्होंने शिक्षक सम्मान की परंपरा शुरू की थी, जो आज भी जारी है।
उन्होंने नगर निगम भिलाई-चरोदा क्षेत्र के शिक्षकों के सम्मान का अवसर मिलने पर आयोजनकर्ता महापौर निर्मल कोसरे और उनकी पूरी टीम को बधाई एवं धन्यवाद दिया।
‘शासकीय स्कूलों के शिक्षकों की मेहनत का परिणाम’
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने कहा कि उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में सेवा करने का अवसर मिला और उन्होंने अपनी ओर से बेहतर कार्य करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि शासकीय स्कूलों के शिक्षकों की मेहनत का ही परिणाम है कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी लगातार चयनित हो रहे हैं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सभापति कृष्णा चंद्राकर, समाजसेवी सुजीत बघेल एवं शाला विकास समिति अध्यक्ष धनेश्वरी साहू ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
26 स्कूलों के 365 शिक्षकों का सम्मान
शिक्षक सम्मान समारोह में नगर निगम क्षेत्र के 26 स्कूलों के कुल 365 शिक्षकों का सम्मान किया गया। शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में भूमिका को सराहा गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पप्पू चंद्राकर, मोहन साहू, मनोज मढ़रिया, टेनेन्द्र ठाकरे, संतोष तिवारी, धर्मेंद्र कोसरे, नरेन्द्र वर्मा, पुष्कर चंद्राकर, शरद यादव, ईश्वर साहू, नीलाम्बुज साहू, प्रकाश दुर्गा, हेमंत वर्मा, राकेश वर्मा, राजू लहरे, संदीप सिंह, युवराज कश्यप, आशीष वंजारी, हरमीक सिंह, मोनू माखिजा, शरद डोरा, एम. जॉनी, बी.एन. राजू, गिरिजा बंछोर, टिपेस साहू, मनीष वर्मा, एस. वेंकट रमना, आनंद कुमार, मनोज डहरिया, सतीश धुरंधर, अरुण वर्मा, विनोद प्रसाद, भागी निर्मलकर, डे साहब वर्मा, लावेश मदनकर, देवकुमारी, शारदा मदनकर, विजय राठौर, जुनैद खान, नजरुल इस्लाम, भूपेंद्र वर्मा, आशीष वर्मा, बहल साहू, विनोद निषाद, कुमुद मढ़रिया, विटामिन वर्मा, दुलारी वर्मा, प्रेमलता मढ़रिया, रीना वर्मा, कुमारी धीवर, मंजू साहू, रानी वर्मा, श्रेया बंजारी, विमला, गायत्री साहू, लक्ष्मी वर्मा, सुभाष साहू एवं दीप्ति वर्मा सहित अन्य लोगों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन महापौर निर्मल कोसरे ने किया।
बिर्रा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बिर्रा के दीवान मोहल्ला में मलखंभ एवं आंखों पर पट्टी बांधकर मटका फोड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और आयोजन स्थल पर देर तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य पं. जितेंद्र तिवारी अर्जुन महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और फीता काटकर किया। इसके बाद मलखंभ मटका फोड़ प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और संतुलन का प्रदर्शन किया।
मलखंभ मटका फोड़ प्रतियोगिता में ओमप्रकाश धीवर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। उन्होंने करीब 20 फीट ऊंचे पोल पर चढ़कर मटका फोड़ा और प्रतियोगिता के विजेता बने।
विजेता ओमप्रकाश धीवर को 5001 रुपये नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार स्व. धोधी प्रसाद पाण्डेय की स्मृति में भगवताचार्य दिलीप पाण्डेय अर्जुन महाराज एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा बम्हनीडीह उपाध्यक्ष महेंद्र साहू द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।
इसके अलावा मटका फोड़ने में सफल होने पर राजमहल बिर्रा की ओर से विजय बहादुर सिंह ने 1100 रुपये, विधायक प्रतिनिधि लोकेन्द्र कश्यप एवं प्रितेश कश्यप ने 1100 रुपये तथा नरेश वस्त्रालय के संचालक नरेश देवांगन ने 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
प्रतियोगिता में नन्हीं बालिका मानसी धीवर ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने आंखों पर पट्टी बांधकर मटका फोड़ प्रतियोगिता में जीत हासिल की।
मानसी को 2001 रुपये नगद पुरस्कार यमुना/मधुराज सिंह प्रधान, वार्ड क्रमांक 10 पंच की ओर से प्रदान किया गया।
दोनों विजेताओं को सीमा श्रृंगार सदन बुक डिपो के राजेंद्र गुप्ता की ओर से स्मृति चिन्ह, शील्ड एवं मेडल प्रदान किए गए। वहीं सोनू ऑनलाइन सेंटर, दीवान मोहल्ला के सोनू यादव की ओर से गिफ्ट हैम्पर देकर सम्मानित किया गया।
भव्य मटका फोड़ प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता रमाकांत साहू मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में बम्हनीडीह ब्लॉक मीडिया प्रभारी जितेंद्र तिवारी, दिलीप पाण्डेय, महेंद्र साहू, चेतन बाबा, प्रतीक प्रताप सिंह, सोमू बाबा, मधुराज सिंह प्रधान, रामकुमार धीवर, कमल काटकवार, एकांश पटेल, राधेश्याम केशरवानी एवं गोपाल कश्यप शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र तिवारी, सुभाष यादव (सोनू) एवं एकांश पटेल ने किया। कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाने में डीजे किशन किकीरदा का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुभाष यादव, राजेंद्र धीवर, कृष्णा धीवर, बबलू यादव, एकांश पटेल, दिलेश्वर धीवर, सौरभ पाल, बजरंग पटेल, बजरंग केशरवानी, अवि केशरवानी, समीर केशरवानी, रोशन सिंह, ओमप्रकाश धीवर, टिंकू केशरवानी, विशेश्वर पटेल (मड़वारी), राज केशरवानी, साहित्य केशरवानी, दक्ष सिंह, जितेन धीवर, रवि धीवर, आरती लाल केवट, तुषार गुप्ता, रामप्यारे, मोहन यादव, लक्ष्मण, शुभम केशरवानी, गोपाल पटेल एवं जगदीश धीवर (जग्गू) सहित समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्थानीय खेल और सांस्कृतिक परंपरा को भी जीवंत किया। ओमप्रकाश धीवर की लगातार तीसरी जीत और नन्हीं मानसी के उत्साह ने आयोजन को खास बना दिया।
जांजगीर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का दौरा कर सघन जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उन्हें जन्माष्टमी पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल हुए।
विधायक ब्यास कश्यप ने अलग-अलग स्थानों पर आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रमों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। आयोजन समितियों और श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं आयोजन की जानकारी ली तथा सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
आम लोगों से की मुलाकात, जानी क्षेत्र की समस्याएं
जनसंपर्क के दौरान विधायक ने स्थानीय नागरिकों से उनकी समस्याओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने लोगों की बात सुनी और क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर संवाद किया।
विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का अवसर भी है।
जगह-जगह हुआ विधायक का स्वागत
विभिन्न स्थानों पर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों और आयोजन समितियों ने विधायक ब्यास कश्यप का स्वागत किया। विधायक ने सभी से आत्मीय मुलाकात कर जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता की।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। जन्माष्टमी के अवसर पर क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक आयोजनों को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
जांजगीर-चांपा/ससहा। शिक्षक दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत ससहा, जनपद पंचायत पामगढ़ के तत्वावधान में शासकीय बालक प्राथमिक शाला ससहा में शिक्षक सम्मान समारोह एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। वहीं रक्तदान शिविर के माध्यम से ग्रामीणों और युवाओं ने मानव सेवा का संदेश दिया।
समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षक एस. आर. साहू, के. एल. यादव, एस. एन. कुम्भज, आर. आर. रायसागर, बी. पी. साहू, बी. आर. श्रीवास एवं धरम राज पैंकरा का सम्मान किया गया। इस दौरान शिक्षा और समाज निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
सम्मानित शिक्षकों ने अपने संबोधन में गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षा के महत्व और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षक की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और जीवन-मूल्यों का विकास करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत पामगढ़ के सभापति जय कुमार ने गुरु-शिष्य परंपरा में गुरु के योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
सरपंच कुसुम उत्तरा साहू ने कार्यक्रम में उपस्थित गुरुजनों का स्वागत किया और समाज निर्माण में शिक्षकों के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। वहीं अधिवक्ता ओंकार रायसागर ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी को शिक्षक दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन ग्राम पंचायत ससहा के सचिव लखेश्वर यादव ने किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी गांव के स्थायी विकास की मजबूत नींव है। पंचायत और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर गांव के शैक्षणिक वातावरण को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
शिक्षक सम्मान समारोह के साथ आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों की मदद और जीवन बचाने के उद्देश्य से स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का आयोजन संकट मोचन ब्लड बैंक, शिवरीनारायण के प्रायोजन तथा कर्ष हॉस्पिटल, पामगढ़ के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में यूथ 11 क्रिकेट टीम, ससहा एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत की ओर से सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, रक्तदाताओं, विद्यालय परिवार और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
शिक्षक सम्मान समारोह और रक्तदान शिविर ने शिक्षा और मानव सेवा के दो महत्वपूर्ण संदेशों को एक साथ सामने रखा। जहां शिक्षक ज्ञान और संस्कार देकर भविष्य का निर्माण करते हैं, वहीं रक्तदाता अपने रक्तदान से किसी जरूरतमंद का वर्तमान बचाने में योगदान देते हैं।
दंतेवाड़ा चीनी की बढ़ती कीमतों और महंगाई के मुद्दे को लेकर दंतेवाड़ा में कांग्रेस ने शनिवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय ‘चीनी सत्याग्रह’ किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की और सरकार से आम जनता को राहत देने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शकील रिज़वी ने किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई का सीधा असर आम आदमी की रसोई और घरेलू बजट पर पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल, बिजली बिल और रोजमर्रा की जरूरतों के बाद अब खाद्य पदार्थों के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
सत्याग्रह के दौरान जिलाध्यक्ष शकील रिज़वी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र से लेकर राज्य, जिला और नगर स्तर तक भाजपा की सरकार होने के बावजूद महंगाई पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों की आमदनी में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हो रही, रोजगार के अवसर सीमित हैं, जबकि रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
रिज़वी ने कहा कि चावल, तेल, चीनी, गेहूं, दाल और प्याज जैसी आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। ऐसे हालात में परिवारों के लिए घरेलू बजट संभालना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई के खिलाफ दिल्ली से लेकर रायपुर और जिला स्तर तक जनता की आवाज उठाती रहेगी।
पूर्व विधायक देवती महेंद्र कर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई से राहत देने के दावे करती है, लेकिन कांग्रेस के अनुसार जमीनी स्थिति अलग है। उन्होंने कहा कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की चिंता बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि चीनी की बढ़ती कीमतों के विरोध में आयोजित यह सत्याग्रह जनता की समस्या को सरकार तक पहुंचाने का कांग्रेस का प्रयास है।
सत्याग्रह में जिला उपाध्यक्ष कमलोचन सेठिया, जिला महामंत्री मनीष भट्टाचार्य, विवेक देवांगन, अजय मरकाम, जया कश्यप, रविश सुराना, जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा, आदिवासी प्रदेश कांग्रेस महासचिव विमल सलाम, महिला कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रा शर्मा, आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष शंकर कुंजाम, सेवादल अध्यक्ष बुधनी बघेल, जिला कांग्रेस सचिव गौरव गुप्ता, जीतेन्द्र कश्यप, ब्लॉक अध्यक्ष सुमित्रा शोरी और पार्षद राधा नाग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर: कृष्णा मंडल | लोकेशन: दंतेवाड़ा
सड़कों, भवनों और पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों में आएगी तेजी, निगरानी के लिए बढ़ेगी विभागीय मौजूदगी
रायपुर / शौर्यपथ / छत्तीसगढ़ में सड़कों, भवनों और पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) अब दूरस्थ क्षेत्रों में भी अपने कार्यालयों का विस्तार करेगा। राज्य शासन ने विभाग के 16 नए उप संभागीय, 2 संभागीय और 1 सेतु मंडल कार्यालय के साथ इनके लिए आवश्यक सेट-अप की मंजूरी दे दी है।
नए कार्यालयों की स्थापना का उद्देश्य निर्माण कार्यों की तेज मॉनिटरिंग, विभागीय कामकाज में कसावट और मैदानी स्तर पर अधिकारियों की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करना है। दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यालय शुरू होने से निर्माण कार्यों की प्रगति की निगरानी और स्थानीय स्तर पर समस्याओं के निराकरण में भी तेजी आने की उम्मीद है।
सेतु निर्माण के लिए 9 नए कार्यालय
राज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग के सेतु परिक्षेत्र के अंतर्गत 9 नए कार्यालयों को मंजूरी दी है। इसके तहत जगदलपुर में अधीक्षण अभियंता कार्यालय और रायपुर में कार्यपालन अभियंता, सेतु संभाग क्रमांक-2 का कार्यालय स्थापित किया जाएगा।
इसके अलावा बीजापुर, सुकमा, कोंडागांव, बालोद, मुंगेली, सारंगढ़ और बैकुंठपुर में अनुविभागीय अधिकारी स्तर के सेतु उप संभागीय कार्यालय खोले जाएंगे।
इन कार्यालयों के शुरू होने से इन जिलों में पुल-पुलियों के निर्माण और संबंधित कार्यों की निगरानी स्थानीय स्तर पर होगी। इससे परियोजनाओं की प्रगति पर नजर रखने के साथ निर्माण कार्यों में आने वाली दिक्कतों का जल्द समाधान किया जा सकेगा।
सड़क और भवन निर्माण के लिए 10 नए कार्यालय
भवन एवं सड़क निर्माण कार्यों के लिए भी राज्य शासन ने 10 नवीन कार्यालयों की स्वीकृति दी है। इनमें बैकुंठपुर में कार्यपालन अभियंता (कोरिया संभाग) कार्यालय शामिल है।
वहीं फरसगांव, ओरछा, डोंगरगांव, डौंडी, धमधा, आरंग, खड़गवां, सोनहत और बलौदाबाजार में अनुविभागीय अधिकारी स्तर के उप संभागीय कार्यालय स्थापित किए जाएंगे।
दूरस्थ क्षेत्रों में बढ़ेगी विभागीय निगरानी
PWD के नए कार्यालय खास तौर पर उन क्षेत्रों में खोले जा रहे हैं, जहां भौगोलिक परिस्थितियों और दूरी के कारण निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी चुनौतीपूर्ण रहती है। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी बढ़ने से सड़कों, भवनों और पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा और प्रगति पर अधिक प्रभावी निगरानी हो सकेगी।
सरकार के इस फैसले से दूरस्थ जिलों में चल रही और प्रस्तावित निर्माण परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही और मैदानी स्तर पर समन्वय भी मजबूत होगा।
सनातन संस्कृति की रक्षा कर लोक परंपरा को आगे बढ़ा रहा यादव समाज : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
लोरमी में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव हुए शामिल
लोरमी / शौर्यपथ / उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज मानस मंच लोरमी में सर्व यादव समाज एवं यदुवंशी सेना द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि यादव समाज सनातन संस्कृति और परंपराओं की मजबूत पहचान है। समाज राउत नाचा जैसी समृद्ध लोक परंपराओं को आज भी सहेजकर आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हमें एकजुटता, प्रेम और उल्लास के साथ अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश देता है।
जन्माष्टमी उत्सव पर मानस मंच से बाइक रैली निकाली गई। रैली शिवपाट होते हुए लोरमी शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। इसके बाद शीतला मंदिर, बाजारपारा से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो मेन रोड होते हुए मानस मंच पहुंची।
मानस मंच में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। छत्तीसगढ़ रत्न प्रसिद्ध लोकगायिका आरु साहू जी ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इसके साथ ही 'महादेव तांडव' रोड शो और बाइक रैली निकली। बड़ी संख्या में समाज के लोग और श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सर्व यादव समाज लोरमी द्वारा निःशुल्क रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में समाज के साथ इच्छुक लोगों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता धनीराम यादव जी, संजय यादव , अविश अवनीश यादव , रामप्रकाश यादव , गिरधारी यादव , नरेश यादव, मंडल अध्यक्ष सुशील यादव , शिवशंकर यादव , श्रीमती पूर्णिमा यादव , श्रीमती पुष्पा यादव , संजू यादव , शत्रुहन यादव , तोरन यादव ,,पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता साथी एवं नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन कर मुख्यमंत्री ने किया शंख अभिषेक, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, भक्तों के साथ किया हरे कृष्ण महामंत्र का घोष
रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से श्रद्धालुओं की तीर्थ यात्रा की अभिलाषा हो रही पूरी
प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आस्था केंद्रों को भव्य स्वरूप देने की दिशा में तेजी से हो रहा कार्य
रायपुर / शौर्यपथ / मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के टाटीबंध स्थित इस्कॉन रायपुर के श्री श्री राधा रासबिहारी जी मंदिर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव में शामिल हुए। भक्तिमय वातावरण के बीच मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं शंख अभिषेक किया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों और उपस्थित श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संपूर्ण जीवन मानव समाज को धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण ने कर्मयोग का जो संदेश दिया, वह आज भी मानवता को जीवन की चुनौतियों के बीच अपने कर्तव्य पथ पर दृढ़तापूर्वक आगे बढ़ने की दिशा दिखाता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का उत्सव नहीं, बल्कि उनके जीवन-दर्शन और आदर्शों को आत्मसात करने का भी अवसर है। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन के माध्यम से अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, धर्म की रक्षा करने और समाज के कमजोर वर्ग के साथ खड़े रहने का संदेश दिया। उनके विचार युगों-युगों से भारतीय समाज को प्रेरित करते आ रहे हैं।
इस अवसर पर मंदिर परिसर ‘हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे’ के महामंत्र से गुंजायमान रहा। मुख्यमंत्री साय ने भी भक्तवृंद के साथ हरे कृष्ण महामंत्र का घोष किया और वृंदावन बिहारीलाल के प्राकट्य उत्सव पर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्तिभाव से पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया।
छत्तीसगढ़ की धार्मिक विरासत हमारी अमूल्य धरोहर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती प्राचीन काल से ही धर्म, अध्यात्म और संस्कृति की पुण्यभूमि रही है। यह माता कौशल्या का मायका और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। हमारे गांवों, नगरों, मंदिरों, तीर्थों और लोक परंपराओं में हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत जीवंत है। इस गौरवशाली धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को सहेजना, उसका संवर्धन करना तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भोरमदेव, गंधेश्वर महादेव, मधेश्वर महादेव और कुलेश्वर महादेव जैसे प्रसिद्ध शिवधाम हैं, वहीं मां बमलेश्वरी, रतनपुर की मां महामाया, माता दंतेश्वरी और मां चंद्रहासिनी जैसे शक्तिपीठ एवं आस्था केंद्र प्रदेश की आध्यात्मिक पहचान को समृद्ध करते हैं। राज्य सरकार इन धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने और उन्हें भव्य स्वरूप देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के भोरमदेव मंदिर क्षेत्र को प्रसाद योजना के अंतर्गत लगभग 150 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।
हर श्रद्धालु को तीर्थ दर्शन का अवसर देने का प्रयास
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आस्था हमारे समाज की बड़ी शक्ति है। आर्थिक अथवा अन्य कारणों से कोई श्रद्धालु तीर्थ दर्शन की अपनी अभिलाषा से वंचित न रहे, इस भावना के साथ राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं का संचालन कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर में रामलला के विराजमान होने के बाद छत्तीसगढ़ के लोगों में अपने आराध्य के दर्शन को लेकर अपार उत्साह है। राज्य सरकार की श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं को अयोध्याधाम की यात्रा कराई जा रही है। अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु इस योजना के माध्यम से प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इसी प्रकार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत प्रदेश के वृद्धजनों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। जीवन के इस पड़ाव पर तीर्थ दर्शन की उनकी अभिलाषा पूरी होते देखना सरकार के लिए भी संतोष का विषय है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के विकास से हमारी विरासत का संरक्षण तो होता ही है, साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार से पर्यटन बढ़ता है और स्थानीय युवाओं, स्व-सहायता समूहों, छोटे व्यवसायियों तथा कारीगरों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर निर्मित होते हैं। सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के प्रमुख आस्था केंद्र राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाएं।
भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा महा-महोत्सव
उल्लेखनीय है कि इस्कॉन रायपुर के 26वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में 03 से 05 सितम्बर तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महा-महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की आराधना, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक पुरन्दर मिश्रा, इस्कॉन रायपुर के पदाधिकारीगण, संतजन एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
Feb 09, 2021 Rate: 4.00
