August 08, 2026
Hindi Hindi

Login to your account

Username *
Password *
Remember Me

    जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम -2016 के तहत निःशक्त व्यक्तियों की पहचान, शत-प्रतिशत प्रमाणीकरण तथा यूडीआईडी कार्ड बनाने के लिए जनपद पंचायतवार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर यशवंत कुमार ने सभी नगरीय निकाय के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पत्र जारी कर शिविर आयोजन के संबंध में निर्देश दिए हैं।
    कलेक्टर द्वारा जारी पत्र के अनुसार जिले में अब तक यूडीआईडी पंजीयन का कार्य 79 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। शत-प्रतिशत प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी पंजीयन हेतु जिले के समस्त विकासखंड में यूडीआईडी पंजीयन शिविर 24 फरवरी से शुरू होगा। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग, सर्व शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान, स्वास्थ्य विभाग, जनपद एवं नगरीय निकाय से समन्वय स्थापित कर दिव्यांगजनों का यूडीआईडी कार्ड बनाया जाएगा।
    शिविर के लिए तिथि निर्धारित -
    शिविर के लिए निर्धारित तिथि के अनुसार जनपद पंचायत डभरा में 24 फरवरी को डीपीआरसी भवन में और जनपद पंचायत मालखरौदा में 27 फरवरी को सद्भावना भवन में शिविर का आयोजन होगा। इसी प्रकार जनपद पंचायत जैजैपुर के सद्भावना भवन में 3 मार्च को, जनपद पंचायत सक्ती के सामुदायिक भवन में 6 मार्च को, जनपद पंचायत बम्हनीडीह के कार्यालय भवन में 10 मार्च को, नवागढ़ के जनपद पंचायत भवन में 15 मार्च को, पामगढ़ जनपद पंचायत के सद्भावना भवन में 17 मार्च को, जनपद पंचायत अकलतरा के स्वर्गीय योगेंद्र सिंह स्मृति भवन में 22 मार्च को और बलौदा के जनपद पंचायत भवन में 24 मार्च को शिविर का आयोजन होगा।
    प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे और प्रमाण पत्रों का होगा नवीनीकरण -
    शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला मेडिकल बोर्ड की टीम उपस्थित रहेगी। ऐसे दिव्यांग जिनके प्रमाण पत्र नहीं है उनके, प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे। साथ ही प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण भी किया जाएगा। निःशक्तजनों को अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र के साथ उपस्थित होने कहा गया है।
    यूडीआईडी रजिस्ट्रेशन हेतु हितग्राहियों को लाने की दी गई जिम्मेदारी-
    दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड रजिस्ट्रेशन हेतु सभी दिव्यांगजनों को मूल चिकित्सा प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, आय, जाति, निवास एवं शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र की छाया प्रति के साथ उपस्थित कराने कहा गया है। आंगनबाड़ी केंद्र में दर्ज दिव्यांग बच्चों के प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी पंजीयन हेतु शिविर स्थल तक लाने व सकुशल वापस पहुंचाने की जिम्मेदारी महिला एवं बाल विकास को दी गई है। प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक स्तर पर अध्यनरत छात्र-छात्राओं को लाने व वापस पहुंचाने की जिम्मेदारी खंड स्रोत समन्वयक को सौंपी गई है। 18 वर्ष से अधिक या ऐसे निःशक्तजन को स्कूल में दर्ज नहीं है उनको जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के दिशा निर्देश में शिविर स्थल पर पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित गांव के पंचायत सचिव को दी गई है।
    शिविर का आयोजन-
    कोरोनावायरस के संक्रमण की रोकथाम हेतु जारी निर्देश का पालन करते हुए किया जाएगा। जिन दिव्यांगजनों का यूडीआईडी कार्ड बनाया जा चुका है, उन्हें शिविर में लाने की आवश्यकता नही है। स्थानीय स्तर पर शिविर का अधिक से अधिक प्रचार करने कहा गया है। शिविर स्थल पर भोजन, पेयजल इत्यादि की व्यवस्था मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत द्वारा किया जाएगा।

    जांजगीर-चांपा / शौर्यपथ / जिला प्रशासन द्वारा नगर पंचायत शिवरीनारायण को माघ मेले के आयोजन की अनुमति दे दी है। मेले के लिए अपर कलेक्टर श्रीमती लीना कोसम को नोडल और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। मेला का अयोजन 27 फरवरी से 11 मार्च तक किया जाएगा। सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए मेले में शामिल होने वालों को कोविड-19, प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करना होगा। माघ पूर्णिमा के पश्चात अन्य दिनों का मेला प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बज तक आयोजन की अनुमति होगी। मेले में चलित सिनेमा की रात्रि 11.30 बजे तक अनुमति दी गई है। मेले के दौरान भारत सरकार, छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी कोविड-19, के प्रोटोकाल का पालन आयोजन समिति, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों द्वारा करवाया जाएगा।
    मेले के दौरान कोविड-19, सहित स्वास्थ्य सुरक्षा के निर्देशों का कड़ाई से पालन करवाया जाएगा। अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को कोविड-19 निगेटिव का रिपोर्ट साथ में लाना होगा। यह रिपोर्ट 3 दिन से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए। मेला स्थल के प्रवेश द्वार पर पहचान पत्र के आधार पर आगंतुकों की पंजी संधारित की जाएगी। सभी आगंतुकों को पहचान पत्र लेकर आना अनिवार्य होगा। इस संबंध में प्रचार-प्रसार के लिए सभी एसडीएम को मुनादी कराने के निर्देश दिए गए है। मेला स्थल में प्रवेश के पूर्व आगंतुको का थर्मल स्केन किया जाएगा। अलक्षण वाले आगंतुकों को प्रवेश की अनुमति होगी। बिना मास्क का प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रवेश एवं निकास बिन्दूओं के साथ-साथ परिसर के भीतर समान्य क्षेत्रों में हेण्ड सेनेटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित करने का दायित्व आयोजन समिति का होगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेला स्थल पर कोविड जांच की व्यवस्था की जाएगी।
    मेला स्थल की निगरानी के लिए भीड़ संभावित वाले स्थानों पर सी.सी कैमरे की व्यवस्था समिति द्वारा की जाएगी। दुकानदार एवं कर्मचारियों द्वारा कोविड निगेटिव रिपोर्ट प्रस्तुत करने पर ही स्टाल लगाने की अनुमति दी जाएगी। चार-पांच दुकानों का कलस्टर बनाकर बैरिकेटिंग कर समाजिक दूरी का पालन करते हुए दुकान का संचालन करना होगा। एक दुकान में चार लोगों को काम करने की अनुमति होगी। दुकानदारों को इनवर्टर की व्यवस्था स्वयं करनी होगी।
    सभी दुकानदार सैनिटाइजर की व्यवस्था स्वयं करेंगे। भीड़ वाले आयोजन जैसे मौत का कुआं, ओपन थिएटर, सरकस आदि में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही प्रवेश की अनुमति होगी। इन स्थानों पर नगर पंचायत के स्वयसेवक तैनात रहेंगे।
    नदी घाट में गहराई वाले स्थानों का चिन्हाकन कर वहां लोगों का जाना वर्जित किया जाएगा। वन और पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा मेला स्थल पर बांस से बेरिकेटिंग की व्ययस्था की जाएगी। इसी प्रकार नदी घाट की सुरक्षा को ध्यान रखते हुए गोताखोर तीन बोट, फायर ब्रिगेड आदि की व्यवस्था जिला सेनानी द्वारा की जाएगी। पीएचई के अधिकारियों को मेला के दौरान पेयजल व्यवस्था के लिए सभी हेण्डपंप चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक शौचालयों, स्नान घरों तथा दुकान बंद होने के पश्चात दुकानों की सेनेटाइजेशन नगर पंचायत द्वारा प्रतिदिन की जाएगी।
    मेले में सामूहिक रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन की अनुमति नही होगी। इस संबंध में प्रचार-प्रसार करने नगर पंचायत को निर्देशित किया गया है। मेला स्थल के बाहर वाहन पार्किंग के लिए पांच से अधिक स्थानों का चिन्हाकंन करने एवं बाइपास मार्ग की व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया है। मेले के दौरान या मेला स्थल में यदि कोई व्यक्ति कोविड पाजीटिव होता है तो सम्पूर्ण ईलाज का दायित्व आयोजन समिति का होगा। मेला के कारण क्षति होने की स्थिति में मुआवजा का भुगतान आयोजन समिति को करना होगा।
    धार्मिक व पूजा स्थल के संबंध में निर्देश-
    प्रवेश द्वार पर सेनेटाइजर और थर्मल स्केनिंग की व्यवस्था करनी होगी। फेस कव्हर या मास्क के साथ अलक्षण वाले व्यक्तियों को प्रवेश दिया जाएगा। भीड़ एकत्रित ना हो इसके लिए आगंतुको को बारी-बारी से प्रवेश करना होगा। श्रद्धालुओं को जूता-चप्पल को अपने वाहन में रखकर पूजा स्थल पर आने के लिए निर्देशित करने कहा गया हैं। साथ ही अलग-अलग स्लाट पर जूता चप्पल रखने की व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया गया है। कतार में खड़े दो व्यक्तियों के मध्य की दूरी छह फीट रखने के कहा गया है। मूर्ति व पवित्र पुस्तक आदि को स्पर्श करने की अनुमति नही होगी। सामुदायिक रसोई/लंगर/अन्नदान की व्यवस्था होने पर फिजिकल डिस्टेंसिंग के मापदंडो का पालन करना होगा। प्रसाद वितरण पवित्र जल का छिड़काव, घंटी बजाने की अनुमति नही होगी। नियमित सफाई, सेनेटाइजर की व्यवस्था करने के लिए मंदिर समिति को निर्देशित किया गया है।

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने कहा कि घटिया निर्माण कार्य की शिकायत लगातार आ रही है। यह भी शिकायत की जा रही है कि इंजीनियर फिल्ड पर नहीं जाते और ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के लिए शासन की ओर से राशि दी जाती है और यह गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता सहित सभी निर्माण एजेंसी से कहा कि ठेकेदार रायल्टी पर्ची साथ लेकर आएं यह सुनिश्चित करें। ठेकेदार की मनमानी नहीं होनी चाहिए और उनके कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मोबाईल जरूर उठाएं। जनसामान्य अपने कार्यों के लिए शासन-प्रशासन से अपेक्षा रखते हैं इसलिए सभी अधिकारी फोन उठाएं। लोगों की समस्या सुनकर भी समाधान कर सकते हैं।
    कलेक्टर ने कहा कि महाराष्ट्र में कोविड-19 के केस बढ़े हैं और वहां कफ्र्यू एवं लॉकडाउन जैसी बनी है। महाराष्ट्र से लगे सीमावर्ती बागनदी बार्डर एवं बोरतालाब में निगरानी बढ़ाई जाए। उन्होंने बागनदी बार्डर एवं बोरतालाब में थर्मल स्केनिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए कहा। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को माईकिंग कराने के लिए कहा तथा 51 वार्ड में सभी नोडल अधिकारियों को कोरोना प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि कोरोना के प्रति लोगों में लापरवाही बढ़ी है। कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने वालों पर अर्थदण्ड 200 रूपए की राशि लगाएं। शादियों में अधिक भीड़ होने पर अर्थदण्ड लगाने के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने रेल्वे स्टेशन, ग्रामीण क्षेत्रों एवं नगरीय निकायों में निगरानी बढ़ाने के लिए कहा। स्कूल खुल गए हैं शिक्षा विभाग के शिक्षक एवं स्टॉफ अपना कोरोना टेस्ट जरूर कराएं। उन्होंने कोरोना वैक्सीनेशन की भी समीक्षा की।
    कलेक्टर ने कहा कि जिले में वर्मी कम्पोस्ट का उत्पादन बढ़ा है। शासन के निर्देशानुसार रबी में वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग करने तथा आगामी खरीफ के लिए किसानों को वर्मी कम्पोस्ट की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग करने के लिए किसानों को प्रेरित करे और इसके लिए कृषि, सहकारिता एवं राजस्व विभाग के समन्वय से किसानों की कार्यशाला आयोजित करने के लिए कहा। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी किसानों को जैविक खेती फायदे बताएं। उन्होंने डीएफओ को वर्षा ऋतु में पौधरोपण करने के लिए पूर्व तैयारी के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जिले में वनधन केन्द्रों के शहद, मिर्ची, मसाला एवं कुल्थी जैसे उत्पादों को ट्रायफेड ने पसंद किया है। जिससे समूह की महिलाओं को लाभ मिलेगा और उन्हें ट्रायफेड के बिलासपुर एवं रांची जैसे प्रदर्शनी में जाने का अवसर भी मिलेगा। जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत गौठान में महिला स्वसहायता समूह को सशक्त बनाने की दिशा में प्रोत्साहित करें एवं उन्हें वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के साथ ही अन्य गतिविधियों से भी जोड़े। उन्होंने मनरेगा के तहत श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के लिए कहा। राजस्व वसूली, भू-भाटक वसूली की जानकारी ली। कलेक्टर ने भू-अर्जन की मुआवजा राशि के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि मुआवजा राशि नहीं देने पर वेतन कटौती करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि भू-अर्जन की स्थिति में 80 प्रतिशत राशि प्रभावितों को देने का प्रावधान है इस बात का विशेष ध्यान रखें।
    मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी ने कहा कि महाराष्ट्र में केस बढ़े हैं। हालांकि जिले में कोरोना के केस कम हुए हैं लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। ऐसे में तेजी से केस बढ़ भी सकते हैं। इसके लिए सभी को सावधानी रखने की आवश्यकता है। वैक्सीनेशन के लिए सभी फ्रंटलाईन वर्कर दूसरा डोज लें और इसमें लापरवाही न बरतें। बागनदी बार्डर में ड्यूटी लगाने तथा कोरोना से बचाव के लिए फ्लैक्स लगाने की बात उन्होंने कही। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी राजनांदगांव एन गुरूनाथन, वनमंडलाधिकारी खैरागढ़ संजय यादव, अपर कलेक्टर हरिकृष्ण शर्मा, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम राजनांदगांव मुकेश रावटे सहित सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए विकासखंड स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे।

    राजनांदगांव / शौर्यपथ / कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में धान नीलामी के संबंध में राईस मिलर्स, पोहा मिलर्स, मंडी के थोक व्यापारियों की बैठक ली। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि शासन द्वारा किसानों से खरीदे गए धान का सेन्ट्रल पुल और राज्य सरकार के आवश्यकता के बाद बचे हुए धान का नीलामी करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने सभी मिलर्स को नीलामी में अधिक से अधिक भागीदारी लेने कहा है। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार नीलामी के कार्य किए जाएंगे। यदि कोई समस्या हो तो इसका निराकरण भी किया जाएगा। खाद्य अधिकारी किशोर सोमावार ने बताया कि इसके लिए सभी मिलर्स ई-ऑक्सन में जाकर पंजीयन करा सकते हैं। इसके बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी। इस अवसर पर जिला विपणन अधिकारी सौरभ भारद्वाज, खाद्य विभाग के अधिकारी तथा मिलर्स उपस्थित थे। 

    जगदलपुर / शौर्यपथ / जगदलपुर बस्तर चेम्बर ऑफ़ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज की शुक्रवार 19 फ़रवरी को आयोजित कार्यसमिति की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 26 फ़रवरी को कैट के आव्हान पर आहूत भारत व्यापार बंद का समर्थन करते हुए पूरे बस्तर संभाग के व्यापारी अपना व्यापार बंद रख GST के कड़े प्रावधानों का विरोध करेंगे।

    जगदलपुर / शौर्यपथ / चित्रकोट जलप्रपात में रविवार को भिलाई से पिकनिक मनाने आये एक इंजीनियर की मौत जलप्रपात के पानी में डूबने से हो गई है। इस मामले में खास बात यह है कि इंजीनियर पानी में कब डूब गया इसकी भनक उसके साथियों को भी नहीं लगी। काफी देर तक जब उनका साथी नजर नहीं आया तो फिर पुलिस की मदद ली गई और पुलिस ने देर शाम जलप्रपात से युवक की लाश बरामद की।
    पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय रामोद्री सूर्यनारायण मूलत: आंध्रप्रदेश के विशाखापटनम का रहने वाला था। वह भिलाई में कंस्ट्रक्शन का काम कर रहा था। ऐसे में भिलाई से 14 सदस्यीय एक दल जगदलपुर के चित्रकोट में घूमने आया हुआ था। दल के सभी सदस्य रविवार को जलप्रपात के नीचले हिस्से में पहुंचे और यहां नाव घाट से कुछ दूरी पर नहाने लगे। दोपहर को अचानक जब रामोद्री कहीं नजर नहीं आया तो उसकी साथियों ने उसकी खोजबीन शुरू की। थोड़ी ही देर के बाद चित्रकोट पुलिस चौकी तक भी पहुंच गई और फिर पुलिस ने स्थानीय मछुवारों के साथ पानी में खोजबीन शुरू की। पुलिस को जलप्रपात के बीच में रामोद्री की लाश मिली .

    *धमतरी थाना कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्यवाही*

           प्रार्थी अशोक कुमार अग्रवाल निवासी ब्राह्मण पारा धमतरी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि कोई अज्ञात चोर दिनांक 21-22/02/2021 की दरमियानी रात्रि इतवारी बाजार काम्प्लेक्स स्थित उनके आलू प्याज की थोक दुकान के शटर का ताला तोड़कर दुकान अंदर रखें एक बोरी प्याज एवं दो बोरी लहसुन को चोरी कर ले गया। उक्त रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध  पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

              पुलिस अधीक्षक श्री बी.पी. राजभानू ने थाना प्रभारी कोतवाली को त्वरित कार्यवाही कर चोरी गए मशरूका एवं अज्ञात आरोपी की पता तलाश करने निर्देशित किया गया। थाना प्रभारी कोतवाली नवनीत पाटिल के दिशा निर्देश में अज्ञात आरोपी की पतासाजी के दौरान मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही हरिशंकर वैष्णव एवं उसके साथी ललित पटेल के सकुनत में दबिश दी। दोनों संदेहियों के मिलने पर पकड़कर पृथक पृथक पूछताछ किया गया। पूछताछ में दोनों ने मिलकर दुकान से लहसुन, प्याज की बोरी एवं डिटर्जेंट पाउडर चोरी करना स्वीकार करते हुए छिपा कर रखना बताया। जिस पर दोनों आरोपियों के कब्जे से लहसुन की बोरी एवं 13.5 किलोग्राम डिटर्जेंट पाउडर बरामद किया गया।

            मामले में उपलब्ध साक्ष्य, दोनों आरोपियों के मेमोरेंडम कथन व अपराध स्वीकारोक्ति के आधार पर विधिवत गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही किया गया है। जिन्हें न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

    *गिरफ्तार आरोपियों के नाम-*
    01. हरिशंकर वैष्णव पिता स्वर्गीय लक्ष्मण दास वैष्णव उम्र 35 वर्ष साकिन इतवारी बाजार राम मंदिर धमतरी
    02. ललित पटेल पिता मनीराम पटेल उम्र 27 वर्ष साकिन बनिया पारा धमतरी

             इस प्रकार थाना कोतवाली से प्रधान आरक्षक अमित सिंह, आरक्षक अंकुश नंदा एवं महिला आरक्षक सुमन सार्वा ने 24 घंटे के भीतर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर उनके कब्जे से चोरी गई मसरुका बरामद करने में सफलता अर्जित किया गया है।

    अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 08 मार्च को
    प्रविष्टियां 28 फरवरी तक आमंत्रित

    धमतरी ।
    अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को आगामी 08 मार्च को राज्य स्तर पर आयोजित महिला सम्मेलन में राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए इच्छुकों को जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग से आवेदन का प्रारूप प्राप्त कर आगामी 28 फरवरी तक जमा करना होगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि निर्धारित तिथि के बाद मिली प्रविष्टियांे पर विचार नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि यह सम्मान 25 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की ऐसी महिलाओं को दिया जाएगा, जो साहित्य, शिक्षा, लोककला एवं संस्कृति, महिला एवं बच्चों के विकास के लिए किए गए सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए हों, जिससे महिलाओं एवं बच्चों के जीवन-स्तर में सुधार हुआ हो।

    नगरी,,झिरिया धोबी समाज नगरी ने सन्त शिरोमणि गाडगे बाबा की जयंती धूमधाम से मनाया। गाडगे भवन नगरी में आयोजित कार्यक्रम में समाज के जिला अध्यक्ष व एल्डरमेन भरत निर्मलकर, परिछेत्र अध्यक्ष चमन निर्मलकर,नगर पंचायत के सभापति सुनील निर्मलकर, पार्षद सुनीता निर्मलकर आदि समाज जनो ने बाबा जी की मूर्ति में माल्यार्पण कर उनकी जीवनी में प्रकाश डालते हुए कहा कि सन्त गाडगे बाबा महान समाज सुधारक थे वे अपने कीर्तन के माध्यम से लोगो को उपदेश देकर स्वच्छता अभियान चलाते थे उन्होंने आजीवन सामाजिक अन्यायों के खिलाफ संघर्ष रत रहे और शिक्षा के प्रति अलख जगाया।इस दौरान इन्दरमल रजक, राजू निर्मलकर,संजू निर्मलकर, ललित
    निर्मलकर,जय राम निर्मलकर, बीरेंद्र निर्मलकर,राजू निर्मलकर,घासी निर्मलकर, केशव निर्मलकर,संजय निर्मलकर, राजकुमार निर्मलकर,प्रकास निर्मलकर, कमलेश निर्मलकर, चरण निर्मलकर,भुनेश्वर निर्मलकर ,ईश्वर निर्मलकर खूब लाल निर्मलकर, अमन निर्मलकर,आदि उपस्थित थे*

    हमारा शौर्य

    हमारे बारे मे

    whatsapp-image-2020-06-03-at-11.08.16-pm.jpeg
     
    CHIEF EDITOR -  SHARAD PANSARI
    CONTECT NO.  -  8962936808
    EMAIL ID         -  shouryapath12@gmail.com
    Address           -  SHOURYA NIWAS, SARSWATI GYAN MANDIR SCHOOL, SUBHASH NAGAR, KASARIDIH - DURG ( CHHATTISGARH )
    LEGAL ADVISOR - DEEPAK KHOBRAGADE (ADVOCATE)
    © 2015 Shouryapath. All Rights Reserved. Designed By Global Vision